गौ रक्षक दल का सराहनीय प्रयास, बेसहारा पशुओं को मिल रही नई जिंदगी
- सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवारा पशुओं के गले में बांध रहे रेडियम बेल्ट
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले की सड़कों पर आवारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गौ रक्षक दल के युवाओं का एक समूह ने सराहनीय पहल की है। यह दल रात के समय सड़कों पर घूम-घूमकर बेसहारा पशुओं के गले में रेडियम बेल्ट बांध रहा है, जिससे रात में वाहनों की रोशनी पडऩे पर वे दूर से ही दिखाई दे सकें।
बताया गया कि रात्रि में होने वाले सड़क हादसे बेहद गंभीर हो होते है, जब अंधेरे में पशु दिखाई नहीं देते, जिससे बड़े हादसे होते हैं। कई बार इन हादसों में लोगों की जान चली जाती है, और पशु भी गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं। इसके साथ ही दूध न देने वाले पशुओं को सड़कों पर छोडऩे की बढ़ती प्रवृत्ति ने इस समस्या को और भी गहरा दिया है।
गौ रक्षक दल के सदस्यों ने बताया कि उनका उद्देश्य सिर्फ जनसेवा नहीं, बल्कि पशु सेवा भी है। अब तक वे एक हजार से ज्यादा पशुओं को रेडियम बेल्ट पहना चुके हैं। इस पहल से दुर्घटनाओं की संभावना काफी हद तक कम हो गई है। यह दल लोगों को अपने पशुओं को सड़कों पर न छोडऩे के लिए भी लगातार जागरूक कर रहा है।









