अतिक्रमण से राहगीरों की मुसीबत, दुर्गा पंडाल से रास्ता हुआ संकरा
- नवरात्रि में मंडला-नारायणगंज-जबलपुर जाने वाले यात्री होंगे परेशान
- एक किलोमीटर चलना पड़ेगा पैदल
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के नारायणगंज मुख्यालय में त्यौहारों के समय अतिक्रमण की समस्या ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मुख्य बाजार में दुकानदारों द्वारा फैलाए गए सामान और नवरात्रि के लिए सड़क पर बने दुर्गा पंडाल के कारण रास्ता काफी संकरा हो गया है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर नवरात्रि के दौरान मंडला-जबलपुर मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह समस्या विकराल रूप ले सकती है।
बताया गया कि विगत कई वर्षों से मैली चौराहे से नारायणगंज बस स्टैंड मार्ग में शारदेय नवरात्र के समय मूर्ति स्थापना के लिए मार्ग में ही पंडाल बनाया जा रहा है। जिसके कारण यात्री वाहन यात्रियों को मैली चौराहे में ही उतार देते हैं। जिसके कारण यात्रियों को करीब एक किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। मार्ग में पंडाल लगने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे दुकानें और ठेले पहले से ही अतिक्रमण कर चुके हैं, और अब दुर्गा पंडाल के कारण रास्ता इतना तंग हो गया है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। भीड़भाड़ के समय यहां अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे यात्रियों को एक किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाएं, बुजुर्ग और स्कूली बच्चों को हो रही है। पडरिया पंचायत में भी दुकानदारों के बढ़ते अतिक्रमण से सड़क पर आवाजाही प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पंचायत केवल कागजी खानापूर्ति कर रही है, जिससे नियमों की धड़ल्ले से अनदेखी हो रही है।
प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का तुरंत समाधान किया जाए। लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन समय रहते पंडाल के लिए उचित जगह तय करता और अतिक्रमण हटवाता तो इस मार्ग में जाम की स्थिति नहीं बनेगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का हल नहीं निकाला गया, तो वे विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। पंचायत का कहना है कि उन्होंने अतिक्रमण करने वालों को नोटिस भेजे हैं, लेकिन अभी तक कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया है।











