पैगंबर मुहम्मद सल्ल. के जीवन से सीख लेकर करें शिक्षा और समाज सुधार
- जामिआ इस्लामियात के कामयाब छात्रों को पुरस्कार वितरित
- जमात ए इस्लामी हिंद द्वारा आयोजित कार्यक्रम में समाज सुधार और शिक्षा के महत्व पर दिया जोर
मंडला महावीर न्यूज 29. सीरत-उन-नबी खिताब-ए-आम व जामिआ इस्लामियात इनआमात तकसीम कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षा और समाज सुधार के महत्व पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जमात ए इस्लामी हिंद मध्य प्रदेश के मुआविन अमीर ए हल्का, इम्तियाज अहमद साहब रहे। जिन्होंने पैगंबर मुहम्मद सल्ल. की जीवनी पर एक प्रभावशाली भाषण दिया। उन्होंने अपनी तकरीर में पैगंबर मुहम्मद सल्ल. के जीवन से सीख लेकर उम्मत-ए-मुस्लिम की वर्तमान जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला और समाज में सुधार लाने के प्रयासों को मजबूत करने पर जोर दिया। इम्तियाज अहमद साहब ने पैगंबर मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की शिक्षाओं और उनके जीवन के कई वाकयों के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत उजैर अंसारी ने कुरान की तिलावत से की। एजाज खान ने इल्म की अहमियत पर बात की, जबकि जिया और सारा ने तराना पेश किया। इसके बाद निदा परवीन ने जामिआ इस्लामियात इम्तिहान के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं को सम्मानित किया गया, जिनमें अलीजा लियाकत मलिक, रशीदा फरहत, अर्श खान, नगमा बानो, अलफी नाज, और गाजिया बानो जैसे छात्र शामिल थे, जिन्होंने अपनी-अपनी श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
पुरस्कार वितरण के बाद एसआईओ मध्यप्रदेश ईस्ट के जोनल सेक्रेटरी दानिश बेग ने समापन भाषण दिया। कार्यक्रम में नाजिम-ए-इलाका, जावेद अख्तर, अमीर-ए-मकामी, हाफिज मोईन अंसारी सहित अन्य पदाधिकारी, वरिष्ठ नागरिक और युवा उपस्थित रहे। सभी ने सफल छात्रों की हौसला-अफजाई की। कार्यक्रम का संचालन एसआईओ के प्रेसिडेंट शायान तनवीर ने किया और अंत में जमात ए इस्लामी हिंद की नाजिमा, शोबा-ए-ख्वातीन फरहाना खातून ने दुआ के साथ कार्यक्रम का समापन किया।









