15 दिन में 1235 वाहनों से 5.65 लाख का जुर्माना
- बार-बार नियमों के उल्लंघन पर लाइसेंस और वाहन का रजिस्ट्रेशन होगा रद्द
- मंडला पुलिस का यातायात अभियान
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस ने पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे 15-दिवसीय यातायात अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत जिले के सभी थानों ने विभिन्न स्थानों पर चेकिंग पॉइंट लगाकर अब तक 1235 वाहनों पर 5 लाख 65 हजार रुपए का जुर्माना वसूला है। यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाया जा रहा है।
जानकारी अनुसार यह अभियान पुलिस मुख्यालय द्वारा निर्देशित 11 बिंदुओं पर केंद्रित है, जिनमें बिना लाइसेंस और बिना हेलमेट वाहन चलाना, शराब पीकर गाड़ी चलाना, तेज गति से ड्राइविंग और रॉन्ग साइड चलना जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की है।
इस अभियान के दौरान मंडला पुलिस ने नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले 45 वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्त करने के लिए परिवहन विभाग को रिपोर्ट भेजी है। इसके साथ ही नाबालिगों को वाहन चलाने देने वाले अभिभावकों के लाइसेंस रद्द करने और वाहनों का रजिस्ट्रेशन कैंसिल करने की भी सिफारिश की गई है।
अभियान के तहत शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 13 लोगों पर केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जिनमें से तीन मामलों में कोर्ट ने 31,500 रुपए का जुर्माना लगाया है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जारी रहेगा।










