मवई में जंगली हाथियों के झुंड का आतंक

Advertisements

मवई में जंगली हाथियों के झुंड का आतंक

सजालागान में वन चौकी की क्षतिग्रस्त, सरकारी आवास में मचाया उत्पात

  • फेन अभयारण्य से सटे गांवों में दहशत का माहौल
  • मोटरसाइकिल को भी पहुंचाया नुकसान, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद मुख्यालय मवई से महज 12 किलोमीटर दूर फेन अभयारण्य से सटे सजालागान क्षेत्र में जंगली हाथियों के झुंड की आमद से आसपास के ग्रामीण अंचलों में भारी दहशत का माहौल बन गया है। विगत मंगलवार को विचरण करते हुए पहुंचे हाथियों के इस झुंड ने क्षेत्र में स्थित वन विभाग की शासकीय चौकी को निशाना बनाते हुए उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथियों का उत्पात यहीं नहीं थमा, उन्होंने चौकी से लगे शासकीय आवास में रखे सामान को भी पूरी तरह बिखेर दिया और वहां खड़ी एक मोटरसाइकिल को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद से पूरे इलाके के ग्रामीणों में भय व्याप्त है।जानकारी अनुसार मंगलवार दोपहर सबसे पहले वन परिक्षेत्र मोतीनाला क्षेत्र में जंगली हाथियों के समूह के पहुंचने की सूचना मिली थी। इसके बाद यह झुंड लगातार आगे बढ़ते हुए मवई वन परिक्षेत्र की सीमा से लगे इलाकों में घूमता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों और विभागीय जानकारी के मुताबिक इस झुंड में वयस्क हाथियों के साथ छोटे बच्चे भी शामिल हैं। रात भर सीमावर्ती क्षेत्रों में चहलकदमी करने और वन चौकी को नुकसान पहुंचाने के बाद बुधवार सुबह होते ही हाथियों का यह झुंड पुन: फेन अभयारण्य के घने वन क्षेत्र में लौट गया। हालांकि हाथियों के दोबारा रिहायशी या सीमावर्ती इलाकों की ओर रुख करने की आशंका बनी हुई है।

मवई वन परिक्षेत्र में अलर्ट जारी, जंगल न जाने की अपील 

हाथियों के झुंड की संभावित आवाजाही और ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए मवई वन परिक्षेत्र में तत्काल प्रभाव से अलर्ट जारी कर दिया गया है। वन विभाग के अधिकारियों ने सीमावर्ती गांवों के निवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने ग्रामीणों को स्पष्ट हिदायत दी है कि वे हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और किसी भी स्थिति में अकेले जंगल की ओर न जाएं। इसके अलावा, यदि क्षेत्र में कहीं भी हाथियों की मौजूदगी या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल वन विभाग के अमले को देने को कहा गया है।

फोटो-वीडियो बनाने और भीड़ लगाने से बचने के निर्देश 

वन विभाग ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए विशेष रूप से आगाह किया है कि हाथियों के दिखने पर उनके नजदीक जाकर फोटो या वीडियो बनाने की कोशिश कतई न करें। साथ ही मौके पर भीड़ लगाने या शोर मचाकर हाथियों को उकसाने से बचने के सख्त निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि झुंड में छोटे बच्चे होने के कारण हाथी अधिक संवेदनशील हो सकते हैं। फिलहाल वन विभाग की टीमें लगातार हाथियों की गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठा रही हैं। हालांकि, हाथियों के झुंड की वर्तमान सटीक लोकेशन और उनके आगे बढऩे की संभावित दिशा को लेकर अभी विभाग की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।


रिपोर्टर- संदीप श्रीवास, मवई


Leave a Comment