मुस्ताक अहमद प्रीमियर फुटबॉल लीग फाइनल आज
- नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब और नर्मदा वैली खेलेगी फाइनल मुकाबला
- खिताबी मुकाबला में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते होंगे मुख्य अतिथि
मंडला महावीर न्यूज 29. स्वर्गीय मुस्ताक अहमद प्रीमियर फुटबॉल लीग का फाइनल रोमांचक मुकाबला आज मंगलवार को महात्मा गांधी स्टेडियम में नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब मंडला और नर्मदा वैली मोहगांव के बीच खेला जाएगा। सोमवार को खेले गए दोनों सेमीफाइनल मैचों में जीत हासिल कर इन दोनों टीमों ने फाइनल में अपनी जगह पक्की की। पहले सेमीफाइनल में नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब का मुकाबला खैरी स्टार से हुआ। इस मैच में नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खैरी स्टार को 3-1 से हराया। नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब की तरफ से प्रथम चोसके ने दो गोल और अमित ने एक गोल दागा, जबकि खैरी स्टार की तरफ से एकमात्र गोल हिमांशु ने किया।
दूसरा सेमीफाइनल मैच नर्मदा वैली मोहगांव और झंडा टोला के बीच खेला गया। इस करीबी मुकाबले में नर्मदा वैली मोहगांव ने 2-1 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। नर्मदा वैली की ओर से नागेश्वर और रोहित ने एक-एक गोल किया, वहीं झंडा टोला की तरफ से अखिलेश ही एक गोल करने में सफल रहे। सेमीफाइनल मैचों के दौरान जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष डॉ. दिलीप शर्मा, जिला वक्फ कमेटी अध्यक्ष हाजी मोहम्मद गनी खान, मतीन खान, हाजी मोहम्मद जावेद खान, समीर बाजपाई, राजेंद्र सिंगौर, पंकज उसराठे, बिलाल अहमद, मुजबी हसन और प्रथम चौकसे सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे।
प्रतियोगिता का फाइनल आज मंगलवार को दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा। समापन समारोह में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और मंडला लोकसभा क्षेत्र के सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते मुख्य अतिथि होंगे, जबकि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा अध्यक्षता करेंगे और नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा विशिष्ट अतिथि होंगे। प्रतियोगिता के आयोजक बिलाल अहमद ने सभी खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करें।









