ऑपरेशन मुस्कान ने 33 गुमशुदा बालिकाओं को लौटाया घर

ऑपरेशन मुस्कान ने 33 गुमशुदा बालिकाओं को लौटाया घर, परिवारों के चेहरों पर फिर लौटी मुस्कान

  • मंडला पुलिस का विशेष अभियान मुस्कान सफल

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस ने एक महीने तक चले विशेष अभियान मुस्कान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। इस अभियान के दौरान जिले से लापता हुईं 33 नाबालिग बालिकाओं को खोजकर उनके परिवारों को सकुशल लौटाया गया है। पुलिस मुख्याल भोपाल के निर्देश पर चलाए गए, इस अभियान ने न सिर्फ परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई, बल्कि समाज में पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ाया है। पुलिस महानिरीक्षक बालाघाट जोन के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के नेतृत्व में 18 अगस्त से 17 सितंबर तक यह अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला की देखरेख में चले इस ऑपरेशन की मॉनिटरिंग उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा शाखा सतीश कुमार चतुर्वेदी द्वारा की गई।

बताया गया कि इन गुमशुदा बालिकाओं को खोजने के लिए पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों सिवनी, कटनी, जबलपुर, इंदौर के अलावा अन्य राज्यों केरल, महाराष्ट्र, हरियाणा, गुजरात और छत्तीसगढ़ में भी अभियान चलाए। ये सभी बालिकाएं मंडला जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों कोतवाली, महाराजपुर, बम्हनी, नैनपुर, बिछिया, मवई, मोतीनाला, घुघरी, निवास, बीजाडाडी और टिकरिया से लापता हुई थीं।

अधिकारियों और कर्मचारियों की रही सक्रिय भूमिका 

अभियान की सफलता में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पीयूष कुमार मिश्रा, सौरभ तिवारी बिछिया, मनीष राज नैनपुर और पीएस वालरे निवास सहित सभी थाना प्रभारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी मेहनत, तकनीकी समझ और संवेदनशीलता ने इस मिशन को सफल बनाया। पुलिस विभाग द्वारा विशेष योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा।


 

Leave a Comment