आचार्य विद्यासागर महाराज के अवतरण दिवस पर पिंडरई में दो दिवसीय नि:शुल्क चिकित्सा शिविर
- पंचकर्म और एक्यूप्रेशर से मिलेगा तुरंत लाभ
मंडला महावीर न्यूज 29. लघु तीर्थ क्षेत्र व्रती नगरी पिंडरई में परम पूज्य संत शिरोमणि आचार्य भगवन 108 विद्यसागर महाराज एवं नवाचार्य समय सागर महाराज के अवतरण दिवस पर दो दिवसीय नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर 4 एवं 5 अक्टूबर को मुनिश्री 108 नीरज सागर एवं मुनिश्री 108 निर्मद सागर महाराज के मंगल सान्निध्य में श्री विद्या स्वभाव भवन व्रतीनगरी पिण्डरई में आयोजित होगा।
साधु सेवा समिति के मिडिया प्रभारी ऋषभ जैन ने बताया कि इस नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन चातुर्मास कमेटी, विद्यासागर नवयुवक समिति एवं सकल दिगम्बर जैन समाज के संयुक्त तत्त्वाधान में किया जा रहा है। शिविर में मनीष, आशीष, सचिन द्वारा समस्त पूर्णायु के वैद्यों द्वारा विभिन्न प्राकृतिक पद्धतियों से तुरंत इलाज किया जाएगा। इन पद्धतियों में योग, प्राणायाम, औषधि, जड़ी-बूटी काढ़ा, प्राणिक हीलिंग, पंचकर्म और एक्यूप्रेशर शामिल हैं। शिविर के संयोजक चौधरी रीतेश जैन एवं हर्ष जैन ने समस्त ग्राम एवं जिले वासियों से आग्रह किया है कि वे इस दो दिवसीय नि:शुल्क शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करें।









