फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़

फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़, मरीजों को सुरक्षित दवा देने की ली शपथ

  • जिला चिकित्सालय मंडला में मनाया विश्व फार्मासिस्ट दिवस

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला चिकित्सालय मंडला के फार्मेसी विभाग में विश्व फार्मासिस्ट दिवस मनाया गया। आयोजित कार्यक्रम में जिले भर के फार्मासिस्टों ने भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. श्रीनाथ सिंह एवं डॉ. केआर शाक्य और औषधि निरीक्षक वैष्णवी तलवडे अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत फार्मेसी शिक्षा के जनक प्रो. एमएल श्रॉफ के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। स्वास्थ्य कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ फार्मासिस्ट शरद मेश्राम ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद सभी फार्मासिस्टों ने सामूहिक रूप से शपथ ली, जिसमें उन्होंने मरीजों को सुरक्षित दवा वितरण, सही परामर्श, दवाओं के दुष्प्रभाव की जानकारी देने और आमजन में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

अतिथियों ने इस अवसर पर फार्मासिस्टों के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. श्रीनाथ सिंह ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनका योगदान मरीजों के जीवन की गुणवत्ता बढ़ाने में अहम है। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट केवल दवा वितरक नहीं, बल्कि मरीजों को सही दवा, सही समय और सही मात्रा में उपलब्ध कराने वाले मार्गदर्शक भी होते हैं। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. गौरव जेटली ने फार्मासिस्टों को मरीजों से संवाद बढ़ाने और जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।

सहायक प्रबंधक अजय सिंह सैयाम ने फार्मासिस्टों को मार्गदर्शक बताते हुए आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य विभाग सदैव उनके साथ है और सब मिलकर एक स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ेंगे। सुनील सैयाम ने कहा कि फार्मासिस्ट चिकित्सक और मरीज के बीच एक सेतु का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में डॉ. हेमेंद्र चौहान, डॉ. राहुल झारिया, डॉ. अभिषेक सहित कई वरिष्ठ फार्मासिस्ट प्रकाश कूड़ापे, शशि कांत सिंह, अनिशा धुर्वे और बड़ी संख्या में नर्सिंग एवं पैरा मेडिकल कर्मचारी उपस्थित रहे।


 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles