परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले 36 वाहनों की जांच
- मंडला में आरटीओ का सघन चेकिंग अभियान, 12 बसों से वसूला 11 हजार 500 का जुर्माना
मंडला महावीर न्यूज 29. परिवहन आयुक्त और कलेक्टर के आदेशानुसार जिला परिवहन अधिकारी विमलेश कुमार गुप्ता ने सोमवार को नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया । यह अभियान मंडला-घंसौर और मंडला-नैनपुर मार्गों पर चलाया गया। चेकिंग के दौरान कुल 36 वाहनों की जांच की गई, जिसमें उनके फिटनेस, परमिट, बीमा, पीयूसी (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र), अग्निशमन यंत्र, फस्र्ट एड बॉक्स, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस, स्पीड लिमिटिंग डिवाइस, रेडियम, ओवरलोडिंग और अधिक किराया लेने जैसे पहलुओं की जांच की गई ।
इस कार्रवाई में मोटरयान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत 12 बसों पर 11 हजार 500 का समन शुल्क वसूला गया । इस अभियान में परिवहन कार्यालय मंडला के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे । जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।









