निवास में अवैध कॉलोनी पर प्रशासन मेहरबान

Advertisements

निवास में अवैध कॉलोनी पर प्रशासन मेहरबान

जांच में पुष्टि के बावजूद एसडीएम कार्यालय में डेढ़ माह से दबी फाइल

  • अपर कलेक्टर की सख्त टिप्पणी और 6 बिंदुओं पर मांगा प्रतिवेदन भी बेअसर
  • बिना कारण हटाया स्टे, नोटिस जारी करने से कतरा रहे जिम्मेदार

मंडला महावीर न्यूज 29. नगर परिषद निवास अंतर्गत ग्राम आमाडोंगरी में कृषि भूमि पर बिना डायवर्जन और वैधानिक अनुमति के अवैध कॉलोनी काटने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। राजस्व विभाग के मैदानी अमले की जांच में अवैध प्लॉटिंग की पुष्टि होने और अपर कलेक्टर मंडला द्वारा एसडीएम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रतिवेदन मांगे जाने के बावजूद अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) निवास कार्यालय स्तर पर कार्रवाई की फाइल पिछले डेढ़ महीने से दबी हुई है।जानकारी अनुसार ग्राम आमाडोंगरी स्थित भूमि खसरा नंबर 51/1/1/1/1/1/1/1 और रकबा 0.9306 हेक्टेयर) एवं खसरा नंबर 51/2 और रकबा 0.0100 हेक्टेयर के भूमिस्वामी विवेक राय, सिसिल एन्थोनी, रॉबिन विन्टेस एवं आयुष साहू के विरुद्ध स्थानीय नागरिक शिवेन्द्र जायसवाल, नरेन्द्र रैदास, लल्लाराम रैदास, देवेन्द्र पाण्डेय व अन्य ग्रामीणों ने मई 2025 में एसडीएम निवास और नगर परिषद में शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बिना डायवर्जन और वैध अनुमति के कृषि भूमि को छोटे-छोटे प्लॉटों में काटकर बेचा जा रहा है।

पटवारी और आरआई की जांच में हुई अवैध प्लॉटिंग की पुष्टि 

शिकायत के बाद हल्का पटवारी और राजस्व निरीक्षक निवास ने मौके का पंचनामा तैयार कर 24 जनवरी 2026 को जांच प्रतिवेदन सौंपा। रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से प्रमाणित किया गया कि भूमिस्वामियों ने बिना डायवर्जन, बिना नगर तथा ग्राम निवेश की अनुमति और बिना स्वीकृत लेआउट नक्शे के अवैध कॉलोनी काटकर 7 लोगों को प्लॉट बेच दिए हैं। मौके पर सड़क, नाली, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। नोटिस के बावजूद भूमिस्वामी जांच में न तो उपस्थित हुए और न ही कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर सके।

पहले लगाई रोक, फिर बिना कारण हटा दिया प्रतिबंध 

प्रथम दृष्टया अनियमितता पाए जाने पर तत्कालीन एसडीएम निवास ने 25 सितंबर 2025 को आदेश जारी कर उक्त भूमियों के क्रय, विक्रय और नामांतरण पर रोक लगा दी थी। लेकिन 8 जुलाई 2026 को पंजीयन विभाग के परिपत्रों का हवाला देते हुए एसडीएम न्यायालय से अचानक क्रय, विक्रय व नामांतरण पर लगी रोक को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया।

अपर कलेक्टर की सख्त टिप्पणी के बाद भी कार्रवाई शून्य 

इस मामले में मप्र रेरा भोपाल और मुख्यमंत्री कार्यालय से भी कलेक्टर मंडला को कार्रवाई के लिए पत्र भेजे गए थे। प्रकरण की समीक्षा करते हुए अपर कलेक्टर मंडला ने विगत माह 12 अक्टूबर की आदेश में एसडीएम के आदेश पर सीधा सवाल खड़ा किया। अपर कलेक्टर ने स्पष्ट उल्लेख किया कि बिना कारण स्पष्ट किए और शिकायतकर्ताओं की आपत्ति का निराकरण किए बिना ही पूर्व में लगाई गई रोक को हटा दिया गया है। उन्होंने अवैध कॉलोनी निर्माण पर अनावेदकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए 6 बिंदुओं पर स्पष्ट जांच प्रतिवेदन मांगा था।

प्रशासनिक संरक्षण के लग रहे आरोप 

अपर कलेक्टर के स्पष्ट निर्देश के डेढ़ महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी एसडीएम निवास कार्यालय से प्रतिवेदन नहीं भेजा गया है। सरकारी जांच में अवैध कॉलोनी सिद्ध होने और वरिष्ठ अधिकारी के आदेश के बावजूद फाइल दबाए जाने से क्षेत्र में भू-माफियाओं को प्रशासनिक संरक्षण मिलने के गंभीर आरोप लग रहे हैं।


Leave a Comment