तीन की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संभाला मोर्चा

घुघरी के सिमरिया में तीन की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संभाला मोर्चा

  • दूषित पानी की आशंका, स्वास्थ्य टीम कर रही जांच, परीक्षण

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के ग्राम सिमरिया में बीमारी की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में अपना डेरा दिया है। आगामी चार दिनों तक स्वास्थ्य टीम गांव में लोगों के स्वास्थ्य पर नजर रखेगी। स्वास्थ्य टीम गांव में जांच और उपचार कार्य शुरू कर दिया है। जिला स्वास्थ्य एवं महामारी नियंत्रण अधिकारी डॉ. वाईके झारिया और खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज राज के नेतृत्व में रैपिड रिस्पांस टीम और कॉम्बैट टीम ने गांव का दौरा किया।

बताया गया कि टीम ने उन परिवारों से संपर्क कर जानकारी जुटाई, जहाँ हाल ही में मृत्यु हुई हैं। शुरुआती जांच में यह पाया गया कि 8 सितंबर को आदित्य (18 माह) की मृत्यु झाडिय़ों में खेलने के बाद झटके आने से हुई थी, उसे उल्टी या दस्त की शिकायत नहीं थी। वहीं 13 सितंबर को देव सिंह केराम (पुत्र बल्कू सिंह) की मृत्यु किडनी संबंधी बीमारी के कारण हुई, जिसका इलाज वे हेल्थ केयर हॉस्पिटल में करा रहे थे। डॉक्टरों द्वारा जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने के बावजूद परिवारजनों ने उन्हें वहां नहीं ले जाया। अन्य दो मौतों की जांच अभी जारी है।


बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग के सर्वे में यह भी सामने आया है कि पीडि़त परिवार एक ही कुएं का पानी पीते थे, जिसका क्लोरीनेशन सात दिन पहले किया गया था। इस जानकारी के बाद सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने ग्राम सिमरिया और आसपास के गांवों में जल शुद्धिकरण और क्लोरीनेशन का काम तेज कर दिया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्काल उपचार और मरीजों को रेफर करने के लिए दो एंबुलेंस गांव में तैनात की गई हैं।
विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम का दल, मोबाइल मेडिकल यूनिट, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर और एएनएम को घर-घर जाकर सर्वे करने और उपचार देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा गांव में पांच दिनों के लिए एक अस्थायी स्वास्थ्य शिविर स्थापित किया गया है, जहाँ स्वास्थ्य कर्मी स्थिति सामान्य होने तक डटे रहेंगे। आसपास के क्षेत्रों से भी आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं को अतिरिक्त सहयोग के लिए बुलाया गया है।


रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️



 

Leave a Comment