गौड़ी चित्रकारी, कार्यक्रम, धार्मिक आयोजन, विरोध, अपराध, हादसा, अवैध शराब, अभियान
आदिवासी महिलाएं रच रहीं परंपरा और रंगों का संगम
दीपावली पर मंडला में गौड़ी कला का महासंगम, प्रदेश स्तर में छाएगा गौड़ी चित्रकारी का जादू
10 से 1200 रूपए तक गौड़ी चित्रकारी से सजे दीये और कलश बाजार में उपलब्ध
आत्मनिर्भर बन रहीं 30 आदिवासी महिलाएं
मंडला महावीर न्यूज 29.आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला में इस दीपावली पर पारंपरिक कला और पर्व का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। यहां ग्रामीण विकास एवं महिला उत्थान संस्थान द्वारा गौड़ी चित्रकारी के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पहल की है। अब इस पहल से आदिवासी महिलाएं अपनी सदियों पुरानी गौड़ी चित्रकारी को मिट्टी के उत्पादों और सजावटी वस्तुओं पर उकेर कर त्यौहार की रौनक बढ़ा रही हैं। यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ इनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत कर रही है।
जानकारी अनुसार गौड़ी चित्रकारी से अब आदिवासी महिलाओं की कलात्मक प्रतिभा उभर कर सामने आ रही है। अब हर तीज, त्यौहार में महिलाएं इस गौड़ी चित्रकारी से लोगों के लिए कुछ नया बनाने का प्रयास कर रही है। इस दीवाली पर मंडला की स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय पटल पर लाने का प्रयास संस्थान और स्थानीय प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। यह पहल ग्रामीण महिलाओं के उत्थान और पारंपरिक कला के संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।
30 आदिवासी महिलाएं हो रही तैयार
संस्थान के डॉयरेक्टर रामकुमार सिंगौर ने बताया कि इस गौड़ी चित्रकारी को आगे बढ़ाने में हथकरघा एवं हस्तशिल्प संचालनालय भोपाल, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, जिला पंचायत मंडला के सहयोग से जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा एवं सीईओ शाश्वत सिंह मीना के मार्गदर्शन में ग्रामीण विकास एवं महिला उत्थान संस्थान द्वारा संचालित की जा रही है। मंडला जिले के इंद्री सेक्टर में गौड़ी चित्रकारी के गुर सिखाने विगत सितंबर माह से प्रशिक्षण दिया जा रहा था, जो 10 अक्टूबर तक दिया गया। इस प्रशिक्षण में क्षेत्र की 30 आदिवासी महिलाएं सक्रिय रूप से भाग लेकर अपनी कला में निखार लाई। ये महिलाएं गौड़ी चित्रकारी के माध्यम से मिट्टी के दीये, कलश, पूजा थाली, पोस्टकार्ड, की-रिंग, पेपर वेट और अन्य सजावटी वस्तुएं तैयार कर रही हैं।
गौड़ी चित्रकला करा रही परंपरा और आस्था से रूबरू
गौड़ी चित्रकारी मंडला जिले की सांस्कृतिक पहचान है। यह कला शैली गौंड जनजाति के जीवन-दर्शन, आस्था और प्रकृति के गहरे जुड़ाव से रूबरू कराती है। प्रशिक्षण के दौरान जागृति उईके, निकिता उलारी, बरखा उलारी, प्रीति धुर्वे, वंदना तेकाम, सुमन मरावी, रेखा उसराठे, सुरेखा मीना और ज्योति मर्सकोल जैसी स्थानीय महिलाएं अपने हाथों से परंपरा और सृजन का सुंदर चित्रकारी प्रस्तुत कर रही हैं। इन महिलाओं के उत्पाद न केवल कला का उत्कृष्ट उदाहरण हैं, बल्कि उनके कौशल और स्वावलंबन की कहानी भी बयां कर रही है।
मंडला की गौड़ी चित्रकारी का जलबा प्रदेश में
दीपावली के त्योहार को ध्यान में रखते हुये मिट्टी के दीपक एवं गोबर के दीपक में गौड़ी चित्रकारी की जा रही है जो कि बहुत रंग बिरंगी एवं मनभावन है। इसके अलावा गोबर के लक्ष्मी गणेश, ओम श्री स्वास्तिक बनाया जा रहा है। ग्रामीण विकास एवं महिला उत्थान संस्थान के डॉयरेक्टर रामकुमार सिंगौर ने बताया कि 07 से 16 अक्टूबर तक भोपाल में ओजस्वनी महोत्सव मेला आयोजित किया गया है। इस महोत्सव मेला में ग्राम सुरखी से जागृति उईके, ज्योति भावरें गई हुई है। वहां पर मिट्टी के दीपक, गोबर के दीपक, लक्ष्मी गणेश, पान गणेश, हेण्डमेड पेपर केनवास की रिंग, फ्रिज मेगनेट, पेपरवेट, बुक मार्क, दुपट्टा, टी शर्ट, रूमाल, बैग लेडीस सूट विक्रय के लिये ले एक्जीवेशन में रखे गए है। इसके अलावा संस्थान द्वारा मंडला जिला मुख्यालय में रेडक्रॉस के पास गोड़ी चित्रकारी से बने दीपक विक्रय के लिए रखे जाएंगे। इससे महिलाओं का उत्साह बढ़ेगा और मार्केटिंग करने का अनुभव भी होगा। यहां होने वाली इनकम से इनकी आर्थिक स्थिति में भी सुधार आएगा।
कलात्मक उत्पाद विक्रय के लिए उपलब्ध
दीपावली को ध्यान में रखते हुए तैयार किए जा रहे गौड़ी चित्रों से सजे दीये, पूजा थालियां और कलश न केवल कला का उत्कृष्ट उदाहरण हैं, बल्कि इन महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक प्रेरक कदम भी हैं। दीपावली के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए ये कलात्मक उत्पाद अब विक्रय के लिए उपलब्ध हैं। महिलाओं द्वारा बनाई की कलात्मक सामग्री में हैंडमेड पेपर 900 रूपए, कैनवास 1200 रूपए, की-रिंग 90 रूपए, दीपक 10 रूपए, पेपर वेट 50 रूपए, रूमाल 100 रूपए, पोस्टकार्ड 40 रूपए ये सभी वस्तुएं विक्रय के लिए उपलब्ध हैं।
इनका कहना है
गौड़ी चित्रकारी हमारी सांस्कृतिक पहचान है। पहले हम इसे सिर्फ दीवारों पर बनाते थे, लेकिन अब दीयों और कलशों पर इसे देखकर बहुत खुशी होती है। त्योहार के साथ हमारी कला भी चमक रही है।
अजीता तेकाम
इस काम से हमें अच्छी आय हो रही है। अब हम किसी पर निर्भर नहीं हैं। दीपावली पर अपने हाथों से बनाए गए सामान से पैसा कमाना सचमुच आत्मनिर्भर बनने जैसा महसूस होता है।
सुलोचना मरकाम
प्रशासन के सहयोग से यह प्रशिक्षण मिला। हमें उम्मीद है कि हमारे उत्पाद दूर-दूर तक जाएंगे और हमारी कला को एक नई पहचान मिलेगी। हमें अब कला को आगे बढ़ाने का हौसला मिला है।
प्रेमलता उईके
इस वर्ष दीपावली के त्योहारी में हम मिट्टी के दीपक में गोड़ी चित्रकारी बनाकर विक्रय करेंगे, ये दीपक बहुत ही खुबसूरत है और इसकी मांग अधिक है। अभी दो दीदियॉं ओजस्वनी महोत्सव भोपाल एग्जीविशन में दीपक लेकर गई हैं।
सुमन बंदेवार
दीपावली पर्व को देखते हुए इंद्री सेक्टर में करीब 30 महिलाओं को गौड़ी चित्रकारी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। महिलाएं मिट्टी और गोबर के दीपक बना रही है, इन दीपक को आकर्षक बनाने के लिए इनके द्वारा इसमें गौड़ी चित्रकारी भी की जा रही है।
रामकुमार सिंगौर,डॉयरेक्टर
ग्रामीण विकास एवं महिला उत्थान संस्थान, मंडला
हिंदू समाज संगठित हो तो देश पुन: प्रतिष्ठा प्राप्त करेगा-प्रेमशंकर सिदार
आरएसएस के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में मंडला में निकला भव्य एवं अनुशासित पथ संचलन
पुष्प वर्षा कर किया भव्य स्वागत
मंडला महावीर न्यूज 29.राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सोमवार को मंडला में विजयादशमी उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक शस्त्र पूजन के साथ हुई, जिसके बाद मुख्य वक्ता मध्य क्षेत्र के सह क्षेत्र प्रचारक प्रेमशंकर सिदार ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। प्रेमशंकर सिदार ने अपने उद्बोधन का मुख्य बिंदु समाज के संगठन और जागरण को बनाया। उन्होंने कहा कि हिन्दू समाज यदि संगठित होगा, तो देश पुन: अपनी खोई प्रतिष्ठा प्राप्त करेगा।
उन्होंने लोकशक्ति और सज्जन शक्ति के जागरण पर जोर देते हुए कहा कि वास्तविक विकास वही देश करता है जो सरकार पर निर्भर न रहकर अपनी जीवनी शक्ति को जागृत करता है। उन्होंने महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और पन्ना धाय जैसे ऐतिहासिक वीरों के जीवन को प्रेरणा स्रोत बताया। शस्त्र पूजन के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए सह क्षेत्र प्रचारक प्रेमशंकर सिदार ने कहा कि यह बुराइयों पर विजय पाने के लिए आंतरिक शक्ति के संवर्धन का प्रतीक है। उन्होंने संघ की 100 वर्षों की यात्रा को समाज समरसता और संगठन का प्रतीक बताया और नागरिकों से संयुक्त परिवार प्रणाली, स्वदेशी अपनाने और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता के उद्बोधन के बाद गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने नगर के प्रमुख मार्गों से अनुशासित और लयबद्ध पथ संचलन किया। संचलन के दौरान नगरवासियों ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया, जिससे सम्पूर्ण नगर राष्ट्र भक्ति के रंग में रंग गया।
मंडला में दो बूंद जिंदगी की राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ
कलेक्टर की अपील, 0 से 5 साल तक का कोई बच्चा खुराक पीने से न छूटे
मंडला में तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान शुरू, कलेक्टर-नगर अध्यक्ष ने किया शुभारंभ
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की बीमारी से बचाने के लिए राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शनिवार को शुभारंभ किया गया। यह अभियान 12 से 14 अक्टूबर तक चलेगा। बताया गया कि नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा और कलेक्टर सोमेश मिश्रा के द्वारा बच्चों को पोलियो वैक्सीन की ओरल खुराक दो बूंद जिंदगी की पिलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती, सिविल सर्जन डॉ. विजय मरावी, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वायके झारिया, जिला स्वास्थ्य अधिकारी-2 डॉ. डीके मरकाम, जिला क्षय अधिकारी/शहरी नोडल अधिकारी डॉ. सुमित सिंगौर सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने की बच्चों को दवा पिलाने की अपील
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने आमजन से अपील की है कि 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद की खुराक अवश्य पिलवाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अगर किसी कारणवश 12 अक्टूबर रविवार को बच्चा दवा पीने से वंचित रह जाता है, तो स्वास्थ्य विभाग की टीमें 13 और 14 अक्टूबर को घर-घर जाकर यह दवा अवश्य पिलाना सुनिश्चित करें।
महाराजपुर में नो-एंट्री का उल्लंघन पड़ा भारी, 7 ट्रैक्टर चालकों पर 35 हजार का चालान
वाणिज्यिक पंजीयन और दस्तावेज साथ रखने की दी सख्त हिदायत
मंडला महावीर न्यूज 29.यातायात नियमों के उल्लंघन पर मंडला पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। इसी क्रम में थाना महाराजपुर पुलिस टीम ने नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश करने वाले 7 ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों के विरुद्ध बड़ी चालानी कार्रवाई की। इन सभी चालकों पर मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कुल 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
जानकारी अनुसार यह चेकिंग अभियान मंडला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने नो-एंट्री का उल्लंघन करते हुए शहर में प्रवेश कर रही सात ट्रैक्टर ट्रॉलियों को रोका और उन पर नियमानुसार चालान किया। बताया गया कि ट्रेक्टर क्रमांक एमपी 51 एए 6836, एमपी 51 जेडए 7599, एमपी 51 एए 7428, एमपी 51 जेडबी 0747, एमपी 51 जेडए 2028, एमपी 51 जी 1051, एमपी 51 एए 6051 के वाहन चालको के विरूद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा के तहत चालानी कार्यवाही की है।
चालकों को दी गई सख्त समझाइश
चालानी कार्रवाई के साथ ही पुलिस टीम ने ट्रैक्टर चालकों को भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने के लिए सख्त समझाइश भी दी। सभी चालकों को निर्देश दिए गए कि वे ट्रॉली का अनिवार्य रूप से वाणिज्यिक पंजीयन कराएं। वाहन के सभी वैध दस्तावेज हमेशा साथ रखें। निर्धारित नो-एंट्री समय पर शहर में वाहन का संचालन न करें। ट्रैक्टर में लेबर या अन्य व्यक्तियों को बैठाकर यात्रा न करें, जो कि सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक है। यह कार्रवाई जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
वाटर कूलर लंबे समय से खराब, प्यासे लौट रहे यात्री और राहगीर
नारायणगंज बस स्टैंड में लाखों की लागत से लगे वाटर कूलर और टंकी की अनदेखी
कॉम्प्लेक्स की टंकी में जमी काई, दूषित पानी से संक्रमण का खतरा
मंडला महावीर न्यूज 29.विकासखंड नारायणगंज के प्रमुख व्यावसायिक और परिवहन केंद्र बस स्टैंड पर पीने के पानी का संकट गहरा गया है। बाजार, टैक्सी स्टैंड और बस स्टैंड होने के कारण यहां रोजाना हजारों की संख्या में राहगीर, व्यापारी और यात्री पहुंचते हैं, लेकिन प्यास बुझाने के लिए लगा वाटर कूलर लंबे समय से खराब पड़ा है। बताया गया कि लंबे समय से सूखी पड़ी टोटी देखकर लोग मायूस होकर लौट जाते हैं। दुकानदारों और स्थानीय निवासियों ने इसकी शिकायत भी की है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है।
जानकारी अनुसार बस स्टैंड परिसर में स्थित कॉम्प्लेक्स में रखी पानी की टंकी की स्थिति भी चिंताजनक है। टंकी के भीतर काई जम चुकी है, जिसके कारण पानी पीने योग्य नहीं बचा है। लोगों को दूषित पानी पीने से बीमार पडऩे का डर बना हुआ है। शिकायत के बावजूद जनपद पंचायत द्वारा इस टंकी की समय-समय पर साफ-सफाई नहीं कराई जाती है। इसके साथ ही वाटर कूलर में आरओ फिल्टर भी नहीं लगाया गया है, जिससे दूषित पानी लोगों को मिल रहा है। कूलर की टोटियां भी टूट चुकी हैं।
जनप्रतिनिधियों ने लगवाया, पर देखरेख में कोताही
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि यह वाटर कूलर सरपंच पंडरिया और जनपद उपाध्यक्ष द्वारा जनहित में लगवाया गया था। हालांकि स्थापना के बाद से न तो इसकी साफ-सफाई पर ध्यान दिया गया और न ही मरम्मत का कार्य कराया गया। व्यापारियों और आम नागरिकों ने जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत दोनों से तत्काल इस मामले में संज्ञान लेकर वाटर कूलर की मरम्मत कराने और दूषित हो चुकी टंकी की सफाई कराने की मांग की है जिससे लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
शराब पीने पर 20 हजार, बनाने पर 10 हजार जुर्माना और जानकारी देने वाले को 5 हजार का इनाम
सिंगारपुर की महिलाओं ने उठाया शराबबंदी का बीड़ा, कड़े जुर्माने का प्रस्ताव पारित, ग्राम में पूर्ण शराबबंदी लागू
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के आदिवासी बाहुल्य विकासखंड मोहगांव के ग्राम पंचायत सिंगारपुर की महिलाओं ने सामाजिक सुधार की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है। महिलाओं के नेतृत्व में गांव में एक जागरूकता बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्राम में पूर्ण शराबबंदी लागू करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। इस बैठक में महिला, पुरुष, नवयुवक सहित सभी वर्गों के लोगों ने हिस्सा लिया और गांव को नशा मुक्त बनाने के संकल्प पर अपनी सहमति जताई।
जानकारी अनुसार सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के तहत अब ग्राम सिंगारपुर में शराब पीने या नशे का सेवन करने वाले किसी भी व्यक्ति पर 20 हजार रुपये का कड़ा जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं गांव में अवैध रूप से शराब बनाने या बेचने वाले किसी भी व्यक्ति पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एक प्रोत्साहन राशि भी तय की गई है। प्रस्ताव के अनुसार शराब से जुड़ी कोई भी जानकारी या शिकायत देने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये का नगद इनाम दिया जाएगा।
बैठक के बाद संपूर्ण ग्राम में नशा मुक्ति अभियान के समर्थन में एक विशाल रैली भी निकाली गई। इस रैली में गांव की महिला शक्ति, युवा वर्ग और छोटे-छोटे बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और इस सामाजिक बुराई को खत्म करने का सामूहिक संकल्प लिया। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक बुराइयों को दूर करने की दिशा में सिंगारपुर ग्राम के सामूहिक इरादे की अच्छी पहल है। इस पहल से अन्य ग्रामों में भी जागरूकता बढ़ेगी।
किशोर साथिया बने पोलियो अभियान की रीढ़
नारायणगंज ब्लॉक में घर-घर पिलाई दवा
आरकेएसके मंडला ने चलाया जागरूकता अभियान
दीवार लेखन के जरिए अभिभावकों को किया प्रेरित
मंडला महावीर न्यूज 29.राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम मंडला की टीम ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला समन्वयक हेमंत राहंगडाले और संस्था प्रतिनिधि मुन्नालाल शर्मा के मार्गदर्शन में विकासखंड नारायणगंज के किशोर साथिया और किशोरी साथिया ने रविवार को जमीनी स्तर पर गांव-गांव व्यापक अभियान चलाया। युवा स्वयं सेवकों ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने में स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करते हुए ग्राम भ्रमण किया और घर-घर जाकर यह सुनिश्चित किया कि 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा खुराक पीने से वंचित न रह जाए।
बताया गया कि इस जन-जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए साथियाओं ने कोंडरा माल, चिराईडोंगरी, हनी मठ्ठा, मंगलगज, सहजनी, लालीपुर, भावल, मझगांव, मलारा, पटेहरा, टिकरिया, अमदरा, बीजेगांव, डुंगरिया, खम्हारिया चौकी और चरगांव जैसे लगभग डेढ़ दर्जन से अधिक गांवों में दीवार लेखन का कार्य भी किया। दीवार लेखन के माध्यम से माता-पिता को पल्स पोलियो दवा के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के साथियाओं के इस सामूहिक और समर्पित प्रयास से नारायणगंज ब्लॉक में पोलियो दिवस का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
नारायणगंज जनपद में झोलाछाप डॉक्टरों की बाढ़, स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर सवाल
नारायणगंज में झोलाछाप डॉक्टर के हौसले बुलंद, मरीजों का कर रहे आर्थिक शोषण
अन्य ब्लॉक में कार्रवाई, नारायणगंज में 50 से अधिक झोलाछाप डॉक्टरों पर जांच कार्रवाई नहीं
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के नारायणगंज जनपद पंचायत क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टरों की बढ़ती संख्या और उन पर हो रही प्रशासनिक अनदेखी ने लोगों के स्वास्थ्य को खतरे में डाल दिया है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि गांव-गांव में ऐसे डॉक्टरों की संख्या बढ़कर अब 50 से अधिक हो चुकी है, जो ग्रामीणों का गलत इलाज कर उनका आर्थिक शोषण कर रहे हैं।
शिकायत है कि ये झोलाछाप डॉक्टर ग्रामीणों को एलोपैथी दवाएं देकर उनका इलाज शुरू कर देते हैं। जब मरीज की हालत बिगड़ जाती है, तब उन्हें जिला या संभाग स्तर के अस्पतालों के लिए रेफर कर दिया जाता है, जिसके चलते मरीजों को दोगुना खर्च उठाना पड़ रहा है। गलत इलाज के कारण लोगों की बीमारी बढ़ रही है और वे महंगे इलाज के लिए मजबूर हो रहे हैं।
स्थानीय मीडिया और नागरिकों ने कई बार इस समस्या से अवगत कराया है, लेकिन नारायणगंज क्षेत्र में अवैध पैथोलॉजी और क्लीनिक पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। जबकि जिले के अन्य विकासखंडों में अवैध क्लिनिक सील किए जा चुके हैं। ग्रामीणों ने अब जिला कलेक्टर से तत्काल इस मामले में हस्तक्षेप करने और नारायणगंज में अवैध रूप से चल रहे झोलाछाप डॉक्टरों के क्लीनिकों को सील करने की मांग की है, जिससे लोगों का स्वास्थ्य और उनका पैसा सुरक्षित रहे।
मंडला में सनसनीखेज वारदात
पुरानी रंजिश में पड़ोसी ने पत्थर मारकर की गाय की हत्या
गौ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के बिछिया थाना क्षेत्र के ग्राम रुशा में शुक्रवार देर रात पड़ोसी से रंजिश के चलते एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने अपनी पड़ोसी महिला की गाय को खोलकर ले गया और पत्थर मारकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया गया कि रुशा निवासी माहे बाई उइके ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि शुक्रवार देर रात उसके पड़ोसी वेद सिंह नरते ने उसकी गाय को खोलकर ले गया और फिर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही बिछिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी वेद सिंह नरते के खिलाफ गो-प्रतिषेध अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुराने विवाद के कारण दिया वारदात को अंजाम
मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि आरोपी वेद सिंह नरते को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस वारदात में अन्य लोग भी शामिल थे। बताया गया कि इस वारदात की वजह पुराना विवाद है। कुछ साल पहले माहे बाई उइके के बैल की मौत हो गई थी, जिसके लिए महिला ने वेद सिंह पर आरोप लगाते हुए उससे 5 हजार रुपये हर्जाने के तौर पर वसूले थे। पुलिस का मानना है कि उसी पुराने विवाद के चलते आरोपी ने रंजिश में आकर इस घटना को अंजाम दिया।
नेत्र शिविर में 37 मोतियाबिंद ऑपरेशन के मरीज हुए चिन्हित
90 मरीजों की जांच, 11 मरीजों को वितरित किये चश्में
परिवार एजुकेशन सोसाइटी और सदगुरु नेत्रालय के सहयोग से आयोजित हुए बीजाडांडी सीएचसी और पीएचसी समनापुर नेत्र शिविर
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड बीजाडांडी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र समनापुर में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। सीएचसी बीजाडांडी में आयोजित शिविर में 31 मरीज और पीएचसी समनापुर में 59 मरीजों का पंजीयन किया गया। नि:शुल्क नेत्र शिविर परिवार एजुकेशन सोसाइटी और सदगुरु नेत्र चिकित्सालय चित्रकूट के सहयोग से आयोजित किया गया। नेत्र शिविर में 90 मरीजों में से 37 मरीज मोतियाबिंद के चिन्हित किये गए। चिन्हित मोतियाबिंद के मरीजों का सदगुरु नेत्र चिकित्सालय में नि:शुल्क सर्जरी की जाएगी।
जानकारी अनुसार नि:शुल्क नेत्र शिविर में सर्जरी के चिन्हित मरीजो के अलावा अन्य मरीजों का जांच परीक्षण किया गया। बीजाडांडी सीएचसी में आयोजित शिविर में 31 मरीजों की जांच की गई, जिसमें 16 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किये गए। जांच परीक्षण के बाद 12 मरीजों को नि:शुल्क दवाएं भी दी गई। वहीं तीन मरीज सामान्य रोग और फालोअप के आया। आयोजित नि:शुल्क नेत्र शिविर में सीएचसी बीजाडांडी में सद्गुरू नेत्र चिकित्सालय के नेत्र चिकित्सक डॉ संदीप ने अपनी सेवाए दी। इसके साथ ही जिन मरीजों का ऑपरेशन पहले चित्रकूट में हुआ था, उनका फालोअप लिया गया।
आंखो की जांच के बाद उन सभी मरीजों को भी आवश्यकता अनुसार चश्मा दिया गया। नि:शुल्क नेत्र शिविर में परिवार एजुकेशन सोसाईटी के सभी कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं दी। शिविर में मरीजों के आंखों में मोतियाबिंद, काला मोतिया, रेटिना की जांच, चश्में की जांच और आंखों से संबंधित अन्य समस्याओं का जांच परीक्षण किया गया। शिविर में परिवार एजुकेशन सोसाइटी से अभिषेक यादव, देवराज यादव, उदयचंद झरिया, राकेश यादव, सत्येंद्र कुमार धुर्वे एवं सद्गुरु नेत्रालय स्टाफ में डॉ संदीप और दवाई वितरण स्टाफ रोहित का सहयोग रहा।
समनापुर में 21 मरीज ऑपरेशन के लिए चयनित
श्रवण कुमार प्रकल्प द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समनापुर में नि:शुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की आंखों की जांच की गई और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सेवाएँ प्रदान की गईं। शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए 59 लोगों ने अपना पंजीयन कराया, जिनमें 57 वयस्क और 2 बच्चे शामिल थे। गहन जांच के बाद मोतियाबिंद या अन्य आवश्यक उपचार के लिए 21 वयस्क मरीजों को ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। शिविर के दौरान 11 वयस्कों को नि:शुल्क चश्मे वितरित किए गए। इसके साथ ही 15 मरीजों को दवा वितरण किया गया। 12 सामान्य मरीजों की मौके पर जांच कर उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
वर्मी कम्पोस्ट का कमाल-बिलगांव की महिला किसान को मिलेगी मूली की अच्छी कीमत
जैविक खेती से बढ़ा मुनाफा
दीपावली पर बिलगांव की मूली मचाएगी धमाल
मंडला महावीर न्यूज 29.जैविक खेती और वर्मी कम्पोस्ट का उपयोग कर मवई के ग्राम बिलगांव की महिला किसान सुनीता अयाम ने मूली की शानदार फसल तैयार की है, जो इस दीपावली के अवसर पर बाजार में धूम मचाने के लिए तैयार है। महिला किसान का कहना है कि जैविक खाद के इस्तेमाल से न केवल उनकी फसल की गुणवत्ता बेहतर हुई है, बल्कि उन्हें बाजार में इसकी अच्छी कीमत मिलने की भी उम्मीद है।
सुनीता अयाम ने बताया कि उनकी यह फसल पूरी तरह से जैविक है। उन्होंने उद्योगिनी संस्था की सहायता से प्राप्त वर्मी बेड से खुद केंचुआ खाद तैयार की है। इस खाद को ड्रमों और बोरियों में सुरक्षित रखा गया है और नियमित रूप से फसल पर इसका छिड़काव किया जाता है। जैविक खाद के उपयोग से उनकी मूली की फसल अधिक हरी-भरी और गुणवत्तापूर्ण हुई है। उन्होंने बताया कि इस समय बाजार में मूली की मांग अधिक रहती है और अगेती फसल होने के कारण उन्हें उचित दाम प्राप्त होंगे। उनका मानना है कि वर्तमान समय में उपभोक्ता स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो रहे हैं, जिसके कारण जैविक सब्जियों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी मांग का फायदा उठाते हुए वे अपनी फसल को अच्छे दामों पर बेच पाएंगी।
महिला किसान सुनीता अयाम और उनके पति ने इस सफलता के लिए उद्योगिनी संस्था का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि संस्था के संदीप श्रीवास समय-समय पर गांव में आकर तकनीकी सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करते है, जिससे किसानों को जैविक खेती अपनाने में बहुत मदद मिल रही है। संदीप श्रीवास का कहना है कि महिला किसान सुनीता अयाम की सफलता उन्हें मिले सही मार्गदर्शन और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर मिली है। जिससे वे अच्छी आय प्राप्त करने के साथ आत्म निर्भर भी बन सकी है।
मंडला में अवैध क्लिनिक और एक्सपायरी दवाओं पर बड़ी कार्रवाई: दो मेडिकल स्टोर सह-क्लिनिक सील
छिंदवाड़ा कफ सिरप त्रासदी के बाद बढ़ी सतर्कता, राजस्व-स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम का जिलेभर में ताबड़तोड़ निरीक्षण
मंडला में मेडिकल स्टोर, अवैध क्लिनिक सील, एक्सपायरी दवाएं भी मिलीं
छिंदवाड़ा की घटना के बाद राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने बढ़ाई सर्तकता
मंडला महावीर न्यूज 29. छिंदवाड़ा में कफ सिरप से बच्चों की मौत के मामले के बाद मंडला जिले में स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने सतर्कता बढ़ाते हुए विभिन्न दवा दुकानों का लगातार निरीक्षण शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को टीम ने अवैध रूप से संचालित दो क्लिनिकों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया।
महाराजपुर में अवैध क्लिनिक सील
शनिवार को राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने कारीकोन तिराहा, महाराजपुर में निरीक्षण के दौरान एक अवैध क्लिनिक संचालित पाया। संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्लिनिक को सील कर दिया। जांच में क्लिनिक के पास आवश्यक अनुमति और पंजीकरण नहीं पाए गए। हुसैन मेडिकल स्टोर्स और दवाखाना के संचालक डॉ. सद्दाम हुसैन ने बताया कि उनके पास बीएएमएस (BAMS) एमडी की डिग्री है और वह सात साल से प्रेक्टिस कर रहे हैं।
तहसीलदार हिमांशु भलावी ने बताया कि बिना लाइसेंस के अवैध क्लिनिक संचालन की जानकारी मिली थी। स्वस्थ एवं राजस्व की संयुक्त टीम ने जांच की। इस दौरान क्लिनिक में मरीज़ भी मिले और एलोपैथी दवाई प्रिस्क्राइब की जा रही थी। संयुक्त टीम द्वारा क्लिनिक को सील कर दिया गया है।
निवास तहसील में भी क्लिनिक सील, एक्सपायरी दवाएं मिलीं
निवास तहसील में भी संयुक्त टीम ने विश्वास मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान दुकान में एक्सपायरी डेट की दवाइयां मिलीं। इसके अतिरिक्त, यह भी खुलासा हुआ कि मेडिकल स्टोर की आड़ में अवैध रूप से क्लिनिक संचालित किया जा रहा था। संचालक आवश्यक दस्तावेज और पंजीकरण प्रस्तुत नहीं कर पाए, जिसके चलते टीम ने मेडिकल स्टोर को सील कर दिया।
दवा दुकानों पर लगातार हो रही है जांच
संयुक्त टीम ने जिले में बिंझिया, कटरा और ग्राम नांदिया में भी दवा दुकानों की जांच की। इस दौरान टीम ने दुकानों में उपलब्ध दवाओं की गुणवत्ता, वैध लाइसेंस, बिलिंग रजिस्टर और स्टॉक पंजी की गहन जांच की। यह निरीक्षण अभियान छिंदवाड़ा में दूषित कफ सिरप से हुई बच्चों की मौत की घटना के बाद जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की अनियमितता को रोकने के लिए चलाया जा रहा है।
सुहागिनों ने पति की दीर्घायु के लिए रखा निर्जला व्रत
करवा माता की पूजा-अर्चना के साथ महिलाओं ने तोड़ा व्रत
मंडला महावीर न्यूज 29.करवा चौथ का व्रत हर वर्ष कार्तिक महीने में कृष्ण पक्ष में चतुर्थी तिथि को किया जाता है। इसे संकष्टी चतुर्थी भी कहते हैं। करवा चौथ का व्रत खास कर विवाहित महिलाओं का त्योहार है। करवा चौथ के दिन हिन्दू महिलाएं पूरे दिन निर्जला व्रत रही। सुहागिन महिलाएं अपने पति की दीर्घायु और स्वास्थ्य रक्षा के लिए दुआ मांगी। बताया गया कि जिला मुख्यालय के नजदीकी ग्राम देवदरा में करवा चौथ पूजन का भव्य आयोजन किया गया। जहां आसपास क्षेत्र से व्रती महिलाएं एकत्र होकर सामूहिक रूप से करवा चौथ का पूजन किया।
बताया गया कि व्रती महिलाओं द्वारा दिन भर निर्जला व्रत रखकर शाम को शिव, पार्वती, कार्तिकेय आदि देवताओं का चित्र बनाकर सुहाग की वस्तुओं की पूजा की। पूजन कर चंद्रमा को अद्र्ध देकर अपना व्रत पूरा किया। पूजन करने के बाद महिलाएं अपने सास-ससुर एवं बड़ों को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद ली। पूरे विधि-विधान से करवा माता की पूजा-अर्चना कर अपने पतियों के मंगलमय जीवन के लिए प्रार्थना की। अपने पतियों के हाथों पानी पीकर व्रत संपन्न किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय और पारंपरिक मेल-जोल का माहौल बना रहा।
महिलाओं ने रख निर्जला व्रत, मांगी पति की मंगल कामना
जगह जगह हुए आयोजन, चांद का दीदार कर पूरा किया व्रत
मंडला महावीर न्यूज 29.महिलाएं सुहाग का व्रत करवा चौथ रखी। यह करवा चौथ सभी व्रतियों के लिए शुभ संयोग लेकर आया। लेकिन जिन लोगों के लिए पहला करवा चौथ है उनके लिए सोने पर सुहागा वाली बात थी क्योंकि इस बार चंद्रमा व्रतियों के लिए गुडलक लेकर आया। इसकी खास वजह यह रही कि इस बार सिद्धि योग के साथ शिववास योग और चंद्रमा का अपनी उच्च राशि वृषभ में होने से एक दुर्लभ महासंयोग बना। ये सभी योग बहुत ही महत्वपूर्ण हैं और इस दिन की महत्ता को और बढ़ा दिये। खास तौर पर सुहागिनों के लिए यह करवा चौथ अखंड सौभाग्य देने वाला था। करवा चौथ का व्रत हर वर्ष कार्तिक महीने में कृष्ण पक्ष में चतुर्थी तिथि को किया जाता है। इसे संकष्टी चतुर्थी भी कहते हैं, यानी संकटों को दूर करने वाली चतुर्थी।
करवा चौथ एक ऐसा पावन दिन है जब पति की आयु के लिए की गई प्रार्थना प्रभु स्वीकार करते हैं और यही विवाहिता के लिए बड़ा वरदान है। चौथ के एक दिन पहले ही महिलाएँ मेहँदी लगाकर अपनी सजी हथेली, चूड़ी व सोलह श्रृंगार करके पूजन करी। वर्ष में एक बार आने वाले इस दिन महिलाएँ पति की लंबी उम्र और सलामती के लिए चौथ माता से मुराद मांगकर इस पर्व को सार्थक करीं। करवा चौथ के दिन लाल रंग के परिधान पहनने का अपना अलग ही महत्व है, क्योंकि लाल रंग शुभ व सुहाग का प्रतीक माना जाता है। इसलिए अधिकत्तर महिलाओं ने लाल रंग के वस्त्र पहने। समय में आए बदलाव के अनुसार अब पुरुष भी अपनी पत्नी के लिए करवा चौथ का व्रत रखें और अपनी पत्नी की भावनाओं, उनकी आकांक्षाओं का ख्याल रखते हुए दोनों एक-दूजे के साथ, एक-दूजे के हाथ से व्रत का समापन किया।
करवा चौथ का व्रत खास कर विवाहित महिलाओं का त्योहार है। इस दिन हिन्दू महिलाएं पूरे दिन निर्जला व्रत रही। सुहागिन महिलाएं अपने पति की दीर्घायु और स्वास्थ्य रक्षा के लिए दुआ मांगी। महिलाओं द्वारा दिन भर निर्जला व्रत रखकर शाम को शिव, पार्वती, कार्तिकेय आदि देवताओं का चित्र दीवार पर बनाकर सुहाग की वस्तुओं की पूजा की। पूजन कर चंद्रमा को अद्र्ध देकर फिर भोजन ग्रहण किया। सोने, चांदी या मिट्टी के करवे का आपस में आदान-प्रदान किया जो आपसी प्रेम-भाव को बढ़ाता है। पूजन करने के बाद महिलाएं अपने सास-ससुर एवं बड़ों को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद ली। कई स्थानों पर इस दिन महिलाएं Ÿृाद्धा से अपनी सासूजी को कुछ न कुछ उपहार दी।
विशेष रूप से सजी महिलाएं
भारत भर में मनाए जाने वाले प्रमुख पर्व करवा चौथ के लिए महिलाएं विशेष रूप से श्रृंगार करके तैयार हुई। फैशन के इस दौर में भी महिलाएं पारंपरिक रूप से ही तैयार हुई तो कुछ महिलाएं इस दिन विवाह के समय ओढ़ी जाने वाली चुनरी भी ओढ़ती तो कुछ करवा चौथ के अवसर पर नई साड़ी खरीद कर पहनी। नवविवाहिता के पहले करवा चौथ पर कुछ परिवारों में मायके से ससुराल में उपहार स्वरूप वस्त्र और श्रृंगार का सामान दिया गया। जिसे पहन कर ही नवविवाहितों ने पूजन किया।
रचाई मेहंदी
व्रत त्योहार पर हाथों में सुंदर मेहंदी रचाना भी हमारी परंपरा का ही एक हिस्सा है। ऐसे में समय की कमी के चलते या अन्य कामों में व्यस्त रहने के कारण कई बार मेहंदी रचाने की फुर्सत नहीं मिल पाती। वहीं हर बार मेहंदी लगाने के लिए किसी प्रोफेशनल का समय मिल पाना भी मुश्किल होता है। लेकिन इसके लिए भी विकल्प उपलब्ध हैं। मेंहदी लगाने के लिए ब्यूटी पार्लर में अच्छी खासी भीड़ रही। जिसमें महिलाओं की भीड़ काफी देखी गई और अपनी मन चाही डिजाईन अपने हाथों में लगवाई।
पत्नि का दिया साथ
पति के दिल की ये भावना भी आजकल मन से बाहर अभिव्यक्त होने लगी है। पहले जहां कुछ लोग पत्नी का साथ देने के लिए करवा चौथ का व्रत रखते थे। लेकिन अब व्रत रहने वालों की संख्या बढ़ गई है। यही नहीं पति जानते हैं कि पूरे दिन पत्नी बिना कुछ खाए-पिए उनके लिए भूखी रही। घर के कामों में पत्नी की मदद कर भावनात्मक तौर पर उनके प्रति अपना आभार भी प्रकट किया।
एक दूसरे को दिए उपहार
करवा चौथ जैसे त्योहार पर पति-पत्नी द्वारा एक-दूसरे को उपहार देने का भी चलन है। जाहिर है कि ये उपहार भावनाओं से जुड़ा होता है। आजकल इसमें भी कुछ नए तरीके जुड़े हैं। अब पति-पत्नी एक-दूसरे को ज्वेलरी, कपड़ों या एक्सेसरीज के अलावा अन्य उपहार करवा चौथ के अवसर पर दिए।
सामूहिक रूप से भी हुए आयोजन
जब हर चीज बड़़े पैमाने पर करने का प्रचलन चल पड़ा है तो करवा चौथ त्योहार भला कैसे पीछे रह सकता हैं। इसलिए करवा चौथ जैसे त्योहार का आयोजन अब विशेष तरीके से किया जाता है। जिले भर में कई स्थानों में जहां महिलाएं एक समूह में एक स्थान पर एकत्र हुई और कार्यक्रम को विशेष बना दिया। सामूहिक रूप से करवा चौथ का पूजन किया गया, जो दृश्य देखने लायक था। वहीं सभी सुहागन महिलाएं चांद निकलने के बाद पूजन कर अपना व्रत तोड़ा।
करवा चौथ पर महिलाओं ने पति की दीर्घायु के लिए की कामना
विभिन्न सामूहिक आयोजन में बड़ी संख्या में शामिल हुईं महिलाएं
परंपरागत रूप से किया पूजन
मंडला महावीर न्यूज 29.पति की दीर्घायु के लिए महिलाओं ने करवा चौथ का व्रत रखा,इस व्रत का मुख्य उद्देश्य पति-पत्नि का साथ हमेशा बना रहे, पति की लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली के लिए कामना का यह महत्वपूर्ण व्रत माना जाता है, शुक्रवार को करवा चौथ पर महिलाओं ने परंपरागत वेशभूषा के साथ करवा चौथ का व्रत रखा और सामूहिक आयोजन में शामिल होकर करवा माता,गौरी माता की पूजा की। इस अवसर पर वीरोबाई की कथा सुनाई गई और पति-पत्नि के अटूट रिश्ते के लिए कामना की गई।इसमें महिलाएं विभिन्न प्रकार के ड्राई फ्रूट,फल-फूल पूजा का सामान आदि लेकर शामिल हुई, परंपरा के अनुसार पूजा में व्रत रखी महिलाओं ने अपनी थाली एक दूसरे को एक्सचेंज करते हुए रस्मों की अदायगी की, सभी महिलाएं परंपरागत ड्रेस कोड साड़ी लहंगा पहनकर शामिल हुईं, महिलाओं ने बताया की पूजा के बाद रात्रि में चंद्र देव के दर्शन करके पूजा सामग्री के साथ अर्क देते हैं, तत्पश्चात पति की पूजा करके,पति के हाथों से जल प्रसाद ग्रहण करके व्रत को पूर्ण किया।
करवा चौथ पर महिलाओं की सामूहिक पूजा आयोजन करा रहीं नीता खरबंदा ने बताया कि हमारे यहां लगभग 20 वर्षों से पूजा होती आ रही है, इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हो रही हैं,गौरी माता,करवा चौथ माता की पूजा करते हैं, श्रृंगार सामग्री और फल फ्रूट भेंट करते हैं, पूजा में सात सुहागिनों का हाथ लगने की परंपरा है, पूजा की दौरान महिलाएं थाली के साथ परंपराओं को निभाते हुए चारों ओर परिक्रमा करती हैं, पति की दीर्घायु और परिवार की खुशहाली के लिए पूजा में सभी रस्म अदायगी करते हैं।
हाई रिस्क प्रेग्नेंसी, टीकाकरण और बूथ प्लानिंग पर दिया प्रशिक्षण
नारायणगंज में स्वास्थ्य कर्मियों की सेक्टर बैठक आयोजित
एएनसी जांच और पल्स पोलियो अभियान के सफल क्रियान्वयन पर चर्चा
मंडला महावीर न्यूज 29.स्वास्थ्य विभाग द्वारा नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में नारायणगंज सेक्टर की बैठक आयोजित की गई, जिसमें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और आगामी पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों पर गहन चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से बीसीएम शैलेन्द्र सिंह, आशा कार्यकर्ता, एएनएम, आशा सुपरवाइजर समेत सेक्टर के अन्य स्वाथ्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच पर ध्यान केंद्रित किया गया। इस दौरान 12 सप्ताह के भीतर गर्भवती महिलाओं की जांच व पंजीयन, चार अनिवार्य एएनसी चेकअप, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान एवं प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही बाल मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर के कारणों की समीक्षा एवं रोकथाम के उपायों पर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक का एक अहम एजेंडा रविवार 12 अक्टूबर से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देना था। अभियान को सफल बनाने के लिए बूथ-वाइज कार्य योजना तैयार की गई और उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान सभी आशा और एएनएम को उनकी जिम्मेदारियों के बारे में स्पष्ट जानकारी दी गई।
आयोजित बैठक में बीसीएम शैलेन्द्र सिंह, सीएचओ डॉ. शाहिद हुसैन, रंजीता पटेल, पूजा, रुक्मणि मरावी, जयंती उरैती, राजकुमार मरावी, सुपरवाइजर एमएल परते, मलेरिया प्रभारी एससी जैन सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और टीकाकरण लक्ष्यों को प्राप्त करने का संकल्प लिया।
समाज सेवा की अनूठी मिसाल
वृद्ध कृषक ने सामाजिक भवन के लिए दिया सवा दो लाख का दान
ग्वारा के 80 वर्षीय चिरौंजी लाल जंघेला का जिला लोधी क्षत्रीय समाज करेगा सम्मान
मंडला महावीर न्यूज 29.एक ऐसे समय में जब चारों ओर धन कमाने की होड़ लगी है और घोटाले की खबरें आए दिन सामने आती हैं, मंडला जिले के एक वृद्ध कृषक ने समाज के प्रति समर्पण की अनूठी मिसाल पेश की है। जिले के ग्राम ग्वारा निवासी 80 वर्षीय कृषक चिरौंजी लाल जंघेला ने लोधी क्षत्रीय समाज के निर्माणाधीन भवन के लिए 2 लाख 51 हजार 111 रुपये का दान दिया है। वृद्धावस्था और कृषक होने के बावजूद चिरौंजी लाल जंघेला की सामाजिक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका सराहनीय है। उनके पुत्र संजय जंघेला जम्मू-कश्मीर में आर्मी में कार्यरत हैं और देश की रक्षा में तैनात हैं, वहीं पिता ने अपनी नेक पहल से समाज सेवा का संदेश दिया है।
बताया गया कि यह दान महाराजपुर स्थित संगम घाट पर बन रहे लोधी समाज के सामाजिक भवन के निर्माण कार्य के लिए दिया गया है। इतनी बड़ी राशि का दान देकर चिरौंजी लाल जंघेला ने यह साबित किया है कि देश और समाज के लिए समर्पित लोग आज भी प्रेरणास्रोत हैं। जिला लोधी क्षत्रीय समाज ने चिरौंजी लाल जंघेला के इस अनुकरणीय योगदान के लिए उनका धन्यवाद ज्ञापित किया है।
समाज के जिला अध्यक्ष कन्हैया ठाकुर ने बताया कि चिरौंजी लाल जंघेला जैसे प्रेरणात्मक व्यक्तियों का सम्मान शीघ्र ही आगामी आयोजित होने वाले एक गरिमामयी कार्यक्रम में किया जाएगा। उनके इस कदम को समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है। चिरौंजी लाल जंघेला का यह त्याग वर्तमान बिगड़ी फिजा के बीच एक सकारात्मक और प्रेरक उदाहरण है।
फ्रिज के नीचे चेंबर से 8 पेटी अवैध विदेशी शराब जब्त, महिला गिरफ्तार
गुप्त सूचना पर छापा, सिद्ध टेकरी कॉलोनी में 71 हजार 780 रूपए की अवैध मदिरा बरामद
मंडला महावीर न्यूज 29.कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार मंडला में अवैध मदिरा के संग्रहण और विक्रय के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में एक घर से 68.76 लीटर अवैध विदेशी शराब की आठ पेटियां जब्त की गईं, जिसकी अनुमानित कीमत 71 हजार 780 रूपए है। बताया गया कि जिला आबकारी अधिकारी रामजी पांडेय के मार्गदर्शन में विभाग को सिद्ध टेकरी कॉलोनी रोड पर अवैध मदिरा के बड़े भंडार की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने संबंधित घर की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान आबकारी दल को रसोई में रखे फ्रिज के नीचे बने एक गुप्त चेंबर में अवैध शराब छिपी मिली।
बताया गया कि चेंबर से विभिन्न ब्रांड की विदेशी मदिरा की कुल 8 पेटियां बरामद की गईं। इसमें मुख्य रूप से मैकडॉवेल्स व्हिस्की की 05 पेटियां, मैकडॉवेल्स रम की 02 पेटियां और गोआ व्हिस्की की 01 प्लास्टिक बोरी शामिल है। आरोपी के घर से 68.76 लीटर मदिरा जब्त की गई। मौके पर मौजूद आरोपी महिला गोदावरी यादव को धारण क्षमता से अधिक मात्रा में अवैध मदिरा रखने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। आबकारी विभाग ने आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। इस कार्यवाही के दौरान आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी, विजय कमलेश, महेश पटेल, प्रिया नायडू, नेतराम ककोटिया, सत्यपाल मरावी उपस्थित रहे।
0 से 5 वर्ष के 1.5 लाख बच्चों को दवा पिलाने की तैयारी
जिले में 12 से 14 अक्टूबर तक चलेगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान
अभियान की तैयारियों को दिया अंतिम रूप
मंडला महावीर न्यूज 29. भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार मंडला जिले में आगामी 12 से 14 अक्टूबर तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का एक अतिरिक्त चरण आयोजित किया जा रहा है। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि भले ही देश वर्षों पूर्व पोलियो मुक्त हो चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों में वाइल्ड पोलियो वायरस का संक्रमण अभी भी विद्यमान है। पोलियो वायरस के पुन: आने के खतरे को देखते हुए समुदाय में पोलियो के विरुद्ध प्रतिरोधक शक्ति बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान को सफल बनाने 1284 टीमें तैयार
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वायके झारिया ने बताया कि पोलियो अभियान के लिए जिले में समस्त आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं। इस अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष के कुल 1 लाख 52 हजार 75 बच्चों को पोलियो की दो बूँद दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए जिले में कुल 1284 टीमें जिसमें बी टाइप 277 और सी टाइप 1007 को शामिल किया गया है। इसके साथ ही 38 ट्रांजिस्ट और 16 मोबाइल टीमें भी बनाई गई हैं।
बूथों पर अनिवार्य उपस्थिति की अपील
अभियान के पहले दिन 12 अक्टूबर रविवार को सुबह 8 बजे से सांयकाल 5 बजे तक पोलियो बूथ में दो बूंद जिंदगी की खुराक पिलाई जाएगी। दूसरे और तीसरे दिन कार्ययोजना के अनुसार छूटे हुए बच्चों को आच्छादित करने के लिए टीमें घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाएंगी। सभी जन समुदाय से अपील की गई है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष के बच्चों को 12 अक्टूबर रविवार के दिन नजदीक के पोलियो बूथ में ले जाकर दवा अवश्य पिलाएं।
महाराजपुर पुलिस ने बिछिया क्षेत्र से दबोचे लंबे समय से फरार दो स्थाई वारंटी
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान
एसपी के निर्देश पर कोम्बिंग गश्त में दो वारंटी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
मंडला महावीर न्यूज 29.पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा जिले के फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए निर्देशित किया गया है। जिसके तहत थाना महाराजपुर पुलिस को बड़ी सफलता हासिल मिली है। महाराजपुर पुलिस ने लगातार तलाश और कोबिंग गश्त करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे दो स्थाई वारंटियों को थाना बिछिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला और एसडीओपी मंडला के मार्गदर्शन में थाना महाराजपुर प्रभारी डॉ. जयसिंह यादव के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस दल लगातार स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु प्रयास कर रहा था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में इरफान खान पिता हनन खान 35 वर्ष निवासी बिछिया, शिव सिंह उर्फ सेव सिंह पिता वीर सिंह पट्टा 29 वर्ष निवासी खुलवा, बिछिया को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों स्थाई वारंटियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें मंडला जेल भेज दिया गया। इस गिरफ्तारी दल में थाना प्रभारी डॉ. जयसिंह यादव के साथ प्रधान आरक्षक विजय तेकाम, आरक्षक अरविंद बर्मन और संदीप शामिल रहे।
साइबर फ्रॉड से सुरक्षा की छात्रों और ग्रामीणों को दी जानकारी
मंडला पुलिस द्वारा घुघरी के सिलघिटी और धनपूरी में आयोजित किया जागरूकता अभियान
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला पुलिस जिले के आमजन को साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सुरक्षित रखने के लिए निरंतर जन-जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में शनिवार को थाना घुघरी द्वारा साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सार्वजनिक सभा मंच के पास ग्राम सिलघिटी और चौकी क्षेत्र ग्राम धनपूरी के शासकीय माध्यमिक स्कूल में आयोजित किया गया। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस दल ने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामवासियों को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों की विस्तृत जानकारी दी। विशेष रूप से उन्हें वॉट्सऐप हैकिंग और दुर्भावनापूर्ण फिशिंग लिंक द्वारा होने वाली ऑनलाइन ठगी के खतरों के बारे में समझाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ठग किस तरह लोगों को धोखे में रखकर उनकी निजी जानकारी चुराते हैं। नागरिकों को यह भी सलाह दी गई कि वे किसी भी अनजान लिंक को क्लिक न करें और किसी से भी अपना ओटीपी या गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में तत्काल सहायता के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 1930 के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी, जिससे समय रहते धोखाधड़ी की गई राशि को ब्लॉक किया जा सके।
60 गांवों की समितियों को दिया जा रहा आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण
ग्रामीण अधिकार मंच द्वारा आयोजित किया आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम
मंडला महावीर न्यूज 29.गृह विभाग मध्य प्रदेश शासन और जिला आपदा प्राधिकरण मंडला के सहयोग से ग्रामीण अधिकार मंच संस्था द्वारा आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत मंडला, बिछिया और नैनपुर ब्लॉक के 20-20 चयनित गांवों में जागरूकता अभियान चलाकर ग्राम स्तर पर आपदा प्रबंधन समिति एवं दल का गठन किया गया है।
गठित समितियों को अब गांव-गांव जाकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में ग्राम संगठन समिति की महिलाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, रोजगार सहायकों, सरपंच-सचिवों सहित वरिष्ठ जनों को आपदा से बचाव और राहत कार्यों की जानकारी दी जा रही है। प्राकृतिक आपदाओं जैसे आकाशीय बिजली, भूकंप, बाढ़, सर्पदंश से बचाव और घरेलू गैस कनेक्शन से होने वाली दुर्घटनाओं की पूर्व तैयारी पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।
संस्था प्रमुख अशोक जंघेला एवं उनके कार्यकर्ता अभिलाषा दुबे, संत कुमार भंवरे और महादेव जंघेला द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आपदा के समय सहायता के लिए आवश्यक टोल फ्री नंबरों का दीवाल लेखन कार्य भी जारी है। स्थानीयजनों को आपदा प्रबंधन द्वारा जारी आपात कालीन टोल फ्री नंबर पुलिस सहायता, अग्नि शमन, एम्बुलेंस, आपात कालीन, रेल्वे हेल्प लाइन, सीएम हेल्प लाइन, राज्य आपदा, जिला आपदा, भूकंप सुनामी, चाईल्ड लाइन, महिला हेल्प लाइन, गैस हेल्प लाइन, सर्प दंश के नंबरों की जानकारी दी जा रही है। इस कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन संस्थान भोपाल एवं जिला आपदा प्राधिकरण मंडला का सहयोग मिल रहा है।
नेत्र शिविर में 118 मरीजों की जांच में 13 मोतियाबिंद के मरीज हुए चिन्हित
परिवार एजुकेशन सोसाइटी और सदगुरु नेत्रालय के सहयोग से आयोजित हुए नारायणगंज में नि:शुल्क नेत्र शिविर
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर सीबीएमओ डॉ. अमृत कोल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। सीएचसी नारायणगंज में आयोजित शिविर में 118 मरीजों का पंजीयन किया गया। नि:शुल्क नेत्र शिविर परिवार एजुकेशन सोसाइटी और सदगुरु नेत्र चिकित्सालय चित्रकूट के सहयोग से आयोजित किया गया। नेत्र शिविर में 118 मरीजों में से 13 मरीज मोतियाबिंद के चिन्हित किये गए। चिन्हित मोतियाबिंद के मरीजों का सदगुरु नेत्र चिकित्सालय में नि:शुल्क सर्जरी की जाएगी।
जानकारी अनुसार नि:शुल्क नेत्र शिविर में सर्जरी के चिन्हित मरीजो के अलावा अन्य मरीजों का जांच परीक्षण किया गया। जांच में 23 मरीजों को चश्में और 23 मरीजों को दवाईयां नि:शुल्क दी गई। वहीं 59 मरीज सामान्य रोग के आए। आयोजित नि:शुल्क नेत्र शिविर में सीएचसी नारायणगंज में सद्गुरू नेत्र चिकित्सालय के नेत्र चिकित्सक डॉ. रवि तिवारी ने अपनी सेवाए दी। इसके साथ ही जिन मरीजों का ऑपरेशन पहले चित्रकूट में हुआ था, उनका फालोअप लिया गया। आंखो की जांच के बाद उन सभी मरीजों को भी आवश्यकता अनुसार चश्मा दिया गया। नि:शुल्क नेत्र शिविर में परिवार एजुकेशन सोसाईटी के सभी कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं दी। शिविर में मरीजों के आंखों में मोतियाबिंद, काला मोतिया, रेटिना की जांच, चश्में की जांच और आंखों से संबंधित अन्य समस्याओं का जांच परीक्षण किया गया।
सद्गुरू नेत्र चिकित्सालय के डॉ. रवि तिवारी और नेत्र चिकित्सा सहायक जयकरण चौधरी ने बताया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों की आंखो में विभिन्न प्रकार की समस्या रहती है। आंखो से पानी आना, आंखो में कीचड़ बनना, मोतियाबिंद की समस्या, आंख में लालपन होने जैसी समस्या से ग्रसित होते है। ऐसी समस्या से पीडि़त व्यक्तियों का सद्गुरू नेत्र चिकित्सालय में नि:शुल्क उपचार और जांच की जाती है। जहां मरीजों को रहना, खाना सब नि:शुल्क रहता है। इसके साथ ही उपचार के बाद मरीज को वापस जाने की सुविधा प्रदान की जाती है। आयोजित शिविर में परिवार एजुकेशन सोसाईटी के श्रीराम यादव, अमित सिंगरौरे, नितिश कुमार सिंगरौरे, हिमांशु का सहयोग रहा।
परिवार एजुकेशन सोसाईटी का रहता है सहयोग
परिवार एजुकेशन सोसाईटी समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। जिससे जरूरतमंदों को लाभ मिल रहा है। परिवार एजुकेशन सोसाइटी द्वारा मंडला जिले के पांच ब्लाक नारायणगंज, निवास, मोहगांव, बिछिया और मवई की सीएचसी में परिवार श्री रामकृष्ण श्री विवेकानंद सेवा कुटीर एम्बुलेंस सुविधा दी जा रही है। यह 24 घंटे नि:शुल्क सेवाएं देती है। वहीं मंडला जिले के नारायणगंज सीएचसी में आयोजित होने वाले नि:शुल्क नेत्र शिविर में भी परिवार एजुकेशन सोसाईटी का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। मोतियाबिंद से पीडि़त मरीजों के नि:शुल्क उपचार में परिवार एजुकेशन सोसाईटी द्वारा संबंधित अस्पताल को मरीजों के लेंस लगाना की राशि भी दी जाती है। इसके साथ ही ऑपरेशन के बाद मरीजों को वापस लाने की जिम्मेदारी भी उठाई जाती है।
अज्ञात पिकअप वाहन ने बाईक को मारी टक्कर
टिकरिया थाना क्षेत्र की घटना
नारायणगंज सीएचसी में चल रहा उपचार
मंडला महावीर न्यूज 29.नारायणगंज के थाना टिकरिया अंतर्गत नेशनल हाईवे 30 मार्ग में बीएसएनल टावर के पास एक अज्ञात पिकअप वाहन ने दो बाईक सवार युवकों को टक्कर मार कर मौके से फरार हो गया। हादसे में बाईक सवार दोनों युवकों को गंभीर चोटे आई है। बताया गया कि बाईक सवार युवक घुघरी ब्लाक के बताए गए है। हादसे की सूचना स्थानीयजनों ने टिकरिया पुलिस और एम्बुलेंस को दी। सूचना मिलते ही तत्काल 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तत्काल दोनों घायल युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज पहुंचाया गया।
जानकारी अनुसार नेशनल हाईवे 30 में तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम नहीं लग पा रहा है। जिसके कारण रोजाना हादसे हो रहे है। शुक्रवार की सुबह करीब 10.30 बजे जबलपुर से मंडला की तरफ बाईक क्रमांक एमपी 20 एनटी 2096 से जा रहे जा रहे थे। बाईक में सवार जगदीश बैरागी पिता गुरूदास बैरागी 28 वर्ष, निवासी डलका गोपांगी, किरतन बैरागी पिता शंभूदास 35 वर्ष निवासी बनियातारा घुघरी अपने घर वापस जा रहे थे। इसी दौरान मंडला से जबलपुर की तरफ तेज रफ्तार पिकअप वाहन जा रहा था। इसी दौरान टिकरिया के नजदीक बीएसएनएल टॉवर के पास तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन में बाईक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर घायल हो गए।
बताया गया कि हादसे के बाद स्थानीयजनों ने तत्काल टिकरिया पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तत्काल दोनों घायल युवकों को नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उपचार के लिए लाया गया। चिकित्सक ने दोनों घायल युवकों का उपचार शुरू किया। दोनों घायल युवकों का उपचार चल रहा है। टिकरिया पुलिस मामला दर्ज कर हादसे की जांच कर रही है।
सूने घर में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों का माल जप्त
चोरी के सात मामलों में लिप्त है अपराधी, चोरी का सामान बरामद
थाना टिकरिया पुलिस को मिली सफलता
मंडला महावीर न्यूज 29. थाना टिकरिया पुलिस ने ग्राम चीरी में विगत माह सूने घर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी का माल भी बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए एक आरोपी पर पहले से ही चोरी के सात मामले दर्ज हैं। बताया गया कि विगत माह 20 सितंबर को थाना टिकरिया क्षेत्र के ग्राम चीरी में अज्ञात चोरों द्वारा एक सूने घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। फरियादी की शिकायत पर थाना टिकरिया में अज्ञात चोरों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।
जानकारी अनुसार चोरी के मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी निवास के निर्देशन में थाना प्रभारी टिकरिया निरीक्षक गोपाल घासले द्वारा तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम को चोरी गए माल की बरामदगी और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का जिम्मा सौंपा गया था। गठित पुलिस टीम ने अलग-अलग स्रोतों से मिली जानकारी और अपने विश्वसनीय मुखबिरों की सूचना के आधार पर संदेही अभय सिंगरौरे उर्फ साजन सिंगरौरे निवासी मैली को हिरासत में लेकर उससे कड़ाई से पूछताछ की।
पूछताछ में अभय सिंगरौरे ने अपने साथी अंकित सिंगरौरे के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ताला तोड़कर घर से 2 जोड़ चांदी की पायल, 2 कट्टी मटर और एक मोबाइल फोन चोरी किया था। पुलिस ने आरोपी अभय सिंगरौरे पिता दिनेश सिंगरौरे निवासी मैली और आरोपी अंकित सिंगरौरे निवासी मलारा के कब्जे से चोरी की गई 2 जोड़ी चांदी की पायल और 2 कट्टी मटर जप्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
अपराधी का है पुराना रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपी अभय सिंगरौरे आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध पूर्व में भी चोरी के सात मामले विभिन्न थानों में पंजीबद्ध हैं, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि स्पष्ट होती है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। चोरी की इस घटना का खुलासा करने में थाना प्रभारी टिकरिया निरीक्षक गोपाल घासले के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक पंकज सिंह बिष्ट, आरक्षक प्रशांत बघेल, दीपक द्विवेदी, शरद शाह परते, रामरतन मसखरे, आशुतोष उपाध्याय, सुरेन्द्र ठाकुर और प्रकाश जंघेला की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।
मवई में सेंट्रल बैंक का सर्वर ठप, 10 दिनों से 50 गांवों का कामकाज ठप
दिवाली से पहले ग्राहकों को भारी परेशानी
मवई का एकमात्र राष्ट्रीयकृत बैंक बीमार, न निकासी न जमा
सेंट्रल बैंक मवई में सर्वर समस्या से ठप पड़ा कामकाज, ग्रामीणों को भारी परेशानी
मंडला महावीर न्यूज 29.मवई क्षेत्र के एकमात्र राष्ट्रीयकृत बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा मवई में पिछले 10 दिनों से सर्वर सिस्टम खराब होने के कारण बैंक का समूचा कामकाज पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। इस बैंक पर आसपास के लगभग 50 गांवों के खाताधारक अपने वित्तीय लेनदेन के लिए निर्भर हैं, जिन्हें इस तकनीकी खराबी के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
त्योहार के समय नकदी संकट
लगातार सर्वर खराब रहने से न तो पैसे की निकासी हो पा रही है और न ही कोई जमा या अन्य बैंकिंग कार्य संभव हो पा रहा है। यह समस्या विशेष रूप से दिवाली जैसे बड़े त्योहार के समय आई है, जब लोगों को बाजार से खरीदारी करने, मजदूरों का भुगतान करने और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए नकद पैसों की सर्वाधिक आवश्यकता होती है। बैंक सेवा ठप होने से ग्रामीणों के लिए ये सभी कार्य करना असंभव हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि हमारे सभी लेनदेन इसी बैंक से होते हैं। त्योहार के समय ऐसी समस्या से हमें बहुत नुकसान हो रहा है।
एटीएम भी है बंद
ग्रामीण रामसिंह चमरू पंद्रे लालसिंह ने बताया कि बैंक का एटीएम भी दो साल पहले बंद कर दिया गया था। ऐसे में, सर्वर ठप होने के बाद क्षेत्र में एक भी एटीएम की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने बैंक प्रबंधन और संबंधित विभाग से सर्वर व्यवस्था जल्द से जल्द बहाल करने की मांग की है ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
बैंक प्रबंधक का आश्वासन
इस संबंध में बैंक प्रबंधक वेद प्रकाश मेहर ने बताया कि सर्वर समस्या गंभीर है, लेकिन इसके समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। बैंक प्रबंधक वेद प्रकाश मेहर ने आश्वासन दिया कि, “सोमवार को जबलपुर से आईटी की टीम आने वाली है, जिसके बाद सोमवार तक बैंक का कामकाज सुचारू रूप से चालू हो जाएगा। ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि सोमवार तक उनकी वित्तीय परेशानियाँ दूर हो सकेंगी।
शौर्य ने 69वीं राज्य स्तरीय वूशु प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण
राज्य स्तरीय शालेय वूशु में मंडला का जलवा,
शौर्य नेशनल के लिए जाएंगे श्रीनगर
साद रहमान ने कांस्य पदक किया अपने नाम
मंडला महावीर न्यूज 29.69वीं राज्य स्तरीय शालेय वूशु प्रतियोगिता में मंडला जिले के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। जिले के खिलाड़ी शौर्य मिश्रा ने 65 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है। कोच पूर्णिमा रजक ने बताया कि यह प्रतियोगिता विगत 4 से 8 अक्टूबर तक स्कूल शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश शासन एवं जिला प्रशासन ग्वालियर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित की गई थी। बताया गया कि मंडला के शौर्य मिश्रा ने 65 किलोग्राम वर्ग में बेहतरीन फाइट का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया। इस जीत के साथ ही शौर्य अब श्रीनगर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय शालेय वूशु प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
साद रहमान ने भी जीता कांस्य
मंडला जिले के लिए यह प्रतियोगिता दोहरी सफलता लेकर आई, क्योंकि टीम के एक अन्य खिलाड़ी साद रहमान ने भी 56 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतकर जिले की झोली में डाला। इस प्रतियोगिता में जबलपुर संभाग की टीम से मंडला जिले के चार खिलाडिय़ों ने जानू जैन के साथ भाग लिया, जिनमें शौर्य मिश्रा 65 किलोग्राम, साद रहमान 56 किलोग्राम, श्रेयांश चौरसिया 48 किलोग्राम और लक्ष्य लाहोरिया 60 किलोग्राम में शामिल थे। पदक प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए सभी खेल प्रेमियों और जिला प्रशासन ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है।
चिन्हित सनसनीखेज मामला
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को 20 वर्ष का कठोर कारावास, 10 हजार का अर्थदंड
टॉफी का लालच देकर रेप करने वाले दोषी को अपर सत्र न्यायालय निवास ने सुनाई सजा
मंडला महावीर न्यूज 29.अपर सत्र न्यायालय निवास ने एक चिन्हित जघन्य सनसनीखेज मामले में त्वरित न्याय करते हुए बलात्संग (रेप) के आरोपी को 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा 10 अक्टूबर को सुनाई है। मीडिया प्रभारी अभियोजन मंडला ने बताया कि न्यायालय ने बलात्संग प्रकरण के आरोपी सोनू उर्फ संजय झारिया निवासी ग्राम मनेरी थाना बीजाडांडी को दोषी ठहराया।
जानकारी अनुसार यह मामला विगत वर्ष 25. सितंबर 2024 को चौकी मनेरी, थाना बीजाडांडी में दर्ज किया गया था। अभियोक्त्री की मां ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 20 वर्षीय बेटी का पेट फूला हुआ देखने पर पूछताछ करने पर घटना का खुलासा हुआ। पीडि़ता ने बताया कि जब वह दूध लेने स्टैंड जा रही थी, तब आरोपी सोनू ने उसे टॉफी का लालच देकर बुलाया और कहा कि भाभी और बाई परिवार के लोग घर पर नहीं हैं। यह कहकर वह पीडि़ता का हाथ पकड़कर जबरदस्ती कमरे में ले गया और उसके साथ बलात्कार किया। इसके बाद जबलपुर के रांझी अस्पताल में सोनोग्राफी कराने पर खुलासा हुआ कि पीडि़ता 4 माह की गर्भवती है।
बताया गया कि पुलिस ने इस रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया और त्वरित विवेचना पूर्ण कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा इस मामले को चिन्हित एवं सनसनीखेज प्रकरणों की श्रेणी में रखा गया था। विचारण के दौरान न्यायालय ने प्रस्तुत साक्ष्य और अभियोजन पक्ष के तर्कों पर विचार करते हुए कठोर निर्णय लिया। अपर सत्र न्यायाधीश ने आरोपी सोनू उर्फ संजय झारिया को भारतीय न्याय संहिता की धारा विभिन्न धाराओं में 20 वर्ष सश्रम कारावास की सजा सुनाई, जो एक साथ चलेंगी। इसके साथ ही उसे अन्य धाराओं में भी सजा सुनाई गई, जिसमें 10 हजार रुपये का अर्थदंड भी शामिल है। मामले में शासन की ओर से अभियोजन का सफल संचालन सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी निवास उज्ज्वला उईके द्वारा किया गया।
शासकीय कन्या शाला में हड़कंप
रात भर स्कूल में कैद रही छात्रा, सिर पर गंभीर चोट और कटी मिली चोटी
सुरक्षा में बड़ी चूक पर आक्रोश, परिजनों ने मुख्य मार्ग पर किया चक्काजाम, दो स्टाफ को नोटिस जारी
बैग लेने गई थी छात्रा, पीछे से बोतल मारकर बेहोश करने का आरोप
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले के बम्हनी बंजर स्थित शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक छात्रा कक्षा के अंदर बेहोशी की हालत में मिली। छात्रा बुधवार शाम स्कूल की छुट्टी के बाद घर नहीं लौटी थी और रात भर स्कूल में ही कैद रही। परिजनों द्वारा सुबह स्कूल पहुंचने पर वह क्लास रूम में पाई गई, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और चोटी भी कटी हुई थी।
बताया गया कि परिजनों द्वारा रात भर तलाश करने और पुलिस को सूचना देने के बाद गुरुवार सुबह जब वे स्कूल पहुंचे तो बच्ची बेहोश मिली। आनन-फानन में स्कूल स्टाफ ने एम्बुलेंस बुलाकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि छात्रा की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन सिर की चोट गहरी होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। होश आने के बाद पीडि़त छात्रा ने बताया कि छुट्टी के बाद वह अपनी क्लास रूम में बैग लेने गई थी, इसी दौरान किसी ने पीछे से बोतल मार दी, जिसके बाद उसे कुछ याद नहीं है।
चक्का जाम कर किया विरोध प्रदर्शन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्कूल के सभी कमरों की तलाशी ली और सीसीटीवी फुटेज जब्त किए। प्रारंभिक जांच और फुटेज में एक संदिग्ध छाया दिखाई देने की बात सामने आई है। घटना और स्कूल प्रबंधन की कथित लापरवाही से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गुरुवार दोपहर स्कूल के सामने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया जो दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चला। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला भी जड़ दिया। सूचना मिलने पर एसडीएम सोनल सिडाम, नैनपुर एसडीओपी मनीष राज सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रशासन की मौजूदगी में ताला तोड़ा गया। परिवार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
स्कूल प्रबंधन पर गिरी गाज
इस गंभीर सुरक्षा चूक के मामले में सहायक आयुक्त वंदना गुप्ता ने तत्काल एक्शन लेते हुए विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य सुशील हरदाहा और भृत्य रोहोड़ी जोगी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। वहीं प्रभारी प्राचार्य सुशील हरदाहा ने अपनी सफाई में कहा कि छुट्टी के बाद सभी कमरों की जांच कर ताले लगाए जाते हैं और उनकी तरफ से किसी भी तरह की लापरवाही नहीं हुई है। हालांकि सवाल यह है कि स्कूल बंद होने के बाद सुबह तक बच्ची कक्षा में कैसे बेहोश पड़ी रही। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
इनका कहना है
छात्रा के बयान दर्ज किए गए हैं। छुट्टी के समय छात्रा को किसी ने पीछे से बॉटल मारा था। कुछ सहेलियों पर संदेह है जिनसे पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद और भी तथ्य सामने आएंगे। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। शिवकुमार वर्मा,एएसपी, मंडला
करवा चौथ आज, बाजार रहा गुलजार
तैयारियों में जुटी महिलाएं
जिला मुख्यालय में होते कई स्थानों पर बड़े आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. सुहागिन महिलाओं के जीवन में करवा चौथ का खास महत्व होता है। महिलाएं पूरे साल इस विशेष दिन का इंतजार करती हैं। इस दिन महिलाएं व्रत रखती हैं और अपने पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं। रात में चंद्रमा की पूजा के बाद पति का चेहरा देखते हुए अन्न जल ग्रहण करती हैं। करवा चौथ का व्रत कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष चतुर्थी तिथि को रखा जाता है। इस साल करवा चौथ का व्रत आज 10 अक्टूबर शुक्रवार को रखा जाएगा।
करवा चौथ के लिये महिलाएं घरों में पूजा की तैयारी कर रही है। खासकर पहली बार व्रत रखने वाली नवविवाहिताओं में खासा उत्साह है। हालांकि, हर आयु वर्ग की महिलाएं अपने-अपने अंदाज में त्योहार मनाने में जुटी हुई है। करवा चौथ का इंतजार हर सुहागिनों को ब्रेसबी से होता है। दिन भर अन्न-जल त्याग कर जब रात को पत्नियाँ सज-सँवरकर, हाथों में पूजा की थाली लिए छलनी से चाँद को निहार कर अपने पति के हाथों से पानी पीती हैं तो न केवल पत्नियों को उनके व्रत का प्रतिसाद मिलता है। करवाचौथ को लेकर नगर के बाजारों में रौनक है।
बाजारों में पर्व की खरीददारी को उमड़ी महिलाओं की भीड़ देख दुकानदारों के चेहरे खिले रहे। वही सुहागिने अपने को सबारने और सजाने में लग गई है। दीवाली से कुछ दिन पूर्व के प्रमुख त्योहार करवा चौथ की धूम है। बाजार पूजन सामग्री से सज गए है। नवेलियां पहले चौथ को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियों में जुटी है। इस त्यौहार के चलते बाजार में एक बार फिर से रौनक बढ़ गई है।
छलनी की ओट से चंद्रदर्शन
करवा चौथ को लेकर मान्यता है कि इस दिन चंद्रमा की किरणें सीधे नहीं देखी जाती हैं, उसके मध्य किसी पात्र या छलनी द्वारा देखने की परंपरा है क्योंकि चंद्रमा की किरणें अपनी कलाओं में विशेष प्रभावी रहती हैं जो लोक परंपरा में चंद्रमा के साथ पति-पत्नी के संबंध को उजास से भर देती हैं। चूंकि चंद्र के तुल्य ही पति को भी माना गया है, इसलिए चंद्रमा को देखने के बाद तुरंत उसी छलनी से पति को देखा जाता है। इसका एक और कारण बताया जाता है कि चंद्रमा को भी नजर न लगे और पति-पत्नी के संबंध में भी मधुरता बनी रहे।
विशेष तैयारियों में जुटी महिलाएं
इस बार करवा चौथ 10 अक्टूबर को है। घरों में पूजा की तैयारी चल रही है। खासकर पहली बार व्रत रखने वाली नव विवाहिताओं में खासा उत्साह है। हालांकि हर आयु वर्ग की महिलाएं अपने-अपने अंदाज में त्योहार मनाने में जुटी हुई है। करवा चौथ का इंतजार हर सुहागिनों को ब्रेसबी से होता है। दिन भर अन्न-जल त्याग कर जब रात को पत्नियाँ सज-सँवरकर, हाथों में पूजा की थाली लिए छलनी से चाँद को निहार कर अपने पति के हाथों से पानी पीती हैं तो न केवल पत्नियों को उनके व्रत का प्रतिसाद मिलता है। वहीं करवाचौथ को लेकर नगर के बाजारों में रौनक है। बाजारों में पर्व की खरीददारी को उमड़ी महिलाओं की भीड़ देख दुकानदारों के चेहरे खिले रहे। वही सुहागिने अपने को सबारने और सजाने में लग गई है। जिसके चलते ब्यूटी पार्लर में भी भीड़ रही। दीवाली से 10 दिन पूर्व के प्रमुख त्योहार करवा चौथ की धूम है। बाजार पूजन सामग्री से सज गए है। नवेलियां पहले चौथ को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियों में जुटी है। किसी ने मनपसंद उपहार खरीदने का प्लान बनाया तो कई जोड़े पर्व को यादगार बनाने की तैयारी में है। इस त्यौहार के चलते बाजार में एक बार फिर से रौनक बढ़ गई है। बाजार में पांच दिन पहले ही जगह-जगह करवा की दुकानों सज गईं थी।
