पीएम आवास से वंचित ग्रामीण की सीएम हेल्पलाइन शिकायत बिना सहमति कराई बंद

Advertisements

सिंघपुर में पीएम आवास से वंचित ग्रामीण की सीएम हेल्पलाइन शिकायत बिना सहमति कराई बंद

सरपंच पर ग्रामीणों को भड़काने का आरोप, अपात्रों को लाभ देने से गांव में रोष

  • आवास स्वीकृति तक शिकायत यथावत रखने की मांग
  • पीडि़त सहजान ने कलेक्टर व एसपी को सौंपा आवेदन

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड निवास अंतर्गत ग्राम सिंघपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित एक ग्रामीण की शिकायत को बिना उसकी सहमति के बंद कराए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम निवासी सहजान परस्ते ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर पीएम आवास न मिलने की शिकायत दर्ज कराई थी। पीडि़त का आरोप है कि सरपंच द्वारा बिना समस्या का निराकरण किए और बिना उसकी अनुमति के शिकायत को बंद करा दिया गया। न्याय की गुहार लगाते हुए सहजान ने अब कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपा है।
सहजान परस्ते ने बताया कि शिकायत बंद कराने के साथ ही सरपंच द्वारा ग्रामीणों की पंचायत बुलाई गई और उनके सामने यह भ्रामक बात फैलाई गई कि सहजान गांव का विकास नहीं होने दे रहा है। ग्रामीणों को कहा गया कि जनपद से स्वीकृत कांक्रीट सड़क का निर्माण सहजान के कारण रुका हुआ है और यदि वह सीएम हेल्पलाइन की शिकायत वापस ले लेगा, तभी सड़क बन पाएगी। इस कारण गांव के लोग भी सहजान के प्रति भड़क गए हैं। जबकि सहजान का कहना है कि उसने सड़क को लेकर कोई आपत्ति नहीं की, बल्कि केवल अपने प्रधानमंत्री आवास के लिए शिकायत दर्ज कराई थी।

झोपड़ी में रहने को मजबूर परिवार, अपात्रों को मिला आवास 

पीडि़त ने बताया कि पात्र होने के बावजूद उसका नाम आवास सूची में नहीं जोड़ा जा रहा है। वह कई बार ग्राम पंचायत और जनपद कार्यालय में आवेदन दे चुका है, लेकिन हर बार केवल कोरा आश्वासन ही मिला। कच्चे मकान और झोपड़ी में गुजर-बसर करने को मजबूर उसके परिवार को बारिश के मौसम में सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सहजान ने यह भी आरोप लगाया कि पड़ोस के ही कई अपात्र लोगों को योजना के तहत आवास मिल चुका है, इस भेदभाव को लेकर गांव में भी रोष व्याप्त है।

कलेक्टर और एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग 

सहजान ने कलेक्टर और एसपी को दिए आवेदन में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उसने गुहार लगाई है कि उसकी सीएम हेल्पलाइन शिकायत को तब तक यथावत रखा जाए, जब तक उसका पीएम आवास स्वीकृत नहीं हो जाता, और उसे शीघ्र ही आवास योजना का लाभ दिलाया जाए।


Leave a Comment