तनाव, अकेलापन और उदासी से बढ़ती है आत्महत्या की घटनाएं
- आइस ब्रेकर गतिविधि के माध्यम से युवाओं से पूछे सवाल
- आत्महत्या रोकथाम निकाली जागरूकता रैली
मंडला महावीर न्यूज 29. तनाव, अकेलापन और उदासी के कारण अक्सर आत्महत्या की घटनाएं घटित होती है। इसके निदान के लिए विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत मंडला जिले के नारायणगंज विकासखंड के ग्राम चरगांव, कुड़मैली में जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के बीच मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम जिला समन्वयक हेमंत राहंगडाले और संस्था प्रतिनिधि मुन्नालाल शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में किशोर, किशोरी साथिया, मास्टर ट्रेनर, आशा कार्यकर्ता, सुपरवाइजर सहित ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत किशोर, किशोरी साथिया ने अपना परिचय देकर की, जिसके बाद बैठक के मुख्य उद्देश्यों पर चर्चा की गई।
साथिया धर्यता संत ने 10 सितंबर विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के महत्व और मानसिक स्वास्थ्य की बुनियादी जानकारी दी। प्रशिक्षक कमलेश पावले ने युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के कारणों पर विस्तार से बताया। उन्होंने तनाव, अकेलापन और उदासी जैसी भावनाओं के चलते आत्महत्या की ओर बढऩे की स्थिति पर चर्चा की और इसके समाधान के उपाय भी सुझाए।
कार्यक्रम में एक आइस ब्रेकर गतिविधि के माध्यम से युवाओं से सवाल पूछे गए, जिस पर सभी ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में किशोरों को मन कक्ष परामर्श सेवा और टेली मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 के बारे में भी जानकारी दी गई। युवाओं ने ड्राइंग बनाकर मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों को रचनात्मक तरीके से समझाया। कार्यक्रम के समापन पर मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक रैली निकाली गई, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।