करवा चौथ से बाजार को भी उम्मीद
करवा चौथे से बाजार को भी बड़ी उम्मीद है। जानकारों का मानना है कि दीवाली से पहले पडऩे वाले करवा चौथ से ही बाजार की रौनक लौट आती है। इस दिन महिलाओं के लिए शॉपिंग की जाती है। उन्हें सोने के आभूषण भेंट किए जाते हैं। त्यौहार, पर्व शुरू होने के बाद बाजार में रौनक बढऩे लगी है। दीपावली भी नजदीक है, बाजार अब गुलजार होने की तैयारी में है।
खुशियों की दास्तां
स्व-सहायता समूह से मिली नई उड़ान, आत्मनिर्भर बनी दिव्या ठाकुर
स्वावलंबन की ओर प्रेरणादायी कदम
मंडला महावीर न्यूज 29.मजबूत इच्छाशक्ति हो तो अपने जीवन को बेहतर बनाया जा सकता है। इसी युक्ति को साकार कर रही स्व-सहायता समूह की बहनों ने जिले में अनेक उदाहरण प्रस्तुत किए हैं। इसी तरह का अनुकरणीय उदाहरण हैं ग्राम खड़देवरा निवासी दिव्या ठाकुर। दिव्या ठाकुर मध्यप्रदेश दीनदयाल अंत्योदय योजना राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के वैष्णवी महिला आजीविका स्व-सहायता समूह से जुड़कर आज आत्मनिर्भर महिला बन चुकी हैं। उनका जीवन उन सभी महिलाओं के लिए एक प्रेरणा है।
दिव्या ठाकुर कहती है कि स्व-सहायता समूह से जुडऩे से पहले अपने गाँव में केवल एक गृहणी की भूमिका निभाती थी, जिससे उनके घर में अक्सर आय की कमी बनी रहती थी। वे कहती है कि उनकेे परिवार में कुल 4 सदस्य है। पति दुकान में काम करते है। यहां से मिलने वाली आय से उनके परिवार के बेहतर जीवन स्तर के सपने को साकार करना मुश्किल था।
स्व-सहायता समूह: परिवर्तन की पहली सीढ़ी
दिव्या ठाकुर के जीवन में मोड़ तब आया, जब उन्होंने स्व-सहायता समूह से जुडऩे का फैसला किया। समूह से जुडऩे के बाद उन्होंने सबसे पहले सिलाई का प्रशिक्षण प्राप्त किया और एक आजीविका गतिविधि की शुरुआत की। जिसने उनकी आमदनी की राह बनने लगी। उन्हें ग्राम संगठन के माध्यम से सामुदायिक निवेश राशि के तहत 1 लाख का ऋण प्राप्त हुआ जिससे किराना दुकान खोली।
व्यवसाय में विस्तार और आय में वृद्धि
दिव्या ने कड़ी मेहनत और लगन से अपनी दुकान के सामान की विविधता और मात्रा को धीरे-धीरे बढ़ाया। उनके प्रयास रंग लाए और उनकी दुकान अधिक सफल हो गई। इस सफलता ने उन्हें और अधिक आत्मविश्वास दिया। अपनी किराना दुकान की कमाई से उन्होंने एक और साहसिक कदम उठाया और स्वयं का ब्यूटी पार्लर का कार्य भी प्रारंभ किया, जिससे उनकी आय के स्त्रोत और बढ़ गए।
सफलता और परिवार के जीवन स्तर में सुधार
दिव्या ठाकुर एक सफल उद्यमी हैं। वह अपनी किराना दुकान से लगभग 15 हजार रूपए प्रति माह कमा रही हैं। उन्हें अपने परिवार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। आज दिव्या ठाकुर न केवल अपने परिवार की जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभा रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई हैं। उनकी मेहनत और आत्मविश्वास से यह साबित होता है कि अवसर और सही मार्गदर्शन मिलने पर महिलाएँ हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं।
भव्य कलश यात्रा और आतिशबाजी के साथ मझगांव में शुरू हुई श्री राम कथा
महामंडलेश्वर स्वामी आत्मानंद गिरी महाराज करेंगे कथा का वाचन
निवास मझगांव में ढोल-बाजे के साथ निकली कलश यात्रा, उमड़े श्रद्धालु
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास क्षेत्र के ग्राम मझगांव में गुरुवार को धार्मिक उत्साह और उमंग के साथ श्री राम कथा का भव्य आयोजन शुरू हो गया। कथा के शुभारंभ से पहले गांव में विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और श्रद्धालु शामिल हुए।
कलश यात्रा की शुरुआत आतिशबाजी और ढोल-बाजे के साथ हुई, जिसने पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना दिया। यह यात्रा ग्राम के विभिन्न मुख्य मार्गों से गुजरी। इस दौरान खेरमाई मंदिर सहित अन्य मंदिरों पर पूजन-अर्चन कर कथा का आव्हान किया गया।
कथा का वाचन अंतर्राष्ट्रीय सरस कथा प्रवक्ता महामंडलेश्वर स्वामी आत्मानंद गिरी जी महाराज पंचदशनाम जूना अखाड़ा के मुखारविंद से किया जा रहा है। यह ज्ञानवर्धक कथा 9 अक्टूबर से शुरू होकर 16 अक्टूबर तक चलेगी।
आयोजन समिति ने बताया कि कथा का समापन 16 अक्टूबर को पूर्ण आहुति और एक विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा। आयोजक समिति ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से कथा श्रवण करने और धर्म लाभ लेने की अपील की है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
रमतिला की दीदियों ने गोबर से बनाए 10 हजार इको फ्रेंडली दीपक
दीपावली पर हर घर में होगा गौमाता का आशीर्वाद, मंडला के स्व-सहायता समूह की अनूठी पहल
गौमाता के गोबर से घर-आंगन सजाने की तैयारी, समूह को मिलेगी अतिरिक्त आय
मंडला महावीर न्यूज 29.दीपावली के पर्व पर इस बार लोगों के घर-आंगन गौमाता के गोबर से बने आकर्षक और पर्यावरण अनुकूल दीपकों से रोशन होंगे। सीईओ शाश्वत सिंह मीना के मार्गदर्शन में जिला ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत विकासखंड बीजाडांडी के ग्राम रमतिला में स्व-सहायता समूह की महिलाएं इन दीपकों को तैयार कर आत्मनिर्भरता की दिशा में एक नई मिसाल पेश कर रही हैं।
जानकारी अनुसार सरस्वती आजीविका स्व-सहायता समूह की महिलाएं विगत एक माह से गौमाता के पवित्र गोबर से रंग-बिरंगे और आकर्षक दीपक बनाने के काम में जुटी हुई हैं। दीपावली पर इको फ्रेंडली दीपों की बढ़ती मांग को देखते हुए समूह की दीदियों ने इस बार दस हजार दीपक बनाने का लक्ष्य रखा है। ये सभी दीपक बाजार में बिक्री के लिए तैयार किए जा रहे हैं, जिससे समूह की महिलाओं को अतिरिक्त आमदनी का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।
विकासखंड प्रबंधक साहेब लाल सूर्यवंशी ने बताया कि यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने और महिलाओं को आजीविका से जोडऩे के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस कार्य में उन्हें विकासखंड इकाई से नजमुल हक, मनमोहन अहिरवार, गिरजा देवी केवट सहायक विकासखंड प्रबंधक, पवन तिवारी ईडीआई और प्रेम मरावी सहित पूरी टीम का सक्रिय सहयोग मिल रहा है। स्व-सहायता समूह की यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण दोनों के लिए एक प्रेरणादायी मार्ग प्रशस्त कर रही है, जिससे इस दीपावली पर हर घर सच्चे अर्थों में गौमाता के आशीर्वाद से रोशन होगा। यह पहल ग्रामीण विकास और पर्यावरण संरक्षण का एक सुंदर उदाहरण है।
सुरेहली में शराबबंदी, बेचने वाले पर लगेगा 10 हजार रूपए का दण्ड
शराब पीकर घूमने पर पांच हजार जुर्माना और सूचना देने वाले को एक हजार रूपए इनाम
मातृशक्तियों की अगुवाई में ग्राम सभा का बड़ा फैसला
महिला ने शुरू किया महिला जागो भठ्ठी तोड़ो आंदोलन
नशा मुक्ति और जंगल बचाने का भी लिया संकल्प
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले की जनपद पंचायत घुघरी के अंतर्गत आने वाले आदिवासी बाहुल्य ग्राम सुरेहली में नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण के लिए एक अभूतपूर्व सामाजिक आंदोलन चलाया जा रहा है। मातृशक्तियों के नेतृत्व में की गई पहल महिला जागो भठ्ठी तोड़ो और जंगल बचाओ नारों के साथ की है। जिसने ग्राम में एक स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की नींव रखने का संकल्प लिया है।
जानकारी अनुसार इस सशक्त आंदोलन की शुरुआत एक महिला ग्राम सभा के आयोजन से हुई, जिसकी अध्यक्षता सरपंच और उप सरपंच ने की। मातृशक्तियों ने गहन विचार-विमर्श के बाद यह ऐतिहासिक निर्णय लिया कि गांव में नशा का बढ़ता प्रचलन आने वाली पीढ़ी, बच्चों और युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना रहा है। उन्होंने बताया कि नशा केवल शिक्षा और स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि पारिवारिक रीति-नीति और परंपराओं को भी बिगाड़ रहा है, जिसके कारण सुरेहली गांव विकास से कोसों दूर होता जा रहा है। इसके साथ ही नशे के कारण आकस्मिक मौतें और दुर्घटनाएं भी बढ़ रही हैं।
इन गंभीर सामाजिक समस्याओं को देखते हुए मातृशक्ति, पितृशक्ति और युवा साथियों ने मिलकर शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का फैसला किया। नशा मुक्त ग्राम बनाने के इस संकल्प के साथ एक विशाल रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजित ग्राम सभा में शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए कुछ कठोर नियम बनाए गए, जिसका तत्काल प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। इन नियमों के उल्लंघन पर भारी जुर्माने का प्रावधान किया गया है, इसके साथ ही सूचना देने वालों को भी पुरस्कृत किये जाने का भी निर्णय लिया गया।
जुर्माने के साथ दिया जाएगा पुरस्कार
ग्राम सुरेहली को नशा से मुक्त करने और नशा मुक्त ग्राम बनाने की पहल करते हुए ग्राम सभा में दण्ड, जुर्माना लगाना का प्रावधान बनाया गया। जिसमें ग्राम में शराब बनाकर बेचने वालों पर 10 हजार रूपए का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं ग्राम में शराब पीकर घूमते हुए पाए जाने पर पांच हजार रुपए का दण्ड लगाया जाएगा। इसके साथ ही नशे के साक्ष्य सहित सही जानकारी देने पर सूचना देने वाले को एक हजार रूपए के के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह निर्णय ग्राम में शराब के उत्पादन, बिक्री और सेवन पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से लिया गया है।
पर्यावरण संरक्षण का भी लिया संकल्प
नशा मुक्ति के साथ ही ग्राम सुरेहली में आयोजित ग्राम सभा ने पर्यावरण संरक्षण पर भी महत्वपूर्ण संकल्प लिया है। जंगलों और पर्यावरण की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए जंगल से गीली लकड़ी लाने पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इस अभियान में महिला जागो भठ्ठी तोड़ो, जंगल बचाओ और पर्यावरण बचाओ के नारे लगाते हुए मातृशक्तियों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे यह आंदोलन समग्र सामाजिक सुधार का प्रतीक बन गया।
सामाजिक सहयोग से होगी मासिक समीक्षा
इस नशा मुक्ति और जंगल बचाओ आंदोलन में उप सरपंच मालती धुर्वे और लक्ष्मी धुर्वे, द्रोपती, सुशीला मसराम, माया बाई, देवकी मरावी, फूलवती, कलावती धुर्वे, सेवकली मरावी, गुलाबाई धूमकेती, पार्वती धूमकेती, जय सिया पूसाम, सुमंत्री, और मनीषा वालरे समेत समस्त मातृशक्तियों ने सक्रिय भागीदारी की।
नियमों की होगी प्रतिमाह समीक्षा
ग्राम पंचायत सुरेहली के सरपंच कमलेश कुमार धुर्वे, पेसा एक्ट अध्यक्ष सदन धुर्वे, ग्राम मुकदम गुलाब धुर्वे वरिष्ठ समाजसेवी, अमर सिंह, कालूराम पन्द्रों, अमर सिंह धूमकेती, रमेश पंद्रो, दुर्गा धूमकेती, मते सिंह मरावी, हामी लाल धुर्वे और सभी ग्रामवासियों के सहयोग से पूरे ग्राम में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को नशा और पर्यावरण के लिए जागरूक किया गया। आयोजित ग्राम सभा में यह भी फैसला किया है कि इन बनाए गए नियमों की नियमित निगरानी की जाएगी और इसकी समीक्षा के लिए मासिक बैठकें आयोजित की जाएंगी। यह कदम सुरेहली गांव में एक स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की मजबूत नींव रखेगा, जो अन्य ग्रामों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन सकता है।
रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️
नेशनल हाईवे 30 पर भीषण हादसा
ट्रेलर और हाईवा में जोरदार टक्कर के बाद भी बाल-बाल बचे चालक
टिकरिया थाना क्षेत्र में रात ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा, हाईवे पर लगा जाम
मंडला महावीर न्यूज 29.नेशनल हाईवे 30 (जबलपुर-रायपुर मार्ग) पर बुधवार रात टिकरिया थाना के सामने एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। तेज रफ्तार हाईवा एमपी 49 जेडडी 9555 और ट्रेलर एचआर 64 ए 0881 में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भारी वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर रायपुर से जबलपुर की ओर जा रहा था, जबकि सामने से आ रहा हाईवा ओवर टेकिंग के दौरान उससे टकरा गया।
गनीमत रही कि हादसे में दोनों वाहनों के चालकों को केवल मामूली चोटें आईं और कोई जनहानि नहीं हुई। टक्कर के तुरंत बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही टिकरिया थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कर यातायात को सामान्य कराया। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।
ट्रक का टायर फटा, ऑटो से हुई भिंडत
हादसे में एक घायल, जबलपुर रैफर, नारायणगंज टिकरिया की घटना
मंडला महावीर न्यूज 29.नेशनल हाईवे 30 नारायणगंज जबलपुर मार्ग में जबलपुर की तरफ से आ रहे एक ट्रक का टायर अचानक फट जाने के कारण सामने से आ रहे ऑटो से टकरा गया। जिससे ऑटो में सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक युवक को गंभीर चोट आई, वहीं दो युवकों को मामूली चोटे लगी। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज उपचार के लिए लेकर पहुंचे। जहां घायलों का उपचार किया गया। वहीं गंभीर घायल युवक का प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने जबलपुर मेडिकल रैफर कर दिया। हादसे की सूचना टिकरिया पुलिस को दी गई। जिसके बाद टिकरिया हादसे की जांच कर रही है।
जानकारी अनुसार नारायणगंज के टिकरिया के पास नारायणगंज से कुड़ामैली की तरफ एक ऑटो जा रहा था। ऑटो में चार लोग सवार थे और सीमेंट लोड था, वहीं जबलपुर की तरफ से एक ट्रक मंडला की तरफ जा रहा था, इसी दौरान टिकरिया के पास ट्रक का टायर अचानक फट गया और सामने से आ रहे ऑटो से भिंडत हो गई। इस हादसे में ऑटो सवार तीन लोगों घायल हुए, जिसमें दो लोगों को मामूली चोटे आई, वहीं एक युवक गंभीर घायल हो गया। घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में लाया गया। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल युवक को जबलपुर रैफर कर दिया।
बताया गया कि हादसे में ऑटो सवार चार लोगों में तीन लोग घायल हुए थे, जिसमें दो लोगों को मामूली चोटे आई थी। वहीं ऑटो में सवार अमित परते पिता चेतराम परते 16 वर्ष, निवासी कुड़ामैली के बांया पैर गंभीर रूप से चोटिल हो गया था। युवक अमित के पैर की कटोरी टूट गई थी। जिसके कारण चिकित्सक ने तत्काल युवक का प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल रैफर कर दिया। वहीं गीत लाल पिता चेतराम 18 वर्ष निवासी कुड़ामैली, सनी लाल पिता वैसाखू 21 निवासी कुड़ामैली को मामूली चोटे आई। जिनका उपचार कर छुट्टी दे दी गई।
मंडला के खिलाडिय़ों का शानदार प्रदर्शन, शालेय राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में झटके 59 मेडल
तलवारबाजी में 3 गोल्ड समेत मंडला जिले ने जीते कुल 59 मेडल, जिले का नाम किया रोशन
मंडला महावीर न्यूज 29.खेल कैलेंडर लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश के तत्वावधान में आयोजित शालेय राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में मंडला जिले के छात्र-छात्राओं ने अपना जौहर दिखाते हुए 59 मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। इन प्रतियोगिताओं में जिले के खिलाडिय़ों ने 03 गोल्ड मेडल, 20 सिल्वर मेडल और 36 ब्रोंज़ मेडल हासिल किए हैं।
जानकारी अनुसार आयोजित शालेय राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में मंडला जिले के छात्रों ने खेलवार उपलब्धियां हासिल की है। जिसमें शालेय राज्य स्तरीय तलवारबाजी जूनियर व सीनियर वर्ग क्रीड़ा प्रतियोगिता में जिले का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा। खिलाडिय़ों ने 03 गोल्ड मेडल, 18 सिल्वर मेडल और 24 ब्रोंज मेडल प्राप्त किए। ग्वालियर में आयोजित कराटे प्रतियोगिता में जिले के खिलाडिय़ों ने 02 सिल्वर मेडल व 10 ब्रोंज मेडल पर कब्जा किया। सीनियर व जूनियर वर्ग की वुशु प्रतियोगिता भी ग्वालियर में सम्पन्न हुई, जहाँ 05 खिलाडिय़ों ने सहभागिता करते हुए 02 ब्रोंज मेडल प्राप्त किए। सुजालपुर में हुई जूनियर वर्ग की कबड्डी क्रीड़ा प्रतियोगिता में बालक टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस टीम में 04 बालिका और 01 बालक शामिल थे।
बताया गया कि खिलाड़ी छात्र-छात्राओं की इस उपलब्धि के पीछे मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग मण्डला वंदना गुप्ता, सहायक संचालक रंजीत गुप्ता, क्षेत्र संयोजक विष्णु सिंगोर एवं जिला खेल प्रभारी मंगल सिंह पन्द्रे का मार्गदर्शन रहा। खिलाडिय़ों को तैयार करने में संदीप वर्मा संभागीय क्रीड़ा प्रभारी एवं तलवारबाजी कोच, त्रिलोक डोंगरे कराटे व वुशु कोच, डीएस ठाकुर और महेश मरावी कबड्डी कोच की अहम भूमिका रही।
खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि पर दिलीप सरणागत, विपिन कुजूर, शंकर दयाल वाजपेई, राजकुमार बाबरिया, बिंदु पिल्ले, नीलू जयसवाल, मधु कछवाहा, केडी बैरागी, अवध कुमार पटैल, लीला सिंह पन्द्रों, जमादार धुर्वे, गौतम सूर, रामफल गोठरिया, सीमा थोर्ट, सुदेश पटैल, सुधीर कछवाहा, प्रशांत बासल, सतीश कार्तिकेय, अशोक बरकड़े, आकाश खत्री, के भास्कर राव, दिनेश वरकड़े, शशांक मिश्रा, करुणा मर्सकोले, रामबती परते, प्रदीप जंघेला, शरद जंघेला आदि एवं सभी खेल प्रेमियों ने बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
68 साल की परंपरा
नारायणगंज के विशाल इनामी दंगल में 135 कुश्ती संपन्न
हरियाणा के भारत पहलवान बने विजेता
दंगल समिति को मंडला सांसद ने 5 लाख और निवास विधायक ने 1 लाख की राशि देने की घोषणा की
मंडला महावीर न्यूज 29.दुर्गा व्यायाम शाला स्थाई समिति नारायणगंज के तत्वावधान में मंगल भवन ग्राउंड में भव्य विशाल इनामी दंगल आयोजित किया गया। विगत 68 वर्षों से इस दंगल को पूरी भव्यता के साथ आयोजित किया जाता रहा है। इस वर्ष दंगल में तीन वर्गों में कुश्ती आयोजित की गई, जिसमें लगभग 135 से अधिक कुश्तियां संपन्न हुईं।
बताया गया कि आयोजित दंगल में तीन वर्गो में कुश्तियां आयोजित की गई। दंगल में विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों के पहलवानों ने भागीदारी की। जिसमें प्रथम वर्ग में विजेता भारत पहलवान हरियाणा रहे। जिन्हें स्व. नत्थू लाल चौकसे स्मृति में 15 हजार रूपए की नगद राशि दी गई। द्वितीय वर्ग में करण पहलवान जबलपुर विजेता रहे, जिन्हें 10 हजार रूपए का ईनाम स्व. सीताराम शर्मा की स्मृति में दिया गया। इसके साथ ही तृतीय वर्ग में सैमसन साई खेड़ा को आठ हजार रूपए का नगद पुरस्कार स्व. गुरमुख व पुतलीबाई जवानी स्मृति में दिया गया।
मंडला सांसद औन विधायक ने की घोषणा
बताया गया कि इस विशाल दंगल को स्थानीय जन प्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण सहयोग मिला। कार्यक्रम में उपस्थित मंडला सांसद फगन सिंह कुलस्ते ने दुर्गा व्यायाम शाला के भवन निर्माण के लिए पांच लाख रूपए की राशि देने की घोषणा की। वहीं निवास विधानसभा के विधायक चैन सिंह वरकड़े ने दंगल समिति को एक लाख रुपये की नगद राशि प्रदान की है। दंगल में मंगल आइटम यूनिवर्सिटी बरेला का विशेष सहयोग रहा। यूनिवर्सिटी से आए प्रतिनिधियों राज शर्मा, रूपल जोशी, सत्यम शाही ने विजेता पहलवानों को मेडल, टी-शर्ट, मग, फोटो फ्रेम और घड़ी जैसे उपहार देकर प्रोत्साहित किया। उन्होंने महिला पहलवानों के लिए हायर एजुकेशन में छूट संबंधी बात कहकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
अनेक क्षेत्रों के पहलवानों की भागीदारी
इस दंगल में हरियाणा, दिल्ली, सिवनी, कटनी, दमोह, धूमा, जबलपुर, मंडला और अन्य क्षेत्रों के पहलवानों ने भागीदारी कर आयोजन को सफल बनाया। पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम दुर्गा व्यायाम शाला के अध्यक्ष रतन सिंह ठाकुर, संरक्षक मगनलाल सोनी, उपाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रघुनंदन विश्वकर्मा, सचिव नरेश सोनी सहित अन्य पदाधिकारियों और पुरस्कार प्रदाताओं द्वारा किया गया।
मंडला की पारुल ने राज्य स्तरीय तीरंदाजी में गोल्ड पर साधा निशाना
राष्ट्रीय स्तर पर हासिल की पहली रैंक
69वीं राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में निर्मला स्कूल की छात्रा का दबदबा
जबलपुर संभाग से जीती ओवरऑल गोल्ड
मंडला महावीर न्यूज 29.69वीं अंतर्शलेराज्य राज्य स्तरीय आयु वर्ग 17 आर्चरी (तीरंदाजी) प्रतियोगिता में मंडला की छात्रा पारुल नंदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। यह प्रतियोगिता 4 से 8 अक्टूबर तक नर्मदापुरम में आयोजित की गई थी।
निर्मला सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा पारुल नंदा का चयन कंपाउंड राउंड के लिए हुआ था। पिता नंद कुमार नंदा और माता महिमा नंदा की पुत्री पारुल ने प्रतियोगिता के दौरान लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रथम राउंड में 315 स्कोरिंग के साथ गोल्ड मेडल प्राप्त किया, वहीं द्वितीय राउंड में भी 311 स्कोरिंग के साथ फिर से स्वर्ण पदक जीता। पारुल ने जबलपुर संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए ऑल ओवर 626 स्कोरिंग के साथ ओवरऑल गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर पारुल नंदा ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम रैंक की खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया है।
पारुल की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी वरकडे, जिला खेल अधिकारी कंदीलाल मरकाम, निर्मला स्कूल की मैनेजर सिस्टर ज्योत्स्ना, प्राचार्य सिस्टर क्लारा कुजूर, आर्चरी प्रशिक्षक जसवंत अहिरवार, पीटीआई सोनम कछवाहा, प्रथम चौकसे, साधना धुर्वे एवं समस्त स्टाफ ने उन्हें हार्दिक बधाई दी। सभी ने पारुल के नेशनल में भी गोल्ड मेडल प्राप्त करने की कामना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
शुभ योग में महिलाएं रखेंगी करवा चौथ में निर्जला व्रत
सुख, समृद्धि और पति की लंबी आयु की करेंगी कामना
महिलाएं कर रही खरीददारी, बाजार में आई रौनक
मंडला महावीर न्यूज 29.सुहागिनों के अखंड सौभाग्य का महापर्व करवा चौथ इस साल 10 अक्टूबर को मनाया जाएगा। ज्योतिषीय गणना के अनुसार इस वर्ष यह व्रत अत्यंत शुभ संयोगों के बीच मनाया जाएगा। जिससे इस कठिन निर्जला व्रत का पुण्य फल कई गुना बढ़ जाएगा। इस दिन सिद्धि योग के साथ शिववास योग और चंद्रमा का अपनी उच्च राशि वृषभ में होने से एक दुर्लभ महासंयोग बना रहा है। पंडित नीलू महाराज ने बताया कि ऐसे शुभ योगों में व्रत रखने से न सिर्फ पति की लंबी आयु का आशीर्वाद मिलता है, बल्कि वैवाहिक जीवन में सुख-समृद्धि और अटूट प्रेम भी बना रहता है। बताया गया कि इस निर्जला करवा चौथ व्रत से पहले मंडला के बाजारों में खासी भीड़ देखने को मिली। महिलाओं ने पूजा सामग्री, कपड़े और श्रृंगार के सामान के साथ गोल्ड, सिल्वर ज्वेलरी की खरीदारी जोर-शोर से की जा रही है।
जानकारी अनुसार महिलाओं का सबसे प्रिय त्यौहार करवा चौथ कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है। 10 अक्टूबर को करवा चौथ पर दो शुभ योग बन रहे हैं। ग्रहों की विशेष स्थिति बनने से इस दिन किए गए व्रत और पूजा-पाठ का कई गुना शुभ फल मिलेगा। करवा चौथ का व्रत सूर्योदय से शुरू होता है और शाम को चांद निकलने तक रखा जाता है। शाम को चंद्रमा का दर्शन कर के अध्र्य देने के बाद पति के हाथ से पानी पीकर महिलाएं व्रत खोलती हैं।
पंडित नीलू महाराज ने बताया कि इस वर्ष दो शुभ योग बन रहे है। जिसका शुभ लाभ महिलाओं को मिलेगा। चांद निकलने का समय रात्रि 09.20 मिनट में रहेगा। यह योग महिलाओं के लिए लाभकारी वा मंगलदायक रहेगा। करवा चौथ के दिन महिलाएं निर्जला व्रत रखती है। यह व्रत सुख समृद्धि और पति की लंबी आयु के लिए होता है। महिलाएं रात को चंद्रमा की पूजा दर्शन के बाद और पति का चेहरा देखकर अपना व्रत खोलती है।
बताया गया कि इस व्रत को सुहागिन महिलाओं के अलावा वो कन्याएं भी रख सकती हैं, जिनका विवाह तय हो चुका है। लेकिन कुंवारी कन्याओं को चंद्र दर्शन नहीं करने चाहिए। ज्योतिष में चांद प्रेम और प्रसिद्धि का प्रतीक है। यही वजह है कि सुहागिन महिलाएं करवा चौथ के दिन चंद्रमा की पूजा करती हैं, जिससे उनके आशीर्वाद से सारे गुण उनके पति के अन्दर आ जाए। जो महिलाएं बीमारी या किसी अन्य कारण से करवा चौथ का व्रत न कर पाए, उनके पति को यह व्रत करना चाहिए।
मंडला में चंद्रोदय और शुभ मुहूर्त
पंडित नीलू महाराज ने बताया कि करवा चौथ का व्रत रखने वाली महिलाओं के लिए सबसे महत्वपूर्ण समय चंद्रमा का उदय होता है। पंचांग के अनुसार इस साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि 9 अक्टूबर की रात 10.54 बजे से शुरू होकर 10 अक्टूबर की शाम 7.38 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के कारण व्रत 10 अक्टूबर को ही रखा जाएगा। मंडला में चंद्रोदय का समय रात 9.20 बजे का है। महिलाएं चंद्रमा के दर्शन के बाद अद्र्ध देकर अपने पति के हाथों जल ग्रहण करेंगी और उपवास का परायण करेंगी। इस दिन महिलाएं सूर्योदय से लेकर चंद्रमा के दर्शन तक अन्न और जल का त्याग कर निर्जला व्रत रखती हैं।
बाजार में रौनक
सोने के बढ़ते दामों के बावजूद मंडला सराफा बाजार में करवा चौथ की रौनक बरकरार रही। ज्वैलर्स ने ग्राहकों की मांग को देखते हुए लाइट वेट ज्वेलरी पर खास ध्यान दिया है। स्थानीय ज्वेलर्स की दुकानों में स्टाईलिस्ट ज्वेलरी ज्यादा पंसद कर रही है। जिसमें सोने, चांदी के ज्वेलरी महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई हैं।
पति के प्रति समर्पण का पर्व है करवा चौथ
करवा चौथ का त्योहार भारतीय संस्कृति के उस पवित्र बंधन का प्रतीक है जो पति-पत्नी के बीच होता है। भारतीय संस्कृति में पति को परमेश्वर की संज्ञा दी गई है। करवा चौथ का व्रत रख पत्नी अपने पति के प्रति यही भाव प्रदर्शित करती है। स्त्रियां श्रृंगार करके ईश्वर के समक्ष दिनभर के व्रत के बाद यह प्रण भी लेती हैं कि वे मन, वचन एवं कर्म से पति के प्रति पूर्ण समर्पण की भावना रखेंगी।
इनका कहना है
प्रतिवर्ष करवा चौथ का व्रत रहते है। इसको लेकर मन में काफी उत्साह रहता है। करवा चौथ की तैयारियां कर ली है। ससुराल और मायके से तो तौहफा मिलेगा ही, अपने हिसाब से भी अपने लिये खरीददारी कर रहे है। ऐसे तो प्रति पल अपने सुहाग की सलामती की कामना करती हूं लेकिन करवा चौथ के दिन विधि-विधान पूर्वक व्रत करके पति से आशीर्वाद लेने के बाद व्रत पूरी करूंगी।
रमाभारती प्रजापति, घुघरी
यह मेरा दूसरा करवा चौथ व्रत है, पहले व्रत में जो उत्साह था वही उत्साह दूसरे करवा चौथ को लेकर भी है। समय के साथ परंपराएं कहीं न कहीं और मजबूत हुई है। त्यौहार ग्लोबल हुए हैं। पहले यह पर्व कुछ खास वर्ग तक ही सीमित था। अब हर ओर त्यौहार की खुशियां देखने को मिलता है। करवा चौथ भारतीय संस्कृति में पति के लिए पत्नी के समर्पण भाव को दर्शाता है। इस व्रत को लेकर हम काफी उत्साहित रहते है।
राखी पमनानी, मंडला
सुहागिनें अपने पति के लंबे उम्र की कामना करते हुए करवा चौथ का व्रत रखती हैं, वहीं युवतियां भी योग्य वर की कामना के साथ निर्जला उपवास करती हैं। दशहरे के बाद अब करवा चौथ को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह रहता है। कपड़े, फैंसी आईटम के लिये बाजार में रौनक रहती है। इसके बाद धनतेरस और दीवाली का माहौल बन जाएगा। करवा चौथ की तैयारी कर ली गई है।
सीमा सिंह ठाकुर,मंडला
प्रतिवर्ष मैं करवा चौथ का व्रत रखती हूं। इस व्रत को लेकर उत्साह भी रहता है, जिसे हम खूब इंज्वाए करते है। पूरा परिवार जब साथ होता है तो त्यौहार की खुशियां चार गुना हो जाती है। करवा चौथ व्रत के आयोजन में आसपास की महिलाएं एक साथ एकत्र होकर कवर चौथ का पूजन करेगी और चंद्रमा के दर्शन के बाद अद्र्ध देकर अपने पति के हाथों जल ग्रहण करेंगी। सामूहिक आयोजन बहुत ही भव्यता से मनाया जाता है।
सोनिया कछवाहा,मंडला
साल में एक बार आने वाले करवा चौथ को लेकर मन में काफी उत्साह रहता है, सजने, संवरने का मौका एक बार फिर मिलता है। व्रत को लेकर पूरी तैयारियां कर ली है, फिर भी कही कोई कमी ना रह जाए इसकी भी चिंता रहती है। हालांकि बचपन से ही मां को पूजा करते देखती आई हूं। मेरे लिए यह सिर्फ एक व्रत नहीं बल्कि खास दिन है। इस दिन को बेहतरीन तरीके से सेलिब्रेट करूंगी। व्रत के लिए अभी और खरीददारी करेंगे।
अभया यादव, मंडला
नैनपुर जंक्शन में कोचिंग डिपो से खुलेगा विकास का रास्ता
यात्रियों की सुविधा के लिए नैनपुर में जरूर है कोचिंग डिपो
कोचिंग डिपो के लिए खाली है 900 एकड़ जमीन उपलब्ध
मंडला महावीर न्यूज 29.मध्य प्रदेश के रेलवे इतिहास में एशिया के सबसे बड़े जंक्शन नेरोगेज के समय के रूप में विख्यात नैनपुर जंक्शन को वर्तमान में यात्री सुविधाओं और ट्रेन संचालन के विस्तार के लिए एक कोचिंग डिपो की आवश्यकता है। रेलवे के मध्य क्षेत्र का केंद्र बिंदु होने के कारण यहां कोचिंग डिपो स्थापित करने की मांग जोर पकड़ रही है, जिससे यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित सफर मिल सके।
बताया गया कि ट्रेनों के सुचारु संचालन के लिए कोचिंग डिपो एक अनिवार्य केंद्र होता है। यह डिपो यात्री ट्रेनों के डिब्बों के रखरखाव, मरम्मत और गहन निरीक्षण के लिए जिम्मेदार होता है। डिपो में पिट लाइन, कोच वाटरिंग, वाशिंग लाइन, स्टेबलिंग लाइन और सिक लाइन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होती हैं, जो प्रत्येक यात्रा के बाद कोचों को अगली यात्रा के लिए तैयार करने, उनकी तकनीकी खराबी दूर करने और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण हैं। यदि नैनपुर में यह डिपो बनता है, तो यह जबलपुर रेल मंडल के लिए एक आवश्यक रखरखाव केंद्र के रूप में उभरेगा।
नैनपुर में डिपो के लिए है पर्याप्त भूमि
बताया गया कि कोचिंग डिपो के लिए पर्याप्त भूमि और जल संसाधन की आवश्यकता होती है, और नैनपुर जंक्शन इस मामले में पूरी तरह से उपयुक्त है। रेलवे के पास यहां लगभग 900 एकड़ जमीन अभी भी खाली है। इसके साथ ही नैनपुर में एक विशाल तालाब, चारों ओर नदियाँ और अन्य जल स्रोत भी पर्याप्त है, जिससे डिपो के संचालन में पानी की कोई कमी नहीं आएगी। बताया गया कि रेलवे बोर्ड द्वारा छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और नैनपुर क्षेत्र के लिए एक कोचिंग डिपो बनाने की योजना पहले से है। पहले इस डिपो को कल्मना स्टेशन में खोलने की संभावना थी, जिसके लिए सर्वे भी हुआ था, लेकिन जमीन की कमी के कारण यह मामला लटक गया। अब नैनपुर में इसकी स्वीकृति के लिए फाइल आगे बढ़ चुकी है।
क्षेत्र के विकास का खुलेगा रास्ता
नैनपुर में कोचिंग डिपो बनने से रेलवे को न केवल डिब्बों के रखरखाव में आसानी होगी, बल्कि यह नैनपुर से मंडला, बालाघाट, गोंदिया, सिवनी और छिंदवाड़ा सहित अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन भी अधिक सुगमता से कर सकेगा। यह केंद्र बनने के बाद लंबी दूरी की एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को नैनपुर से संचालित करने में रेलवे को कोई परेशानी नहीं आएगी, जिससे पूरे क्षेत्र के रेल विकास का रास्ता खुलेगा। स्थानीय निवासियों का मानना है कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग और सक्रिय मांग से यह परियोजना जल्द ही साकार हो सकती है। अनुमान है कि यदि स्वीकृति मिलती है, तो कोचिंग डिपो का निर्माण कार्य 1 से 2 साल के भीतर पूरा हो जाएगा, जिससे नैनपुर जंक्शन का महत्व और विकास कई गुना बढ़ जाएगा। क्षेत्र के विकास के लिए सभी नागरिकों और प्रतिनिधियों से इस परियोजना को गति देने की अपील की गई है।
32 वर्षों से गांव का माहौल खराब कर रही महिला
ग्रामीणों ने परेशान होकर पुलिस और कलेक्टर से की तत्काल कार्रवाई की मांग
आसामाजिक तत्वों से बिगड़ा गांव का माहौल
मंडला महावीर न्यूज 29.बीजाडांडी विकासखंड अंतर्गत ग्राम समनापुर में एक महिला के असामाजिक आचरण से परेशान होकर पूरे गांव ने एकजुटता दिखाते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। ग्राम के पंचगणों और ग्रामीणों ने थाना बीजाडांडी प्रभारी को लिखित शिकायत करते हुए महिला के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया कि ग्राम समनापुर निवासी झनकरानी उर्फ गुड्डी पति प्रेम तेकाम पर ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया कि वह विगत 32 वर्षों से अपने व्यवहार के कारण गांव का माहौल खराब कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि महिला शराब पीकर हंगामा करती है और असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर गांव की शांति भंग कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी तमाम कोशिशों के बावजूद महिला के आचरण में कोई सुधार नहीं आया है। ग्रामीणों ने बताया कि महिला के इस व्यवहार से पूरा गांव परेशान हो गया है, क्योंकि यह न केवल गांव के वातावरण को दूषित हो रहा है, बल्कि खासकर युवा पीढ़ी पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
पंचों की समझाइश हुई विफल
शिकायत में बताया गया है कि 32 वर्षों के दौरान गांव के पंचों द्वारा महिला को कई बार सामूहिक रूप से समझाया गया और उसके आचरण को सुधारने के लिए चेतावनी भी दी गई, लेकिन महिला मानने को तैयार नहीं हुई। इतना ही नहीं, आरोप है कि उसने पंचों को भी अपशब्द कहे। ग्रामीणों ने बताया कि महिला के ससुर स्वामी लाल तेेकाम को भी समाज के द्वारा कई बार कहा गया कि वह अपनी बहू के आचरण में सुधार लाएं, लेकिन महिला के इस जिद्दी और नकारात्मक व्यवहार के कारण पूरा परिवार सहमत है कि समाज उसका विरोध करे।
महिला का ग्राम से बहिष्कार की मांग
ग्रामीणों ने अपनी परेशानी से लिखित में थाना प्रभारी बीजाडांडी को अवगत कराया है और इस आवेदन को कलेक्टर और मंडला पुलिस अधीक्षक को भी भेजा गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस गंभीर सामाजिक समस्या का तत्काल समाधान करने के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की है। परेशान ग्रामीण अब इस महिला का ग्राम से बहिष्कार करने की बात भी कह रहे हैं, जिससे गांव में शांति बनी रहे। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा है कि वे अपनी सभ्यता और सामाजिक मूल्यों की रक्षा के लिए किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेंगे।
इनका कहना है
ग्राम में वर्षो से निवासरत एक महिला झनकरानी का क्रियाकलाप ठीक नहीं है, जिसके कारण गांव का माहौल ओर समाज में गलत प्रभाव पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए थाना बीजाडांडी में शिकायत लेकर पहुंचे है।
धनीराम बरकड़े,पूर्व सरपंच, समनापुर
ग्राम समनापुर के महिला, पुरूष एक महिला के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंचे है। ग्रामीणों के अनुसार महिला द्वारा गांव का माहौल खराब किया जा रहा है, शिकायत मिली है, गांव जाकर वस्तुस्थिति समझकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रदीप कुमार पांडे
थाना प्रभारी, बीजाडांडी
शरद पूर्णिमा पर 10 विद्या महाशक्ति पीठ के विसर्जन चल समारोह में उमड़ा जनसैलाब
भव्य आतिशबाजी और छत्तीसगढ़ की महाकाली झांकी
दस महाविद्या स्वरूपों वाली विद्या महाशक्ति पीठ का विसर्जन, संगीत से मंत्रमुग्ध हुए धर्मप्रेमी
मंडला महावीर न्यूज 29.हर वर्ष की तरह इस बार भी श्री सिद्ध सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति बड़ी खैरी द्वारा स्थापित विद्या महाशक्ति पीठ का भव्य विसर्जन चल समारोह शरद पूर्णिमा के पावन दिवस पर बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और अभूतपूर्व भव्यता के साथ निकाला गया। यह चल समारोह शक्ति, भक्ति और सांस्कृतिक उत्सव का अद्भुत संगम बना, जिसमें हजारों की संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु शामिल हुए।
बड़ी खैरी से आरंभ हुआ यह भव्य चल समारोह दोपहर 12 बजे विद्या महाशक्ति पीठ से शुरू हुआ। विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद माता की प्रतिमा को सुसज्जित रथ पर विराजित कर नगर के मुख्य मार्गों से भ्रमण कराया गया। जुलूस जैसे ही पड़ाव चिलमन चौंक, बस स्टैंड, लालीपुर, बैगा-बैगी चौंक से होते हुए रेडक्रॉस, बड चौराहा और उदय चौंक पहुंचा, सड़कों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। पूरे मार्ग में भक्तों ने फूल बरसाकर माता का स्वागत किया। अंतत: यह विशाल चल समारोह विसर्जन स्थल नावघाट पहुंचा, जहां विधि-विधान से पूजन अर्चन करते हुए मातारानी का विसर्जन किया गया।
झांकियों और संगीत की स्वर लहरियों से गूंजा नगर
विसर्जन चल समारोह इस बार अपने सांस्कृतिक आकर्षणों के कारण अविस्मरणीय बन गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ से आई अखंड महाकाली झांकी रही, जो अपने 80 साथियों के साथ यहां पहुंची थी। झांकी में प्रस्तुत किए गए देवी स्वरूपों ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगीत और वाद्य यंत्रों ने पूरे नगर को भक्तिमय उत्साह से भर दिया। मशहूर सुनील ब्रश बैंड अपने 70 कलाकारों के साथ मनमोहक देवी गीतों को प्रस्तुत करते नजर आए। वहीं नागपुर से आए जेबी ढोल की थाप ने नगर को गुंजायमान कर दिया। ध्वनि की भव्यता में किशन डीजे का 40 हजार वॉट साउंड सिस्टम भी शामिल था, जिसने भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके साथ ही भूतनाथ शंकर की चलित झांकी लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसके साथ भक्त सेल्फी और तस्वीरें लेते नजर आए।
आतिशबाजी और रंगोली रही आकर्षण का केन्द्र
विसर्जन मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धा और कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। मुंबई से आए रंगोली कलाकारों ने अपनी मनमोहक कलाकृतियों से स्वागत द्वार सजाए, जो श्रद्धालुओं को कला के प्रति आकर्षित कर रहे थे। वहीं, अरिहंत इवेंट द्वारा पूरे मार्ग पर की गई भव्य आतिशबाजी ने आसमान को रोशनी से भर दिया, जिससे रात का दृश्य अलौकिक हो गया। समिति के अध्यक्षों एवं सदस्यों ने बताया कि यह चल समारोह माँ के प्रति अटूट भक्ति और संपूर्ण समाज की एकता का प्रतीक है। माता के दर्शन और विसर्जन में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी ने पूरे हर्षोल्लास के साथ सहभागिता की।
दस महाविद्या स्वरूपों का केंद्र
इस वर्ष विद्या महाशक्ति पीठ में मां के दस दिव्य स्वरूपों की स्थापना की गई थी, जिनके दर्शन के लिए पूरे नवरात्रि के दौरान भक्तों का तांता लगा रहा। ये दस स्वरूप मां धूमावती, मां कमला, मां काली, मां बगलामुखी, मां मातंगी, मां तारा, मां त्रिपुर सुंदरी, मां भुवनेश्वरी, मां षोडशी और मां छिन्नमस्ता का था। बताया गया कि विद्या महाशक्ति पीठ को उन देवियों में एक माना जाता है जो समस्त शक्तियों की अधिष्ठात्री हैं। यह पीठ मां के दस दिव्य स्वरूपों का प्रतीक है, जहां मां के रूप में शक्ति, ज्ञान, समृद्धि, करुणा और न्याय का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। माना जाता है कि यहां की आराधना करने से साधक को न केवल सांसारिक सुख की प्राप्ति होती है, बल्कि आत्मिक शांति और सिद्धि भी प्राप्त होती है। बड़ी खैरी का यह दुर्गोत्सव शारद पूर्णिमा पर अपने चरम पर पहुंचा, और यह स्थान भक्तों के लिए आस्था, साधना और आध्यात्मिक ऊर्जा का एक प्रमुख केंद्र बन चुका है।
शरद पूर्णिमा में बरसा आसमान से अमृत
देर रात तक मंदिरों में चला भजन, कीर्तन का दौर
अल सुबह से नर्मदा तट और मंदिरों में भक्तों रहा तांता
मंडला महावीर न्यूज 29. अश्विन शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा पर शरद पूर्णिमा मनाई गई। सोलह कलाओं से परिपूर्ण चंद्रमा का उदय हुआ। मान्यता के अनुरूप उसकी रोशनी में ओस के साथ आसमान से अमृत की वर्षा हुई। लिहाजा लोगों ने खीर समेत अन्य मीठे व्यंजन बनाकर उन्हें घरों की छत पर रखा। वहीं दिन में मंदिरों में धन की देवी मां लक्ष्मी व कुबेर की पूजा की गई। दिनभर धार्मिक आयोजन मंदिरों, घरों में चलते रहे। महिलाओं इस अवसर पर व्रत भी रखा।
बताया गया कि शरद पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने भोर में ही उठकर सरोवरों व नदी आदि में स्नान किया। फिर मंदिरों में जाकर अपने ईष्ट देवों की पूजा की। उन्हें फूल व अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। इसके साथ ही शहर के सभी मंदिरों में शरद पूर्णिमा पर विशेष पूजन किया गया। लक्ष्मीनारायण मंदिर, श्रीराम मंदिर समेत अन्य मंदिरों में पूजा-अर्चना की गई। इसके साथ ही महिला मंडलियों ने शाम से रात तक भजनों की प्रस्तुति दी गई। इसी कड़ी में रात के समय घरों में खीर समेत अन्य मीठे व्यंजन तैयार किए गए। देर शाम पूर्ण चंद्रमा का उदय हुआ। मान्यता है कि इस दिन वह अपनी सोलह कलाओं के साथ परिपूर्ण होता है। ऐसे में रात में अमृत की वर्षा होती है। लिहाजा खीर बनाकर उन्हें छत पर रखा गया, इस उम्मीद के साथ की चंद्रमा की किरणों से अमृत की वर्षा होगी। फिर देर रात उन्हें निकालकर सपरिवार ग्रहण किया गया। वहीं कुछ घरों में अगले दिन सुबह के लिए उन्हें रखा गया।
शरद पूर्णिमा के मौके पर जिले भर के मंदिरों व घरों में लोगों ने चंद्रमा की दूधियां रोशनी में भगवान विष्णु व तुलसी की पूजन अर्चना की। महिलाओं ने भगवान को मावा, मिश्री से निर्मित लड्डुओं का भोग अर्पित कर अपने परिवार व पुत्रों की खुशहाली के कामना की। अश्विनी मास की पूर्णिमा को शरद पूर्णिमा कहा जाता है। कहा जाता है कि शरद पूर्णिमा की रात में चंद्रमा अपनी 16 कलाओं से पूर्ण होकर आकाश में अमृत बर्षा करता है तथा वैभव की देवी लक्ष्मी अपने पति श्रीहरि के साथ पृथ्वी लोग के भ्रमण के लिए आती है। लक्ष्मी-विष्णु के स्वागत के लिए शरद पूर्णिमा पर्व मनाया जाता है। मंदिरों में देर रात तक भजन-कीर्तन के कार्यक्रम चलते रहे।
काशी विश्वनाथ गुरुकुल में क्षत्राणियों को दिल्ली के आचार्यों ने दिया प्रशिक्षण
वेद पाठ के साथ किया शौर्य का प्रदर्शन
कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने किया सम्मानित
मंडला महावीर न्यूज 29.काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल जिलहरी घाट के द्वारा रानी दुर्गावती की जन्म जयंती पर वीरांगनाओं का शौर्य प्रदर्शन केबिनेट मंत्री संपतिया उइके के मुख्य आतिथ्य में गुरुकुल परिसर में संपन्न हुआ,जिसमें ब्रह्मचारियों द्वारा वेद पाठ, गीता पाठ,राष्ट्रीय गीत की प्रस्तुति दी गई। दिल्ली से आए आचार्य सत्यम, आचार्या अभिलाषा ने वीरांगना क्षत्राणियों को प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में आचार्य भीमदेव, प्रीति मौर्य, सुमिता नामदेव का कुशल मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। सनातन वैदिक गुरुकुल एवं गौशाला समिति के सभी सदस्यों का सहयोग रहा। मंत्री संपतिया उइके ने प्रथम, द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए एवं गुरुकुल के प्रयासों की सराहना की।
इस कार्यक्रम में स्वामी शारदात्मानन्द, स्वामी वेदश्रवा, धर्ममुनि, मानव सेवा संस्थान जबलपुर की टीम, प्रिया धुर्वे, मंजू कछवाहा, सरिता अग्निहोत्री, वंदना अवस्थी, रंजीत कछवाहा, प्रेमलाल गुप्ता, डॉ मुकेन्द्र मौर्य, विपिन बजाज, विभू आर्य,भानु खत्री, रामचन्द्र आर्य, रामप्रसाद नरैती, दुर्गेश यादव, अवधेश टिकरिया सहित समस्त ग्रामवासी मातृशक्ति और मंडला के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सतगुरु साईं ईश्वरशाह साहिब के सान्निध्य में 9-10 अक्टूबर को वर्सी पर्व
कटनी के हरेमाधव धाम में विशाल आध्यात्मिक उत्सव
वर्सी पर्व में शामिल होने मंडला से सैकड़ों श्रद्धालु कटनी जाएंगे
मंडला महावीर न्यूज 29.मप्र का पावन तीर्थस्थल हरेमाधव धाम, माधवनगर कटनी एक बार फिर आध्यात्मिक आनंद का साक्षी बनने जा रहा है। 9 और 10 अक्टूबर को आयोजित होने वाला हरेमाधव वर्सी पर्व 2025 केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भक्तों के लिए आत्मा का परमात्मा से मिलन का एक अमूल्य सुअवसर है। इस दो दिवसीय पावन पर्व में देश के कोने-कोने से हजारों श्रद्धालु कटनी पहुंचकर सतगुरु साहिबान का पावन रूहानी दर्शन कर आत्मिक शांति का अनुभव करेंगे। इस वर्ष भी वर्सी पर्व परम श्रद्धेय जीवनमुक्त सतगुरु सांई ईश्वरशाह साहिब जी के सान्निध्य में रूहानी महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा।
यह पावन पर्व मुख्य रूप से सतगुरु बाबा माधवशाह एवं सतगुरु बाबा नारायणशाह साहिब की पवित्र स्मृति को समर्पित है। वर्सी पर्व वास्तव में केवल भक्ति का अवसर नहीं, बल्कि आत्मा के भीतर जागरण का संदेश देता है। यहाँ आने वाले श्रद्धालु सेवा, सत्संग, सिमरन-ध्यान और भजन-बन्दगी में लीन होकर अपने जीवन को पवित्र और निर्मल बनाने की प्रेरणा प्राप्त करते हैं। जिस प्रकार तपकर सोना कुंदन बनता है, वैसे ही इस पर्व की साधना आत्मा को निखार देती है। श्रद्धालु सतगुरु की असीम कृपा, प्रेम और रहमतों का अनुभव कर आत्मिक तृप्ति पाते हैं। इस दौरान कटनी का माधव नगर भजन-बंदगी की स्वर लहरियों और सतगुरु वचनों की वाणी से गूंज उठेगा।
मंडला से बड़ी संख्या में श्रद्धालु होंगे शामिल
स्थानीय आयोजकों ने बताया कि इस रूहानी महोत्सव में शामिल होने के लिए मंडला जिले से सैकड़ों श्रद्धालु 9-10 अक्टूबर को कटनी के लिए प्रस्थान करेंगे। यह आध्यात्मिक पर्व हर श्रद्धालु के लिए जीवन को नई आध्यात्मिक दिशा देने वाला एक अमूल्य अवसर होगा।
बेटी ने निभाया बेटे का फर्ज, प्रेरणा ने किया अपने पिता का अंतिम संस्कार
चार साल की बीमारी के बाद अजय कछवाहा का निधन
बिटिया प्रेरणा ने नम आँखों से दी अंतिम विदाई
मंडला महावीर न्यूज 29.विगत चार वर्षों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे अजय कछवाहा का दुखद निधन हो गया, जिससे पूरा परिवार और परिचित गहरे शोक में डूब गए हैं। भारतीय संस्कृति में जहां अंतिम विदाई की रस्मों में बेटे की उपस्थिति को महत्वपूर्ण माना जाता है, वहीं आज जो नजारा देखने को मिला, वह निश्चित रूप से सभी की आँखों को नम कर गया और समाज के लिए एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया। स्वर्गीय अजय कछवाहा का अंतिम संस्कार उनकी बिटिया प्रेरणा कछवाहा के द्वारा संपन्न किया गया।
बिटिया प्रेरणा ने मुखाग्नि देकर एक बेटे का फर्ज अदा किया और पिता को अंतिम विदाई दी। प्रेरणा का यह कदम न केवल रूढिय़ों को तोड़ता है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि बेटियां किसी भी जिम्मेदारी को निभाने में पीछे नहीं रहती हैं। अंतिम विदाई के इस पल ने पारिवारिक प्रेम और बेटी के अदम्य साहस स्पष्ट नजर आया।
छिंदवाड़ा घटना के बाद मंडला में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
5 साल से कम उम्र के बच्चों को कोल्ड एण्ड कफ सिरप न देने की एडवाइजरी जारी
बिना प्रिस्क्रिप्शन बच्चों की खांसी की दवा न बेचें
सीएमएचओ मंडला ने केमिस्टों को दिए सख्त निर्देश, मिलीभगत पर होगी कार्रवाई
मंडला महावीर न्यूज 29.मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में कोल्ड एण्ड कफ सिरप के सेवन से बच्चों की मौत के गंभीर मामले को संज्ञान में लेते मंडला सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से एडवाइजरी जारी की है। बताया गया कि जारी एडवाइजरी में कहां गया है कि 5 साल से कम उम्र के बच्चों को कोडाइन कफ सिरप या इसी प्रकार की अन्य दवाओं से पूरी तरह दूर रहने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि डॉक्टर की सलाह के बिना ऐसी दवाओं का इस्तेमाल बच्चों के लिए घातक साबित हो सकता है।
केमिस्टों को दिए सख्त निर्देश
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडला सीएमएचओ ने जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन और मीडिया के साथ बैठक की। इसमें सख्त निर्देश दिए गए कि किसी भी सर्दी-खांसी की दवा बच्चों को बिना पंजीकृत चिकित्सक के प्रिस्क्रिप्शन के न दी जाए। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने फार्मेसी संचालकों को निर्देशित किया है कि वह पंजीकृत फार्मासिस्ट का नाम, लाइसेंस और आधार कार्ड की फोटोकॉपी दुकान के सामने प्रदर्शित करें और फार्मासिस्ट दुकान में स्वयं उपस्थित रहें। चेतावनी दी गई है कि नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डॉक्टर की ले सलाह
सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने अभिभावकों को सलाह दी है कि बच्चे को सर्दी-खांसी होने पर तुरंत किसी पंजीकृत मेडिकल प्रेक्टिशनर के पास ले जाकर उनके निर्देशों के अनुसार ही इलाज कराएं। इसके साथ ही बच्चों को आराम दें, हाइड्रेटेड रखें (पानी/जूस) और गुनगुने पानी से स्नान या स्टीम दिलाना फायदेमंद हो सकता है।
आचार्य विद्यासागर के अवतरण दिवस पर पिंडरई में ऐतिहासिक पहल
दो दिन में 2500 से अधिक लोगों का नि:शुल्क आयुर्वेदिक उपचार
नाड़ी परीक्षण, पंचकर्म और स्वर्ण प्राशन के साथ नि:शुल्क शिविर में 180 चश्मे भी वितरित
मंडला महावीर न्यूज 29.लघु तीर्थ क्षेत्र व्रती नगरी पिंडरई में आचार्य भगवन विद्यासागर महाराज एवं स्वगुरु छविधारी आचार्य समय सागर महाराज के अवतरण दिवस शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर दो दिवसीय विशाल नि:शुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। मुनिश्री नीरज सागर एवं मुनिश्री निर्मद सागर महाराज की मंगल प्रेरणा और सानिध्य में विगत दिवस आयोजित इस शिविर में 2500 से भी अधिक लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें उपचार प्रदान किया गया।
यह शिविर आचार्य विद्यासागर के आशीर्वाद से संचालित पूर्णायु आयुर्वेद चिकित्सालय एवं अनुसंधान विद्यापीठ जबलपुर और शांतिधारा गिर गौशाला एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र बीनाबारह जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के सहयोग से लगाया गया। शिविर के माध्यम से भारतीय चिकित्सा पद्धति के अनुसार जन-जन के उत्तम स्वास्थ्य की मंगल कामना की गई। शिविर में देश के विभिन्न स्थानों से लगभग 15 अनुभवी वैद्य एवं वैद्या और आयुर्वेद में पारंगत 20 सहयोगी नि:स्वार्थ भाव से सेवाएं देने के लिए उपस्थित हुए। इनमें वैद्यराज मनीष, वैद्यराज आशीष गोस्वामी, शैलेश, वैद्य सलिल जैसे प्रमुख चिकित्सक शामिल रहे। नैनपुर के बीएमओ डॉ. राजीव चावला एवं डॉ. आर्यष जैन ने भी अपनी पूरी टीम के साथ शिविर को अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
जांच, परीक्षण के बाद स्वर्ण प्राशन की दवा पिलाई
शिविर के अंतर्गत नाड़ी परीक्षण, पंचकर्म और एक्यूप्रेशर के माध्यम से रोगों का उपचार किया गया। शिविर की सबसे बड़ी विशेषता स्वर्ण प्राशन दवा का वितरण रही, जो 0 से लेकर 16 साल तक के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पिलाई गई। शिविर में 422 लोगों की नेत्र जांच की गई, जिसमें से 180 लोगों को नि:शुल्क चश्मे प्रदान किए गए। परीक्षण के बाद चिकित्सकों के परामर्श अनुसार सभी को नि:शुल्क औषधि, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले काढ़े एवं पौष्टिक फलों का वितरण भी समाज के द्वारा किया गया।
इस शिविर को सफल बनाने में सकल दिगंबर जैन समाज, श्री विद्यासागर नवयुवक कमेटी, चातुर्मास कमेटी, महिला मंडल, बालिका मंडल एवं पाठशाला परिवार के सभी सदस्यों ने विशेष योगदान दिया। जिले के वरिष्ठ नेताओं और अधिकारियों ने भी शिविर में उपस्थित होकर स्वास्थ्य लाभ लिया। शिविर आयोजक सकल दिगंबर जैन समाज ने सभी सहयोगियों एवं सेवाभावी चिकित्सकों का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
कैबिनेट मंत्री ने मरार माली महासभा को प्रतिवर्ष एक लाख देने की घोषणा
महात्मा फुले के आदर्शों पर मरार माली महासभा का आयोजन
प्रतिभाशाली छात्रों सहित वृद्ध जनों का हुआ सम्मान
मंडला महावीर न्यूज 29.मरार माली महासभा मंडला के तत्वाधान में मरार समाज धर्मशाला महाराजपुर में जिले के प्रतिभावान छात्रों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री संपतिया उइके मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा ज्योतिबा फुले एवं माता सावित्री बाई फुले के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन अर्चन से हुआ। मंचासीन अतिथियों में महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रामकिशोर कांवरे पूर्व मंत्री और जिला अध्यक्ष अशोक भांवरे उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने महासभा के विकासशील कार्यक्रमों की सराहना करते हुए मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित करने के लिए प्रतिवर्ष एक लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त सभी छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया और हर समय सहयोग का आश्वासन दिया।
मेधावी छात्रों का किया सम्मान
समारोह में कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान जया भांवरे, द्वितीय आदित्य भांवरे और तृतीय पीयूष भांवरे रहे। इसी प्रकार कक्षा 10वीं में प्राची भांवरे, रानू भांवरे और दिव्या भांवरे ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को नकद राशि, स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, बड़ी संख्या में छात्रों को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए। वृद्ध जनों का भी सम्मान किया गया।
संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का लिया संकल्प
महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रामकिशोर कांवरे ने महासभा की कार्य योजना की विस्तृत व्याख्या करते हुए संगठन को मजबूत बनाकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाज सुधार से पहले हमें खुद में सुधार लाकर एक नया उदाहरण प्रस्तुत करना होगा। इस अवसर पर युवक-युवती परिचय कार्यक्रम भी सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बालाघाट, सिवनी, जबलपुर सहित जिले के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।
आरएसएस का शताब्दी वर्ष समारोह, पथ संचलन संपन्न
संघ के शताब्दी वर्ष पर बीजाडांडी का बरगांव गूंजा
विशाल पथ संचलन के साथ मातृशक्ति ने किया स्वयंसेवकों का भव्य स्वागत
मंडला महावीर न्यूज 29.राष्ट्र सेवा को समर्पित विश्व के सबसे बड़े संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विकासखंड बीजाडांडी अंतर्गत ग्राम बरगांव में भव्य पथ संचलन और विशाल एकत्रीकरण का आयोजन किया गया। इस आयोजन में क्षेत्र के समस्त स्वयंसेवकों के साथ सैकड़ों की संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत सार्वजनिक दुर्गा मंच से पथ संचलन से हुई, जो गांधी चौक और रानी दुर्गावती चौक से होते हुए एकत्रीकरण स्थल पर समाप्त हुआ। संचलन के दौरान ग्राम की गलियों में माताओं और बहनों ने स्वयंसेवकों का फूल, चंदन और ध्वज आरती से उत्साहपूर्वक स्वागत किया, जो सार्वजनिक समर्थन और उत्साह का प्रतीक बना। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चिंतलाल कोकडिय़ा एवं मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक मंडला द्वारा भारत माता और संघ संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
राष्ट्रहित और संगठन पर दिया जोर
मुख्य अतिथि चिंतलाल कोकडिय़ा ने अपने उद्बोधन में कहा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देश की सबसे बड़ी और एकमात्र ऐसी संगठन है, जो केवल राष्ट्रहित और लोककल्याण के लिए कार्य करती है। उन्होंने एबीवीपी, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, किसान संघ जैसे संघ से जुड़े संगठनों के कार्यों और पंजाब में आई बाढ़ जैसी विपदाओं में संघ के योगदान का भी उल्लेख किया। मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक मंडला ने संघ की सौ वर्षीय यात्रा, स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका और अखंड भारत की परिकल्पना पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने जनसमूह को संगठित रहने और राष्ट्रविरोधी शक्तियों से सावधान रहने का आह्वान किया।
501वीं जयंती पर रानी दुर्गावती का शौर्य किया याद
केहरपुर में ग्रामीणों ने उनके बलिदान को बताया महिला सशक्तिकरण का अद्वितीय उदाहरण
रानी दुर्गावती का युद्ध कौशल आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत
मंडला महावीर न्यूज 29.वीरांगना रानी दुर्गावती की 501वीं जयंती के अवसर पर मंडला जिले के ग्राम केहरपुर मोहन टोला नाका स्थित राजा संग्राम शाह स्मारक में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने वीरांगना की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके अदम्य साहस व बलिदान को याद किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्राम के सरपंच सतवंत सिंह उलारी ने कहा कि रानी दुर्गावती ने अपने युद्ध कौशल से मुगलों की विशाल सेना को कई बार पराजित किया। उन्होंने मातृभूमि और आत्मसम्मान की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, जो आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्त्रोत है। ग्रामीणों ने उनके संघर्ष को महिला सशक्तिकरण का अद्वितीय उदाहरण बताया।
इस अवसर पर गोंडवाना युवा शक्ति मोहनटोला अध्यक्ष शिवलाल मरावी के सहयोग से सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। स्थानीय कलाकारों, बच्चों और महिलाओं ने रानी दुर्गावती के जीवन और शौर्य पर आधारित गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुत किए, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और भावनात्मक हो गया। ग्रामीणों ने रानी के आदर्शों को समाज में जीवित रखने का संकल्प लिया।
वार्ड बॉय के भरोसे आयुष्मान आरोग्य मंदिर, खतरे में ग्रामीणों की जान
एनक्यूएएस प्रमाण पत्र वाला समनापुर अस्पताल बदहाल, चिकित्सक नदारद
इलाज नहीं मिलने से वापस लौट रहे मरीज
मंडला महावीर न्यूज 29.बीजाडांडी जनपद के अंतर्गत आने वाले आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समनापुर में अव्यवस्था और चिकित्सक की मनमानी के कारण लगभग 20 आदिवासी बाहुल्य गांवों के ग्रामीणों का इलाज प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों की शिकायत है कि केंद्र पर तैनात डॉक्टर आए दिन नदारद रहते हैं, जिसके चलते पूरा अस्पताल नर्सों और वार्ड बॉय के सहारे चल रहा है।
जानकारी अनुसार आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं अब भगवान भरोसे है। जिले के कई स्वास्थ्य केन्द्रों में मनमानी के चलते ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही है। बताया गया कि बीजाडांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का पीएचसी समनापुर को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक का राष्ट्रीय प्रमाणन पत्र मिल चुका है। जिसके बाद इस स्वास्थ्य केन्द्र में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा सके। इस स्वास्थ्य केन्द्र में भी दूर दूर से ग्रामीण अपना इलाज कराने पहुंचते है। पर्याप्त स्टाफ और संसाधन के होने के बावजूद चिकित्सक के इंतजार में कई मरीज बिना इलाज के ही यहां वापस लौटने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शासकीय चिकित्सकों की लापरवाही के कारण ही ये बीमार लोग झोलाछाप डॉक्टरों के चक्कर में फंस रहे हैं, जिससे उनकी जान को खतरा बढ़ रहा है।
मौसम बदलने पर भी दवाईयों का टोटा
वर्तमान में मौसम में बदलाव के कारण हर घर में सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीज हैं। इसके साथ ही दूषित पानी की वजह से पेट संबंधी रोगों के रोगी भी बड़ी संख्या में केंद्र पहुंच रहे हैं। गंभीर स्थिति तब बन जाती है, जब लोगों को रोग से संबंधित दवाईयां तक उपलब्ध नहीं हो पाती हैं। ग्रामीणों ने शिकायत की है कि अस्पताल में दवाईयों का टोटा हमेशा बना रहता है।
उत्कृष्टता प्रमाण पत्र महज दिखावा
ग्रामीणों ने बताया कि विगत माह बीजाडांडी बीएमओ और पूरे स्टाफ ने समनापुर आरोग्य केंद्र का कायाकल्प किया था। अस्पताल को चमकाकर सब कुछ साफ सुथरा दिखाने के लिए यह डेंटिंग-पेंटिंग की गई थी, जिसके आधार पर केंद्र को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन प्रमाण पत्र भी मिल गया। अस्पताल में एक बोर्ड भी लगाया गया है, जिसमें लिखा है, मैं यहाँ पर स्वस्थ होने आया हूँ। हालांकि जमीनी हकीकत इस प्रमाण पत्र और संदेश से बिल्कुल उलटी है। मरीजों को घंटों इंतजार कराया जाता है और बीमार व्यक्ति इलाज के लिए एक काउंटर से दूसरे काउंटर भटकता रहता है, फिर भी उन्हें सही इलाज नहीं मिल पाता है।
लापरवाह स्टाफ पर सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा है कि इस तरह से मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वाले डॉक्टर और लापरवाह स्टाफ के ऊपर सख्त कार्यवाही की जाए और केंद्र पर पर्याप्त दवाईयों एवं स्टाफ की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इनका कहना है
हम अस्पताल इलाज कराने आए थे, लेकिन यहां डॉक्टर नहीं मिले। समनापुर स्वास्थ्य केन्द्र में डॉक्टर समय पर नहीं मिलते है, जिसके कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। आज भी डॉक्टर नहीं मिले।
कढ़ोरी यादव
मेरी तबीयत खराब थी, इलाज कराने आए थे, लेकिन यहां डॉक्टर ही नहीं मिले, एक घंटे तक डॉक्टर का इंतजार करते रहे, लेकिन डॉक्टर साबह नहीं आए और ना ही दवाई दी गई।
राजू लाल मरावी
10 साल से बगैर अध्यक्ष चल रही सहकारी समिति
बबलिया में मनमानी कर्मचारी भर्तियों की उच्च-स्तरीय जांच की मांग
पूर्व अध्यक्ष के इस्तीफे के बाद मनमानी
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले के देवरी कला स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति 347 बबलिया में पिछले लगभग एक दशक से मनमाने तरीके से कर्मचारियों की भर्ती किए जाने के गंभीर आरोप लगे हैं। समिति के पूर्व अध्यक्ष और स्थानीय ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष और सूक्ष्म जांच किए जाने की मांग जिला प्रशासन से की है।
समिति के पूर्व अध्यक्ष चतुर सिंह भवेदी ने बताया कि उन्होंने लगभग 10 वर्ष पहले ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद न तो कोई चुनाव हुआ और न ही समिति में कोई अधिकृत अध्यक्ष चुना गया। चतुर सिंह भवेदी ने आरोप लगाया कि उनकी सहमति या अनुमोदन के बिना ही समिति प्रबंधक ने उच्च अधिकारियों से कथित मिलीभगत और लेनदेन के चलते अनेक कर्मचारियों की नियुक्ति कर दी। चतुर सिंह भवेदी ने बताया कि यह नियुक्तियाँ पूर्णत: अवैध हैं और सूक्ष्म जांच होने पर सभी काले कारनामों का पर्दाफाश हो जाएगा।
स्थानीय बेरोजगारों की कर रहे अनदेखी
स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं ने आरोप लगाया है कि इन नियुक्तियों के लिए कभी भी स्थानीय स्तर पर कोई सार्वजनिक सूचना या मुनादी नहीं कराई गई। प्रबंधक द्वारा चुपचाप नियुक्तियां कर दी गईं। ग्रामीणों का दावा है कि अधिकारियों से कथित लेनदेन के चलते बाहर से लाकर कर्मचारियों से काम कराया जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर योग्यता रखने वाले बेरोजगार युवक मौका पाने से वंचित रह गए हैं। ग्रामीण जनों ने सामूहिक रूप से जिला प्रशासन से मांग की है कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति 347 बबलिया के वित्तीय और भर्ती संबंधी सभी पहलुओं की तत्काल निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
???? भव्यता की पराकाष्ठा: बड़ी खैरी में 6 अक्टूबर को निकलेगा श्री सिद्ध दुर्गोत्सव का ऐतिहासिक चल समारोह
10 विद्या शक्ति पीठ के होंगे भव्य दर्शन
बड़ी खैरी में 6 अक्टूबर को ‘माता जी का आशीर्वाद चल समारोह
80 सदस्यीय अखंड महाकाली दल
40,000 वॉट डीजे और मुंबई के रंगोली कलाकार होंगे मुख्य आकर्षण
श्री सिद्ध दुर्गोत्सव समिति का ऐतिहासिक आयोजन
छत्तीसगढ़, नागपुर और मुंबई के कलाकारों के साथ निकलेगी भव्य शोभायात्रा
समिति ने की भक्तों से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
मंडला महावीर न्यूज 29.श्री सिद्ध दुर्गोत्सव समिति बड़ी खैरी द्वारा 10 विद्या शक्ति पीठ का माँ दुर्गा के आशीर्वाद स्वरूप चल समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह ऐतिहासिक चल समारोह 6 अक्टूबर सोमवार को दोपहर 12 बजे से निकाला जाएगा। समिति ने दावा किया है कि इस वर्ष का आयोजन भव्यता और कलात्मकता की दृष्टि से पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ देगा, जिसमें छत्तीसगढ़, नागपुर और मुंबई के कलाकार मुख्य आकर्षण होंगे। समिति के अनुसार यह चल समारोह कई विशिष्ट कला दलों और झाँकियों के कारण पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
शोभायात्रा के मुख्य आकर्षण
अखंड महाकाली, छत्तीसगढ़:छत्तीसगढ़ से आया 80 सदस्यों का दल अपनी ऊर्जावान और रोमांचक प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगा।
मशहूर सुनील ब्रश बैंड:70 कलाकारों के साथ यह बैंड अपनी मधुर और ओजस्वी धुनों से चल समारोह में जोश भरेगा।
जेबी ढोल नागपुर:नागपुर से आए ढोल वादकों का दल अपनी ताल से भक्तिमय वातावरण निर्मित करेगा।
भूतनाथ शंकर जी की चलित झाँकी:भगवान शंकर की यह विशेष झाँकी श्रद्धालुओं के बीच आस्था का केंद्र बनेगी।
तकनीकी और कलात्मक प्रदर्शन
चल समारोह को भव्य बनाने के लिए ध्वनि और प्रकाश की विशेष व्यवस्था की गई है। प्रसिद्ध किशन डीजे 40,000 वॉट के साउंड और आकर्षक लाइटिंग के साथ अपनी प्रस्तुति देगा। इसके अतिरिक्त, मुंबई से आए हुए रंगोली कलाकारों द्वारा हर चौराहे पर माता जी के स्वागत में भव्य रंगोली सजाई जाएगी। अरिहंत इवेंट्स द्वारा ऐतिहासिक आतिशबाजी का प्रदर्शन भी किया जाएगा, जो रात्रि में आकाश को जगमगा देगा।
श्री सिद्ध दुर्गोत्सव समिति ने सभी माता के भक्तों से विनम्र निवेदन किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आकर 10 विद्या शक्ति पीठ (माता जी) के चल समारोह में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करें और अपनी मनोकामना पूरी करें।
कान्हा की खामोश दहाड़, 2025 में अब तक 10 बाघों की मौत
वर्चस्व की लड़ाई में तीन बाघों की रहस्यमयी मौत
प्रबंधन की साख पर प्रश्नचिन्ह, टाइगर स्टेट की साख दांव पर
कान्हा में एक ही दिन तीन बाघों ने तोड़ा दम
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघों की लगातार हो रही मौतों ने वन्यजीव संरक्षण की साख पर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। कान्हा पार्क खुलने के बाद अक्टूबर 2025 के शुरुआती दिनों में एक ही दिन में एक नर बाघ और दो मादा शावकों की रहस्यमयी मौत ने जंगल की शांति को भय में बदल दिया है। विशेषज्ञ इसे प्रबंधन की लापरवाही और कमजोर निगरानी का नतीजा मान रहे हैं, जबकि स्थानीय गाइड और वनप्रेमी प्रशासन से जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। कान्हा टाइगर रिजर्व जो बाघों की गर्जना और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है, इन दिनों मौतों के सिलसिले से सन्नाटे में डूबा है।
जानकारी अनुसार तीन बाघों की मौत की घटना में पहली घटना कान्हा परिक्षेत्र के मुण्डीदादर बीट के कक्ष क्रमांक 119 में प्रकाश में आई, जहाँ लगभग 1 से 2 माह उम्र के दो मादा बाघ शावकों की मृत्यु हुई। स्थानीय गश्ती दल ने शावकों के शवों के पास एक नर बाघ को घूमते देखा था, जिससे उनकी मौत आपसी संघर्ष में होना मानी जा रही है। वहीं दूसरी घटना उसी दिन मुक्की परिक्षेत्र के अंतर्गत मवाला बीट के कक्ष क्रमांक 164 में हुई। इस घटना में स्थानीय हाथी गश्ती दल ने प्रत्यक्ष रूप से दो नर बाघों के बीच खूनी संघर्ष होते देखा, जिसके कारण एक वयस्क नर बाघ की गंभीर रूप से घायल होकर मौत हो गई। बताया गया कि बाघों की बढ़ती संख्या के बीच क्षेत्रीय वर्चस्व के लिए इस तरह की घटनाएँ जंगल में स्वाभाविक हैं।
4 साल में दो दर्जन बाघों ने तोड़ा दम
बाघों की लगातार मौतें कान्हा के लिए अच्छा संकेत नहीं है। बताया गया कि पिछले 4 साल में करीब दो दर्जन बाघों ने दम तोड़ा है, जिनमें सिर्फ 2025 में ही 10 बाघों की मौत हो चुकी है। इन मौतों का सबसे प्रमुख कारण आपसी भिड़ंत, प्राकृतिक संघर्ष और वयस्क नर बाघों द्वारा शावकों की हत्या जैसी घटनाएं हैं। वहीं मध्यप्रदेश को टाइगर स्टेट का श्रेय दिलाने में कान्हा का बहुत बड़ा योगदान है।
प्रबंधन की जवाबदेही पर सवाल
अक्टूबर के पहले सप्ताह में हुई तीन मौतों ने वन प्रबंधन की कमजोरी उजागर कर दी है। राष्ट्रीय टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी का क्विक रिस्पॉन्स प्रोटोकॉल मौजूद होने के बावजूद इन घटनाओं को रोकना संभव नहीं हो सका, जिससे निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय गाइड, सामाजिक संगठन और वन्यजीव प्रेमियों ने मांग की है कि इन मौतों की उच्च स्तरीय जांच की जाए, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो और सभी घटनाओं की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जिला कलेक्टर व राज्य मुख्यालय को भेजे जाएं। वन्यजीव विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि यदि यह सिलसिला जल्द नहीं रुका, तो कान्हा जैसा विश्वप्रसिद्ध रिजर्व अपनी बाघ संरक्षण की पहचान खो सकता है।
शरद पूर्णिमा की चांदनी में झूमेगा नर्मदा तट
माहिष्मती घाट पर शास्त्रीय संगीत और नृत्य का शरदोत्सव
6 अक्टूबर को मंडला में शरदोत्सव का भव्य आयोजन
शरद पूर्णिमा पर नर्मदा तट पर सुरों का संगम, शास्त्रीय संगीत और नृत्य से सजेगी शाम
शरदोत्सव पर नर्मदा तट में बिखरेगा भारतीय शास्त्रीय गायन और नृत्य का जादू
शरद पूर्णिमा पर माहिष्मती घाट पर होगा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन
भुवनेश कोमकली का शास्त्रीय गायन और डॉ. मृणाल तिवारी, शीतल घुगे व चेतना विश्वकर्मा देंगी कथक की प्रस्तुति
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला प्रशासन एवं नमामि देवी नर्मदे ट्रस्ट महिष्मति घाट मण्डला तथा रज़ा फाउंडेशन द्वारा शरद पूर्णिमा के अवसर पर सांस्कृतिक संध्या “शरदोत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर नर्मदा तट पर स्थित माहिष्मती घाट पर भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य का अनोखा समागम सुनंने व देखने को मिलेगा। इसमें भारतीय शास्नीय संगीत में गायक पंडित कुमार गंधर्व के पोते भुवनेश कोमकली अपनी प्रस्तुति देंगे। इस युवा गायक ने स्वरों के विभिन्न तलो पर बनते सुमधुर अनुनाद व संगीत के शास्त्रीय पहलुओं पर अपनी पकड़ बनाई है। शरदोत्सव पर भारतीय शास्त्रीय गायन के साथ – साथ भारतीय शास्त्रीय नृत्य भी शरद पूर्णिमा को यादगार बना देगा। इसमें तीन कथक नृत्यांगना एक साथ अपनी प्रस्तुति देंगी। डॉ. मृणाल तिवारी, शीतल घुगे व चेतना विश्वकर्मा कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगी। डॉ. मृणाल तिवारी स्थापित कलाकार होने के साथ डेंटिस्ट भी है। इन्होने कथक में UGC NET भी क्वालिफ़ाइड किया है। इन्होने विभिन्न बड़े कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुति दी है। इनका साथ ही शीतल घुगे व चेतना विश्वकर्मा भी कथक में निपुण होने के चलते दूरदर्शन ग्रेडिंग प्राप्त कलाकार है। दोनों ने विभिन्न बड़े मंचों पर अपनी प्रस्तुति से श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी है। यह आयोजन मंडला के भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य के शौकीनों को लम्बे समय तक याद रहेगा। जिला प्रशासन एवं नमामि देवी नर्मदे ट्रस्ट महिष्मति घाट मण्डला तथा रज़ा फाउंडेशन ने कला प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाए।
