देवरी कला बबलिया में शिव-शक्ति का भक्तिमय वातावरण
- देवरी कला बबलिया में गूंजा भोलेनाथ का डमरू
- शिव पुराण कथा में उमड़ी भक्तों की भीड़
- लक्ष्मी नारायण विवाह उत्सव धूमधाम से संपन्न
मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय देवरी कला बबलिया में इन दिनों भोलेनाथ का डमरू घर-घर बज रहा है और इसके साथ ही माता रानी की सुबह-शाम महाआरती का दृश्य भक्तों को भाव-विभोर कर रहा है। सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति देवरी कला बबलिया के तत्वावधान में आयोजित भोलेनाथ की शिव पुराण कथा सुनने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में क्षेत्र के श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। कथा व्यास वेदव्यास महाकाल सेवक लक्ष्मीकांत महाराज कथा का वाचन कर रहे है। उन्होंने श्रोताओं को बताया कि गांव में भोले बाबा का डमरू बजने से अलख जाग रहा है, इसलिए सभी शिव भक्त बनकर धर्म लाभ उठाएँ और माता रानी के दरबार में महा आरती का लाभ लें।
शुक्रवार को कथा में महाकाल सेवक ने दान की बड़ी महिमा का वर्णन किया। उन्होंने बताया कि बेलपत्र के पास दान करने से 30 गुना और यज्ञ में दान करने से 100 गुना अधिक लाभ प्राप्त होता है। जिन भक्तों को लक्ष्मी की कामना है, उन्हें उन्होंने सात सोमवार को 108 बेलपत्र और 108 कमल का फूल चढ़ाने का विशेष महत्व बताया, जिससे विशेष कृपा और पर्याप्त धन-व्यवसाय की प्राप्ति होती है।
लक्ष्मी नारायण विवाह उत्सव धूमधाम से मनाया
कथा के दौरान लक्ष्मी नारायण का विवाह उत्सव भी बड़े धूमधाम से मनाया गया। इसके साथ ही कथा व्यास ने कुशा का महत्व और नारद जी के अहंकार को कैसे तोड़ा गया, इस प्रसंग का भी विस्तार से वर्णन किया। कथा के दौरान श्रोताओं में निवास विधानसभा विधायक चैन सिंह बरकड़े भी उपस्थित रहे। जिन्होंने लक्ष्मी पूजा की। कथा श्रवण और महाआरती में महिला और पुरुषों ने चढ़-बढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए सुबह-शाम बैठने की उत्तम व्यवस्था और पेयजल की व्यवस्था की गई है।









