अनुसूचित क्षेत्र के कर्मचारियों को मिले विशेष भत्ता, ट्राईबल एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन
- मंडला में अपर आयुक्त ट्राईबल सुधीर जैन से मिला शिक्षक प्रतिनिधिमंडल
- विभिन्न समस्याओं पर हुई चर्चा
मंडला महावीर न्यूज 29. रविवार को भोपाल से मंडला आए अपर आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, श्री सुधीर कुमार जैन का ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन ने स्वागत किया। इस अवसर पर एसोसिएशन ने उन्हें एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें अनुसूचित क्षेत्र में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए विशेष गृह भाड़ा भत्ता और अन्य भत्तों को फिर से शुरू करने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि छठवें वेतनमान में अनुसूचित क्षेत्र के कर्मचारियों को गृह भाड़ा भत्ता 4 प्रतिशत की दर से मिलता था, जबकि गैर-अनुसूचित क्षेत्र के कर्मचारियों को यह 3 प्रतिशत मिलता था। लेकिन सातवें वेतनमान में यह अंतर खत्म हो गया और दोनों क्षेत्रों के कर्मचारियों के लिए यह दर 5 प्रतिशत कर दी गई है। एसोसिएशन ने मांग की है कि अनुसूचित क्षेत्र के कर्मचारियों को सातवें वेतनमान में 5 प्रतिशत के बजाय 8 प्रतिशत की दर से गृह भाड़ा भत्ता दिया जाए।
एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष डी.के. सिंगौर, मोहगांव ब्लॉक अध्यक्ष लोक सिंह पदम और उपाध्यक्ष राजकुमार यादव ने अपर आयुक्त को यह भी बताया कि अनुसूचित क्षेत्र भत्ता बिना किसी आदेश के बंद कर दिया गया है। उन्होंने आग्रह किया कि सातवें वेतनमान में इस भत्ते को पुनरीक्षित कर फिर से लागू किया जाए।
श्री जैन ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि इस संबंध में प्रस्ताव सामान्य प्रशासन विभाग को भेज दिया गया है और वित्त विभाग से स्वीकृति मिलने पर लाभ दिया जा सकेगा। इसके अलावा, बैठक में प्रभारी प्राचार्य और छात्रावास अधीक्षकों के अवकाश नगदीकरण, शिक्षकों की वरिष्ठता सूची, अनुकंपा नियुक्ति, अतिथि शिक्षकों की समस्याओं और उच्च पद प्रभार जैसे कई अन्य मुद्दों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
गौरतलब है कि श्री सुधीर कुमार जैन पहले मंडला में सहायक आयुक्त के पद पर कार्यरत रह चुके हैं और अपने कर्मचारी-हितैषी रवैये के कारण कर्मचारियों के बीच काफी लोकप्रिय हैं।









