माँ कूष्मांडा की कृपा से होते हैं सारे कष्ट दूर

माँ कूष्मांडा की कृपा से होते हैं सारे कष्ट दूर-पं. पवन शास्त्री

  • बबलिया माल में देवी भागवत पुराण में उमड़ा जनसैलाब
  • सेवा और कर्म योग को बताया मोक्ष का साधन

मंडला महावीर न्यूज 29. सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति बबलिया माल द्वारा नवरात्रि के पावन पर्व पर ग्राम में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत पुराण के चौथे दिन पुराण वाचक पंडित पवन शास्त्री महाराज ने माँ कूष्मांडा देवी की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। पंडित पवन शास्त्री ने कथा के दौरान कहा कि जो भक्त सच्चे मन से माता रानी की आराधना एवं पूजन करते हैं, माँ कूष्मांडा की कृपा से उनके सारे कष्ट दूर हुआ करते हैं। उन्होंने नौ देवियों की महिमा बताते हुए यह भी कहा कि माता रानी का पूजन करने वाले सभी भक्तों की सर्व मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

कथा का रसपान करने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इसी क्रम में पंडित पवन शास्त्री ने सेवा भावना के महत्व और मोक्ष प्राप्ति के साधन पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि माता-पिता की सेवा और दीन-हीन एवं असहायों की सेवा से मोक्ष की प्राप्ति संभव है। पंडित पवन शास्त्री ने भक्ति ज्ञान एवं कर्म योग की महिमा का वर्णन करते हुए कर्म की श्रेष्ठता के बारे में बताया। ऐसे अनेक रसमई प्रसंगों का वर्णन कथा के माध्यम से किया जा रहा है, जिसे सुनने के लिए भक्तों की अपार भीड़ उमड़ रही है।

मुख्य यजमान और समिति का सहयोग 

आयोजित धार्मिक कार्यक्रम सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति, बबलिया माल के सहयोग से सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। कथा में रूप सिंह पंद्राम, ओमकार यादव, गंगाराम पंद्रम, रेवा पंदराम, शिवराम कुलस्ते, संगत से पंद्राम, विनोद यादव, महेश यादव, शिवराम यादव, प्रदीप यादव, रतीराम नरेटी, महिलाल मरावी, जीराबाई नरेटी, शुक्ला मरावी, शरद यादव और महेश यादव मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे।


 

Leave a Comment