भुवनेश कोमकली –
भारतीय शास्नीय संगीत में गायन की उत्कर्ष परम्परा वाली पृष्भूमि में जन्में भुवनेश कोमकली अपने भीतर विरासत की सम्पन्नता एवं सहज सम्भावनाओं से भरे युवा गायक है। स्वरों के विभिन्न तलो पर बनते सुमधुर अनुनाद व संगीत के शास्त्रीय पहलुओं के चिंतन, विश्लेषण वाले वातावरण ने उनके कलाकार व्यक्तित्व को विकसित होने, निखरने के लिये उर्जा दी। अपनी स्वस्फूर्त प्रतिभा व जिज्ञासाओ ने उन्हे अपने ‘दादा पंडित कुमार गंधर्व एबं पिता मक्ल शिवप्त्र की सांगीतिक विरासत को आत्मसात करने का व्यापक फलक दिया। आपकी ख्याल गायकी की शिक्षा श्रीमती वस्धरा कोमकली एव श्री. मध्प म्दगल जैसे गुरुओं के पास हुई जो आज भी जारी है I निरंतर स्वाध्याय और गायकी के अभ्यास से आप की आवाज श्रोताओं के हृदय को स्पंदित करती है।पंडित कुमार गंधर्व के विचारों और उनके द्वारा स्थापित मूल्यों का निरंतर अभ्यास करते हुए भुवनेश अपनी गायकी के द्वारा अपनी अभ्यासक प्रवत्ति का प्रमाण देते है।
समस्त भारतीय गायन शैलियों घरानो, लोक विधाओ और समकालिन संगीत के मूल तत्वों को समझते हूए संगीत को ऐसी सम्भव समग्रता तक लानेका प्रयत्न करते है , जो श्रोताओं को एक स्वच्छ आयाम में आनद विभोर कर देता है। वाणिज्य स्नातक होने के साथ साथ आपने कम्प्यूटर का भी डिल्पोमा किया है। कुमार गंधर्व प्रतिष्ठान, देवास के आप सक्रिय सचिव है और कुमार जी की गायकी को आधुनिक डिजिटल टेक्नॉलॉजी के माध्यम से संरक्षित करने के कार्य को आप ने गंभीरता पूर्वक किया है। हिन्दी फीचर फिल्म देवी अहिल्या के साथ साथ आपने कथक नृत्य के लिये भी संगीत रचना की है। देश के लगभग सभी शहरों मे प्रतिष्ठित संगीत समारोह में आपने अपनी सफल प्रस्तुतियां दी है जो गुणी श्रोताओं और विद्वानों के द्वारा सराही गई है आप संस्कृति विभाग भारत सरकार द्वारा छात्रवृत्ति पुरस्कार से सम्मानित है।
डॉ. मृणाल तिवारी –
डॉ. मृणाल तिवारी पिछले सात वर्षों से गुरु अल्पना बाजपेयी के सान्निध्य में मार्गी कथक संस्थान में निरंतर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं तथा वर्तमान में अपनी गुरु के साथ संस्था के कार्यों में सहयोगी के रूप में कार्यरत हैं। आप कथक में UGC NET क्वालिफ़ाइड होने के साथ-साथ पेशे से डेंटिस्ट भी हैं। आपने पहल श्रद्धांजलि समारोह (BMHRC), गुरु पूर्णिमा उत्सव, मैनिट भोपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, प्रोत्साहन मंच (इस्पिक मैके) जैसे विभिन्न कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुतियाँ दी हैं।
शीतल घुगे –
शीतल घुगे विगत 10 वर्षो से गुरु अल्पना वाजपेयी और गुरु सृष्टि गुप्ता के सानिध्य में कथक नृत्य का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है। वर्तमान में मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित अल्लाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी के चक्रधर नृत्य केंद्र में छात्रवृत्ति की छात्रा है। आपने चक्रधर नृत्य समारोह, नर्मदा महोत्सव, संस्कृति प्रकृति, नमन एवं 8वे राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव आदि में युगल एवं समूह नृत्य प्रस्तुति दी है। आपको दूरदर्शन भोपाल से B grade कलाकार की उपाधि प्राप्त है।
चेतना विश्वकर्मा –
चेतना विश्वकर्मा विगत 8 वर्षों से गुरु अल्पना वाजपेयी के सानिध्य में मार्गी कथक संस्थान में नृत्य का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं एवं वर्तमान में आप अपनी गुरु के साथ संस्था के कार्यों में सहयोगी के रूप में कार्यरत हैं।आपको दूरदर्शन भोपाल से B ग्रेड कलाकार का प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है। आपने पहल, श्रद्धांजली समारोह, खजुराहो कथक कुम्भ, गुरुपूर्णिमा उत्सव एवं मैनिट भोपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आदि में समूह नृत्य प्रस्तुति दी है।
बीजाडांडी पुलिस की सूझबूझ से ब्रेक फेल वाहन को किया नियंत्रित, टली बड़ी दुर्घटना
बीजाडांडी थाना प्रभारी ने एनएच 30 पर रोका अनियंत्रित आयशर वाहन, चालक गिरफ्तार
मंडला महावीर न्यूज 29. थाना बीजाडांडी पुलिस की सतर्कता और तत्परता के कारण शनिवार रात्रि एनएच 30 मार्ग पर एक बड़ा हादसा टल गया। यह दुर्घटना मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन चल समारोह के दौरान होने वाली थी। बताया गया कि जबलपुर की ओर से मंडला की ओर तेज गति से आ रहे आयशर वाहन क्रमांक एमपी 20 जेडवाय 2187 को चल समारोह ड्यूटी में तैनात थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पांडेय और उनकी टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्परता से रोका। जांच में पता चला कि वाहन के ब्रेक फेल हो चुके थे, जिससे यह अनियंत्रित होकर भीड़ की ओर बढ़ रहा था। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से वाहन को नियंत्रित कर लिया गया और हजारों श्रद्धालुओं की जान बच गई।
बताया गया कि वाहन को नियंत्रित करने के बाद चालक राजेश ठाकुर निवासी बरोदा, जिला जबलपुर को हिरासत में लिया गया। चिकित्सीय परीक्षण में पुष्टि हुई कि वह नशे की हालत में वाहन चला रहा था। पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा सहित अन्य धाराओं और के तहत कानूनी कार्रवाई की है। इसके साथ ही उसके ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
छेड़छाड़ के आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
पीडि़ता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, आरोपी ने स्वीकारा जुर्म
मंडला महावीर न्यूज 29.थाना नैनपुर पुलिस ने छेड़छाड़ के एक मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मात्र दो दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पीडि़ता ने विगत 03 अक्टूबर को नैनपुर थाने में उपस्थित होकर छेड़छाड़ संबंधी रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिस पर थाना नैनपुर में भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत आरोपी के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार थाना प्रभारी निरीक्षक बलदेवसिंह मुजलदा और थाना स्टॉफ द्वारा तत्काल कार्यवाही शुरू की गई। विवेचना के दौरान साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी इमरान खान पिता इम्तियाज खान, 19 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 4 उमरिया, थाना नैनपुर ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। नैनपुर पुलिस टीम ने रविवार को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय मंडला के समक्ष पेश किया है। त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक बलदेवसिंह मुजलदा और थाना स्टॉफ की मुख्य भूमिका रही।
नुंसराई में महिला पर जानलेवा हमला कर गहने लूटे, अज्ञात बदमाश फरार
साप्ताहिक बाजार से लौट रही अकेली महिला को बनाया निशाना
सुतिया और नथ लूटकर आरोपी फरार, महिला
मंडला महावीर न्यूज 29. मवई हमेशा से एक शांत और सौहार्दपूर्ण क्षेत्र के रूप में जाना जाता रहा है, लेकिन यहां अवैध गतिविधियां सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर रही हैं। कुछ असामाजिक तत्वों के मन से पुलिस प्रशासन का भय समाप्त होता जा रहा है, जो कानून व्यवस्था के लिए एक गंभीर संकेत है। बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से मवई और इसके आसपास के क्षेत्रों में जिस प्रकार की आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिसके कारण स्थानीय लोगों में चिंता पैदा कर दी है। स्थानीय नागरिकों और प्रतिनिधियों ने जिला एवं पुलिस प्रशासन से आग्रह किया है कि इन गतिविधियों पर तुरंत लगाम लगाई जाए जिससे क्षेत्र में ऐसी घटनाएं दोबारा घटित ना हो।
जानकारी अनुसार शनिवार को मवई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नुंसराई गांव में एक सनसनीखेज वारदात हुई, जब एक 50 वर्षीय महिला पर अज्ञात बदमाश ने हमला कर दिया। हमले के बाद बदमाशों ने महिला के सोने के गहने लूटकर मौके से फरार हो गए। इस वारदात के बाद मवई क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। बताया गया कि दशोंदा बाई पति वीरसिंह मरावी 50 वर्ष निवासी नुंसराई साप्ताहिक बाजार मवई से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान सुनेहरा और नुंसराई के बीच पुलिया के पास महिला को अकेला पाकर एक अज्ञात व्यक्ति ने पीछे से किसी वस्तु से वार कर उन्हें बेहोश कर दिया। हमले के बाद आरोपी ने महिला के गले से सुतिया और नाक की नथ लूट ली और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
मवई अस्पताल में उपचार जारी
घटना की सूचना पर ग्रामीणों ने तुरंत मवई पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवई में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। इस घटना से क्षेत्र में आतंक और सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही अपराधी को पकडऩे की बात कही है।
जांच नाका और सीसीटीव्ही कैमरे लगाने की मांग
मवई विकासखंड मप्र और छत्तीसगढ़ के अंतिम छोर में बसा मंडला जिले का वनांचल आदिवासी बाहुल्य विकासखंड है। इस क्षेत्र में पहले लूट की घटनाए नहीं होती थी, लेकिन विगत कुछ दिनों से लूट की घटनाएं सामने आ रही है। मवई जैसे शांत क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले अज्ञात अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे है। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की सक्रियता पर भी प्रश्न चिन्ह खड़ा हो रहा है। मवई क्षेत्रवासियों ने इस घटना को देखते हुए प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र के सीमावर्ती ग्राम सुनहेरा, ग्राम पंचायत अमवार, ग्राम मुरता और ग्राम पंचायत मडफ़ा होते हुए छत्तीसगढ़ जिले में प्रवेश करते है। जहां एक पुलिस का जांच नाका, सीसीटीव्ही कैमरा की व्यवस्था जल्द की जानी चाहिए। जिससे मवई जैसे शांत क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।
ग्राम रमतीला में दूषित पानी से महिला की मौत, चार बच्चे बीमार
सेवा पखवाड़ा के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ने उठाए गंभीर सवाल
जिला अस्पताल की लापरवाही ने ली मां की जान, दूषित पानी पीने को मजबूर था पीडि़त परिवार
मंडला महावीर न्यूज 29.मुख्यमंत्री के सेवा पखवाड़ा के दावों के बीच मवई मुख्यालय के ग्राम रमतीला में दूषित पानी पीने से महिला श्यामा बाई पट्टा पत्नी मतते पट्टा की मौत हो गई। वहीं उनके चार बच्चे गंभीर रूप से बीमार हैं। इन बच्चों का उपचार सीएचसी मवई में चल रहा है। बताया गया कि पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा मनाया गया, इसी दौरान यह घटना मवई में हुई। वहीं सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार कर रही है। परिजनो ने बताया कि परिवार के सभी सदस्यों को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई थी। बच्चों का इलाज मवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है, जबकि श्यामा बाई को जिला अस्पताल रेफर किया गया था।
परिजनों का आरोप है कि जिला अस्पताल में उचित इलाज नहीं मिला, केवल वाटल लगाकर छोड़ दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। बताया गया कि गांव में स्वच्छ जल स्रोत नहीं है। ग्रामीण कुएं के पानी का उपयोग करने को मजबूर हैं। इसी कुएं के पानी का उपयोग करने से इस परिवार की एक महिला बीमार हो गई और उसकी जान चले गई। वहीं चार बच्चें भी बीमार हो गए। अब इन बच्चों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संतोष रानू हरदहा ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना जताई और इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि विधायक नारायण सिंह पट्टा से आर्थिक मदद की अपील की। विधायक ने पांच हजार की तत्काल सहायता की। इसके साथ ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने कहा कि यह घटना प्रशासनिक लापरवाही और ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल संकट और स्वास्थ्य सेवाओं की तत्काल जांच कर समस्या का समाधान किया जाए।
युवक की संदिग्ध मौत, हत्या कर फांसी पर लटकाने का लगाया पिता ने आरोप
बिना पोस्टमार्टम के परिजनों ने किया अंतिम संस्कार
संदिग्ध मौत पर उठे सवाल, परिजनों ने दोस्तों और पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर्श ग्राम कापा में विगत 9 अगस्त 2025 को 19 वर्षीय युवक पुष्पेंद्र पंद्राम पिता पंसारी लाल, जाति गोंड की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक के पिता पंसारी लाल ने मंडला पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर आशंका जताई है कि उनके पुत्र की मौत फांसी से नहीं हुई है, बल्कि पुराने रंजिश के कारण कुछ लोगों ने उसकी हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
आवेदक पंसारी लाल ने बताया कि विगत 9 अगस्त को वह रक्षाबंधन त्यौहार मनाने ससुराल गए थे। अगले दिन 10 अगस्त को लौटने पर उन्होंने अपने बेटे का शव घर में लटकता हुआ पाया। उन्होंने आरोप लगाया है कि घटना के दिन उनके पुत्र के साथ पड़ोसी और उसके दोस्त संदीप, गोपाल, गुलाब सिंह और आजेश घर में शराब पी रहे थे। पिता को आशंका है कि इन्हीं लोगों ने उनके पुत्र की हत्या की है।
उन्होंने बताया कि इस घटना की सूचना उन्हें नहीं दी गई, जबकि गांव की एक बेटी अजवंती जो गुजरात में रहती है को संदीप नामक व्यक्ति ने रात 11 बजे फोन पर बताया था कि पुष्पेंद्र खेतों की तरफ भाग रहा था, जिसे उन्होंने घर में लाकर सुला दिया है। इसके बाद एक अज्ञात नंबर से सुबह 6 बजे उसे फांसी पर लटकाने की सूचना दी गई।
लापरवाही का आरोप
आवेदन में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। पंसारी लाल का आरोप है कि उन्हें आज तक एफआईआर या पोस्टमार्टम रिपोर्ट की कोई जानकारी नहीं मिली है। पुलिस वालों से पूछने पर उन्होंने कहा कि वे केवल 15 मिनट के लिए आए थे और उन्हें अन्य काम है। इसके बाद शव को तुरंत एक निजी वाहन से मर्चुरी निवास ले जाया गया, लेकिन वहां पदस्थडॉक्टर मरावी द्वारा बिना शव परीक्षण किये ही शव को परिजनों को सौंप दिया गया और ना ही पोस्टमार्टम किया गया। आवेदक ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कहां कि पोस्टमार्टम के लिए नेता लोगों के पास जाओ। इसके बाद शव को अपने ग्राम कापा में लाकर रीति-रिवाज अनुसार अंतिम संस्कार कर दिया गया।
आवेदक पंसारी लाल ने मंडला पुलिस अधीक्षक से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। आवेदक का कहना है कि मामला को रफा-दफा करने का प्रयास किया जा रहा है और कुछ लोग इसमें पर्दा डालने में लगे हुए हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
भव्यता और भक्ति का सैलाब
बीजाडांडी में दुर्गा प्रतिमाओं का ऐतिहासिक विसर्जन, उमड़ा जनसैलाब
गगनभेदी जयकारों के साथ माँ जगत जननी को दी विदाई
भव्य शोभायात्रा में महाकाली समिति के विशाल भंडारे ने बनाया रिकॉर्ड
मंडला महावीर न्यूज 29.नवरात्रि का समापन इस वर्ष मंडला जिले के बीजाडांडी नगर में इतिहास रच गया। तीसरे दिन भी माँ दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन इतनी भव्यता, अनुशासन और आस्था के साथ हुआ कि न केवल नगरवासी बल्कि पूरे बीजाडांडी विकासखंड के गाँवों से आए हजारों श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर हो गए। यह आयोजन अब पूरे क्षेत्र की पहचान और आस्था का केंद्र बन गया है। इस वर्ष का विसर्जन एक या दो नहीं, बल्कि नगर की लगभग सभी समितियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम रहा।
बताया गया कि शिवा महाकाली दुर्गा उत्सव समिति ने अपने भव्य झाँकी और बस स्टैंड पर आयोजित विशाल भंडारे से आयोजन को अलग ऊँचाई दी। हजारों श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया और समिति के सेवा भाव की सराहना की। सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति ने अपनी वर्षों पुरानी परंपरा को कायम रखते हुए माँ दुर्गा की प्रतिमा को रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण कराया। उनकी सजावट, अनुशासन और प्रस्तुति ने लोगों का दिल जीत लिया। बीजाडांडी के अन्य मोहल्ला और युवा सांस्कृतिक समितियों ने भी ढोल-ताशों, डीजे की धुन और आकर्षक झाँकियों से शोभायात्रा को भव्य रूप दिया। शोभायात्रा में हनुमान, शेर और भालू की झाँकियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
गगनभेदी जयकारों के साथ माँ को विदाई
चल समारोह बस स्टैंड से शुरू होकर राधाकृष्ण मंदिर पहुँचा, जहाँ पूजा-अर्चना की गई, और फिर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए विसर्जन स्थल की ओर बढ़ा। नगर की गलियों से गुजरती शोभायात्रा जब नदी तट पहुँची, तो जय माता दी के गगनभेदी जयकारों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालु नाचते-गाते, ढोल-नगाड़ों और डीजे की थाप पर झूमते हुए माँ की विदाई में शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ माँ जगत जननी को जल विहार के लिए विदाई दी गई।
पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी की सराहना
इतने विशाल आयोजन की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि यह पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित रहा। इसमें पुलिस प्रशासन का योगदान उल्लेखनीय रहा। सुरक्षा, यातायात और व्यवस्था की सुदृढ़ तैयारियों के कारण हजारों श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के कार्यक्रम का आनंद ले सके। सभी समितियों और ग्रामीणों ने पुलिस विभाग की मुस्तैदी की खुलकर सराहना की।
भक्तों ने दी माँ दुर्गा को विदाई, धूमधाम से मनाया दशहरा पर्व
दूसरे दिन भी जारी रहा प्रतिमाओ का विसर्जन
चल समारोह देखने उमड़ा जन सैलाब, जगह-जगह हुए भंडारा
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले में दशहरा पर्व हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाया गया। चल समारोह देखने भीड़ उमड़ पड़ी। मुख्य मार्ग में मूर्ति देखने श्रृद्धालुओं का तांता लगा रहा। नगर भ्रमण के बाद शांतिपूर्ण तरीके से मूर्तियों का विसर्जन किया गया। सार्वजनिक दुर्गा समितियों के सदस्य गाजे बाजे के साथ मूर्ति विसर्जन के लिए मातारानी को लेकर गए। विसर्जन के पहले दिन शहर में करीब दो दर्जन से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए चल समारोह में निकाला गया। आतिशबाजी एवं नाचते झूमते हुए मॉ दुर्गा को उत्साह के साथ बिदा किया। दशहरा पर्व के दौरान नगरपालिका, पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन के द्वारा तमाम इंतजाम किए गए थे। शहर में पुलिस व्यवस्था चुस्त दुरूस्त रही। घाटों में भी सुरक्षा इंतजाम, गोताखोर व विद्युत रोशनी पर्याप्त रही।
प्रशासन द्वारा नाव घाट एवं उपनगर महाराजपुर में संगम घाट में मूर्ति विसर्जन के लिए इंतजामात किए गए थे। यहां के अलावा फूलसागर में भी मूर्तियों का विसर्जन किया गया। पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था रही। समितियों के सदस्यों को सहयोग करते हुए विसर्जन कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिसके बाद जिले के कई क्षेत्रों में बनाए गए छोटे- छोटे रावण का दहन किया गया।
देर रात्रि तक चलता रहा विसर्जन का क्रम
नगरपालिका के द्वारा चल समारोह में शामिल होने वाली प्रतिमाओं के लिए व्यवस्था की गई थी। ग्रामीण क्षेत्र सहित नगर की अनेक प्रतिमाएं चल समारोह में शामिल हुई। लगातार प्रतिमाएं समारोह में नहीं दिखी। दुर्गा पंडाल से समितियों ने अपनी सुविधा के हिसाब से मूर्तियों को विसर्जन के लिए निकाला। जिससे मूर्तियों के लिए भक्तों को इंतजार करना पड़ा। देर रात्रि तक मूर्ति विसर्जन का क्रम चलता रहा। अधिकांश मूर्तियां ग्रामीण क्षेत्रों से आकर चल समारोह में शामिल हुई। देर रात्रि तक मूर्तियों का विसर्जन हुआ। दिन में भी मूर्ति विसर्जन के लिए प्रतिमाएं आई।
अन्य घाटों में किया गया विसर्जन
नपा द्वारा बनाए गए विसर्जन कुण्ड के अलावा जिले के अन्य स्थानों में भी देर शाम से ही नगर में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन का क्रम प्रारंभ हो गया था। जहॉ देर रात्रि तक विसर्जन चलता रहा। वहीं दूसरे दिन की दोपहर बाद से देवी प्रतिमाएं विसर्जन के लिए आना प्रारंभ हो गई। देर रात्रि तक मूर्तियां विसर्जित होती रही।
नीलकंठ के दर्शन किए भक्तों ने
दशहरा के दिन नीलकंठ के दर्शन से पुण्य मिलता है। मनोकामना पूरी होती है। इसके दर्शन के लिए मंगलवार को लोग शहर से ग्रामीण क्षेत्र, जंगल की ओर रवाना हुए। कुछ को दर्शन हुए तो कुछ बिना दर्शन के ही लौट गए। भक्तों ने नीलकंठ के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया।
बिछिया में देर रात्रि तक चला प्रतिमा विसर्जन का दौरा
एनीकट कुंड में माता रानी की विदाई
मंडला महावीर न्यूज 29.आस्था, भक्ति और परंपराओं से सराबोर बिडिश्स नगर में विजयादशमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। नौ दिन तक चले दुर्गोत्सव का समापन माता रानी की भावभीनी विदाई के साथ हुआ। घर-घर दशहरा पर्व नीलकंठ दर्शन, स्वर्ण व शमी पत्र अर्पण और विशेष पूजन-अर्चन के बीच उल्लासपूर्वक मनाया गया। बंजारी माता मंदिर से प्रतिमा विसर्जन यात्रा की शुरुआत हुई। चल समारोह में बस स्टैंड व्यापारी संघ, रेस्ट हाउस रोड और वार्ड-10 सिंह वाहिनी दुर्गोत्सव मंच की प्रतिमाएं डीजे-बैंड और माता के जयकारों की गूंज के बीच नगर भ्रमण करते हुए एनीकट कुंड पहुंचीं। यहां पुलिस प्रशासन और नगर परिषद की देखरेख में प्रतिमाओं का क्रेन से सुरक्षित विसर्जन किया गया।
नगर की सड़कों पर चल समारोह में भक्तों का जन सैलाब उमड़ पड़ा। देर रात तक माता रानी को विदाई देने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ डटी रही। प्रशासन ने भीड़ और व्यवस्था को देखते हुए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए। नगर में विराजित लगभग 16 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन एनीकट कुंड सहित अन्य तालाबों व जलाशयों में किया गया।
भोलेनाथ की महिमा केदारनाथ से लेकर नेपाल तक व्याप्त
शिवजी के 10 अवतारों का बताया महत्व
देवरी कला बबलिया में नौ दिवसीय शिव महापुराण कथा का पूर्णाहूति के साथ समापन
मंडला महावीर न्यूज 29.स्थानीय देवरी कला बबलिया में दुर्गा उत्सव समिति द्वारा आयोजित नौ दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का पूर्णाहूति के साथ भव्य समापन हुआ। कथावाचक वेदव्यास महाकाल सेवक लक्ष्मीकांत ने अपनी ओजस्वी वाणी से नौ दिनों तक श्रोताओं को भगवान भोलेनाथ की महिमा का गुणगान कराया। कथा के दौरान वेदव्यास लक्ष्मीकांत ने विस्तारपूर्वक बताया कि भगवान भोलेनाथ की महिमा केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि केदारनाथ, बद्रीनाथ, नेपाल, महाराष्ट्र और राजस्थान तक फैली हुई है। उन्होंने जोर दिया कि इन स्थानों के दर्शन करने से मनुष्य का कल्याण होता है।
10 अवतारों की कथा के साथ दी भावुक विदाई
कथा के नौवें और अंतिम दिन कथावाचक लक्ष्मीकांत ने भगवान शिव के 10 अवतारों की दिव्य कथा और उनकी महिमा को बड़े विस्तारपूर्वक सुनाया। कथा के समापन और अंतिम विदाई के अवसर पर, श्रोता भाव विभोर हो उठे। व्यास जी ने भी इन नौ दिनों में श्रोताओं के साथ हुए प्रेम की वर्षा का महत्व बताया और कथा की समाप्ति की घोषणा की। अंत में आचार्य देवेश के सान्निध्य में शिव पुराण कथा की महा पूर्णाहूति सम्पन्न कराई गई, जिसके साथ ही यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दुर्गा उत्सव समिति के पदाधिकारियों ने कथावाचक वेदव्यास महाकाल सेवक लक्ष्मीकांत का दक्षिणा देकर सम्मान किया और उन्हें भावभीनी विदाई दी।
बबलिया में ढोल-शहनाई की धुन पर दी माता रानी को विदाई
कन्या भोज भंडारे के साथ शारदेय नवरात्र महोत्सव संपन्न
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम बबलिया में नौ दिवसीय शारदेय नवरात्र का समापन भक्तों द्वारा भक्तिमय माहौल में किया गया। मां दुर्गा को विदाई देने के लिए पूरे गांव में उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा। हवन पूजन के साथ भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान कन्या भोज के साथ ग्रामीणों को बड़े ही हर्षोल्लास से महाप्रसाद वितरण किया गया।
धार्मिक अनुष्ठानों के बाद मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन की तैयारी की गई। माता रानी को विसर्जन के लिए ले जाने से पहले ढोल, धमाके और शहनाई की धुन पर नाचते हुए ग्रामवासियों ने भारी संख्या में भाग लिया। पूरे गांव में एक भव्य रैली निकालकर बस्ती का भ्रमण कराया गया। यात्रा के बाद मां नर्मदा संगम दुपट्टा घाट पर माँ दुर्गा की प्रतिमाएं लाई गई। यहाँ पर अंतिम पूजा अर्चना और महा आरती के बाद माता रानी का विसर्जन किया गया।
नारायणगंज में 11 दुर्गा प्रतिमाओं का भक्तिमय विसर्जन
डीजे और बैंड की धुनों पर थिरके श्रद्धालु
कलश यात्रा के साथ विजयादशमी महोत्सव का हुआ समापन
मंडला महावीर न्यूज 29.विजयादशमी का नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में बड़े ही हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर का माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया था। नारायणगंज की ग्राम पंचायतों और दुर्गा समितियों द्वारा सजाए गए पंडालों से देवी दुर्गा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। डीजे और बैंड की धुनों पर भक्तजन नाचते-गाते चल रहे थे, वहीं मातृशक्तियां कलश लेकर चल समारोह में शामिल हुईं। नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए यह यात्रा स्थानीय घाट की ओर बढ़ी। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और जगह-जगह स्वागत द्वार बनाकर चल समारोह का अभिनंदन किया गया।
बताया गया कि इस बार करीब 11 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। घाट पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने देवी की प्रतिमाओं का विधि विधान से पूजन-अर्चन कर जयकारों के साथ उन्हें विदा किया। इस दौरान पूरा वातावरण जय माता दी के नारों से गूंज उठा। यात्रा और घाट पर जगह-जगह भंडारे और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। विसर्जन के साथ ही नवरात्र और दशहरा महोत्सव का समापन हुआ।
शांतिपूर्ण व्यवस्था पर प्रशासन की रही नजर
पूरे आयोजन के दौरान नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए टिकरिया पुलिस प्रशासन और स्थानीय समितियों ने विशेष इंतज़ाम किए थे। सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और यातायात व्यवस्था की वजह से कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। इस भव्य आयोजन को लेकर श्रद्धालु बेहद उत्साहित दिखे और अगले वर्ष फिर से भव्य आयोजन की कामना की।
काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल गाजीपुर जिलहरी घाट मंडला द्वारा वीरांगना क्षत्राणी गरबा
तलवार और ढाल के साथ मंच पर उतरी क्षत्राणियां
मंडला ने देखा मातृशक्ति के शौर्य का अद्भुत प्रदर्शन
मंडला में पहली बार हुआ शौर्य और भक्ति का अनूठा संगम
मंडला महावीर न्यूज 29.नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर मंडला नगर ने पहली बार एक ऐतिहासिक और रोमांचक आयोजन देखा। वीरांगना क्षत्राणी गरबा में धार्मिक आस्था और पारंपरिक गरबा के साथ मातृशक्ति के साहस, पराक्रम और गौरवशाली संस्कृति का अद्वितीय संगम देखने को मिला। विगत दिवस स्टेडियम ग्राउंड के समीप युवम पंडाल में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक मौजूद रहे। शाम 6 बजे से 9 बजे तक चले इस आयोजन का मुख्य आकर्षण विशेष रूप से प्रशिक्षित आर्य वीरांगना क्षत्राणियों द्वारा तलवार और ढाल के साथ प्रस्तुत गरबा रहा।
बताया गया कि जब ये आर्य वीरांगना क्षत्राणियां पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर मंच पर उतरीं, तो पूरा वातावरण तालियों की गढग़ढ़़ाहाट से गूंज उठा। यह शौर्य प्रदर्शन श्रद्धा और शक्ति दोनों का प्रतीक बना। दूसरी ओर क्षत्राणी परंपरा और आर्य वीरांगनाओं के साहस का परिचय भी मिला। यह प्रदर्शन नगरवासियों के लिए एक अविस्मरणीय और गर्व से भर देने वाला क्षण बन गया।
इस प्रभावशाली आयोजन को सफल बनाने में युवम् परिवार का विशेष सहयोग रहा तथा आचार्या अभिलाषा आर्या जी और आचार्य सत्यम् आर्य जी दिल्ली ने शस्त्र और शास्त्र का विशेष प्रशिक्षण देकर आर्य वीरांगनाओ का आत्मविश्वास को जगाया तथा मंडला क्षेत्र का गौरव बढ़ाया ।
प्रशिक्षकों के विशेष प्रशिक्षण के चलते ही मंच पर आर्य वीरांगना क्षत्राणियों का प्रदर्शन अत्यंत प्रभावशाली और अनुशासित नजर आया। युवम परिवार के प्रमुख आलोक खारया ने इस अवसर पर कहा कि यह आयोजन केवल मनोरंजन या परंपरागत गरबा का हिस्सा नहीं है, बल्कि हमारी मातृशक्ति के शौर्य और संस्कृति का उत्सव है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पहली बार इस स्वरूप में आर्य वीरांगना क्षत्राणियों का मंच पर उतरना आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल गयाजीपुर जिलहरीघाट के आचार्य भीमदेव ने बताया की नारी राष्ट्र की आधारशिला है शास्त्रों में कहा है कि माता निर्माता भवति बच्चों का असली निर्माण मां ही करती है इसलिए मां को शस्त्र और शास्त्रों में निपुण अवश्य होना चाहिए
आयोजन के समापन पर पूरा पंडाल भक्ति, ऊर्जा और गर्व के माहौल से गूंज उठा। नगरवासियों ने इस वीरांगना क्षत्राणी गरबा को मंडला के इतिहास का स्वर्णिम क्षण बताया, जिसने न केवल नवरात्रि की गरिमा को बढ़ाया, बल्कि समाज में मातृशक्ति की महत्ता और पराक्रम की भावना को भी पुनर्जीवित किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में श्रीमती प्रीति आर्या ( मौर्याद्ध), सुमिता नामदेव, अनुपमा (आर्या) पटेल और महेंद्र आर्य, विभु आर्य, रामचंद्र आर्य तथा समस्त मातृशक्ति व गुरुकुल परिवार मंडला का विशेष सहयोग रहा।
निवास में रावण दहन को लेकर हंगामा, नगर परिषद के वाहन क्षतिग्रस्त
परंपरा टूटने से बिगड़ा माहौल, समय से पहले रावण दहन के विरोध में प्रदर्शन
प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर संभाला मोर्चा
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले के निवास में गुरुवार रात रावण दहन के आयोजन के दौरान उस वक्त तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब स्थानीय परंपरा का उल्लंघन करते हुए कुछ झांकियों के पहुंचने से पूर्व ही रावण दहन कर दिया गया। इस घटना से आक्रोशित समितियों के लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया और नगर परिषद के वाहनों को पलट दिया।
बताया गया कि परंपरा के अनुसार निवास स्टेडियम में सभी प्रतिमाएं और राम दरबार की झांकियां एकत्र होने के बाद ही रावण दहन किया जाता है और उसके बाद विसर्जन के लिए चल समारोह निकाला जाता है। लेकिन इस बार समय से पहले दहन होने की जानकारी मिलते ही कई समितियों के लोग आक्रोशित हो गए। गुस्साए लोगों ने निवास थाने का घेराव किया और नगर परिषद की चारपहिया गाडिय़ों को पलट दिया। कुछ स्थानों पर तोडफ़ोड़ भी हुई।
प्रशासन और पुलिस ने संभाला मोर्चा
अचानक उपजे तनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गए। देर रात तक एसडीएम सी.एल. वर्मा और एसडीओपी पीएस वालरे मौके पर मौजूद रहे और समितियों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। मंडला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुख्यालय से भारी पुलिस बल निवास के लिए रवाना किया गया। अधिकारियों की समझाइश और बातचीत के बाद मामला शांत हुआ और प्रतिमाओं का देर रात विसर्जन संपन्न हुआ। स्थिति नियंत्रण में आने तक निवास नगर को पुलिस छावनी में तब्दील रखा गया। एसडीएम सीएल वर्मा ने बताया कि रावण दहन समय से पहले होने के कारण कुछ लोग नाराज थे, लेकिन बातचीत से स्थिति काबू में आ गई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन केवल व्यवस्थाएं सुनिश्चित करता है, जबकि कार्यक्रम की रूपरेखा शांति समिति की बैठक में तय होती है।
नगर परिषद कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन
रात्रि में हुए प्रदर्शन और तोडफ़ोड़ के बाद शुक्रवार को नगर परिषद के कर्मचारी लामबंद हो गए। उन्होंने निवास एसडीओपी पीएस वालरे और थाना प्रभारी वर्षा पटेल को पुलिस अधीक्षक के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कर्मचारियों ने वाहन क्षतिग्रस्त करने और तोडफ़ोड़ करने वाले अज्ञात लोगों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे लामबंद होकर विरोध जारी रखेंगे।
इनका कहना है
नगर परिषद के कर्मचारियों के द्वारा आवेदन दिया गया है जिस समस्या को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश अनुसार जो भी कार्रवाई होगी वह की जाएगी। पीएस वालरे, एसडीओपी निवास
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
वर्चस्व की लड़ाई में तीन बाघ की मौत
कान्हा टाइगर रिजर्व में मुक्की जोन और कान्हा जोन की घटना
खूनी संघर्ष में एक वयस्क और दो शावकों की मौत
मंडला महावीर न्यूज 29.कान्हा नेशनल पार्क में बाघों के बीच वर्चस्व की लड़ाई में कान्हा के दो अलग-अलग क्षेत्रों में एक वयस्क बाघ और दो शावकों की मौत हो गई। इस घटना की जानकारी पार्क में गश्ती कर रहे पार्क प्रबंधन के कर्मचारियों ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी, जिसके बाद पार्क प्रबंधन ने इन दोनों घटनाओं की पुष्टि की है, जिसके बाद कान्हा पार्क में हड़कंप मच गया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी अनुसार कान्हा नेशनल पार्क में तीन बाघों की मौत की घटना में पहली घटना कान्हा पार्क के मुक्की जोन की है, जहां दो नर बाघों के बीच वर्चस्व के लिए खूनी संघर्ष हुआ। इस क्षेत्रीय लड़ाई में एक वयस्क नर बाघ गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। पार्क प्रबंधन ने बताया कि दूसरी घटना पार्क के कान्हा जोन की है। जहां एक वयस्क नर बाघ ने हमला कर करीब दो माह के दो छोटे शावकों को अपना शिकार बना लिया। कान्हा नेशनल पार्क में इस तरह की घटनाएं बाघों के बीच क्षेत्रीय वर्चस्व के लिए होती है।
हाथी दल ने दी थी सूचना
कान्हा नेशनल पार्क के मुक्की और कान्हा जोन में हुई एक वयस्क बाघ और दो बाघ शावकों की मौत की जानकारी कान्हा के हाथी गश्ती दल के माध्यम से मिली। बताया गया कि गश्ती दल अपने दायित्व निर्वाहन के लिए पार्क की गश्ती कर रहे थे, इसी दौरान गश्ती दल ने बाघ के शवों को देखा तो तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। सूचना मिलते ही पार्क प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और बाघ के शवों को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
तीनों का किया अंतिम संस्कार
बताया गया कि दोनों बाघ शावकों का पोस्टमॉर्टम करने के बाद तत्काल इनका अंतिम संस्कार कर दिया गया है। इसके साथ ही नर बाघ का पीएम और अंतिम संस्कार आज शुक्रवार को किया जाएगा। पार्क प्रबंधन के अधिकारियों ने बताया कि बाघों के बीच संघर्ष और शावकों को मारने जैसी घटनाएं जंगल में स्वाभाविक मानी जाती हैं, खासकर बाघों की बढ़ती संख्या के साथ उनके बीच क्षेत्र को लेकर प्रतिस्पर्धा बढऩा स्वाभाविक है। फिलहाल कान्हा पार्क प्रबंधन इस घटना की जांच शुरू कर दी है।
बिछिया पुलिस ने किया मोटर साइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़
चोरी के चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर खुला गिरोह का राज
स्कूल से बर्तन और गैस सिलेंडर भी जब्त, मंडला और डिंडौरी जिले की 11 बाइकें बरामद
मंडला महावीर न्यूज 29. बिछिया थाना पुलिस ने लंबे समय से क्षेत्र में हो रही मोटर साइकिल चोरियों पर लगाम लगाते हुए एक चोर गिरोह को पकडऩे में बड़ी सफलता हासिल की है। इस गिरोह के चार सदस्यों से 11 चोरी की मोटर साइकिलें और अन्य संपत्ति बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा ने एसडीओपी बिछिया सौरभ तिवारी और थाना प्रभारी बिछिया भीष्म तिवारी को इस गिरोह को पकडऩे के लिए विशेष रूप से निर्देशित किया था।
बताया गया कि थाना प्रभारी भीष्म तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए विगत दिवस चार आरोपी रॉकी उर्फ योगेश गायकवाल, कल्लू उर्फ शिवचंद उईके, राहुल कसार और आनंद सारथी को गिरफ्तार किया था। प्रारंभिक गिरफ्तारी में इनसे 06 मोटर साइकिलें बरामद हुई थीं। आरोपीगणों ने पूछताछ में जिले के अन्य थाना क्षेत्रों और दूसरे जिले से भी मोटर साइकिलें चोरी करना बताया था, जिसके कारण उन्हें 2 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर बिछिया थाना क्षेत्र की 02, मंडला थाना क्षेत्र की 02 और डिंडौरी जिले की 01 मोटर साइकिल और बरामद की गईं, जिससे कुल बरामदगी 11 तक पहुँच गई।
बिरसा स्कूल से चोरी सामान भी जब्त
मोटर साइकिलों के अलावा पुलिस ने आरोपियों से बिरसा सरकारी स्कूल में हुई चोरी का माल भी बरामद किया है। जब्त की गई संपत्ति में एक एचपी कंपनी की गैस टंकी और कुछ बर्तन भी शामिल हैं। जब्तशुदा मोटर साइकिलों में बजाज पल्सर और होण्डा शाईन मॉडल की गाडिय़ाँ शामिल हैं। चोरी के गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शिवचंद उईके उर्फ कल्लू 20 वर्ष, धनगांव घुटास थाना बिछिया, रॉकी उर्फ योगेश गायकवाल 19 वर्ष, घुटास बिछिया, राहुल कसार 22 वर्ष, घुटास बिछिया), आनंद सारथी 24 वर्ष, राजीव कॉलोनी झंडा चौक देवदरा के रूप में की गई है। इस कार्यवाही में निरीक्षक भीष्म तिवारी, उप निरीक्षक प्रवीण मालवीय, सउनि सुरेश विजयवार, सउनि उपेन्द्र यादव सहित प्रधान आरक्षक और आरक्षकों की टीम की विशेष भूमिका रही।
अनुकंपा नियुक्ति में फर्जीवाड़ा-नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
एक सप्ताह में कार्रवाई न होने पर दी हड़ताल की चेतावनी
बम्हनी बंजर नगर परिषद में नियमों का खुला उल्लंघन, मृत्यु से पहले जारी कर दी गई अनुकंपा नियुक्ति
मंडला महावीर न्यूज 29. बम्हनी बंजर नगर परिषद में अनुकंपा नियुक्ति के एक मामले ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है, जिसके दस्तावेजों में नियमों के उल्लंघन का खुलासा हुआ है। सूचना के अधिकार अधिनियम 2005 के तहत सामने आई जानकारी के अनुसार एक कर्मचारी के पुत्र को अनुकंपा नियुक्ति उनके पिता की मृत्यु से पहले ही प्रस्तावित कर दी गई थी। इस मामले को लेकर नागरिकों ने जांच की मांग तेज कर दी है और कार्रवाई न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी है।
जानकारी अनुसार अनुकंपा नियुक्ति का मामला नगर परिषद के पूर्व चौकीदार अब्दुल रज्जाक से जुड़ा है, जिनका आकस्मिक निधन 07 दिसंबर 2020 को हुआ था। उनके निधन के बाद पुत्र हसन खान को चौकीदार के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी गई लेकिन आरटीआई से प्राप्त दस्तावेजों के मुताबिक हसन खान की नियुक्ति का पीआईसी प्रस्ताव 19 जनवरी 2020 को जारी किया गया था, जो उनके पिता की मृत्यु की तिथि 07 दिसंबर 2020 से लगभग ग्यारह महीने पहले का है।
बताया गया कि अनुकंपा नियुक्ति के नियम स्पष्ट रूप से यह कहते हैं कि यह केवल किसी कर्मचारी के सेवाकाल में मृत्यु होने पर परिवार को तत्काल वित्तीय सहायता देने के उद्देश्य से दी जाती है। मृत्यु से पहले इस प्रस्ताव का जारी होना नगर परिषद में अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन को लेकर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
नागरिकों ने की जांच की मांग
इस नियुक्ति को लेकर हसन खान की कार्यप्रणाली पर पहले भी सवाल उठ चुके हैं, जिनमें फर्जीवाड़ा के आरोप शामिल हैं। स्थानीय नागरिक विनय चक्रवर्ती ने 16 सितंबर 2025 को बम्हनी थाना और मंडला जनसुनवाई में आवेदन देकर जांच की मांग की थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कार्रवाई न होने से आक्रोशित नगर के कुछ नागरिकों ने 26 सितंबर को पुन: आवेदन देकर जांच की मांग दोहराई है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मामले की निष्पक्ष जांच पूरी नहीं होती है, तो वे धरना प्रदर्शन और भूख हड़ताल शुरू कर देंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी की होगी।
इनका कहना है
मेरे द्वारा 25 अगस्त को नगर परिषद बम्हनी में आवेदन प्रस्तुत कर सूचना के अधिकार अधिनियम 2005 के अंतर्गत जानकारी मांगी गई थी, जो दिनांक 23 सितंबर को लोक सूचना अधिकारी द्वारा नियुक्ति पत्र एवं पीआईसी प्रस्ताव सहित पूरे 41 पन्ने की जानकारी के रूप में दी गई है। राजा पटैल,आवेदनकर्ता
यह लिपिकीय त्रुटि है। हमने इस त्रुटि में सुधार के लिए आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है। सुरेंद्र चंद्रोल,प्रभारी सीएमओ, नगर परिषद बम्हनी बंजर
मंडला में अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल ने किया भव्य शस्त्र पूजन, कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने बताया ‘शौर्य का प्रतीक’
रामभक्तों को दिया संगठन का संदेश: स्व. कामता प्रसाद सोनी को श्रद्धांजलि, ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प’ को घर-घर पहुंचाने का आह्वान
???? मंत्री संपतिया उइके की मौजूदगी में हुआ भव्य शस्त्र पूजन, शौर्य और धर्म की रक्षा का संदेश
मंडला महावीर न्यूज 29. अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल मंडला के द्वारा गुरुवार को एक भव्य शस्त्र पूजन कार्यक्रमका आयोजन किया गया। नेहरू स्मारक दुर्गा उत्सव समिति पंडाल में आयोजित इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश की कैबिनेट मंत्रीसंपतिया उइके मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जिन्होंने शस्त्र पूजन को‘शौर्यता का प्रतीक’ बताया।
कार्यक्रम में जगत जननी माँ दुर्गा, श्री राम और भक्त बजरंग बली के तैल्यचित्र पर मंत्री संपतिया उइके ने माल्यार्पण किया औरशस्त्रों का विधि-विधान से पूजन किया। इस अवसर पर गुरुकुल से आई कन्याओं द्वारा शस्त्रों का जोरदार प्रदर्शन भी किया गया।
????️शस्त्र आत्मरक्षा और धर्म की रक्षा के लिए
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के राष्ट्रीय किसान मंत्री प्रमोद रायऔर प्रांत कार्यकारी अध्यक्षस्वराज बघेल ने कहा कि नवरात्रि आरंभ से लेकर विजयादशमी तक पूरे भारतवर्ष में अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल शस्त्र पूजन का आयोजन करता है। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि शस्त्र हमें आत्मरक्षा करना सिखाते हैं और विषम परिस्थितियों में हमारी रक्षा करते हैं। उन्होंने शास्त्रों का हवाला देते हुए कहा कि जब धर्म की बात आती है, तब शस्त्र का उपयोग करने का वर्णन भी किया गया है।
मंत्री उइके ने अपने संबोधन में कहा कि माँ दुर्गा की अराधना का पर्व चल रहा है और उनकी आठों भुजाओं में कोई न कोई शस्त्र दिखाई देता है, जो हमें धर्म की रक्षा, समाज की रक्षा, परिवार की रक्षा के साथ-साथ देश की रक्षाका भी संदेश देता है।
हिन्दू समाज के संगठन और सेवा पर जोर
मुख्य वक्ता प्रमोद राय और प्रांत कार्यकारी अध्यक्ष स्वराज बघेल ने हिन्दू समाज को संगठित और मजबूतकरने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य हिन्दू धर्म की सेवा, रक्षा करना है, और संगठन सामाजिक सेवा परियोजनाओं में भी सक्रिय है। उन्होंने जात-पात में बाँटकर की जा रही गंदी राजनीति से बचनेका आह्वान किया और कहा कि “हम सब हिन्दू हैं, हम सब बराबर हैं, हम में कोई बड़ा छोटा नहीं है।”
????शस्त्र पूजन की पौराणिक मान्यता
वक्ताओं ने शस्त्र पूजन की पौराणिक मान्यताओं पर भी प्रकाश डाला। रामायण काल से चली आ रही इस परंपरा के अनुसार, विजयादशमी के दिन देवी दुर्गा ने महिषासुर का वध किया था और भगवान श्रीराम ने रावण का वध किया था। रावण का वध करने से पहले भगवान राम ने भी शस्त्रों की पूजा की थी, तभी से इस दिन शस्त्र पूजन का विधान है। मान्यता है कि इस दिन शस्त्र पूजन करने से जीवन में चल रही सभी परेशानियां, कष्ट और दरिद्रता दूर होती हैं।
इस भव्य कार्यक्रम में मध्य प्रदेश की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगर पालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मंजू कछवाहासहित अनेक कार्यकर्ता, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बाघ के दीदार के साथ शुरू हुआ कान्हा में सफारी
कान्हा पार्क में लौटी रौनक, पर्यटकों के लिए खुला कान्हा पार्क
सफारी के लिए कान्हा पार्क में पहले दिन 96 वाहनों में 469 पर्यटकों ने किया प्रवेश
मंडला महावीर न्यूज 29.ख्यातिलब्ध कान्हा नेशनल पार्क पर्यटकों के लिए खुल गए है, अब पर्यटक वन्यप्राणियों के दीदार कर सकेंगे। तीन माह के विराम में पर्यटको को वनराज के दीदार नही हो सके। अब पर्यटकों का इंतजार खत्म हुआ और 01 अक्टूबर से कान्हा नेशनल पार्क में सफारी शुरू हो गई। पार्क शुरू होने के पहले दिन ही कान्हा पार्क में 96 वाहनों में 469 पर्यटकों को पार्क का भ्रमण कराया। कान्हा नेशनल पार्क के सभी कोर जोन एवं बफर जोन में पर्यटन शुरू हुआ। जहां पहले दिन पर्यटकों ने भ्रमण किया।
जानकारी अनुसार कान्हा नेशनल पार्क के प्रथम दिन कोर जोन में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके और मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, क्षेत्र संचालक, उप संचालक, कोर उप संचालक, बफर पार्क अधीक्षक, सहायक संचालक मलाजखंड ने हरी झंडी दिखाकर पयर्टन वाहनों को सफारी के लिए रवाना किया। पार्क भ्रमण से पहले कैबिनेट मंत्री और मंडला सांसद ने सुबह पारंपरिक रूप से विधिवत पूजन कर पार्क के गेट पर्यटकों के लिए खोले। कान्हा के गेट खुलने के इंतजार में बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी और पर्यटक कान्हा पार्क पहुंचे। सब बेस्रबी से पार्क खुलने का इंतजार कर रहे थे कि कब पार्क खुले और पर्यटक वन्यप्राणियों के दीदार करें। तीन माह के लंबे अंतराल के बाद प्रथम दिन 01 अक्टूबर को 96 वाहनों ने पार्क में प्रवेश किया।
पहले दिन 96 वाहन में 469 पर्यटकों ने किया भ्रमण
बता दे कि कान्हा पार्क खुलने के पहले दिन पार्क में पर्यटकों की काफी भीड़ देखी गई। 96 वाहनों से 469 पर्यटकों ने पहले दिन सफारी का आनंद लिया। पर्यटकों में काफी उत्साह देखा गया। ऑनलाईन टिकट भी 100 प्रतिशत बुक थी। प्रथम दिवस में कोर जोन, बफर जोन में वाहनों ने प्रवेश किया। जहां पर्यटकों ने कान्हा पार्क का भ्रमण किया गया। प्रथम दिवस ही पर्यटकों के लिए अत्यन्त सफल रहा। पार्क भ्रमण करने पहुंचे पर्यटकों ने पार्क में प्रवेश कर कान्हा के सौंदर्य का लुफ्त उठाया।
मैराथन दौड का आयोजन
01 अक्टूबर से कान्हा नेशनल पार्क के सभी जोन में पर्यटन शुरू कर दिया गया है। जिसके अंतर्गत कान्हा टाईगर रिजर्व के समस्त चार कोर जोन एवं तीन बफर जोन में देेशी, विदेशी पर्यटकों के लिए पर्यटन गतिविधियां आरम्भ की गई। वाहनों को प्रवेश के लिये हरी झण्डी दिखाकर पार्क में प्रवेश कराया गया। इसके बाद रन फॉर कान्हा मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को उपहार देकर उनकी हौसला अफजाई की गई।
पहले दिन ही हुए बाघ के दीदार
तीन माह तक कान्हा में पर्यटन बंद रहा। जिसके बाद पर्यटक वन्य प्राणी समेत कान्हा के जंगलों का सौंदर्य देखने से वंचित रहे। रैनी सीजन में सिर्फ बफर जोन में भी पर्यटकों ने सफारी का आनंद लिए। वहीं सभी जोन रैनी सीजन में बंद रहे। अब तीन माह बाद जैसे ही 01 अक्टूबर को पहले दिन कान्हा पार्क विधिवत शुरू किया गया तो पर्यटकों को वनराज के दीदार हो गए। पर्यटक कान्हा की सफारी के लिए पार्क में प्रवेश किए। बताया गया कि पार्क में पहले दिन ही पर्यटकों को टाइगर के दीदार हुए। भ्रमण के दौरान प्रथम दिवस में सभी जोन में तेंदुआ, टाईगर, भालू, हिरण, चीतल समेत अन्य वन्यप्राणियों के दीदार पर्यटकों को अच्छे से हुए। बताया गया कि पर्यटकों ने कान्हा के जिस क्षेत्र में पहुंचे, उन पर्यटकों ने पहले दिन कान्हा में प्रवेश करने का आंनद बाघ के दीदार से लिया। पहले ही दिन बाघ दिखने से पर्यटक रोमांचित हो गए और इस दृश्य को अपने कैमरे में कैद कर लिए।
महाशिवपुराण कथा-आस्था, नृत्य और दिव्य ज्ञान का अमृत उत्सव
महाशिवपुराण में नर्मदा और गंगा के अवतरण की कथा से श्रद्धालु हुए भाव-विभोर
मंडला महावीर न्यूज 29.दुर्गा उत्सव समिति द्वारा आयोजित महाशिवपुराण कथा का आठवां दिवस भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस विशेष दिन नर्मदा और गंगा के जन्म का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। संगीत की मधुर धुन पर मातृशक्ति और पुरुषों ने नृत्य किया, जिससे पंडाल का माहौल भक्तिमय और मन-मुग्ध कर देने वाला हो गया।
पंडित पवन शास्त्री महाराज ने कथा के दौरान भगवान सूर्य और हनुमान जी के बीच के गुरु-शिष्य संबंध का विस्तृत वर्णन किया। बताया गया कि सूर्य भगवान ने हनुमान जी को चार विद्याएं प्रदान की थीं, लेकिन पाँचवीं विद्या के लिए उन्होंने विवाह को अनिवार्य बताया। गुरु के मार्गदर्शन पर हनुमान जी ने सूर्य भगवान की पुत्री सुवर्चला से विवाह किया और विवाह के बाद उन्हें शेष विद्या भी प्राप्त हो गई, जिससे उन्हें कुल नौ विद्याओं का ज्ञान प्राप्त हुआ। कथा में बताया गया कि हनुमान जी और उनकी पत्नी सुवर्चला का मंदिर केवल तेलंगाना प्रदेश में ही देखा जाता है।
मोहिनी स्वरूप और महिषासुर का वध
कथा में महिषासुर और अलमासुर के वध का भी वर्णन हुआ, जिसके लिए भगवान विष्णु ने मोहिनी रूप धारण किया। मोहिनी के आकर्षक स्वरूप को देखकर भगवान शंकर से जो तेज उत्पन्न हुआ, उसे सप्त ऋषियों ने एक पात्र में लेकर स्थापित किया। महाशिवपुराण कथा की समाप्ति पर महाप्रसाद का वितरण किया गया। दुर्गा उत्सव समिति के युवाओं ने इस पूरे कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग किया। क्षेत्र के धर्मप्रेमियों ने इस धार्मिक आयोजन को आस्था और विश्वास का अमृत उत्सव बताया और समिति के प्रयासों की सराहना की।
गांधी जयंती पर मद्य निषेध सप्ताह का शुभारंभ, मंडला में नशामुक्ति और स्वदेशी जागरण पर भव्य रैली
ब्रह्मा कुमारी और जन अभियान परिषद् की पहल: कलेक्ट्रेट से बेगा बैगी चौराहा तक निकाली गई रैली, ऑफलाइन-ऑनलाइन ली गई शपथ
???? गांधी जयंती पर मंडला में मद्य निषेध सप्ताह का शुभारंभ, स्वदेशी जागरण सप्ताह का समापन
मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 2 अक्टूबर 2025 को जयंती के उपलक्ष्य में, मंडला में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मद्य निषेध सप्ताह का शुभारंभ और स्वदेशी जागरण सप्ताह का समापन किया गया। यह कार्यक्रम सामाजिक न्याय विभाग, म.प्र. जन अभियान परिषद् एवं प्रजा पिता ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
????♀️भव्य रैली और शपथ ग्रहण
कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम महात्मा गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद, कलेक्ट्रेट कार्यालय से बेगा बैगी चौराहा तक एक भव्य रैली निकाली गई। इस रैली का उद्देश्य नशामुक्ति और स्वदेशी अपनाने के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना था।
रैली में ब्रह्मा कुमारी ओमलता दीदी, ब्रह्मा कुमारी शिव कुमारी बहिन, विकास खण्ड समन्वयकसंतोष कुमार झारिया, अजीत मरावी, योगेंद्र मार्को, राजेंद्र झरिया, रविंद्र गोटिया, कलाथक दल से गोपाल मरावी, संजय तेकाम सहित जन अभियान परिषद् द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम अंतर्गत MSW/BSW के छात्र/छात्राएंऔर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था की दीदीयाँ उपस्थित रहीं।
रैली के समापन उपरांत, सभी उपस्थित लोगों को ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से शपथदिलाई गई, जिसमें नशामुक्ति और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग का संकल्प लिया गया।
थाना बिछिया पुलिस ने अंतरजिला मोटर साइकिल चोर गिरोह का किया पर्दाफाश
6 बाइक बरामद, 4 आरोपी गिरफ्तार
मंडला, बालाघाट और सिवनी जिलों में 11 चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाला शातिर गिरोह गिरफ्तार
मंडला महावीर न्यूज 29. बिछिया थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोटर साइकिल चोरी करने वाले एक शातिर अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गईं 6 मोटर साइकिलें बरामद की हैं। पुलिस द्वारा गठित टीम ने विवेचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर दो संदिग्ध, रॉकी उर्फ योगेश गायकवाल और कल्लू उर्फ शिवचंद उईके को सिझौरा से चोरी की गई होंडा साइन मोटर साइकिल के साथ पकड़ा।
तीन जिलों में 11 चोरी की वारदातें कबूल
पूछताछ में आरोपियों ने मंडला समेत पड़ोसी जिलों बालाघाट और सिवनी में अपने साथियों के साथ मिलकर कुल 11 मोटर साइकिल चोरी करने की घटना स्वीकार की है। आरोपियों ने बताया कि वे रोड किनारे और सुनसान जगह पर खड़ी मोटर साइकिलों का लॉक तोड़कर उन्हें चालू करते थे और चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शिवचंद उईके, रॉकी उर्फ योगेश गायकवाल, राहुल कसार और आनंद सारथी शामिल हैं। इनमें से रॉकी उर्फ योगेश गायकवाल पर थाना बिछिया में चोरी के तीन अपराध और राहुल कसार पर विभिन्न धाराओं में 6 अपराध पहले से ही पंजीबद्ध हैं। पुलिस द्वारा अन्य जिलों से भी इनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही शेष चोरी की गई मोटर साइकिलों को जब्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
बरामद किए गए वाहन
जब्त की गई मोटर साइकिलों में होंडा शाइन, काले रंग की पल्सर एनएस, नीले रंग की होंडा एक्टिवा और बजाज सीटी 100 जैसी गाडिय़ां शामिल हैं। इस सराहनीय कार्रवाई में निरीक्षक भीष्म तिवारी, उप निरीक्षक प्रवीण मालवीय, सउनि सुरेश विजयवार, प्रधान आरक्षक अजीत परते, उगेश, कमलेश, विदेह परते, रतन करचाम, आरक्षक अनिल मर्सकोले, अजय, रामप्रसाद धुर्वे, महेन्द्र रहंगडाले, संजय कटरे, नानसाय, अमृत मरावी और तेवेन्द्र कुमरे सहित नंदकिशोर की विशेष भूमिका रही।
अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर पर चढ़ा, चालक सुरक्षित
देर रात बरेला-निवास मार्ग पर निवास एसबीआई के सामने हादसा
शहपुरा से जबलपुर जा रहे ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
मंडला महावीर न्यूज 29.बरेला-निवास मार्ग पर मंगलवार की देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। निवास नगर में भारतीय स्टेट बैंक के ठीक सामने एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर के ऊपर चढ़ गया। जानकारी अनुसार ट्रक देर रात्रि शहपुरा की ओर से जबलपुर की तरफ जा रहा था। तेज गति के कारण या किसी अन्य वजह से चालक ट्रक पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण ट्रक डिवाइडर से टकरा गया।
इस हादसे में ट्रक का सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि ट्रक चालक को सिर्फ मामूली चोटें ही आईं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। दुर्घटना के चलते मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
नवयुवक दुर्गोत्सव समिति की डरावनी गुफा बनी आकर्षण का केंद्र
रहस्यमयी गुफा 2 अक्टूबर दशहरा तक रहेगी खुली, 3 को होगा भव्य चल समारोह
मंडला महावीर न्यूज 29.नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर नवयुवक दुर्गोत्सव समिति पड़रिया द्वारा बनाई गई एक अनोखी और डरावनी गुफा भक्तों और दर्शकों के लिए इस वर्ष विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। समिति की इस रचनात्मक पहल ने पड़रिया क्षेत्र के दुर्गोत्सव को खास चर्चा का विषय बना दिया है। गुफा की रहस्यमयी बनावट और डरावना माहौल लोगों में लगातार उत्सुकता बढ़ा रहा है। प्रतिदिन शाम 7 बजे से लेकर अर्धरात्रि तक भारी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण इस रोमांचक अनुभव को लेने पहुँच रहे हैं।
बच्चों में डर, बड़ों में उत्साह
गुफा का वातावरण इतना डरावना है कि लोग खासकर कमजोर दिल वाले और छोटे बच्चे अंदर जाने से घबराते हैं। यह देखा जा रहा है कि कई बच्चे तो डर के कारण रोते हुए भी बाहर निकल रहे हैं। बावजूद इसके क्षेत्रवासियों में इस अनोखी गुफा को देखने का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे यहाँ रात में भी मेले जैसा माहौल बना हुआ है। दुर्गोत्सव समिति ने बताया कि यह डरावनी गुफा आगामी दो दिन और 2 अक्टूबर दशहरा तक खुली रहेगी। इसके बाद 3 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से माँ दुर्गा की भव्य शोभायात्रा चल समारोह का आयोजन किया जाएगा, जो हनुमान घाट पड़रिया में जाकर संपन्न होगा।
सांई बाबा की 107वीं पुण्यतिथि आज
होगा विशाल भंडारा
मंडला महावीर न्यूज 29. सांई बाबा कि 107वीं पुण्यतिथि के अवसर पर रजक परिवार के द्वारा घर में स्थापित सांई दरबार में 25वां भिक्षा भंडारा का आयोजन आज किया जा रहा है। साईभक्त किशोर रजक ने बताया कि 15 अक्टूबर 1918 को सांई नाथ महाराज दशहरा के दिन 2:30 बजे अपनी देह त्याग ब्रम्हलीन हुए थे इस पुण्यतिथि पर यह भारत का पहला ऐसा भंडारा है जो भिक्षा से होता है माता रानी और सांई नाथ महाराज की कृपा से सम्पूर्ण व्यंजन बनते है और किसी भी चीज की इस भंडारे में कमी नहीं होती इस बार पानी गिरने की वजह से भिक्षा का बहुत कम समय मिला पर बाबा को ज्यादा चिंता थी इसलिए बाबा ने ऑनलाइन व्यवस्था बना कर भंडारे की सम्पूर्ण व्यवस्था बना दी इस अदभुत भंडारे में आप सभी सपरिवार आमंत्रित हैं।
कार्यक्रम सुबह पूजा पाठ कर भंडारा बनाने का क्रम जारी होगा। जो दोपहर 2 बजे से शहर के सभी मंदिरों में भंडारे का भोग अर्पित 3 बजे सांई जी की पालकी सांई दरबार से नर्मदा जी तक नर्मदा जी के तट पर पूजन आरती के बाद सांई बाबा की मूर्ति का विसर्जन कर सांई बाबा नर्मदे जी के जयघोष के साथ मौन वृत समाप्त करना 5 बजे से आपके आगमन तक प्रारंभ रजक परिवार सांई दरबार माया किशोर रजक वार्ड क्रमांक 3 नर्मदा जी वार्ड मंडला में चलेगा।
अष्टमी पर भक्ति का सैलाब: विद्या महाशक्ति पीठ में भव्य महाआरती के साथ माँ को चढ़ाया गया 56 भोग
मंडला में अलौकिक आस्था का केंद्र बना विद्या महाशक्ति पीठ, आनंद मेले और दिव्य दर्शन के लिए उमड़े हजारों भक्त
???? विद्या महाशक्ति पीठ में महाआरती के साथ माँ को अर्पित किया 56 भोग
मंडला: नवरात्रि के अष्टमी पर्व पर बड़ी खैरी स्थित विद्या महाशक्ति पीठ में भक्ति, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। सिद्ध दुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में यहाँ भव्य महाआरती और 56 भोग का आयोजन किया गया, जिसमें शामिल होने के लिए हजारों की संख्या में धर्मप्रेमी पहुँचे।
यह पीठ उन देवियों की देवी कहलाती है, जो संपूर्ण जगत की आधारशक्ति मानी जाती हैं, और यहाँ माता के स्वरूप को विद्या, शक्ति और भक्ति का संगम माना जाता है। इसी आस्था के चलते नवरात्रि पर्व पर मंडला जिले ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी भक्तजन माँ के दर्शन के लिए सुबह से देर रात तक पहुँच रहे हैं।
????मधुर संगीत और जयकारों से गूंजा परिसर
अष्टमी के पावन अवसर पर ओम युवा मंडल किला वार्ड के द्वारा मधुर संगीत से महाआरती कराई गई। इस महाआरती में हजारों श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते और नृत्य करते देखे गए, जिससे पूरा परिसर माँ जगत जननी जगदंबा के जयकारों से गूंज उठा। माँ को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण हुआ।
आस्था के इस परिसर में माता की महाआरती के समय दीपों की लौ और भक्ति रस में डूबे भजनों की धुन से पूरा वातावरण अलौकिक बन गया।
????पुलिस का सहयोग और आनंद मेला
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यवस्था में विशेष सहयोग दिया, जिससे दर्शनार्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो। वहीं, परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी परिसर में आनंद मेला का आयोजन किया गया। झूले, मनोरंजन के साधन और तरह-तरह की सामग्री की दुकानों से सजे इस मेले ने भक्ति और उत्साह के रंग को और भी गहरा कर दिया। नवरात्रि के इस पावन पर्व पर माँ जगदंबा के चरणों में सिर नवाकर श्रद्धालु स्वयं को धन्य मान रहे हैं।
मंडला में पहली बार होगा शौर्य का प्रदर्शन, तलवार और शस्त्र के साथ ‘वीरांगना क्षत्राणी गरबा’ का भव्य आयोजन
बुधवार 1 अक्टूबर को युवम परिवार परिसर में साहसिक गरबा, मराठी साड़ी-पगड़ी पहनकर महिलाएँ देंगी सशक्तिकरण का संदेश
????️ महिला सशक्तिकरण के लिए मंडला में ‘वीरांगना क्षत्राणी गरबा’ का अनोखा आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. नवरात्रि के पावन पर्व पर इस बार मंडला में भक्ति और शौर्य का एक अभूतपूर्व संगम देखने को मिलेगा। नगर में पहली बार ‘वीरांगना क्षत्राणी गरबा’ का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें बालिकाएं एवं महिलाएँ पारंपरिक गरबा को तलवार और अन्य शस्त्रों के साथ प्रस्तुत करेंगी। यह अनोखा आयोजन गरबा कला को एक नया आयाम देगा, साथ ही बालिकाओं एवं महिलाओं के सशक्तिकरण को भी प्रेरित करेगा।
???? बुधवार को होगा शस्त्र पूजन
काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल, गाजीपुर द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम बुधवार, 1 अक्टूबर को युवम परिवार परिसर, इंडोर स्टेडियम के समीप आयोजित किया जाएगा। आयोजन की शुरुआत भव्य शस्त्र पूजन के साथ होगी, जिसके बाद साहसिक गरबा की प्रस्तुति दी जाएगी। इस आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है, जिससे वे मातृशक्ति और क्षत्राणी शौर्य की भावना को आत्मसात कर सकें।
???? मराठी स्टाइल साड़ी में होगा प्रदर्शन
इस विशेष प्रस्तुति के लिए विभिन्न उम्र की प्रतिभागी महिलाएँ और बालिकाएँ आचार्य अभिलाषा, आचार्य सत्यम एवं सदस्य प्रीति मौर्य के मार्गदर्शन में नियमित रूप से गहन प्रशिक्षण ले रही हैं। गरबा के साहसिक आयोजन के लिए प्रतिभागियों के लिए मराठी स्टाइल साड़ी एवं पगड़ी का विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है, जो इस आयोजन के उत्साह और शौर्य को और बढ़ाएगा। समिति ने बताया कि गरबा आयोजन को युवम परिवार का सहयोग प्राप्त है और प्रतिभागी इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए काफी उत्साहित हैं। यह कार्यक्रम निश्चित रूप से मंडला के सांस्कृतिक पटल पर एक नई मिसाल कायम करेगा।
घर-घर हुआ कन्या पूजन, कराया विशेष भोज
घरों एवं पंडालों में किया गया कन्या पूजन
मंडला महावीर न्यूज 29.अष्टमी से कन्या पूजन का दौर शुरू हो गया। घरों एवं पंडालों में नवमीं के दिन भी कन्या पूजन एवं कन्या भोज का दौर चलता रहा। देवी व्रत में कुमारी पूजन महत्वपूर्ण बताया गया है। शास्त्रों में बताया गया कि एक कन्या के पूजन से ऐश्वर्य की, दो की पूजा से भोग और मोक्ष की, तीन की आर्चना से धर्म, अर्थ, काम, त्रिवर्ग की, चार की अर्चना से राज्य पद की, पांच की पूजा से विद्या की, छ: की पूजा से सिद्धि की, सात की पूजा से राज्य की, आठ की पूजा से संपदा की और नौ कुमारी कन्याओं की पूजा से पृथ्वी के प्रभुत्व की प्राप्ति होती है। कन्याओं को देवी स्वरूप माना गया है।
दो वर्ष की कन्या कुमारी, तीन वर्ष की कन्या त्रिमूर्तिनी, चार वर्ष की कन्या कल्याणी, पांच वर्ष की कन्या रोहणी, छ: वर्ष की कन्या काली, सात वर्ष की कन्या चंडिका, आठ वर्ष की कन्या शांभवी, नौ वर्ष की कन्या दुर्गा और दस वर्ष की कन्या सुभद्रा स्वरूप होती है। कन्या पूजन में दस वर्ष तक की आयु की कन्याओं का पूजन किया जाता है।
फोटो- मोहित पटैल
अनियंत्रित हुई बाईक, युवक घायल
परिजन को जबलपुर छोड़कर लौट रहा था नारायणगंज
नारायणगंज कुड़ामैली पुल के पास हुआ हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज में कुड़ामैली पुल के पास हुई एक सड़क दुर्घटना में एक युवक घायल हो गया। युवक अपने परिवार को जबलपुर छोड़कर वापस अपने गृहग्राम लौट रहा था, इसी दौरान अचानक उसकी बाइक कुड़ामैली पुल के पास अनियंत्रित होकर फिसल गई और युवक घायल हो गया। युवक को सिर, हाथ और पैर में चोटे आई है। स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेंस को सूचना दी गई, जिसके बाद घायल युवक को नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उपचार के लिए ले जाया गया।
जानकारी अनुसार घायल युवक की पहचान जितेंद्र मरावी 23 वर्ष पुत्र दरबारी मरावी निवासी बीजेगांव पोतला, नारायणगंज के रूप में हुई है। बताया गया कि जितेंद्र मरावी अपने परिजनों को जबलपुर छोडऩे के बाद वापस अपने गृह ग्राम बीजेगांव पोतला के लिए लौट रहे थे। वापस लौटते समय नारायणगंज कुड़ामैली पुल के समीप उसकी बाइक अचानक सड़क पर अनियंत्रित हो गई और फिसल गई, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद घटना स्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। जागरूक नागरिकों ने तत्काल बिना देरी किए 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस की टीम तुरंत मौके पर पहुँची और घायल युवक जितेंद्र मरावी को तुरंत उपचार के लिए नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने घायल युवक का तत्काल उपचार किया। हालाकि घायल युवक की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। युवक जितेन्द्र के सिर, हाथ और पैर में चोट आई है।
पंडाल के पाईप को सुधारते समय युवक को लगा करंट
घायल युवक को डायल 112 के कर्मी ने पहुंचाया अस्पताल
नारायणगंज के देवगांव रैयत में पहाड़ी में स्थित मढ़िया की घटना
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले के विकासखंड नारायणगंज के चुटका मार्ग में बसा ग्राम देवगांव रेयत में पहाड़ी स्थित मढ़िया के पंडाल का पाईप सुधारने के दौरान लोहे का पाईप बड़ी विद्युत लाईन में चट हो गया जिसके कारण युवक को करंट लग गया। करंट लगने से युवक घायल होकर बेहोश हो गया। तत्काल इसकी सूचना 112 डायल को दी गई। जानकारी मिलते ही तत्काल 112 डायल के कर्मी मौके पर पहुंचे और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज लेकर आए। जहां युवक का उपचार किया जा रहा है।
जानकारी अनुसार घायल युवक की पहचान विनोद कुमार परते 35 वर्ष पिता डमारी लाल परते, निवासी देवगांव रैयत थाना टिकरिया के रूप में हुई है। घटना तब हुई जब पंडाल निर्माण के दौरान लोहे का पाइप दुर्घटनावश बड़ी बिजली लाइन से छू गया। पाइप को छूने के कारण विनोद परते को जोरदार बिजली का झटका लगा, जिससे वह वहीं गिर गया। इस हादसे की सूचना तत्काल 112 डायल को दी गई।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची। डायल 112 के स्टाफ रामरतन मसकरे, सुरेंद्र ठाकुर और पायलेट भूपेंद्र लोधी ने तुरंत घायल विनोद परते को उठाया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया। जहां चिकित्सक द्वारा घायल युवक का उपचार किया जा रहा है और उसकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
नैनपुर डाकघर में पोस्टमास्टर के रवैये से जनता परेशान, कार्य में भारी विलंब
10 मिनट का काम 15 दिन में, अभद्रता के भी आरोप
मंडला महावीर न्यूज 29.आम जनता को सहूलियत प्रदान करने वाला नैनपुर डाकघर इन दिनों गलत कारणों से चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां के नवागत पोस्टमास्टर पर कार्य में अत्यधिक विलंब और ग्राहकों के साथ अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोप लग रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जो काम मात्र 10 से 15 मिनट में हो जाना चाहिए, उसमें पोस्टमास्टर साहब की कथित व्यस्तता के चलते 10 से 15 दिन का समय लग रहा है। यह स्थिति डाकघर के ग्राहकों के लिए परेशानी का कारण बन गई है।
नैनपुर की जनता का कहना है कि जब कोई व्यक्ति या एजेंट अपनी समस्या लेकर पोस्टमास्टर के पास जाता है, तो उनके द्वारा उन्हें बेइज्जत कर वहां से भगा दिया जाता है। पोस्टमास्टर स्पष्ट रूप से उच्च अधिकारियों को शिकायत करने की बात कहते हैं और काम को 10 से 15 दिन बाद करने को कहते हैं। इस रवैये से आम जनता में भारी आक्रोश है। बताया गया कि पहले आए पोस्टमास्टर के कार्यकाल में डाकघर के ग्राहकों का काम मिनटों में हो जाता था, लेकिन वर्तमान पोस्टमास्टर के आने के बाद से जनता को प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कम्प्यूटर ज्ञान की कमी या मन नहीं
शिकायतों में यह भी सामने आया है कि नैनपुर डाकघर में क्लर्कों की कमी होने के कारण अन्य लोगों से क्लर्क का काम कराया जा रहा है, जिससे भी ग्राहकों को परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि या तो पोस्टमास्टर साहब को कम्प्यूटर का काम ठीक से नहीं आता, या फिर उनका नैनपुर डाकघर में मन नहीं लग रहा है। ऐसी भी चर्चाएं हैं कि वे खुद चाहते हैं कि उनकी शिकायतें हों जिससे वे यहाँ से कहीं और स्थानांतरित हो सकें। इस स्थिति से नैनपुर की आम जनता डाकघर की सेवाओं से असंतुष्ट और परेशान नजर आ रहे है।
इनका कहना है
मुझे पोस्ट मास्टर द्वारा परेशान किया जा रहा है रोज डाकघर के चक्कर कटवाए जा रहे हैं जिसकी शिकायत मैंने ऊपर तक की है। निखिल पटेल, नैनपुर निवासी
नवरात्र के नौ दिन किशोर नंगे पैर मौन रख मांगते है भिक्षा
25 वर्षो से भिक्षा मांगकर ही दशहरा में सांई बाबा की पुण्यतिथि पर कराते है भंडारा
मंडला महावीर न्यूज 29.नवरात्र में श्रृद्धा के अनेक रूप देखने को मिलते हैं। कोई निर्जला व्रत रखता है तो कोई कठिन तप करता है। जिला मुख्यालय में एक ऐसे ही सांई भक्त भी है जो नौ दिन मौन व्रत रखकर मां की आराधना करते हैं। मौन रखकर ही पूरे शहर में भ्रमण करके भिक्षा मांगते हैं। इसके बाद भिक्षा में मिले दान का दशहरा के दिन भंडारा कराते हैं। ये भक्त की माँ भवानी के प्रति श्रृद्धा और भक्ति ही है, जो इस भक्त को नौ दिन तक शक्ति प्रदान करती है।
