मंडला के विकास पर आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर आदिवासी समाज की आकांक्षाओं पर संवाद जरूरी: राज कुमार सिन्हा
- सांसद कुलस्ते और अपर सचिव मरकाम की बहस के बीच उठी आवाज
- जल-जंगल-जमीन और आजीविका की सुरक्षा से तय हो विकास का पैमाना
मंडला महावीर न्यूज 29. विगत दिनों अपर सचिव लक्षण सिंह मरकाम द्वारा मंडला लोकसभा क्षेत्र के विकास में पिछड़ने का आरोप लगाए जाने और इसके जवाब में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के पलटवार के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। इस राजनीतिक व प्रशासनिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच बरगी बांध विस्थापित एवं प्रभावित संघ के राज कुमार सिन्हा ने एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि एक ओर जिले के पिछड़ेपन के लिए शासन-प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही पर सवाल उठाए जा रहे हैं, तो दूसरी ओर योजनाओं की उपलब्धियां गिनाई जा रही हैं; लेकिन इस पूरी बहस से यह बुनियादी सवाल गायब है कि आखिर मंडला और आसपास के आदिवासी जिलों के लोगों को कैसा विकास चाहिए?
पलायन और बेदखली के बिना हो वास्तविक विकास
राज कुमार सिन्हा ने कहा कि मंडला, डिंडौरी, सिवनी और बालाघाट जैसे जिलों का सामाजिक, आर्थिक और भौगोलिक चरित्र प्रदेश के मैदानी जिलों से बिल्कुल अलग है। यहां की अर्थव्यवस्था जंगल, खेती, पशुपालन, लघु वनोपज, नदियों और सामुदायिक संसाधनों से गहराई से जुड़ी हुई है। ऐसे में यहां विकास का अर्थ केवल बाजार तक पहुंच या बड़े उद्योगों की स्थापना नहीं, बल्कि इन संसाधनों पर निर्भर समुदायों के जीवन में वास्तविक सुधार होना चाहिए। यदि विकास की प्रक्रिया में स्थानीय लोगों की आजीविका छिनती है, उन्हें जमीन व गांव छोड़ने पड़ते हैं या रोजगार के लिए पलायन करना पड़ता है, तो ऐसी विकास प्रक्रिया की सफलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
पिछड़ेपन का पैमाना स्पष्ट होना जरूरी
उन्होंने कहा कि मंडला को पिछड़ा बताने वाली बहस में यह स्पष्ट होना चाहिए कि पिछड़ापन किस आधार पर मापा जा रहा है—प्रति व्यक्ति आय, शिक्षा-स्वास्थ्य, सड़क-बिजली और इंटरनेट की उपलब्धता, या फिर स्थानीय लोगों की आजीविका, पोषण, सामाजिक सुरक्षा और निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी। इन सभी संकेतकों को एक साथ देखे बिना समग्र आकलन संभव नहीं है। विकास का सही पैमाना यह होना चाहिए कि आदिवासी परिवारों की आय, स्वास्थ्य, शिक्षा और जीवन की सुरक्षा में सुधार उनकी जमीन व संसाधनों से बेदखली के बिना हुआ है या नहीं। इन जिलों के विकास की रूपरेखा जल-जंगल-जमीन पर अधिकार और स्थानीय समुदायों की भागीदारी से तय होनी चाहिए।
नीति आयोग की रिपोर्ट का दिया हवाला
राज कुमार सिन्हा ने नीति आयोग के ‘राष्ट्रीय बहुआयामी गरीबी सूचकांक 2023’ की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके अनुसार मंडला, सिवनी, डिंडौरी और बालाघाट में बहुआयामी गरीबी में उल्लेखनीय कमी आई है, जो सार्वजनिक योजनाओं और सामाजिक विकास के प्रयासों की उपलब्धि है और इसे नकारा नहीं जा सकता। लेकिन दूसरी ओर, इस कमी के बावजूद डिंडौरी और मंडला में बहुआयामी गरीबी का अनुपात प्रदेश के कई अन्य जिलों की तुलना में अब भी अधिक बना हुआ है। इसलिए आरोप-प्रत्यारोप के बजाय इन जिलों के विकास की गति और गुणवत्ता पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।

बरगी बांध विस्थापित एवं प्रभावित संघ









