सीनियर राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए मंडला का दल घोषित
ग्वालियर में दमखम दिखाएंगे जिले के 8 पहलवान
- राष्ट्रीय पदक विजेता चांदनी नरेटी संभालेंगी टीम की कमान
- 6 पुरुष व 2 महिला पहलवानों का चयन, हर्षित भलावी बने कोच
मंडला महावीर न्यूज 29. सीनियर राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए मंडला जिले के आठ पहलवान ग्वालियर में अपना दमखम दिखाएंगे। इस कुश्ती प्रतियोगिता के लिए मडला का दल घोषित कर दिया गया है। मप्र एमेच्योर कुश्ती संघ के निर्देशानुसार 28 एवं 29 नवंबर को ग्वालियर में आयोजित होने जा रही सीनियर राज्य स्तरीय पुरुष फ्रीस्टाइल एवं ग्रीको रोमन और महिला फ्रीस्टाइल कुश्ती प्रतियोगिता के लिए मंडला जिले का दल घोषित कर दिया गया है।
जिला कुश्ती संघ मंडला के सह-सचिव एवं मीडिया प्रभारी शैलेश यादव ने बताया कि संघ के पदाधिकारियों की सहमति से खिलाडिय़ों का चयन उनकी रैंकिंग के आधार पर विभिन्न भार वर्गों में किया गया है। सभी पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि मंडला के ये प्रतिभाशाली पहलवान ग्वालियर में अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और संघर्षशीलता का परिचय देते हुए पदक जीतकर जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन करेंगे।
चांदनी नरेटी को मिली कप्तानी, हर्षित भलावी होंगे कोच
घोषित किए गए 8 सदस्यीय कुश्ती दल में 6 पुरुष और 2 महिला पहलवान शामिल हैं। टीम के नेतृत्व की जिम्मेदारी खेलो इंडिया जनजातीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता की पदक विजेता कुमारी चांदनी नरेटी को सौंपी गई है। वहीं, टीम के कोच की भूमिका होनहार पहलवान एवं प्रशिक्षक हर्षित भलावी तथा टीम मैनेजर का दायित्व संदीप कुमार कछवाहा निभाएंगे।
ये 8 पहलवान करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व
बताया गया कि सीनियर राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए महिला वर्ग के फ्री स्टाइल में साक्षी पट्टा 55 किग्रा और टीम कप्तान चांदनी नरेटी 57 किग्रा का चयन किया गया है। पुरुष वर्ग फ्री स्टाइल प्रतियोगिता के लिए कुनाल चक्रवर्ती 57 किग्रा, शीतल चक्रवर्ती 65 किग्रा, शिवकुमार कुरवेती 70 किग्रा और सागर नाथ 74 किग्रा का चयन किया गया। इसके साथ ही पुरुष वर्ग के ग्रीको रोमन में व्यास कुमार उईके 55 किग्रा और श्यामसुंदर बर्मन 87 किग्रा का चयन किया गया है।
पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
जिले के पहलवानों के चयन पर जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता, संयोजक सुमंत उपाध्याय, सहसंयोजक चंद्रशेखर सिंधिया, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विनोद कछवाहा, इंडियन स्टाइल कुश्ती संघ के अध्यक्ष गुलाब मर्दारिया, सचिव संदीप कुमार कछवाहा, कोषाध्यक्ष सुमित सोनी, मार्गदर्शक मागन सोनी, ओमप्रकाश चौकसे, रघुनंदन विश्वकर्मा, डिल्ली सिंह झरिया, पेशन पटेल, मानसिंह कुक्डिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश सोनी, हेमराज कछवाहा, अम्मु चंद्रौल, उपाध्यक्ष संतोष कछवाहा, वाजिद खान, कुलदीप सिंधिया, अजय चंद्रौल, कार्यालय सचिव शिवम सिंधिया, सतीश मरकाम, सह सचिव नंदकिशोर नंदा, दीपक चक्रवर्ती, राजू कार्तिके सहित शम्मी पहलवान, डॉ. प्रदीप कछवाहा, धनेश्वर नंदा, शिवराज कछवाहा, योगेश कछवाहा, किशोर गुप्ता, आनंद सोनी, श्रीराम सिंधिया, जगदीश चड्डार, बलवीर उईके, अशोक पहलवान, अभिषेक कछवाहा और रघुवीर पहलवान ने सभी खिलाडिय़ों व कोच को हार्दिक बधाई दी है।










