कान्हा पार्क में शिकार की कोशिश, चार आरोपी गिरफ्तार

कान्हा पार्क में शिकार की कोशिश, चार आरोपी गिरफ्तार

  • वन विभाग ने मौके से कुल्हाड़ी और जहर की पुडिय़ा की जब्त
  • वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई, न्यायालय में किया पेश

मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टाइगर रिजर्व के कोर जोन में वन्यजीवों के शिकार की कोशिश को वन विभाग ने नाकाम कर दिया है। परिक्षेत्र अधिकारी सरही के नेतृत्व में गठित एक टीम ने चार आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा है, जिनके पास से कुल्हाड़ी और जहर की पुडिय़ा सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है।

जानकारी अनुसार यह घटना कान्हा टाइगर रिजर्व के वन परिक्षेत्र सरही के बीट सौंफ, कक्ष क्रमांक 673 में बंदरीछापर बाघ आरक्षित क्षेत्र में हुई। जहां पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुद्धूसिंह 51 वर्ष, रमेश 40 वर्ष, पनसूसिंह 53 वर्ष और कृष्णकुमार उर्फ टिल्लू 39 वर्ष के रूप में हुई है, ये सभी वनग्राम किसली के निवासी हैं। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत वन अपराध दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी न्यायालय भुआ बिछिया के समक्ष पेश किया गया है। इस कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक धरमसिंह धुर्वे, वनरक्षक श्रीचंद्र यादव, रमेश कुमार उइके और सुरक्षा श्रमिक बैसाखू, रमाकांत मरावी, मोहनलाल यादव और गोविंद यादव की विशेष भूमिका रही है।


 

Leave a Comment