मंडला की दो बेटियों ने पाई सफलता, एक बनी DSP और वाणिज्य कर निरीक्षक

मंडला की दो बेटियों ने पाई सफलता, एक बनी डीएसपी और वाणिज्य कर निरीक्षक

  • मंडला की बेटी मोना बनी डीएसपी, प्रदेश में हासिल की 9वीं रैंक
  • स्व-अध्ययन से पाई सफलता, बढ़ाया जिले का मान

मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा में मंडला जिले की मोना मिश्रा ने शानदार सफलता हासिल की है। निवास तहसील के बिसोरा गाँव की रहने वाली मोना का चयन उप पुलिस अधीक्षक के पद के लिए हुआ है। उन्होंने प्रदेश स्तर पर 9वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार को बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। बताया गया कि मोना की प्रारंभिक शिक्षा गाँव के ही सरस्वती शिशु मंदिर में हुई, जिसके बाद उन्होंने निवास के कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय से हायर सेकेंडरी की पढ़ाई पूरी की।

जानकारी अनुसार मोना ने वर्ष 2016 में माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं में गणित संकाय में लगभग 95 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद उन्होंने जबलपुर के होम साइंस कॉलेज से स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की, जिसमें उन्होंने गणित में भी पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। बताया गया कि मोना की इस इस सफलता का सबसे उल्लेखनीय पहलू यह है कि मोना ने बिना किसी कोचिंग संस्थान की मदद के केवल स्व-अध्ययन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। एक साधारण ग्रामीण परिवेश से आने वाली मोना की इस उपलब्धि ने क्षेत्र के युवाओं को नई प्रेरणा दी है।

बताया गया कि मोना के पिता अनिल मिश्रा एक सरकारी स्कूल में अध्यापक हैं, जबकि उनकी माँ मंजुलता मिश्रा जनपद सदस्य हैं। मोना के डीएसपी बनने की खबर सुनते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा। अपनी बेटी की इस सफलता से परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं है, और वे एक-दूसरे का मुँह मीठा कराकर जश्न मना रहे हैं। मोना के पिता ने उनकी सफलता का श्रेय उनके शिक्षकों और शुभचिंतकों को दिया है। बताया गया कि मोना फिलहाल इंदौर में है, सोमवार को अपने गृह ग्राम बिसोरा लौटेंगी, जहाँ उनके जोरदार स्वागत की तैयारी की जा रही है। उनकी सफलता पूरे मंडला जिले के लिए गौरव का विषय बन गई है।


साधारण परिवार की बेटी एलिसा ने गढ़ा इतिहास, बनीं वाणिज्य कर निरीक्षक

  • मंडला की बेटी ने स्व-अध्ययन से पाई सफलता
  • पीएससी परीक्षा में हासिल किए 830 अंक

मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला की होनहार बेटी एलिसा सिंगौर ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता हासिल कर वाणिज्य कर निरीक्षक का पद प्राप्त किया है। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाली एलिसा सिंगौर ने कुल 830 अंक हासिल कर यह उपलब्धि प्राप्त की है। उनकी इस सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जिले और समाज का मान बढ़ाया है।

बताया गया कि एलिसा सिंगौर बम्हनी बंजर के ग्राम सकवाह कला की रहने वाली हैं। उनके पिता राकेश सिंगौर भारतीय डाक विभाग ं बीजाडांडी उप डाकघर पर उप डाकपाल के पद पर कार्यरत हैं और माता सविता सिंगौर एक कुशल गृहिणी हैं। एलिसा ने अपनी कक्षा 12 तक की पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से पूरी की और तभी से प्रशासनिक सेवा में जाने का संकल्प लिया था। एलिसा की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने बिना किसी कोचिंग संस्थान की मदद के केवल अपने स्व-अध्ययन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।

बताया गया कि एलिसा ने मुख्य परीक्षा में 738 अंक प्राप्त किए, जबकि इंटरव्यू में उन्हें 92 अंक मिले। उनका नाम मेरिट सूची में 67 वें नंबर पर है। बताया गया कि यदि एलिसा को अन्य पिछड़ा वर्ग आरक्षण का लाभ मिलता, तो वे और भी बेहतर पद प्राप्त कर सकती थीं, फिर भी उनका सामान्य श्रेणी में चयन होना उनकी मेहनत और प्रतिभा को के बलबूते हो पाया है। एलिसा की इस सफलता ने पूरे समाज और नई पीढ़ी के लिए एक प्रेरणा स्रोत का काम किया है। उनका लक्ष्य अभी और ऊँचा है और वे भविष्य में और भी बड़ी सफलता प्राप्त करने के लिए पूरी लगन से तैयारी कर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि पर उनके परिवार, रिश्तेदारों, शिक्षकों और शुभचिंतकों की ओर से लगातार बधाइयां मिल रही हैं।



 

Leave a Comment