मंडला-जबलपुर के विशेषज्ञों ने एक ही स्थान पर दी स्वास्थ्य सेवाएं
- स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत लगा विशाल शिविर
- महिलाओं की जांच, रक्तदान और किशोरियों को दिया परामर्श
मंडला महावीर न्यूज 29. महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंडला जिले में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार सेवा पखवाड़ा के तहत विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य और पोषण संबंधी समस्याओं की पहचान कर उनका समय पर उपचार करना था। यह अभियान 2 अक्टूबर तक जारी रहेगा। स्वास्थ्य शिविर में शिविर प्रभारी एपीडेमियोलॉजिस्ट राजेन्द्र वर्मा, सीबीएमओ डॉ अमृत लाल कोल समेत सीएचसी नारायणगंज स्टाफ मौजूद रहा।
आयोजित स्वास्थ्य शिविर में मंडला जबलपुर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आने वाले मरीजों का जांच परीक्षण किया। इसके साथ ही उन्हें उचित सलाह भी दी गई। टीबी जांच, एक्स-रे समेत अन्य जांचे भी की गई। इस शिविर में मंडला और जबलपुर से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं। इनमें मंडला से शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कमलेश ठाकुर, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. रमा पटेल, फीजियोथैरेपिस्ट दीपशिखा, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अविनाश खरे, तथा जबलपुर से कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. हर्ष, आर्थोपेडिक्स डॉ. सप्रास और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. तिशा शामिल थे। इनके साथ ही नारायणगंज सीएचसी स्टाफ ने भी सहयोग किया।
जांच के साथ दी सलाह
शिविर में टीबी और एक्स-रे सहित कई तरह की जांचें की गईं। मरीजों की तुरंत जांच कर उन्हें उचित सलाह भी दी गई। शिविर के दौरान हाइपरटेंशन, डायबिटीज, ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, टीबी, एनीमिया और सिकल सेल की स्क्रीनिंग की गई। साथ ही, एएनसी चेकअप, ब्लड शुगर की जांच और टीकाकरण भी किया गया। आने वाले लोगों को पोषण संबंधी मुफ्त सलाह भी दी गई।
रक्तदान शिविर में 6 यूनिट रक्तदान
शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ ही रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। छह जागरूक लोगों, अन्नू यादव, पवन यादव, प्रमोद चक्रवर्ती, कुलदीप चौकसे, आनंद यादव, और राहुल यादव ने जरूरतमंदों के लिए रक्तदान किया। इस दौरान पूर्व निवास विधायक रामप्यारे कुलस्ते, भाजपा कार्यकर्ता, सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल और मंडला ब्लड बैंक की टीम भी मौजूद रही।
किशोरियों को मिला परामर्श और उपचार
उमंग क्लिनिक के तहत शिविर में आए किशोर, किशोरियों को पोषण और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और व्यक्तिगत स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में जागरूक करना था। कई किशोरियों ने माहवारी और सफेद पानी जैसी समस्याओं पर खुलकर बात की, जिसके लिए उन्हें उचित परामर्श दिया गया और आगे के उपचार के लिए डॉक्टरों के पास भेजा गया। इस पहल से युवा अपनी समस्याओं को खुलकर साझा करने में सहज महसूस कर रहे हैं।
196 मरीजों ने लिया होम्योपैथी और आयुर्वेद का लाभ
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में आयोजित विशाल स्वास्थ्य शिविर में आयुष विभाग ने भी अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कीं। इस शिविर में आयुर्वेद और होम्योपैथी पद्धतियों से मरीजों का इलाज किया गया। शिविर में 107 लोगों ने होम्योपैथी और 89 लोगों ने आयुर्वेदिक पद्धति से अपना उपचार कराया। अधिकतर मरीज वायरल बुखार, सर्दी, खांसी और अन्य सामान्य बीमारियों से संबंधित थे। आयुष विभाग के विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच कर उन्हें उचित दवाएं भी दीं। इस दौरान आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेज सिंह तराम और होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रत्युश हरमित अपने स्टाफ के साथ मौजूद रहे और मरीजों को परामर्श दिया। आयुष विभाग की इस भागीदारी से स्थानीय लोगों को पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों का लाभ मिला, जिससे शिविर का दायरा और भी व्यापक हो गया।










