स्कूल के स्टाफ रूम से दिनदहाड़े बैग, पर्स और मोबाइल चोरी, शिक्षकों में दहशत
- सेमरखापा पीएम श्री विद्यालय में एक महीने में तीसरी घटना
- संदिग्धों की आवाजाही से सुरक्षा पर सवाल
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला के सेमरखापा स्थित पीएम श्री विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठ गए हैं। विद्यालय के माध्यमिक विभाग में कार्यरत एक शिक्षिका का पर्स और मोबाइल स्टाफ रूम से दिनदहाड़े चोरी हो गया। यह पिछले एक महीने में हुई तीसरी ऐसी घटना है, जिससे स्कूल स्टाफ और शिक्षकों में दहशत का माहौल है।
बताया गया कि घटना उस समय हुई जब शिक्षिका रीता पटेल कक्षा में पढ़ा रही थीं। उनका लेडीज पर्स स्टाफ रूम में रखा हुआ था, जिसमें पैसे, मोबाइल और अन्य जरूरी कागजात थे। किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर पर्स चुरा लिया। इस घटना से यह साफ हो गया है कि स्कूल परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों का आना-जाना लगा रहता है। लगातार हो रही इन चोरियों ने विद्यालय प्रशासन और स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
शिक्षिका ने इस घटना की प्राथमिकी दर्ज करा दी है, और पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। लेकिन एक ही जगह पर बार-बार हो रही ऐसी घटनाएँ यह संकेत देती हैं कि सुरक्षा को लेकर तुरंत और सख्त कदम उठाने की जरूरत है।









