ट्रक चालक का अचानक सीने में दर्द, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
- टिकरिया पुलिस ने दिखाई तत्परता
- समय पर इलाज मिलने से बची ट्रक चालक की जान
मंडला महावीर न्यूज 29. जबलपुर से रायपुर जा रहे एक ट्रक चालक को रास्ते में अचानक सीने में दर्द उठने के बाद डायल 100 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। यह घटना नारायणगंज विकासखंड के ग्राम चिरईडोंगरी के पास घटित हुई। टिकरिया पुलिस की तत्परता से ट्रक चालक की जान बचाई जा सकी।
बताया गया कि ट्रक चला रहे वंशी यादव निवासी ग्राम नगवाही, जिला कर्वधा को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद ट्रक के परिचालक और स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 100 को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 100 में तैनात आरक्षक रामरतन मसकरे और पायलट राजकुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देरी किए ट्रक चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका तुरंत उपचार शुरू किया।
पुलिस जवानों की इस तत्परता की सूचना ट्रक मालिक को दी गई, जिसके बाद वह भी नारायणगंज पहुंचे और चालक को अपने साथ ले गए। इस तरह पुलिस के त्वरित सहयोग से एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी।