जानकारी के अनुसार नर्मदा जी वार्ड निवासी किशोर रजक का यह सिलसिला पिछले 25 साल से चल रहा है। सांई बाबा की पुण्यतिथि पर दशहरा के दिन सांई भक्त भंडारा कराएंगे। यह भंडारा इसलिए भी खास है कि यहां भिक्षा में मिले अनाज से भंडारा कराया जाता है। बताया गया कि किशोर रजक शारदेय नवरात्र के नौ दिन मौन व्रत रखकर नगर भ्रमण करते हुए भिक्षा मांगते हैं, जो कुछ मिलता है उससे साईं बाबा की पुण्य तिथि दशहरा के दिन भंडारा करा देते हैं। नर्मदा जी वार्ड निवासी किशोर रजक का यह सिलसिला 25 वर्षों से चलाते आ रहा हैं और आजीवन चलाने का संकल्प लिए हुए हैं।
साईं बाबा का वेश धारण कर मांगते हैं भंडारा
किशोर रजक साईं बाबा का वेश धारण कर भिक्षा मांगने के लिए हाथ ठेले में सांई प्रतिमा स्थापित कर घर से निकल जाते हैं। नंगे पांव सुबह से शाम तक शहर के अलग-अलग क्षेत्र में भ्रमण करते हैं। चावल, आटा, तेल, घी, र्मिच, मसाला, पैसा जो कुछ मिलता है उसे लेकर वापस घर पहुंच जाते हैं। वर्षों से नवरात्र के दौरान यह सिलसिला लगातार जारी है। अब लोग खुद भिक्षा देने आगे आने लगे हैं। किशोर के दुकान या घर पहुंचने के पहले ही लोग उसके पास पहुंच जाते हैं और यथाशक्ति जिससे जो बनता है सहयोग करते हैं। किशोर ने नर्मदा जी वार्ड स्थित निज निवास में सांई प्रतिमा की स्थापना भी कराई है। जहां दशहरा के दिन सुबह हवन पूजन के बाद भंडारा बनाने का काम शुरू कर दिया जाता है। इस दौरान वार्डवासी भी भंडारा बनावाने में सहयोग करते हैं। पूजा अर्चना के बाद आज दशहरा के दिन दोपहर से देर रात तक भंडारा का वितरण किया जाएगा।
जिला चिकित्सालय मंडला में हृदय रोग एवं आंख की सर्जरी का लगेगा विशेष शिविर
जबलपुर और नागपुर के विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे सेवाएं
मंडला महावीर न्यूज 29.स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत जिला चिकित्सालय मंडला में 1 अक्टूबर को मेगा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में हृदय रोग, आंख की समस्या और अन्य बीमारियों से ग्रसित हितग्राहियों को उपचार का लाभ दिया जाएगा। शिविर में ब्लॉक स्तर पर चिन्हित किए गए बच्चों को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। बताया गया कि मेगा शिविर में हृदय रोग से संबंधित समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों की ईको जांच की जाएगी और समस्या पाए जाने पर उनका नि:शुल्क उपचार कराया जाएगा। 18 वर्ष से ऊपर के हितग्राहियों के लिए भी आवश्यकतानुसार ईसीजी और इको जाँच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
आंख से संबंधित रोगों की भी जांच परीक्षण मेगा शिविर में किया जाएगा। जिसमें बच्चों में मोतियाबिंद, आँख में तिरछापन और आरओपी जैसी समस्याओं के लिए चिन्हांकन कर सर्जरी की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही शिशु रोग से संबंधित जनरल सर्जरी, स्त्री रोग संबंधी समस्याएँ और ऑर्थोपेडिक हड्डी रोग समस्याओं की भी जाँच की जाएगी। आवश्यकता होने पर बच्चों की नि:शुल्क सर्जरी कराई जाएगी।
निजी चिकित्सालयों के विशेषज्ञ देंगे सेवाएं
बताया गया कि इस मेगा शिविर में निजी चिकित्सालयों के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएँ देंगे, जिनमें गैलेक्सी हॉस्पिटल जबलपुर, सराक्षी आई हॉस्पिटल नागपुर, नायक हॉस्पिटल, अनंत हॉस्पिटल और गोल्डन हॉस्पिटल जबलपुर शामिल हैं। जिला चिकित्सालय मंडला के सिविल सर्जन डॉ. विजय सिंह धुर्वे ने जन सामान्य से अपील की है कि कोई भी हितग्राही जो किसी भी बीमारी से ग्रसित है, वह शिविर में आकर उपचार का लाभ ले। उन्होंने विशेष रूप से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 0 से 18 साल तक के हृदय रोग एवं आँख की समस्या से संबंधित बच्चों को नि:शुल्क उपचार लेने की अपील की है।
मेगा शिविर में बच्चों के जटिल नेत्र रोगों का होगा उपचार
स्वास्थ्य सेवा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सराक्षी आई नेत्रालय नागपुर द्वारा 1 अक्टूबर को जिला चिकित्सालय मंडला में अपनी विशेष सेवाएं देगी। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक स्तर पर चिन्हित किए गए बच्चों की जटिल नेत्र समस्याओं का उपचार करना है। विशेष रूप से रेटिनोपैथी ऑफ प्रीमेच्योरिटी, भेंगापन, आँख में तिरछापन और मोतियाबिंद से ग्रसित बच्चे, जिनकी पहले स्क्रीनिंग हो चुकी है, उन्हें शिविर में आने के लिए सूचित किया गया है। इसके साथ ही जिन वयस्कों को भी आँखों में किसी प्रकार की समस्या है, वे भी इस शिविर में आकर जांच करा सकते हैं। इन वयस्कों का उपचार आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत नि:शुल्क किया जाएगा।
कमल पर विराजमान माँ भवानी, साथ में बाघ का शावक
राजीव कॉलोनी बजरंग चौक में बाघ के बच्चे वाली माँ दुर्गा प्रतिमा आकर्षण का केंद्र
1989 से निरंतर हो रही प्रतिमा स्थापना, महिष्मति घाट की तर्ज पर हुई भव्य महाआरती
मंडला महावीर न्यूज 29.नव शक्ति दुर्गोत्सव समिति राजीव कॉलोनी बजरंग चौक द्वारा शारदेय नवरात्र में स्थापित माता रानी की प्रतिमा इस वर्ष नगरवासियों और श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन गई है। समिति वर्ष 1989 से निरंतर माता रानी की प्रतिमा विराजित करती आ रही है। इस वर्ष स्थापित प्रतिमा अत्यंत आकर्षक और मनमोहक है, जिसमें माता रानी कमल के पुष्प पर विराजित हैं और उनकी गोद में बाघ के बच्चे को बैठाया गया है। माता रानी का यह अनोखा एवं प्रभावशाली स्वरूप सोशल मीडिया पर भी तहलका मचा चुका है, जहाँ हजारों लोग इस प्रतिमा की प्रशंसा कर रहे हैं।
महिष्मति घाट की तर्ज पर महाआरती
समिति द्वारा महिष्मति घाट मंडला की तर्ज पर महाआरती का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें जिले के गणमान्य अधिकारी और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनू भलावी, नीरज अग्रवाल और अभाविप विभाग संगठन मंत्री रामधार सिंह बैंस सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने माता रानी के दरबार में पहुंचे।
समिति आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन न केवल भक्ति भावना को बल देते हैं, बल्कि समुदाय में एकजुटता और सामाजिक सौहार्द को भी बढ़ावा देते हैं। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर माता रानी के दर्शन कर उनकी कृपा प्राप्त करने की आव्हान किया है।
भक्तों ने की अष्टमी की पूजा, चढ़ाई अठवाई
देवीमय हुआ शहर, गूंज रहे जयकारे
कही रतजगा तो कही खेल रहे गरबा
आज होगी माँ के नौवें रूप की आराधना
मंडला महावीर न्यूज 29.शारदेय नवरात्र में जगतजननी की आराधना भक्तों द्वारा की जा रही है। घरों में, देवी मंदिरों में, देवी पंडालों में भक्ति भाव से पूजा अर्चना का क्रम जारी है। देवी पंडालों व सिद्धपीठों में अष्टमी मनाकर, आठें चढ़ाई गई। सुबह से देवी भक्तों का मंदिरों में आठें चढ़ाने का क्रम चलता रहा। अष्टमी को सुबह से ही मां के दरबार में भक्तों का तांता लगा रहा। भक्त अल सुबह से ही माता के दरबार पहुंचना शुरू हो गया। जलाभिषेक व पूजा-अर्चना के साथ जयकारे लगाकर माथा टेका। वहीं महिलाओं ने अठवाईं चढ़ाकर मां की पूजा-अर्चना की। जैसे जैसे दिन बढ़ता गया। भक्तों की कतारें मंदिरों में बढऩे लगी। सुबह से देर देर शाम तक देवी मंदिरों में अठवाई चढ़ाई जाती रही। अष्टमी के दिन कन्या भोजन कराया गया।
भक्ति के माहौल के बीच हवन-पूजन के कार्यक्रम आयोजित हुए। शारदेय नवरात्र को भक्तों ने महागौरी की पूजा के साथ अन्य देवी देवता के मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की। शहर के सभी देवी मंदिरों समेत अन्य धार्मिक स्थलों में विराजमान देवी, देवता के दर्शन व पूजा अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। दुर्गा पंडालों में दर्शन को भक्त उमड़ रहे हैं। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोग पंडालों में देवीदर्शन को भक्त जगराता कर रहे हैं। आकर्षक विद्युत साज सज्जा के साथ सजे पंडालों व मॉ दुर्गा के दर्शन कर रहे हैं।
महिलाओं ने जलाभिषेक व पूजा के साथ अठवाईं चढ़ाई। सुबह से देर शाम तक मंदिरों में हवन-पूजन, दर्शन का कार्यक्रम चलता रहा। महाआरती पूजन कार्यक्रम में भक्तों ने पहुंचकर आदि शक्ति की आराधना की। वहीं घरों में कलश स्थापित कर नौ दिन का व्रत कर रहे। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में दर्शन पूजन के साथ घरों में स्थापित कलश की पूजा की। कन्याओं को हलवा-पूड़ी, खीर आदि का प्रसाद बनाकर भोज कराया। पूजन के साथ दक्षिणा देकर कन्याओं की विदाई की। सुबह से लेकर देर शाम तक मंदिरों व घरों में मां की भक्ति व आराधना का क्रम जारी रहा।
मंदिरों, देवीपीठों में मनाई अष्टमी
सिंहवाहनी मंदिर नावघाट, बूढी माई मंदिर, विंध्यवासनी मंदिर सराफा, ज्वाला मंदिर, नीमवाली माता मंदिर, स्टेट बैंक कॉलोनी के पास खैरमाई, राजीव कालोनी झंडा चौक, सेमरखापा में सभी पंडालों व खैरमाई में अष्टमी मनाई गई व हवन किया गया। देवी स्थल पहुंचे भक्तों ने माता का प्रसाद भी ग्रहण किया।
रंगारंग गरबा का आयोजन
जिला मुख्यालय में अलग-अलग स्थानों में रंगारंग गरबा डांस का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें गरबा आयोजकों द्वारा आयोजित गरबा कार्यक्रम में भक्त गण उत्साह के साथ भाग ले रहे है। युवतियों द्वारा गरबा डांस में अधिक रूचि दिखाई दे रही है। जिसे देखने बड़ी संख्या में भक्तों का जमावड़ा लग रहा।
आज होगी माँ सिद्धिदात्री की पूजा
माँ दुर्गा की नवीं शक्ति सिद्धिदात्री है। ये सभी प्रकार की सिद्धियों को देने वाली है। मार्कण्डेय पुराण के अनुसार अणिमा, महिमा, गरिमा, लघ्रिमा, प्राप्ति, प्राकाम्य, इंशित्व और वशित्व ये आठ सिद्धियां होती है। ब्रहवैवत्र्त पुराण के श्री कृष्ण जन्म खण्ड में यह संख्या अठ्ठारह बताइ गई है। इनके नाम अणिमा, सर्वकामावसायिता, सृष्टि, लघिमा, सर्वज्ञत्व, संहारकरणसामथ्र्य, प्राप्ति, दूरश्रवण, अमरत्व, प्राकाम्य परकायप्रवेशन, सर्वन्यायकत्व, महिमा, वाक्सिद्धि, भावना, ईशित्व, वाशित्व, कल्पवृक्षत्व,सिद्धि है।
माँ सिद्धिदात्री भक्तों और साधकों को सभी सिद्धियां प्रदान करने में समर्थ है। देवी पुराण के अनुसार भगवान शिव ने इनकी कृपा से ही सिद्धियों को प्राप्त किया था। इनकी अनुकम्पा से ही भवगान शिव का आधा शरीर देवी का हुआ था। इसी कारण वह लोक में अद्धनारीश्वर नाम से प्रसिद्ध हुए। माँ सिद्धिदात्री चार भुजाओं वाली है। इनका वाहन सिंह है। ये कमल पुष्प पर भी आसीन होती है। नवरात्र पूजन के नवें दिन इनकी उपासना की जाती है। इस दिन विधि विधान के साथ साधना करने वाले साधकों को सभी सिद्धियों की प्राप्ति होती है।
सनसनीखेज मनेरी कांड के आरोपी को 10 वर्ष का कठोर कारावास
ड्यूटी पर तैनात पुलिस निरीक्षक पर कुल्हाड़ी से किया था प्राणघातक हमला
अपर सत्र न्यायालय निवास ने आरोपी हरी सोनी को सुनाई सजा
मंडला महावीर न्यूज 29.अपर सत्र न्यायालय निवास ने एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए वर्ष 2020 के चर्चित मनेरी कांड के आरोपी को पुलिस अधिकारी पर जानलेवा हमला करने के मामले में 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने आरोपी हरी उर्फ हरीष सोनी निवासी ग्राम मनेरी मंडला को धारा 307 भादंवि जानलेवा हमला के तहत दोषी पाया। आरोपी को 10 वर्ष सश्रम कारावास और 2000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया है।
बताया गया कि यह मामला चौकी मनेरी थाना बीजाडांडी में दर्ज किया गया था। घटना 15. जुलाई 2020 की है, जब तत्कालीन थाना प्रभारी बीजाडांडी सुदर्शन टोप्पो को सूचना मिली थी कि आरोपी हरी सोनी और संतोष सोनी ने 6 लोगों की हत्या कर दी है और 4 को घायल किया है। जब अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे और आरोपी हरी सोनी को पकडऩे का प्रयास किया गया, तो उसने निरीक्षक टोप्पो पर कुल्हाड़ी से प्राण घातक हमला कर दिया। आत्मरक्षा में टीआई को गोली चलानी पड़ी, जो आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़कर अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा इस मामले को चिन्हित एवं सनसनीखेज प्रकरणों की श्रेणी में रखा गया था। मामले में शासन की ओर से अभियोजन का संचालन सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी निवास उज्ज्वला उईके द्वारा किया गया।
डेढ़ माह की मासूम जिंदगी और मौत के बीच, फेफड़ों में इंफेक्शन
एक पिता ने लगाई मदद की गुहार
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के निवास नगर निवासी राहुल बर्मन की डेढ़ माह की मासूम बेटी श्रीसा बर्मन इस समय जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है। नार्मल डिलीवरी से जन्मी इस नन्हीं परी को अचानक फेफड़ों में गंभीर इंफेक्शन हो जाने के कारण उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया गया कि बच्ची को तत्काल जबलपुर के आयुष्मान हॉस्पिटल के पीआईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहाँ वह वर्तमान में ऑक्सीजन सपोर्ट पर है।
बताया गया कि श्रीसा के पिता राहुल बर्मन एक छोटी ऑनलाइन दुकान चलाते हैं। बेटी के इलाज में वह अपनी सारी जमा पूंजी लगा चुके हैं, लेकिन गंभीर संक्रमण के कारण इलाज का खर्च लगातार बढ़ रहा है। अब पैसों की कमी के चलते इलाज जारी रख पाना उनके लिए अत्यंत मुश्किल हो गया है। एक असहाय पिता अपनी बेटी की धड़कनों को जिंदा रखने के लिए समाज के हर वर्ग से भावुक गुहार लगा रहा है। राहुल बर्मन ने अपील की है कि आपकी छोटी सी आर्थिक मदद नन्हीं श्रीसा की जिंदगी को बचा सकती है।
निवास में माता सिंहवाहिनी की प्राण प्रतिष्ठा की मनाई 10वीं वर्षगांठ
भक्ति और उल्लास में डूबा निवास
माता सिंहवाहिनी के दरबार में महाआरती
प्रतिदिन हो रहा देवी जस
मंडला महावीर न्यूज 29. नवरात्रि के पावन अवसर पर निवास और आसपास का क्षेत्र धर्ममय हो गया है। बस स्टैंड पिपरिया निवास में विराजी माता सिंहवाहिनी की प्राण प्रतिष्ठा के दस वर्ष पूर्ण होने पर चौकसे परिवार द्वारा प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी एक भव्य आयोजन किया गया। पंचमी तिथि पर माता जी का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसके बाद बड़े साज-बाज के साथ महाआरती का आयोजन हुआ। इस दौरान एक विशेष आयोजन किया गया, जिसमें माता जी की झाँकी बनाकर कन्याओं द्वारा केक कटवाया गया, जो भक्तों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। महाआरती संपन्न होने के बाद भक्तों को विशेष महाप्रसाद का वितरण किया गया।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु मौजूद रहे और माता जी की भक्ति में लीन होकर महाआरती में भाग लिया। परिवार के सदस्यों ने बताया कि नवरात्रि पर प्रतिदिन महाआरती का आयोजन माता के दरबार में किया जा रहा है, और रात्रि में मंडलियों द्वारा देवी जस का आयोजन भी किया जा रहा है। माता सिंहवाहिनी की भव्य झाँकी और महाप्रसाद का वितरण पूरे आयोजन के दौरान विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।
अष्टमी आज, माता को चढ़ेगी अठवाई
माता के दरबार में उमड़ी भक्तों की भीड़
मंडला महावीर न्यूज 29.शारदेय नवरात्र को सप्तमी की पूजा की गई। देवालों व मंदिरों में पूजा हुई। माता को सप्तमी का श्रंृगार भी कराया गया। घरों में नवरात्र के चलते अनुष्ठान संपन्न हुए तो कुछ पंडालों में विशेष पूजी गई। जहां पर सुबह माता की आरती के बाद उनका श्रृंगार किया गया। जिसके बाद माता का प्रिय दुर्गा सप्तसती पाठ के आयोजन हुए। मंदिरों पंडालों में सप्तमी बनाई गई। आज अष्टमी की पूजा अर्चना व हवन सुबह से प्रारंभ होंगे। महाराजपुर खैरमाई में बूढ़ी माता मंडला विंध्यवासिनी समेत जिले के सभी शक्तिपीठों और खैरमाई माता मंदिरों में आज अष्टमी पूजी जाएगी।
नवरात्र की धूम अपने पूरे शबाव पर है। जहां ग्रामीण क्षेत्र से लोग माता के दर्शन को आ रहे है। समितियों के द्वारा अनेकों देवी पंडालों में घूमने आए लोगों के लिए चाय पानी, भंडारे की व्यवस्था की गई है। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस व्यवस्था भी चुस्त दुरूस्त है। पुलिस विभाग के द्वारा मंडला महाराजपुर में पुलिस जवान तैनात है। माता के दर्शन को उमड़ रही भीड़ देखकर लगता है कि माता के प्रति लोगों की श्रृद्धा अपने शबाव पर है। देवी पंडालों व मंदिरों में लगातार जस का आयोजन हो रहे है। वहीं लोगों के द्वारा रात्रि जागरण कर माता की भक्ति को जस व भजन के द्वारा व्यक्त किया जा रहा है।
आज मनाई जाएगी अष्टमी
भक्तों द्वारा आज घर घर में अष्टमी मनाई जाएगी। प्रात:काल से ही सिद्ध पीठों, देवी मंदिरों, खेरमाई व घरों में पूरी श्रृद्धा भक्ति से अष्टमी मनाई जाएगी। जिसमें भक्त माँ की पूजा अर्चना करेंगे। अठवाई चढ़ाएंगे।
आज की जाएगी महागौरी की पूजा
नवरात्रि में आठवें दिन महागौरी शक्ति की पूजा की जाती है। नाम से प्रकट है कि इनका रूप पूर्णत: गौर वर्ण है। इनकी उपमा शंख, चंद्र और कुंद के फूल से दी गई है। अष्टवर्षा भवेद् गौरी यानी इनकी आयु आठ साल की मानी गई है। इनके सभी आभूषण और वस्त्र सफेद है। इसलिए उन्हें श्वेताम्बरधरा कहा गया है। 4 भुजाएं है और वाहन वृषभ है। इसलिए वृषारूढ़ा भी कहा गया है।
इनके ऊपर वाला दाहिना हाथ अभय मुद्रा है तथा नीचे वाला हाथ त्रिशूल धारण किया हुआ है। ऊपर वाले बांये हाथ में डमरू धारण कर रखा है और नीचे वाले हाथ में वर मुद्रा है। इनकी पूरी मुद्रा बहुत शांत है। पति रूप में शिव को प्राप्त करने के लिए महागौरी ने कठोर तपस्या की थी। इसी वजह से इनका शरीर काला पड़ गया। लेकिन तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने इनके शरीर को गंगा के पवित्र जल से धोकर कांतिमय बना दिया। उनका रूप गौर वर्ण का हो गया। इसलिए ये महागौरी कहलाई। ये अमोघ फलदायिनी है और इनकी पूजा से भक्तों के तमाम कल्मश धुल जाते है। पूर्वसंचित पाप भी नष्ट हो जाते है। महागौरी का पूजन अर्चन, उपासना, आराधना कल्याणकारी है। इनकी कृपा से अलौकिक सिद्धियां भी प्राप्त होती है।
Asia Cup 2025 Final-भारत की ऐतिहासिक जीत
तिलक वर्मा ने फाइनल में खेली ज़बरदस्त पारी और पाकिस्तान को धूल चटाई. ????
भारत ने पांच विकेट से ने बाजी मारी और खिताब अपने नाम किया। पाकिस्तानी टीम अच्छी शुरुआत के बाद बड़ा स्कोर नहीं कर पाई और 19.1 ओवरों में 146 रनों पर ढेर गई। टीम इंडिया दो गेंद पहले पांच विकेट खोकर जीत हासिल कर लिया।
???? टीम इंडिया बनी एशिया की बादशाह ???? तिलक वर्मा का बल्ला बोला ???? लगातार 7 मैच जीतकर सूर्या की सेना ने लिखा इतिहास
आखिरी तीन ओवरों में भारत को जीत के लिए 30 रन चाहिए थे। रऊफ ने इस ओवर में अच्छी गेंदबाजी की , लेकिन आखिरी गेंद फुलटॉस दे बैठे जिस पर दुबे ने छक्कार मार दिया। अब 12 गेंदों पर 17 रनों की जरूरत थी। ये ओवर फेंकने आए फहीम अशरफ जो पहली ही गेंद फेंकने से पहले चोटिल हो गए और फिजियो को आना पड़ा। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर फहीम ने दुबे को लॉन्ग ऑन पर अफरीदी के हाथों कैच करा दिया। दुबे ने 22 गेंदों पर 33 रन बनाए जिसमें दो चौके और दो छक्के मारे। आखिरी ओवर में भारत को 10 रन चाहिए थे। तिलक ने इस ओवर में एक छक्का मारा और फिर रिंकू ने चौथी गेंद पर चौका मार भारत को जीत दिलाई। भारत के इस टूर्नामेंट में एक ही गेंद फेंकी और उसी में विजयी शॉट लगा दिया।
भारत की इस एशिया कप में पाकिस्तान पर लगातार तीसरी जीत है। भारत ने नौंवीं बार एशिया कप का खिताब जीता है। भारत की तरफ से तिलक ने नाबाद 69 रनों की पारी खेली। भारत की एशिया कप में पाकिस्तान पर रोमांचक जीत एक यादगार मुकाबला रहा, जिसमें कई टर्निंग पॉइंट्स और भारतीय खिलाड़ियों के असाधारण प्रदर्शन देखने को मिले। आइए, उन पर एक नज़र डालते हैं:
???? मैच के मुख्य टर्निंग पॉइंट्स:
पाकिस्तान की शुरुआत और भारतीय गेंदबाजों का पलटवार: पाकिस्तान ने शुरुआत में कुछ अच्छे रन बनाए, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने जल्दी ही लय पकड़ ली। विशेष रूप से, शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों ने दबाव बनाया और कुछ महत्वपूर्ण विकेट चटकाए, जिसने पाकिस्तान की रन गति को धीमा कर दिया।
मध्य ओवरों में स्पिन का जादू: भारतीय स्पिनरों ने मध्य ओवरों में कमाल दिखाया। पिच से मिल रही मदद का फायदा उठाते हुए, उन्होंने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। लगातार विकेट गिरने से पाकिस्तान की पारी लड़खड़ा गई, और वे एक बड़े स्कोर की तरफ नहीं बढ़ पाए।
भारतीय बल्लेबाजों की सधी हुई शुरुआत: लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय बल्लेबाजों ने ठोस और सधी हुई शुरुआत दी। उन्होंने शुरुआती झटकों से बचते हुए साझेदारियां बनाईं, जिससे रन रेट का दबाव नहीं बढ़ा।
महत्वपूर्ण साझेदारी: जब भी पाकिस्तान ने विकेट लेकर वापसी करने की कोशिश की, भारतीय बल्लेबाजों ने अहम साझेदारियां निभाकर मैच को अपनी पकड़ में रखा। इन साझेदारियों ने न केवल रन जोड़े, बल्कि विपक्षी टीम पर मानसिक दबाव भी बनाए रखा।
फिनिशिंग टच: अंतिम ओवरों में कुछ भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार फिनिशिंग टच दिया। दबाव में शांत रहते हुए, उन्होंने महत्वपूर्ण बाउंड्रीज़ लगाईं और टीम को जीत की दहलीज तक पहुँचाया।
⭐ भारतीय खिलाड़ियों का असाधारण प्रदर्शन:
गेंदबाजों का दबदबा: भारतीय तेज गेंदबाजों और स्पिनरों, दोनों ने ही बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने सटीक लाइन और लेंथ से गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तान के बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका नहीं दिया। महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट चटकाना उनके प्रदर्शन की मुख्य विशेषता रही।
बल्लेबाजों की जिम्मेदारी भरी पारी: शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने टीम को एक मजबूत आधार प्रदान किया। उन्होंने दबाव में भी संयम से खेला और यह सुनिश्चित किया कि विकेटों का पतझड़ न लगे।
ऑलराउंड प्रदर्शन: कुछ भारतीय खिलाड़ियों ने गेंद और बल्ले दोनों से ही शानदार प्रदर्शन किया। उनके ऑलराउंड योगदान ने टीम को संतुलन प्रदान किया और मैच के निर्णायक क्षणों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बेहतरीन फील्डिंग: भारतीय टीम की फील्डिंग भी असाधारण रही। कुछ शानदार कैच और रन-आउट ने मैच का रुख बदलने में अहम भूमिका निभाई, जिससे विपक्षी टीम पर अतिरिक्त दबाव बढ़ा।
कुल मिलाकर, यह जीत भारतीय टीम के सामूहिक प्रयास, रणनीतिक सूझबूझ और व्यक्तिगत प्रतिभा का शानदार प्रमाण थी। यह मुकाबला लंबे समय तक प्रशंसकों की यादों में ताजा रहेगा।
बेटी दिवस
बेटियां प्यार, सम्मान की हकदार है, परिवार में बेटी की महत्वपूर्ण भूमिका
परिवार और समाज के लिए एक मजबूत नींव के समान होती है बेटियां
मंडला महावीर न्यूज 29.घर आने पर दौड़ कर जो पास आए, उसे कहते है बिटिया, थक जाने पर प्यार से जो माथा सहलाए उसे कहते है बिटिया। बेटिया आज बेटों से कम नहीं है। हर क्षेत्र में बेटियां कंधे से कंधा मिलाकर ऊंचाई को छू रही है। बेटियों के सम्मान में ही प्रतिवर्ष सितंबर माह के चौथे रविवार को राष्ट्रीय बेटी दिवस मनाया जाता है। वैसे तो बेटी दिवस का इतिहास ज्यादा पुराना नहीं है, पिछले कुछ दशकों से ही यह बेटी दिवस मनाया जा रहा है। इस दिन की शुरुआत बेटियों के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से की गई थी।
जानकारी अनुसार जहां भारत में बेटियों को लक्ष्मी, दुर्गा का रूप माना जाता है। वहीं बेटी दिवस उनके जीवन के महत्व को और बढ़ाता है। हर बेटी प्यार, सम्मान की हकदार है। बेटियां परिवार को बांधकर रखने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बेटियां घर की रौनक होती हैं और उनके बिना जीवन अधूरा होता है। बेटी दिवस का उद्देश्य समाज में बेटियों की भूमिका को हम पहचाने और उनका उत्साहवर्धन करें। वैसे तो आज बेटियों को लेकर समाज में कई तरह की रूढि़वादी सोच और भेदभाव देखने को मिलता है। ऐसे में बेटी दिवस हमें यह याद दिलाता है कि बेटियां परिवार और समाज के लिए एक मजबूत नींव के समान होती है।
बताया गया कि जिस घर में मां बाप हों और बेटे हैं और बेटी न हो तो वह घर सूना सा लगता है। घर में बेटी ना होने से एक अधूरापन लगता है। जिस घर में बेटी नही होती उस घर के लोग में प्यार तो होता है, लेकिन प्यार में मिठास नही होती, बातों में लज्जा शर्म नही होती। बेटी के होने से परिवार में लगता है कि सूखे फूल में खुशबू भर दी हो। पूरा घर उस फूल से महक उठता है। घर में बेटी होती है तो लगता है घर में संस्कार ने जन्म लिया है। बेटी का घर में उछल, कूद करने से लगता है कि घर में साक्षात लक्ष्मी का वास हो। बेटियों के होने से घर में बरकत होती है।
खेरमाई माता को चढ़ाई 201 मीटर लंबी चुनरी, भक्तों का उमड़ा सैलाब
शीतला मंदिर से शुरू हुई चुनरी यात्रा
अंजनियां के प्रमुख मार्गों से होते हुए खेरमाई मंदिर पर हुआ समापन
संगीत की धुन पर थिरके श्रद्धालु
मंडला महावीर न्यूज 29. नवरात्रि के पावन पर्व पर अंजनियां ग्राम में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब 201 मीटर लंबी चुनरी यात्रा निकाली गई। इस भव्य यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए, जिन्होंने माता के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा का प्रदर्शन किया। ग्राम के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों द्वारा यात्रा का गरमाजोशी से स्वागत किया गया, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति का संचार हो गया।
बताया गया कि भक्तगण विगत वर्ष से लगातार इस भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन करते आ रहे हैं, और इस वर्ष भी यह परंपरा बड़े उत्साह के साथ निभाई गई। इस साल नवरात्रि के दौरान चुनरी यात्रा की शुरुआत शीतला मंदिर से हुई। 201 मीटर की विशाल चुनरी लिए भक्तगण ग्राम के मुख्य मार्गों से होते हुए बस स्टैंड और इंदिरा चौक से गुजरते हुए अंतत: खेरमाई मंदिर पहुँचे। खेरमाई मंदिर पहुँचने पर सभी भक्तों ने मिलकर पूरे भक्ति भाव से यह विशाल चुनरी खेरमाई माता को अर्पित की।
चुनरी यात्रा का विशेष महत्व
अंजनियां ग्राम में चुनरी यात्रा का बड़ा महत्व है। यह केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि पूरे ग्राम को एक साथ जोडऩे वाला एक सामाजिक और आध्यात्मिक आयोजन भी है। इस यात्रा में पूरे अंजनियां ग्राम के लोग उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं, जिससे एकता और सौहार्द का संदेश जाता है। विगत वर्ष से प्रारंभ हुई यह यात्रा शीतला मंदिर से शुरू होकर खेरमाई मंदिर तक पहुँचने के अपने निर्धारित मार्ग पर चलती है। यात्रा में शामिल भक्त संगीत की भक्तिमय धुन पर माता के जयकारे लगाते हुए और थिरकते हुए नजर आए, जिससे पूरा अंजनियां ग्राम भक्ति के रंग में सराबोर हो गया। यह आयोजन न केवल धार्मिक भावनाओं को मजबूत करता है बल्कि ग्रामीणों के बीच आपसी प्रेम और भाईचारे को भी बढ़ावा देता है।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️
काली माता मंदिर की आस्था दूर-दूर तक प्रचलित
माता का दरबार रहस्यमई से परिपूर्ण
माता काली के साथ सिद्ध बाबा दरबार और शनि धाम का है दरबार
मंडला महावीर न्यूज 29.शारदेय नवरात्रि का पर्व में घरों से लेकर मंदिरों और पंडालो पर आस्था की धूम मची है। लोग अपनी-अपनी मान्यताओं और मन्नत के अनुसार शारदेय नवरात्रि के महापर्व को मनाने में कोई कसर नहीं छोडऩा चाहता है। माता के दरबार आस्था के केन्द्र बने हुए हैं। इन्हीं में से एक रहस्यमय और आस्था से परिपूर्ण मां काली का दरबार मंडला जिले के बिछिया विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत अंजनिया में स्थित बड़े तालाब के तट पर स्थापित है। जहां यह दरबार में दोनों पहर विधि विधान से पूजा पाठ और आरती हो रही है। मान्यता है कि यह माता काली के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मुरादे पूर्णं होती है। सच्चाई पर आश्रित लोग अपनी परेशानियों को दूर कराने की मन्नत को लेकर इस मंदिर पर माथे टेकने पहुंच रहे हैं। वर्ष के शारदेय व चैत्र दोनो नवरात्रि पर कलश और जवारे बोकर मां की आराधना करते हैं।
2005 में हुई मंदिर की स्थापना
वैसे तो यह मंदिर के कपाट 12 महीने भक्तों के लिए खुले रहते हैं। लेकिन जब मां के इस नवरात्रि के पर्व पर त्यौहार आता है। तो इस माता काली मंदिर के प्रति भक्तों की आस्था और भी बढ़ जाती है। मंदिर के पंडा जयचंद कसार, राहुल रैकवार से मिली जानकारी के अनुसार बताया जाता है कि यह मंदिर का निर्माण 2005 में हुआ था तब से ही यहां आज तक जोत जवारे का प्रचलन चलाता आ रहा है। ऐसा करके इस मंदिर में अपनी सेवा दे रहे पंडा जयचंद व राहुल का कहना है कि उनको इस वर्ष 16 साल पूरे हो चुके हैं।
शनि धाम और सिद्ध बाबा भी स्थापित
मंदिर के बाएं और श्री सिद्ध धाम का दरबार और शनि धाम भी है जिससे यहां पहुंचने वाले श्रद्धालु माता काली, सिद्ध बाबा दरबार और शनि धाम के समक्ष माथा टेकर पूण्य लाभ अर्जित करते हैं। मंदिर पर जल रहे कलश आस्था का प्रतीक है। वही स्थानीय भक्तों के अलावा आसपास और दूर-दूर से श्रद्धालु हर वर्ष अपनी समस्याओं को लेकर यहां पहुंचते हैं। माता काली उनकी मुरादे पूरी भी करती है। जिससे वह मन चाहे खुशी में यहां माता काली के मंदिर पर कलश स्थापित करवाते हैं। शारदेय नवरात्रि पर भक्तों पर भक्तों ताता लग रहा है। दोनों पहर विधि विधान से पूजा हो रही है शाम की आरती में भक्त भारी संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। जहां इस दरबार में पुरुष और महिलाओं को माता काली की सवारी बड़ा मंत्र मुग्ध कर रही है।
जल और सिंदूर चढ़ाना मना
बताया जाता है कि इस माता काली मंदिर के दरबार पर भक्तों को माता के दरबार पर जल और सिंदूर चढ़ाना सख्त मना है। इसलिए यहां पहले से ही बोर्ड में दूर से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए चेतावनी लिख डाली है। ताकि किसी भी कारण वस भक्तों से कोई गलती ना हो जाए।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️
पहल- पड़रिया में स्वच्छ नवरात्रि का शंखनाद, प्लास्टिक मुक्त पंडाल से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
आस्था के पर्व में स्वच्छता अभियान, दोना-पत्तल का उपयोग अनिवार्य
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले की जनपद नारायणगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़रिया उर्फ नारायणगंज में इस वर्ष नवरात्रि पर्व को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के एक बड़े संदेश के साथ मनाया जा रहा है। पंचायत, स्थानीय प्रशासन और समस्त दुर्गोत्सव समितियों के सामूहिक प्रयास से यहां स्वच्छ नवरात्रि अभियान का शुभारंभ किया गया है, जिसने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का अनूठा समन्वय स्थापित किया है।
इस अभियान का मुख्य लक्ष्य दुर्गा पंडालों को पूरी तरह से प्लास्टिक मुक्त बनाना और जन-जन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना है। पंचायत द्वारा कड़े निर्देश जारी किए गए हैं कि सभी पंडालों में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रसाद वितरण और अन्य व्यवस्थाओं के लिए केवल पारंपरिक दोना-पत्तल और कागज के बर्तनों के उपयोग की ही अनुमति दी गई है।
दुर्गोत्सव समितियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पंडाल को साफ-सुथरा बनाए रखने में सहयोग करें और प्लास्टिक के किसी भी सामान का उपयोग न करें। इस सकारात्मक बदलाव को सुनिश्चित करने के लिए सभी पंडालों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े आकर्षक पोस्टर लगाए गए हैं। इस अभियान में स्थानीय युवाओं और महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से सराहनीय है। वे सक्रिय रूप से भक्तों को जागरूक कर रहे हैं। पंडालों से भक्तों को यह मार्मिक संदेश दिया जा रहा है कि जैसे माता दुर्गा अपनी संतान की रक्षा करती हैं, वैसे ही हमें भी अपनी धरती माँ की रक्षा करनी चाहिए।
पंचायत प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया है कि यह पहल केवल नवरात्रि उत्सव तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह एक सतत प्रक्रिया होगी। उनका संकल्प है कि आने वाले सभी धार्मिक और सामाजिक आयोजनों को भी इसी तर्ज पर स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जाएगा। पड़रिया ग्राम पंचायत की यह अभिनव पहल न केवल नवरात्रि के धार्मिक महत्व को बढ़ा रही है, बल्कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की एक नई और स्थायी सोच को भी बढ़ावा दे रही है। यह उदाहरण पूरे जिले के लिए एक प्रेरणा स्रोत बन गया है कि कैसे आस्था के पर्व को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ा जा सकता है।
सिकल मित्र पहल अभियान
मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य जहां सिकल मित्र पहल की हुई शुरुआत
सिकल मित्र-जागरूकता, जेनेटिक काउन्सलिंग, उपचार पर रखेंगे निगरानी
मंडला महावीर न्यूज 29.राज्यपाल मंगू भाई पटेल के निर्देशन में सिकल मित्र पहल की शुरूआत के साथ ही मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बना जिसने सिकल सेल एनीमिया रोग को जड़ से समाप्त करने में आम जनता की भूमिका सुनिश्चित की हैं। यह राज्यपाल के अनुभव एवं जनजातीय समुदाय के प्रति उनकी संवेदनशीलता का परिणाम है कि सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन अभियान एक जन आन्दोलन का रूप ले रहा हैं।
सिकल मित्र के दायित्व
सिकल मित्र वह व्यक्ति होता है जो समुदाय में सिकल सेल रोग के प्रति जागरूकता फैलाने, जांच कराने के लिए प्रेरित करने, चिन्हित रोगी, वाहकों का उपचार व परामर्श , दिव्यागंता प्रमाण पत्र व रोगी की सहायता करने और उन्हें सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से जोडऩे जैसे परमार्थ सेवा का कार्य करता हैं। सिकल मित्र क़ोई भी आम व्यक्ति, शासकीय, गैर शासकीय संस्थान , स्वयंसेवक, सामाजिक संगठन से जुड़ा कोई भी व्यक्ति बन सकता हैं।
सिकल मित्र पहल के अंतर्गत जिलों में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा एक फॉर्मेट तैयार किया गया है जिसे भरकर सिकल मित्र बनाने और उन्हें प्रशिक्षित कर जिलों में चिन्हित सिकल सेल रोगी एवं वाहकों से मैप किया जायेगा। सिकल मित्र बनना पूर्णत: स्वैच्छिक निर्णय हैं, प्रत्येक सिकल मित्र को प्रशस्ति पत्र दिया जावेगा। वर्तमान में पूरे प्रदेश में अगस्त माह तक 554 सिकल मित्र बने हैं, जबकि रोगी एवं वाहकों की संख्या लगभग 2 लाख 47 हजार 625 हैं और यह संख्या जांच के साथ-साथ बढ़ती रहेंगी जिसकी तुलना में सिकल मित्रो की संख्या बहुत कम हैं।
प्रदेश भर में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम चल रहा है जिसके अन्तगर्त नि:स्वार्थ भाव से परमार्थ के कार्य किये जा रहे हैं ऐसे में सिकल मित्र बनकर रोगी की सेवा करना एक अच्छी पहल है। इस अभियान का प्रचार प्रसार अधिक से अधिक हो ताकि समाज सेवी सिकल मित्र बन सके। माननीय राज्यपाल के इस अभियान में जुड़े और मध्यप्रदेश को सिकल सेल एनीमिया मुक्त बनायें ।
लेखिका डॉ दीपमाला रावत राज भवन भोपाल
मां नर्मदा सिद्ध पीठ में पूरी होती हैं नि:संतान और युवाओं की हर मनोकामना
गौ माता की पावन भूमि पर माँ नर्मदा का प्रताप
वर्ष 1996 में हुई मंदिर की स्थापना
800 से अधिक माताओं को मिला संतान सुख
हिरदेनगर स्थित माँ रुक्मणी देवी सदाव्रत आश्रम में भक्तों का अटूट श्रृद्धा
मंडला महावीर न्यूज 29.जिला मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर बसे हिरदेनगर स्थित माँ रूक्मणी देवी सदाव्रत आश्रम में नि:संतान और भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण होती है। यह श्री माँ रुक्मणी देवी सदाव्रत आश्रम माँ नर्मदा सिद्ध पीठ दरबार भक्तों के लिए आस्था और विश्वास का एक प्रमुख केंद्र बन गया है। इस सिद्ध पीठ की मान्यता है कि यहाँ आने वाले भक्तों की सभी मनोकामनाएँ पूर्ण होती हैं। आश्रम के आचार्य संतोष महाराज ने बताया कि इस मंदिर की स्थापना वर्ष 1996 की नवरात्रि के दौरान माँ नर्मदा मैया की मूर्ति स्थापित करके की गई थी। स्थापना के बाद से ही इस पावन स्थल पर भक्तों की भीड़ उमडऩे लगी और लोगों ने यहाँ से चमत्कारिक परिणाम प्राप्त किए हैं।
आचार्य संतोष महाराज ने बताया कि माँ नर्मदा के इस दरबार की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ नि:संतान दम्पत्तियों की कामना शीघ्र पूर्ण होती है। उन्होंने बताया कि अब तक 800 से भी अधिक माताओं की सूनी गोद भर चुकी है और उन्हें संतान सुख की प्राप्ति हुई है। इसके साथ ही यहां विवाह योग्य बालक, बालिकाओं की मन्नतें भी पूरी होती हैं और उनके मांगलिक योग शीघ्र बनते हैं। साथ ही बेरोजगार युवाओं की भी कामनाएँ इस दरबार में शीघ्र पूर्ण हो जाती हैं, जिससे यह सिद्ध पीठ हर वर्ग के भक्तों के लिए आशा का केंद्र बना हुआ है।
गौ माता की पावन भूमि का है पुण्य प्रताप
आचार्य संतोष जी महाराज ने मंदिर स्थल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पावन भूमि पहले गौ माता से जुड़ी थी। पुराने समय में गाँव की गाय, बैल और बकरी प्रात: काल इसी स्थान पर एकत्र होते थे, जिसके बाद ग्वाल-बाल उन्हें चराने ले जाते थे। कई गौ माताओं ने इसी स्थान पर बछड़ों को जन्म दिया था। गौ माता की इस पावन भूमि पर जब माँ नर्मदा का मंदिर बन गया, तो माँ का पुण्य प्रताप और गौ माता की भूमि का पुण्य प्रताप कई गुना बढ़ गया। यही कारण है कि यहाँ नि:संतान दम्पत्तियों की कामनाएँ शीघ्र पूर्ण होती हैं।
दरबार में भक्तों का अटूट विश्वास
आचार्य संतोष जी महाराज ने बताया कि श्री माँ रुक्मणी देवी सदाव्रत आश्रम माँ नर्मदा सिद्ध पीठ दरबार में प्रत्येक नवरात्रि के अवसर पर यहां घट स्थापना कर विशेष पूजा-पाठ का आयोजन किया जाता है, इन अवसरों पर भक्तों की भारी भीड़ लगी रहती है। इस दरबार पर भक्तों का यह अटूट विश्वास बना हुआ है कि माँ के आंचल में हर समस्या का समाधान है और हर मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है।
27 सितंबर-विश्व पर्यटन दिवस
पर्यटन से ही जिले में खुल सकते है विकास के द्वार
भविष्य में आने वाली पीढ़ी कर सकती है जिले का उद्धार
पर्यटकों को धार्मिकता से जोड़कर करा सकते है भ्रमण
मंडला महावीर न्यूज 29.विश्व में वही देश सफल होता है जहां पर पर्यटन का द्वार होता है, उससे अर्थव्यवस्था की मजबूती होती है, लोगों को रोजगार मिलता है, शहर और जिले का विकास होता है। मंडला जिला पर्यटन के लिए एक सभी अपघटक को लेकर परिपूर्ण है। प्रकृति ने यहां पर नैसर्गिक स्थल नर्मदा नदी, अनेक सुंदर पहाड़, वन्य प्राणी, ऐतिहासिक महल, आध्यात्मि आभा लिए ऐतिहासिक मंदिर विराजमान है, केवल जरूरत है इसे सवारने की और संभालने की।
मंडला जिले में विश्व भर से करीब दो लाख लोग राष्ट्रीय उद्यान कान्हा सफारी करने आते है। पर्यटकों को जिले के आसपास स्थलों को अवगत कराते हुए उन्हें घुमाया जाए तो निश्चित तौर पर मंडला जिले के पर्यटन के विकास से ही रोजगार संभव हो सकेगा। लोगों को रोजगार के साधन उपलब्ध होने से बेरोजगारी खत्म होगी। सृष्टि के सभी जलचर, थलचर, नभचर, पशु, पक्षी अपनी सांस्कृतिक विरासत पर वर्तमान में जीते और भविष्य के रूप में रूपरेखा निर्मित करते हैं। हमारे गांव कस्बे नगर और शहरों में भी हमारे पूर्वजों ने अनेक मंदिर, धर्मशाला, बावड़ी, तालाब, गढ़ किले व राज भवन का निर्माण कराया। प्रकृति ने भी हमें सहयोग प्रदान किया। नदियों पहाड़ों व वनों के बीच सुरमय स्थान को प्रदान किया है।
आदिमानव के निवास स्थल, मालदीप, लक्षद्वीप जैसा दृश्य
मंडला के पास ही देव नाला, किकरा कुंड, हथडोल गुफाओं में आदिमानव के निवास स्थल रहे है। इन सभी स्थलों का विकास एवं संरक्षण करना अति आवश्यक है, इसके साथ ही नैसर्गिक स्थलों में सहस्त्रधारा, गरम कुंड, गिदली, घुघरा, धनगांव फॉसिल पार्क, सिद्ध घाट, खेराकी जैसे अनेक स्थल विकास की राह देख रहे हैं, इसके साथ ही घाघा घाघी, बुधेरा एवं झुरकी जैसे अनेक स्थल हैं जो बरगी बाध के कारण इन स्थानों पर मालदीप एवं लक्षद्वीप जैसे दृश्य का अनुभव कराते हैं। वहीं मलपठार, खुर्सीपार जैसे घने जंगल दुर्लभ है, यहां पर वर्ल्ड वॉच एवं नेचर ट्रेल की योजना बनाई जा सकती है।
जिले में एतिहासिक धरोहरों की है भरमार
पर्यटकों को होमस्टे कराकर इस स्थान का भ्रमण कराया जा सकता है। इसके साथ ही पर्यटकों को आदिवासी संस्कृति से जुड़े हुए भजन एवं मिलेट्स के द्वारा बनाए गए व्यंजनों का भोग पर्यटकों कराया जा सकता है। इसके साथ ही मल पठार से जुड़े हुए अनेक निचले ग्राम हैं जो की छिंदवाड़ा जिले के पातालकोट का अनुभव कराते हैं, केवल जरूरत है इनको संवारने की एवं उनके विकास करने की। पर्यटन के विकास के साथ ऐतिहासिक स्थलों में रामनगर, मोती महल, राय भगत की कोठी, नरेंद्र शाह बुर्ज जैसे अनेक स्थल पर्यटकों को भ्रमण करने के लिए आवश्यक होंगे। राजा महाराजाओं के द्वारा बनाए गए अनेक दुर्लभ एवं प्रसिद्ध मंदिर जैसे राजराजेश्वरी मंदिर, वेदव्यास मंदिर, परशुराम, देवगांव का मंदिर, जगदामिनी का मंदिर, श्रृंगार्षि का मंदिर सिंगारपुर, सीतारपटन, घोडाघाट, मार्कंडेय आश्रम मधपुरी, कृष्ण मंदिर पुरवा, नक्खी माई मंदिर बकोरी जैसे अनेक स्थल है जो पर्यटकों के लिए धार्मिकता से जोड़कर उन्हें भ्रमण कराया जा सकता है।
एतिहासिक धरोहरों से नई पीढ़ी को कराए जागरूक
पर्यटन के क्षेत्र में विशेषज्ञ के रूप में राजेश क्षत्री ने बताया कि देश के अनेक राज्य तेजी से विकसित हो रहे है, ये विकास केवल पर्यटन क्षेत्र के विकास से ही कर रहे हैं। आज जरूरत है हजारों की संख्या में लोगों को रोजगार देने की। यहां के छात्रों, युवाओं को गाइड के रूप में प्रशिक्षण देकर उन्हें इतिहास की पहचान कराकर उनके जीवनदान के लिए बहुत बड़ा योगदान दिया जा सकता है। केवल जरूरत है इच्छा शक्ति की। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील कि है की वह सप्ताह में एक दिन हमारे पूर्वजों के द्वारा बनाए गए मंदिर एवं किलो के दर्शन के लिए घर से निकले एवं यहां बनाए गए ऐतिहासिक महलों को अपने परिवार एवं मेहमानों को जानकारी उपलब्ध कराए, जिससे मंडला जिले की धरोहरों की पहचान हो सके। मंडला जिले के इतिहास को नई पीढ़ी एवं आने वाली पीढ़ी को अवगत करा दिया तो भविष्य की पीढ़ी इस जिले का उद्धार करने में आगे आएगी।
नवरात्र का पांचवा दिन
आज होगी मां के छठवें रूप कात्यायनी माता की पूजा
मंडला महावीर न्यूज 29.नवरात्रि पर्व की शहर के आलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी धूम है। हर तरफ माता के जयकारे व इनका पूजन चल रहा है। जिसके चलते समूचा जिला धर्ममय दिखाई पड़ रहा है। शहर में विद्युत छंटा हर पंडालों में अपनी रोशनी बिखेर रही है। पंडालों की तैयारी पूर्ण होने के बाद भक्तगण माता के दर्शन करने के लिए पहुंचने लगे। जैसे जैसे दिन बीतते जा रहे है वैसे रात के वक्त भक्त देवी दर्शन को निकल रहे है। मंडला जिला के सभी पंडालों में प्रतिमायें स्थापित हो चुकी है। झांकियां तैयार हो चुकी है। जिसके चलते शहरी क्षेत्र के लोगों ने निकलना प्रारंभ कर दिया है। आज से ग्रामीण अंचलों से भक्तों के आने की संभावनायें बताई गई है। जिसके चलते भारी भीड़ रात्रिकालीन में उमड़ेगी। इस भीड़ के मद्देनजर प्रशासन भी चुस्त दिखाई दे रहा है। पुलिस विभाग अपनी जिम्मेदारी निभा रहे है।
आज होगी मां कात्यायनी की पूजा
नवरात्रि के छठे दिन मॉं कात्यायनी की पूजा की जाती है। इनकी उपासना और आराधना से भक्तों को बड़ी आसानी से अर्थ, धर्म, काम और मोक्ष चारों फलों की प्राप्ति होती है। उसके रोग, शोक, संताप और भय नष्ट हो जाते है। जन्मों के समस्त पाप भी नष्ट हो जाते है।
इस देवी को नवरात्रि के छठे दिन पूजा जाता है। कात्य गोत्र में विश्व प्रसिद्ध महर्षि कात्यायन ने भगवती पराम्बा की उपासना की, कठिन तपस्या की। उनकी इच्छा थी कि उन्हें पुत्री प्राप्त हो। मॉं भगवती ने उनके घर पुत्री के रूप में जन्म लिया। इसलिए यह देवी कात्यायनी कहलाई। इनका गुण शोधकार्य है। इसलिए इस वैज्ञानिक युग में कात्यायनी का महत्व सर्वाधिक हो जाता है। इनकी कृपा से ही सारे कार्य पूरे जो जाते है। ये वैद्यनाथ नामक स्थान पर प्रकट होकर पूजी गई। मॉं कात्यायनी अमोघ फलदायिनी है। इनकी उपासना और आराधना से भक्तों को बड़ी आसानी से अर्थ, धर्म, काम और मोक्ष की प्राप्ति होती है और उसके सारे भय, रोग, शोक, संताप दूर हो जाते है। इसलिए कहा जाता है कि इस देवी की उपासना करने से परमपद की प्राप्ति होती है।
धान खरीदी और मूलभूत सुविधाओं पर मंथन
कृषि उपज मंडी मंडला में एसडीएम की अध्यक्षता में हुई किसान संघ और व्यापारियों की बैठक
डबल लॉक गोदाम और मंडी सुविधाओं के लिए दिए सुझाव
मंडला महावीर न्यूज 29.कृषि उपज मंडी मंडला में एसडीएम की अध्यक्षता में भारतीय किसान संघ के जिला पदाधिकारी एवं मंडी अधिकारियों के साथ किसानों की समस्याओं को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारतीय किसान संघ द्वारा धान खरीदी के दौरान किसानों की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। बैठक में खाद संबंधी समस्याओं को भी प्रमुखता से रखा गया। इसके साथ ही आगामी कृषि सत्र में किसानों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध हो, जिससे उन्हें बुवाई के समय किसी भी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
भारतीय किसान संघ ने डबल लॉक खैरी गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। संघ ने गोदाम के चारों तरफ ऊँची बाउंड्री और सुरक्षित गेट बनाने की मांग की, जिससे अनाज खरीदी के समय चोरी जैसी घटनाओं को रोका जा सके और आवारा जानवरों का प्रवेश भी प्रतिबंधित हो सके। इसके साथ ही गोदाम के समीप स्थित पानी के प्राकृतिक स्रोत झिरिया को व्यवस्थित और उपयोगी बनाने का विषय भी रखा गया। मंडी परिसर में किसानों की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी चर्चा हुई। जिसमेंं मुख्य रूप से मंडी में शौचालय की उचित व्यवस्था, सफाई और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने कहां गया, जिससे दूर दराज से आने वाले किसानों को सुविधा मिल सके।
बैठक में एसडीएम मंडला के साथ भारतीय किसान संघ अध्यक्ष श्रीराम सिंधिया, उपाध्यक्ष दुर्गेश गिरी गोस्वामी, उपाध्यक्ष भगवान दास कछवाहा, वरिष्ठ कार्यकर्ता गुलाब मरदडिया, उमेश शुक्ला एवं अन्य कृषक-व्यापारी संघ के सदस्य और मंडी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
शारदे भवानी के 18 वर्षो से बंद है पट
करीब 1500 ईसवीं में स्थापित हुई थी माता की मढिय़ा
माता रानी जिसके स्वप्र में आकर देती इजाजत, वहीं बनता है यहां पंडा
मंडला महावीर न्यूज 29.आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला में अनेकों धार्मिक स्थल और पर्यटन स्थल विख्यात है। जिनकी ख्याती दूर-दूर तक फैली हुई है। जिले में धार्मिक मान्यताओं से जुड़े बहुत से देवी माता के मंदिर शक्तिपीठ के रूप में प्रसिद्ध है। जहां माता के भक्त दूर दूर से उनके दर्शन और अपनी मनोकामना लेकर पहुंचते है। एक ऐसा ही धार्मिक स्थल मंडला जिले के विकासखंड बीजाडांडी मुख्यालय से करीब चार किमी दूर स्थित है। जहां माता शारदे भावनी के पट करीब 18 वर्षो से बंद है। बावजूद इसके माता के भक्त श्रृद्धा और भक्ति के कारण माता के दरबार में दौड़े दौड़े चले आते है। यहां की मान्यता है कि माता रानी के दरबार से कोई भी भक्त खाली हाथ लौटकर नहीं जाता है। माता के पट बंद होने के बाद भी भक्त बाहर से ही सच्चे मन से जो भी मुराद मांगते है, माता उनकी मुराद पूरी कर देती है।
जानकारी अनुसार जिले के विकासखंड बीजाडांडी मुख्यालय से करीब 04 किमी दूर बारंगदा ग्राम की मढिय़ा में बिराजी शारदे भवानी संपूर्ण क्षेत्र में प्रसिद्ध है। यहां श्रृद्धा भाव से जो मन्नत की गई वह पूरी हुई है, लेकिन पिछले पण्डा के देहांत के बाद करीब 18 वर्षो से मातारानी का दरबार बंद हो गया है व इतने वर्षो से यहां पूजा-अर्चना नही हो रही है। यहां देखरेख का कार्य कर रहे इमृत मरावी ने बताया कि पूर्वजों अनुसार इस मढिय़ा की स्थापना लगभग 1500 ईसवी में की गई थी।
इमृत मरावी ने बताया कि वर्षो से ही एक परिवार के 06 पण्डा बल्ली, दुर्ग, मारी, बृजलाल, ईमरत व जियालाल द्वारा यहां पूजा-अर्चना कराई गई। कुछ वर्ष पूर्व पण्डा बृजलाल के देहांत के बाद लगभग 15 वर्ष के लिए मातारानी के पट बंद रहे। इसके बाद हमारे पूर्वज ईमरत को स्वप्न आया कि वह यहां पण्डा बनकर मातारानी की सेवा करे। इसके बाद फिर ईमरत पण्डा बने। उनके बाद जियालाल पंडा बने। जियालाल के देहांत के बाद अभी तक यहां कोई पण्डा नहीं है।
ग्रामीण बताते है कि मातारानी जिसके स्वप्न में आती है और जिसे यहां पण्डा बनने की इजाजत देती है वही पण्डा बनकर सेवा करता है। मातारानी के दरबार में सूनी गोद भरती है, नौकरी प्राप्त होती है, विवाह कार्य पूर्ण होते है और सच्चे दिल से मांगी हर मुराद पूरी होती है। ग्रामीणों ने बताया कि जब मातारानी का पट खुलता था तो दिल्ली, मुम्बई, राजस्थान समेत अन्य क्षेत्रों और दूर-दूर से श्रृद्धालू यहां आकर मन्नते करते थे और मुरादें पूरी होती थी, लेकिन मातारानी का दरबार बंद होने के बाद यहां श्रृद्धालु कम आते है।
इनका कहना है
बारंगदा की माता रानी के दरबार से कभी कोई खाली हाथ नहीं जाता। यहां जिनकी संतान नहीं होती, जिनके व्यापार में नुकसान होता हो उनकी मुराद माता रानी पूरी करती है, इसके साथ ही यहां आने वाले भक्त सच्चे मन से जो भी मन्नत करते है, माता रानी पूरी करती है। माता का पट बंद होने के बाद भी अष्टमी और नवमी को बहुत दूर दूर से भक्त माता रानी से प्रार्थना करने जरूर यहां पहुंचते है।
इमृत मरावी
भविष्य की करियर संभावनाओं को समझने छात्रों ने ली स्वास्थ्य की जानकारी
सांदीपनी विद्यालय के हेल्थकेयर छात्रों ने किया सीएचसी नारायणगंज का भ्रमण
मंडला महावीर न्यूज 29.सांदीपनी विद्यालय नारायणगंज टिकरिया में हेल्थकेयर ट्रेड की पढ़ाई कर रहे छात्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज का औद्योगिक भ्रमण कराया गया। यह भ्रमण छात्रों को उनके पाठ्यक्रम से संबंधित वास्तविक कार्य वातावरण और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से कराया गया। इस शैक्षणिक और व्यावहारिक भ्रमण के दौरान सीएचसी बीईई विजय मरावी, वोकेशनल ट्रेनर रुचि प्रदा संत और एसटीएस देवेन्द्र साहू छात्रों के साथ मौजूद रहे और उन्होंने पूरे कार्यक्रम के समन्वय में सहयोग किया। भ्रमण में कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के हेल्थकेयर के छात्र शामिल रहे।
सीएचसी नारायणगंज में छात्रों को स्वास्थ्य केंद्र द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न सुविधाओं और सेवाओं की विस्तृत जानकारी बीईई विजय मरावी द्वारा दी गई। इस सत्र का नेतृत्व बीईई विजय मरावी ने किया। उन्होंने छात्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के महत्व, इसके कार्यों और आम जनता को मिलने वाले स्वास्थ्य लाभों से अवगत कराया। भ्रमण के दौरान छात्रों को सीएचसी के सभी विभागों में ले जाया गया। बीईई विजय मरावी ने विशेष रूप से यह जानकारी दी कि किस विभाग का क्या कार्य है और वे कैसे सामूहिक रूप से स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को सुचारू रूप से चलाने में योगदान करते हैं। उन्होंने छात्रों को आउटपेशेंट विभाग, इमरजेंसी, प्रसूति वार्ड, टीकाकरण केंद्र और लैब सुविधाओं जैसे महत्वपूर्ण खंडों के कार्यों को विस्तार से समझाया।
इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था कि सैद्धांतिक रूप से पढ़ी गई अवधारणाएं जमीनी स्तर पर कैसे लागू होती हैं। छात्रों ने न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की बारीकियों को समझा बल्कि स्वास्थ्यकर्मियों के दायित्वों और चुनौतियों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। वोकेशनल ट्रेनर रुचि प्रदा संत ने कहा कि यह औद्योगिक भ्रमण सांदीपनी विद्यालय के हेल्थकेयर छात्रों के व्यावसायिक विकास में काम आएगा।
ग्राम बरवाही को मिली स्वास्थ्य सुविधा की सौगात
मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने किया उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण
मंडला महावीर न्यूज 29. बीजाडांडी विकासखंड के ग्राम बरवाही में आयुष्मान आरोग्यम केंद्र का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। बीएमओ डॉ. अभयकीर्ति गजभिय ने बताया कि इस उप स्वास्थ्य केन्द्र की निर्माण लागत लगभग 50 लाख रुपये है।
लोकार्पण के बाद उपस्वास्थ्य केन्द्र में मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने स्वयं भी अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। उपस्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ सीएचओ मोनिका सिंह ने मंडला सांसद का बीपी की जांच की। इस दौरान मंडला सांसद ने ग्रामीणों को संदेश दिया कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केंद्र से ग्रामीणों को नि:शुल्क उपचार, परामर्श और नियमित जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। सांसद श्री कुलस्ते ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत सरकार का उद्देश्य है कि गाँव-गाँव तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचें, जिससे आमजन को छोटी-छोटी बीमारियों के लिए शहर न जाना पड़े।
यहाँ आयोजित मंचीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि बरवाही से उनका पुराना नाता रहा है। यहाँ कुकरा तालाब गहरीकरण और बरवाही के हाईस्कूल को हायरसेकेंडरी में अपग्रेड करने, क्षेत्र में लिफ्ट सिंचाई परियोजना का लाभ दिलाने सहित अन्य मुद्दों पर विचार करने की बात स्थानीय लोगों ने कही। सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि वे लगातार क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं पर काम कर रहे हैं। हाल ही में बीजाडांडी में उन्होंने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली थी, जिसमें जन-मन अभियान के तहत अधूरे विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जो आवश्यक काम इस सूची में शामिल नहीं हैं, उन्हें भी प्राथमिकता से जोड़कर पूरा किया जाएगा। कार्यक्रम में राकेश सिंह परस्ते, डीएल कुंभारे, विकास यादव, आदित्य मिश्रा, अजीत श्रीवास्तव, राहुल सिसोदिया, जाकिर हुसैन, जगदीश टेकाम, सरपंच श्रीधर कुंजाम, उप सरपंच स्वाति यादव, पुष्पा सिंह उद्दे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारियों में बीएमओ डॉ. अभयकीर्ति गजभिये, डॉ. राहुल सिंह ठाकुर, तपन गजभिये, कमलेश मरावी, राकेश विश्वकर्मा, रेणुका मरावी, सहेली कुडापे, उपस्वास्थ्य केन्द्र बरवाही सीएचओ मोनिका सिंह और समस्त ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
घुघरी में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
फांसी पर लटके मिले नंदकिशोर, परिवार ने आत्महत्या से किया इनकार
पुलिस महानिरीक्षक और एसपी से लगाई न्याय की गुहार
चार लोगों पर लगाया प्रताडऩा व हत्या का आरोप, उच्चस्तरीय जांच की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29.घुघरी थाना क्षेत्र के ग्राम सलवाह में विगत 20 अगस्त 2025 की रात नंदकिशोर साहू 35 वर्ष युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने चार लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस महानिरीक्षक बालाघाट, जिला प्रशासन और मंडला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
आवेदक सालिकराम साहू निवासी ग्राम भौदा ने बताया कि उनका पुत्र नंदकिशोर सलवाह में अपनी ससुराल में रह रहा था। परिजनों का आरोप है कि 20 अगस्त की रात लगभग आठ बजे नंदकिशोर ने फोन पर परिजनों को बताया था कि ससुराल पक्ष के लोग उसे मारने की धमकी दे रहे हैं। कुछ समय बाद नंदकिशोर के बेटे आकाश ने सूचना दी कि उसके पिता फांसी पर लटके हुए हैं।
परिजनों ने मौके पर पहुँचकर देखा कि शव आधी गर्दन से गमछे में लटका था और गले पर दबाव के निशान थे। परिवार का आरोप है कि यह गला दबाकर हत्या कर उसे फांसी का रूप देने की कोशिश है। आवेदक ने मृतक के ससुराल पक्ष के गणेश साहू शिक्षक, उनकी पत्नी कपुराबाई, दामाद दुर्गेश साहू और मनीष साहू पर प्रताडऩा और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर जांच शुरू करने की बात कही है। यह मामला क्षेत्र में सनसनी का विषय बना हुआ है।
छात्रावास में छात्राओं को बताए महिला अपराधों से बचाव
टिकरिया पुलिस ने मैं हूँ अभिमन्यु अभियान के तहत छात्राओं को दी सुरक्षा की जानकारी
मंडला महावीर न्यूज 29.मैं हूँ अभिमन्यु अभियान के अंतर्गत सीनियर उत्कृष्ट आदिवासी कन्या छात्रावास टिकरिया में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छात्रावास अधीक्षिका सरोज उईके की उपस्थिति में टिकरिया थाना पुलिस द्वारा छात्रावास की छात्राओं को महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को महिला अपराधों के विभिन्न प्रकारों, जैसे छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध आदि के बारे में जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि ऐसे किसी भी स्थिति में वे कैसे अपनी सुरक्षा कर सकती हैं और तत्काल पुलिस या अन्य सहायता एजेंसियों से कैसे संपर्क साध सकती हैं। छात्राओं को भारतीय कानून में महिलाओं को प्राप्त अधिकारों और उनकी सुरक्षा से संबंधित विभिन्न धाराओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सेल्फ डिफेंस पर केंद्रित रहा। पुलिस कर्मियों ने छात्राओं को आत्मरक्षा के कुछ बुनियादी और प्रभावी तरीके सिखाए, जिनका उपयोग वे आपातकालीन स्थिति में अपनी सुरक्षा के लिए कर सकती हैं। इन तकनीकों का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास पैदा करना और उन्हें किसी भी खतरे का सामना करने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार करना था।
मैं हूँ अभिमन्यु अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और विशेषकर युवा लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज में सुरक्षित महसूस कराना है। टिकरिया पुलिस की इस पहल से छात्रावास की छात्राएं न केवल अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हुईं, बल्कि उन्होंने यह भी सीखा कि वे विषम परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा कैसे कर सकती हैं।
नारायणगंज परियोजना में पोषण और सेवा का संगम
आंगनवाड़ी में बच्चों के पोषण पर संवाद
दुर्गा पंडालों में कन्या पूजन और बनाई आभा आईडी
आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वस्थ व कुपोषित बच्चों के अभिभावकों को दी पोषण, देखभाल की जानकारी
मंडला महावीर न्यूज 29.परियोजना नारायणगंज के अंतर्गत सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण माह की गतिविधियों के तहत अभिभावकों को अपने बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक और जिम्मेदार बनाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्राम के महिला-पुरुषों और आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों के अभिभावकों को बच्चों के पोषण स्तर और उनकी सही देखभाल व साफ-सफाई के महत्व के बारे में शिक्षित करना था। गतिविधि के दौरान स्वस्थ और पोषित बच्चों की माताओं के साथ उन बच्चों के अभिभावकों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया, जो सेम और मैम की श्रेणी में आते हैं। उन्हें बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाने, संतुलित आहार के महत्व, स्वच्छता बनाए रखने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
पोषण जागरूकता अभियान के साथ ही इस दिन को और भी विशेष बनाने के लिए दुर्गा जी के पंडालों में कन्याओं को प्रसादी वितरण किया गया। यह धार्मिक और सामाजिक पहल पोषण माह के संदेश को एक सामुदायिक उत्सव के रूप में प्रसारित करने का एक हिस्सा थी। इसके साथ ही इस अवसर पर हितग्राहियों की अपार और आभा आईडी बनाने का कार्य भी किया गया।
ब्लाक परियोजना अधिकारी संजीव मोहरे ने बताया कि आभा आईडी डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जो स्वास्थ्य रिकॉर्ड के प्रबंधन और टेलीमेडिसिन जैसी सुविधाओं का लाभ उठाने में सहायक होगी। यह प्रयास स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटाइज करने और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की सरकारी पहल का हिस्सा है। नारायणगंज परियोजना में आयोजित पोषण, स्वास्थ्य और सामुदायिक जुड़ाव का यह कार्यक्रम सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।
बिछिया में ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत विशाल स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर संपन्न, 350 यूनिट रक्त संग्रहित; भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने बताया ‘रक्तदान ईश्वर की सेवा के समतुल्य’
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मोत्सव पर बिछिया में रक्तदान का महादान: जिला पंचायत अध्यक्षों और भाजपा नेताओं की उपस्थिति में रक्तदान शिविर में उमड़े रक्तदाता
सेवा पखवाड़ा-विशाल स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म उत्सव के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम के अंतर्गत, आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिछिया में एक विशाल स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला भाजपा अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा के निर्देशानुसार, सेवा पखवाड़ा प्रभारी डॉ. विजय आनंद मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम के तत्वावधान में और मंडल अध्यक्ष नीरज भट्ट की उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
♦ रक्तदान को बताया ईश्वर की सेवा के समतुल्य
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के तैल्य चित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्प माला अर्पण और अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। रक्तदान की शुरुआत स्वयं मंडल अध्यक्ष नीरज भट्ट, मंडल महामंत्री नरेश राजपूत और मंडल उपाध्यक्ष भूपेंद्र मिंटू ठाकुर ने की।
जिला भाजपा अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा, “मैंने अपने जीवन काल में 12 बार रक्तदान किया है। रक्तदान ईश्वर की सेवा के समतुल्य है, क्योंकि हमारा एक बूंद रक्त किसी एक को नया जीवन दे सकता है।” उन्होंने पूरे जिले में 500 यूनिट रक्त दान के लक्ष्य की बात की और शिविर में लगभग 350 यूनिट रक्त संग्रह होने पर समस्त चिकित्सकों एवं स्टाफ को हृदय से धन्यवाद प्रेषित किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने रक्तदान को कन्यादान से भी श्रेष्ठ बताया। सेवा पखवाड़ा प्रभारी डॉ. विजय आनंद मरावी ने “नर सेवा ही नारायण सेवा” को श्रेष्ठ बताते हुए रक्तदान के महत्व को समझाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ भारत, स्वच्छ भारत के संकल्प को दोहराया। भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज भट्ट ने इस सफल आयोजन का श्रेय जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा के निर्देशों और मंडल के ऊर्जावान कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत को दिया।
इस अवसर पर नंदकुमार सोनी (नंदू) ने पाँचवीं बार और राजा जाटव ने सातवीं बार रक्तदान कर दूसरों को प्रेरित किया।
???? प्रमुख व्यक्तियों की उपस्थिति
शिविर में पूर्व विधायक झल्लू लाल तेकाम, विजेंद्र कोकड़िया, जिला उपाध्यक्ष महेंद्र पटेल, जिला मंत्री शशिकांत सिल्लू श्रीवास्तव, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रजनी मरावी, अशोक नानकानी, सांसद प्रतिनिधि विकास पिपरसानिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। मंच संचालन मंडल महामंत्री नरेश सर्वे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन योगेश चीक्कू यादव ने किया।
दूरदर्शन की सुनहरी यादों से सराबोर मंडला का दुर्गोत्सव पंडाल
नव जागृति नौ दुर्गोत्सव समिति की पहल
मेरा बचपन मेरा दूरदर्शन थीम ने जगाई 90 के दशक की नॉस्टैल्जिया
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले में इस वर्ष दुर्गा पूजा का उत्साह एक खास रंग में डूबा हुआ है। जिले भर में दुर्गोत्सव समितियां माँ दुर्गा को अलग-अलग रूप में विराजमान किये है, जो आलौकिक है। ऐसी ही एक दुर्गोत्सव समिति जिला मुख्यालय के नजदीकी ग्राम पंचायत देवदरा में नव जागृति नौ दुर्गोत्सव समिति देवदरा द्वारा अपने पंडाल को मेरा बचपन मेरा दूरदर्शन थीम पर सजाकर श्रद्धालुओं को 90 के दशक की सुनहरी यादों में डुबो दिया है। इस अनूठी पहल ने स्थानीय लोगों और दूर-दराज से आए भक्तों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
नव जागृति नौ दुर्गोत्सव समिति ने पंडाल को दूरदर्शन के प्रतिष्ठित मोनो की विशाल झांकी का रूप दिया है, जिसके ठीक मध्य में माता दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है। यह आकर्षक संयोजन एक जीवंत टाइम कैप्सूल जैसा प्रतीत होता है, जो लोगों को तुरंत अपने बचपन की ओर खींच ले जाता है। इस थीम को जीवंत करने के लिए पंडाल में एक विशेष चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इस प्रदर्शनी में 90 के दशक की लोकप्रिय जीवनशैली, खिलौनों और आउटडोर खेलों पर आधारित तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। दर्शकों को यहां उस दौर के लोकप्रिय टीवी कार्यक्रमों, बच्चों के उपयोग की वस्तुओं और गलियों में खेले जाने वाले खेलों की झलक देखने को मिल रही है।
नव जागृति नौ दुर्गोत्सव समिति के सदस्यों का कहना है कि इस झांकी का मुख्य उद्देश्य लोगों को आधुनिकता की अंधी दौड़ में खोती जा रही पुरानी संस्कृति, साधारण जीवनशैली और बचपन की मासूमियत से फिर से जोडऩा है। उनका मानना है कि दूरदर्शन उस दौर में परिवार के एक सदस्य जैसा था, जिसने लाखों बच्चों को स्वस्थ मनोरंजन और शिक्षा प्रदान की। यह थीम नई पीढ़ी को उस दौर की सादगी और खुशियों से परिचित कराने का भी एक प्रयास है।
इस रचनात्मक और नॉस्टैल्जिक थीम को स्थानीय लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। बच्चे जहां उत्सुकता से उन पुरानी चीज़ों और खेलों के बारे में जान रहे हैं, जिन्हें उन्होंने केवल कहानियों में सुना है, वहीं बड़े-बुजुर्ग अपने पुराने दिनों को याद कर भावुक हो रहे हैं। पंडाल में आने वाला हर व्यक्ति प्रदर्शनी में खो जाता है, मानो वह कुछ देर के लिए अपने बचपन में लौट गया हो।
नव जागृति नौ दुर्गोत्सव समिति की यह अभिनव प्रस्तुति मंडला जिले के सांस्कृतिक कैलेंडर में एक यादगार पल बन गई है, जो धर्म के साथ सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक संरक्षण का संदेश भी दे रही है। समिति के सदस्यों का कहना है कि दुर्गोत्सव पंडाल सिर्फ एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि 90 के दशक की सामूहिक स्मृति का केंद्र भी बन गया है।
एनएच 30 पर भीषण सड़क हादसा
मेढाताल घाटी में ट्रक ट्राला से टकराया
एक चालक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
केबिन तोड़ते हुए घुसी सरिया
25 मिनट के रेस्क्यू के बाद घायलों को निकाला बाहर
मंडला महावीर न्यूज 29.नेशनल हाईवे-30 पर अंजनिया चौकी क्षेत्र के अंतर्गत मेढाताल घाटी पर शुक्रवार को करीब 11.30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में सामने चल रहे एक ट्राला से पीछे आ रहा एक ट्रक जोरदार तरीके से टकरा गया, जिससे ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन चालक की दुखद मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी अनुसार घटना उस समय हुई जब सरिया से लोड ट्राला घाटी से नीचे उतर रहा था, इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहा ट्रक उससे जा टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राला पर लोड सरिया ट्रक के केबिन को तोड़ते हुए अंदर तक घुस गई। हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतर गया और उसके चालक, परिचालक समेत एक अन्य व्यक्ति केबिन में बुरी तरह फंस गए।
आधा घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही चौकी पुलिस अंजनिया तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने में करीब आधा घंटे का समय लगा। गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुँचाया गया।
हादसे में एक की मौत, दो घायल
अस्पताल पहुंचने पर ट्रक चालक दिनेश उर्फ काटू कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में घायल हुए अन्य दो लोगों की पहचान राजू गुप्ता पिता बालमुकुंद, निवासी नेगांव, जिला छतरपुर और धरम दास उर्फ धममू कुशवाहा जिला महोबा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जिनका इलाज जारी है। अंजनिया पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️
हत्या के प्रयास के मामले में कड़ी सजा
भाजपा नेता पर जानलेवा हमला करने वाले 6 आरोपियों को 10 वर्ष का सश्रम कारावास
मंडला कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला
अपर सत्र न्यायालय निवास ने मुख्य आरोपी सहित छह को 43 हजार के जुर्माने के साथ सुनाई 10 साल की जेल
⚖️ भाजपा युवा नेता पर जानलेवा हमले के 6 दोषियों को 10 साल की जेल
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मंडला की अपर सत्र न्यायालय निवास ने युवा भाजपा नेता विकास यादव पर जानलेवा हमला करने के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों को कठोर कारावास की सजा सुनाई है। मीडिया प्रभारी अभियोजन जिला मंडला ने जानकारी दी कि न्यायालय ने शुक्रवार 26 सितंबर 2025 को यह निर्णय दिया।
???? हत्या के इरादे से किया गया था हमला
यह सनसनीखेज मामला 15 और 16 सितंबर 2022 की दरम्यानी रात का है। खूंटा पड़ाव स्थित दुकान के पीछे के कमरे में सो रहे विकास यादव पर रात करीब 12:10 बजे मुख्य आरोपी जावेद उर्फ बकरीदी और उसके साथियों ने हमला किया। आरोपियों ने घर की सीमेंट शीट की छत तोड़कर अंदर प्रवेश किया और विकास की गर्दन पर धारदार हथियार से घातक चोट पहुँचाई।
जान बचाकर भागने की कोशिश के दौरान, रास्ते में बकरीदी की पत्नी शबाना आजमी और बेटी यासमीन सहित दो अन्य आरोपी लात-घूंसों और चाकुओं से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल विकास ने थाना बीजाडांडी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा इस मामले को चिन्हित एवं सनसनीखेज प्रकरणों की श्रेणी में रखा गया था।
