एनएच 30 पर भीषण सड़क हादसा
- मेढाताल घाटी में ट्रक ट्राला से टकराया
- एक चालक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
- केबिन तोड़ते हुए घुसी सरिया
- 25 मिनट के रेस्क्यू के बाद घायलों को निकाला बाहर
मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे-30 पर अंजनिया चौकी क्षेत्र के अंतर्गत मेढाताल घाटी पर शुक्रवार को करीब 11.30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में सामने चल रहे एक ट्राला से पीछे आ रहा एक ट्रक जोरदार तरीके से टकरा गया, जिससे ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन चालक की दुखद मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी अनुसार घटना उस समय हुई जब सरिया से लोड ट्राला घाटी से नीचे उतर रहा था, इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहा ट्रक उससे जा टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राला पर लोड सरिया ट्रक के केबिन को तोड़ते हुए अंदर तक घुस गई। हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतर गया और उसके चालक, परिचालक समेत एक अन्य व्यक्ति केबिन में बुरी तरह फंस गए।
आधा घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही चौकी पुलिस अंजनिया तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने में करीब आधा घंटे का समय लगा। गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुँचाया गया।
हादसे में एक की मौत, दो घायल
अस्पताल पहुंचने पर ट्रक चालक दिनेश उर्फ काटू कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में घायल हुए अन्य दो लोगों की पहचान राजू गुप्ता पिता बालमुकुंद, निवासी नेगांव, जिला छतरपुर और धरम दास उर्फ धममू कुशवाहा जिला महोबा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जिनका इलाज जारी है। अंजनिया पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️










