गांवों के विकास के लिए जागरूकता, संगठन, नेतृत्व व सामुदायिक सहभागिता जरूरी-अपर सचिव लक्ष्मण सिंह
पीएम श्री रानी दुर्गावती कॉलेज में हुआ संवाद कार्यक्रम
- पेसा व वन अधिकार अधिनियम पर हुई चर्चा
- छात्रावास व चटुआमार परिसर का भी किया निरीक्षण
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम विकास, जनजातीय सशक्तिकरण और युवाओं की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को पीएम श्री रानी दुर्गावती महाविद्यालय में ग्राम विकास युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मुख्यमंत्री कार्यालय भोपाल के अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम शामिल हुए। उन्होंने महाविद्यालय परिसर स्थित रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। मंच पर सेवानिवृत्त सीसीएफ एसएस उद्दे एवं जनपद सदस्य श्रवण परते पंडा चौगान मौजूद रहे। अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा, रानी दुर्गावती और महात्मा गांधी के चित्रों पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया। अतिथियों का स्वागत जिला पंचायत सदस्य जगत मरावी, सामाजिक कार्यकर्ता नीरज अग्रवाल और गायत्री परिवार ट्रस्ट अध्यक्ष संदीप साहू ने किया।
संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री मरकाम ने गांवों में स्वराज की अवधारणा, ग्रामसभा की भूमिका, जैविक कृषि, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने बताया कि पेसा अधिनियम अनुसूचित क्षेत्रों में ग्रामसभाओं की भूमिका और स्थानीय स्वशासन से जुड़ा महत्वपूर्ण कानून है, जबकि वन अधिकार अधिनियम वन क्षेत्रों में रहने वाले पात्र अनुसूचित जनजाति व परंपरागत वन निवासियों के अधिकारों की मान्यता से संबंधित है। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी योजनाओं पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्थानीय स्तर पर जागरूकता, संगठन, नेतृत्व और सामुदायिक सहभागिता भी आवश्यक है। युवाओं की सक्रियता से ग्रामसभा सशक्त होगी और जैविक कृषि व स्थानीय संसाधनों आधारित स्वरोजगार से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सकती है। इस दौरान ग्रामीणों से गांवों की समस्याओं और विकास को लेकर चर्चा भी की गई।
कटरा छात्रावास व चटुआमार परिसर का निरीक्षण
जानकारी अनुसार श्री मरकाम 24 नवंबर की शाम मंडला पहुंचे और सीधे कटरा बालक छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने दस्तावेजों का अवलोकन किया, विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं व भोजन व्यवस्था की समीक्षा की और अधीक्षक को दिशा-निर्देश दिए। देर शाम सर्किट हाउस में सामाजिकजनों ने उनका स्वागत किया। वहीं 25 नवंबर की सुबह उन्होंने कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार का निरीक्षण किया, जहां शिक्षक उपस्थिति पंजी देखी, प्राचार्य श्रीमती जागृति श्रीवास्तव से जानकारी ली, प्रयोगशाला व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और छात्राओं से प्रश्न पूछे। इस दौरान सहायक आयुक्त अरुण शुक्ला और बीईओ मंडला रंजीत गुप्ता भी मौजूद रहे। शाम को उन्होंने सर्किट हाउस में पत्रकारों से भी चर्चा की।
आयोजन में इनकी रही सहभागिता
कार्यक्रम का आयोजन अनुसूचित क्षेत्र हित रक्षा मंच जिला मंडला द्वारा किया गया, जबकि इंडियन ट्राइबल डेवलपमेंट फाउंडेशन मुंबई सह-आयोजक रहा। आयोजन में सोमेन्द्र कुशराम मुख्य सहयोगी रहे और आभार प्रदर्शन जगत मरावी ने किया। संवाद में जिले भर के सरपंच, जनपद सदस्य, ग्रामीणजन और पेसा मोबिलाइजर कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।










