संचालित योजनाओं की समीक्षा, स्वास्थ्य शिविर के लिए दिया प्रशिक्षण

संचालित योजनाओं की समीक्षा, स्वास्थ्य शिविर के लिए दिया प्रशिक्षण

  • आशा कार्यकर्ता और आशा सहयोगनी की समीक्षा बैठक आयोजित

मंडला महावीर न्यूज 29. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए आशा कार्यकर्ता और आशा सहयोगनी की बैठक सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। बीसीएम शैलेन्द्र सिंह ने उपस्थित आशा कार्यकर्ता और आशा सहयोगनी से राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उनके द्वारा किये जा रहे कार्यो की समीक्षा करते हुए जानकारी ली। बैठक में मातृ स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, गैर-संचारी रोग (एनसीडी), सिकल सेल, आयुष्मान कार्ड, और राष्ट्रीय कृमि दिवस जैसे प्रमुख अभियानों पर गहन चर्चा की गई। बीसीएम शैलेंद्र सिंह ने इन सभी कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली और कार्यकर्ताओं को इन अभियानों को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव और प्रशिक्षण दिया। उन्हें प्रचार सामग्री भी प्रदान की गई, जिससे वे इन योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचा सकें।

समीक्षा बैठक में आगामी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान की जानकारी विस्तार से बताई। बीसीएम शैलेंद्र सिंह ने बताया कि इस अभियान का शुभारंभ जिला स्तर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान केंद्रों और आरोग्य मंदिरों पर एक साथ किया जाएगा। यह अभियान 2 अक्टूबर तक जिले सभी केंद्रों पर निरंतर चलेगा। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण संबंधी समस्याओं की पहचान कर उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। इसके साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाना और किशोरियों में एनीमिया और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी इस अभियान का हिस्सा है। बीसीएम शैलेन्द्र सिंह ने समीक्षा बैठक में उपस्थित आश कार्यकर्ता और सहयोगनियों से कहां कि शिविर के दौरान सभी महिलाओं को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में पूरी जानकारी दी जाए और उन्हें सही इलाज मिले। शिविर में की गई सभी जांचों के परिणाम तुरंत महिलाओं को दिए जाएंगे।

23 सितंबर को दी जाएगी कृमिनाशक दवा 

बैठक में राष्ट्रीय कृमि दिवस के बारे में भी विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 23 सितंबर को राष्ट्रीय कृमि दिवस मनाया जाएगा। उन्हें बताया कि इस दिवस का मुख्य उद्देश्य 1 से 19 साल तक के बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाना है, जिसके लिए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में नि:शुल्क कृमिनाशक एल्बेंडाजोल दवा दी जाती है। सभी आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे इस दिन बच्चों को कृमिनाशक दवाएं खिलाना सुनिश्चित करें और जो बच्चे इस दिन छूट जाते हैं, उन्हें 25 सितंबर को माप-अप राउंड के तहत दवाएं खिलाने के निर्देश दिए गए।

स्वस्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान में होगी सभी जांचे

ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की यह महत्वपूर्ण पहल है। इसके अंतर्गत स्वस्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान के दौरान महिलाओं में हाइपरटेंशन, डायबिटीज, ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, टीबी, एनीमिया और सिकल सेल की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके साथ ही एएनसी जांच, ब्लड शुगर की जांच, टीकाकरण, पोषण संबंधी सलाह और आयुष्मान कार्ड व वयवंदना कार्ड बनाने का कार्य भी किया जाएगा।



 

Leave a Comment