नारायणगंज के हर विद्यालय में हो खूबसूरत गुलदस्ता

हर विद्यालय में हो खूबसूरत गुलदस्ता, नारायणगंज में स्काउट गाइड के बेहतर संचालन के लिए कार्यशाला संपन्न

  • विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर दिया जोर
  • डीके सिंगौर ने किया आह्वान, स्काउट गाइड को और अधिक बनाए उपयोगी

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के अंतर्गत प्राथमिक से लेकर हायर सेकेंडरी स्तर तक की सभी शालाओं में भारत स्काउट गाइड के संचालन को अधिक प्रभावी और उपयोगी बनाने के उद्देश्य से जनपद सभागार नारायणगंज में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए विकास खंड शिक्षा अधिकारी एवं पदेन ब्लॉक कमिश्नर भारत स्काउट गाइड डीके सिंगौर ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विकासखंड की शालाओं को सुंदर बनाना है, जिसका संचालन भी सुंदर तरीके से हो। उन्होंने भारत स्काउट गाइड को एक खूबसूरत गुलदस्ता बताते हुए कहा कि यह गुलदस्ता हर विद्यालय में सजना चाहिए।

सर्वांगीण विकास और व्यवहारिक कौशल पर जोर देते हुए डीके सिंगौर ने कहा कि स्काउट गाइड के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, सामुदायिक सहभागिता, प्राथमिक उपचार और व्यवहारिक कौशल जैसे क्षेत्रों में योग्यता और कौशल विकसित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में इन गतिविधियों को तेज करके विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास किया जा सकता है और विद्यालय को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि प्राथमिक शालाओं में बजट की समस्या होने पर कम से कम केवल स्कार्फ पहनाकर भी संचालन शुरू किया जा सकता है।

बीआरसी ने की अपील 

बीआरसी कमलेश भवेदी ने भी सभी शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों के कल्याण और विद्यालय के विकास को ध्यान में रखते हुए अपने-अपने विद्यालय में स्काउट गाइड का संचालन अवश्य शुरू करें। इस कार्यशाला में विकासखंड की विभिन्न शालाओं से कब मास्टर, फ्लॉक लीडर, स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन, रोवर लीडर और रेंजर लीडर यूनिफॉर्म में उपस्थित रहे। कार्यक्रम समापन के बाद पौधारोपण किया गया।

ये रहे उपस्थित 

आयोजित कार्यशाला में जिन माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में वर्तमान में स्काउट गाइड का संचालन नहीं है, वहाँ के संस्था प्रमुखों ने भी भागीदारी की। प्राथमिक स्कूलों में भी संचालन प्रारंभ कराने के लिए विकासखंड के सभी जन शिक्षक मौजूद रहे। जिला कार्यालय से लोक सिंह पदम जिला सचिव भारत स्काउट गाइड, केके सोनवानी जिला प्रशिक्षण आयुक्त, डॉ. रवि हरदहा, मीना साहू जिला संयुक्त सचिव, दिलीप मरावी जिला मीडिया प्रभारी, सरिता सिंह सहायक रेंजर कमिश्नर एवं अन्य शासकीय पदाधिकारी भी कार्यशाला में उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में राजीव वर्मा, उमेश यादव, और प्रफुल्ल मिश्रा ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।



 

Leave a Comment