???? न्यायालय का फैसला
विचारण के दौरान प्रस्तुत साक्ष्यों और अभियोजन के तर्कों पर विचार करते हुए, माननीय अपर सत्र न्यायाधीश ने प्रकरण के सभी छह आरोपियों—जावेद उर्फ बकरीदी, आरिफ खान, आसिफ खान उर्फ आसु, असरफ उर्फ कंजा अंसारी, शबाना आजमी, और याषमीन—को दोषी ठहराया।
न्यायालय ने सभी को मुख्य रूप से धारा 307 भादंवि (हत्या का प्रयास) में 10 वर्ष का सश्रम कारावास और अन्य धाराओं (148, 450, 458 भादंवि और 25 आयुध अधिनियम) में भी कारावास की सजा सुनाई। दोषियों पर कुल 43,000 रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। इस मामले में शासन की ओर से सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी निवास, श्रीमती उज्ज्वला उईके ने सफल पैरवी की।
फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़, मरीजों को सुरक्षित दवा देने की ली शपथ
जिला चिकित्सालय मंडला में मनाया विश्व फार्मासिस्ट दिवस
मंडला महावीर न्यूज 29.जिला चिकित्सालय मंडला के फार्मेसी विभाग में विश्व फार्मासिस्ट दिवस मनाया गया। आयोजित कार्यक्रम में जिले भर के फार्मासिस्टों ने भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. श्रीनाथ सिंह एवं डॉ. केआर शाक्य और औषधि निरीक्षक वैष्णवी तलवडे अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत फार्मेसी शिक्षा के जनक प्रो. एमएल श्रॉफ के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। स्वास्थ्य कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ फार्मासिस्ट शरद मेश्राम ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद सभी फार्मासिस्टों ने सामूहिक रूप से शपथ ली, जिसमें उन्होंने मरीजों को सुरक्षित दवा वितरण, सही परामर्श, दवाओं के दुष्प्रभाव की जानकारी देने और आमजन में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
अतिथियों ने इस अवसर पर फार्मासिस्टों के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. श्रीनाथ सिंह ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनका योगदान मरीजों के जीवन की गुणवत्ता बढ़ाने में अहम है। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट केवल दवा वितरक नहीं, बल्कि मरीजों को सही दवा, सही समय और सही मात्रा में उपलब्ध कराने वाले मार्गदर्शक भी होते हैं। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. गौरव जेटली ने फार्मासिस्टों को मरीजों से संवाद बढ़ाने और जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
सहायक प्रबंधक अजय सिंह सैयाम ने फार्मासिस्टों को मार्गदर्शक बताते हुए आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य विभाग सदैव उनके साथ है और सब मिलकर एक स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ेंगे। सुनील सैयाम ने कहा कि फार्मासिस्ट चिकित्सक और मरीज के बीच एक सेतु का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में डॉ. हेमेंद्र चौहान, डॉ. राहुल झारिया, डॉ. अभिषेक सहित कई वरिष्ठ फार्मासिस्ट प्रकाश कूड़ापे, शशि कांत सिंह, अनिशा धुर्वे और बड़ी संख्या में नर्सिंग एवं पैरा मेडिकल कर्मचारी उपस्थित रहे।
एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहा स्थायी वारंटी गिरफ्तार
मंडला कोतवाली पुलिस को मिली बड़ी सफलता
पुलिस के विशेष अभियान के तहत ईदगाह कॉलोनी निवासी असफाक खान कोर्ट में पेश
मंडला महावीर न्यूज 29.स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। कोतवाली पुलिस ने विशेष न्यायालय एनडीपीएस एक्ट मंडला के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक मंडला के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी मंडला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली ने फरार वारंटियों को पकडऩे के लिए एक विशेष टीम का गठन किया था। गठित टीम ने तकनीकी और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए फरार स्थायी वारंटी असफाक खान पिता महरूम रज्जाक खान, 28 वर्ष, निवासी ईदगाह कॉलोनी मंडला को जवाहर वार्ड मंडला से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी असफाक खान को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
टीम में ये रहे शामिल
इस गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली टीम में निरीक्षक शफीक खान, प्रधान आरक्षक नन्दलाल उईके, आरक्षक हन्नू मार्को, जयसिंह मरावी, दिनेश झारिया शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से फरार अपराधियों पर लगाम लगाने की दिशा में पुलिस के प्रयासों को बल मिला है।
गोमांस पर टैक्स फ्री के फैसले पर सियासी उबाल
कांग्रेस ने मोहन सरकार को घेरा, मंडला में सीएम और कैलाश विजयवर्गीय का पुतला फूंका
मंडला महावीर न्यूज 29.प्रदेश सरकार द्वारा जीएसटी परिषद की सिफारिशों पर गोवंशीय पशुओं के मांस को टैक्स फ्री किए जाने के फैसले ने प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है। कांग्रेस ने इस निर्णय को सनातन विरोधी बताते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले ने कहा कि भाजपा एक ओर गाय को माता कहती है, दूसरी ओर उसके मांस को टैक्स मुक्त कर गोवंश तस्करों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने हाल ही में मंडला दौरे के दौरान गोकशी प्रकरण के आरोपी से स्वागत करवाया।
इस मुद्दे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को लालीपुर चौक पर मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन कर उग्र विरोध प्रदर्शन किया। एड. राकेश तिवारी ने नवरात्र पर विजयवर्गीय के महिलाओं पर दिए आपत्तिजनक बयानों को शर्मनाक बताया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि यह फैसला वापस नहीं लिया गया तो प्रदेश भर में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
हर विद्यालय में हो खूबसूरत गुलदस्ता, नारायणगंज में स्काउट गाइड के बेहतर संचालन के लिए कार्यशाला संपन्न
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर दिया जोर
डीके सिंगौर ने किया आह्वान, स्काउट गाइड को और अधिक बनाए उपयोगी
मंडला महावीर न्यूज 29.विकासखंड नारायणगंज के अंतर्गत प्राथमिक से लेकर हायर सेकेंडरी स्तर तक की सभी शालाओं में भारत स्काउट गाइड के संचालन को अधिक प्रभावी और उपयोगी बनाने के उद्देश्य से जनपद सभागार नारायणगंज में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए विकास खंड शिक्षा अधिकारी एवं पदेन ब्लॉक कमिश्नर भारत स्काउट गाइड डीके सिंगौर ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विकासखंड की शालाओं को सुंदर बनाना है, जिसका संचालन भी सुंदर तरीके से हो। उन्होंने भारत स्काउट गाइड को एक खूबसूरत गुलदस्ता बताते हुए कहा कि यह गुलदस्ता हर विद्यालय में सजना चाहिए।
सर्वांगीण विकास और व्यवहारिक कौशल पर जोर देते हुए डीके सिंगौर ने कहा कि स्काउट गाइड के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, सामुदायिक सहभागिता, प्राथमिक उपचार और व्यवहारिक कौशल जैसे क्षेत्रों में योग्यता और कौशल विकसित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में इन गतिविधियों को तेज करके विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास किया जा सकता है और विद्यालय को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि प्राथमिक शालाओं में बजट की समस्या होने पर कम से कम केवल स्कार्फ पहनाकर भी संचालन शुरू किया जा सकता है।
बीआरसी ने की अपील
बीआरसी कमलेश भवेदी ने भी सभी शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों के कल्याण और विद्यालय के विकास को ध्यान में रखते हुए अपने-अपने विद्यालय में स्काउट गाइड का संचालन अवश्य शुरू करें। इस कार्यशाला में विकासखंड की विभिन्न शालाओं से कब मास्टर, फ्लॉक लीडर, स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन, रोवर लीडर और रेंजर लीडर यूनिफॉर्म में उपस्थित रहे। कार्यक्रम समापन के बाद पौधारोपण किया गया।
ये रहे उपस्थित
आयोजित कार्यशाला में जिन माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में वर्तमान में स्काउट गाइड का संचालन नहीं है, वहाँ के संस्था प्रमुखों ने भी भागीदारी की। प्राथमिक स्कूलों में भी संचालन प्रारंभ कराने के लिए विकासखंड के सभी जन शिक्षक मौजूद रहे। जिला कार्यालय से लोक सिंह पदम जिला सचिव भारत स्काउट गाइड, केके सोनवानी जिला प्रशिक्षण आयुक्त, डॉ. रवि हरदहा, मीना साहू जिला संयुक्त सचिव, दिलीप मरावी जिला मीडिया प्रभारी, सरिता सिंह सहायक रेंजर कमिश्नर एवं अन्य शासकीय पदाधिकारी भी कार्यशाला में उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में राजीव वर्मा, उमेश यादव, और प्रफुल्ल मिश्रा ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
नवरात्र का चौथा दिन
देवीमय हुआ शहर, भक्ति में डूबे श्रृद्धालु
आज होगी स्कंद माता की पूजा
मंडला महावीर न्यूज 29.नवरात्र के चलते पूरा शहर देवीमय हो गया है। जिस गली से गुजरो केवल माता के जयकारे ही सुनाई दे रहे है। जैसे जैसे दिन ढलता है देवी के जयकारे जोर शोर से सुनाई देने लगते है। देवी पंडालो में आकर्षक विद्युत साज सज्जा देखते ही बनती है। सुर मधूर देवी गीत मन को मोह लेते है। माता की सुबह की आरती दुर्गा सप्तशती के पाठ वातावरण में भक्ति का रंग श्रृद्धा भाव के साथ श्रृद्धालुओं में भर देते है तो शाम की आरती कई गुना जोश व समर्पण माता के श्री चरणों में भक्त समर्पित करता है। शहर की सड़के रात्रि में धीरे धीरे माता के भक्तों से भरने लगी है। भक्त माता की मनोहारी छवि को पाने के लिए उत्सुक हो रहे है।
सुबह से वातावरण में माता की भक्ति का रंग अन्य दिनों की अपेछा गहरा लगा क्योंकि सुबह की शुरूआत पंडालों मदिरों में मधुर देवी गीतों के साथ हुई। जिसके बाद माता की आरती, दुर्गा सप्तसती के पाठ हुए। दिन भर पंडालों मदिरों में साज सज्जा को अंतिम रूप दिया गया। वहीं मदिरों पडांलों में देवी जस गीत के आयोजन हो रहे है। रात्रि आरती के बाद कही गरबा तो कहीं जागरण की तैयारियां चल रही है। शहर के मुख्य देवालयों देवी मदिरों में कलश जवारे रखे गए है।
गाजे बाजे के साथ हो रही आरती
प्रतिदिन रात्रि में पंडालों में आरती आकर्षण का केन्द्र होती है। एक ही समय में लगभग सभी पंडालों में देवी की आरती की जाती है। जिस गली से गुजरो उस गली में पंडालों में आरती की गूंज सुनाई देती है। गाजे बाजे व ढोलक, मंजीरा के साथ आरती में भक्त झूमने लगते है।
आज होगी स्कंद माता की पूजा
पहाड़ों पर रहकर सांसारिक जीवों में नवचेतना का निर्माण करने वाली स्कंदमाता नवरात्रि में पांचवे दिन इस देवी की पूजा अर्चना की जाती है। इनकी कृपा से मूढ़ भी ज्ञानी हो जाता है। स्कंद कुमार कार्तिकेय की माता के कारण इन्हें स्कंदमाता नाम से अभिहित किया गया। इनके विग्रह में भगवान स्कंद बालरूप में इनकी गोद में विराजित है। इस देवी की चार भुजाएं है। ये दाई तरफ की ऊपर वाली भुजा से स्कंद को गोद में पकड़े हुए है। नीचे वाली भुजा में कमल का पुष्प है। बाई तरफ वाली भुजा में वरद मुद्रा में है और नीचे वाली भुजा में कमल पुष्प है। इनका वर्ण एकदम शुभ्र है। ये कमल के आसन पर विराजमान रहती है। इसलिए इन्हें पद्यासना भी कहा जाता है। इनका वाहन सिंह है।
चमत्कारी है छपरा वाली दाई, महिलाओं का मंदिर के अंदर प्रवेश है वर्जित
भक्तों की होती है मनोकामना पूर्ण
निराकार रूप में है छपरा वाली दाई का स्थान
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के ग्राम हिरदेनगर में छपरा वाली दाई का स्थान स्थानीय क्षेत्र समेत पूरे जिले के भक्तों के लिये आस्था का केन्द्र है। यहां सागौन वृक्ष के नीचे माता का स्थान है। ग्राम के बुजुर्ग बताते है कि यह स्थान सैकड़ों वर्षो से है। हमारे पूर्वज बताते थे कि पूर्व में यहां केवल छोटी सी मढिय़ा स्थापित थी। जैसे जैसे लोगों की मनोकामनाएं पूर्ण होती गई तो मढिय़ा ने मंदिर का भव्य स्वरूप ले लिया। लेकिन गौर करने वाली बात है कि छपरा वाली दाई का कोई भी स्वरूप नहीं है। निराकार रूप में माता यहां स्थापित है। सिंहासन तो बना हुआ है किन्तु वह खाली है इसकी ही पूजा की जाती है।
यहां पर आने वाले श्रृद्धलुओं की मनोकामनाएं अतिशीघ्रता से पूर्ण होती है। लेकिन उसके लिए मन्नत करना जरूरी है। अगर कोई मंदिर तक नहीं पहुंच पाता तो वह जहां है, वहीं से छपरा वाली दाई को याद करे और मन्नत मांगे तो भी मनोकामनाएं पूर्ण होती है। मंदिर में दूर दूर से श्रृद्धालु पूरे वर्ष भर पहुंचते है। क्षेत्र में ऐसे अनेको लोग है जिनकी मनोकामनाएं यहां पूर्ण हुई और वे आज भी माता की सेवा में समर्पित है। स्थानीय लोग बताते है कि मनोकामनाएं पूर्ण होने पर श्रृद्धालु को बरई, पिलई चढ़ाना पड़ता है। अगर किसी श्रृद्धालु को बलि से परहेज है तो वह मलिदा, मिठाई, नारियल अगरबत्ती माता को अर्पित करता है। परंतु बरई व पिलई यहां का विधान है जो पूरे वर्ष भर चलता है।
महिलाओं व लड़कियों का प्रवेश वर्जित
बताया जाता है कि छपरा वाली दाई में लड़कियों का व महिलाओं का आना वर्जित है और उन्हेें यहां चढ़ा हुआ प्रसाद भी ग्रहण करने की अनुमति नहीं होती है। इस कारण महिलायें और युवतियां यहां का प्रसाद ग्रहण नहीं करती है। छोटी छोटी कन्याएं मंदिर में आ सकती है और पुरूष भी सूर्य ढलने के पूर्व ही प्रसाद ग्रहण कर सकते है। यहां पर चैत्र व शारदेय नवरात्र में किसी भी प्रकार की बलि वर्जित है और नारियल भी नहीं फ ोड़े जाते।
होते है आयोजन
नवरात्र के समय यहां खप्पर जवारे, कलश बोए जाते है। साल भर सुबह शाम आरती होती है। एक दिन महाआरती की जाती है। अष्टमी को हवन पूजन के बाद कन्या भोज किया जाता है।
क्यों कहते है छपरा वाली दाई
बुजुर्गो ने बताया कि ये सागौन के वृक्ष के नीचे स्थापित है और इसकी छाया पडऩे से इन्हें छपरा वाली दाई कहा जाता है। कुछ का कहना है कि इन्हें छपरा गांव से लाया गया था। उक्त जानकारी माँ नर्मदा के भक्त आाचार्य संतोष महाराज ने दी।
मंदिर में नहीं है कोई पुजारी
भक्तों की मनोकामना पूरी होने पर वर्ष भर हर दिन कोई ना कोई यहां बलि देता है। खास बात यह है कि यहां कोई पुजारी नहीं है। लोग अपने आस्था के अनुसार पूजा अर्चना करते हैं। बलि देने के बाद प्रसाद घर भी नहीं ले जाते और ना ही महिलाओं को दिया जाता है। पुरुष वर्ग मंदिर के आसपास ही पूजा के बाद भोजन पका कर सामूहिक रूप से ग्रहण करते हैं। माता के इस दरबार में जहां बिना पूजारी के पूजा की जाती है वहीं महिलाएं प्रसाद ग्रहण करना तो दूर मंदिर में प्रवेश में भी नहीं करती।
इनका कहना है
भक्तों के लिये माता छपरा वाली आस्था का केन्द्र है। यहां माता का कोई स्वरूप नहीं है, निराकार रूप में यहां माता विराजमान है। यहां माता का सिंहासन तो बना है, लेकिन उस खाली जगह की ही पूजा अर्चना माता छपरा वाली के नाम से की जाती है। सागौन के वृक्ष के नीचे माता का स्थान था, भक्तों की मनोकामना पूरी होती गई और माता का छोटा सा स्थान मंदिर के रूप में भव्य स्वरूप ले लिया।
आचार्य संतोष महाराज,ऊँ श्री माँ रूकमणी देवी सदाव्रत आश्रम
आज ग्राम सकवाह में देवी जागरण, गायिका पूजा गोलहानी करेंगी शिरकत
मंडला महावीर न्यूज 29.आज 26 सितंबर को नवरात्रि पर्व के अवसर पर जिले के ग्राम सकवाह में विशाल देवी जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आयोजित देवी जागरण में धर्म और भक्ति का संगम देखने को मिलेगा। देवी जागरण कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भजन गायिका पूजा गोलहानी अपनी मधुर आवाज से माता रानी का गुणगान करेंगी। उनका गायन इस धार्मिक आयोजन का मुख्य आकर्षण होगा।
इस कार्यक्रम के आयोजक श्री सूर्यकुंड धाम महाआरती भंडारा समिति मंडला के सदस्यों ने बताया कि उन्हें माँ शारदा की असीम कृपा से यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है कि वे माता रानी का जागरण आयोजित कर रहे हैं। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी से विनम्र आग्रह किया है कि वे इस धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
माँ कूष्मांडा की कृपा से होते हैं सारे कष्ट दूर-पं. पवन शास्त्री
बबलिया माल में देवी भागवत पुराण में उमड़ा जनसैलाब
सेवा और कर्म योग को बताया मोक्ष का साधन
मंडला महावीर न्यूज 29.सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति बबलिया माल द्वारा नवरात्रि के पावन पर्व पर ग्राम में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत पुराण के चौथे दिन पुराण वाचक पंडित पवन शास्त्री महाराज ने माँ कूष्मांडा देवी की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। पंडित पवन शास्त्री ने कथा के दौरान कहा कि जो भक्त सच्चे मन से माता रानी की आराधना एवं पूजन करते हैं, माँ कूष्मांडा की कृपा से उनके सारे कष्ट दूर हुआ करते हैं। उन्होंने नौ देवियों की महिमा बताते हुए यह भी कहा कि माता रानी का पूजन करने वाले सभी भक्तों की सर्व मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
कथा का रसपान करने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इसी क्रम में पंडित पवन शास्त्री ने सेवा भावना के महत्व और मोक्ष प्राप्ति के साधन पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि माता-पिता की सेवा और दीन-हीन एवं असहायों की सेवा से मोक्ष की प्राप्ति संभव है। पंडित पवन शास्त्री ने भक्ति ज्ञान एवं कर्म योग की महिमा का वर्णन करते हुए कर्म की श्रेष्ठता के बारे में बताया। ऐसे अनेक रसमई प्रसंगों का वर्णन कथा के माध्यम से किया जा रहा है, जिसे सुनने के लिए भक्तों की अपार भीड़ उमड़ रही है।
मुख्य यजमान और समिति का सहयोग
आयोजित धार्मिक कार्यक्रम सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति, बबलिया माल के सहयोग से सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। कथा में रूप सिंह पंद्राम, ओमकार यादव, गंगाराम पंद्रम, रेवा पंदराम, शिवराम कुलस्ते, संगत से पंद्राम, विनोद यादव, महेश यादव, शिवराम यादव, प्रदीप यादव, रतीराम नरेटी, महिलाल मरावी, जीराबाई नरेटी, शुक्ला मरावी, शरद यादव और महेश यादव मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे।
शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने नारायणगंज ब्लॉक में शुरू हुई नई पहल
नारायणगंज ब्लाक के सभी विद्यालयों का बनेगा रिपोर्ट कार्ड
गुणवत्ता सुधारने बीईओ, बीआरसी ने संकुल स्तरीय बैठक में दिए निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29.नारायणगंज विकासखंड में अब सभी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों का रिपोर्ट कार्ड बनाया जाएगा। विकासखंड शिक्षा अधिकारी डीके सिंगौर और बीआरसी कमलेश भवेदी की उपस्थिति में संकुल केंद्र बबलिया में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों की भौतिक अधोसंरचना, पठन-पाठन की गुणवत्ता और विद्यालय के वातावरण को बेहतर बनाने के लिए 10 बिंदुओं पर आधारित रिपोर्ट कार्ड तैयार करने का फैसला लिया गया। बैठक में 10 बिंदुओं में भवन में रंग-रोगन, साज-सज्जा, परिसर की स्वच्छता, विद्यार्थियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, टीएलएम का उपयोग, विद्यार्थियों का एकेडमिक स्तर और जनभागीदारी शामिल हैं। इन मापदंडों के आधार पर विद्यालयों की ग्रेडिंग की जाएगी। इस कार्य में जनशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
बताया गया कि प्रत्येक जनशिक्षक को तीन माह के लिए विद्यालय आवंटित किए जाएंगे। विद्यालयों की ग्रेडिंग की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए संकुल प्राचार्य, बीएसी, बीआरसी और बीईओ द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि ग्रेडिंग के बाद विद्यालयों को 15 दिनों के भीतर अपनी ग्रेड में सुधार करना होगा। प्रतिमाह ग्रेडिंग सुधार की समीक्षा होगी, और तीन महीने बाद जनशिक्षकों को आवंटित शालाएं आपस में बदल दी जाएंगी।
बताया गया कि विगत दिवस नारायणगंज में हुई समीक्षा बैठक में सांसद और विधायक ने प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं के भवन रखरखाव और पठन-पाठन पर चिंता व्यक्त की थी। इसके साथ ही बैठक में संकुल स्तरीय और विकासखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन का भी निर्णय लिया गया। विद्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए गए कि वे अपने विद्यालयों में पर्याप्त खेल सामग्री खरीदें और नियमित रूप से खेल गतिविधियां संचालित करें। सभी को प्राप्त बजट का समय पर और सही उपयोग करने के लिए भी कहा गया।
बैठक में शिक्षक-कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही किसी कर्मचारी को एक ही समस्या के लिए बार-बार परेशान न होना पड़े, इसके लिए बीईओ और संकुल केंद्र के आगमन रजिस्टर का अवलोकन किया जाएगा। बताया गया कि गांधी जयंती के दिन दशहरा होने के कारण अक्टूबर के पहले सप्ताह में संकुल केंद्र बबलिया में एक संकुल स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। अन्य संकुलों में भी शीघ्र ही इसी तरह की बैठकें आयोजित की जाएंगी।
देवरी कला बबलिया में शिव-शक्ति का भक्तिमय वातावरण
देवरी कला बबलिया में गूंजा भोलेनाथ का डमरू
शिव पुराण कथा में उमड़ी भक्तों की भीड़
लक्ष्मी नारायण विवाह उत्सव धूमधाम से संपन्न
मंडला महावीर न्यूज 29.स्थानीय देवरी कला बबलिया में इन दिनों भोलेनाथ का डमरू घर-घर बज रहा है और इसके साथ ही माता रानी की सुबह-शाम महाआरती का दृश्य भक्तों को भाव-विभोर कर रहा है। सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति देवरी कला बबलिया के तत्वावधान में आयोजित भोलेनाथ की शिव पुराण कथा सुनने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में क्षेत्र के श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। कथा व्यास वेदव्यास महाकाल सेवक लक्ष्मीकांत महाराज कथा का वाचन कर रहे है। उन्होंने श्रोताओं को बताया कि गांव में भोले बाबा का डमरू बजने से अलख जाग रहा है, इसलिए सभी शिव भक्त बनकर धर्म लाभ उठाएँ और माता रानी के दरबार में महा आरती का लाभ लें।
शुक्रवार को कथा में महाकाल सेवक ने दान की बड़ी महिमा का वर्णन किया। उन्होंने बताया कि बेलपत्र के पास दान करने से 30 गुना और यज्ञ में दान करने से 100 गुना अधिक लाभ प्राप्त होता है। जिन भक्तों को लक्ष्मी की कामना है, उन्हें उन्होंने सात सोमवार को 108 बेलपत्र और 108 कमल का फूल चढ़ाने का विशेष महत्व बताया, जिससे विशेष कृपा और पर्याप्त धन-व्यवसाय की प्राप्ति होती है।
लक्ष्मी नारायण विवाह उत्सव धूमधाम से मनाया
कथा के दौरान लक्ष्मी नारायण का विवाह उत्सव भी बड़े धूमधाम से मनाया गया। इसके साथ ही कथा व्यास ने कुशा का महत्व और नारद जी के अहंकार को कैसे तोड़ा गया, इस प्रसंग का भी विस्तार से वर्णन किया। कथा के दौरान श्रोताओं में निवास विधानसभा विधायक चैन सिंह बरकड़े भी उपस्थित रहे। जिन्होंने लक्ष्मी पूजा की। कथा श्रवण और महाआरती में महिला और पुरुषों ने चढ़-बढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए सुबह-शाम बैठने की उत्तम व्यवस्था और पेयजल की व्यवस्था की गई है।
आचार्य विद्यासागर महाराज के अवतरण दिवस पर पिंडरई में दो दिवसीय नि:शुल्क चिकित्सा शिविर
पंचकर्म और एक्यूप्रेशर से मिलेगा तुरंत लाभ
मंडला महावीर न्यूज 29.लघु तीर्थ क्षेत्र व्रती नगरी पिंडरई में परम पूज्य संत शिरोमणि आचार्य भगवन 108 विद्यसागर महाराज एवं नवाचार्य समय सागर महाराज के अवतरण दिवस पर दो दिवसीय नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर 4 एवं 5 अक्टूबर को मुनिश्री 108 नीरज सागर एवं मुनिश्री 108 निर्मद सागर महाराज के मंगल सान्निध्य में श्री विद्या स्वभाव भवन व्रतीनगरी पिण्डरई में आयोजित होगा।
साधु सेवा समिति के मिडिया प्रभारी ऋषभ जैन ने बताया कि इस नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन चातुर्मास कमेटी, विद्यासागर नवयुवक समिति एवं सकल दिगम्बर जैन समाज के संयुक्त तत्त्वाधान में किया जा रहा है। शिविर में मनीष, आशीष, सचिन द्वारा समस्त पूर्णायु के वैद्यों द्वारा विभिन्न प्राकृतिक पद्धतियों से तुरंत इलाज किया जाएगा। इन पद्धतियों में योग, प्राणायाम, औषधि, जड़ी-बूटी काढ़ा, प्राणिक हीलिंग, पंचकर्म और एक्यूप्रेशर शामिल हैं। शिविर के संयोजक चौधरी रीतेश जैन एवं हर्ष जैन ने समस्त ग्राम एवं जिले वासियों से आग्रह किया है कि वे इस दो दिवसीय नि:शुल्क शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करें।
भैंस को बचाने के प्रयास में बड़ा हादसा
ओमनी कार पेड़ से टकराई
कार को कटर मशीन से काटकर चालक को निकाला बाहर
गंभीर घायल युवक जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
मंडला महावीर न्यूज 29.नारायणगंज क्षेत्र के मैली से बबलिया मार्ग में एक ओमनी कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन चालक वाहन में ही बुरी तरह फंस गया। हादसा होते ही आसपास के लोग घटना स्थल पहुंचे और वाहन चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। वहीं तत्काल 112 डायल को सूचना दी गई। बिना समय गवाए डायल कर्मी मौके पर पहुंचे। जहां ग्रामीणों की मदद और कटर मशीन की सहायता से वाहन को काटकर फंसे वाहन चालक को बाहर निकाला गया। नारायणगंज टिकरिया पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे की जांच पुलिस कर रही है।
जानकारी अनुसार गुरूवार को दोपहर करीब 3.30 बजे नारायणगंज के मैली चौराहे से लगभग 200 मीटर अंदर मैली, बबलिया मार्ग पर एक ओमनी वाहन मैली की तरफ से नारायणगंज मैली चौराहे की तरफ आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन चालक मैली चौराहा की तरफ जा रहा था, इसी दौरान अचानक उसके वाहन के सामने एक भैस आ गई, जिसे बचाने के चक्कर में वाहन चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और ओमनी कार क्रमांक एमपी 20 बीए 5261 एक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे की जानकारी स्थानीय लोगों ने डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 एफआरव्ही की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
बताया गया कि ओमनी वाहन चालक अनिल कुमार पिता रवि कुमार साहू 30 वर्ष शंकरगंज नारायणगंज निवासी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अनिल कुमार वाहन के अंदर ही बुरी तरह से फंस गए। हादसे के बाद घटना स्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। जहां वाहन में फंसे चालक को निकालने का प्रयास शुरू किया गया।
कटर मशीन से काटकर निकाला बाहर
बताया गया कि डायल 112 के स्टाफ ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। वहीं युवक वाहन में बुरी तरह फंसा हुआ था और दरवाजा खोलना संभव नहीं था, इसलिए टीम ने एक कटर मशीन का उपयोग करके कार के हिस्से को काटा। बड़ी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल अनिल कुमार को कार से बाहर निकालने में सफलता मिली। जिसे तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज उपचार के लिए ले जाया गया।
गंभीर हालत में जबलपुर रेफर
घायल अनिल कुमार के दोनों पैरों और हाथों में गंभीर चोटें आई थीं। तत्काल डायल 112 के स्टाफ ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया। वहाँ के चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार करने के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत जबलपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। घायल को बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने में डायल 112 के कर्मचारी रामरतन मसकरे, सुरेन्द्र ठाकुर और पायलट नंदकिशोर मार्को समेत स्थानीय ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डीपीसी पत्नी सहित 60 हजार रूपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ धराए
ईओडब्ल्यू का एक्शन, तीन पर हुई कार्रवाई
स्कूल की सील खोलने के लिए डीपीसी और एपीसी ने मांगी थी रिश्वत
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मंडला के शिक्षा विभाग में गुरूवार को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला परियोजना समन्वयक अरविंद विश्वकर्मा, उनकी पत्नी आरती विश्वकर्मा और सहायक परियोजना समन्वयक अवधेश नारायण पाण्डेय को 60 हजार रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। यह मामला कैकया ग्राम स्थित विद्या निकेतन स्कूल में बिल्डिंग निर्माण कार्य से जुड़ा है। बताया गया है कि स्कूल संचालक रविकांत नंदा से निर्माण कार्य पूर्ण होने का प्रमाण पत्र देने के एवज में डीपीसी अरविंद विश्कर्मा ने एक लाख बीस हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। जिसके बाद ईओडब्ल्यू ने कार्रवाई करते हुए रंगेहाथ पकड़ा है।
बताया गया कि पीडि़त आवेदक की शिकायत के आधार पर ईओडब्ल्यू ने कार्रवाई की योजना बनाई। स्कूल संचालक रविकांत नंदा पहले ही डीपीसी को 50 हजार रुपए दे चुके थे। गुरुवार को दूसरी किस्त के रूप में 60 हजार रुपए दिए जाने थे। रिश्वत की यह राशि रिलायंस पेट्रोल पंप बिंझिया के पास दी जानी थी। जैसे ही रविकांत नंदा ने यह राशि अरविंद विश्कर्मा को दी, अरविंद विश्कर्मा ने तुरंत रुपयों का पैकेट अपनी पत्नी को रखने के लिए कहा। इसी दौरान पहले से तैयार ईओडब्ल्यू की टीम ने घेराबंदी कर ली और अरविंद विश्कर्मा को रंगे हाथों दबोच लिया। उनकी पत्नी भी इस कार्रवाई के घेरे में आ गई हैं।
स्कूल की रिपोर्ट देने के लिए मांगी थी रिश्वत
बताया गया कि यह कार्रवाई शिकायतकर्ता रविकांत नंदा निवासी ग्राम ककैया बिछिया की शिकायत पर की गई। प्रार्थी का विघा निकेतन स्कूल ककैया जर्जर भवन के कारण सील कर दिया गया था। स्कूल की मरम्मत के बाद उसे दोबारा खोलने के लिए डीपीसी से पक्ष में रिपोर्ट मांगी गई थी। इसी रिपोर्ट को देने के एवज में डीपीसी अरविंद विश्वकर्मा और एपीसी अवधेश नारायण पाण्डेय ने प्रार्थी से 1 लाख 20 हजार रूपए की रिश्वत की मांग की थी। जिसकी दूसरी किस्त 60 हजार रूपए देना था। शिकायत का सत्यापन होने के बाद ईओडब्ल्यू ने रिलायंस पेट्रोल पम्प मंडला पर ट्रैप बिछाया। कार्रवाई के दौरान डीपीसी अरविंद विश्वकर्मा ने रिश्वत की रकम अपनी पत्नी आरती विश्वकर्मा के माध्यम से ली।
बताया गया कि जैसे ही डीपीसी विश्कर्मा की पत्नी ने पैकेट लिया, ईओडब्लू की टीम ने दबिश देकर दोनों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। टीम द्वारा पंप के सीसी टीवी कैमरे रिकार्ड के साथ कार्यालय से अहम दस्तावेज जब्त किए है। ईओडब्लू की टीम के डीएसपी स्वर्णजीत सिंह धामी एवं टीम शामिल रही। ईओडब्लू की टीम ने तीनो के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज कार्रवाई की है।
पड़ोसी से विवाद, वृद्ध महिला का सिर फटा, गंभीर हालत में जबलपुर रेफर
नारायणगंज डायल 112 की तत्परता से 60 वर्षीय वृद्धा को मिला उपचार
नारायणगंज केे ग्राम मंगलगंज की घटना
मंडला महावीर न्यूज 29.नारायणगंज के थाना टिकरिया के अंतर्गत ग्राम मंगलगंज नारायणगंज में आपसी विवाद के चलते 60 वर्षीय वृद्ध महिला पर उसके पड़ोसी ने लाठी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। बताया गया कि घायल दयालो बाई पति कलुआ यादव 60 साल निवासी ग्राम मंगलगंज पर उनके पड़ोसी समर लाल मरावी ने लाठी से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई। घटना की जानकारी तत्काल डायल 112 को दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 स्टाफ रामरतन मसकरे और पायलेट अशोक यादव तुरंत मौके पर पहुँचे।
डायल स्टाफ ने बिना देरी किए घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज उपचार के लिए पहुँचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वृद्ध महिला का तत्काल उपचार किया गया, जहाँ उनके सिर में करीब 10 टांके लगाए गए। हालाँकि चोट की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद वृद्ध महिला दयालो बाई को जबलपुर मेडिकल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली है और आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। डायल 112 स्टाफ की तत्परता से घायल महिला को समय पर उपचार मिल सका।
निर्माणाधीन मवई-मेढ़ा मार्ग में हादसा, अनियंत्रित वैन पेड़ से टकराई, चालक फरार
सड़क निर्माण में लेटलतीफी से खतरा बढ़ा
हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से की जल्द काम पूरा करने की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29.मवई से मेढ़ा जाने वाले मार्ग पर चल रहे निर्माणाधीन सड़क कार्य के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार में आ रही मारुति वैन एमपी 51 सीए 6592 अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। यह मारुति वैन मवई से मेढ़ा की ओर जा रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हालांकि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।
निर्माण कार्य में लापरवाही से बढ़ी परेशानी
इस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य के चलते मार्ग को पूरी तरह से खोद दिया गया है, लेकिन काम बहुत धीमी गति से चल रहा है। सड़क की खस्ता हालत के कारण आए दिन वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने इस लापरवाही को सीधे तौर पर दुर्घटनाओं का कारण बताया है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल इस निर्माणाधीन सड़क को पूरा कराने की मांग की है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके और ऐसे हादसों पर रोक लग सके।
मनचाहा वर देती है नक्खी माई माता
पाषाण प्रतिमा को देखकर मंत्रमुग्ध हो जाते है भक्त
दरबार में रखे 32 कलश, 03 घी और 29 तेल के कलश
मंडला महावीर न्यूज 29.जिला मुख्यालय से उत्तर दिशा में लगभग 20 किमी की दूरी पर मंडला निवास मार्ग में बसे ग्राम बकौरी में 17 वीं शताब्दी में एक पहाड़ी के ऊपर नक्खी माता स्वयं प्रगट हुई थी। ऐसा ग्राम के बुजुर्ग बताते है। नक्खी माता के पास शीतला माई, खैरमाई, कालभैरव का भी स्थान है। नक्खी माता के दरबार में मांगी गई मुरादें अतिशीघ्र पूरी होती है। मंदिर की विशेषता यह है कि पहाड़ी में होने के बाद यहां श्रृद्धालु अपने वाहन से मंदिर तक पहुंच जाते है।
मां नक्खी माता का दरबार जहां दूर दूर से माता के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहता है। मान्यता है कि भक्तों द्वारा जो भी मन्नत माता के दरबार में मांगी जाती है नक्खी माता सभी भक्तों की हर मनोकामना पूरी करती हैं भक्तों ने बताया कि हमने माता के दरबार में जो भी मन्नत मांगी थी और वो पूरी हुई है, इसीलिए हम लोग माता के दरबार से जुड़े हैं। हमेशा हम माता के दरबार में आते हैं। नक्खी माता मंदिर समिति ने बताया कि यहां हर राज्य से लोग दर्शन के लिए आते हैं।
माता के भक्त नितिन साहू ने बताया कि जब गांव में संकट आया तो माता ने भी गांव वालों को सावधान किया था। मंदिर की ख्याति दूर दूर तक फैली है। जब से गांव में माता विराजमान है कभी भी गांव के ऊपर संकट के बादल नहीं छाए है। माता की पाषाण प्रतिमा जिसे देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो जाते है। श्रृद्धालुओं के मंदिर प्रांगण में पहुंचते ही उन्हें मानसिक सुख का अनुभव होता है और श्रृद्धालु इसी विश्वास से माता से मन्नत मांगते है। जिनकी मन्नत पूरी होती है। यही कारण है कि नक्खी माता के पास दूर शहरों से भी लोग मन्नत मांगने दौड़े चले आते है।
मंदिर का जीर्णोद्धार
सैकड़ों वर्ष पुराने, जीर्ण-शीर्ण मंदिर का जीर्णोेार 1997 में किया गया। मंदिर का गुंबज चौपहला बनाया गया है। यहां मंदिर परिसर का विस्तार किया गया है। माता के दरबार के आसपास अन्य देवी देवाताओं की भी स्थापना की गई है। जहां भक्त माता के दर्शन करने पहुंचते है, वहीं माता के दर्शन के बाद यहां स्थापित अन्य देवी देवताओं के भी दर्शन कर पूजा अर्चना करते है।
वर्ष भर होते है धार्मिक आयोजन
वैसे तो पूरे वर्ष माता की पूजा अर्चना में पूरे ग्राम के लोग एकत्र होते है लेकिन चैत्र व शारदेय नवरात्र में जवारे कलश के साथ माता की विशेष पूजा अर्चना व माता का श्रृंगार किया जाता है। साल भर यहां भक्त अपनी मनोकामना पूरी होने पर माता के दरबार में धार्मिक आयोजन और भंडारा कराते है।
कभी नहीं पहुंचे दरबार फिर भी आस्था
नक्खी माई के भक्त प्रहलाद साहू ने बताया कि नक्खी माई के प्रति लोगों में बहुत आस्था है। यहां आने वाले हर श्रृद्धालुओं की मुराद पूरी है। सच्चे मन से माता के दरबार में जो भी भक्त अर्जी लगाता है, वह पूरी होती है। वहीं कुछ ऐसे भी नक्खी माई के भक्त है, जो कभी माता के दरबार नहीं आए, फिर भी उनकी आस्था नक्खी माई के प्रति बहुत है। बताया गया कि उत्तरप्रदेश और बिहार के कुछ भक्त माता के प्रति बहुत ही आस्था रखते है। ये कभी माता के दरबार नहीं आए है, फिर भी माता के दरबार में इनके नाम के जवारे, कलश की रखे जाते है। ये भक्त ऑनलाईन के माध्यम से माता के दरबार के लिए स्थानीय लोगों से संपर्क कर माता के लिए भेट पहुंचाते है।
32 कलश की स्थापना
जानकारी अनुसार इस वर्ष नक्खी माई के दरबार में अलग-अलग क्षेत्र, जिला और राज्य के भक्तों द्वारा दरबार में 32 कलश की स्थापना कराई है। ग्राम बकौरी की पहाड़ी में विराजी माता नक्खी माई के दरबार में चैत्र मास की नवरात्रि में जवारें रखे जाते है, वहीं शारदये नवरात्र में कलश की स्थापना की जाती है। इस बार भी 32 कलश माता के दरबार में रखे गए है। जिसमें तीन कलश घी के और 29 कलश तेल के रखे गए है। पूरे नवरात्र माता के दरबार में धार्मिक आयोजन के साथ महाआरती की जा रही है।
इनका कहना है
पूरे देश या किसी अन्य क्षेत्र में ऐसा कोई गांव या क्षेत्र नहीं है जो किसी देवी मंदिर के सामने बसा हो, लेकिन मंडला जिला के बकौरी ग्राम माता नक्खी माई के दरबार के सामने ही पूरा ग्राम बसा हुआ है। माता की ख्याति पूरे देश में प्रसिद्ध है, यहां दूर-दूर से लोग माता के दर्शन के लिए आते है। लोगों की माता पर आस्था है। नितिन साहू,भक्त
माता का मंदिर कई वर्ष पुराना है, माता के प्रति हमारी आस्था है। माँ के दरबार में भक्त सच्चे मन से जो भी मांगता है, उसकी झोली माता खुशियों से भर देती है। लोगों की मां के प्रति बहुत ही आस्था है, भक्त साल के दोनों नवरात्र में कलश की प्राण प्रतिष्ठा कराते है। दरबार में दूर-दूर से भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंचते है। प्रहलाद साहू,भक्त
माँ नक्खी माई की पाषण प्रतिमा बहुत ही सुदंर और आकर्षक है, इनकी प्रतिमा को देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो जाता है। माता की ख्याती दूर-दूर तक फैली है, मां के प्रति हमारी आस्था है, हम यहां दोनों नवरात्र में कलश की स्थापना कराते है। माता के दरबार में साल के बारह महिने भक्तों का तांता लगा रहता है। डीके सिंगौर, भक्त
मंडला में स्वास्थ्य के सिपाही-फार्मासिस्टों की अनकही कहानी
विश्व फार्मासिस्ट दिवस
मंडला के गुमनाम नायक, जो दवा के साथ बांटते हैं उम्मीद और विश्वास
मंडला के स्वास्थ्य प्रहरी फार्मासिस्ट, जो चुपचाप रच रहे हैं सेहत की कहानी
मंडला महावीर न्यूज 29.अपनी प्राकृतिक सुंदरता और आदिवासी संस्कृति के लिए जाना जाता है। लेकिन इस भूमि पर एक और महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लोग हैं जिनके योगदान की अक्सर चर्चा नहीं होती, वे है फार्मासिस्ट। विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर हम उन अनसुने नायकों को सलाम करते हैं जो जिले के दूरदराज के इलाकों से लेकर शहरी अस्पतालों तक हर जगह स्वास्थ्य सेवा की रीढ़ बने हुए हैं।
मंडला जिला आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है, जहाँ के लोग स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अक्सर संघर्ष करते हैं। ऐसे ही जिले के स्वास्थ्य केन्द्रों में पदस्थ फार्मासिस्ट हर सुबह अपने स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचते है, जहां वे न केवल दवाएं देते हैं, बल्कि लोगों को बीमारियों से बचाव के तरीके भी बताते हैं। उनके लिए यह सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। फार्मासिस्टों का कहना है कि यहाँ लोगों को सही जानकारी देना बहुत जरूरी है। मंडला जिला आदिवाासी बाहुल्य जिला है। जब कोई मरीज इन फार्मासिस्ट के पास पहुंचते है तो ये सिर्फ दवा नहीं देता, बल्कि उसे पूरी तरह से समझाते भी है, कि यह कैसे काम करेगी और किन सावधानियों का ध्यान रखना है। मरीजों का विश्वास ही फार्मासिस्टों के लिए सबसे बड़ी कमाई है।
बताया गया कि जिला अस्पताल में पदस्थ फार्मासिस्ट दिन-रात काम करते हैं। अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ होती है और हर किसी को सही समय पर सही दवा देना एक बड़ी चुनौती है। अस्पताल में फार्मासिस्ट का काम बहुत दबाव भरा होता है। एक भी गलती किसी की जान पर भारी पड़ सकती है। फार्मासिस्टों का कहना है कि हर दवा सही मरीज तक पहुंचे, उसकी सही मात्रा में, और सही समय पर। यह काम सिर्फ दवाई देने का नहीं, बल्कि मरीज की सुरक्षा सुनिश्चित करने का है।
मंडला नारायणगंज के मेडिकल शॉप संचालक फार्मासिस्ट दिनेश सोनी अपनी कई वर्षो की सेवा के अनुभव के बारे में बताते हुए कहा कि यह आदिवासी जिला है, यहा पहले जानकारी का अभाव था, लेकिन आज लोग बहुत जागरूक हैं। हमारा काम अब सिर्फ दवा बेचना नहीं, बल्कि एक स्वास्थ्य सलाहकार की भूमिका निभाना भी है। जब कोई मरीज पूछता है कि डॉक्टर ने जो लिखा है, वह सही है या नहीं, तो हमें उसे सही सलाह देनी होती है। यह विश्वास का रिश्ता है जो हमने बनाया है।
इनका कहना है
मंडला के गांवों में मेरा काम सिर्फ दवा देना नहीं, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। जब वे ठीक होकर मुस्कुराते हैं, तो मेरी मेहनत सफल हो जाती है।
कमलेश सिंह, फार्मासिस्ट, नारायणगंज
एक फार्मासिस्ट का काम बहुत जिम्मेदारी भरा होता है। हम यह सुनिश्चित करते हैं कि हर मरीज को सही दवा मिले, क्योंकि एक छोटी सी गलती भी भारी पड़ सकती है। हम मरीज की सुरक्षा की गारंटी हैं।
शरद मेश्राम,फार्मासिस्ट, जिला चिकित्सालय मंडला
पिछले कई वर्षो में मैंने महसूस किया है कि हमारा काम सिर्फ दवा बेचना नहीं, बल्कि एक दोस्त और सलाहकार की भूमिका निभाना भी है। लोगों का हम पर भरोसा ही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है।
दिनेश सोनी,फार्मासिस्ट, मेडिकल स्टोर संचालक
फार्मेसी का सामाजिक योगदान जन स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने में दवाईयां की पहुंच से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तक है। फार्मासिस्ट दवाओं के सही वितरण, रोगियों को परामर्श देने और बीमारियों के इलाज के लिए नई दवाओं के विकास में योगदान करना है।
शशिकांत सिंह,फार्मासिस्ट
नवरात्र का तीसरा दिन
आज होगी मॉं कुष्मांडा की आराधना
पंडालों में चल रहा दुर्गा सप्तशती का पाठ
मंडला महावीर न्यूज 29. शारदेय नवरात्र के तीसरे दिन समस्त पंडालों देवी मंदिरों में माता चंद्रघंटा के लिए दुर्गा सप्तशती पाठ किया गया। जिन्हें सोलह श्रृंगार अर्पित कर लोंग से बनी माला पहनाई गई। माता चंद्रघंटा निर्भयता देने वाली है। जिन्हें सुबह की आरती के बाद भोग लगाए गए। सुबह से मंदिरों में जल ढारने हेतु महिलाओं की भीड़ देखी गई तथा व्रत निरंतर रखा गया। जिन पंडालों में सजावट में कमी रही वह सजावट नवरात्र के तीसरे दिन पूर्ण कर ली गई। शहर में व ग्रामीण क्षेत्रों में देवी गीत गुजाएंमान हो रहे है और माता के जयकारे लग रहे है। श्रृद्धा के साथ श्रृद्धालु व्रत रखे हुए है। जिनकी जैसी आस्था नंगे पैर रहना, फलाहार से उपवास निर्जला उपवास, फलो से उपवास, तरल पेय पीकर उपवास, वैसे माता के प्रति अपनी सेवा भावना भक्त दिखा रहे है। कुछ जगहों पर देवी के विभिन्न आयोजन चल रहे है। शाम 5 बजे के बाद से सभी जगह माता की आरती की तैयारियां शुरू होने लगती है। लगभग 7 बजे से सभी पंडालों व देवी मंदिरों में आरतियां प्रारंभ हो जाती है।
भक्त पहुंचने लगे दर्शन को
स्थापना के तीसरे दिवस भक्तगण पंडालों में स्थापित मॉं के दर्शन को पहुंचने लगे है। नवरात्र के तीसरे दिन दोपहर बाद ही ग्रामीण क्षेत्रों से लोग देवी दर्शन के लिए पहुंच मॉं का आशीर्वाद लिया। इसी तरह रात्रि को ही सड़कों में शहर के भक्तों की बड़ी संख्या देवी दर्शन के लिए दिखाई दी। आकर्षक साज सज्जा इस बार देवी पंडालों में की गई है जो भक्तों को लुभा रही है। कृषि उपज मंडी परिसर में स्थापित दुर्गा जी की प्रतिमा आकर्षण का केन्द्र है। जिसे देखने भक्तों की संख्या अब बढ़ जाएगी। रात्रि में इस पंडाल में भीड़ देखी गई। आज होगी मॉं कुष्मांडा की आराधना
नवरात्रि के चौथे दिन माता कुष्मांडा की पूजा की जाती है। माता अपनी मंद हल्की हंसी के द्वारा ब्रम्हांड को उत्पन्न करने के कारण इन्हें कुष्मांडा कहा जाता है। वेदों में है जब सृष्टि नहीं थी। चारों तरफ अंधकार था तब देवी ने अपनी हंसी से ब्रम्हांड की रचना की और ये आदि स्वरूपा आदि शक्ति कहलाई। देवी की आठ भुजाएं है। इनके हाथों में कमंडल, धनुष बाण, कमल पुष्प, अमृत पूर्ण कलश, चक्र गदा सुशोभित है। आठवें हाथ में सभी सिद्धियों निधियों को देने वाली जप माला है। माता सिंह पर विराजमान है। जिन्हें भूरे कुम्हड़े की बलि पंसद है। तभी तो ये कुष्मांडा है। देेवी का वास सूर्य मंडल के भीतर लोक में है। सूर्य लोक में रहने की शक्ति व क्षमता इन्हीं में है। इनके शरीर की कांति प्रभा सूर्य की भांति दिव्यमान है। माता के तेज से दसों दिशाएं अलौकिक है। ब्रम्हांड की सभी वस्तुओं व प्राणियों में माता का वास है।
हवन-पूजन के लिए रखे 4 कछुए बरामद, 10 गिरफ्तार
मंडला में पुलिस-वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 4 दुर्लभ कछुए मिले
वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बिछिया दानीटोला रोड स्थित एक मकान से 4 दुर्लभ कछुओं को बचाया है। इस दौरान 10 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, जो अवैध रूप से इन कछुओं को हवन-पूजन के लिए रखे हुए थे। एसडीओपी बिछिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिछिया सहित पुलिस बल और फॉरेस्ट विभाग की टीम ने मकान में छापा मारा। तलाशी के दौरान दो थैलों से कुल 4 दुर्लभ कछुए बरामद किए गए।
इस मामले में फॉरेस्ट विभाग ने वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शंभू सोनी, रामेश्वर तिवारी, सुरेंद्र बर्मन, संपत कुशवाहा, राज बर्मन, दिनेश बंजारा, मुरली बंजारा, रामकुमार इनवाती, दिनेश यादव और झल्लूलाल रजक शामिल रहे। आरोपियों को पकडऩे में थाना प्रभारी निरीक्षक भीष्म तिवारी, उप निरीक्षक प्रवीण मालवीय और अन्य पुलिस स्टाफ के साथ फॉरेस्ट विभाग से रेंजर अविनाश जैन और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्राचार्य के बयान पर गरमाया महाविद्यालय
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने किया पुतला दहन और तालाबंदी
अभाविप ने नैनपुर कॉलेज प्राचार्य को हटाने की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के नैनपुर स्थित शासकीय स्नातक महाविद्यालय में बुधवार को उस समय भारी हंगामा हो गया, जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्राचार्य जीसी मेश्राम के धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले कथित बयान के विरोध में कॉलेज में तालाबंदी कर दी और उनका पुतला दहन किया। यह विरोध प्रदर्शन प्राचार्य द्वारा नवरात्रि गरबा महोत्सव की अनुमति न देने के कारण शुरू हुआ।
जानकारी अनुसार राष्ट्रीय कला मंच द्वारा पिछले कुछ वर्षों से नवरात्रि के अवसर पर गरबा महोत्सव का आयोजन किया जाता रहा है। इस वर्ष भी जब छात्र-छात्राएं गरबा आयोजन की अनुमति लेने प्राचार्य के पास पहुँचे, तो प्राचार्य मेश्राम ने कथित तौर पर कहा कि मैं पूजन नहीं करता, मेरी भगवान में आस्था नहीं है, मैं भगवान को नहीं मानता। इस बयान से छात्रों की धार्मिक भावनाएँ आहत हुईं और उनमें भारी आक्रोश फैल गया।
अभाविप के नगर मंत्री रविंद्र यादव ने बताया कि प्राचार्य के इस बयान से छात्रों के मन में गहरा आघात लगा है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले भी विद्यार्थी परिषद ने महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा था, लेकिन प्राचार्य छात्रों के हितों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे उनका भविष्य खतरे में है।
इस घटना के बाद अभाविप के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने एकजुट होकर कॉलेज परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने प्राचार्य का पुतला दहन किया और महाविद्यालय के गेट पर तालाबंदी कर दी। विद्यार्थी परिषद की मुख्य मांग है कि प्राचार्य जी.सी. मेश्राम को तत्काल उनके पद से हटाया जाए। अभाविप ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी यह मांग जल्द पूरी नहीं की जाती है, तो वे आगामी समय में चरणबद्ध तरीके से और भी उग्र प्रदर्शन करेंगे। इस घटना से कॉलेज प्रशासन और छात्रों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।
बोरिया में बिराजी मां दुर्गा, 29 सितंबर को देवी जागरण
प्रसिद्ध भजन गायिका पूजा गोल्हानी देंगी प्रस्तुति
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम बोरिया की पावन धरा पर इन दिनों नवरात्रि का उल्लास छाया हुआ है। माँ दुर्गा अपने दिव्य स्वरूप में बिराजमान हैं, जिससे श्रद्धालुओं के मन में आस्था की ज्योति प्रज्वलित हो उठी है। ढोल-नगाड़ों और देवी गीतों की मंगलमय गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। भक्तगण माँ के दरबार में दीप प्रज्वलित कर सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। सिंह पर आरूढ़ माँ शत्रुनाशिनी, करुणामयी और कल्याणकारी शक्ति का प्रतीक हैं। पूरे ग्राम बोरिया में जय माता दी की गूंज सुनाई दे रही है।
बताया गया कि नवरात्रि महोत्सव के अवसर पर सुभाष नवयुवक मंडल दुर्गात्सव समिति बोरिया द्वारा एक आयोजन किया जा रहा है। समिति प्रांगण में सोमवार 29 सितंबर को रात्रि 8 बजे से विशाल जागरण एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायिका पूजा गोल्हानी अपनी मधुर आवाज में प्रस्तुति देंगी। भजन संध्या का विशेष आकर्षण उनके लोकप्रिय भजन गोल्हानी मेरे भारत का बच्चा-बच्चा और शारदा मैया तेरो झूलना होंगे, जो श्रद्धालुओं को भावविभोर कर देंगे। आयोजक मंडल ने समस्त क्षेत्रवासियों और भक्तगणों से सपरिवार इस धार्मिक आयोजन में आकर माँ जगदम्बा का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।
चोरी की बाइक के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
मनेरी पुलिस की कार्रवाई, आरोपी को न्यायालय में किया पेश
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मनेरी पुलिस चौकी ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त की गई बाईक की कीमत लगभग 75 हजार रुपये बताई जा रही है। बताया गया कि मनेरी चौकी में दर्ज एक चोरी के मामले की जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूत्रों से जानकारी मिली। इस सूचना के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की गई।
पुलिस की पूछताछ के दौरान संदिग्ध ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 जेडक्यू 1880 बरामद की। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय भागचंद उरेती के रूप में हुई है, जो ग्राम करही का निवासी है। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप पाण्डेय, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक शशांक शुक्ला, प्रधान आरक्षक अभिषेक मिश्रा, आरक्षक आनंद कोरी, मुकेश शान्डिल्य, सूर्यचंद्र बघेल और सैनिक योगेश पटेल की अहम भूमिका रही।
शराब बेचने-पीने वालों पर लगेगा 25 हजार का जुर्माना
शराब का पता बताने वाले को मिलेगा पांच हजार का इनाम
ग्रामीणों ने लिया नशा मुक्त गांव बनाने का संकल्प
ग्राम सकरी और खैरी रैयत में नशा मुक्ति अभियान
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के विकासखंड मोहगांव अंतर्गत ग्राम पंचायत कौआडोंगरी के पोषक ग्राम सकरी और खैरी रैयत में नशा मुक्ति अभियान के तहत ग्रामीणों ने विशाल रैली का आयोजन किया। गांव को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली में गांव की महिलाएं, पुरुष और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली में ग्राम पंचायत सरपंच हरदयाल भवेदी भी शामिल थे। रैली के बाद बैठक आयोजित की गई, जिसमें नशाखोरी को खत्म करने के लिए कठोर निर्णय लिए गए। बैठक में यह तय किया गया कि गांव में शराब बनाने या पीने वाले व्यक्ति से 25 हजार का जुर्माना वसूला जाएगा। इसके साथ ही शराब बनाने या पीने वाले का पता बताने वाले व्यक्ति को पांच हजार का नकद इनाम दिया जाएगा।
बताया गया कि आयोजित बैठक में सभी ग्रामवासियों ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे अपने गांव को पूरी तरह नशा मुक्त बनाएंगे। ग्रामीणों का मानना है कि नशा एक सामाजिक बुराई है, जो परिवारों को बर्बाद कर देती है और गांव के विकास में बाधा बनती है। इस पहल के माध्यम से वे एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण करना चाहते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ जुर्माना लगाना नहीं, बल्कि लोगों को नशा छोडऩे के लिए प्रेरित करना है। यह अभियान न केवल गांव में शांति और सद्भाव स्थापित करेगा, बल्कि युवाओं को भी एक बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढऩे में मदद करेगा। इस तरह की पहल से उम्मीद है कि अन्य गांव भी इससे प्रेरणा लेंगे और अपने-अपने क्षेत्रों में इसी तरह के अभियान चलाकर नशा मुक्त समाज का निर्माण करेंगे।
शिव महापुराण में महाकाल की कथा सुन भावुक हुए भक्त
बबलिया में शिव महापुराण का आयोजन
महाकाल की भक्ति में झूमे श्रोता
मंडला महावीर न्यूज 29.सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति बबलिया द्वारा बबलिया क्षेत्र में भव्य शिव महापुराण का आयोजन किया जा रहा है। कथा के पहले दिन ही पंडित लक्ष्मीकांत महाकाल सेवक उज्जैन वाले के मुखारविंद से संगीतमय कथा सुनकर श्रोतागण भगवान महाकाल की भक्ति में झूम उठे। कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए।
पंडित लक्ष्मीकांत महाकाल सेवक ने अपने प्रवचनों में कहा कि शिव महापुराण की कथा सुनने से न केवल व्यक्ति को सांसारिक दुखों से मुक्ति मिलती है, बल्कि पितरों को भी शांति प्राप्त होती है। उनके प्रेरणादायक और संगीत से भरपूर कथावाचन ने सभी श्रोताओं को भक्ति भाव से सराबोर कर दिया।
सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति ने सभी धर्म प्रेमियों से अपील की है कि वे निरंतर कथा स्थल पर पहुंचकर धर्म लाभ उठाएं। समिति ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विचारों में शुद्धता आती है और धर्म के मार्ग पर चलकर हम अपने ग्राम का नाम रोशन कर सकते हैं। यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल को और भी मजबूत बना रहा है।
दस महा विद्याओं का एक रूप है माता छिन्नमस्ता
ग्राम दिवारा में है माता का दरबार, भक्तों की होती है मुरादें पूरी
मंडला महावीर न्यूज 29.मुख्यालय से करीब 15 किलो मीटर की दूरी पर ग्राम दिवारा में महाविद्या का रूप छिन्नमस्ता का मंदिर है। ग्राम के दस्तावेजों के अनुसार लगभग 1700 ईसवीं में बिहार से निजाम शाह मंडला आए तो उनके साथ पिण्डी ग्राम के तिवारी भी आए। जिन्होंने माता की मूर्ति को बिहार शक्ति पीठ से साथ लेकर मंडला के ग्राम दिवारा पहुंचकर यहां स्थापित किया। उन तिवारियों को मंडला में ज्योतिषी की उपाधि दी गई।
माता का रूप अद्वितीय है। जिनका मस्तष्क कटा हुआ है जो स्वयं के हाथ पर है। माता के आजू बाजू उनकी सेविका जया, विजिया है। धड़ से जो तीन खून की धार निकल रही है। दो धार जया, विजिया के मुख में और एक धार माता के मुख में जा रही है। माता रति व काम देव के ऊपर खड़ी है। बताया गया कि माता का यह रूप अपनी सेविका की तृष्णा मिटाने के लिए उन्हें अपना रक्तपान कराया। माता साधकों की साधना व तंत्र विद्या में महारथ देती है।
यहां स्थानीय बुजूर्गो ने बताया कि पूर्व में यहां बलि का विधान था। उस समय माता के सेवक भड़ीश्वर महाराज व खड़ेश्वर दत्त प्रखंड तांत्रिक थे। उनके बाद 1960 से यहां बलि प्रथा माता की आज्ञा अनुसार बंद कर दी गई। मंदिर में दूर दूर से लोग अपनी मनोकामनाएं लेकर आते है। ऐसे हजारों लोग है जिनके कार्य माता की इच्छा से ही पूरे हुए है। आज भी जो श्रृद्धालु यहां सच्चे हद्य से प्रार्थना, वंदना करता है, उसके कार्य सफलता पूर्वक होते है।
पंडित जगदीश ज्योतिषी ने बताया कि छिन्नमस्ता माता का मंदिर बिहार में शक्तिपीठ के रूप में है और दूसरा मंदिर दिवारा में है। स्थापना के विषय में बताया गया कि जिस गांव में उत्तर दिशा में होली जलती है या दक्षिण दिशा में शमशान होता है और दो नदियों के मिलने से बीच की जगह त्रिभुजा आकार का योनि मंडल बनता है। वहीं माता की स्थापना का विधान है। यह सब योग जिले के ग्राम दिवारा में मिले। जिसके बाद यहां माता छिन्नमस्ता की स्थापना की गई। बताया गया कि चैत्र की नवरात्रि में यहां जवारे बोए जाते है व कलश रखे जाते है। पूरे वर्ष भर सुबह शाम की आरती में पूरा गांव एकत्र होता है। माता के आशीर्वाद से गांव में आज तक किसी भी प्रकार की विपत्ति नहीं आई।
इनका कहना है
दस महा विद्याओं में देवी छिन्नमस्ता का अपना एक प्रमुख स्थान है। कबन्ध शिव की महाशक्ति छिन्नमस्ता है। सृष्टि का मूल यज्ञ-पाक हविर्यज्ञ, महायज्ञ, अतियज्ञ, शिरोयज्ञ पांच भागों में विभक्त है। स्मार्तयज्ञ, पाक यज्ञ है, इसी को गृहयज्ञ, एकाग्रि यज्ञ भी कहते है। भूतयज्ञ, मनुष्य यज्ञ, पितृ यज्ञ, देवयज्ञ और ब्रहयज्ञ यह पांच महा यज्ञ होते है। छिन्नमस्ता माता महामाया बनकर संसार की सृष्टि करती है। भुवनेश्वरी बनकर पालन करती है, वे ही शिरोयज्ञ के अभाव में छिन्नमस्ता बनकर अंत समय में संहार भी करती है।
आचार्य संतोष महाराज,हिरदेनगर
छिन्नमस्ता माता की पूजा, उपासना विशेष रूप से की जाती है। इनकी पूजा और उपासना से दरिद्रता का नाश होता है, संतान प्राप्त होती है, वाचन शक्ति बढ़ती है, लेखन सिद्धि के लिये, वक्य सिद्धि के लिये इनकी पूजा आराधना करके माता को प्रसन्न कर मनवांछित फल की प्राप्ति होती है।
पंडित जगदीश ज्योतिषी,ग्राम दिवारा
वीरांगना क्षत्राणी गरबा में पहली बार तलवारों के साथ गरबा प्रशिक्षण
नारी शक्ति का प्रतीक, मंडला में आयोजित हो रहा है वीरांगना क्षत्राणी गरबा
मंडला महावीर न्यूज 29.नारी शक्ति और शौर्य का प्रतीक वीरांगना क्षत्राणी गरबा का आयोजन मंडला में पहली बार होने जा रहा है। इस अनोखे आयोजन में महिलाएं पारंपरिक गरबा को तलवारों और शस्त्रों के साथ करना सीखेंगी। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम न सिर्फ गरबा कला को एक नया आयाम देगा, बल्कि महिलाओं को आत्मरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति भी प्रेरित करेगा। गरबा प्रशिक्षण 24 से 30 सितंबर तक दिया जाएगा। इसके बाद 01 अक्टूबर को एक भव्य शस्त्र पूजन एवं प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। प्रशिक्षण दो सत्रों में होगा, जिसमें पहला सत्र सुबह 6 बजे से 8 बजे तक और दूसरा सत्र शाम 5 बजे से 8 बजे तक।
काशी विश्वनाथ वैदिक गुरूकुल जिलहरी घाट के आचार्य भीमदेव आर्य ने बताया कि यह प्रशिक्षण मंडला के जेल ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा, जबकि प्रदर्शन युवा परिवार परिसर जेल ग्राउंड के समीप होगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाना है। प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण शुल्क 300 रखा गया है।
इस कार्यक्रम के प्रशिक्षक दिल्ली से आए आचार्य अभिलाषा और आचार्य सत्यम हैं। इस आयोजन को सफल बनाने में युवम परिवार एवं समस्त मातृशक्ति मंडला का विशेष योगदान है। इस अनोखे आयोजन से उम्मीद है कि यह महिलाओं में साहस और आत्मविश्वास की भावना को और भी प्रबल करेगा।
गौ रक्षक दल का सराहनीय प्रयास, बेसहारा पशुओं को मिल रही नई जिंदगी
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवारा पशुओं के गले में बांध रहे रेडियम बेल्ट
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले की सड़कों पर आवारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गौ रक्षक दल के युवाओं का एक समूह ने सराहनीय पहल की है। यह दल रात के समय सड़कों पर घूम-घूमकर बेसहारा पशुओं के गले में रेडियम बेल्ट बांध रहा है, जिससे रात में वाहनों की रोशनी पडऩे पर वे दूर से ही दिखाई दे सकें।
बताया गया कि रात्रि में होने वाले सड़क हादसे बेहद गंभीर हो होते है, जब अंधेरे में पशु दिखाई नहीं देते, जिससे बड़े हादसे होते हैं। कई बार इन हादसों में लोगों की जान चली जाती है, और पशु भी गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं। इसके साथ ही दूध न देने वाले पशुओं को सड़कों पर छोडऩे की बढ़ती प्रवृत्ति ने इस समस्या को और भी गहरा दिया है।
गौ रक्षक दल के सदस्यों ने बताया कि उनका उद्देश्य सिर्फ जनसेवा नहीं, बल्कि पशु सेवा भी है। अब तक वे एक हजार से ज्यादा पशुओं को रेडियम बेल्ट पहना चुके हैं। इस पहल से दुर्घटनाओं की संभावना काफी हद तक कम हो गई है। यह दल लोगों को अपने पशुओं को सड़कों पर न छोडऩे के लिए भी लगातार जागरूक कर रहा है।
GIVE BLOOD – GIVE HOPE: TOGETHER WE SAVE LIVES
खून दो, आशा दो अभियान
सीआरपीएफ जवानों ने 25 यूनिट रक्त किया दान
148वीं बटालियन सीआरपीएफ के जवानों ने रक्तदान कर दिया समाजसेवा का संदेश
मंडला महावीर न्यूज 29.राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर 148वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा वाहिनी मुख्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणि के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य रक्तदान करें, आशा दें, साथ मिलकर हम जीवन बचाते हैं का संदेश दिया।
इस शिविर में अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और निर्धारित लक्ष्य के अनुसार 25 यूनिट रक्त जिला अस्पताल मंडला के ब्लड बैंक को दान किया। इस अवसर पर उप कमांडेंट अमरी प्रसाद, उप कमांडेंट मनोरंजन कुमार, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. भाग्यलक्ष्मी एस, आरएमओ डॉ. प्रवीण उइके, बटालियन के अन्य अधिकारी, जवान और जिला अस्पताल की टीम मौजूद थी।
कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणि ने सभी रक्तदाताओं को सम्मानित करने की घोषणा करते हुए कहा कि सीआरपीएफ के जवान हमेशा आपातकालीन स्थितियों और दुर्लभ रक्त समूहों की आवश्यकता होने पर समाज की भलाई के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने जवानों के इस प्रयास की सराहना की और इसे समाजसेवा का एक उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले 36 वाहनों की जांच
मंडला में आरटीओ का सघन चेकिंग अभियान, 12 बसों से वसूला 11 हजार 500 का जुर्माना
मंडला महावीर न्यूज 29.परिवहन आयुक्त और कलेक्टर के आदेशानुसार जिला परिवहन अधिकारी विमलेश कुमार गुप्ता ने सोमवार को नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया । यह अभियान मंडला-घंसौर और मंडला-नैनपुर मार्गों पर चलाया गया। चेकिंग के दौरान कुल 36 वाहनों की जांच की गई, जिसमें उनके फिटनेस, परमिट, बीमा, पीयूसी (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र), अग्निशमन यंत्र, फस्र्ट एड बॉक्स, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस, स्पीड लिमिटिंग डिवाइस, रेडियम, ओवरलोडिंग और अधिक किराया लेने जैसे पहलुओं की जांच की गई ।
इस कार्रवाई में मोटरयान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत 12 बसों पर 11 हजार 500 का समन शुल्क वसूला गया । इस अभियान में परिवहन कार्यालय मंडला के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे । जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
पैगंबर मुहम्मद सल्ल. के जीवन से सीख लेकर करें शिक्षा और समाज सुधार
जामिआ इस्लामियात के कामयाब छात्रों को पुरस्कार वितरित
जमात ए इस्लामी हिंद द्वारा आयोजित कार्यक्रम में समाज सुधार और शिक्षा के महत्व पर दिया जोर
मंडला महावीर न्यूज 29. सीरत-उन-नबी खिताब-ए-आम व जामिआ इस्लामियात इनआमात तकसीम कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षा और समाज सुधार के महत्व पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जमात ए इस्लामी हिंद मध्य प्रदेश के मुआविन अमीर ए हल्का, इम्तियाज अहमद साहब रहे। जिन्होंने पैगंबर मुहम्मद सल्ल. की जीवनी पर एक प्रभावशाली भाषण दिया। उन्होंने अपनी तकरीर में पैगंबर मुहम्मद सल्ल. के जीवन से सीख लेकर उम्मत-ए-मुस्लिम की वर्तमान जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला और समाज में सुधार लाने के प्रयासों को मजबूत करने पर जोर दिया। इम्तियाज अहमद साहब ने पैगंबर मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की शिक्षाओं और उनके जीवन के कई वाकयों के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत उजैर अंसारी ने कुरान की तिलावत से की। एजाज खान ने इल्म की अहमियत पर बात की, जबकि जिया और सारा ने तराना पेश किया। इसके बाद निदा परवीन ने जामिआ इस्लामियात इम्तिहान के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं को सम्मानित किया गया, जिनमें अलीजा लियाकत मलिक, रशीदा फरहत, अर्श खान, नगमा बानो, अलफी नाज, और गाजिया बानो जैसे छात्र शामिल थे, जिन्होंने अपनी-अपनी श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
पुरस्कार वितरण के बाद एसआईओ मध्यप्रदेश ईस्ट के जोनल सेक्रेटरी दानिश बेग ने समापन भाषण दिया। कार्यक्रम में नाजिम-ए-इलाका, जावेद अख्तर, अमीर-ए-मकामी, हाफिज मोईन अंसारी सहित अन्य पदाधिकारी, वरिष्ठ नागरिक और युवा उपस्थित रहे। सभी ने सफल छात्रों की हौसला-अफजाई की। कार्यक्रम का संचालन एसआईओ के प्रेसिडेंट शायान तनवीर ने किया और अंत में जमात ए इस्लामी हिंद की नाजिमा, शोबा-ए-ख्वातीन फरहाना खातून ने दुआ के साथ कार्यक्रम का समापन किया।
सेवा पखवाड़ा-मंडला पुलिस ने चलाया स्वच्छता और पौधारोपण अभियान
एक पेड़ माँ के नाम पहल के तहत जवानों ने लिया हरियाली का संकल्प, पुलिस लाइन में हुई सफाई
मंडला महावीर न्यूज 29.भारत सरकार और मध्य प्रदेश शासन के आह्वान पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे सेवा पखवाड़ा के तहत मंडला पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के नेतृत्व में रक्षित केंद्र पुलिस लाइन परिसर में स्वच्छता और पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा, एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन मौजूद रहे।
एक पेड़ माँ के नाम
अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक समेत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक पेड़ माँ के नाम पहल के तहत पौधे लगाए। सभी ने इन पौधों की देखभाल करने का संकल्प भी लिया।
स्वच्छता अभियान
पौधारोपण के साथ-साथ रक्षित केंद्र स्थित कार्यालय, बैरक, आवासीय परिसर और पार्कों में बड़े पैमाने पर सफाई अभियान भी चलाया गया। पुलिस विभाग ने बताया कि यह सफाई अभियान लगातार जारी रहेगा, जिसका उद्देश्य स्वच्छ मंडला, स्वस्थ मंडला के लक्ष्य को साकार करना है।
विद्यार्थियों ने जाना तकनीकी शिक्षा और रोजगार का महत्व
शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, बबलिया के छात्रों ने किया आईटीआई का भ्रमण
मंडला महावीर न्यूज 29.शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बबलिया के कक्षा 9वीं से 12वीं के छात्रों के लिए आईटीआई मंडला और निवास में एक औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा के महत्व से परिचित कराना और उन्हें यह दिखाना था कि उनकी पढ़ाई का व्यावहारिक उपयोग उद्योगों में कैसे होता है।
भ्रमण के दौरान आईटीआई के प्राचार्य वर्कडे ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विभिन्न ट्रेडों के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि तकनीकी शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का एक सशक्त माध्यम है।
विद्यार्थियों ने आईटीआई में विभिन्न ट्रेड, आधुनिक मशीनों और प्रशिक्षण की कार्यप्रणाली को करीब से देखा। उन्हें प्लंबिंग, आईटी, आईटीईएस, इलेक्ट्रिकल, फिटिंग जैसे पाठ्यक्रमों के व्यावहारिक ज्ञान और उनके औद्योगिक अनुप्रयोगों के बारे में जानकारी दी गई। इस अनुभव ने छात्रों में पढ़ाई के प्रति उत्साह और जिज्ञासा बढ़ाई।
औद्योगिक भ्रमण स्कूल के प्राचार्य डीके सिंगौर और वरिष्ठ शिक्षक पीआर गौठरिया के मार्गदर्शन में शिक्षक डीके मरावी के नेतृत्व में व अन्य शिक्षकों और प्रशिक्षकों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। आईटीआई के प्राचार्यों और प्रशिक्षकों ने इस पहल में पूर्ण सहयोग दिया।
स्वच्छता उत्सव- नर्सिंग छात्रों ने जैविक अपशिष्ट प्रबंधन पर किया नुक्कड़ नाटक
सेवा पखवाड़े अंतर्गत हुई विभिन्न प्रतियोगिताएं, पोस्टर के माध्यम से दिया स्वच्छता संदेश
मंडला महावीर न्यूज 29.सेवा पखवाड़े में चल रहे स्वच्छता उत्सव के अंतर्गत मंडला जिला चिकित्सालय में सरदार पटेल स्कूल ऑफ नर्सिंग के छात्रों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की। कार्यक्रम की मुख्य थीम अस्पतालों में जैविक अपशिष्ट के संभावित दुष्प्रभाव और सुरक्षित प्रबंधन के सिद्धांत थी। कार्यक्रम की शुरुआत नर्सिंग स्टूडेंट्स ने स्वच्छता पखवाड़े की गतिविधियां और स्वच्छता के महत्व के लिए जागरूक करने जागरूकता रैली निकाली।
आयोजित कार्यक्रम में छात्रों ने इसी थीम पर आधारित नुक्कड़ नाटक, पोस्टर और रंगोली प्रतियोगिता में अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से उन्होंने अस्पतालों में जैविक अपशिष्ट के सही प्रबंधन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. विजय सिंह धुर्वे, आरएमओ डॉ. प्रवीण उईके, क्वालिटी नोडल डॉ. रितेश अग्रवाल, और क्वालिटी मेंटर शरद मेश्राम ने छात्रों और मरीजों के परिजनों को स्वच्छता के महत्व, गीले और सूखे कचरे के सही पृथक्करण, और जैव अपशिष्ट प्रबंधन के सिद्धांतों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सहायक प्रबंधक अजय सिंह सैयाम ने छात्रों से अपने परिवार, समाज और आसपास के लोगों को सफाई के प्रति जागरूक करने और संक्रमण मुक्त वातावरण बनाए रखने का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिताओं के विजेता स्टूडेंट्स को स्वास्थ्य विभाग द्वारा सम्मानित किया गया। इस आयोजन में सिविल सर्जन डॉ. विजय सिंह धुर्वे, डॉ. प्रवीण उईके, डॉ. रितेश अग्रवाल, अजय सिंह सैयाम, शरद मेश्राम, रजनीश तिवारी, प्रकाश, प्रवीण सिंगरहा, युगल पटेल सहित कई चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और नर्सिंग स्टूडेंट्स उपस्थित रहे।
