बालई पुल में लटके ट्रक को क्रेन की मदद से निकाला

बालई पुल में लटके ट्रक को क्रेन की मदद से निकाला

  • राहगीरों, वाहन चालकों को आवाजाही में हुई थोड़ी परेशानी
  • दिनभर की कड़ी मशक्कत के बाद शाम सात बजे निकाला गया ट्रक

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 में शनिवार रात भीषण सड़क हादसे में एक 16 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर नारायणगंज के बालई पुल की रेलिंग तोड़ते हुए पुल में आधा लटक गया। इस दर्दनाक हादसे में एक स्थानीय युवक की जान भी चली गई, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल भी बन गया। रविवार को गुस्साए ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज का घेराव कर प्रदर्शन किया और तहसीलदार को दो सूत्रीय ज्ञापन भी सौंपा।

जानकारी अनुसार हादसे के बाद ट्रक शनिवार से ही पुल से लटका हुआ था। सोमवार को टिकरिया पुलिस ने क्रेन बुलाकर इसे हटाने का प्रयास शुरू किया। सुबह से लेकर शाम तक दो क्रेन की मदद से ट्रक को निकालने का प्रयास किया गया। जिसके बाद शाम करीब सात बजे ट्रक को निकालने में सफलता मिली। इस दौरान पुल से वाहनों की आवाजाही में थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन टिकरिया पुलिस की मौजूदगी में यातायात सामान्य रहा। टिकरिया थाना प्रभारी गोपाल घासले स्वयं मौके पर मौजूद रहकर ट्रक को बाहर निकलवाया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह हादसा एनएच-30 की खस्ताहाल स्थिति और जानलेवा गड्ढों के कारण हुआ है। उनका कहना है कि इस सड़क पर आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। इसी नाराजगी के चलते रविवार को ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में जमकर विरोध-प्रदर्शन किया।



 

Leave a Comment