उदयपुर में राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह का बलिदान दिवस मनाया
- आदिवासी समाज ने पारंपरिक वेशभूषा में निकाली विशाल रैली
मंडला महावीर न्यूज 29. स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीद राजा शंकर शाह और उनके वीर पुत्र कुंवर रघुनाथ शाह के 168वें बलिदान दिवस के अवसर पर, उदयपुर स्थित शंकर शाह-कुंवर रघुनाथ शाह प्रांगण में जन सेवा युवा संगठन द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर गोंड समाज के लोगों ने अपने पूर्वजों की शहादत को याद किया।
1857 की क्रांति में गोंडवाना के इन वीरों ने अंग्रेजों के सामने झुकने से इंकार कर दिया था। उन्होंने न केवल तलवार से बल्कि अपनी कविताओं और गीतों से भी जनता में स्वतंत्रता की अलख जगाई। 18 सितंबर 1858 को अंग्रेजों ने उन्हें तोप से बांधकर उड़ा दिया था, और इसी दिन को हर साल बलिदान दिवस के रूप में मनाया जाता है। कार्यक्रम की शुरुआत में एक विशाल रैली निकाली गई जो समानपुर तिराहे से शुरू होकर खेरमाई कॉलोनी से गुजरी और वापस वहीं समाप्त हुई। रैली में युवा और महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-नगाड़ों की थाप पर राही कर्मा और सेला नृत्य करते दिखे।
रैली के बाद मंच पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें कई वक्ताओं और बाहर से आए मेहमानों ने जनसमूह को संबोधित किया। कार्यक्रम में निवास विधानसभा विधायक चैन सिंह वरकडे, जिला सदस्य पुष्पा मरकाम, पूर्व जिला सदस्य पुसुआ उददे, जनपद अध्यक्ष करिश्मा पुट्टा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। राजस्थान से आए जगदीश मखवाना और भोपाल से आए राम सिंह कोकडिय़ा विशेष अतिथि भी मौजूद रहे। सभी ने शहीदों के बलिदान को याद किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।