वन ग्राम को राजस्व ग्राम में परिवर्तित करने की चर्चा
वन ग्राम सिमरिया में वन सुरक्षा समिति की बैठक
सेवा पर्व के तहत सदस्यों ने किया वृक्षारोपण
गांव को विकास की मुख्य धारा से जोडऩे की पहल
मंडला महावीर न्यूज 29.वन ग्राम सिमरिया (रामपुर) में वन सुरक्षा समिति रामपुर की मासिक बैठक सामुदायिक भवन में ग्राम पंचायत बंजी के सरपंच ओमकार पंद्रो की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य वन ग्राम को राजस्व ग्राम में परिवर्तित करने की प्रक्रिया पर चर्चा करना और ग्रामीणों को इसकी जानकारी देना था।
बैठक में उपस्थित वन ग्राम वासियों को बताया गया कि यह परिवर्तन उनके लिए किस तरह फायदेमंद होगा। सभी ग्रामीणों को इस प्रक्रिया में सहयोग करने और अपने परिवारों की सही-सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया। वन सुरक्षा समिति के सदस्यों ने इस बदलाव को गांव के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
वृक्षारोपण से दिया हरियाली का संदेश
सेवा पर्व के अवसर पर, बैठक में शामिल सदस्यों ने परिसर में वृक्षारोपण भी किया। यह पहल पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई। सदस्यों ने पेड़ों की देखभाल करने का भी संकल्प लिया।
गांव के विकास का लिया संकल्प
बैठक में बालसिंह ठाकुर (वन रक्षक), देवकुमार मसराम, सिंगराम मरावी, श्यामकुमार तेकाम, बुद्धसिंह धुर्वे, फगुलाल मसराम, लखन मरावी, चंदर मरावी, महासिंह मरकाम, अशोक कुडापे, हरिदास कोटवार, इंदर तेकाम, राजेंद्र धुर्वे, प्रकाश धुर्वे, गजरूप कुडापे, रमलू धुर्वे, सुकलसिंग मसराम, भागीरथ मार्को, कमल धुर्वे, रामदीन धुर्वे और किंचु विश्वकर्मा सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने मिलकर गांव के विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
नवरात्र का दूसरा दिन
भक्त कर रहे शक्ति की आराधना
आज होगी मॉं के तीसरे रूप माता चंद्रघंटा की आराधना
मंडला महावीर न्यूज 29. शारदेय नवरात्र के दूसरे दिन माता ब्रम्ह्यचारिणी की पूजा अर्चना की गई। पंडालों में स्थापित प्रतिमाओं के सामने माता ब्रम्ह्यचारिणी का आह्वान किया गया और माता को समस्त श्रृंगार अर्पित कर दुर्गा सप्तसती के पाठ किए गए। वहीं शहर के समस्त माता के मंदिरों में सुबह 4 बजे से ही जल ढारने कतार लगी रही। यह क्रम लगभग सुबह 8 बजे तक चलता रहा। पंडालों में आकर्षक साज सज्जा को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं शहर के कुछ पंडालों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूप रेखा को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिरों व देवी पंडालों में मंडली के द्वारा जस के आयोजन शुरू हो गए है।
नगर के प्रमुख मंदिरों में कलश जवारे रखे गए है। सुबह 8 बजे माता की आरती पूजा के बाद भक्तों को प्रसाद वितरण के कार्यक्रम भी आयोजित हो रहे है। वहीं शाम की आरती की तैयारियां पूरे जोर शोर से पंडालों में व मंदिरों में हो रही है। शाम की आरती मंदिर पंडालों में भाव के खेलने के साथ भी आयोजित हो रहे है। कुछ पंडालों में नवरात्र के दूसरे दिन भी मूर्ति स्थापना का कार्यक्रम चलता रहा।
आज की जाएगी चंद्रघंटा माता की आराधना
आज शक्ति स्वरूपा व करूणा रूपा मॉं चंद्रघंटा माता की पूजा की जाएगी जो शक्ति का तीसरा रूप है। यह रूप परमशांति दायक व कल्याण करने वाला है। पवित्र मन से माता की आराधना करने से इस लोक से लेकर परलोक तक सुधरता है जो कि सद्गति देने वाला माता का स्वरूप है। देवी के मस्तक पर आधे घंटा के आकार का चंद्र है जो सोने के रंग जैसी चमकीला स्वरूप है। जिनकी 10 भुजाएं खडग़ के साथ अन्य अस्त्र शस्त्रों के साथ विभूषित है। सिंह पर सवारी कर देवी की मुद्रा युे के लिए तैयार है। इनके घंटे सी भयानक ध्वनि से अत्याचारी दानव, दैत्य राबस कांपते है। माता चंद्रघंटा की साधना से आलौकिक वस्तुओं के दर्शन होते है। दिव्य सुंगधियों का अनुभव होता है। कई तरह की ध्वनियां इनके साधक को सावधान रखती है। देवी की आराधना साधक में वीरता, निर्भयता, सौम्यता, विन्रमता का विकास करती है। इनकी आराधना मन वचन, कर्म के साथ ही काया को विहीन विधि विधान के अनुसार परिशुे पवित्र करके मॉं के शरणागत होना चाहिए।
फल भेंट करने से होती है भक्तों की मुराद पूरी
माता शताक्षी के दरबार में फल भेंट करने से होती मुराद पूरी
घुघरी से पांच किमी दूर किसान टोला की टेकरी में है माता का स्थान
लमनी बाई कर रही माता की सेवा
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले में ऐतिहासिक धरोहर, प्राचीन मंदिर समेत अन्य धरोहरे है। जिनकी ख्याति दूर-दूर तक फैली हुई है। प्राचीन धरोहरों में जिले के कई क्षेत्रों में प्राचीन मंदिर भी है। जिनका महत्व भी बहुत है। ऐसा ही एक प्राचीन मंदिर भक्तों की आस्था का केन्द्र है। यह प्राचीन मंदिर जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर विकासखंड घुघरी के समीप पांडकला पंचायत के पोषक ग्राम सैलवारा के किसान टोला में शताक्षी (नकचुन्ना) माता का मंदिर है। यह स्थान लोगों का आस्था का केंद्र है। दोनों नवरात्र में माता रानी की आराधना भक्त करते है।
जानकारी अनुसार विकासखंड घुघरी महत पांच किमी दूर पोषक ग्राम सैलवारा के किसान टोला की टेकरी में विराजित मां शताक्षी का बहुत ही सुंदर अद्भुत मंदिर है। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि यह स्थान करीब 500 वर्ष से भी अधिक पुराना है। बताया गया कि पहले यहां पर एक छोटा सा चबूतरे में पत्थर की मूर्ति विराजमान थी। जिस पर लोगों की आस्था माता नकचुन्ना देवी पर बढ़ती गई और लोगों की आस्था केन्द्र बन गया। घुघरी निवासी शिक्षक खिलेश्वर बाबा ने बताया कि हमारे बुजूर्ग बताते है कि नकचुन्ना दरबार में मांगी गई हर मुराद पूरी होती है। यहां धार्मिक आयोजन समय-समय पर होते है।
आंवला नवमी में होते हैं आयोजन
बताया गया कि नकचुन्ना दरबार में आंवला नवमी के पर्व पर मेला का आयोजन किया जाता है। दरबार के प्रति आस्था के कारण यहां लोग दूर-दूर से आते है और माता को प्रसाद का चढ़ावा चढ़ाते है। यहां आने वाले लोग मेले से ली हुई सामग्री को पहले माता के दरबार में चढ़ाते है, इसके बाद उस सामग्री को अपने साथ घर ले जाते है। इस मेले में की पहचान गन्ने से है। मेले में आने वाला हर व्यक्ति गन्ना की भेेट माता को चढ़ाकर अपने साथ ले जाता है। यहां हर किसी की मुराद माता के दर्शन मात्र से पूरी होती है।
चढ़े हुए नारियल से होती है मन्नते पूरी
माता नकचुन्ना के दरबार में आने वाले भक्त दीप प्रज्जवलित कर फल भेंट करते है। बुजूर्गो का कहना है कि यदि दरबार में माता को फल भेंट करने के बाद किसी भी कार्य को करें तो आपको जरूर सफलता मिलेगी। आने वाले भक्त श्रृद्धानुसार माता को फल, श्रृंगार भेंट कर मुराद मांगते है। माता के भक्तों में क्षेत्र के कई राजनीतिक हस्तियां भी इनका आर्शीवाद लेने आते है। माता के मंदिर के स्थान का निर्माण कराया गया है। इसके साथ मंदिर परिसर के आसपास वृक्षारोपण भी किया गया है।
लमनी बाई है माता की सेविका
बताया गया कि माता शताक्षी (नकचुन्ना) के दरबार में कोई पुरूष पुजारी नहीं बल्कि एक महिला पुजारन है। यहां वर्षो से लमनी बाई द्वारा माता के दरबार की सेवा की जा रही है। इसके पहले इनके पति यहां के पंडा थे। लमनी बाई ने बताया कि हमारी चार पीढ़ी माता के दरबार में सेवा कर रही है। माता के दरबार में डिंडोरी, मंडला, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, छत्तीसगढ़ समेत अन्य क्षेत्र और राज्यों के लोग माता के दरबार में श्रृद्धा भक्ति से आते है और अपनी श्रृद्धानुसार भेंट चढ़ाते है।
इनका कहना है
हमारे बुजूर्गो ने बताया कि यह मंदिर बहुत ही पुराना है यहां आने वाले हर भक्तों की मुराद पूरी होती है। घुघरी का यह स्थान बहुत ही प्रसिद्ध दरबार है। यहां दूर-दूर से लोग दर्शन के लिए आते हैं। यह स्थाना लोगों के लिए आस्था का केन्द्र है। नीरज मरकाम,जनपद सदस्य, घुघरी
यह शताक्षी माता का मंदिर बहुत ही प्रसिद्ध है, हमारे बुजुर्ग बताते हैं कि यहां कोई भी दिक्कत परेशानी हो तो मां के दरबार में जाकर मन्नतें, अर्जी लगाने से सभी बिगड़े कार्य बन जाते हैं और हम लोग तब से लेकर आज तक माता के प्रति आस्था है। रामकली प्रजापतिवरिष्ठ समाजसेवी, घुघरी
हमारे पूर्वज बताते हैं कि शताक्षी माता के दरबार में जो भी श्रद्धा के साथ श्रद्धालु अपनी मन्नतें मांगते हैं, उनकी मुरादें माता रानी पूरा करती हैं, हम लोग बहुत विश्वास और आस्था के साथ मां के दरबार में जाते हैं और अर्जी लगाते हैं। रामप्रकाश साहू,उपाध्यक्ष, जिला भाजपा
नियमों को ताक पर रखकर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का आरोप, मवई की पंचायतों में लाखों का खेल
बिना टेंडर के हुआ काम
कम क्षमता के संयंत्रों का दिखाया अधिक बिल
प्रशासन पर भी उठे सवाल
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत मवई की ग्राम पंचायतों में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के मामले में भारी अनियमितताएं सामने आई हैं। बिना किसी टेंडर प्रक्रिया के मौखिक निर्देशों की आड़ में एक निजी एजेंसी ने 24 से अधिक ग्राम पंचायतों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर दिए, जिससे लाखों रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लग रहा है।
जानकारी अनुसार इन पंचायतों को डोर-टू-डोर संपर्क करके संयंत्र लगाने के लिए मजबूर किया गया। आरोप है कि लगभग डेढ़ लाख रुपये की लागत वाले संयंत्रों का बिल 2.60 लाख रुपये से अधिक दिखाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कम क्षमता के संयंत्र पंचायतों पर थोप दिए गए हैं, और कई स्थानों पर तो काम अधूरा है या संयंत्र चालू भी नहीं हुए हैं। नियमों के अनुसार किसी भी कार्य के लिए ग्राम पंचायत को प्रस्ताव पारित करना और निविदा प्रक्रिया पूरी करना आवश्यक होता है, लेकिन इस मामले में इन सभी नियमों को दरकिनार कर दिया गया। एक ही तरह के पंचायत भवनों पर कहीं दो सोलर प्लेट लगाई गईं तो कहीं सिर्फ एक लगाकर काम पूरा बताया गया।
बताया गया कि इस पूरे खेल में स्थानीय नेताओं से लेकर जनपद स्तर के अधिकारियों तक की मिलीभगत होने की आशंका है। वर्ष 2022 में शासन ने पंचायतों को पांचवें वित्त आयोग की राशि से सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन जनपद मवई में 62 लाख रुपये से अधिक का काम नियमों के विरुद्ध जाकर किया गया है। आश्चर्य की बात यह है कि इतनी बड़ी अनियमितता के बावजूद जिला प्रशासन ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। कुछ पंचायतों ने नियमों का हवाला देकर संयंत्र लगाने से इनकार कर दिया था, लेकिन बाकी जगहों पर सरपंच और सचिवों की मिलीभगत से यह पूरा काम अंजाम दिया गया।
इनका कहना हैं
टीएल की बैठक में कलेक्टर के द्वारा सौर ऊर्जा लगाने के निर्देश दिए गए थे, पंचायतो के द्वारा कहां से किस एजेंसी द्वारा सयंत्र लगाए गए है, इसकी जानकारी नहीं है। एक लिखित शिकायत मिलने के बाद जांच करा ली जाएगी । बी सी टिमहारिया
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मवई, मंडला
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस विशेष
बिछिया के सुदेश ने ढ़ाई एकड़ में बनाया सैकड़ों दुर्लभ औषधीय पौधों का बगीचा
निरोगी काया के लिए अनूठी पहल
मंडला महावीर न्यूज 29आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के भुआ बिछिया निवासी सुदेश नामदेव ने आयुर्वेद को जीवंत रखने के प्रयास में एक अनूठी पहल की है। पेशे से पर्यावरण प्रेमी और आयुर्वेद के जानकार सुदेश ने अपनी निजी ढाई एकड़ जमीन को एक औषधीय वन में बदल दिया है, जहां उन्होंने सैकड़ों दुर्लभ और उपयोगी पौधे उगाए हैं। यह बगीचा सिर्फ एक शौक नहीं, बल्कि निरोगी काया के लिए एक बड़ा प्रयास है। सुदेश ने ऐसे पौधों को संग्रहित और संरक्षित किया है जो दैनिक जीवन में होने वाली सामान्य बीमारियों से लेकर कई जटिल रोगों तक का इलाज करने में सक्षम हैं। उनका मानना है कि प्रकृति ने हमें स्वस्थ रहने के लिए सभी साधन दिए हैं, बस हमें उन्हें पहचानने और इस्तेमाल करने की आवश्यकता है।
सुदेश के ढ़ाई एकड़ में बनाए गए दुर्लभ औषधीय पौधों के बगीचें में कई ऐसे पौधे हैं जिनके औषधीय गुण हैरान कर देने वाले हैं। यहां गुड़मार जैसे पौधे हैं जो शुगर रोग में फायदेमंद हैं, तो पारिजात सायटिका के दर्द से राहत देता है। जहरीले जीव-जंतुओं के विष के लिए नाग दमनी और बवासीर के लिए नागदोन जैसे पौधे मौजूद हैं। विधारा गैंग्रीन के घावों को भरने में मदद करता है, और दहीमन का उपयोग शराब के नशे को कम करने के लिए किया जाता है।
सुदेश ने महिलाओं से संबंधित रोगों के लिए भी महत्वपूर्ण पौधे लगाए हैं, जैसे कि शिवलिंगी, जो गर्भाशय संबंधी समस्याओं और गर्भधारण में सहायक है। इसके साथ ही विजय सार शुगर और पेट रोगों के लिए, केवकन्द जोड़ों के दर्द के लिए और अमलतास पेट की सफाई के लिए उगाए गए हैं। किडनी की पथरी और रक्त स्राव के लिए जंगली प्याज, शरीर के अंदर और बाहर की गांठों के लिए कचनार, और मासिक धर्म व एलर्जी के लिए निर्गुंडी जैसे कई अन्य महत्वपूर्ण पौधे भी इस बगीचे का हिस्सा हैं। सुदेश ने मलेरिया और टाइफाइड के लिए कुटज, माइग्रेन के लिए हल्दु और प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए सफेद हल्दी व काली हल्दी भी संरक्षित की हैं।
धातु रोग और नपुंसकता जैसे समस्याओं के लिए महाबल, नागबला और अतिबाला जैसी दुर्लभ जड़ी-बूटियां भी इनके औषधीय बगीचें में मौजूद हैं। सुदेश नामदेव की यह पहल न केवल औषधीय पौधों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह आयुर्वेद की प्राचीन ज्ञान परंपरा को पुनर्जीवित करने का एक प्रयास भी है। उनका यह प्रयास समाज को प्रकृति से जुडऩे और प्राकृतिक तरीकों से स्वस्थ जीवन जीने का संदेश देने का प्रयास है।
मंडला-जबलपुर के विशेषज्ञों ने एक ही स्थान पर दी स्वास्थ्य सेवाएं
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत लगा विशाल शिविर
महिलाओं की जांच, रक्तदान और किशोरियों को दिया परामर्श
मंडला महावीर न्यूज 29.महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंडला जिले में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार सेवा पखवाड़ा के तहत विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य और पोषण संबंधी समस्याओं की पहचान कर उनका समय पर उपचार करना था। यह अभियान 2 अक्टूबर तक जारी रहेगा। स्वास्थ्य शिविर में शिविर प्रभारी एपीडेमियोलॉजिस्ट राजेन्द्र वर्मा, सीबीएमओ डॉ अमृत लाल कोल समेत सीएचसी नारायणगंज स्टाफ मौजूद रहा।
आयोजित स्वास्थ्य शिविर में मंडला जबलपुर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आने वाले मरीजों का जांच परीक्षण किया। इसके साथ ही उन्हें उचित सलाह भी दी गई। टीबी जांच, एक्स-रे समेत अन्य जांचे भी की गई। इस शिविर में मंडला और जबलपुर से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं। इनमें मंडला से शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कमलेश ठाकुर, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. रमा पटेल, फीजियोथैरेपिस्ट दीपशिखा, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अविनाश खरे, तथा जबलपुर से कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. हर्ष, आर्थोपेडिक्स डॉ. सप्रास और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. तिशा शामिल थे। इनके साथ ही नारायणगंज सीएचसी स्टाफ ने भी सहयोग किया।
जांच के साथ दी सलाह
शिविर में टीबी और एक्स-रे सहित कई तरह की जांचें की गईं। मरीजों की तुरंत जांच कर उन्हें उचित सलाह भी दी गई। शिविर के दौरान हाइपरटेंशन, डायबिटीज, ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, टीबी, एनीमिया और सिकल सेल की स्क्रीनिंग की गई। साथ ही, एएनसी चेकअप, ब्लड शुगर की जांच और टीकाकरण भी किया गया। आने वाले लोगों को पोषण संबंधी मुफ्त सलाह भी दी गई।
रक्तदान शिविर में 6 यूनिट रक्तदान
शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ ही रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। छह जागरूक लोगों, अन्नू यादव, पवन यादव, प्रमोद चक्रवर्ती, कुलदीप चौकसे, आनंद यादव, और राहुल यादव ने जरूरतमंदों के लिए रक्तदान किया। इस दौरान पूर्व निवास विधायक रामप्यारे कुलस्ते, भाजपा कार्यकर्ता, सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल और मंडला ब्लड बैंक की टीम भी मौजूद रही।
किशोरियों को मिला परामर्श और उपचार
उमंग क्लिनिक के तहत शिविर में आए किशोर, किशोरियों को पोषण और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और व्यक्तिगत स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में जागरूक करना था। कई किशोरियों ने माहवारी और सफेद पानी जैसी समस्याओं पर खुलकर बात की, जिसके लिए उन्हें उचित परामर्श दिया गया और आगे के उपचार के लिए डॉक्टरों के पास भेजा गया। इस पहल से युवा अपनी समस्याओं को खुलकर साझा करने में सहज महसूस कर रहे हैं।
196 मरीजों ने लिया होम्योपैथी और आयुर्वेद का लाभ
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में आयोजित विशाल स्वास्थ्य शिविर में आयुष विभाग ने भी अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कीं। इस शिविर में आयुर्वेद और होम्योपैथी पद्धतियों से मरीजों का इलाज किया गया। शिविर में 107 लोगों ने होम्योपैथी और 89 लोगों ने आयुर्वेदिक पद्धति से अपना उपचार कराया। अधिकतर मरीज वायरल बुखार, सर्दी, खांसी और अन्य सामान्य बीमारियों से संबंधित थे। आयुष विभाग के विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच कर उन्हें उचित दवाएं भी दीं। इस दौरान आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेज सिंह तराम और होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रत्युश हरमित अपने स्टाफ के साथ मौजूद रहे और मरीजों को परामर्श दिया। आयुष विभाग की इस भागीदारी से स्थानीय लोगों को पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों का लाभ मिला, जिससे शिविर का दायरा और भी व्यापक हो गया।
नवरात्र का पहला दिन
माँ की भक्ति में नौ दिन लीन रहेंगे भक्त
पंडालों में की गई मां दुर्गा की स्थापना, देर शाम तक चलता रहा मूर्ति ले जाने का क्रम
मंडला महावीर न्यूज 29. शक्ति की आराधना का पर्व शारदेय नवरात्र प्रारंभ हो गया है। जिले के सभी प्रमुख माता के मंदिरों, शक्ति पीठों में विशेष अनुष्ठान प्रारंभ हो चुके है। देवी मंदिरों में विशेष साज-सज्जा की गई है। पहले दिन सुबह से मंदिरों में भक्तों का ताता लगा रहा है। नवरात्र के शेष आठ दिन भक्तों का ताता देवी मंदिरों में देखने मिलेगा। नवरात्र मेें सुरक्षा के भी इंतजाम किए गए है। माता के मंदिरों, पंडालों और शक्ति पीठों में सुबह शाम विशेष आरती की शुरूआत हो गई है। शारदेय नवरात्रि का प्रारंभ भक्तों ने उत्साह के साथ किया। बैठकी के अवसर पर जिले एवं शहर में दुर्गा पंडालों में देर रात्रि तक दुर्गा स्थापना होती रही। नवरात्रि के पहले दिन भक्तों की भीड़ नर्मदा तटों एवं मंदिरों में सुबह से दिखना प्रारंभ हो गई थी। भक्ती भाव के साथ भक्तों ने 9 दिनों का उपवास प्रारंभ किया। वहीं अनेक भक्त पहले दिन का उपवास पर रहे।
शहर में विभिन्न सार्वजनिक दुर्गोत्सव समितियों के द्वारा आदि शक्ति मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना विधि विधान से की गई। बड़ी खैरी, कोष्टा मोहल्ला, कृषि उपज मंडी, बिझिंया, उपनगर महाराजपुर में कारीकोन तिराहा, बजरंग चौराहा, रेल्वे स्टेशन, राजीव कालोनी समेत अन्य क्षेत्रों में माँ दुर्गा प्रतिमा की स्थापना की गई। दुर्गा पंडालों की आकर्षक साज सज्जा भी पूर्ण हो चुकी है। सिंहवाहिनी वार्ड में कांसकार दुर्गोत्सव समिति के द्वारा माता महाकाली की प्रतिमा स्थापित की गई। सुबह माता काली की विधि विधान से पूजा व स्थापना की गई। माता काली का पूजन एवं दुर्गा सप्तशती का पाठ प्रारंभ किया गया है।
जल ढारने लगी रही कतार
सुबह से ही शहर के विभिन्न देवी मंदिरों, सिद्धपीठ में भक्तों की भीड़ जल ढारने लगना प्रारंभ हो गई थी। नगर की खैरमाई, सिंहवाहिनी मंदिर, रपटाघाट दुर्गा मंदिर, मरहाई माता मंदिर, काली मंदिर, पीपल घाट मंदिर, उपनगर के ज्वालाजी मंदिर, बूढ़ीमाई मंदिर, नीम वाली माता, खैरमाई मंदिर में भक्तों की कतार जल ढारने लगी रही। यह क्रम 9 दिनों तक सभी देवी मंदिरों में चलेगा।
गाजे बाजे के साथ स्थापना की
शहर में देवी की स्थापना के लिए गाजे बाजे के साथ मूर्तियां पंडालों में लाई गई। विधि विधान से पंडित जी के मार्गदर्शन एवं मंत्रोपचार के बीच मूर्ति स्थापना की गई। शहर की अधिकांश पंडालों में देर शाम से मूर्तियां स्थापना शुभ मुहुर्त में प्रारंभ की गई जो देर रात्रि तक स्थापना का कार्यक्रम चलता रहा।
शहर में धार्मिक कार्यक्रम की रहेगी धूम
जिले में दुर्गोत्सव को लेकर जिला मुख्यालय के विभिन्न स्थान पर धार्मिक, सांस्कृतिक समेत कई तरह धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां विगत एक पखवाड़े से की जा रही है। जिले में दुर्गा समितियों द्वारा प्रतियोगिताओं को लेकर भी तैयारी कर रहे है। शहर में इस वर्ष गरबा महोत्सव भी बड़े धूमधाम से मनाने तैयारी चल रही है। इस वर्ष भी गरबा के आयोजन के लिए प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। जिले में विभिन्न स्थानों में गरबा की तैयारी चल रही है।
आज होगी माँ ब्रम्हचारिणी की पूजा
मां दुर्गा के उपासक और भक्त को अनंत कोटि फल प्रदान करने वाली मां ब्रहचारिणी की पूजा नवरात्रि के दूसरे दिन की जाती है। मां दुर्गा की नवशक्ति का दूसरा स्वरूप ब्रम्हचारिणी का है। माता ब्रह्मचारिणी का स्वरुप बहुत ही सात्विक और भव्य है। यहां ब्रम्ह का अर्थ तपस्या से है। मां दुर्गा का यह स्वरूप भक्तों और सिद्धों को अनंत फल देने वाला है। इनकी उपासना से तप, त्याग, वैराग्य, सदाचार और संयम की वृद्धि होती है। ब्रम्हचारिणी का अर्थ तप की चारिणी यानी तप का आचरण करने वाली देवी का यह रूप पूर्ण ज्योतिर्मय और अत्यंत भव्य है। इस देवी के दाएं हाथ में जप की माला है और बाएं हाथ में यह कमण्डल धारण किए हैं। पूर्व जन्म में इस देवी ने हिमालय के घर पुत्री रूप में जन्म लिया था और नारदजी के उपदेश से भगवान शंकर को पति रूप में प्राप्त करने के लिए घोर तपस्या की थी। इस कठिन तपस्या के कारण इन्हें तपश्चारिणी अर्थात ब्रम्हचारिणी नाम से अभिहित किया गया।
बड़ी खैरी में दस विद्या महाशक्ति पीठ की स्थापना
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां दुर्गा की हुई घट स्थापना
नवरात्रि के प्रथम दिवस मंडला के बड़ी खैरी स्थित श्री सिद्ध दुर्गोत्सव समिति में वैदिक विधि-विधान के साथ माता रानी की घट स्थापना की गई। इस वर्ष समिति अपने 54 वें स्थापना वर्ष पर भक्तों के लिए भक्ति का एक अनोखा स्वरूप लेकर आई है, जहाँ दस विद्या महाशक्ति पीठ की स्थापना की गई है।
वृंदावन से आए शिवम कृष्णाचार्य ने मंत्रोच्चार के साथ माता रानी की स्थापना कराई और समिति के पदाधिकारियों को संकल्प दिलाया। इस विशेष आयोजन में मां के दस दिव्य स्वरूप मां धूमावती, मां कमला, मां काली, मां बगलामुखी, मां मातंगी, मां तारा, मां त्रिपुर सुंदरी, मां भुवनेश्वरी, मां षोडशी और मां छिन्नमस्ता की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। बड़ी खैरी का यह दुर्गा उत्सव अपनी भव्यता और अनूठी भक्ति के लिए पूरे जिले में प्रसिद्ध है। इस आयोजन में युवा, बुजुर्ग और महिलाएं सभी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।
मंडला महावीर न्यूज 29.घुघरी निवासी दुर्गेश प्रजापति ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक मंडला को आवेदन सौंपकर दो स्थानीय पत्रकारों पर मानसिक उत्पीडऩ, सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने और पारिवारिक शांति भंग करने का गंभीर आरोप लगाया।
दुर्गेश ने अपने आवेदन में उल्लेख किया कि उक्त दोनों पत्रकार दुर्गेश ठाकुर और नंदकिशोर पांडे पुराने समाचारों को सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल कर उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे वे लंबे समय से मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना घटित होती है तो इसके लिए यही दोनों व्यक्ति जिम्मेदार होंगे। आवेदन के दौरान जिले के कई पत्रकार मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घुघरी थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
नो-एंट्री में घुसे 5 वाहनों पर कार्रवाई
2 ट्रक और 3 ट्रैक्टर चालकों पर 25 हजार का जुर्माना
मंडला पुलिस का चेकिंग अभियान, नियमों का पालन करने की दी सख्त हिदायत
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला पुलिस अधीक्षक के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में महाराजपुर थाना पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नो-एंट्री जोन में प्रवेश करने वाले दो ट्रक क्रमांक सीजी 07 सीए 8274 और एमपी 21 एच 1155 और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक एमपी 51 जी 0679, एमपी 51 एए 7324, और एमपी 51 एए 5402 पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इन पांचों वाहनों से 25 हजार रूपए का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों को अपनी गाडिय़ों का कमर्शियल रजिस्ट्रेशन कराने और सभी वाहन चालकों को वैध दस्तावेज साथ रखने की सख्त हिदायत दी। इसके साथ ही उन्हें निर्धारित समय पर ही शहर में प्रवेश करने और वाहनों में मजदूरों या अन्य लोगों को नहीं बैठाने की चेतावनी भी दी गई। पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी महाराजपुर थाने द्वारा नो-एंट्री के उल्लंघन पर 6 ट्रैक्टर चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
शुभ संकेत-हाथी में सवार होकर आएंगी माँ दुर्गा
नवरात्र के नौ दिन भक्त करेंगे माँ की आराधना
आज होगी मूर्ति स्थापना
मंडला महावीर न्यूज 29.नवरात्र के नौ दिन मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है। शारदीय नवरात्रि को मुख्य नवरात्रि माना जाता है। हिन्दू कैलेंडर के अनुसार यह नवरात्रि शरद ऋतु में अश्विन शुक्ल पक्ष से शुरू होती हैं और पूरे नौ दिनों तक चलती हैं। अश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा पर 22 सितंबर से शारदीय नवरात्र प्रारंभ हो रही है। भक्तों ने माता की प्रतिमा स्थापना की पूरी तैयारी कर ली है। जिले में प्रतिवर्ष करीब 500 मूर्तियां स्थापित की जाती थी। विगत वर्षो की अपेक्षा मूर्तिकारों ने उम्मीद जताई है कि इस बार ज्यादा प्रतिमाएं स्थापित होगी। आज माँ दुर्गा प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। जिसके लिये भक्तों ने मूर्तियां आर्डर कर रखी थी। जिसके ले जाना का क्रम नवरात्र के एक दिन पहले से शुरू हो गया और आज भी प्रतिमाएं भक्त लेकर जाएंगे।
पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा
नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा होती है। चौकी पर मां शैलपुत्री की तस्वीर या प्रतिमा को स्थापित करे और इसे बाद कलश कि स्थापना करें। कलश के ऊपर नारियल और पान के पत्ते रख कर स्वास्तिक जरूर बनाएं। इसके बाद कलश के पास अंखड ज्योति जला कर ‘ऊँ ऐं ह्रीं क्लीं चामुण्डाय विच्चे ओम् शैलपुत्री देव्यै नम: मंत्र का जाप करें और फिर सफेद फूल मां को अर्पित करें। इसके बाद मां को सफेद रंग का भोग लगाएं। जैसे खीर या मिठाई आदि। अब माता कि कथा सुने और आरती करें। शाम को मां के समक्ष कपूर जरूर जलाएं।
दिन अनुसार तय होती है माता की सवारी
पंडित नीलू महाराज ने बताया कि नवरात्र का आरंभ यदि सोमवार या रविवार के दिन होता है तो मां दुर्गा का वाहन हाथी होता है। नवरात्रि अगर शनिवार या मंगलवार से शुरू होती है तो माता रानी घोड़े में सवार होकर आती हैं। गुरुवार या शुक्रवार से नवरात्रि की शुरुआत होती है तो मां का आगमन डोली और पालकी पर होता है, वहीं बुधवार के दिन नवरात्रि शुरू होती है तो मां दुर्गा नौका में सवार होकर आती है, यानि मां का वाहन नौका होता है।
हाथी पर सवार होकर करेंगी प्रस्थान
पंडित विजयानंद शास्त्री ने बताया कि मां दुर्गा का हाथी पर सवार होकर आना बहुत शुभ होता है। मान्यताओं के अनुसार अगर नवरात्र का समापन रविवार या सोमवार को होता है तो माता भैंसे पर सवार होकर प्रस्थान करती हैं, जिसे शुभ नहीं माना जाता है। अगर नवरात्र का समापन मंगलवार और शनिवार को होता है तो मां मुर्गे पर सवार होकर प्रस्थान करती हैं। यह वाहन कष्ट का संकेत है। बुधवार और शुक्रवार को नवरात्र का समापन होने पर माता हाथी पर सवार होकर प्रस्थान करती हैं, यह अधिक वर्षा का संकेत देता है। गुरुवार के दिन नवरात्र का समापन होने पर माता मनुष्य पर सवार होकर प्रस्थान करती हैं जो कि सुख और समृद्धि का संकेत होता है।
आज शुभ मुहूर्त में होगी घटस्थापना
भागवत रसिक पंडित नीलू महाराज ने बताया कि इस वर्ष शारदीय नवरात्रि में मां दुर्गा का आगमन सोमवार को हो रहा है, जिससे उनका वाहन हाथी होगा। यह अत्यंत शुभ माना जाता है और अच्छी वर्षा का संकेत देता है, जिसका सीधा लाभ खेती-किसानी को मिलेगा। नीलू महाराज ने बताया कि सोमवार को घटस्थापना के लिए विशेष शुभ मुहूर्त हैं। सुबह 5 बजकर 58 मिनट से 7 बजकर 28 मिनट तक, इसके बाद 8 बजकर 58 मिनट से 10 बजकर 28 मिनट तक और दोपहर 1 बजकर 28 मिनट से शाम 5 बजकर 58 मिनट तक का समय अत्यंत शुभ है। इसके अलावा, सुबह 11 बजकर 49 मिनट से दोपहर 12 बजकर 38 मिनट तक का अभिजीत मुहूर्त भी घटस्थापना के लिए बेहद शुभ माना गया है। मां दुर्गा के हाथी पर आगमन को एक दुर्लभ और शुभ संयोग माना जाता है, जो समृद्धि और अच्छी फसल का प्रतीक है।
आस्था का केन्द्र है सिंहवाहिनी मंदिर
श्रृद्धालुओं की होती है मनोकामना पूरी
मंडला महावीर न्यूज 29. सिंहवाहिनी मंदिर में माता की दो मूर्तियां है, जो कि काले पत्थर पर अंकित है। एक मॉ सिंहवाहिनी और दूसरी मॉ राजराजेश्वरी मां की। ऐसा कहा जाता है कि गौंड राजाओं के रघुवंशी बाजपेयी निजाम शाह के पुरोहित के रूप में नियुक्त किया गया था। दासी पुत्र महापाल सिंह को गद्दी पर बैठाया जाए, ऐसी उनकी इच्छा थी। राय बहादुर हीरा लाल ने इस घटना का विस्तृत वर्णन किया है। जब शाही फौज ने बाजपेयी के मकान को घेर लिया, तब बाजपेयियों ने देखा कि हमारा सर्वनाश तय है। तब उन्होंने दरवाजा बंद कर भगवान की मूर्ति जो कि इस घराने में थी।
उस मूर्ति को स्नान कराकर सकुटम्ब ने चरणामृत पीया और हर एक पुरूष ने अपनी स्त्री और बच्चों को तलवार से कत्ल कर दिया। इसमें जो पुरूष वर्ग बचा, उन्होंने शाही फौज का सामना कर उनसे लड़ा। इसमें लगभग 125 लोग स्वाहा हो गए। केवल दो बच्चे बचे जिन्हें नौकर ने बाहर खिलाने के लिए ले गया था। जिससे यह वंश चला। इस गाथा का वर्णन मंडला गजेटियर के पृष्ठ 101 में है। इस मंदिर में आने वाले श्रृद्धालुओं द्वारा जो भी मनोती मानी जाती है वह पूर्ण होती है, और मनोती के अनुसार भक्त प्रसाद, श्रृंगार और चढ़ावा चढ़ाते है।
कृषि उपज मंडी में दिखेगी ताज हॉटल की झलक
डेढ़ माह से चल रही तैयारी, 16 लोग तराश रहे ताज हॉटल की छवी
मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला में शारदेय नवरात्र पर्व को लेकर भक्तों में काफी उत्साह रहता है। अपनी भक्ति को व्यक्त करने भक्त तरह-तरह से मां को प्रसन्न करते है। जिले भर में विभिन्न समितियों द्वारा बड़े-बड़े पंडाल तैयार किये जा रहे हैं। जिनका कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। जिले के बड़े पंडालों में नवरात्र के प्रथम दिन बाद सजावट पूर्ण हो जाएगी। पंडालों की सजावट के लिए स्थानीय लोगों के अलावा अन्य स्थानों से भी सजावट के लिए लोगों को बुलाया गया है। विद्युत सजावट भी बड़े स्तर पर की जा रही है।
फ्लावर डेकोरेशन संचालक ललित विश्वकर्मा ने बताया कि इस वर्ष भी कृषि उपज मंडी में कुछ अलग करने के लिए अनाज तिलहन व्यापारी संघ द्वारा भव्य पंडाल बनवाया जा रहा है, जो मुम्बई का ताज हॉटल की झलक इस बार जिला मुख्यालय के कृषि उपज मंडी में देखने को मिलेगी। बताया गया कि इस वर्ष नवरात्र में ताज हॉटल की झांकी रतन टाटा को श्रृद्धांजलि देने के लिए बनाई जा रही है।
बताया गया कि इस भव्य ताज हॉटल के दुर्गा पंडाल में माँ भवानी की तीन प्रतिमाएं स्थापित होगी। जिसमें माता सिंहवाहनी के साथ माता महा लक्ष्मी और माँ सरस्वती की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। हर साल कृषि उपज मंडी में मनमोहक मां की प्रतिमा और झांकी सजाई जाती है। कृषि उपज मंडी का दुर्गोत्सव प्रतिवर्ष आकर्षण का केन्द्र रहता है। कृषि उपज मंडी के समिति सदस्यों ने बताया कि इस बार कृषि मंडी प्रांगण में भव्य ताज हॉटल की झांकी बनाई जा रही है जो एक दो दिन में पूर्ण हो जाएगा। आज सोमवार को माँ भवानी की तीन मूर्तियां स्थापित की जाएगी। इसके साथ यहां नवरात्र के पूरे नौ दिन भंडारा भी कराया जाता है और मंडी प्रांगण में प्रदर्शनी, मेला भी लगता है।
माँ दुर्गा की प्रतिमा हो गई तैयार, आज दुर्गा पंडालों में होगी विराजमान
जिले भर में विराजेगी माँ भवानी, नवरात्रि की तैयारी में जुटे भक्त
शारदीय नवरात्र की शुरुआत आज 22 सितंबर से हो रही है। जिसे लेकर सिद्ध पीठ, देवी मंदिरों से लेकर घरों में माँ की पूजा, आराधना की तैयारी में भक्त जुट गए है। इसी के साथ दुर्गा प्रतिमाओं को बना रहे जिले के कलाकार भी माँ को जीवंत स्वरूप देने में जी जान से जुटे है। दुर्गोत्सव का प्रारंभ आज सोमवार 22 सितंबर को हो रहा है। शहर में अधिकांश मूर्तियां सिंहवाहिनी वार्ड, सराफा बाजार, महाराजपुर संगम मार्ग समेत अन्य क्षेत्र में बनाई जा रही हैं। प्रतिमाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आज गुरूवार को दुर्गा पंडालों में माँ दुर्गा विराजमान होगी।
जानकारी अनुसार मूर्तिकारों द्वारा माँ के रूप को जीवंत आकार देने का प्रयास किया है। जिससे लोग इनकी बनाई गई प्रतिमा की ओर आकर्षित हो। मूर्तिकार लक्ष्मीनारायण ने बताया कि उनके यहां वर्षों से मूर्ति बनाने की परंपरा चली आ रही है। जिसका वह पूर्ण उत्साह और लगन के साथ निर्वाहन कर रहे है। नवरात्रि पर्व के पहले नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में पंडाल बनकर तैयार हो गए है। मूर्तिकारों के घरों में मां दुर्गा की विभिन्न रूपों की आकर्षक प्रतिमाएं लेने ग्राम के लोग पहुंच रहे है। नगर में एक सैकड़ा के आसपास समितियों द्वारा प्रतिमा स्थापित की जा सकती है। इनमें जिला मुख्यालय के विभिन्न स्थानों के साथ बिनैका, सेमरखापा, आस्तिक चौक, करिया बाबा चौक, खेरमाई समिति, चौरसिया मोहल्ला, दुर्गा समिति, पुराना बस स्टेंड, रघुवंशी मोहल्ला, माल बाबा चौक, टिकरी वार्ड समिति, हरदहा मोहल्ला मढिय़ा मोहल्ला, साहू मोहल्ला शामिल है। शीतला मंदिर समिति द्वारा भी तैयारियां की जा रही है। हवेली क्षेत्र के ग्रामीण अंचल ढेंकों, ग्वारा, लिमरूआ, जहरमऊ, सिलगी, लफरा, मांगा, अमझर, दानीटोला, ठरका, कौरगांव में भी दुर्गोत्सव पर्व की तैयारी की गई है।
प्रतिवर्ष आकर्षण का केंद्र रहती है मां काली
बताया गया कि जिले के कुछ स्थानों में माँ काली की प्रतिमा स्थापित की जाती है, जो हर वर्ष आकर्षण का केन्द्र रहती है। जिला मुख्यालय के कोष्टा मोहल्ला में हजारों की संख्या में भक्त माँ काली के दर्शन करने पहुंचते है। यहां स्थापित होने वाली मूर्ति प्रतिवर्ष आकर्षक का केन्द्र रहती है। इस वर्ष भी जिला मुख्यालय समेत अन्य ग्रामीण क्षेत्रो में मां काली की प्रतिमा जमाई जाएगी। जिसकी तैयारी भक्त कर चुके है।
पितृ पक्ष के अंतिम दिन त्रिवेणी संगम में पितरों को किया जल अर्पित
सर्वपितृ मोक्ष अमावस्या पर पितरों को दी विदाई
महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, नागपुर, बालाघाट समेत अन्य जिलों से पहुंचे लोग
मंडला महावीर न्यूज 29.पितृ पक्ष का समापन हो गया है, अब भक्त माँ दुर्गा की भक्ति में लीन हो जाएगे। पितृ पक्ष का आखिरी दिन पितृमोक्ष अमावस्या के साथ समाप्त हुआ। अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु तपर्ण के लिए नर्मदा तट और संगम तट पहुंचे। सोमवार को श्रद्धालुओं ने सर्व पितृ अमावस्या पर श्राद्ध किया। पितृ अमावस्या पर मंडला के उपनगर महाराजपुर में स्थित त्रिवेणी संगम घाट और माहिष्मती घाट में सुबह से श्रृद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। संगम घाट में महाराष्ट्र छत्तीसगढ़, बैहर, बालाघाट समेत आसपास के अनेक जिलों से लोग संगम घाट पहुंचे। यहां सभी ने मां नर्मदा में आस्था की डुबकी लगाई।
बताया गया कि पितृ पक्ष में पितरों के मोक्ष के लिए श्रद्धालु नर्मदा स्नान कर पिंडदान और दान पुण्य करते हैं और जो श्राद्ध पक्ष में अपने पितरों को जल नहीं दे पाते है, वे पितृ अमावस्या के दिन नर्मदा में स्नान कर अपने पितरों को जल अर्पित कर सकते हैं। ऐसा करने से पितरों को मोक्ष मिलता है। हिंदू धर्म के अनुसार पितृ पक्ष का प्रत्येक दिन बेहद महत्वपूर्ण होता है। पूर्वजों की मृत्यु की तिथि के आधार पर उनका श्राद्ध किया जाता है। यदि किसी को तिथि याद नहीं है, तो उसे सर्व पितृ अमावस्या के दिन विधि-विधान से पितरों का तर्पण करना चाहिए। पं. सुधीर तिवारी ने बताया कि मान्यता है कि इससे पितरों की आत्मा को शांति मिलती है। वह प्रसन्न होकर अपने धाम वापस लौट जाते हैं। पितृ पक्ष का आखिरी दिन सर्व पितृ अमावस्या होता है और सनातन धर्म में इसका विशेष महत्व माना गया है। इसके साथ ही मां नर्मदा में पिंडदान करने विशेष महत्व है।
आतिशबाजी और पुष्प वर्षा के साथ हुआ मां का आगमन
नारायणगंज में दुर्गा उत्सव की तैयारियां पूर्ण
ओम श्री मां दुर्गा उत्सव समिति और मां हरसिद्धि दुर्गोत्सव समिति ने की भव्य आयोजन की तैयारी
मंडला महावीर न्यूज 29.शारदीय नवरात्रि की शुरुआत से पहले नारायणगंज में उत्सव का माहौल बन गया है। ओम श्री मां दुर्गा उत्सव समिति मंडला रोड द्वारा माता दुर्गा की प्रतिमा की अगवानी में भव्य आतिशबाजी की गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। आज सोमवार से मां दुर्गा की स्थापना के साथ नौ दिवसीय नवरात्रि पर्व शुरू हो जाएगा और भक्त माता की भक्ति में लीन हो जाएंगे। समिति ने बताया कि हर साल की तरह इस वर्ष भी नवरात्रि के दौरान विभिन्न कार्यक्रम और एक विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।
बताया गया कि जिले भर में माँ काली की प्रतिमा आकर्षण का केन्द्र रहती है। मेन बस स्टैंड नारायणगंज में मां हरसिद्धि दुर्गोत्सव समिति द्वारा भी मां काली की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। विगत वर्ष भी यहां माता महाकाली की विशाल प्रतिमा स्थापित की गई थी। इस वर्ष भी मां काली की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। भक्तों द्वारा आतिशबाजी और फूलों की बारिश के साथ मां की भव्य प्रतिमा को पंडाल में लाया गया। समिति ने भी इस वर्ष मां काली के भक्तों के लिए विशेष आयोजनों की तैयारी की है। पूरे नारायणगंज में दुर्गा पंडालों की भव्य साज-सज्जा की गई है।
मवई प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर, फिर भी विकास की राह में पिछड़ा
मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा मवई जनपद मुख्यालय, भूमि की कमी और प्रशासनिक अनदेखी बनी चुनौती
मंडला महावीर न्यूज 29.घने जंगलों और नर्मदा की पावन धरती पर बसा मवई अपने प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक महत्व के कारण मंडला जिले की एक महत्वपूर्ण जगह है। छत्तीसगढ़ की सीमा और अमरकंटक के पास होने के बावजूद आजादी के सात दशक बाद भी यह क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से पूरी तरह नहीं जुड़ पाया है। ग्राम पंचायत होने के साथ मवई जनपद मुख्यालय भी है, जहाँ ब्रिटिश काल से ही पुलिस थाना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और अन्य सरकारी कार्यालय संचालित हैं। इन संस्थानों के कारण यहाँ की आबादी तो बढ़ी, लेकिन योजनाबद्ध विकास का अभाव आज भी स्पष्ट दिखाई देता है।
मूलभूत सुविधाओं और विकास का इंतजार
मवई मुख्यालय में सबसे बड़ी चुनौती भूमि की कमी है। सरकारी कार्यालयों के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती, जिसके कारण स्वीकृत कॉलेज और आईटीआई जैसे महत्वपूर्ण भवनों का निर्माण मुख्यालय से दूर हो रहा है। कॉलेज भवन 3 किलोमीटर दूर तो आईटीआई 5 किलोमीटर दूर धनगांव में बन रहा है। इस बिखरे हुए विकास से जनता को असुविधा हो रही है, जबकि पास के रमतीला और कुर्सीपर जैसे गाँवों में पर्याप्त जमीन उपलब्ध है।
नई उम्मीदों की किरण जागी
बताया गया कि हाल के वर्षों में कुछ सकारात्मक पहल भी हुई हैं। रमतीला रोड से बांधा किसान मोहल्ला तक बनी सड़क ने नई बसाहट की उम्मीद जगाई है। इससे किसानों की जमीन का मूल्य बढ़ा है और लोग अपने खेतों में मकान बनाने को प्रेरित हो रहे हैं। थाने के पीछे और बाजार चौक से रमतीला तक सड़क निर्माण से भी विकास की गति तेज होने की संभावना है।
राजनीतिक इच्छाशक्ति की दरकार
मवई के पास प्राकृतिक संपदा, औषधीय वनस्पतियों और पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। लेकिन इन संभावनाओं को साकार करने के लिए सशक्त राजनीतिक इच्छाशक्ति और संवेदनशील प्रशासनिक दृष्टिकोण की सख्त जरूरत है। सरकारी जमीनों को अतिक्रमण से मुक्त कराना, नई बसाहट के लिए व्यवस्थित योजना बनाना और शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार ही मवई को एक स्वप्निल नगर में बदल सकता है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को मिलकर काम करने की जरूरत है, जिससे मवई का भविष्य संवर सके।
दस विद्या महाशक्ति पीठ के साथ पंचमुखी सिंहवाहिनी माता होगी विराजमान
श्री सिद्ध दुर्गोत्सव समिति बड़ी खैरी मंडला में भव्य दुर्गा पूजा की तैयारी
कलकत्ता विक्टोरिया हाउस की थीम पर बना पंडाल
द ग्रेट खली होंगे शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण
मंडला महावीर न्यूज 29.मां दुर्गा के 54 वें स्थापना वर्ष को अति आकर्षक बनाने के लिए इस वर्ष श्री सिद्ध दुर्गोत्सव समिति द्वारा अनेक भव्य आयोजन कराने की तैयारी कर ली है। समिति के नितेश पटेल ने बताया है कि पूरे नवरात्र में प्रत्येक दिन अनेक प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाएगी। समिति द्वारा की तैयारी को भव्य रूप दिया जा रहा है। यहां आयोजित होने वाले नवरात्र के कार्यक्रम को जिले के जनमानस के लिए आकर्षण का केन्द्र बनाने पूर्ण तैयारी हो चुकी है। जिले भर में यह भव्य आयोजन विगत वर्ष से किया जा रहा है। यहां नवरात्र के दिन को खास बनाने समिति के सदस्य जी जान से कार्य कर रहे है। 22 सितंबर को पूरे विधि विधान के साथ माता रानी की स्थापना की जाएगी।
बताया गया कि श्री सिद्ध दुर्गोत्सव समिति बड़ी खैरी द्वारा जनमानस के लिए आकर्षण का केंद्र बनाने की तैयारी कर रहा है। जिले वासियों को माँ भगवती के दस विद्या महाशक्ति पीठ के दर्शन करने का मौका मिलेगा। समिति जिलेवासियों को सनातन और भक्ति से जोडऩे का प्रयास कर रही है, जिससे लोग भक्ति मार्ग में चल सके। बताया गया कि दस विद्या महाशक्ति पीठ के साथ मुख्य प्रतिमा सिंहवाहिनी माता की पंचमुखी रूप में स्थापित की जाएगी। पांच-पांच प्रतिमाएं आमने सामने और बीच में माता सिंहवाहिनी की करीब 14 फिट की प्रतिमा विराजन होगी। जिलेवासियों को माँ भगवती के अलौकिक दर्शन बेहतरी आकर्षक साज सज्जा और लाईटिंग के साथ होंगे। जिसके लिए जिले के ही केएल फ्लावर द्वारा डेकोरेशन किया जा रहा है। माता रानी का पूरा पंडाल बांस से बनाया जा रहा है, जो वॉटर प्रूफ भी है।
समिति के सदस्यों ने बताया कि इस वर्ष माता भवानी का पंडाल कलकत्ता विक्टोरिया हाउस के रूप में बनाया जा रहा है। इसके साथ ही आनंद मेले की भी तैयारी चल रही है। बताया गया कि इस वर्ष मां दुर्गा की मुख्य प्रतिमा इस वर्ष करीब 14 फिट की स्थापित की जाएगी, जो अलौकिक है। इसके साथ ही नवरात्र में ऐसे ही अनेक आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। लाइट व साउंड के साथ संपूर्ण नवरात्र माता रानी के अलौकिक दर्शन होंगे। इसके साथ ही शोभायात्रा के मुख्य आकर्षण माता रानी की आकर्षक झांकी, फेमस ढोल के साथ, आकर्षक साउंड और लाइट सहित चल समारोह में दा ग्रेट खली शामिल होगें। जिसके कारण इस वर्ष का चल समारोह भव्य होगा।
आकर्षण का केन्द्र बन गया बड़ी खैरी
इस शारदेय नवरात्र में एक से बढ़कर एक आयोजन बड़ी खैरी में आयोजित किए जाएंगे। यहां आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में बाना छेदन दल का भी चल समारोह भी आकर्षण का केन्द्र रहेगा। माता जी की सुंदर झांकी, बैंड के साथ अन्य आयोजन भी होगे। कार्यक्रम के अंतर्गत कन्या पूजन व विशाल भण्डारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजित होने वाले आयोजन के लिए सभी धर्मप्रेमियों का सहयोग प्राप्त हो रहा है। आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से यहां आने वाले भक्तों, बच्चों और युवा माता रानी के अलौकिक दर्शन करके मंत्रमुग्ध होगे।
भक्ति का दिखेगा अद्भुत नजारा
धार्मिक आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम इस वर्ष बड़ी खैरी में देखने को मिलेगा। श्री सिद्ध सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति बड़ी खैरी अपने 54 वें स्थापना वर्ष पर भक्तों के लिए भक्ति का अनोखा स्वरूप प्रस्तुत करने जा रही है। यहां विद्या महाशक्ति पीठ के तहत मां के दस दिव्य स्वरूप मां धूमावती, मां कमला, मां काली, मां बगलामुखी, मां मातंगी, मां तारा, मां त्रिपुर सुंदरी, मां भुवनेश्वरी, मां षोडशी और मां छिन्नमस्ता की स्थापना विधि-विधान से की जाएगी। बड़ी खैरी में हर साल होने वाला यह दुर्गा उत्सव अपनी अनोखी भक्ति और भव्यता के लिए प्रसिद्ध है। युवा वर्ग बुजुर्ग और मातृशक्ति सभी इस आयोजन में विशेष सहयोग देते हैं।
यातायात व्यवस्था के लिए होंगे विशेष प्रबंध
इस बार भी आनंद मेला आकर्षण का केंद्र रहेगा। भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने समिति पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत रूपरेखा तैयार की है। सुरक्षा यातायात और व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं। केवल मंडला ही नहीं आसपास के जिलों से भी हजारों श्रद्धालु मां के दिव्य स्वरूप के दर्शन करने बड़ी खैरी पहुंचेंगे। उत्सव समिति का मानना है कि यह अवसर भक्ति सांस्कृतिक समरसता और सामाजिक एकता का अद्भुत प्रतीक बनेगा।
कान्हा में प्रकृति के सारथी हो रहे तैयार, गाइड प्रशिक्षण से बढ़ेंगा पर्यटन
पर्यटकों के साथ तालमेल और कान्हा की खूबियों से रूबरू कराएंगे गाइड
कान्हा पार्क के 97 गाइडों को दिया जा रहा तीन दिवसीय प्रशिक्षण
कान्हा के ईको सेंटर खटिया में सरही और खटिया के गाइड ले रहे रिफ्रेशर ट्रेनिंग
मंडला महावीर न्यूज 29.कान्हा नेशनल पार्क आने वाले पर्यटकों को कान्हा से रूबरू कराने वाले गाइडों की अहम भूमिका रहती है। पार्क आने वाले पर्यटक गाइड के आधार पर दी जाने वाली जानकारी से अवगत होते हैं। इस लिहाज से गाइडों के लिए भी पार्क खुलने के पहले रिफ्रेशर कोर्स कराया जाता है। इस कोर्स में गाईडों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। कान्हा के खटिया सेंटर में 97 गाइडों को कान्हा क्षेत्र के नेचरलिस्ट ट्रेनर द्वारा दी जा रही है। गाईडों के लिए आयोजित प्रशिक्षण का आज 21 सितंबर को अंतिम तीसरे दिन प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसमें करीब 97 गाइड शामिल होकर प्रशिक्षण लेगे।
जानकारी अनुसार कान्हा पार्क आने वाले देशी, विदेशी पर्यटकों को कान्हा से रूबरू कराने वाले गाइडों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण में गाइडों को प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का आज रविवार 21 सितंबर को समापन किया जाएगा। इसके बाद कान्हा पार्क के सभी गाईड एक बार फिर कान्हा पार्क में पर्यटकों को सफारी करने के लिए तैयार हो जाएगे। इस प्रशिक्षण के बाद गाइड भी रिफ्रेस हो जाएंगे और एक नई उमंग के साथ कान्हा पार्क में आने वाले पर्यटकों को कान्हा की विशेषताओं से अवगत कराएंगे।
बताया गया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य गाइडों के ज्ञान और कौशल को बढ़ाना है, जिससे वे पर्यटकों को वन्यजीवों, प्राकृतिक संरक्षण और स्थानीय संस्कृति के बारे में सटीक जानकारी दे सकें। प्रशिक्षण के पहले दिन की शुरूआत नेचर सफारी के साथ हुई, जिसके बाद प्रतिभागियों को वन्यजीव, तितलियाँ, पक्षी और पार्क के नियमों के बारे में जानकारी दी गई। संवाद और संचार कौशल पर विस्तार से बताया गया जिससे गाइड पर्यटकों के साथ बेहतर तरीके से जुड़ सकें। प्रथम दिवस प्रशिक्षण के अंत में सभी ने नेचर ट्रेल में हिस्सा लिया, जहाँ उन्होंने व्यावहारिक रूप से जंगल और उसके पर्यावरण को समझा।
केस स्टडी और रोल प्ले की दी प्रस्तुति
दूसरे दिन का प्रशिक्षण भी नेचर सफारी के साथ शुरू हुआ। इस दौरान प्रमुख शाकाहारी प्रजातियों, सरीसृपों, पक्षियों और आदिवासी जीवनशैली पर सत्र आयोजित किए गए। इसके साथ ही इस दौरान कौन कितना है हटके जैसे सत्रों के माध्यम से गाइडों को जानवरों के व्यवहार और विशिष्टताओं को समझने का मौका मिला। केस स्टडी पर चर्चा की गई और रोल प्ले के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान को और मजबूत किया गया।
प्रतिभागियों को किया जाएगा सम्मानित
बताया गया कि गाईडों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण का समापन आज 21 सितंबर को होगा, जहाँ गाइडों को पर्यटन और संरक्षण के संबंध और आदिवासी और स्थानीय जनजीवन जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद गाइड पर्यटकों के साथ अच्छा तालमेल बना सके और पर्यटकों को कान्हा की खूबियों से अवगत करा सके। समापन कार्यक्रम के साथ सभी प्रतिभागियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया जाएगा। इस प्रशिक्षण शिविर में विशेषज्ञ याजुवेंद्र उपाध्याय, मिस स्नेहा सुंदरम, अभिलाष वर्शी, आशीष कछवाहा और फील्ड बायोलॉजिस्ट ने विभिन्न विषयों पर अपने अनुभव और ज्ञान साझा किए।
शिक्षकों के साथ बराबरी से सम्मान पाने वाले सुकल सिंह की दुखद मौत
सुकल सिंह की मृत्य पर एसोसिएशन ने जताया शोक
मंडला महावीर न्यूज 29.एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी जो न केवल अपने कर्तव्यों का भलीभांति निर्वहन करता था बल्कि शिक्षकों के दायित्वों से भी आगे जाकर अपने कर्तव्य स्थल आश्रम शाला के बच्चों में ऐसे संस्कारों को भी सहेजता था जो आसपास की शालाओं में कहीं देखने को न मिलता था। अपनी कार्य शैली से जहां बच्चों और ग्रामीणों के बीच प्रशंसनीय छवि उकेर रखी थी वहीं ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन ने भी उस शख़्स के प्रेरणादायक व्यक्तित्व को पहचान कर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी होने के बावजूद शिक्षक दिवस के अवसर पर सिर्फ शिक्षकों को मिलने वाले सम्मान के दिन उन्हें भी बराबर से सम्मान देकर ऐसे प्रेरणा स्त्रोतों को प्रोत्साहित किया था। बात आश्रम शाला कापा विख नारायणगंज के सुकल सिंह परस्ते की है जिनकी गत गुरुवार के दिन बस की टक्कर ने प्राण हर लिए।
स्व सुकल सिंह परस्ते अपनी अनुकरणीय कार्यशैली व विनम्र व्यवहार के इतने धनी थे कि कार्य स्थल की पूरी जनता उनके पैतृक ग्राम दरगढ़ में अंतिम संस्कार में सम्मिलित हुई जो कि ऐतिहासिक था। शिक्षक दिवस पर सम्मान प्राप्त किए 15 दिन भी पूरे नहीं हुए और इस 26जनवरी में संकुल स्तर पर गणतंत्र दिवस समारोह में सम्मान के लिए नामित किया गया था ऐसे में इस तरह एक दुर्घटना के कारण उनके काल क्वलित होने की खबर पर ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि श्री सुकल सिंह की दर्दनाक मौत से जहां परिवार में अपूर्णीय व्यक्तिगत क्षति हुई वहीं उनकी मौत ने उस प्रेरणा के स्रोत को थाम गया है, जो क्षेत्र के शिक्षकों को निरंतर दिशा दिखाता था। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डी के सिंगौर जिला अध्यक्ष दिलीप मरावी और अन्य पदाधिकारी परिजनों से मिलकर सांत्वना ही दे सके साथ ही उनके स्वत्त्वो का जल्दी से जल्दी भुगतान और बेटे को शीघ्र अनुकंपा नियुक्ति का आश्वासन विकास खंड शिक्षा अधिकारी की हैसियत से दिए।
नक्सल प्रभावित गांव मनोरी में प्रशासन आपके द्वार
पुलिस ने दी राहवीर योजना और कानूनी सहायता की जानकारी
नक्सलियों के लिए पुनर्वास और राहत नीति से कराया अवगत
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोडऩे के लिए एक नई पहल की है। इसी क्रम में मोतीनाला थाना के अंतर्गत आने वाले गांव मनोरी में प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को कई महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में पुलिस ने नक्सली आत्मसमर्पण पुनर्वास सह राहत नीति के बारे में बताया। इसके तहत नक्सलियों को हिंसा छोड़कर सामान्य जीवन में लौटने और आजीविका कमाने के तरीकों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही इससे जुड़े पैम्फलेट भी बांटे गए जिससे ग्रामीण इन नीतियों को समझ सकें और अपने आसपास के लोगों को जागरूक कर सकें।
सड़क सुरक्षा और कानूनी सहायता पर दिया जोर
पुलिस ने ग्रामीणों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। इस दौरान राहवीर योजना के बारे में बताया गया। यह योजना लोगों को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की निडर होकर मदद करने के लिए प्रेरित करती है। इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए नि:शुल्क विधिक सहायता की जानकारी भी दी गई। ग्रामीणों को साइबर धोखाधड़ी से बचाने के लिए भी जागरूक किया गया। पुलिस ने उन्हें बताया कि अगर वे किसी साइबर फ्रॉड का शिकार होते हैं तो तुरंत 1930 पर कॉल करें। साथ ही किसी भी अनजान लिंक या ऐप को डाउनलोड न करने की सलाह दी गई।
ऑपरेशन मुस्कान ने 33 गुमशुदा बालिकाओं को लौटाया घर, परिवारों के चेहरों पर फिर लौटी मुस्कान
मंडला पुलिस का विशेष अभियान मुस्कान सफल
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला पुलिस ने एक महीने तक चले विशेष अभियान मुस्कान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। इस अभियान के दौरान जिले से लापता हुईं 33 नाबालिग बालिकाओं को खोजकर उनके परिवारों को सकुशल लौटाया गया है। पुलिस मुख्याल भोपाल के निर्देश पर चलाए गए, इस अभियान ने न सिर्फ परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई, बल्कि समाज में पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ाया है। पुलिस महानिरीक्षक बालाघाट जोन के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के नेतृत्व में 18 अगस्त से 17 सितंबर तक यह अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला की देखरेख में चले इस ऑपरेशन की मॉनिटरिंग उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा शाखा सतीश कुमार चतुर्वेदी द्वारा की गई।
बताया गया कि इन गुमशुदा बालिकाओं को खोजने के लिए पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों सिवनी, कटनी, जबलपुर, इंदौर के अलावा अन्य राज्यों केरल, महाराष्ट्र, हरियाणा, गुजरात और छत्तीसगढ़ में भी अभियान चलाए। ये सभी बालिकाएं मंडला जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों कोतवाली, महाराजपुर, बम्हनी, नैनपुर, बिछिया, मवई, मोतीनाला, घुघरी, निवास, बीजाडाडी और टिकरिया से लापता हुई थीं।
अधिकारियों और कर्मचारियों की रही सक्रिय भूमिका
अभियान की सफलता में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पीयूष कुमार मिश्रा, सौरभ तिवारी बिछिया, मनीष राज नैनपुर और पीएस वालरे निवास सहित सभी थाना प्रभारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी मेहनत, तकनीकी समझ और संवेदनशीलता ने इस मिशन को सफल बनाया। पुलिस विभाग द्वारा विशेष योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
लापरवाही-समय से पहले बंद हो रहा प्राथमिक शाला दादरगांव
स्कूल में अव्यवस्था और असुविधा से परेशान बच्चे
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से लगाई गुहार
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले के बबलिया क्षेत्र के जेवरा पोषक ग्राम पंचायत के दादरगांव स्थित प्राथमिक शाला में समय से पहले छुट्टी कर दिए जाने का मामला सामने आया है, जिससे बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। ग्रामीणों और बच्चों ने आरोप लगाया है कि शिक्षक अक्सर समय से पहले छुट्टी कर देते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार को भी स्कूल के बच्चे दोपहर 2 बजे ही छुट्टी होने पर घर लौट रहे थे। जब उनसे पूछा गया तो बच्चों ने बताया कि शिक्षक मीटिंग में गए हैं, इसलिए स्कूल जल्दी बंद कर दिया गया। बच्चों ने बताया कि स्कूल आने-जाने में उन्हें काफी परेशानी होती है क्योंकि गांव तक कोई साधन उपलब्ध नहीं है। रास्ते कच्चे हैं और खेत-खलिहानों से होकर गुजरते हैं, जिससे उन्हें हमेशा सांप-बिच्छू का डर बना रहता है।
जानकारी अनुसार प्राथमिक शाला दादरगांव स्कूल सिर्फ समय से पहले छुट्टी होने की समस्या से ही नहीं, बल्कि कई अन्य अव्यवस्थाओं से भी जूझ रहा है। स्कूल तक पक्की सड़क न होने के कारण बारिश में बच्चों को काफी परेशानी होती है। इसके साथ ही स्कूल में स्वास्थ्य सुविधाओं की भी कमी है, जिसके कारण बच्चे सर्दी, खांसी और बुखार जैसी बीमारियों से परेशान हैं।
मिल रहा गुणवत्ताहीन मध्याह्न भोजन
छात्र-छात्राओं ने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर भी असंतोष व्यक्त किया। उनका कहना है कि भोजन की गुणवत्ता अच्छी नहीं होती, जिससे वे खाना नहीं खाते। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था को सुधारा जाए और शिक्षक समय पर स्कूल आएं और पूरा समय पढ़ाकर ही छुट्टी दें। ग्रामीणों ने जामुन टोला गांव की ओर ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा कि यह गांव आज भी जिला प्रशासन की नजर से बाहर है। यहां न तो शिक्षा की कोई उचित व्यवस्था है और न ही स्वास्थ्य और पेयजल की सुविधा। उन्होंने जिला प्रशासन से अपील की है कि वे इस क्षेत्र की समस्याओं पर ध्यान दें जिससे यहां के लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
पूज्य सिंधी पंचायत के नवीन पदाधिकारियों का हुआ गठन
पारस असरानी बने अध्यक्ष, गुलशन वरदानी बने सचिव
मंडला महावीर न्यूज 29.श्री पूज्य सिंधी पंचायत मंडला के नवीन पदाधिकारियों का गठन हुआ। नियमित कार्यकाल के बाद नवीन पंचायत का चयन हुआ। इसमें अध्यक्ष पारस असरानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजानरेश खत्री,कनिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश गुरवानी,सचिव गुलशन वरदानी, सहसचिव शक्ति क्षेतीजा,कोषाध्यक्ष ईश्वर लालवानी, प्रचार प्रसार प्रभारी कैलाश बंटी गैलानी,कोठारी बृजलाल राजानी चयनित हुए।
चयन में समाज के सभी परिवारों,वरिष्ठजनों का सहयोग रहा। नवीन पदाधिकारी के गठन के पश्चात अंबेडकर वार्ड स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब में सामूहिक रूप से आरती,अरदास की गई।समाज के नवीन दायित्वों के निर्वहन के लिए पंचायत सदस्यों को शुभकामनाएं प्रेषित की गई। श्री गुरुद्वारा साहिब में पदाधिकारियों के साथ साथ समाज के परिवार शामिल हुए और सामाजिक क्षेत्र के विकास के लिए पंचायत सदस्यों से अपेक्षा की गई।
डाक विभाग ने लगाया विशेष कैम्प, आधार और सुकन्या योजना की दी जानकारी
स्मार्ट चॉइस टुडे फॉर अ सेफ टुमॉरो थीम के तहत बच्चों के आधार और सुकन्या खाते खोले गए
मंडला महावीर न्यूज 29.डाक विभाग ने बच्चों और उनके अभिभावकों को सरकारी योजनाओं से जोडऩे के उद्देश्य से किड्ज़ी सिविल लाइन्स मंडला में एक विशेष कैम्प का आयोजन किया। इस शिविर में बच्चों के आधार नामांकन और अपडेटेशन के साथ सुकन्या समृद्धि योजना के बारे में भी जागरूकता फैलाई गई। कैम्प में डाक विभाग के अधिकारियों ने अभिभावकों को सुकन्या समृद्धि योजना के लाभों से अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत 10 वर्ष से कम उम्र की बालिकाओं का खाता खोला जाता है, जिस पर 8.2 प्रतिशत का आकर्षक ब्याज मिलता है और आयकर अधिनियम की धारा 80 सी के तहत कर में छूट भी मिलती है। इस योजना में न्यूनतम 250 रूपए से लेकर अधिकतम 1.5 लाख तक का वार्षिक निवेश किया जा सकता है। विशेष कैम्प के दौरान अभिभावकों के आग्रह पर डाक विभाग की अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं जैसे 15 वर्षीय सार्वजनिक भविष्य निधि खाता और डाक जीवन बीमा के बारे में भी जानकारी दी गई।
स्मार्ट चॉइस टुडे फॉर अ सेफ टुमॉरो की थीम पर आधारित यह आयोजन भारतीय डाक विभाग के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में डाक विभाग के पदाधिकारी कृष्ण कुमार मालवीय, शैलेश मेश्राम, जयप्रकाश चौधरी और उनकी टीम का सराहनीय योगदान रहा।
सड़क दुर्घटना में घायल बैल की जान बचाई
मोबाइल वेटरनरी यूनिट बीजाडांडी की टीम ने किया सफल उपचार
एनएच-30 पर कालपी के पास हुआ हादसा
ग्रामीणों ने टीम की तत्परता की सराहना की
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर कालपी के पास एक वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए एक बैल की जान मोबाइल वेटरनरी यूनिट बीजाडांडी की टीम ने बचा ली। समय पर इलाज मिलने से बैल की हालत में चमत्कारी सुधार हुआ, जिससे ग्रामीणों ने टीम की जमकर सराहना की। बताया गया कि हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार वाहन ने बैल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बैल का आगे का पैर पूरी तरह टूट गया था और उसकी हालत बेहद गंभीर थी। सूचना मिलते ही बीजाडांडी ब्लॉक की मोबाइल वेटरनरी यूनिट के वेटरनरी ऑफिसर डॉ. जया गुप्ता, पैरावेट मनोहर दायमा और अटेंडेंट अंकित कुमार सिंगौर तत्काल मौके पर पहुँची।
बताया गया कि डॉ. मनोज पाठक और डॉ. प्रभात शिवहरे के मार्गदर्शन में टीम ने सड़क किनारे ही घायल बैल का तुरंत उपचार शुरू किया। टीम ने पैर की गंभीर चोट पर दवा लगाई, ड्रिप चढ़ाई और घाव की सही तरीके से ड्रेसिंग की। कुछ ही देर में इलाज का असर दिखने लगा और बैल अपने पैरों पर खड़ा हो गया। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने मोबाइल वेटरनरी यूनिट की टीम की संवेदनशीलता, तत्परता और समर्पण की खुलकर प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि टीम न केवल तकनीकी रूप से सक्षम है, बल्कि पशुओं के प्रति उनका मानवीय दृष्टिकोण भी सराहनीय है, जिसके कारण कई बार गंभीर रूप से घायल पशुओं की जान बचाई गई है। क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों और आवारा मवेशियों के कारण लगातार बढ़ रहे हादसों को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा और मवेशियों की देखभाल पर विशेष ध्यान देने की मांग की है।
जनपद सदस्य पर छात्राओं से मारपीट का मामला दर्ज
एकीकृत शासकीय हाई स्कूल डोंगर मंडला का मामला
मंडला महावीर न्यूज 29.विगत 6 सितंबर को सुबह लगभग 11 बजे जनपद सदस्य मुकेश मार्को द्वारा एकीकृत शासकीय हाई स्कूल डोंगर मंडला में कक्षा नवमी की छात्र, छात्राओं से अंग्रेजी एवं विज्ञान के प्रश्न पूछे गए। प्रश्नों का उत्तर न दे पाने पर उन्होंने छड़ी से कक्षा के अंदर उपस्थित सभी बालक, बालिकाओं को छड़ी से मारकर दंडित किया। इस दौरान मुकेश कुमार अपने साथियों के साथ मौजूद रहे और घटना का वीडियो भी बनवाया।
बताया गया कि घटना की जानकारी मिलने पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य रमेश गुमास्ता ने 20 सितंबर को थाना घुघरी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जनपद सदस्य मुकेश मार्को के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 333 एवं 115(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार धारा 333 के अंतर्गत सरकारी कार्य में बाधा एवं शारीरिक क्षति से संबंधित प्रावधान हैं, जबकि 115(2) सार्वजनिक स्थान पर भय या उत्पीडऩ फैलाने जैसी गतिविधियों पर लागू होती है। फिलहाल घुघरी पुलिस ने प्रकरण में वीडियो साक्ष्य को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जनपद सदस्य ने स्कूल में बच्चों को दिया दंड, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
शिक्षा विभाग और जनप्रतिनिधियों के बीच विवाद
सहायक आयुक्त जनजाति कार्यविभाग ने जांच का दिया आश्वासन
मंडला महावीर न्यूज 29.हाई स्कूल डोंगरमंडला में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां जनपद सदस्य मुकेश मार्को द्वारा बच्चों को शिक्षण कार्य कराने के साथ उन्हें दंडित भी किया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय लोगों के बीच विवाद बढ़ गया है। वायरल वीडियो में स्पष्ट नजर आ रहा है कि जनपद सदस्य मुकेश मार्को एक कक्षा में उपस्थित सभी छात्र, छात्राओं को एक-एक कर एक लकड़ी की छड़ी से मारते हुए नजर आ रहे है, जो इनके अधिकार क्षेत्र के बाहर है।
जानकारी अनुसार अब स्कूल के शिक्षको को भी मारने और सजा देने का अधिकार नहीं है, बावजूद इसके एक जनप्रतिनिधि ने स्कूल के छात्रों को मारा। ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डीके सिंगौर ने बताया कि नि:शुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत छात्रों को शरीरिक दंड और मानसिक उत्पीडऩ करने का अधिकार नहीं है। बावजूद इसके बिना अनुमति के एक जनप्रतिनिधि का शाला में आकर बच्चों को पढ़ाना और उन्हे दण्डित करना अनुचित है।
बताया गया कि विगत दिवस जनपद पंचायत सदस्य मुकेश मार्को अचानक हाई स्कूल डोंगरमंडला के विद्यालय पहुँचे और एक कक्षा में बच्चों को पढ़ाने लगे। बच्चों को पढ़ाते समय उनके हाथ एक पतली लकड़ी की छड़ी भी थी, जो पढ़ाते समय बच्चों की टेबल भी मार रहे थे, इसी दौरान उन्होंने कुछ विद्यार्थियों को इसी पतली छड़ी से दंडित भी किया। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री गुमास्ता ने इस बात की पुष्टि की है कि जनपद सदस्य ने बच्चों से शिक्षण कार्य कराया था, लेकिन उन्होंने कहा कि उन्हें दंड देने की जानकारी नहीं है।
छात्रों को विद्यालय में दण्ड देने का अधिकार किसी को नहीं
बताया गया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो स्वयं जनपद सदस्य मुकेश मार्को द्वारा साझा किया गया है। इस वीडियो में वे बच्चों को पढ़ाते हुए और उन्हें दंडात्मक गतिविधियां करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। इस घटना ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों और ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में शिक्षण कार्य और अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का अधिकार केवल शिक्षकों का होता है। एक जनप्रतिनिधि का इस तरह से सीधे हस्तक्षेप करना न केवल अनुचित है, बल्कि नियमों का उल्लंघन भी है।
दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
बच्चों को छड़ी से मारने का मामला प्रकाश में आने के बाद एसी वंदना गुप्ता ने इस मामले को संज्ञान मे लिया है। उन्होंने कहां यह कृत्य अशोभनीय है। इस वीडियो को कलेक्टर के पास भेजकर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस बयान के बाद उम्मीद है कि मामले की गहन जांच होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इनका कहना है
मामला आपके द्वारा संज्ञान में लाया गया है। उक्त वीडियो को देखते हुए यह कृत्य अशोभनीय है। इसे कलेक्टर के पास भेजकर प्रतिवेदन प्रस्तुत कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। श्रीमती वंदना गुप्ता,सहायक आयुक्त जनजाति कार्यविभाग, मंडला
आरटीई में विद्यार्थियों को शारीरिक दंड निषेध किया गया है यह सर्व विदित है शिक्षक इसका ध्यान रखते हैं। जन प्रतिनिधि से ऐसी गलती दुर्भाग्यपूर्ण है। इसकी जांच होनी चाहिए। बच्चों से कोई शिकायत थी तो प्राचार्य को अवगत कराना चाहिए था। डीके सिंगौर,प्रदेश अध्यक्ष, ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन मप्र
खिलाडिय़ों में दिखा उत्साह, दिखाया दम
मंडला सांसद ने 9.38 लाख के जूडो मेट का किया लोकार्पण
2 लाख युवाओं को जोडऩे का लक्ष्य
सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ किया गया। जिले के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया और 9.38 लाख रुपये की लागत से बने आधुनिक जूडो मेट का लोकार्पण कर खेल सुविधाओं को और मजबूत किया। उद्घाटन समारोह में हिंदुस्तान का दिल धड़का दो, जिंगल की गूंज से पूरा स्टेडियम ऊर्जा और जोश से भर उठा। महोत्सव के शुभंकर मेस्कॉट अर्जुन ने बच्चों और युवाओं को खूब आकर्षित किया। इस दौरान प्रशिक्षक पूर्णिमा रजक के निर्देशन में वुशु का शानदार प्रदर्शन हुआ, वहीं राष्ट्रीय स्तर की आर्टिस्टिक योग खिलाड़ी रुबीना सिंह ने योग की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।
बताया गया कि महोत्सव की शुरुआत ऐतिहासिक महत्व से जुड़ी रही। मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने आदिवासी क्रांतिकारी राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह की पुण्यतिथि पर उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इन वीरों के बलिदान ने स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी थी और उनका जीवन आदिवासी समाज ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि मंडला जैसे आदिवासी अंचल की खेल प्रतिभाएं इस महोत्सव के माध्यम से एक नई पहचान बनाएंगी। यह मंच युवाओं को अवसर देने के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करेगा।
युवाओं के सर्वांगीण विकास का माध्यम
यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से देशभर में हो रहे सांसद खेल महोत्सव का हिस्सा है। कुलस्ते वेलफेयर फाउंडेशन के वेद प्रकाश कुलस्ते ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य सिर्फ खेल प्रतियोगिताएं कराना नहीं है, बल्कि युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करना है। इसके माध्यम से टीम भावना, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और ग्रामीण व शहरी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का लक्ष्य है।
