जनकल्याणकारी योजनाओ, जन समस्या निराकरण पर चर्चा, दिए सख्त निर्देश

जनकल्याणकारी योजनाओ, समस्याओं के निराकरण पर चर्चा, दिए सख्त निर्देश

  • जर्जर स्कूल भवन, अधूरी नल-जल योजना और राशन वितरण में अनियमितताओं पर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
  • नारायणगंज जनपद में सांसद-विधायक ने ली बैठक
  • जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर हुई चर्चा

मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज जनपद पंचायत सभा कक्ष में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, निवास विधायक चैन सिंह बरकड़े और एसडीएम सीएल वर्मा ने बैठक ली। इस बैठक में जनपद स्तर के सभी विभागीय अधिकारियों को तलब कर शासन द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के सही क्रियान्वयन और जन समस्याओं के निवारण पर विस्तृत चर्चा की गई। सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने अधिकारियों से उनके विभागों की प्रगति और लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने में आ रही चुनौतियों के बारे में जानकारी ली।

बैठक में मंडला सांसद फग्गन सिंह, निवास विधायक चैन सिंह ने अधिकारियों को प्राथमिकता से योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाने के निर्देश दिए। इस दौरान ज्योति कलश समूह को ऋण के लिए 2 लाख 52 हजार का चैक दिया गया। बैठक में शिक्षा विभाग से डीके सिगोर ने बताया कि जनपद के आसपास कई स्कूल भवन जर्जर हालत में हैं और कई शाला भवनविहीन हैं, जबकि कई स्कूलों में शौचालय की व्यवस्था भी नहीं है। उन्होंने इसकी सूची जिला कार्यालय को भेजी है। मंडला सांसद ने निर्देश दिए कि जर्जर स्कूलों में भवन न लगाए जाएँ और यदि कोई शिकायत आती है तो इसकी जवाबदेही शिक्षा विभाग की होगी।

बैठक में वन विभाग से मयंक उपाध्याय ने वन ग्रामों में सड़क, बैगा परिवारों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ, स्कूल भवन, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने की बात रखी। महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी संजीव मोहरे ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों और गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार वितरण की जानकारी दी। नए आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण को गुणवत्तापूर्ण और शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में पौधारोपण भी किया गया।

मनरेगा, विद्युत और खाद्य वितरण में सुधार के दिए निर्देश 

नारायणगंज जनपद सीईओ दीप्ति यादव से मनरेगा और निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने को कहा गया। पंकज साहू ने मनरेगा मजदूरों को समय पर मजदूरी दिलाने पर जोर दिया। विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के खंभों और वोल्टेज की समस्या बताई। विधायक ने खाद्य अधिकारी से राशन वितरण में सेल्समैन द्वारा की जा रही लापरवाही, खासकर फिंगरप्रिंट लेने के बाद अनाज न देने की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

अधूरी नल-जल योजना पर जताई नाराजगी 

जल जीवन निगम और पीएचई विभाग के अधिकारियों ने हर गाँव में पानी पहुँचाने की बात की। जल जीवन निगम, जिसका काम 2022 में शुरू हुआ था, उसे जनवरी 2026 तक पूरा करने का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अधूरे पड़े कार्यों की समीक्षा कर उन्हें जल्द पूरा करें, खासकर जहाँ ठेकेदारों ने पंचायत से एनओसी लिए बिना काम छोड़ दिया है। मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, निवास विधायक चैन सिंह बरकड़े ने सभी अधिकारियों को क्षेत्र का भ्रमण करने, जनता की समस्याएँ हल करने और शासन की योजनाओं की जानकारी गाँव-गाँव तक पहुँचाने के निर्देश दिए। बैठक में जनपद अध्यक्ष आसाराम भारतीया, जनपद उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा, जनपद सदस्य गुलाब सिंह परस्ते, सुंदरलाल उर्वती, धर्म सिंह सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और जनपद के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।


 


 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles