नरैनी जंगल में बेखौफ चल रहा जुंआ फड़, पुलिस की चुप्पी पर उठे सवाल
- प्रशासन की अनदेखी से बढ़ रहा अपराध का खतरा
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में जुए का अवैध धंधा तेजी से फैल रहा है, जिससे सामाजिक और आपराधिक समस्याएँ बढ़ रही हैं। अंजनिया चौकी अंतर्गत नरैनी के जंगल में पिछले दो महीने से खुलेआम जुए की फड़ चल रही है, जहाँ दूर-दराज के जिलों से भी लोग जुआ खेलने आ रहे हैं। इस स्थिति ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की अनुमति के बिना जंगल में कोई भी अवैध गतिविधि संभव नहीं है, तो फिर यह जुए की फड़ कैसे संचालित हो रही है। जुए की लत हारने वाले लोगों को अपराध की ओर धकेल सकती है, जिससे घरेलू हिंसा और कानून-व्यवस्था की समस्याएँ बढ़ेंगी। कई ग्रामीणों और जुआरियों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह सब पुलिस और प्रशासन की मिलीभगत से हो रहा है। उनका कहना है कि जुए का यह खेल अब जिले के कई अन्य थाना क्षेत्रों तक फैल गया है, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की, तो यह सामाजिक बुराई एक बड़े आपराधिक स्वरूप में बदल जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। यह घटनाएँ पुलिस की लापरवाही और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।










