नक्सल प्रभावित गांव मनोरी में प्रशासन आपके द्वार
- पुलिस ने दी राहवीर योजना और कानूनी सहायता की जानकारी
- नक्सलियों के लिए पुनर्वास और राहत नीति से कराया अवगत
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोडऩे के लिए एक नई पहल की है। इसी क्रम में मोतीनाला थाना के अंतर्गत आने वाले गांव मनोरी में प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को कई महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में पुलिस ने नक्सली आत्मसमर्पण पुनर्वास सह राहत नीति के बारे में बताया। इसके तहत नक्सलियों को हिंसा छोड़कर सामान्य जीवन में लौटने और आजीविका कमाने के तरीकों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही इससे जुड़े पैम्फलेट भी बांटे गए जिससे ग्रामीण इन नीतियों को समझ सकें और अपने आसपास के लोगों को जागरूक कर सकें।
सड़क सुरक्षा और कानूनी सहायता पर दिया जोर
पुलिस ने ग्रामीणों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। इस दौरान राहवीर योजना के बारे में बताया गया। यह योजना लोगों को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की निडर होकर मदद करने के लिए प्रेरित करती है। इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए नि:शुल्क विधिक सहायता की जानकारी भी दी गई। ग्रामीणों को साइबर धोखाधड़ी से बचाने के लिए भी जागरूक किया गया। पुलिस ने उन्हें बताया कि अगर वे किसी साइबर फ्रॉड का शिकार होते हैं तो तुरंत 1930 पर कॉल करें। साथ ही किसी भी अनजान लिंक या ऐप को डाउनलोड न करने की सलाह दी गई।









