स्वच्छता उत्सव- नर्सिंग छात्रों ने जैविक अपशिष्ट प्रबंधन पर किया नुक्कड़ नाटक
- सेवा पखवाड़े अंतर्गत हुई विभिन्न प्रतियोगिताएं, पोस्टर के माध्यम से दिया स्वच्छता संदेश
मंडला महावीर न्यूज 29. सेवा पखवाड़े में चल रहे स्वच्छता उत्सव के अंतर्गत मंडला जिला चिकित्सालय में सरदार पटेल स्कूल ऑफ नर्सिंग के छात्रों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की। कार्यक्रम की मुख्य थीम अस्पतालों में जैविक अपशिष्ट के संभावित दुष्प्रभाव और सुरक्षित प्रबंधन के सिद्धांत थी। कार्यक्रम की शुरुआत नर्सिंग स्टूडेंट्स ने स्वच्छता पखवाड़े की गतिविधियां और स्वच्छता के महत्व के लिए जागरूक करने जागरूकता रैली निकाली।
आयोजित कार्यक्रम में छात्रों ने इसी थीम पर आधारित नुक्कड़ नाटक, पोस्टर और रंगोली प्रतियोगिता में अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से उन्होंने अस्पतालों में जैविक अपशिष्ट के सही प्रबंधन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. विजय सिंह धुर्वे, आरएमओ डॉ. प्रवीण उईके, क्वालिटी नोडल डॉ. रितेश अग्रवाल, और क्वालिटी मेंटर शरद मेश्राम ने छात्रों और मरीजों के परिजनों को स्वच्छता के महत्व, गीले और सूखे कचरे के सही पृथक्करण, और जैव अपशिष्ट प्रबंधन के सिद्धांतों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सहायक प्रबंधक अजय सिंह सैयाम ने छात्रों से अपने परिवार, समाज और आसपास के लोगों को सफाई के प्रति जागरूक करने और संक्रमण मुक्त वातावरण बनाए रखने का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिताओं के विजेता स्टूडेंट्स को स्वास्थ्य विभाग द्वारा सम्मानित किया गया। इस आयोजन में सिविल सर्जन डॉ. विजय सिंह धुर्वे, डॉ. प्रवीण उईके, डॉ. रितेश अग्रवाल, अजय सिंह सैयाम, शरद मेश्राम, रजनीश तिवारी, प्रकाश, प्रवीण सिंगरहा, युगल पटेल सहित कई चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और नर्सिंग स्टूडेंट्स उपस्थित रहे।










