ईद मिलाद उन नबी में दिया भाईचारा, एकता और प्रेम का संदेश
- नारायणगंज में शांतिपूर्ण और सौहार्द के साथ निकाला ईद मिलाद उन नबी का जुलूस
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज में ईद मिलाद उन नबी का जुलूस बड़ी ही धूमधाम और शांतिपूर्ण माहौल में निकाला गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द का परिचय देते हुए इस जुलूस में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गुरुवार की रात ईसा की नमाज के बाद मदीना मस्जिद में मिलाद का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। शुक्रवार सुबह 9 बजे मदीना मस्जिद से जुलूसे मोहम्मदिया का आगाज हुआ। जुलूस में बच्चे, नौजवान और समाज के बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। यह जुलूस मदीना मस्जिद से शुरू होकर बस स्टैंड, मैली चौराहा, टिकरिया, कुड़मैली होते हुए वापस नारायणगंज ईदगाह पहुंचकर संपन्न हुआ।
जुलूस के दौरान मुस्लिम भाइयों के घरों पर जुलूस का गर्मजोशी से इस्तकबाल किया गया और प्रसाद का वितरण भी हुआ। पूरे मार्ग में धार्मिक नारे गूंजते रहे और लोग मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को स्मरण करते हुए आगे बढ़ते रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए। थाना टिकारिया क्षेत्र के अंतर्गत पूरे जुलूस मार्ग पर पुलिस की कड़ी निगरानी रही। थाना प्रभारी गोपाल घासले ने बताया कि सभी समुदायों के आपसी सहयोग और समझ के कारण जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों का शांति बनाए रखने के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे और उन्होंने मुस्लिम समुदाय को ईद मिलाद उन नबी की शुभकामनाएं दीं।










