भैंस को बचाने के प्रयास में बड़ा हादसा
- ओमनी कार पेड़ से टकराई
- कार को कटर मशीन से काटकर चालक को निकाला बाहर
- गंभीर घायल युवक जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज क्षेत्र के मैली से बबलिया मार्ग में एक ओमनी कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन चालक वाहन में ही बुरी तरह फंस गया। हादसा होते ही आसपास के लोग घटना स्थल पहुंचे और वाहन चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। वहीं तत्काल 112 डायल को सूचना दी गई। बिना समय गवाए डायल कर्मी मौके पर पहुंचे। जहां ग्रामीणों की मदद और कटर मशीन की सहायता से वाहन को काटकर फंसे वाहन चालक को बाहर निकाला गया। नारायणगंज टिकरिया पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे की जांच पुलिस कर रही है।
जानकारी अनुसार गुरूवार को दोपहर करीब 3.30 बजे नारायणगंज के मैली चौराहे से लगभग 200 मीटर अंदर मैली, बबलिया मार्ग पर एक ओमनी वाहन मैली की तरफ से नारायणगंज मैली चौराहे की तरफ आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन चालक मैली चौराहा की तरफ जा रहा था, इसी दौरान अचानक उसके वाहन के सामने एक भैस आ गई, जिसे बचाने के चक्कर में वाहन चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और ओमनी कार क्रमांक एमपी 20 बीए 5261 एक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे की जानकारी स्थानीय लोगों ने डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 एफआरव्ही की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
बताया गया कि ओमनी वाहन चालक अनिल कुमार पिता रवि कुमार साहू 30 वर्ष शंकरगंज नारायणगंज निवासी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अनिल कुमार वाहन के अंदर ही बुरी तरह से फंस गए। हादसे के बाद घटना स्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। जहां वाहन में फंसे चालक को निकालने का प्रयास शुरू किया गया।
कटर मशीन से काटकर निकाला बाहर
बताया गया कि डायल 112 के स्टाफ ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। वहीं युवक वाहन में बुरी तरह फंसा हुआ था और दरवाजा खोलना संभव नहीं था, इसलिए टीम ने एक कटर मशीन का उपयोग करके कार के हिस्से को काटा। बड़ी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल अनिल कुमार को कार से बाहर निकालने में सफलता मिली। जिसे तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज उपचार के लिए ले जाया गया।
गंभीर हालत में जबलपुर रेफर
घायल अनिल कुमार के दोनों पैरों और हाथों में गंभीर चोटें आई थीं। तत्काल डायल 112 के स्टाफ ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया। वहाँ के चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार करने के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत जबलपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। घायल को बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने में डायल 112 के कर्मचारी रामरतन मसकरे, सुरेन्द्र ठाकुर और पायलट नंदकिशोर मार्को समेत स्थानीय ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।











