हरदहा समाज ने भरी हुंकार, एकता से अधिकार पाने का लिया संकल्प
- ओबीसी के अधिकारों की लड़ाई निर्णायक मोड़ पर
- 27 प्रतिशत जनसंख्या के आधार पर अधिकार की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. ओबीसी जोड़ो अभियान के तहत हरदहा काछी समाज की बैठक हरदहा पंचायत भवन, बम्हनी बंजर में आयोजित की गई। इस बैठक में समाज की एकता को मजबूत करने और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एक ठोस रणनीति पर गहन चर्चा हुई। बैठक का संचालन संरक्षक गोपाल हरदहा और नरोत्तम हरदहा कोषाध्यक्ष ने किया। बताया गया कि हरदहा समाज महासभा के जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार हरदहा बैठक में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने पहले ही समाज के सदस्यों से बड़ी संख्या में एकत्र होकर इस अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया था।
बैठक में निर्णय लिया गया कि ओबीसी वर्ग की वास्तविक जनसंख्या 27 प्रतिशत प्लस के आधार पर उनके अधिकार और उचित आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए एक सशक्त जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि जब तक समाज संगठित नहीं होगा, अधिकारों की लड़ाई अधूरी रहेगी। अब यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि इस अभियान को हर घर तक पहुंचाया जाए।बैठक में सर्वसम्मति से आगामी प्रांतीय अधिवेशन आयोजित करने का निर्णय लेते हुए कहा कि ग्राम मांद, अंजनिया में 4 अक्टूबर को प्रांतीय अधिवेशन किया जाएगा। इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए समाज के सदस्य बड़ी संख्या में पहुंचेंगे।
जोश और एकजुटता का प्रतीक बनी बैठक
आयोजित बैठक सौहार्दपूर्ण और जोशपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। सभी समाजबंधुओं ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि हरदहा समाज और ओबीसी वर्ग को एकजुट करके अधिकारों की इस लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में गोपाल हरदहा संरक्षक, नरोत्तम हरदहा कोषाध्यक्ष, सुनील हरदहा, जगदीश हरदहा पार्षद, डॉ. अनिल हरदहा, मिहि लाल हरदहा, बिन्दा हरदहा, एडवोकेट संजय चौरसिया, कुंज बिहारी पटेल, सीबी पटेल, संतोष हरदहा, विवेक हरदहा, आनंद हरदहा सहित बड़ी संख्या में समाजिक बंधु मौजूद रहे।