9 खेलों में होगी प्रतियोगिता, राष्ट्रीय स्तर तक जाने का मिलेगा मौका
जिला खेल अधिकारी विकास खराडकर ने महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में 9 खेलों योग, रस्साकशी, फन गेम्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, क्रिकेट और तीरंदाजी को शामिल किया गया है। ये प्रतियोगिताएं विभिन्न आयु वर्गों में होंगी। जिला स्तर पर चयनित खिलाडिय़ों को राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार भी दिए जाएंगे। इस बार महोत्सव में 2 लाख से अधिक युवाओं को जोडऩे का लक्ष्य रखा गया है, जो एक बड़ा कदम है।
बड़ी संख्या में पहुंचे अतिथि और खिलाड़ी
लॉन्चिंग कार्यक्रम कुलस्ते फाउंडेशन और खेल और युवा कल्याण विभाग मंडला के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, खिलाडिय़ों और छात्रों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। कार्यक्रम में मंडला और डिंडोरी के जिला अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, पूर्व विधायक सहित कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद थे, जिनमें पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा भी शामिल थे।
तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को रौंदा
गंभीर हालत में ले जाते समय हुई मौत
दाह संस्कार में बड़ी संख्या में शामिल हुए लोग
मंडला महावीर न्यूज 29.निवास-मंडला मार्ग में कांपा से चकदेही के पास बबलिया मुरला पानी के पास एक तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार सुकल सिंह परस्ते 42 वर्ष की दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि सुकल सिंह परस्ते कांपा आश्रम में पियून के पद पर कार्यरत थे। वे अपनी बाइक से कांपा आश्रम से घर की ओर आ रहे थे, इसी दौरान एक यात्री बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई। हादसे में सुकल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल एक निजी वाहन से निवास अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि निवास अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे उनके गृहग्राम दरगढ़ लाया गया। जहां 19 सितंबर को दोपहर करीब 1 बजे शांति धाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सुकल सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए मौजूद रहे। शव यात्रा में जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र वरकडे, जनपद अध्यक्ष आसाराम भारती, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष डॉ. विजय सरवटे, भाजपा मंडल अध्यक्ष संदेश जायसवाल सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और ग्रामीण शामिल हुए।
मनेरी आईओसीएल प्लांट में सीबीआरएन आपदा पर मॉक ड्रिल
एनडीआरएफ, एसडीईआरएफ और जिला प्रशासन ने किया संयुक्त अभ्यास
एलपीजी रिसाव की स्थिति से निपटना सीखा
मंडला महावीर न्यूज 29.आपदा प्रबंधन और जोखिम न्यूनीकरण योजना के तहत, 11 एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) वाराणसी की एक टीम ने निरीक्षक संजीव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में मंडला जिले के मनेरी स्थित आईओसीएल एलपीजी बॉटलिंग प्लांट में सीबीआरएन (रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और परमाणु) आपदा पर एक संयुक्त मॉक अभ्यास किया। इस अभ्यास में प्लांट कर्मचारी, एसडीईआरएफ, होमगार्ड, पुलिस और जिला प्रशासन ने हिस्सा लिया।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य एलपीजी गैस रिसाव जैसी आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटना था। अभ्यास के दौरान एक परिदृश्य तैयार किया गया, जिसमें एक एलपीजी गैस टैंकर से रिसाव हो रहा था और कुछ कर्मचारी इसके संपर्क में आकर प्रभावित हो गए थे।
जैसे ही आपातकालीन अलार्म बजा, एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया। टीम ने तुरंत स्थिति का आकलन किया, एक ऑपरेशन बेस, मेडिकल पोस्ट और संचार पोस्ट स्थापित किया। इसके बाद, सीबीआरएन सूट पहनकर बचाव दल ने रिसाव के स्रोत को सील कर दिया और प्रभावित कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। पीडि़तों और बचाव दल की परिशोधन प्रक्रिया भी पूरी की गई।
यह पूरा अभ्यास एसडीएम निवास सीएल वर्मा, आईओसीएल के उप महाप्रबंधक एस.एस. बाजपाई, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट नरेश कुमार साहू और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया। इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य सभी हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, संसाधनों की दक्षता की जाँच करना और किसी भी वास्तविक सीबीआरएन आपदा की स्थिति में बहुमूल्य जीवन को बचाना था।
148 प्रतिभागियों को प्रदान किए नियुक्ति पत्र
नारायणगंज में आयोजित हुआ रोजगार मेला
गार्डियंस ट्रेनिंग एकेडमी हैदराबाद कंपनी के लिए 126 प्रतिभागी का चयन
22 प्रतिभागियों का कंपनी द्वारा प्राथमिक चयन
मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत विकासखंड नारायणगंज में विकासखंड स्तरीय रोजगार मेला, कैम्प का आयोजन किया गया। मेले में 189 बेरोजगार युवक-युवतियों द्वारा पंजीयन कराया गया। मेले के दौरान 148 प्रतिभागियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। जिसमें सुरक्षा जवान एवं सुपरवाईजर कि भर्ती के लिए गार्डियंस ट्रेनिंग एकेडमी हैदराबाद कंपनी के लिए 126 प्रतिभागी व प्रथम एजुकेशन जबलपुर के लिए 22 प्रतिभागियों का कंपनी द्वारा प्राथमिक चयन किया गया।
आयोजित रोजगार मेले में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नारायणगंज, अविनाश शर्मा जनपद उपाध्यक्ष नारायणगंज, श्रुति सागर उपाध्याय विकासखंड प्रबंधक़, श्री राकेश झारिया, श्रीमति मंजूलता पड़वार, श्रीमति सरस्वती नीखर-सहा. विकासखंड प्रबंधक एवं श्री दशरथ रजक-कार्यालय सहायक सह-कम्पूटर ऑपरेटर, श्री मोहित कुमार सिंगरौरे-कार्यालय परिचायक, निधि मिश्रा व कंपनी प्रतिनिधि उपस्थित थे।
विकासखंड-निवास में 22 सितंबर को, विकासखंड-नैनपुर में 23 सितंबर को, विकासखंड-मवई में 24 सितंबर को एवं विकासखंड-मंडला में 25 सितंबर को रोजगार मेला/कैम्प आयोजित किया जाना है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले से शिक्षकों में हड़कंप, टीईटी अनिवार्यता पर पुनर्विचार की मांग
राज्य सरकार से पुनर्विचार याचिका दाखिल करने की अपील
2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से मिले छूट
सरकार दायर करे पुनर्विचार याचिका
शिक्षक पात्रता परीक्षा पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से हड़कंप
एसोसिएशन ने केंद्र और राज्य सरकार से मांगी राहत
मंडला महावीर न्यूज 29. सर्वोच्च न्यायालय के हालिया फैसले ने देश भर के शिक्षकों विशेषकर 2011 से पहले नियुक्त हुए शिक्षकों में भारी बेचैनी पैदा कर दी है। इस फैसले के अनुसार कक्षा 1 से 8 तक के सभी शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करना अनिवार्य है। इस अनिवार्यता को पूरा न करने वाले शिक्षकों को अपनी नौकरी और पदोन्नति से हाथ धोना पड़ेगा। ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन मप्र ने इस फैसले को नैसर्गिक न्याय के सिद्धांतों के विरुद्ध बताया है और इसे थोपा हुआ निर्णय करार दिया है। बताया गया कि यह निर्णय शिक्षा का अधिकार अधिनियम पर आधारित है, जिसके तहत सभी शिक्षकों के लिए पात्रता परीक्षा का प्रावधान है। राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद ने 25 अगस्त 2010 को इस संबंध में एक नियमावली जारी की थी, जिसके बाद कई राज्यों में टीईटी लागू हुई। एसोसिएशन का मानना है कि जब भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद नियमों को नहीं बदला जा सकता, तो भर्ती हो जाने के बाद न्यूनतम योग्यता को कैसे बदला जा सकता है। 25 अगस्त 2010 से पहले नियुक्त शिक्षक, उस समय के नियमों के अनुसार योग्य थे।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि जब एनसीटीई ने 25 अगस्त 2010 को टीईटी को अनिवार्य किया था, तब राज्य सरकारों और शिक्षा विभाग का यह दायित्व था कि वे शिक्षकों से एक वचन पत्र भरवाते कि उन्हें टीईटी उत्तीर्ण करना होगा। ऐसा होता तो शिक्षक न्यायालय में अपना पक्ष रख सकते थे। उनका कहना है कि तमिलनाडु और महाराष्ट्र के मामले में आए इस फैसले में उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका नहीं मिला।
मध्य प्रदेश के शिक्षकों पर पड़ा प्रभाव
मध्यप्रदेश के शिक्षकों में भी इस फैसले को लेकर गहरी चिंता है। राज्य में 2005 से ही पात्रता परीक्षा के आधार पर शिक्षकों की नियुक्ति होती रही है और 2012 से टीईटी के अनुसार परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। मप्र में शिक्षाकर्मी, संविदा शाला शिक्षक और गुरुजी जैसे विभिन्न संवर्गों की नियुक्तियां सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों पर ही हुई थीं। एसोसिएशन ने न्यायालय के उस निर्णय पर भी सवाल उठाया है जिसमें 5 साल से कम सेवा अवधि वाले शिक्षकों को टीईटी से छूट दी गई है। उनका कहना है कि यदि आरटीआई का कड़ाई से पालन कराना है, तो यह छूट क्यों दी गई? उनका सुझाव है कि यह अवधि 10 साल भी हो सकती थी और विवेकपूर्ण निर्णय लेते हुए न्यायालय को 2011 से पहले नियुक्त सभी शिक्षकों को छूट देनी चाहिए थी।
एसोसिएशन की मांगें :
ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन मप्र अध्यक्ष डीके सिंगौर और महासचिव सुरेश यादव ने कहा है कि वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को नए नियमों के अनुसार अपनी योग्यता साबित करने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। उन्होंने इस फैसले को नैसर्गिक न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ बताया है और माननीय सर्वोच्च न्यायालय से स्पष्टीकरण और मार्गदर्शन की मांग की है।
एसोसिएशन ने मध्य प्रदेश सरकार से उत्तर प्रदेश और केरल की तर्ज पर सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार से भी इस मामले में अध्यादेश लाकर उन शिक्षकों के लिए टीईटी के नियमों को शिथिल करने का आग्रह किया है जो प्रावधान लागू होने से पहले नियुक्त किए गए थे। उनका तर्क है कि जब केंद्र सरकार निर्वाचन आयोग की नियुक्ति के मामले में अध्यादेश ला सकती है, तो इस मामले में भी ऐसा किया जाना चाहिए। यह मुद्दा अब कानूनी और राजनीतिक दोनों ही स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है, और लाखों शिक्षकों की निगाहें सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं।
इनका कहना है
टीईटी की अनिवार्यता से 2011 के पहले नियुक्त हुए बेसिक शिक्षा के शिक्षकों में बेहत चिंता और निराशा आ गई है आत्म हत्या के मामले भी सुनने में आ रहे हैं ऐसे में मप्र सरकार को अपना वक्तव्य जारी करना चाहिए और शिक्षकों को इस संकट से उबारने के लिए अपने कदम से अवगत कराना चाहिए।
डीके सिंगौर, प्रदेश अध्यक्ष
ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन मप्र
शैक्षणिक संस्थानों के पास तंबाकू बिक्री पर मंडला पुलिस का शिकंजा
शैक्षणिक संस्थानों के पास 2 दिन में 20 दुकानदारों पर हुई कार्रवाई
मंडला महावीर न्यूज 29.छात्रों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए मंडला पुलिस ने शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री के खिलाफ एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य है कि युवाओं को आसानी से तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थ न मिल सकें, जिससे वे नशे की लत से दूर रहें।
इस अभियान के दूसरे दिन थाना महाराजपुर की टीम ने 11 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की, जो शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के भीतर सिगरेट, बीड़ी और गुटका जैसे तंबाकू उत्पाद बेच रहे थे। पुलिस ने इन सभी दुकानदारों पर सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की है।
मंडला पुलिस ने बताया कि इस अभियान के पहले दो दिनों में ही कुल 20 दुकानदारों पर नियम तोड़ने के लिए कार्रवाई की जा चुकी है। यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस का मानना है कि इस तरह की लक्षित कार्रवाई से छात्रों को नशे से बचाया जा सकेगा और उनका भविष्य सुरक्षित रहेगा। इस अभियान से यह साफ हो गया है कि मंडला पुलिस शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति कितनी गंभीर है और वह आने वाली पीढ़ी को एक स्वस्थ वातावरण देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
जीर्णोद्धार की आस में ऐतिहासिक थांवर पुल
छोटे रपटा पुल की तर्ज पर किया जा सकता है विकसित
मंडला महावीर न्यूज 29. ब्रिटिश कालीन शिल्पकला का अद्भुत उदाहरण थांवर पुल आज अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। अंग्रेजों के शासनकाल में बने इस पुल के मजबूत पिलर आज भी चट्टान की तरह खड़े हैं, लेकिन तेज बहाव और नए पुल की टेल से ऊपरी परत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। नए पुल के बनते ही इस ऐतिहासिक धरोहर की अनदेखी शुरू हो गई, जिससे इसकी स्थिति दिन-ब-दिन भयावह होती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन जनसहयोग और ठेकेदारों की मदद से पहल करे तो थांवर पुल का पुन: जीर्णोद्धार कर उसे पैदल आवागमन के लिए जिला मुख्यालय स्थित छोटे रपटा घाट की तर्ज पर विकसित किया जा सकता है। इससे न केवल लोगों को पैदल चलने और टहलने का सुरक्षित मार्ग मिलेगा, बल्कि यह क्षेत्र के लिए एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में भी उभर सकता है।
इतिहासकारों का कहना है कि यह पुल सिर्फ एक संरचना नहीं, बल्कि उस दौर की इंजीनियरिंग और शिल्पकला का जीवंत दस्तावेज है। इसका संरक्षण न केवल विरासत को बचाएगा, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपने अतीत से जोडऩे का अवसर देगा। स्थानीय प्रशासन यदि समय रहते पहल करे तो यह धरोहर आने वाले वर्षों तक क्षेत्र की शान बन सकती है।
एक्सिस बैंक मंडला की लापरवाही से सरकारी काम प्रभावित
बार-बार दस्तावेज जमा करने पर भी चेक बाउंस, स्कूल प्राचार्य परेशान
मंडला महावीर न्यूज 29.एक्सिस बैंक की मंडला शाखा की घोर लापरवाही और मनमानी के कारण शासकीय हाईस्कूल सेमरखापा के प्राचार्य कृष्ण कुमार हरदहा को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैंक की इस गैर जिम्मेदाराना रवैये से विद्यालय के महत्वपूर्ण शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। प्राचार्य कृष्ण कुमार हरदहा ने बताया कि उनके विद्यालय के सात खाते एक्सिस बैंक में संचालित हैं। पूर्व प्राचार्य भारत भूषण नामदेव के 31 अक्टूबर 2019 को सेवानिवृत्त होने के बाद से ही खातों में नए प्राचार्य का नामांतरण नहीं हो पाया है। इसके लिए वे पिछले कई सालों से लगातार बैंक में लिखित आवेदन और सभी जरूरी दस्तावेज लगभग तीन से चार बार जमा करा चुके हैं, लेकिन अब तक पांच खातों में यह प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है।
बताया गया कि इस समस्या के कारण विद्यालय की विभिन्न निधियां जिसमें रेडक्रॉस, खेलकूद और स्काउट-गाइड से संबंधित पैसों को शासकीय खजाने में समय पर जमा कराने में बाधा आ रही है। इसके साथ ही विद्यालय के रोजमर्रा के लेन-देन भी अस्त-व्यस्त हो गए हैं। प्राचार्य ने बताया कि जब भी वे बैंक में दस्तावेज जमा करते हैं, तो कुछ दिनों तक उनके हस्ताक्षर से लेन-देन होता है, लेकिन जैसे ही बैंक के अधिकारी या कर्मचारी बदलते हैं, उनके द्वारा जारी किए गए चेक यह कहकर बाउंस कर दिए जाते हैं कि हस्ताक्षर मेल नहीं खा रहे। इसके बाद फिर से सारे दस्तावेज जमा कराने पड़ते हैं, तब कहीं जाकर लेन-देन शुरू होता है। यह सिलसिला पिछले कई वर्षों से लगातार चल रहा है।
प्राचार्य कृष्ण कुमार हरदहा ने बताया कि इस समस्या से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नामांतरण न होने के कारण लगातार चेक बाउंस हो रहे हैं। प्रत्येक चेक बाउंस होने पर व्यापारी को 177 की पेनल्टी चुकानी पड़ती है, जिसका भुगतान अंतत: प्राचार्य को अपनी जेब से करना पड़ रहा है। इससे न केवल उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि विद्यालय की प्रतिष्ठा पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
विद्यालय प्रबंधन ने बैंक की इस लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा है कि एक्सिस बैंक मंडला की इस उदासीनता ने शासकीय कार्यों को ठप कर दिया है। बार-बार दस्तावेज जमा करने के बावजूद बैंक की मनमानी जारी है। विद्यालय ने बैंक प्रबंधन से तत्काल सभी लंबित खातों में नामांतरण की प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है, अन्यथा इस मामले को जिला प्रशासन और उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा।
नो एंट्री में घुसे ट्रैक्टर चालकों पर 10 हजार रुपए का जुर्माना
यातायात नियमों के उल्लंघन पर 11 वाहनों का चालान
वसूले 13 हजार 300 रूपए
मंडला महावीर न्यूज 29.पुलिस अधीक्षक के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में मंडला पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को थाना महाराजपुर की पुलिस टीम ने दो ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों पर नो-एंट्री नियम का उल्लंघन करने के आरोप में कार्रवाई की।
पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली क्रमांक एमपी 51 एबी 2266 और एमपी 51 एए 4678 पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 10 हजार रुपए का चालान किया। इसके साथ ही चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि वे अपनी ट्रॉली का वाणिज्यिक पंजीयन कराएं, सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और निर्धारित समय के बाद ही शहर में प्रवेश करें। पुलिस ने ट्रैक्टर पर मजदूरों या अन्य व्यक्तियों को बैठाने पर भी रोक लगाई।
इस अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे 6 लोगों पर 1 हजार 800 रूपए का जुर्माना लगाया गया। इसके साथ ही यातायात के अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले 3 और वाहन चालकों पर 1 हजार 500 रूपए का चालान किया है। बताया गया कि पुलिस ने एक ही दिन में 11 वाहनों पर 13 हजार 300 रूपए की चालानी कार्रवाई की। इससे पहले भी 16 सितंबर को थाना महाराजपुर पुलिस ने नो-एंट्री नियम का उल्लंघन करने वाले दो ट्रैक्टर चालकों पर चालान किया था।
यातायात पुलिस ने छात्रों के लिए लगाई सड़क सुरक्षा की पाठशाला
छात्र हिट एंड रन से लेकर कैशलेस उपचार तक, सरकारी योजनाओं से हुए परिचित
मंडला महावीर न्यूज 29.छात्रों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से जगन्नाथ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने थाना यातायात मंडला का भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया।
थाना परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रस्तुति दी, जिसमें सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उपायों पर विशेष जोर दिया गया। छात्रों को बताया गया कि कैसे छोटे-छोटे नियमों का पालन करके वे खुद को और दूसरों को सुरक्षित रख सकते हैं। इसके साथ ही छात्रों को सरकार की कुछ महत्वपूर्ण योजनाओं से भी अवगत कराया गया। इनमें राहगीर योजना शामिल है, जिसके तहत सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को कानूनी सुरक्षा और 25 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाता है।
इसके साथ ही हिट एंड रन पीडि़त प्रतिकर योजना के बारे में भी बताया गया। इस योजना में अज्ञात वाहन से हुई दुर्घटना में मृत्यु होने पर 2 लाख और गंभीर रूप से घायल होने पर 50 हजार रुपए का सरकारी मुआवजा दिया जाता है। छात्रों को यह भी बताया गया कि सड़क दुर्घटना के शिकार लोगों के लिए कैशलेस उपचार योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों में 1.5 लाख तक का नि:शुल्क इलाज उपलब्ध है। इस दौरान विद्यार्थियों को योजनाओं और यातायात नियमों से संबंधित टैम्पलेट बांटे गए, जिससे वे इन जानकारियों को याद रख सकें और दूसरों के साथ साझा कर सकें।
तीन साल से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार
नैनपुर पुलिस ने दो अन्य गिरफ्तारी वारंटियों को भी पकड़ा, न्यायालय में किया पेश
मंडला महावीर न्यूज 29.पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देश और एसडीओपी नैनपुर के मार्गदर्शन में थाना नैनपुर पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी और दो अन्य गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़कर न्यायालय में पेश किया है।
नैनपुर पुलिस ने बताया कि स्थायी वारंटी मुकेश पिता भादूलाल परते निवासी ग्राम धतुरा पिछले तीन साल से फरार था। उसे पुलिस ने नैनपुर के वार्ड नंबर 3 से गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस ने दो गिरफ्तारी वारंटियों को भी पकड़ा है। जिसमें राजेश वर्मा को जबलपुर से और अशोक सिंदराम को उसके निवास स्थान अंडिया से गिरफ्तार किया गया है। बताया गया कि इस कार्रवाई में थाना नैनपुर प्रभारी निरीक्षक बलदेव सिंह मुजाल्दा और उनकी टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई।
महीनों से नहीं खुल रहा ग्राम भीमा का आंगनबाड़ी केंद्र
लापरवाही का आरोप, बच्चों को नहीं मिल रहा मिड-डे-मील
धात्री महिलाएं परेशान, परियोजना अधिकारी ने जांच का दिया आश्वासन
मंडला महावीर न्यूज 29.जनपद पंचायत बिछिया की ग्राम पंचायत भीमा आंगनबाड़ी केंद्र जुलाई 2025 से लगभग बंद पड़ा है, जिससे बच्चों और गर्भवती-धात्री महिलाओं को मिलने वाली सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस घोर लापरवाही से ग्रामीण परेशान हैं और जिम्मेदार अधिकारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्राम पंचायत सरपंच रामकुमारी सैयाम और अन्य ग्रामीण ओम नरेश सैयाम और किशोर यादव ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र समय पर नहीं खुलता और सप्ताह में एक-दो दिन ही खुलता है, जिसकी जानकारी बच्चों और ग्रामीणों को नहीं मिल पाती। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका की अनुपस्थिति के कारण बच्चों को न तो केंद्र पर लाया जाता है और न ही उन्हें मिड-डे-मील या पोषण आहार दिया जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के न होने से गर्भवती और धात्री महिलाओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें न तो सही जानकारी मिल पाती है और न ही उनके लिए आने वाला पोषण आहार वितरित होता है। महिलाओं के नाम पर आने वाला पोषण आहार कहाँ जा रहा है, इस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
आशा कार्यकर्ता कर रही लापरवाही
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव की आशा कार्यकर्ता भी अपने कर्तव्यों का पालन नहीं कर रही हैं। वे भीमा से लगभग 25 किलोमीटर दूर रहती हैं, जिससे आपात स्थिति खासकर डिलीवरी के समय महिलाओं को भारी परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की लापरवाही के कारण परिवार नियोजन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं से भी कई लोग वंचित रह जाते हैं।
परियोजना अधिकारी ने दिया जांच का आश्वासन
इस मामले की जानकारी मिलने पर महिला बाल विकास के परियोजना अधिकारी विनोद कुमार वाहने ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि मुझे अभी जानकारी मिली है। मैं शीघ्र ही ग्राम भीमा केंद्र की स्थिति की जानकारी लेता हूं। अगर कोई गड़बड़ी पाई गई तो उसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों को उम्मीद है कि अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद जल्द ही आंगनबाड़ी केंद्र सुचारू रूप से चलने लगेगा और सभी को योजनाओं का लाभ मिल पाएगा।
उदयपुर में राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह का बलिदान दिवस मनाया
आदिवासी समाज ने पारंपरिक वेशभूषा में निकाली विशाल रैली
मंडला महावीर न्यूज 29. स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीद राजा शंकर शाह और उनके वीर पुत्र कुंवर रघुनाथ शाह के 168वें बलिदान दिवस के अवसर पर, उदयपुर स्थित शंकर शाह-कुंवर रघुनाथ शाह प्रांगण में जन सेवा युवा संगठन द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर गोंड समाज के लोगों ने अपने पूर्वजों की शहादत को याद किया।
1857 की क्रांति में गोंडवाना के इन वीरों ने अंग्रेजों के सामने झुकने से इंकार कर दिया था। उन्होंने न केवल तलवार से बल्कि अपनी कविताओं और गीतों से भी जनता में स्वतंत्रता की अलख जगाई। 18 सितंबर 1858 को अंग्रेजों ने उन्हें तोप से बांधकर उड़ा दिया था, और इसी दिन को हर साल बलिदान दिवस के रूप में मनाया जाता है। कार्यक्रम की शुरुआत में एक विशाल रैली निकाली गई जो समानपुर तिराहे से शुरू होकर खेरमाई कॉलोनी से गुजरी और वापस वहीं समाप्त हुई। रैली में युवा और महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-नगाड़ों की थाप पर राही कर्मा और सेला नृत्य करते दिखे।
रैली के बाद मंच पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें कई वक्ताओं और बाहर से आए मेहमानों ने जनसमूह को संबोधित किया। कार्यक्रम में निवास विधानसभा विधायक चैन सिंह वरकडे, जिला सदस्य पुष्पा मरकाम, पूर्व जिला सदस्य पुसुआ उददे, जनपद अध्यक्ष करिश्मा पुट्टा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। राजस्थान से आए जगदीश मखवाना और भोपाल से आए राम सिंह कोकडिय़ा विशेष अतिथि भी मौजूद रहे। सभी ने शहीदों के बलिदान को याद किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
संस्कार, शिक्षा और स्वास्थ्य मनुष्य के लिए महत्वपूर्ण
स्वस्थ मां अपने स्वास्थ्य की चिंता करेगी तो एक स्वस्थ बच्चे को जन्म देगी
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ
मंडला महावीर न्यूज 29. महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए मंडला जिले में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा, जिसका उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। आयोजित शिविर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75 वें जन्मदिन के अवसर पर सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम का भव्य आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में आयोजित किया गया।
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। इस दौरान पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रतन सिंह ठाकुर, जनपद उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा, भाजपा मंडल ब्लाक अध्यक्ष किसन तेकाम, पूर्व जिला पंचायत सदस्य डा. विजय सर्वटे, समाजसेवी दीपक पदम, सीबीएमओ डॉ अमृत लाल कोल, ब्लाक परियोजना अधिकारी संजीव मोहरे समेत ग्रामीण और सीएचसी स्टाफ मौजूद रहा। इस दौरान सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल ने उपस्थितजनों को बताया कि अब 100 प्रतिशत संस्थागत प्रसव हो रहा है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग का अमला, महिला बाल विकास, आंगनवाडी कार्यकर्ता समेत अन्य विभाग भी इसके लिए लोगों को जागरूक कर रहा है। प्रसव के दौरान वाहन की सुविधा लाने और ले जाने के लिए दी जा रही है। इसके साथ ही प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है।
स्वास्थ्य शिविर के शुभारंभ अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रतन सिंह ठाकुर ने उपस्थित जन और स्टाफ से कहा कि अब महिलाओं में बदलाव आ गया है, वे भी किसी से कम नहीं है, पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। उन्होंने कहा कि नारी के साथ यदि भेद हुआ है तो वह नारी ही भेद करती है, नारी ही अपने बेटे और बेटी में भेद करती है। यदि बेटा घर से बाहर घंटों रहे तो उसे कुछ नहीं कहा जाता है, वहीं बेटी यदि कुछ देर के लिए ही बाहर जाए तो सबसे पहले मां ही सवाल करती है, जो हमारा सामाजिक परिवेश है, लेकिन अब बदलाव आ गया है, पहले महिलाओं को सुरक्षित रख पाना मुश्किल होता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है, समय बदल गया है।
एक स्वस्थ्य मां एक स्वस्थ्य बच्चे को जन्म देगी
उन्होंने मातृ शक्तियों से निवेदन किया है कि बेटे और बेटी में भेद ना करें, दोनों एक सामान है। उन्होंने आगे कहा कि एक स्वस्थ मां एक स्वस्थ बच्चे को जन्म देगी, जो संस्कार देगी वह जीवन भर काम आता है। संस्कार, शिक्षा और स्वास्थ्य ये मनुष्य के लिए अनिवार्य और महत्वपूर्ण है। यदि एक स्वस्थ मां अपने स्वास्थ्य की चिंता करेगी और एक स्वस्थ बच्चे को जन्म देगी, अच्छे संस्कार देगी तो मान के चलिये की वह इस देश का एक जिम्मेदार नागरिक बनेगा। रतन सिंह ठाकुर ने कहां कि मै ऋणी मानता हूं इस देश के सिपाहियों का और स्वास्थ्य विभाग का क्योंकि जवान देश की रक्षा कर रहे है, और देश के अंदर नागरिकों की कोई रक्षा कर रहा है वह है स्वास्थ्य कर्मचारी है, जो दिन रात लोगों के स्वास्थ्य की देखभाल में लगे रहे है।
जन आंदोलन के रूप में राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन
ब्लाक परियोजना अधिकारी संजीव मोहरे ने बताया कि 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक आठवां राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन जन आंदोलन के रूप में किया जाना है। इसी तारतम्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का शुभारम्भ भी किया गया। इसमें पोषण माह के दौरान समन्वित प्रयास माता, किशोरी एवं बच्चों के पोषण पर प्रभावी रूप से कार्य करने का प्रयास किया जायेगा। इसमें प्रतिदिन थीम अनुसार 207 आंगनवाड़ी केन्द्रों में गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा। इसमें न सिर्फ जन प्रतिनिधियों बल्कि स्थानीय जनसमुदायों और पुरुषों की भागीदारी रहेगी। शिविर के शुभारंभ अवसर पर जगह-जगह गतिविधियां आयोजित की गई इसमें नारे लेखन, दीवार लेखन, रैली, पोषण प्रदर्शनी, स्वास्थ्य जांच, पोषण शपथ और प्रधानमंत्री के उदबोधन को लोगों द्वारा सुना गया। गर्भवती, धात्री महिलाओं को प्रभावी स्तनपान एवं 6 माह के बाद ऊपरी आहार के विषय में जागरुक किया गया। स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर रैली निकाली गई और लोगों को स्वस्थ नारी सशक्त परिवार का संदेश दिया गया। इसके साथ ही एक पेड़ मां के नाम अंतर्गत वृक्षारोपण किया गया।
शिविर में हुई महिलाओं की सभी जांचें
बताया गया कि शिविर के दौरान महिलाओं की सभी जांचे की गई और परिणाम तुरंत महिलाओं को दिए गए। शिविर में हाइपरटेंशन, डायबिटीज, ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, टीबी, एनीमिया और सिकल सेल की स्क्रीनिंग की गई। इसके साथ ही एएनसी चेकअप, ब्लड शुगर की जांच और टीकाकरण किया गया। शिविर में आने वाले लोगों को नि:शुल्क पोषण संबंधी सलाह भी दी जाएगी। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड और वयवंदना कार्ड भी बनाए गए।
15 दिन में 1235 वाहनों से 5.65 लाख का जुर्माना
बार-बार नियमों के उल्लंघन पर लाइसेंस और वाहन का रजिस्ट्रेशन होगा रद्द
मंडला पुलिस का यातायात अभियान
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस ने पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे 15-दिवसीय यातायात अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत जिले के सभी थानों ने विभिन्न स्थानों पर चेकिंग पॉइंट लगाकर अब तक 1235 वाहनों पर 5 लाख 65 हजार रुपए का जुर्माना वसूला है। यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाया जा रहा है।
जानकारी अनुसार यह अभियान पुलिस मुख्यालय द्वारा निर्देशित 11 बिंदुओं पर केंद्रित है, जिनमें बिना लाइसेंस और बिना हेलमेट वाहन चलाना, शराब पीकर गाड़ी चलाना, तेज गति से ड्राइविंग और रॉन्ग साइड चलना जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की है।
इस अभियान के दौरान मंडला पुलिस ने नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले 45 वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्त करने के लिए परिवहन विभाग को रिपोर्ट भेजी है। इसके साथ ही नाबालिगों को वाहन चलाने देने वाले अभिभावकों के लाइसेंस रद्द करने और वाहनों का रजिस्ट्रेशन कैंसिल करने की भी सिफारिश की गई है।
अभियान के तहत शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 13 लोगों पर केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जिनमें से तीन मामलों में कोर्ट ने 31,500 रुपए का जुर्माना लगाया है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जारी रहेगा।
शैक्षणिक संस्थानों के पास तंबाकू बिक्री पर मंडला पुलिस का शिकंजा
टिकरिया पुलिस ने 9 दुकानदारों पर की चालानी कार्रवाई, छात्रों को नशे से दूर रखने का प्रयास
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू आधारित नशों की बिक्री रोकने के लिए मंडला पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है। इसका उद्देश्य छात्रों को तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों की आसान उपलब्धता से बचाना है। अभियान के पहले दिन थाना टिकरिया की टीम ने शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में स्थित 9 दुकानों को चिन्हित कर उन पर कार्रवाई की। इन दुकानदारों के खिलाफ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद विज्ञापन का प्रतिषेध और व्यापार, वाणिज्य, उत्पादन, प्रदाय और वितरण का विनियमन अधिनियम के तहत चालान बनाए गए।
टिकरिया थाना प्रभारी ने बताया कि यह कार्रवाई स्कूल कॉलेज में पढऩे वाले छात्र-छात्राएं नशे की लत से दूर रहें और उनका स्वास्थ्य सुरक्षित रहे। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा जिससे जिले को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में काम किया जा सके।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर 15 हजार 500 का चालान
मंडला पुलिस का सघन चैकिंग अभियान जारी
मंडला महावीर न्यूज 29.पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में 8 सितंबर से 22 सितंबर तक 15 दिवसीय विशेष यातायात अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में थाना महाराजपुर पुलिस टीम ने 16 सितंबर को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान नो-एंट्री का उल्लंघन करने वाले दो ट्रैक्टर पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए 10 हजार का जुर्माना लगाया गया।
ट्रैक्टर चालकों को ट्रॉली का वाणिज्यिक पंजीयन कराने, सभी वैध दस्तावेज साथ रखने, निर्धारित समय पर ही शहर में वाहन संचालन करने एवं ट्रैक्टर में लेबर या अन्य व्यक्तियों को नहीं बैठाने की सख्त हिदायत दी गई। इसके अलावा बिना हेल्मेट वाहन संचालन करने वाले 10 चालकों पर 3 हजार तथा अन्य 5 वाहन चालकों पर विभिन्न नियम उल्लंघन के चलते 2,500 रुपए का चालान किया गया। कुल मिलाकर 17 वाहनों पर 15,500 का चालान किया गया।
अतिक्रमण से राहगीरों की मुसीबत, दुर्गा पंडाल से रास्ता हुआ संकरा
नवरात्रि में मंडला-नारायणगंज-जबलपुर जाने वाले यात्री होंगे परेशान
एक किलोमीटर चलना पड़ेगा पैदल
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के नारायणगंज मुख्यालय में त्यौहारों के समय अतिक्रमण की समस्या ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मुख्य बाजार में दुकानदारों द्वारा फैलाए गए सामान और नवरात्रि के लिए सड़क पर बने दुर्गा पंडाल के कारण रास्ता काफी संकरा हो गया है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर नवरात्रि के दौरान मंडला-जबलपुर मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह समस्या विकराल रूप ले सकती है।
बताया गया कि विगत कई वर्षों से मैली चौराहे से नारायणगंज बस स्टैंड मार्ग में शारदेय नवरात्र के समय मूर्ति स्थापना के लिए मार्ग में ही पंडाल बनाया जा रहा है। जिसके कारण यात्री वाहन यात्रियों को मैली चौराहे में ही उतार देते हैं। जिसके कारण यात्रियों को करीब एक किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। मार्ग में पंडाल लगने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे दुकानें और ठेले पहले से ही अतिक्रमण कर चुके हैं, और अब दुर्गा पंडाल के कारण रास्ता इतना तंग हो गया है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। भीड़भाड़ के समय यहां अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे यात्रियों को एक किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाएं, बुजुर्ग और स्कूली बच्चों को हो रही है। पडरिया पंचायत में भी दुकानदारों के बढ़ते अतिक्रमण से सड़क पर आवाजाही प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पंचायत केवल कागजी खानापूर्ति कर रही है, जिससे नियमों की धड़ल्ले से अनदेखी हो रही है।
प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का तुरंत समाधान किया जाए। लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन समय रहते पंडाल के लिए उचित जगह तय करता और अतिक्रमण हटवाता तो इस मार्ग में जाम की स्थिति नहीं बनेगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का हल नहीं निकाला गया, तो वे विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। पंचायत का कहना है कि उन्होंने अतिक्रमण करने वालों को नोटिस भेजे हैं, लेकिन अभी तक कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया है।
मंडला के वन कर्मचारियों ने जीता दिल, जबलपुर में दिखाया हुनर
वृत स्तरीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में मंडला की टीम ने किया शानदार प्रदर्शन
खेल और स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
मंडला महावीर न्यूज 29.जबलपुर में आयोजित 28वीं वृत्त स्तरीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में मंडला जिले के वन कर्मचारियों ने अपना हुनर दिखाया। यह प्रतियोगिता 15 और 16 सितंबर को स्व. ईश्वरदास रोहाणी स्टेडियम रांझी में आयोजित हुई, जिसमें जबलपुर, मंडला, डिंडोरी और कटनी जिले के वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
बताया गया कि आयोजित होने वाली प्रतियोगिता वन कर्मचारियों के बीच खेल भावना और स्वस्थ रहने की प्रेरणा को बढ़ावा देती है। वन विभाग हर साल अपने कर्मचारियों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन करता है, क्योंकि स्वस्थ जीवन के लिए खेल बहुत महत्वपूर्ण हैं। इस वृत्त स्तरीय प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिलेगा, और वहां प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जा सकते हैं।
रस्साकशी में मंडला का दमदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता की शुरुआत रस्साकशी से हुई। इस मुकाबले में पूर्व मंडला वन मंडल की टीम ने पश्चिम मंडला को हराकर जीत हासिल की। इसके बाद सामाजिक वानिकी के साथ हुए मैच में भी पूर्व मंडला विजेता रहा। फाइनल में पूर्व मंडला और जबलपुर के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें पूर्व मंडला की टीम उपविजेता रही। इसके साथ ही कर्मचारियों ने 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 1500 मीटर, 25 किलोमीटर पैदल चाल, ऊंची कूद, लंबी कूद, तवा फेंक, भाला फेंक, गोला फेंक, कैरम, शतरंज और साइकिलिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी भाग लिया।
अस्पताल की मेहनत लाई रंग, 890 ग्राम के नवजात को मिली नई जिंदगी
मंडला में 31 दिनों के सफल इलाज के बाद बच्ची को अस्पताल से मिली छुट्टी
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिला अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट में 890 ग्राम की एक नवजात बच्ची को 31 दिनों के इलाज के बाद नई जिंदगी मिली है। बच्ची का जन्म जुड़वां बच्चों में से एक के रूप में हुआ था, जिसकी डिलीवरी सीएचसी मवई में हुई थी। जन्म के समय उसका वजन केवल 890 ग्राम था, जबकि उसके भाई का वजन 1 किलो 640 ग्राम था। डॉ. अंकित चौरसिया ने बताया कि 890 ग्राम के बच्चे को बचाना एक बड़ी चुनौती थी, क्योंकि उसकी हालत बहुत ही खराब थी। बच्ची को 25 घंटे वेंटिलेटर और 42 घंटे सीपीएपी मशीन के सहारे रखा गया था। धीरे-धीरे उसे नली के माध्यम से दूध पिलाया गया और कंगारू मदर केयर भी दी गई। डॉक्टरों और स्टाफ की कड़ी मेहनत रंग लाई और 890 ग्राम के नवजात को नई जिंदगी मिल गई।
डॉ. अंकित चौरसिया ने बताया कि एसएनसीयू नवजात बच्चों के इलाज के लिए एक विशेष इकाई है, जहां पूरा स्टाफ और डॉक्टर बच्चों की गहन निगरानी करते हैं। स्टाफ नर्सों के सहयोग और डॉक्टरों की मॉनिटरिंग से बच्ची को सफलतापूर्वक बचाया जा सका। 31 दिनों के इलाज के बाद जब बच्ची को डिस्चार्ज किया गया, तब उसका वजन बढ़कर 1.280 किलोग्राम हो चुका था। दोनों जुड़वां बच्चों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
असम से शुरू हुआ विशाल नगर कीर्तन मंडला पहुंचा, श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ किया स्वागत
गुरु तेग बहादुर साहिब के शहीदी दिवस पर मंडला में हुआ भव्य नगर कीर्तन का स्वागत
मंडला महावीर न्यूज 29.धर्म और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले गुरु श्री तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर देशभर में आयोजित हो रहे विशाल नगर कीर्तन का मंडला में भव्य स्वागत किया गया। यह नगर कीर्तन 21 अगस्त को पूर्वोत्तर राज्य असम के गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर धुबड़ी साहिब से शुरू हुआ था और विभिन्न राज्यों से होते हुए मंडला पहुंचा, जहां गुरु साहिब के दर्शन का मंडलावासियों को सुनहरा अवसर प्राप्त हुआ।
बताया गया कि नगर कीर्तन कटरा बायपास से होकर बिंझिया, लालीपुर, बैगा बैगी चौक और नेहरू स्मारक से होते हुए महाराजपुर स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब पहुंचा। मंडला में नगर कीर्तन के आगमन से पहले इसके स्वागत के लिए प्रमुख मार्गों को विशेष रूप से सजाया गया था। शहर में पहुंचते ही धर्म प्रेमियों और श्रद्धालुओं ने वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह के जयकारे लगाए और जगह-जगह जोरदार स्वागत किया।
महाराजपुर स्थित गुरुद्वारा साहिब में शाम के समय श्री दरबार साहिब, अमृतसर के रागी जत्थे और प्रचारकों द्वारा कीर्तन और गुरमत विचारों का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और गुरु भक्त शामिल हुए। इसके बाद, आम लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें सभी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। अगले दिन सुबह गुरु ग्रंथ साहिब के पवित्र स्वरूप और गुरु साहिब के पवित्र दर्शनों का लाभ संगत को मिला। इसके बाद नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब महाराजपुर से फॉरेस्ट नाका महाराजपुर तक निकाला गया।
नगर कीर्तन का अंतिम पड़ाव पंजाब के श्री आनंदपुर साहिब में स्थित गुरुद्वारा श्री केशगढ़ साहिब में होगा, जहां इसका भव्य समापन किया जाएगा। जगह-जगह स्वागत के दौरान भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। लोगों ने श्रद्धापूर्वक माथा टेका और गुरु की सवारी पर फूलों की वर्षा की। कई स्थानों पर आतिशबाजी और स्वल्पाहार का भी आयोजन किया गया।
मां के रूप को आकार दे रहे कलाकार
पंडालों को दे रहे अकर्षक रूप
जिले भर में विराजेगी माँ भवानी
नवरात्रि की तैयारी में जुटे भक्त
मूर्तियां सूखाने में आ रही परेशानी
मंडला महावीर न्यूज 29.शारदीय नवरात्र की शुरुआत 22 सितंबर से हो रही है। जिसे लेकर सिद्ध पीठ, देवी मंदिरों से लेकर घरों में माँ की पूजा, आराधना की तैयारी में भक्त जुट गए है। इसी के साथ दुर्गा प्रतिमाओं को बना रहे जिले के कलाकार भी माँ को जीवंत स्वरूप देने में जी जान से जुटे है। दुर्गोत्सव प्रारंभ होने में अब शेष एक सप्ताह रह गए है। शहर में अधिकांश मूर्तियां सिंहवाहिनी वार्ड, सराफा बाजार, महाराजपुर संगम मार्ग समेत अन्य क्षेत्र में बनाई जा रही हैं। मूर्तिकार फिलहाल माँ की प्रतिमा को आकार दे चुके है। प्रतिमाएं माँ के स्वरूप में ढल चुकी है, अब मूर्तियों को सूखने का कार्य किया जा रहा है। मूर्तिकार मां दुर्गा की प्रतिमाओं को भव्य रूप देने में जुटे हैं। 22 सितंबर से शुरू होने वाले नवरात्र को लेकर लोगों में भी काफी उत्साह है। मां दुर्गा की मूर्तियों को भव्य रूप देने के लिए मूर्तिकार दिन-रात काम में जुटे हुए हैं। मूर्तिकार लक्ष्मीनारायण ने बताया कि माँ के रूप को जीवंत आकार देने का प्रयास कर रहे है। जिससे लोग इनकी बनाई गई प्रतिमा की ओर आकर्षित हो। मूर्तिकार लक्ष्मीनारायण ने बताया कि उनके यहां वर्षों से मूर्ति बनाने की परंपरा चली आ रही है। जिसका वह पूर्ण उत्साह और लगन के साथ निर्वाहन कर रहे है।
जानकारी अनुसार मूर्तिकारों के सामने मिट्ïटी और बांस का संकट बरकरार है। पिछले लगभग 50 वर्षो से मूर्तियां बनाने वाले शहर के मूर्तिकारों ने बताया कि इन प्रतिमाओं को बनाने के लिए खीसा मिट्ïटी का उपयोग किया जाता है। चार स्थानो की मिट्टी के लिए मूर्तिकारो को खासी मशक्कत करनी पड़ती है। मूर्तिकारों ने बताया कि सभी जगह से मिट्ïटी लाये जाने के पहले वहां इसका विधि-विधान से पूजन पाठ किया जाता है। यह मिट्ïटी बंजर नदी के किनारे के ग्राम ठरका और सिलगी में पाई जाती है लेकिन ईंट भट्ïटे वालों की वजह से मिट्ïटी मुश्किल से मिल पाती है। मूर्तिकारों ने बताया कि उन्हें मूर्तियों के लिए बांस की कमी से भी जूझना पड़ता है।
मूर्तियां सूखाने में आ रही परेशानी
मूर्तिकारों ने बताया कि दुर्गा प्रतिमा को अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही है। मूर्तियां सूखने के बाद ही कलर करने और साज सज्जा की तैयारी शुरू की जाएगी, लेकिन विगत दिनों से मौसम के मिजाज फिर बदल गए है। अचानक हो रही बारिश के कारण मूर्तिकारों द्वारा बनाई जा रही मूर्तियां सूख नहीं है। जिसके कारण मूर्तिकारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मूर्तियां सूखाने के लिए कई प्रकार के उपाए इनके द्वारा किये जा रहे है। जिससे समय पर मूर्तियां सूख जाए और मूर्तियों को अंतिम रूप देने की तैयारी शुरू की जा सके।
जमकर चल रही तैयारी
नवरात्र की तैयारियों में ग्रामीण क्षेत्रों के देवी भक्त भी जुटे हुए है। पंडालो का काम अंतिम चरण में चल रहा है। अंतिम तैयारियों को लेकर बैठको का दौर भी आयोजित किए जा रहे है। स्थापित की जाने वाली प्रतिमाओं को मूर्तिकार द्वारा अंतिम रूप दिया जा रहा है। ग्राम में नवरात्र पर्व को लेकर आकर्षक साज सजावट की जाने की तैयारी है। नवरात्र को लेकर ग्रामीणजनो में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
ग्रामीण अंचलों में उत्साह
नवरात्रि पर्व के पहले नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में पंडाल बनाने की तैयारी प्रारंभ हो गई है। मूर्तिकारों के घरों में मां दुर्गा की विभिन्न रूपों की आकर्षक प्रतिमाएं अंतिम आकार में पहुंच चुकी है। रंग-रोगन व साज-सज्जा का कार्य शेष है। नगर में एक सैकड़ा के आसपास समितियों द्वारा प्रतिमा स्थापित की जा सकती है। इनमें जिला मुख्यालय के विभिन्न स्थानों के साथ बिनैका, सेमरखापा, आस्तिक चौक, करिया बाबा चौक, खेरमाई समिति, चौरसिया मोहल्ला, दुर्गा समिति, पुराना बस स्टेंड, रघुवंशी मोहल्ला, माल बाबा चौक, टिकरी वार्ड समिति, हरदहा मोहल्ला मढिय़ा मोहल्ला, साहू मोहल्ला शामिल है। शीतला मंदिर समिति द्वारा भी तैयारियां की जा रही है। हवेली क्षेत्र के ग्रामीण अंचल ढेंकों, ग्वारा, लिमरूआ, जहरमऊ, सिलगी, लफरा, मांगा, अमझर, दानीटोला, ठरका, कौरगांव में भी दुर्गोत्सव पर्व की तैयारी की जा रही है।
अलग-अलग रूप में दर्शन देंगी माँ भवानी
इस वर्ष नवरात्र उत्सव काफी उत्साह के साथ मनाया जाएगा। भक्तों में अभी से काफी उत्साह देखा जा रहा है। माँ की उपासना के लिए मूर्तिकार माँ को विभिन्न रूपों में आकार दे रहे है। जिसमें कही माँ भवानी राक्षस का वध करतीं, तो कहीं कमल और रथ पर सवार मां दुर्गा के दर्शन भक्त करेंगे। ज्यादातर प्रतिमाएं 4 से 14 फीट तक ऊंचाई में है। प्रतिमाओं में कही राक्षस का वध करती, तो कहीं रथ और सिंह पर सवार मां दुर्गा की प्रतिमा तैयार हो रही है। कलाकार प्रतिमाओं के चेहरों पर तेज और भाव स्पष्ट तौर पर उभरकर आए इसके लिए पूरे समर्पण भाव से प्रयासरत है। वहीं सिंह के चेहरे पर कहीं क्रोध दिखाने और राक्षस के चेहरों पर दर्द का भाव लाने के लिए मूर्तिकार पूरा प्रयास कर रहे है।
प्रतिवर्ष आकर्षण का केंद्र रहती है मां काली
जिले के कुछ स्थानों में माँ काली की प्रतिमा स्थापित की जाती है, जो हर वर्ष आकर्षण का केन्द्र रहती है। जिला मुख्यालय के कोष्टा मोहल्ला में हजारों की संख्या में भक्त माँ काली के दर्शन करने पहुंचते है। यहां स्थापित होने वाली मूर्ति प्रतिवर्ष आकर्षक का केन्द्र रहती है। इस वर्ष भी जिला मुख्यालय समेत अन्य ग्रामीण क्षेत्रो में मां काली की प्रतिमा जमाई जाएगी। जिसकी तैयारी भक्त कर रहे है।
मंडला, नैनपुर में रेल सुविधाओं का किया निरीक्षण, जनप्रतिनिधियों और रेलकर्मियों की सुनी समस्याएं
बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया मंडला, नैनपुर स्टेशन का दौरा
अचानक हुई बारिश ने मंडला फोर्ट की खोली पोल, टपकने लगा पानी
मंडला महावीर न्यूज 29.दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने नैनपुर रेलवे स्टेशन और मंडला फोर्ट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का बारीकी से जायजा लिया और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। महाप्रबंधक के आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और अपनी मांगें रखीं। इस दौरान स्थानीय प्रतिनिधियों ने नैनपुर में पिटलाइन और एक ओवरब्रिज के निर्माण की मांग की जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। महाप्रबंधक ने सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और रेलवे के विकास कार्यों के लिए समर्थन व्यक्त किया। महाप्रबंधक ने नैनपुर और मंडला स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का जिसमें ऑनलाइन टिकट बुकिंग, ट्रेनों की समय-सारिणी और प्रतीक्षालय और शौचालयों जैसी सुविधाएं भी निरीक्षण किया।
जानकारी अनुसार अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नैनपुर रेलवे स्टेशन और मंडला फोर्ट में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण महाप्रबंधक तरुण प्रकाश द्वारा किया गया। योजना के तहत स्टेशन पर 22 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य किए जा रहे हैं। इनमें प्लेटफॉर्म का उन्नयन, गुड्स शेड का निर्माण और स्टेशन का सौंदर्यीकरण शामिल है। महाप्रबंधक ने बताया कि अधिकतर काम पूरे हो चुके हैं और शेष बचा हुआ कार्य आगामी तीन माह में पूर्ण हो जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए नए वेटिंग रूम और शौचालयों का भी निर्माण किया गया है। मंडला फोर्ट स्टेशन के निरीक्षण के दौरान अचानक हुई बारिश ने मंडला स्टेशन की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। स्टेशन में जगह-जगह पानी टपक रहा था और पूरे परिसर में पानी फैल गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार कार्य के निर्देश दिए।
रेलकर्मी के परिजनों ने बताई अपनी व्यथा
निरीक्षण के दौरान नैनपुर रेलकर्मियों के परिजनों ने महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के सामने अपनी समस्याओं को खुलकर रखा। उन्होंने बताया कि नैनपुर और नागपुर डिविजन के अधिकारी बार-बार शिकायत करने के बाद भी उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। परिजनों ने महाप्रबंधक को सीधे उन वार्डों में ले जाकर वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जो रेलवे की सीमा में आते हैं। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में पीने के पानी की गंभीर समस्या है और खुले सेप्टिक टैंक दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। महाप्रबंधक ने स्वयं जाकर देखा कि किस तरह से रेलकर्मी और उनके परिवार दयनीय स्थिति में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने देखा कि कई घरों की हालत जर्जर है और खुले सेप्टिक टैंकों से बदबू आ रही है। परिस्थिति की गंभीरता को देखते हुए महाप्रबंधक ने तत्काल आवश्यक सुधार कार्य के निर्देश दिए।
मुस्ताक अहमद प्रीमियर फुटबॉल लीग फाइनल आज
नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब और नर्मदा वैली खेलेगी फाइनल मुकाबला
खिताबी मुकाबला में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते होंगे मुख्य अतिथि
मंडला महावीर न्यूज 29.स्वर्गीय मुस्ताक अहमद प्रीमियर फुटबॉल लीग का फाइनल रोमांचक मुकाबला आज मंगलवार को महात्मा गांधी स्टेडियम में नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब मंडला और नर्मदा वैली मोहगांव के बीच खेला जाएगा। सोमवार को खेले गए दोनों सेमीफाइनल मैचों में जीत हासिल कर इन दोनों टीमों ने फाइनल में अपनी जगह पक्की की। पहले सेमीफाइनल में नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब का मुकाबला खैरी स्टार से हुआ। इस मैच में नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खैरी स्टार को 3-1 से हराया। नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब की तरफ से प्रथम चोसके ने दो गोल और अमित ने एक गोल दागा, जबकि खैरी स्टार की तरफ से एकमात्र गोल हिमांशु ने किया।
दूसरा सेमीफाइनल मैच नर्मदा वैली मोहगांव और झंडा टोला के बीच खेला गया। इस करीबी मुकाबले में नर्मदा वैली मोहगांव ने 2-1 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। नर्मदा वैली की ओर से नागेश्वर और रोहित ने एक-एक गोल किया, वहीं झंडा टोला की तरफ से अखिलेश ही एक गोल करने में सफल रहे। सेमीफाइनल मैचों के दौरान जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष डॉ. दिलीप शर्मा, जिला वक्फ कमेटी अध्यक्ष हाजी मोहम्मद गनी खान, मतीन खान, हाजी मोहम्मद जावेद खान, समीर बाजपाई, राजेंद्र सिंगौर, पंकज उसराठे, बिलाल अहमद, मुजबी हसन और प्रथम चौकसे सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे।
प्रतियोगिता का फाइनल आज मंगलवार को दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा। समापन समारोह में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और मंडला लोकसभा क्षेत्र के सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते मुख्य अतिथि होंगे, जबकि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा अध्यक्षता करेंगे और नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा विशिष्ट अतिथि होंगे। प्रतियोगिता के आयोजक बिलाल अहमद ने सभी खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करें।
मंडला पुलिस को मिली बड़ी सफलता
चोरी की 4 मोटरसाइकिलें बरामद, 2 गिरफ्तार
अंतर्राज्यीय गिरोह का मंडला पुलिस ने किया पर्दाफाश, 1.85 लाख की संपत्ति जब्त
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) नैनपुर के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बम्हनी पुलिस ने चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान दुर्गेश कुमार डेहरिया 22 वर्ष और निलेश उर्फ भोलू यादव 19 वर्ष के रूप में हुई है।
बताया गया कि यह कार्रवाई थाना बम्हनी में दर्ज एक मामले की विवेचना के दौरान की गई। पुलिस टीम को मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदातों को स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि वे रात के समय मास्टर चाबी का उपयोग कर गलियों से मोटरसाइकिलों की चोरी करते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई चारों मोटरसाइकिलें जब्त कर लीं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.85 लाख रुपये है। जब्त की गई मोटरसाइकिलों में हीरो एचएफ डीलक्स एमपी 20 एनपी 6765, हीरो एचएफ डीलक्स एमपी 20 एनएम 8531, हीरो स्प्लेंडर प्लस एमपी 51 एमसी 4082 और हीरो स्प्लेंडर एमपी 51 एमई 1036 शामिल हैं।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरुण प्रताप सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक मानिक पटले, सहायक उपनिरीक्षक झनकार सिंह मर्सकोले, आरक्षक शिवराम बघेल, उमराव, महिला आरक्षक जयश्री और चालक नवीन की सराहनीय भूमिका रही।
संचालित योजनाओं की समीक्षा, स्वास्थ्य शिविर के लिए दिया प्रशिक्षण
आशा कार्यकर्ता और आशा सहयोगनी की समीक्षा बैठक आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए आशा कार्यकर्ता और आशा सहयोगनी की बैठक सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। बीसीएम शैलेन्द्र सिंह ने उपस्थित आशा कार्यकर्ता और आशा सहयोगनी से राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उनके द्वारा किये जा रहे कार्यो की समीक्षा करते हुए जानकारी ली। बैठक में मातृ स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, गैर-संचारी रोग (एनसीडी), सिकल सेल, आयुष्मान कार्ड, और राष्ट्रीय कृमि दिवस जैसे प्रमुख अभियानों पर गहन चर्चा की गई। बीसीएम शैलेंद्र सिंह ने इन सभी कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली और कार्यकर्ताओं को इन अभियानों को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव और प्रशिक्षण दिया। उन्हें प्रचार सामग्री भी प्रदान की गई, जिससे वे इन योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचा सकें।
समीक्षा बैठक में आगामी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान की जानकारी विस्तार से बताई। बीसीएम शैलेंद्र सिंह ने बताया कि इस अभियान का शुभारंभ जिला स्तर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान केंद्रों और आरोग्य मंदिरों पर एक साथ किया जाएगा। यह अभियान 2 अक्टूबर तक जिले सभी केंद्रों पर निरंतर चलेगा। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण संबंधी समस्याओं की पहचान कर उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। इसके साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाना और किशोरियों में एनीमिया और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी इस अभियान का हिस्सा है। बीसीएम शैलेन्द्र सिंह ने समीक्षा बैठक में उपस्थित आश कार्यकर्ता और सहयोगनियों से कहां कि शिविर के दौरान सभी महिलाओं को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में पूरी जानकारी दी जाए और उन्हें सही इलाज मिले। शिविर में की गई सभी जांचों के परिणाम तुरंत महिलाओं को दिए जाएंगे।
23 सितंबर को दी जाएगी कृमिनाशक दवा
बैठक में राष्ट्रीय कृमि दिवस के बारे में भी विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 23 सितंबर को राष्ट्रीय कृमि दिवस मनाया जाएगा। उन्हें बताया कि इस दिवस का मुख्य उद्देश्य 1 से 19 साल तक के बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाना है, जिसके लिए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में नि:शुल्क कृमिनाशक एल्बेंडाजोल दवा दी जाती है। सभी आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे इस दिन बच्चों को कृमिनाशक दवाएं खिलाना सुनिश्चित करें और जो बच्चे इस दिन छूट जाते हैं, उन्हें 25 सितंबर को माप-अप राउंड के तहत दवाएं खिलाने के निर्देश दिए गए।
स्वस्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान में होगी सभी जांचे
ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की यह महत्वपूर्ण पहल है। इसके अंतर्गत स्वस्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान के दौरान महिलाओं में हाइपरटेंशन, डायबिटीज, ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, टीबी, एनीमिया और सिकल सेल की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके साथ ही एएनसी जांच, ब्लड शुगर की जांच, टीकाकरण, पोषण संबंधी सलाह और आयुष्मान कार्ड व वयवंदना कार्ड बनाने का कार्य भी किया जाएगा।
नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर-मोतियाबिंद सर्जरी के लिए 11 मरीज चिन्हित
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में सप्ताह में दो दिन आयोजित होगा नि:शुल्क नेत्र शिविर
मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला में जरूरतमंद मरीजों को समय पर और बिना किसी खर्च के उच्च गुणवत्ता वाला इलाज देने के लिए राष्ट्रीय दृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में आयोजित किया जाता है। जिसके अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल के मार्गदर्शन में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया।
जानकारी अनुसार राष्ट्रीय दृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम के तहत आयोजित इस शिविर में 15 मरीजों की आँखों की जांच की गई, जिसमें से 11 मरीजों को मोतियाबिंद की समस्या के लिए चिन्हित किया गया। शिविर में नेत्र परीक्षण का कार्य नेत्र चिकित्सा सहायक जयकरण चौधरी ने कुशलतापूर्वक किया। सभी 11 चिन्हित मोतियाबिंद के मरीजों को जांच, परीक्षण के बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से मंडला जिला अस्पताल भेजा गया। जहां जिला अस्पताल में नेत्र विशेषज्ञ डॉ. तरूण अहिरवाल इन सभी मरीजों की मोतियाबिंद की सफल सर्जरी करेंगे।
सप्ताह में दो दिन आयोजित होगा शिविर
बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में नेत्र रोगों को कम करने और दृष्टिहीनता की रोकथाम के लिए अब यह नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन हर सप्ताह सोमवार और मंगलवार को नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों तक पहुंचना और उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। नेत्र चिकित्सा सहायक जयकरण चौधरी ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे इस नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का लाभ उठाएं और अपनी आंखों की जांच कराकर संभावित समस्याओं का समय रहते पता लगाएं। शिविर में सर्जरी के लिए चिन्हित किए गए 11 मरीजों को ऑपरेशन के बाद नि:शुल्क दवाइयां और चश्मे भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उनका इलाज पूरी तरह से नि:शुल्क हो सकेगा।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस में लाखों बच्चों को मिलेगी एल्बेंडाजॉल की गोली
कलेक्टर ने दिए निर्देश, सभी विभागों के समन्वय से सफल होगा अभियान
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस सफल बनाने हुई चर्चा
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से बैठक कलेक्टर सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला योजना भवन में आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट, बिछिया एसडीएम सोनाली देव, एसडीएम मंडला सोनल सिडाम, एसडीएम घुघरी हुनेन्द्र घोरमारे सहित स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास, आदिम जाति कल्याण, शिक्षा सहित अन्य विभागों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में जिला टीकाकरण अधिकारी एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. वाईके झारिया ने बताया कि 23 सितंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस और 26 सितंबर को मॉप-अप दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान जिले में 1 वर्ष से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों और 20 वर्ष से 49 वर्ष की गैर-गर्भवती एवं गैर-धात्री महिलाओं को एल्बेंडाजॉल की गोली दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि 1 से 2 वर्ष के बच्चों को आधी गोली चूरा कर, 2 से 3 वर्ष के बच्चों को पूरी गोली चूरा कर व 3 से 19 वर्ष के बच्चों व 20 से 49 वर्ष की महिलाओं (गैर-गर्भवती एवं गैर-धात्री महिलाओं) को पूरी गोली चबाकर पानी के साथ दी जाएगी। यह प्रक्रिया शिक्षकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की निगरानी में होगी। इस कार्यक्रम का क्रियान्वयन स्कूल, महिला एवं बाल विकास, आदिम जाति, पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना है।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय कर कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि समस्त विकासखंडों के शासकीय एवं प्राइवेट स्कूलों, आंगनवाडिय़ों, मदरसों, आदिवासी आश्रम शालाओं, छात्रावासों एवं महाविद्यालयों तक एल्बेंडाजॉल की गोलियां निर्धारित तिथि के पूर्व पर्याप्त संख्या में उपलब्ध हो जाए। कार्यक्रम से संबंधित जागरूकता संबंधी गतिविधियां जनसामान्य तक प्रेषित की जाए। यह ध्यान रहे कि बच्चों को उम्र अनुसार निर्धारित खुराक ही दी जाए। उन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी के सहयोग का आग्रह किया है।
कृषि से जीएसटी हटाने और केसीसी लोन बढ़ाने की मांग
भारतीय किसान संघ ने मंडला कलेक्टर को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
मंडला महावीर न्यूज 29.भारतीय किसान संघ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम मंडला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने ज्ञापन में कृषि क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को उठाया, जिनमें मुख्य रूप से कृषि आदानों और उपकरणों पर लगे जीएसटी को हटाने, किसानों के हित में आयात-निर्यात नीतियों में बदलाव और बैंकों के रवैये में सुधार शामिल है।
किसानों ने ज्ञापन में कई प्रमुख बिंदुओं को उठाया है। कृषि आदानों और कृषि यंत्रों पर लगे जीएसटी को पूरी तरह से समाप्त करने की मांग की गई। इसके साथ ही एनपी खाद पर डीएपी की तरह सब्सिडी देने और रासायनिक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई, जिससे किसानों को होने वाली परेशानी खत्म हो। किसानों ने किसान सम्मान निधि की राशि को महंगाई के अनुसार बढ़ाकर 10 हजार प्रति हेक्टेयर करने की मांग की। इसके साथ ही केसीसी लोन की सीमा को 5 लाख तक बढ़ाने और कृषि लोन व केसीसी प्रक्रिया को ऑनलाइन और पारदर्शी बनाने पर भी जोर दिया गया। किसानों के सहयोग के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी करने की भी मांग की गई, जिससे बैंक के अडिय़ल रवैये से पात्र किसान वंचित न रहें।
ज्ञापन में सभी कृषि मंडियों में फसल की खरीद समर्थन मूल्य पर सुनिश्चित करने और मंडियों में लगे कैमरों को 24 घंटे चालू रखने की मांग की गई। सिंचाई व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में नहरों की मरम्मत और सफाई कराने व बंद पड़ी सिंचाई परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की गई। किसानों ने बिजली संबंधी शिकायतों के निपटारे के लिए संभाग स्तर पर एक समिति बनाने की मांग की, जिसमें किसान प्रतिनिधि भी शामिल हों। मंडला तहसील के गोची मॉल गांव में अवैध प्लॉटिंग को रोकने और सार्वजनिक जगहों का दुरुपयोग बंद करने के लिए भी ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन सौपने के दौरान भारतीय किसान संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। जिसमें लाल नंदा, लखन बारमैया, जिला अध्यक्ष राम सिंधिया, जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश गिरी गोस्वामी, भगवान दास कछवाहा और अन्य प्रमुख सदस्य शामिल रहे।
डायरिया से हड़कंप, एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत
जांच, परीक्षण में मिले छह संक्रमित, एक मंडला और दो घुघरी सीएचसी रैफर
घुघरी के सिमारिया गांव में डायरिया का प्रकोप
बारिश के सीजन में एक मात्र कुंए के पानी का कर रहे उपयोग
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के घुघरी विकासखंड की ग्राम पंचायत लाफन का सिमरिया गाँव डायरिया के प्रकोप से जूझ रहा है। इस गंभीर बीमारी ने गाँव में हड़कंप मचा दिया है। डायरिया के कारण एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई है। वहीं एक बच्चे की मौत अन्य कारणों से हुई है। बताया गया कि ग्राम सिमरिया में जागरूकता की कमी के कारण स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ ग्रामीण नहीं ले पा रहे है। इसके साथ ही रैनी सीजन के कारण पेयजल भी दूषित हो रहा है। जिससे संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। जिसके कारण ग्रामीण बीमारी के चपेट में आकर अपनी जान गवां दिए है।
जानकारी अनुसार डायरिया के कारण उल्टी और दस्त की शिकायत गांव के कई अन्य लोगों में भी देखी जा रही हैं, जिससे बीमारी के फैलने का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्वच्छ पेयजल की कमी एक बड़ी समस्या है, जिसके कारण लाफन के ग्राम सिमरिया के तीन लोगों की मौत विगत तीन दिन में हो गई है। बताया गया कि डायरिया की चपेट में आने से ग्राम के मुन्ना केराम 50 वर्ष, नरबदिया केराम 72 वर्ष और देवसिंह केराम 45 वर्ष की मौत हो गई है, तीनों मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे। इनकी मौत से पूरे गाँव में शोक का माहौल है।
बताया गया कि ग्राम सिमरिया के एक अन्य परिवार का करीब डेढ़ साल बच्चा आदित्य पिता अमरसिंह केराम की भी मौत हुई है, लेकिन इसकी मौत डायरिया के कारण नहीं हुई। जिसकी पुष्टि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की है। वहीं मृतकों में मुन्ना केराम, नरवदिया केराम, देवीसिंह केराम और 18 माह का आदित्य पिता अमरसिंह केराम शामिल हैं। सबसे पहले तीन दिन पूर्व आदित्य की मौत हुई। शनिवार को मुन्ना और नरवदिया केराम की मौत हुई। वहीं रविवार सुबह देवीसिंह केराम की मौत हुई हो गई।
जांच परीक्षण में मिल छह: संक्रमित
ग्राम सिमरिया में चार लोगों की मौत की जानकारी मिलते ही भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री और वरिष्ठ नेता नीरज मरकाम ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने जिला प्रशासन को इस गंभीर स्थिति से अवगत कराया और उनसे तत्काल स्वास्थ्य टीम गांव आने के लिए कहां, जिससे डायरिया से पीडि़त लोगों को तत्काल उचित चिकित्सा सहायता मिल सके और इस बीमारी से बच सके। स्थानीय और जिला प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की एक टीम को तत्काल सिमरिया गांव के लिए रवाना किया। स्वास्थ्य टीम के साथ टीकाकरण अधिकारी वायके झारिया मौके पर पहुंचे। जहां ग्राम के लोगों का जांच परीक्षण शुरू किया गया। जहां स्वास्थ्य टीम को जांच परीक्षण में देर शाम तक छह: लोग डायरिया से संक्रमित मिले। जिसमें से एक व्यक्ति को मंडला और दो व्यक्तियों को घुघरी सीएचसी रैफर किया गया। जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
