रैन बसेरा का बुरा हाल, सुविधाओं की कमी

जिला अस्पताल के रैन बसेरा का बुरा हाल, गंदगी और सुविधाओं की कमी से परेशान मरीज के परिजन

  • अधिकारियों की अनदेखी से बढ़ा लोगों का दर्द
  • खुले रैन बसेरे में मवेशियों का जमावड़ा

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला का जिला अस्पताल एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह इसकी बदहालियाँ हैं। अस्पताल परिसर में बने रैन बसेरा की दुर्दशा से मरीज और उनके परिजन खासे परेशान हैं। दूर-दराज से आने वाले लोगों के लिए यह रैन बसेरा ही एकमात्र सहारा होता है, लेकिन यहाँ की गंदगी और सुविधाओं की कमी उनकी मुसीबत को और बढ़ा देती है।

बताया गया कि रैन बसेरा में न तो पीने के पानी की उचित व्यवस्था है और न ही गर्मी से राहत देने के लिए पंखे लगे हैं। आसपास फैला कचरा और उसकी दुर्गंध मच्छरों को न्यौता दे रही है। लोगों को न सिर्फ बीमारियों का खतरा है, बल्कि आवारा मवेशियों से भी परेशानी हो रही है। बताया गया कि अस्पताल परिसर में आवारा पशुओं का हमेशा जमावड़ा लगा रहता है। ये पशु कचरा फैलाते हैं, जिससे और भी गंदगी होती है।

गेट नहीं लगाया 

रैन बसेरा के शयन कक्ष और किचन एरिया दोनों में गेट नहीं लगे हैं। इस कारण आवारा पशु अंदर घुसकर गोबर करते हैं, जिससे हालात और भी खराब हो जाते हैं। हालांकि अब गेट पर पाइप लगाकर मवेशियों को रोकने की कोशिश की जा रही है, लेकिन यह नाकाफी है।

प्रशासन का ध्यान नहीं 

जब इस संबंध में रैन बसेरा के इंचार्ज मनीष बैरागी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वे कई बार अधिकारियों को पंखे और गेट लगवाने के लिए कह चुके हैं। लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ लगवा देंगे का आश्वासन मिलता है, कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। बताया गया कि अधिकारियों के इस नजरअंदाज के कारण स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि जब तक प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं देता, तब तक मरीजों और उनके परिजनों की मुश्किलें कम नहीं होंगी।



 

Leave a Comment