लापरवाही-समय से पहले बंद हो रहा प्राथमिक शाला दादरगांव

लापरवाही-समय से पहले बंद हो रहा प्राथमिक शाला दादरगांव

  • स्कूल में अव्यवस्था और असुविधा से परेशान बच्चे
  • ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से लगाई गुहार

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के बबलिया क्षेत्र के जेवरा पोषक ग्राम पंचायत के दादरगांव स्थित प्राथमिक शाला में समय से पहले छुट्टी कर दिए जाने का मामला सामने आया है, जिससे बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। ग्रामीणों और बच्चों ने आरोप लगाया है कि शिक्षक अक्सर समय से पहले छुट्टी कर देते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार को भी स्कूल के बच्चे दोपहर 2 बजे ही छुट्टी होने पर घर लौट रहे थे। जब उनसे पूछा गया तो बच्चों ने बताया कि शिक्षक मीटिंग में गए हैं, इसलिए स्कूल जल्दी बंद कर दिया गया। बच्चों ने बताया कि स्कूल आने-जाने में उन्हें काफी परेशानी होती है क्योंकि गांव तक कोई साधन उपलब्ध नहीं है। रास्ते कच्चे हैं और खेत-खलिहानों से होकर गुजरते हैं, जिससे उन्हें हमेशा सांप-बिच्छू का डर बना रहता है।

जानकारी अनुसार प्राथमिक शाला दादरगांव स्कूल सिर्फ समय से पहले छुट्टी होने की समस्या से ही नहीं, बल्कि कई अन्य अव्यवस्थाओं से भी जूझ रहा है। स्कूल तक पक्की सड़क न होने के कारण बारिश में बच्चों को काफी परेशानी होती है। इसके साथ ही स्कूल में स्वास्थ्य सुविधाओं की भी कमी है, जिसके कारण बच्चे सर्दी, खांसी और बुखार जैसी बीमारियों से परेशान हैं।

मिल रहा गुणवत्ताहीन मध्याह्न भोजन 

छात्र-छात्राओं ने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर भी असंतोष व्यक्त किया। उनका कहना है कि भोजन की गुणवत्ता अच्छी नहीं होती, जिससे वे खाना नहीं खाते। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था को सुधारा जाए और शिक्षक समय पर स्कूल आएं और पूरा समय पढ़ाकर ही छुट्टी दें। ग्रामीणों ने जामुन टोला गांव की ओर ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा कि यह गांव आज भी जिला प्रशासन की नजर से बाहर है। यहां न तो शिक्षा की कोई उचित व्यवस्था है और न ही स्वास्थ्य और पेयजल की सुविधा। उन्होंने जिला प्रशासन से अपील की है कि वे इस क्षेत्र की समस्याओं पर ध्यान दें जिससे यहां के लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।



 

Leave a Comment