बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ मंडला में आप का हल्ला बोल
स्वास्थ्य विभाग की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर किया पुतला दहन
- कलेक्टर को सौंपा सात सूत्रीय ज्ञापन, सुधार के लिए दिया एक माह का अल्टीमेटम
- ठोस पहल न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार, सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टरों की नियुक्ति, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को समय पर उपचार दिलाने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर जोरदार आंदोलन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली और पुतला दहन किया। इसके बाद जिला प्रशासन को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए एक माह की समय-सीमा निर्धारित करने की मांग की गई।
आम आदमी पार्टी जिला अध्यक्ष पंकज सोनी के नेतृत्व में किए गए इस आंदोलन में अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी, दवाइयों की अनुपलब्धता, एंबुलेंस संकट और जांच सुविधाओं के अभाव जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। जिलाध्यक्ष पंकज सोनी ने बताया कि वे पिछले लगभग एक माह से जिले के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पताल का निरीक्षण कर रहे थे, जहां गंभीर कमियां देखने को मिलीं।
पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में सुविधाओं के अभाव का सबसे अधिक असर गरीब, ग्रामीण और आदिवासी परिवारों पर पड़ रहा है। छोटी-छोटी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी उन्हें जिला मुख्यालय या निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराने को मजबूर होना पड़ता है। पार्टी ने मांग की कि अस्पतालों की वास्तविक स्थिति की समीक्षा कर कमियों को सार्वजनिक किया जाए और जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में रखी गईं ये सात प्रमुख मांगें
जिला स्तरीय स्वास्थ्य निगरानी समिति का गठन किया जाए, इसमें प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, पत्रकार संघ के प्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन के अधिकारियों को शामिल किया जाए, जो अस्पतालों का नियमित निरीक्षण कर कमियों के निराकरण की अनुशंसा करे। एक माह के भीतर हर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कम से कम एक मेडिकल ऑफिसर की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। सभी स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की आवश्यकता के अनुसार निर्धारित एवं जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं। ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में एंबुलेंस की उपलब्धता बढ़ाई जाए। डॉक्टरों, नर्सों, तकनीकी कर्मचारियों और अन्य मेडिकल स्टाफ के रिक्त पदों को शासन स्तर से तत्काल भरा जाए। गर्भवती महिलाओं के लिए सरकारी अस्पतालों में सोनोग्राफी की नियमित सुविधा सुनिश्चित की जाए।
एक माह में सुधार न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
आम आदमी पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सांसद, जिला कलेक्टर और सीएमएचओ की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है। पार्टी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक माह की निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो जनहित में विरोध प्रदर्शन को और तेज किया जाएगा।