गत वर्ष आमाटोला हुई थी मौतें
गत वर्ष भी रैनी सीजन में घुघरी के ग्राम पंचायत देवहारा के गांव आमाटोला में डायरिया से पीडि़त दो बैगा महिलाओ समेत चार ग्रामीणो की मौत हो गई और दो दर्जन से अधिक ग्रामीण उल्टी दस्त से पीडि़त रहे थे। मृतिका बुआ और भतीजी रही। यहां भी शुद्व पेयजल के लिए कोई इंतजाम नहीं है। पिछले तीन साल से जल जीवन मिशन से देवहारा पंचायत में काम शुरू किया गया है लेकिन वह पूरा नहीं किया गया। डायरिया प्रभावित गांव आमाटोला में करीब आधा दर्जन हैंडपंप थे लेकिन पानी एक में भी नहीं निकलता रहा है।
एक कुंआ पर निर्भर गांव
बताया गया है कि घुघरी ब्लाक ग्राम पंचायत लाफन के सिमरिया गांव में पेयजल की समस्या है। यहां के ग्रामीण पेयजल के लिए एक कुंआ पर निर्भर है, जो बारिश के सीजन में लबालब है। पंचायत के पोषक गांव सिमारिया में शुद्व पेयजल के लिए कोई दूसरा विकल्प नहीं है। यहां पंचायत के द्वारा हैंडपंप खनन के लिए कई बार विभागीय अधिकारियो को आवेदन दिया गया लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया है। यहां के ग्रामीण कुंआ के पानी का सेवन करते रहे है। पिछले चार माह से बारिश हो रही है। इससे कुआ में आसपास का पानी भी जमा हो रहा है। इसी पानी के सेवन और बदलते मौसम के चलते ग्रामीणो में उल्टी दस्त की शिकायत शुरू हो गई है। सिमारिया के एक ही परिवार के तीन ग्रामीणो की मौत डायरिया के कारण हो गई। सरपंच पति शिव केराम का कहना है कि गाँव में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं है। यहां कुंआ का पानी ही ग्रामीण सेवन कर रहे है। नल जल योजना का कही कोई पता नहीं है।
इनका कहना है
जांच के लिए ब्लड, पानी के सेम्पल जबलपुर भेजे गए है, रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारण की पुष्टि होगी। स्वास्थ्य अमला ग्राम में तैनात कर दिया गया है, जहां जांच, परीक्षण किया जा रहा है। वायके झारिया, टीकाकरण अधिकारी, मंडला
पीएचई दल पहुंचा घुघरी के सिमरिया गांव, किया क्लोरिनेशन
पेयजल स्त्रोतों में जर्मेक्स एवं ब्लीचिंग पाउडर डालकर किया पानी का उपचार
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा एवं सीईओ श्रेयांश कुमट के निर्देशानुसार एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री मनोज भास्कर के मार्गदर्शन में ब्लॉक घुघरी के ग्राम पंचायत के पोषक ग्राम सिमरिया में पीएचई विभाग द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सभी 14 पेयजल स्त्रोत जिसमें 07 हैंडपंप एवं 07 कुआं में जर्मेक्स एवं ब्लीचिंग पाउडर डालकर क्लोरिनेशन का कार्य किया गया। क्लोरिनेशन कार्य के साथ ग्रामीणों को पानी को छानकर उबालकर पीने के लिए समझाइश दी गई।
रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️
घुघरी के सिमरिया में तीन की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संभाला मोर्चा
दूषित पानी की आशंका, स्वास्थ्य टीम कर रही जांच, परीक्षण
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के ग्राम सिमरिया में बीमारी की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में अपना डेरा दिया है। आगामी चार दिनों तक स्वास्थ्य टीम गांव में लोगों के स्वास्थ्य पर नजर रखेगी। स्वास्थ्य टीम गांव में जांच और उपचार कार्य शुरू कर दिया है। जिला स्वास्थ्य एवं महामारी नियंत्रण अधिकारी डॉ. वाईके झारिया और खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज राज के नेतृत्व में रैपिड रिस्पांस टीम और कॉम्बैट टीम ने गांव का दौरा किया।
बताया गया कि टीम ने उन परिवारों से संपर्क कर जानकारी जुटाई, जहाँ हाल ही में मृत्यु हुई हैं। शुरुआती जांच में यह पाया गया कि 8 सितंबर को आदित्य (18 माह) की मृत्यु झाडिय़ों में खेलने के बाद झटके आने से हुई थी, उसे उल्टी या दस्त की शिकायत नहीं थी। वहीं 13 सितंबर को देव सिंह केराम (पुत्र बल्कू सिंह) की मृत्यु किडनी संबंधी बीमारी के कारण हुई, जिसका इलाज वे हेल्थ केयर हॉस्पिटल में करा रहे थे। डॉक्टरों द्वारा जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने के बावजूद परिवारजनों ने उन्हें वहां नहीं ले जाया। अन्य दो मौतों की जांच अभी जारी है।
बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग के सर्वे में यह भी सामने आया है कि पीडि़त परिवार एक ही कुएं का पानी पीते थे, जिसका क्लोरीनेशन सात दिन पहले किया गया था। इस जानकारी के बाद सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने ग्राम सिमरिया और आसपास के गांवों में जल शुद्धिकरण और क्लोरीनेशन का काम तेज कर दिया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्काल उपचार और मरीजों को रेफर करने के लिए दो एंबुलेंस गांव में तैनात की गई हैं।
विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम का दल, मोबाइल मेडिकल यूनिट, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर और एएनएम को घर-घर जाकर सर्वे करने और उपचार देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा गांव में पांच दिनों के लिए एक अस्थायी स्वास्थ्य शिविर स्थापित किया गया है, जहाँ स्वास्थ्य कर्मी स्थिति सामान्य होने तक डटे रहेंगे। आसपास के क्षेत्रों से भी आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं को अतिरिक्त सहयोग के लिए बुलाया गया है।
रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️
हरदहा समाज ने भरी हुंकार, एकता से अधिकार पाने का लिया संकल्प
ओबीसी के अधिकारों की लड़ाई निर्णायक मोड़ पर
27 प्रतिशत जनसंख्या के आधार पर अधिकार की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29.ओबीसी जोड़ो अभियान के तहत हरदहा काछी समाज की बैठक हरदहा पंचायत भवन, बम्हनी बंजर में आयोजित की गई। इस बैठक में समाज की एकता को मजबूत करने और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एक ठोस रणनीति पर गहन चर्चा हुई। बैठक का संचालन संरक्षक गोपाल हरदहा और नरोत्तम हरदहा कोषाध्यक्ष ने किया। बताया गया कि हरदहा समाज महासभा के जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार हरदहा बैठक में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने पहले ही समाज के सदस्यों से बड़ी संख्या में एकत्र होकर इस अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया था।
बैठक में निर्णय लिया गया कि ओबीसी वर्ग की वास्तविक जनसंख्या 27 प्रतिशत प्लस के आधार पर उनके अधिकार और उचित आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए एक सशक्त जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि जब तक समाज संगठित नहीं होगा, अधिकारों की लड़ाई अधूरी रहेगी। अब यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि इस अभियान को हर घर तक पहुंचाया जाए।बैठक में सर्वसम्मति से आगामी प्रांतीय अधिवेशन आयोजित करने का निर्णय लेते हुए कहा कि ग्राम मांद, अंजनिया में 4 अक्टूबर को प्रांतीय अधिवेशन किया जाएगा। इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए समाज के सदस्य बड़ी संख्या में पहुंचेंगे।
जोश और एकजुटता का प्रतीक बनी बैठक
आयोजित बैठक सौहार्दपूर्ण और जोशपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। सभी समाजबंधुओं ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि हरदहा समाज और ओबीसी वर्ग को एकजुट करके अधिकारों की इस लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में गोपाल हरदहा संरक्षक, नरोत्तम हरदहा कोषाध्यक्ष, सुनील हरदहा, जगदीश हरदहा पार्षद, डॉ. अनिल हरदहा, मिहि लाल हरदहा, बिन्दा हरदहा, एडवोकेट संजय चौरसिया, कुंज बिहारी पटेल, सीबी पटेल, संतोष हरदहा, विवेक हरदहा, आनंद हरदहा सहित बड़ी संख्या में समाजिक बंधु मौजूद रहे।
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान की सफलता के लिए सौंपी जिम्मेदारी
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में होगा स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ
मंडला महावीर न्यूज 29.महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए मंडला जिले में आज 17 सितंबर से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार का शुभारंभ किया जाएगा। यह अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा, जिसका उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। इस शिविर के लिए सीएचसी नारायणगंज में कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। शिविर के सफल क्रियान्वयन के लिए सीएचसी में पदस्थ सभी कर्मचारियों को अपने अपने दायित्व की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
सीएचसी नारायणगंज सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल ने बताया कि आज 17 सितंबर को नारायणगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। जिसकी सभी तैयारियां कर ली गई है। शिविर में निवास विधायक समेत क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके साथ ही 22 सितंबर को रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। यह अभियान 2 अक्टूबर तक सभी आयुष्मान केंद्रों पर भी लगातार जारी रहेगा, जहाँ स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
शिविर में सभी जांचों के साथ मिलेगी सलाह
बताया गया कि शिविर के दौरान की गई सभी प्रकार की जाँचों के परिणाम तुरंत महिलाओं को दिए जाएंगे। इन शिविरों में बहुत सी जांचे और सेवाएँ उपलब्ध होंगी। शिविर में हाइपरटेंशन, डायबिटीज, ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, टीबी, एनीमिया और सिकल सेल की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके साथ ही एएनसी चेकअप, ब्लड शुगर की जाँच और टीकाकरण किया जाएगा। शिविर में आने वाले लोगों को नि:शुल्क पोषण संबंधी सलाह भी दी जाएगी। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड और वयवंदना कार्ड बनाए जाएंगे।
बदलते मौसम ने बढ़ाई मुसीबत, जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़
मंडला में मौसमी बीमारियों का प्रकोप, विशेषज्ञों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले में बदलते मौसम का असर लोगों के स्वास्थ्य पर साफ दिखाई दे रहा है। जिला अस्पताल में इन दिनों मरीजों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी हो गई है, जिससे अस्पताल का माहौल किसी मेले जैसा हो गया है। मौसमी बीमारियां खासकर सर्दी, खांसी, जुकाम और वायरल बुखार से पीडि़त बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. मनोज मुराली ने बढ़ती हुई मरीजों की संख्या को देखते हुए आम जनता से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण लोगों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
डॉ. मनोज मुराली ने आमजनों से सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहां कि बारिश के पानी में भीगने से बचें। अनावश्यक रूप से तेज धूप में बाहर न निकलें। खान-पान का विशेष ध्यान रखें। बाजार की तली-भुनी चीजों से परहेज करें और ताजे फल व हल्के भोजन को प्राथमिकता दें। शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाए रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क का उपयोग करें, जिससे संक्रमण से बचा जा सके।
डॉ. मनोज मुराली ने बताया कि जरा सी लापरवाही स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि मौसमी बीमारियों के शुरुआती लक्षण दिखते ही तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में जांच कराएं। समय पर इलाज कराने से संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है और स्थिति को गंभीर होने से बचाया जा सकता है।
कान्हा नेशनल पार्क के गाइड पर्यटकों को अब इंग्लिश में भी बताएंगे पार्क की खूबियां
56 स्पेशल गाइडों को मिला 14 दिवसीय स्पोकन इंग्लिश का प्रशिक्षण
मंडला महावीर न्यूज 29.कान्हा नेशनल पार्क आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने के लिए पार्क प्रबंधन ने एक खास पहल की है। पार्क के ईको सेंटर खटिया में 56 स्पेशल गाइडों (जी-1 गाइड) को 14 दिन का स्पोकन इंग्लिश का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य देशी और विदेशी पर्यटकों को कान्हा की समृद्ध जैव विविधता और वन्य जीवन से और भी बेहतर तरीके से परिचित कराना है।
कान्हा नेशनल पार्क में दो तरह के गाइड होते हैं। पहला जी-1 और जी-2 गाइड। जी-1 गाइड वे होते हैं जिन्हें अच्छी स्पोकन इंग्लिश आती है और वे पार्क की जानकारी अंग्रेजी में भी दे सकते हैं। जबकि जी-2 गाइड मुख्य रूप से हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं का प्रयोग करते हैं। इस प्रशिक्षण में केवल जी-1 गाइडों को शामिल किया गया था, जिससे उनकी अंग्रेजी भाषा पर पकड़ और भी मजबूत हो सके। मास्टर ट्रेनर मधु अग्रवाल ने इन गाइडों को न केवल भाषा का ज्ञान दिया, बल्कि पर्यटकों के साथ बेहतर तालमेल बनाने के तरीके भी सिखाए। यह प्रशिक्षण गाइडों के लिए एक रिफ्रेशर कोर्स की तरह था, जिससे वे नई ऊर्जा और उमंग के साथ आगामी पर्यटन सीजन के लिए तैयार हो सकें।
पार्क अधिकारियों का मानना है कि अच्छे और प्रशिक्षित गाइड किसी भी पर्यटक के अनुभव को यादगार बना सकते हैं। गाइडों को पार्क की खूबियों, वन्यजीवों के व्यवहार, और प्राकृतिक वातावरण के बारे में गहराई से जानकारी होती है। जब वे इस जानकारी को पर्यटकों के साथ प्रभावी ढंग से साझा करते हैं, तो पर्यटक कान्हा से एक अविस्मरणीय अनुभव लेकर जाते हैं।
14 दिनों के इस विशेष प्रशिक्षण के बाद ये गाइड अब पूरी तरह से तैयार हैं और पर्यटकों को जंगल सफारी के दौरान कान्हा की विशेषताओं से रूबरू कराने के लिए उत्सुक हैं। इस पहल से उम्मीद है कि कान्हा नेशनल पार्क की छवि और भी बेहतर होगी, और विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा होगा। यह कदम न केवल गाइडों के कौशल को बढ़ाएगा, बल्कि पार्क के पर्यटन को भी नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
जिला अस्पताल मंडला ने रचा नया इतिहास
पहली बार हुई टोटल हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी
जटिल सर्जरी ने दी नई उम्मीद
मंडला महावीर न्यूज 29.जिला अस्पताल मंडला में चिकित्सा के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है। मंगलवार को यहां पहली बार टोटल हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। इस सर्जरी के बाद मरीज रमेश (बदला हुआ नाम) को 33 साल की उम्र में असहनीय दर्द और चलने-फिरने में कठिनाई से राहत मिली है। बताया गया कि मरीज रमेश को दोनों कुल्हों में गंभीर दर्द था, और जांच में पाया गया कि उनके कुल्हों के जोड़ पूरी तरह से खराब हो चुके थे। इस स्थिति को चिकित्सकीय भाषा में एवस्कुलर नेक्रोसिस ऑफ फीमोरल हेड कहते हैं। जिला चिकित्सालय के अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमेंद्र चौहान और डॉ. अविनाश खरे ने तुरंत मरीज के दाहिने कुल्हे का टोटल हिप रिप्लेसमेंट किया, जो पूरी तरह सफल रहा। डॉ. हेमेंद्र चौहान ने बताया कि यह सर्जरी उन मरीजों के लिए एक नई उम्मीद है, जो हड्डियों की गंभीर समस्याओं से जूझ रहे थे। अब रमेश सामान्य जीवन की ओर लौट सकेंगे।
टीम ने मिलकर किया सफल ऑपरेशन
इस ऐतिहासिक उपलब्धि को सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती और सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। ऑपरेशन थिएटर टीम में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमेंद्र चौहान और डॉ. अविनाश खरे के साथ डॉ. अंशुल शर्मा और डॉ. दिव्येश पटेल शामिल थे। एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. प्रवीण उइके और डॉ. सोनम चौरसिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नर्सिंग स्टाफ की टीम में ओटी इंचार्ज शहनाज खान, विनीता टांडिया, स्वाति श्रीवास, ब्रजेन्द्र बैरागी (नर्सिंग ऑफिसर) और अंकिता शामिल थीं। इसके साथ ही सपोर्ट स्टाफ में बलराम मरावी, पुष्पेंद्र यादव, मुकेश जंघेला, विमला बाई और गीता बाई ने भी अपना योगदान दिया।
मरीज के परिवार ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतनी बड़ी सर्जरी मंडला में संभव होगी, और वे इस उपलब्धि पर गर्व महसूस करते हैं। स्थानीय नागरिकों ने भी इस कामयाबी के लिए अस्पताल प्रबंधन को बधाई दी है।
सड़क और पुल का अभाव, जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे बच्चे
बोरिया गांव में बारिश के तीन महीने स्कूल नहीं जा पाते छात्र
बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना बच्चों की शिक्षा में बाधा
मंडला महावीर न्यूज 29. आजादी के 75 साल बाद भी मंडला जिले के नारायणगंज क्षेत्र का बोरिया गांव मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। इस गांव में न तो सड़क है और न ही नदी पर पुल, जिसके कारण ग्रामीणों और विशेष रूप से स्कूली छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हर साल मानसून के मौसम में जब नदी में पानी बढ़ जाता है, तो बच्चों को जान जोखिम में डालकर पढ़ाई के लिए नदी पार करने को मजबूर होना पड़ता है। इस समस्या के चलते स्कूल जाने वाले बच्चों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शासन-प्रशासन से कई बार लिखित और मौखिक आवेदन-निवेदन किए हैं, लेकिन आज तक किसी भी अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। उनकी लगातार उपेक्षा की जा रही है।
जानकारी अनुसार नारायणगंज ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले आदिवासी बाहुल्य गाँव बोरिया में ग्रामीणों और छात्रों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। गाँव में न तो कोई पुल है और न ही कोई पक्की सड़क, जिसके कारण हर साल मानसून के मौसम में गाँव के बच्चों को जान जोखिम में डालकर नदी पार करना पड़ता है, जिससे वे स्कूल जा सकें। इस समस्या के कारण बच्चों के भविष्य पर संकट गहरा रहा है। बताया गया कि एक तरफ जहां देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, वहीं बोरिया गाँव के बच्चों के लिए एक सुरक्षित सड़क और पुल अभी भी एक सपना है। मानसून का मौसम जहां हर जगह खुशियां लेकर आता है, वहीं इस गाँव के लोगों के लिए यह भय और चिंता का पर्याय बन गया है। नदी में बाढ़ आने के बाद इसका बहाव इतना तेज़ हो जाता है कि बच्चों का स्कूल जाना बेहद खतरनाक हो जाता है।
छात्रा सपना उइके ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि हम मानसून के दौरान स्कूल नहीं जा पाते हैं, क्योंकि हमारे इलाके में बहुत ज्यादा बारिश होती है। नदी-नालों में पानी का बहाव बहुत तेज होता है। मानसून के लगभग तीन महीनों तक हम स्कूल नहीं पहुंच पाते, जिससे हमारी पढ़ाई का बहुत नुकसान होता है। शिक्षक जो पढ़ाते हैं, वह हम तक समय पर नहीं पहुंच पाता और हम दूसरे बच्चों से पीछे रह जाते हैं। सपना की तरह ही बोरिया गांव के कई आदिवासी छात्र पढ़ाई से वंचित हो जाते है। बताया गया कि कई बच्चों को तो उनके माता-पिता की पीठ पर बैठकर नदी पार करना पड़ता है। हर रोज के इस खतरे की वजह से कई अभिभावक अपने बच्चों को विद्यालय में भेजने से कतराने लगे हैं। इसके कारण वे उन्हें सीधे आश्रम-विद्यालयों में दाखिला दिला रहे हैं, जहाँ सुरक्षित आवास और शिक्षा की सुविधा मिलती है। जिसके कारण बोरिया गाँव के प्राथमिक विद्यालय में छात्रों की संख्या लगातार कम होती जा रही है।
मरीजों ले जाने में भी भारी मुश्किलें
बताया गया कि यह समस्या केवल छात्रों तक ही सीमित नहीं है। गाँव के बुजुर्ग, बीमार लोग और रोजगार की तलाश में जाने वाले ग्रामीणों को भी इसी तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गाँव के सूरज उइके ने बताया कि पिछले कई सालों से हमारे गाँव में सड़कें नहीं बनी हैं। नदी पर कोई पुल नहीं है। इस वजह से हमें रोजगार के लिए बाहर जाने, बच्चों को स्कूल ले जाने और यहाँ तक कि बीमार मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही कई बार तो गर्भवती महिलाओं को भी इसी तरह नदी पार करके अस्पताल पहुँचाना पड़ता है।
अनुसूचित क्षेत्र के कर्मचारियों को मिले विशेष भत्ता, ट्राईबल एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन
मंडला में अपर आयुक्त ट्राईबल सुधीर जैन से मिला शिक्षक प्रतिनिधिमंडल
विभिन्न समस्याओं पर हुई चर्चा
मंडला महावीर न्यूज 29. रविवार को भोपाल से मंडला आए अपर आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, श्री सुधीर कुमार जैन का ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन ने स्वागत किया। इस अवसर पर एसोसिएशन ने उन्हें एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें अनुसूचित क्षेत्र में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए विशेष गृह भाड़ा भत्ता और अन्य भत्तों को फिर से शुरू करने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि छठवें वेतनमान में अनुसूचित क्षेत्र के कर्मचारियों को गृह भाड़ा भत्ता 4 प्रतिशत की दर से मिलता था, जबकि गैर-अनुसूचित क्षेत्र के कर्मचारियों को यह 3 प्रतिशत मिलता था। लेकिन सातवें वेतनमान में यह अंतर खत्म हो गया और दोनों क्षेत्रों के कर्मचारियों के लिए यह दर 5 प्रतिशत कर दी गई है। एसोसिएशन ने मांग की है कि अनुसूचित क्षेत्र के कर्मचारियों को सातवें वेतनमान में 5 प्रतिशत के बजाय 8 प्रतिशत की दर से गृह भाड़ा भत्ता दिया जाए।
एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष डी.के. सिंगौर, मोहगांव ब्लॉक अध्यक्ष लोक सिंह पदम और उपाध्यक्ष राजकुमार यादव ने अपर आयुक्त को यह भी बताया कि अनुसूचित क्षेत्र भत्ता बिना किसी आदेश के बंद कर दिया गया है। उन्होंने आग्रह किया कि सातवें वेतनमान में इस भत्ते को पुनरीक्षित कर फिर से लागू किया जाए।
श्री जैन ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि इस संबंध में प्रस्ताव सामान्य प्रशासन विभाग को भेज दिया गया है और वित्त विभाग से स्वीकृति मिलने पर लाभ दिया जा सकेगा। इसके अलावा, बैठक में प्रभारी प्राचार्य और छात्रावास अधीक्षकों के अवकाश नगदीकरण, शिक्षकों की वरिष्ठता सूची, अनुकंपा नियुक्ति, अतिथि शिक्षकों की समस्याओं और उच्च पद प्रभार जैसे कई अन्य मुद्दों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
गौरतलब है कि श्री सुधीर कुमार जैन पहले मंडला में सहायक आयुक्त के पद पर कार्यरत रह चुके हैं और अपने कर्मचारी-हितैषी रवैये के कारण कर्मचारियों के बीच काफी लोकप्रिय हैं।
कूर बांधने की प्रथा, आदिवासियों की सदियों पुरानी परंपरा
मृत पूर्वजों के सम्मान में की जाती है पूजा
मंडला महावीर न्यूज 29. देवरीकला बबलिया में कूर बांधने की प्रथा आदिवासियों में आदिकाल से चली आ रही परंपरा है। इस प्रथा के तहत मृत व्यक्ति की आत्मा की शांति और उसे पूर्वजों से मिलाने के लिए एक विशेष स्थान पर पूजा-अर्चना की जाती है। बताया गया कि इसी प्रथा का निर्वहन ग्राम के कर्म सिंह वरकडे के पुत्र के निधन के बाद किया गया। ग्राम खैरमाई मंदिर के पास सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार कूर बांधने की प्रथा का कार्यक्रम संपन्न हुआ।
ग्राम के वरिष्ठ नागरिक भरत सिंह वरकडे ने इस परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनके परिवार में यह प्रथा पीढिय़ों से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के बुजुर्गों द्वारा इस स्थान को कूर बांधने के लिए निश्चित किया गया है। मृत्यु के बाद परिवार के वृद्धजनों की आत्माओं की स्थापना इसी स्थान पर की जाती है। समय-समय पर उनकी पूजा-अर्चना कर उनका स्मरण किया जाता है और उनसे आशीर्वाद लिया जाता है। यह परंपरा मृत आत्मा को शांति प्रदान करने और उसे पुराने पीढिय़ों के परिवारजनों से मिलाने का एक तरीका है। इसी विश्वास के साथ मृतक के परिजन एक स्थान पर एकत्र होकर पूजा-अर्चना कर दिवंगत व्यक्ति की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते है। इस मौके पर पुराने पीढिय़ों के परिवारों से भी उनका मिलाप कराया जाता है। यह कूर बांधने की अनूठी प्रथा का निर्वहन आज भी किया जा रहा है।
अमृत भारत स्टेशन योजना-यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं
महाप्रबंधक करेंगे मंडला फोर्ट, नैनपुर और गोंदिया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण
मंडला महावीर न्यूज 29.दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश आज सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मंडला फोर्ट, नैनपुर और गोंदिया रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेना है, जिससे यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सके। निरीक्षण के दौरान नैनपुर स्थित प्रशिक्षण केंद्र का भी जायजा लिया जाएगा।
बताया गया कि इस निरीक्षण का उद्देश्य है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मंडला फोर्ट, नैनपुर और गोंदिया स्टेशन यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएँ प्रदान करें और रेल यात्रा को अधिक आरामदायक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाया जा सके। इसके साथ ही दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल के 15 चयनित स्टेशनों पर जारी विकास कार्यों में दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनमें उपरोक्त तीनों स्टेशन शामिल हैं।
इस योजना के अंतर्गत स्टेशन परिसरों को आधुनिक स्वरूप, यात्री सुविधाओं के लिए विशेष टिकट काउंटर, सुविधायुक्त आधुनिक प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन के लिए समर्पित व्यवस्था, लिफ्ट एवं एस्केलेटर, स्थानीय कला और संस्कृति को दर्शाते हुए डिजाइन व स्वरूप का उन्नयन, चौड़ा फुट-ओवर ब्रिज, पार्किंग की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा बेहतर यातायात नियंत्रण प्रणाली उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही स्टेशन परिसरों को हरियाली और सौंदर्यीकरण द्वारा मनमोहक स्वरूप दिया जा रहा है, जिससे ये स्थानीय संस्कृति और समृद्ध विरासत के आकर्षक केंद्र बनेंगे। इन विकास कार्यों से यात्रियों की सुविधा बढऩे के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं व्यावसायिक अवसरों की भी संभावनाएँ बढ़ेंगी।
बताया गया कि यात्रियों की मांग को देखते हुए भारतीय रेल निरंतर ही बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयत्नशील रही है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्री सुविधा एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है जिसका एक महत्वपूर्ण प्रतीक स्टेशनों के पुनर्विकास के कार्य हैं। इन सभी प्रयासों को पूरा करने के साथ रेलवे की सेवाएं सभी यात्रियों विशेष रूप से दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक एवं कम गतिशीलता वाले यात्रियों के लिए सुलभ एवं सुरक्षित सकेगी।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मंडला पुलिस का शिकंजा
अब तक 526 वाहनों पर कार्रवाई, 2.78 लाख का जुर्माना
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार मंडला पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मौतों को कम करने के लिए 15 दिवसीय अभियान शुरू किया है। यह अभियान 8 से 22 सितंबर तक चलाया जा रहा है। इस दौरान, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान में जिले के सभी थानों द्वारा विशेष कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा लोगों और वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील कर रही है।
इस अभियान के तहत पुलिस ने तेज गति से वाहन चलाने वालों, बिना लाइसेंस और परमिट के वाहन चलाने वालों, नाबालिग चालकों, बिना फिटनेस वाले वाहनों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों, ओवरलोडिंग और रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वालों पर कार्रवाई की है। अभियान के दौरान अब तक कुल 526 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई कर 2,78,600 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। इसके साथ ही शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर 2 ट्रक, ट्रेलर, 1 कार और 1 मोटरसाइकिल चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में चालान पेश किया गया है।
फुलेहरा बांधकर महिलाओं ने किया रतजगा
घर-घर हुई महालक्ष्मी की पूजा
मंडला महावीर न्यूज 29.घर-घर फुलेहरा की छांव में माता महालक्ष्मी की आराधना कर महिलाओं ने पति एवं पुत्र के लिए दीर्घायु की कामना की। सुबह से ही पूजन अर्चन का सिलसिला शुरू हो गया था जो देर शाम तक चलता रहा। व्रत में मिट्टी से बने हाथी का महत्व अधिक बताया गया है। शास्त्रों में उल्लेख मिलता है कि महालक्ष्मी व्रत में महादेवी गज पर सवार होकर भक्तों के द्वार पहुंचती है। बताया गया कि महालक्ष्मी पूजा के दौरान घर-घर बंधे फुलेहरा एवं देवी गीतों ने वातावरण को धर्ममय बना दिया। ढोलक की थाप पर महादेवी लक्ष्मी के गुणगान सुनाई दे रहे थे। देर रात तक पूजन पाठ का क्रम चलता रहा। भक्तों ने मनोकामना पूर्ति के लिए माता महालक्ष्मी से आशीर्वाद मांगा।
बताया गया कि व्रत के दिन 16 बार दूबी से स्नान किया जाता है। वैसे तो 16 दिन पूर्व से ही दूबी से स्नान करना चाहिए, यदि कोई यह विधान नहीं कर पाता है तो व्रत पूजा के दिन ही दूबी से 16 बार स्नान किया जा सकता है। व्रत पूजा में पति एवं पुत्र की दीर्घायु की कामना की जाती है। पिपरिया ग्राम में घर घर हुई महालक्ष्मी की पूजा महिलाओं ने पति एवं पुत्र के लिए दीर्घायु की कामना की। इसके साथ ही महिलाए द्वारा विधि विधान से महालक्ष्मी जी की पूजन अर्चन के बाद प्रसाद वितरण किया गया।
जमकर बिका कमल
महालक्ष्मी पर्व के चलते बाजार विभिन्न स्थानों से कमल के फूल बिकने के लिए आए। कमल महालक्ष्मी का आसन होता है। इस कारण कमल के फूल का पूजा में विशेष महत्व बताया गया है। बाजार में कमल का एक फूल 15 से 20 रूपए तक बिका। अन्य पूजन सामग्रियों की भी भरमार बनी रही। भक्तिभाव एवं आस्था के साथ महालक्ष्मी व्रत महिलाओं ने धारण किया।
महिलाओं ने किया रात्रि जागरण
महालक्ष्मी पर्व श्रृद्धा भक्ति भाव के साथ मनाया गया। आश्विन कृष्ण अष्टमी को यह पर्व मनाया जाता है। घर-घर में श्रृद्धालु महिलाएं व्रत धारण कर महादेवी लक्ष्मी की आराधना की। इस पर्व में फुलेहरा बांधकर उसके नीचे मिट्टी के हाथी व माता लक्ष्मी की प्रतिमा का स्थापित कर पूजन किया गया। एक लोककथा के अनुसार एक राज की दो रानियां थी। बड़ी रानी के अनेक पुत्र थे, लेकिन छोटी रानी का एक ही पुत्र था। बड़ी रानी के अनेक पुत्रों ने एक दिन विशालकाय मिट्टी का हाथी बनाकर रानी को दिया। रानी ने उसका पूजन किया, लेकिन छोटी रानी इससे वंचित रहने के कारण उदास हो गई। उसका लड़का मां को उदास देख इन्द्र से ऐरावत हाथी मांग लाया और मां को बोली कि वह ऐरावत की पूजा करें। रानी ने ऐरावत की पूजा की, जिसके प्रभाव से उसका पुत्र विख्यात राजा हुआ। अत: इस दिन लोग हाथी की पूजा भी करते है। श्रृद्धालु महिलाएं रात्रि जागरण कर भजन कीर्तन करी और प्रात: काल विसर्जन किया गया।
टिकाऊ कृषि के लिए अनोखी पहल, किसान अब बना रहे हैं बायोचार
निवास के पायलीबाहुर में किसानों ने शुरू की बायोचार खेती
नाबार्ड और प्रदान संस्था की पहल
बायोचार से खेती होगी टिकाऊ, बढ़ेगी मिट्टी की उर्वरता
मंडला महावीर न्यूज 29.जलवायु परिवर्तन और लगातार घटती मिट्टी की उर्वरता की चुनौती से निपटने के लिए मंडला जिले के निवास ब्लॉक में एक नई और सराहनीय पहल की गई है। यहां के पायलीबाहुर गांव में टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने के लिए एक नई तकनीक बायोचार को अपनाया जा रहा है। इस तकनीक से मिट्टी की उर्वरता को बढ़ाने के साथ जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से भी निपटा जा सकता है। प्रदान संस्था और नाबार्ड के सहयोग से गठित वाटरशेड विकास समिति ने गांव में बायोचार इकाइयां स्थापित की हैं, जिनका उद्देश्य किसानों को पर्यावरण अनुकूल खेती के लिए प्रोत्साहित करना है।
जानकारी अनुसार बायोचार एक विशेष प्रकार का कोयला है, जिसे धान की भूसी, मक्का के डंठल, जगनी, रामतिला, राखड़ और अन्य स्थानीय कृषि अवशेषों को सीमित ऑक्सीजन की मौजूदगी में उच्च तापमान पर गर्म करके बनाया जाता है। इस प्रक्रिया को पायरोलिसिस कहा जाता है। यह कार्बन-समृद्ध पदार्थ है, जो कृषि अवशेषों को एक ऐसे पदार्थ में बदल देती है जो लंबे समय तक मिट्टी में बना रहता है। इसे खेतों में डालने से न केवल मिट्टी की गुणवत्ता सुधरती है, बल्कि फसलें भी अधिक उत्पादन देती हैं।
बताया गया कि बायोचार मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और उसकी नमी धारण क्षमता में सुधार करने में अत्यधिक प्रभावी है। यह मिट्टी में पानी को सोखने की क्षमता को बढ़ा देता है, जिससे सूखे या कम वर्षा की स्थिति में भी फसलें सुरक्षित रहती हैं। यही कारण है कि इसे जलवायु सहनशील खेती के एक महत्वपूर्ण घटक के रूप में देखा जा रहा है। यह तकनीक किसानों को रासायनिक खादों पर उनकी निर्भरता कम करने में भी मदद करेगा। जिससे उनकी लागत में कमी आएगी और मिट्टी की प्राकृतिक संरचना भी बनी रहेगी।
बायोचार के फायदे
अनुरुद्ध शास्त्री ने बताया कि इस तकनीक से मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार होगा। बायोचार मिट्टी की संरचना को बेहतर बनाता है और उसकी उर्वरता बढ़ाता है, जिससे फसलों की पैदावार में वृद्धि होती है। इसके उपयोग से किसान धीरे-धीरे रासायनिक खादों का प्रयोग कम कर सकते हैं, जिससे खेती की लागत कम होती है। बायोचार कार्बन को मिट्टी में अवशोषित कर लेता है, जिससे वायुमंडल में ग्रीनहाउस गैसों की मात्रा कम हो जाती है। यह तकनीक फसल अवशेषों को जलाने की समस्या का एक टिकाऊ समाधान है, जो वायु प्रदूषण का एक बड़ा कारण है। बायोचार मिट्टी में नमी बनाए रखने में मदद करता है, जिससे कम पानी में भी खेती संभव हो पाती है।
पायलीबाहुर में की गई पहल
पायलीबाहुर गांव के किसान इस पहल को लेकर बहुत उत्साहित हैं। ग्राम की पहलवती और परवतराम सिंह ने पहले उत्पादन चक्र में ही लगभग 45 किलो बायोचार तैयार किया। इसी तरह गायत्री और दशरथ सिंह ने 35 किलो बायोचार एकत्र किया। किसानों का कहना है कि बायोचार को खेतों में मिलाने के बाद मिट्टी की ताकत बढ़ी है और उनकी फसलें पहले से ज्यादा हरी-भरी दिख रही हैं। इस सफल शुरुआत से क्षेत्र के किसानों को उम्मीद है कि यह तकनीक जल्द ही निवास ब्लॉक के अन्य गांवों तक भी पहुंचेगी और किसानों के लिए एक नया विकल्प बनकर उभरेगी। यह पहल न केवल आर्थिक रूप से किसानों को सशक्त करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
इनका कहना है
पहले हमें मिट्टी में खाद डालने के बाद भी अच्छी पैदावार नहीं मिल रही थी। लेकिन मिट्टी परीक्षण के बाद अब बायोचार डालने से जमीन की ताकत लौटगी और हमें उम्मीद है कि अगली फसल और बेहतर होगी। इससे हमें रासायनिक खाद पर खर्च भी कम करना पड़ेगा।
पहलबती,महिला कृषक
बायोचार तकनीक जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने का एक सशक्त उपाय है। इससे किसानों को बेहतर उत्पादन तो मिलेगा ही, साथ ही पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन घटाने में भी मदद मिलेगी। नाबार्ड की कोशिश है कि इस मॉडल को मंडला जिले के अन्य ब्लॉकों तक भी पहुँचाया जाए।
देवब्रत पाल, जिला विकास प्रबंधक, नाबार्ड
हमारा प्रयास है कि गाँव के किसान आधुनिक तकनीकों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनें। बायोचार जैसी पहल से न केवल मिट्टी और फसल की सेहत सुधरेगी बल्कि किसानों का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। आने वाले समय में अच्छे परिणाम आने के बाद इसे अन्य गाँवों तक ले जाकर और अधिक परिवारों को लाभान्वित किया जाएगा।
अनुरुद्ध शास्त्री,प्रदान संस्था
स्वास्थ्य शिविर में एनीमिया और कैंसर सहित कई बीमारियों की होगी जांच
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान 17 से होगा शुरू
2 अक्टूबर तक चलेंगे स्वास्थ्य शिविर
मंडला महावीर न्यूज 29.मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ डीजे मोहंती की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी, बीपीएम, बीसीएम एवं शहरी नोडल अधिकारियों की उपस्थिति रही। बैठक में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक संचालित होने वाले स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ मोहंती ने बताया कि 17 सितंबर को जिला मुख्यालय सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, आयुष्मान केन्द्र, आरोग्य मंदिर एवं एसडब्ल्यूसी पर एक साथ अभियान का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया जाएगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य शिविर एवं रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। वहीं आयुष्मान केन्द्रों पर यह अभियान निरंतर 2 अक्टूबर तक चलेगा। शिविरों में स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, पोषण संबंधी सलाह, आयुष्मान एवं वय वंदना कार्ड निर्माण जैसी सेवाएं दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि शिविरों में महिलाओं एवं किशोरियों की एनीमिया, पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, हाईपरटेंशन, डायबिटीज, टीबी, ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर और सिकल सेल रोग की जांच कर समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ महिला एवं बाल विकास तथा वन विभाग का भी सहयोग रहेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण माह के कार्यक्रम, वहीं वन विभाग द्वारा पौधरोपण किया जाएगा। अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया पर लगातार तस्वीरें और सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी।
बैठक में उपस्थित जिला बीजेपी अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने कहा कि यह अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों से सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया। मिश्रा ने आश्वस्त किया कि जिले के सभी प्रतिनिधि इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान देंगे तथा किसी भी समस्या का समाधान जिला स्तर पर त्वरित किया जाएगा। बैठक में बीजेपी मंडल अध्यक्ष बिछिया, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला टीकाकरण अधिकारी, सिविल सर्जन, शहरी नोडल अधिकारी, डीपीएचएनओ, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला कम्यूनिटी मोबिलाइजर, डब्ल्यूएचओ की आईएफएम अधिकारी, आरबीएसके जिला समन्वयक सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
नई पद्धति से प्राकृतिक खेती करना स्वास्थ्य के लिए बेहतर
किसानों को रासायनिक खेती से होने वाले नुकसान की जानकारी होना चाहिए-कैबिनेट मंत्री
कोदो-कुटकी की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी करेगी सरकार-मंडला सांसद
रासायनिक खेती के नुकसान और जैविक खेती के लाभ
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले में जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आरडी कॉलेज के ऑडिटोरियम हॉल में एक कृषक संगोष्ठी और कलेक्टर कृषक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पीएचई मंत्री संपतिया उईके और मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर से आए किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
पीएचई मंत्री संपतिया उईके ने अपने संबोधन में कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित हो रही है। उन्होंने किसानों को रासायनिक खेती से होने वाले नुकसान और इसके विकल्प के रूप में जैविक व प्राकृतिक खेती अपनाने के फायदे बताए। उन्होंने कहा कि जैविक खेती आसान और किफायती है, जिससे भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ती है और स्वस्थ अनाज का उत्पादन होता है, जिसकी बाजार में अच्छी कीमत मिलती है।
पीएचई मंत्री संपतिया उईके ने श्रीअन्न (मोटे अनाज) जैसे कोदो-कुटकी के महत्व पर भी जोर दिया, क्योंकि यह कम पानी में भी अधिक पैदावार देते हैं। उन्होंने घोषणा की कि सरकार रानी दुर्गावती श्री अन्न प्रोत्साहन योजना के तहत कोदो-कुटकी की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी करेगी और इसके उत्पादकों को प्रति क्विंटल एक हजार रुपये का बोनस भी दिया जाएगा।
सरकार हर संभव सहायता के लिए तैयार
मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि यह योजना मिलेट्स उत्पादक किसानों के लिए वरदान साबित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार जैविक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को हर संभव मदद देने के लिए तैयार है। उन्होंने किसानों को खेत-तालाब योजना और गौपालन के माध्यम से आय बढ़ाने के तरीके भी सुझाए। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि मंडला की जलवायु मिलेट्स के उत्पादन के लिए सबसे उपयुक्त है और इसे मिलेट्स के ब्रांड के रूप में स्थापित किया जाना चाहिए। उन्होंने किसानों से नरवाई न जलाने की अपील की और नरवाई प्रबंधन की नई तकनीकों का उपयोग करने को कहा।
पूर्वज करते थे प्राकृतिक खेती
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने कहा कि आज कृषि योग्य भूमि कम हो रही है इसलिए जरूरी है कि हम प्राकृतिक कृषि के साथ खेती की नवीन तकनीकी को अपनाएं। इसके लिए हमें मछली पालन, कुक्कुट पालन और गौपालन को कृषि के साथ जोड़कर देखने की आवश्यकता है। कृषि में मल्टीलेयर क्रापिंग जैसी पद्धतियों का उपयोग बेहतर विकल्प हो सकता है। प्राकृतिक कृषि में लागत को कम करके किसान अपनी आमदनी को कई गुना बढ़ा सकते हैं। कार्यक्रम में बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा ने कहा कि इस तरह की संगोष्ठी का आयोजन सराहनीय कदम है। कृषक संवाद के ऐसे कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं को भी साझा करना आवश्यक है अन्यथा इनका आयोजन अधूरा रहता है। संगोष्ठी में अपने अनुभव साझा करते निवास विधायक चैनसिंह वरकड़े ने कहा कि हमारे पूर्वज पहले प्राकृतिक खेती ही किया करते थे हल-बैल से खेती होती थी। वर्तमान परिवेश में खेती के तौर तरीकों में बदलाव आया है। हमें नई पद्धति से प्राकृतिक खेती करनी होगी। जिससे हमारा स्वास्थ्य भी बेहतर होगा और भूमि की उर्वरता भी बनी रहेगी।
प्राकृतिक खेती के लिए 6250 किसानों का पंजीयन
डीडीए अश्विनी झारिया ने कृषक संगोष्ठी में बताया कि प्राकृतिक खेती योजना अंतर्गत जिले में 50 क्लस्टर का निर्माण किया गया है जिसमें 100 कृषक सखी भी बनाई गई है। प्राकृतिक खेती योजना अंतर्गत 6250 किसानो का पंजीयन किया गया है। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि समिति के सभापति भूपेन्द्र वडकड़े, जिला पंचायत शैलेश मिश्रा ने भी जैविक एवं प्राकृतिक के संबंध में अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में रानू राजपूत, हरिसिंह पंद्रे, विनोद चौरसिया, ललित लोधी, राकेश पटेल, उमेश शुक्ला, लालजू मर्सकोले सहित अन्य जनप्रतिनिधी और कृषि विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, कृषि सखी एवं जिले के प्रगतिशील कृषक मौजूद रहे।
मंडला की दो बेटियों ने पाई सफलता, एक बनी डीएसपी और वाणिज्य कर निरीक्षक
मंडला की बेटी मोना बनी डीएसपी, प्रदेश में हासिल की 9वीं रैंक
स्व-अध्ययन से पाई सफलता, बढ़ाया जिले का मान
मंडला महावीर न्यूज 29.मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा में मंडला जिले की मोना मिश्रा ने शानदार सफलता हासिल की है। निवास तहसील के बिसोरा गाँव की रहने वाली मोना का चयन उप पुलिस अधीक्षक के पद के लिए हुआ है। उन्होंने प्रदेश स्तर पर 9वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार को बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। बताया गया कि मोना की प्रारंभिक शिक्षा गाँव के ही सरस्वती शिशु मंदिर में हुई, जिसके बाद उन्होंने निवास के कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय से हायर सेकेंडरी की पढ़ाई पूरी की।
जानकारी अनुसार मोना ने वर्ष 2016 में माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं में गणित संकाय में लगभग 95 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद उन्होंने जबलपुर के होम साइंस कॉलेज से स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की, जिसमें उन्होंने गणित में भी पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। बताया गया कि मोना की इस इस सफलता का सबसे उल्लेखनीय पहलू यह है कि मोना ने बिना किसी कोचिंग संस्थान की मदद के केवल स्व-अध्ययन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। एक साधारण ग्रामीण परिवेश से आने वाली मोना की इस उपलब्धि ने क्षेत्र के युवाओं को नई प्रेरणा दी है।
बताया गया कि मोना के पिता अनिल मिश्रा एक सरकारी स्कूल में अध्यापक हैं, जबकि उनकी माँ मंजुलता मिश्रा जनपद सदस्य हैं। मोना के डीएसपी बनने की खबर सुनते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा। अपनी बेटी की इस सफलता से परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं है, और वे एक-दूसरे का मुँह मीठा कराकर जश्न मना रहे हैं। मोना के पिता ने उनकी सफलता का श्रेय उनके शिक्षकों और शुभचिंतकों को दिया है। बताया गया कि मोना फिलहाल इंदौर में है, सोमवार को अपने गृह ग्राम बिसोरा लौटेंगी, जहाँ उनके जोरदार स्वागत की तैयारी की जा रही है। उनकी सफलता पूरे मंडला जिले के लिए गौरव का विषय बन गई है।
साधारण परिवार की बेटी एलिसा ने गढ़ा इतिहास, बनीं वाणिज्य कर निरीक्षक
मंडला की बेटी ने स्व-अध्ययन से पाई सफलता
पीएससी परीक्षा में हासिल किए 830 अंक
मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला की होनहार बेटी एलिसा सिंगौर ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता हासिल कर वाणिज्य कर निरीक्षक का पद प्राप्त किया है। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाली एलिसा सिंगौर ने कुल 830 अंक हासिल कर यह उपलब्धि प्राप्त की है। उनकी इस सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जिले और समाज का मान बढ़ाया है।
बताया गया कि एलिसा सिंगौर बम्हनी बंजर के ग्राम सकवाह कला की रहने वाली हैं। उनके पिता राकेश सिंगौर भारतीय डाक विभाग ं बीजाडांडी उप डाकघर पर उप डाकपाल के पद पर कार्यरत हैं और माता सविता सिंगौर एक कुशल गृहिणी हैं। एलिसा ने अपनी कक्षा 12 तक की पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से पूरी की और तभी से प्रशासनिक सेवा में जाने का संकल्प लिया था। एलिसा की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने बिना किसी कोचिंग संस्थान की मदद के केवल अपने स्व-अध्ययन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
बताया गया कि एलिसा ने मुख्य परीक्षा में 738 अंक प्राप्त किए, जबकि इंटरव्यू में उन्हें 92 अंक मिले। उनका नाम मेरिट सूची में 67 वें नंबर पर है। बताया गया कि यदि एलिसा को अन्य पिछड़ा वर्ग आरक्षण का लाभ मिलता, तो वे और भी बेहतर पद प्राप्त कर सकती थीं, फिर भी उनका सामान्य श्रेणी में चयन होना उनकी मेहनत और प्रतिभा को के बलबूते हो पाया है। एलिसा की इस सफलता ने पूरे समाज और नई पीढ़ी के लिए एक प्रेरणा स्रोत का काम किया है। उनका लक्ष्य अभी और ऊँचा है और वे भविष्य में और भी बड़ी सफलता प्राप्त करने के लिए पूरी लगन से तैयारी कर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि पर उनके परिवार, रिश्तेदारों, शिक्षकों और शुभचिंतकों की ओर से लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
वाटर बेल की घंटी से विद्यार्थियों के जीवन में आया बदलाव
वाटर बेल नवाचार-विद्यार्थियों में पानी पीने की आदत हुई विकसित
बिंझिया और महाराजपुर के स्कूलों में दिख रहा सकारात्मक प्रभाव
छात्र-छात्राएँ बन रहे ज्यादा ऊर्जावान
मंडला महावीर न्यूज 29. छोटे-छोटे प्रयासों से भी बड़े और सकारात्मक बदलाव लाए जा सकते हैं। जिला प्रशासन की द वाटर बेल नवाचार की पहल बच्चों में स्वस्थ आदतें विकसित करने और उनके शैक्षिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। यह उम्मीद की जा रही है कि मंडला जिले के अन्य स्कूल भी इस सफल मॉडल को अपनाकर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और शिक्षा में सुधार लाएंगे। बताया गया कि मंडला जिले में जिला प्रशासन द्वारा शुरू किया गया द वाटर बेल नवाचार अब विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। एक महीने पहले शुरू हुई इस अनूठी पहल का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में पर्याप्त पानी पीने की आदत डालना है, और इसके प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं। विगत माह 8 अगस्त को पीएचई मंत्री संपतिया उईके ने घंटी बजाकर इस नवाचार की शुरुआत की थी, और तब से जिलेके कई स्कूलों में सफलतापूर्वक लागू किया जा रहा है।
जानकारी अनुसार शासकीय हाई स्कूल बिंझिया ने इस पहल को पूरी गंभीरता से अपनाया है। स्कूल के प्रधानाध्यापक मुकेश पांडे ने इस प्रोजेक्ट के महत्व को समझा और इसे लागू करने के लिए पूरे प्रयास किए। उन्होंने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को इस पहल के बारे में बताया और समझाया कि कैसे हाइड्रेटेड रहना उनके स्वास्थ्य और एकाग्रता के लिए आवश्यक है। इसी तरह पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजपुर की छात्राओं ने भी इस पहल को पूरी तरह आत्मसात कर लिया है। इस प्रोजेक्ट के तहत स्कूल में दिन में तीन बार घंटी बजती है, जो छात्राओं को पानी पीने की याद दिलाती है।
शिक्षकों की लगन और प्रेरणा का कमाल
बताया गया कि इस प्रोजेक्ट की शुरुआत में कुछ छात्राओं को यह नई आदत थोड़ी अजीब लगी, लेकिन विद्यालय के शिक्षकों ने इसे अपनी जिम्मेदारी माना। वे खुद भी छात्राओं के साथ पानी पीते और उन्हें लगातार प्रोत्साहित करते रहे। शिक्षक-शिक्षिकाओं की इस लगन और प्रेरणा ने धीरे-धीरे पानी पीने की इस गतिविधि को एक आदत में बदल दिया। अब यह वाटर बेल छात्राओं की दिनचर्या का एक अनिवार्य हिस्सा बन चुकी है। इसका सीधा फायदा उनके स्वास्थ्य पर दिख रहा है, क्योंकि उनका शरीर अब ज्यादा हाइड्रेटेड रहता है। इसके साथ ही छात्राओं की एकाग्रता में भी वृद्धि हुई है, जिससे उनके अध्ययन में सुधार आ रहा है।
स्वस्थ आदतों से दिख रहा सकारात्मक परिणाम
बताया गया कि शासकीय हाई स्कूल बिंझिया के विद्यार्थी और पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला की छात्राएं अब न केवल अपनी पानी की बोतलें नियमित रूप से लाते हैं, बल्कि तय समय पर पानी पीने की आदत भी विकसित कर चुके हैं। इस पहल का सकारात्मक प्रभाव उनके समग्र स्वास्थ्य पर दिखाई दे रहा है। विद्यार्थी अब खुद को ज्यादा ऊर्जावान महसूस करते हैं, और उनकी पढ़ाई में भी उल्लेखनीय सुधार आया है।
युद्ध स्तर पर कर रहे आरएफएस, लार्वा सर्वे और लार्वा विनष्टीकरण
मलेरिया मुक्त जिला के लिए स्वास्थ्य विभाग का प्रयास
नारायणगंज ब्लॉक में मलेरिया नियंत्रण अभियान तेज
स्वास्थ्य विभाग कर रहा लार्वा सर्वे, दे रहे जागरूकता संदेश
मंडला महावीर न्यूज 29.नारायणगंज ब्लॉक के मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मलेरिया नियंत्रण के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। स्वास्थ्यकर्मी लगातार आरएफएस, लार्वा सर्वे, और लार्वा विनष्टीकरण का काम कर रहे हैं। इस अभियान का नेतृत्व और निरीक्षण नारायणगंज प्रभारी मलेरिया निरीक्षक एससी जैन कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान मलेरिया निरीक्षक एससी जैन खुद प्रभावित इलाकों का दौरा करने के साथ स्थानीय स्कूलों और पंचायतों में जाकर लोगों को मलेरिया से बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है, जिससे वे अपने घरों और आसपास के इलाकों को साफ रखकर मच्छरों को पनपने से रोक सकें। जागरूकता अभियान के तहत लोगों को मलेरिया से संबंधित पम्पलेट भी बांटे जा रहे हैं, जिनमें बीमारी के लक्षण, बचाव के उपाय और उपचार की जानकारी दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्कूली छात्रों और अन्य सरकारी विभागों के कर्मचारियों को भी मलेरिया नियंत्रण के बारे में जागरूक कर रही हैं। उन्हें बताया जा रहा है कि स्थिर पानी में मच्छर पनपते हैं, इसलिए कूलर, गमले, टायर और अन्य बर्तनों में पानी जमा न होने दें। इसके साथ ही मच्छरदानी का उपयोग करने और शाम के समय खिड़की-दरवाजे बंद रखने की सलाह दी जा रही है।
इस अभियान का उद्देश्य केवल मलेरिया का इलाज करना नहीं, बल्कि इसके प्रसार को रोकना भी है। एससी जैन ने बताया कि लोगों की भागीदारी के बिना इस बीमारी को पूरी तरह से खत्म करना संभव नहीं है। इसलिए स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का यह प्रयास मलेरिया मुक्त नारायणगंज बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
केहरपुर में नशा मुक्ति और उमंग दिवस का आयोजन
छात्रों को दिए पुरस्कार, किया पौधारोपण
छात्रों और शिक्षकों ने ली नशा मुक्ति की शपथ
मंडला महावीर न्यूज 29.शासकीय हाई स्कूल केहरपुर में उमंग दिवस और नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जीवन कौशल और नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर ग्राम के सरपंच सतवंत सिंह उलारी, सचिव संतोष ठाकुर और सामाजिक सुरक्षा अधिकारी पीयूष पांडे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में छात्रों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सामाजिक सुरक्षा अधिकारी और सरपंच द्वारा पुरस्कार दिए गए। इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक और छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति की शपथ भी ली। उपस्थित सभी जनों ने नशा से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए छात्रों को स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करते हुए स्कूल परिसर में पौधारोपण भी किया गया। उमंग दिवस एवं नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
दुर्गेश दीक्षित बने वन कर्मचारी संघ के प्रांतीय महामंत्री
कान्हा टाइगर रिजर्व के वन रक्षक को मिली बड़ी जिम्मेदारी
कर्मचारियों के हितों के लिए संघर्ष का लिया संकल्प
मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र वन कर्मचारी संघ भोपाल के प्रदेश अध्यक्ष पंकज पांडे ने मंडला जिले को बड़ी सौगात दी है। कान्हा टाइगर रिजर्व में पदस्थ वन रक्षक दुर्गेश दीक्षित को प्रदेश कार्यकारिणी में प्रांतीय महामंत्री का दायित्व सौंपा है। इस नियुक्ति से मंडला जिले के वन कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। बताया गया कि दुर्गेश दीक्षित की इस नियुक्ति के बाद वन कर्मचारी संघ जिला शाखा मंडला के सदस्यों ने कान्हा कार्यालय पहुँचकर उनका भव्य स्वागत किया। जिलाध्यक्ष बालसिंह ठाकुर, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष किरन बरकड़े, कृष्णा लक्ष्मी धूमकेतू, प्रवीण उपाध्याय, वीनू मिश्रा और मनोज मिश्रा सहित अन्य कर्मचारियों ने पुष्पहारों से दुर्गेश दीक्षित का अभिनंदन किया।
दुर्गेश दीक्षित ने अपने उद्बोधन में सभी को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे वन कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रहेंगे। उनकी यह नियुक्ति मंडला जिले के वन कर्मचारियों के लिए एक नई उम्मीद लेकर आई है, क्योंकि अब उनकी आवाज प्रदेश स्तर पर भी मजबूती से उठाई जाएगी।
छात्रा योगिता मरावी का राष्ट्रीय चयन
जनजातीय चित्रकला कला प्रतियोगिता में किया था शानदार प्रदर्शन
मंडला महावीर न्यूज 29. एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय ईएमआरएस की कक्षा 8वीं की छात्रा योगिता मरावी ने अपनी कला प्रतिभा से विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। 22 अगस्त को ईएमआरएस केसला नर्मदापुरम में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय चित्रकला कला प्रतियोगिता में योगिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए स्थान बनाया है। यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय जनजातीय छात्र शिक्षा समिति द्वारा आयोजित की जा रही है जिसका उद्देश्य जनजातीय कला एवं संस्कृति को संरक्षित करना और नई पीढ़ी में रचनात्मकता को बढ़ावा देना है।
चयनित छात्र-छात्राओं की कृतिया आगामी चरण में राष्ट्रीय मूल्यांकन भेजी जा चुकी हैं। इसके बाद सितंबर माह के अंतिम सप्ताह में नई दिल्ली में 6 दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय कला प्रदर्शनी एवं कार्यशाला आयोजित होगी जिसमें देशभर से चयनित विद्यार्थी अपनी कला प्रस्तुत करेंगे। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रीना ने छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। वहीं विद्यालय के कला शिक्षक प्रकाश विश्वास के मार्गदर्शन में योगिता ने यह उपलब्धि हासिल की है।
आत्मनिर्भर भारत के लिए योजनाओं पर की चर्चा
देवरीकला बबलिया में भाजपा की बैठक आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29. देवरीकला बबलिया सामुदायिक भवन में भाजपा मंडल की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश देना था।
बैठक में कार्यकर्ताओं को बताया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाएं और यह सुनिश्चित करें कि जनता को इन योजनाओं का पूरा लाभ मिल रहा है या नहीं। नवनिर्वाचित जिला महामंत्री संतोष रजक ने कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने का मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपने गांव और मोहल्लों में लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुनें और निराकरण कराए।
मंडल अध्यक्ष संदेश जायसवाल ने भी आत्मनिर्भर भारत के विषय में विस्तार से बताया और पार्टी द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर सरपंच राकेश सिंह धुर्वे का जन्मदिन भी मनाया गया और कार्यकर्ताओं में मिठाई बांटी। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। बैठक का संचालन संतोष बर्मन ने किया। बैठक में क्षेत्र के सभी भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विद्यार्थियों ने अभिनय के माध्यम से उमंग के महत्व को समझा
हायर सेकेंडरी बबलिया में उमंग कार्यक्रम का आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29.समग्र शिक्षा अभियान मप्र लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा निर्देशित किए जाने पर
उमंग स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस दिवस हायर सेकेंडरी स्कूल बबलिया में मनाया गया। उमंग है तो जीवन में रंग की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों और शिक्षकों में उत्साह देखा गया। विद्यालय के प्राचार्य डीके सिंगौर ने बच्चों को अपने उद्बोधन से बताया कि उमंग से भरा व्यक्ति तनाव, चिंता और अवसाद से बेहतर तरीके से निपट सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षक डीके सिंगौर ने छात्रों से कहां कि उमंग जीवन को जीवंत और आनंदमय बनाता है। यह वह आंतरिक शक्ति है जो छोटी-छोटी चीजों में खुशी ढूंढने और हर पल को जीने की कला सिखाता है। उन्होंने बिना कोई पूर्व भूमिका के शिक्षकों और विद्यार्थियों से उमंग और उत्साह से भरे व्यक्ति और जिस व्यक्ति के अंदर उमंग न हो दोनों प्रकार के व्यक्ति की भाव भंगिमा का अभिनय करने को कहा। जिस पर शिक्षकों और बच्चों ने भी शानदार अभिनय करके उमंग के महत्व को समझने का न केवल सफल प्रयास किया बल्कि पूरा विद्यालय आनंदमय हो गया।
इस अवसर पर इस कार्यक्रम के प्रभारी दिलीप मरावी और प्रतिभा मार्को ने बालक और बालिकाओं की अलग अलग खो – खो प्रतियोगिता और क्विज का आयोजन भी कराया और बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में माहौल उमंग से भरा रहा। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम की जमकर सराहना भी की।
एनएच 30 में दो कार की आमने सामने टक्कर
बिछिया पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला-बिछिया नेशनल हाईवे 30 मार्ग में शुक्रवार रात्रि करीब 8 बजे सड़क दुर्घटना में दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें गाडिय़ों में सवार कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जहाँ उनका उपचार किया जा रहा है। बताया गया कि हादसे में सभी घायल स्वस्थ बताए गए है।
जानकारी अनुसार एनएच 30 मार्ग में भुआ स्कूल के पास बंजारी क्षेत्र में दो कारों की आमने सामने टक्कर हो गई। बताया गया कि बिछिया से मंडला की ओर जा रही एक टाटा अल्ट्रोज कार और मंडला से बिछिया की ओर आ रही एक मारुति कार की आपस में टकरा गईं। हादसे की जानकारी तत्काल बिछिया पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बिछिया पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भुआ बिछिया पहुंचाया। बिछिया थाना प्रभारी ने बताया कि कार में बैठे लोगों को मामूली चोटें आई हैं, और सभी को उपचार के बाद स्वस्थ बताया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
फर्जी तरीके से सिम जारी करने वाला पीओएस एजेंट गिरफ्तार
ऑपरेशन फास्र्ट के तहत मंडला पुलिस की कार्रवाई
एक ही आधार कार्ड पर कई फर्जी सिम कर रहा था जारी
आरोपी से फिंगरप्रिंट स्कैनर और 11 सिम जब्त
मंडला महावीर न्यूज 29.पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन फास्र्ट के तहत मंडला पुलिस ने फर्जी सिम जारी करने वाले एक पीओएस एजेंट को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि यह अभियान साइबर धोखाधड़ी और वित्तीय ठगी जैसे अपराधों में इस्तेमाल होने वाले फर्जी सिम कार्डों पर लगाम लगाने के लिए चलाया जा रहा है।
जानकारी अनुसार पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में मंडला पुलिस ने मोबाइल और सिम विक्रेताओं की जाँच के लिए एक सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसडीओपी निवास के मार्गदर्शन में गठित एक विशेष टीम ने थाना मोहगाँव पुलिस के साथ मिलकर एक पीओएस एजेंट के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी महेंद्र गोलिया 30 वर्ष, निवासी लिंगा माल, मंडला भोले-भाले ग्रामीणों से सिम रजिस्ट्रेशन के लिए फिंगरप्रिंट स्कैन और फोटो की प्रक्रिया एक से अधिक बार कराकर उनके आधार कार्ड पर बिना उनकी जानकारी के कई फर्जी सिम कार्ड जारी करता था। बाद में इन सिमों को वह अन्य व्यक्तियों को बेचकर अवैध आर्थिक लाभ कमाता था।
पुलिस ने आरोपी के पास से फिंगरप्रिंट स्कैनर, एक मोबाइल फोन, जियो कंपनी की एक लापु सिम और अन्य 10 सिम कार्ड जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा, आईटी एक्ट की धारा और दूरसंचार अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में निरीक्षक वेदराम हनोते, उपनिरीक्षक गौरव तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक कमल पड़वार, प्रधान आरक्षक चैनसिंह सैयाम, आरक्षक हेमंत मरावी, शिव परस्ते, नवीन उइके और साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक हिमांशु चौहान व आरक्षक सुरेश भटेरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सावधानी बरतें
पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि सिम लेते समय अगर विक्रेता एक से अधिक बार प्रक्रिया करने को कहे तो सतर्क रहें । आप दूरसंचार विभाग (DOT) की वेबसाइट
https://sancharsaathi.gov.in/ पर जाकर यह भी पता कर सकते हैं कि आपके आधार कार्ड पर कितने सिम जारी हुए हैं । यदि आपके नाम पर कोई फर्जी सिम चल रहा है तो उसे तुरंत बंद करवाएँ । किसी भी साइबर अपराध की शिकायत के लिए नजदीकी थाने, साइबर हेल्पलाइन
1930 या मंडला पुलिस के 7049141561 पर संपर्क करें ।
सूर्यकुंड धाम में श्री हनुमान को चढ़ाया जाएगा फल का चढ़ावा
भोग के साथ होगी महाआरती और प्रसादी वितरण
मंडला महावीर न्यूज 29.माँ नर्मदा के तट पर स्थित सूर्यकुंड धाम में विराजमान दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में श्री सूर्यकुण्ड हनुमान जी महाआरती भंडारा समिति द्वारा फल महोत्सव मनाया जाएगा। आज शनिवार को श्री हनुमान जी को फलों का चढ़ावा चढ़ाते हुए फल महोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान हनुमान जी की पूजा-अर्चना और भोग के साथ महाआरती का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल होंगे।
बताया गया कि सूर्यकुण्ड धाम में विराजमान दक्षिण मुखी हनुमान जी को फल महोत्सव के तहत आज शनिवार दोपहर 12 बजे विभिन्न प्रकार के फलों को अर्पित किया जाएगा। पूरे हनुमान मंदिर को फलों से सजाया जाएगा और विभिन्न प्रकार के फल श्री हनुमान को अर्पित किये जाएगे।
बताया गया कि इस फल महोत्सव में कैबिनेट मंत्री सपंतिया उइके भी शामिल होगी। दोपहर को फलों का चढ़ावा के बाद शाम 07 बजे महाआरती का आयोजन किया जाएगा। महाआरती के बाद कैबिनेट मंत्री सपंतिया उइके द्वारा भक्तों को फलों का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
हाट बाजार में अतिक्रमण पर प्रशासन का कड़ा रुख
पंचायत की 13 दुकानें कराई खाली, ग्रामीणों ने कहा स्वागत योग्य कदम
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले की ग्राम पंचायत बकोरी में स्थित हाट बाजार में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पंचायत की 13 दुकानों को खाली कराया। यह कदम दुकानदारों द्वारा कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद दुकानें खाली न करने के बाद उठाया गया। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है और इसे पारदर्शी व न्यायसंगत कदम बताया है।
जानकरी अनुसार यह कार्रवाई मंडला के अनुविभागीय अधिकारी के आदेश पर की गई, जिसका पालन कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार मंडला की मौजूदगी में हुआ। पंचायत ने विगत 23 अगस्त, 30 अगस्त और 1 सितंबर को दुकानदारों को नोटिस जारी कर दुकानें खाली करने को कहा था, लेकिन नोटिस की समय-सीमा बीतने के बाद भी कब्जा बरकरार रहा। जिसके बाद पंचायत के आग्रह और उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह सख्त कदम उठाया गया। इस दौरान थाना कोतवाली का पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
ताले तोड़े गए, सामान की सूची बनी
प्रशासनिक टीम ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई। कार्रवाई के दौरान 13 दुकानों में से 4 दुकानदारों ने स्वेच्छा से दुकानें खाली कर दीं, जबकि शेष 9 दुकानों के ताले प्रशासन की मौजूदगी में तोड़े गए। अंदर रखा सारा सामान सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया और उसकी वीडियोग्राफी के साथ एक सूची भी बनाई गई।
कार्रवाई की ग्रामीणों ने की सराहना
इस कार्रवाई से हाट बाजार क्षेत्र में काफी हलचल रही। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। कई ग्रामीणों ने इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि यह लंबे समय से आवश्यक था, क्योंकि बाजार में अव्यवस्था और अतिक्रमण बढ़ रहा था। लोगों का कहना है कि पंचायत की दुकानों का आवंटन पारदर्शी ढंग से होना चाहिए, जिससे स्थानीय लोगों को न्यायसंगत तरीके से सुविधा मिल सके। प्रशासन की इस सख्ती से लोगों ने कहा कि पंचायत की संपत्ति का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि पंचायत की संपत्ति आमजन के हित और विकास कार्यों के लिए है। यह कार्रवाई अन्य पंचायतों और दुकानदारों के लिए भी एक संदेश है कि नियमों का पालन करना अनिवार्य है।
दीदी पाठशाला पखवाड़ा में महिलाओं ने सीखा प्राकृतिक खेती
कृषि अधिकारी ने महिला किसानों द्वारा बनाए गए बीजामृत की सराहना की
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के वनांचल विकासखंड मवई के ग्राम पखवार में चल रहे दीदी पाठशाला पखवाड़ा के दौरान महिला किसानों ने प्राकृतिक खेती की ओर एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। शुक्रवार को वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी वीपी तेकाम ने कार्यक्रम का दौरा किया और महिलाओं की गतिविधियों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने महिला समूहों द्वारा बनाए जा रहे बीजामृत को देखा। महिला किसानों ने वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी वीपी तेकाम को बताया कि उन्होंने यह जैविक कीटनाशक गोबर, गोमूत्र, नीम की पत्तियों और अन्य प्राकृतिक चीजों का उपयोग करके तैयार किया है। उन्होंने बताया कि यह विधि फसलों को बीमारियों से बचाने, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और खेती की लागत को कम करने में बहुत प्रभावी है।
वीपी तेकाम ने महिलाओं के इस प्रयास की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह देखकर खुशी हो रही है कि अब गांव की महिलाएं भी प्राकृतिक खेती को अपना रही हैं। उन्होंने इस पद्धति को कृषि उत्पादन के साथ-साथ समाज के स्वास्थ्य के लिए भी बहुत फायदेमंद बताया। महिला किसानों ने कृषि अधिकारी का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके मार्गदर्शन से उन्हें खेती की नई तकनीक सीखने में मदद मिली है। इस कार्यक्रम में उद्योगिनी संस्था से अमित पटेल, संदीप श्रीवास, सरोज परिवार और परमेश्वरी सोनवानी भी मौजूद थे। लगभग 12 गांवों की महिला किसानों ने इस पाठशाला में भाग लिया।
20 हजार की रिश्वत लेते सहायक यंत्री गिरफ्तार, लोकायुक्त की कार्रवाई
रिपेयर और मेंटेनेंस कार्य के बिल पास करने मांगे थे 56 हजार
मंडला जनजातीय कार्य विभाग में पदस्थ है इंजीनियर
मंडला महावीर न्यूज 29. जबलपुर लोकायुक्त ने आदिवासी जनजातीय कार्य विभाग मंडला के कार्यालय में कार्रवाई करते हुए सहायक यंत्री नरेंद्र कुमार गुप्ता 61 वर्ष पिता स्व. काशीराम गुप्ता को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई प्रथम किश्त के रूप में रिश्वत लेते समय की गई। यह कार्रवाई सरकारी विभागों में व्यापत भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने जरूरी था। लोकायुक्त पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई उन अधिकारियों के लिए भी एक चेतावनी है, जो बिना रिश्वत लिए सरकारी काम करने से कतराते हैं।
जानकारी अनुसार रोशन कुमार तिवारी 34 वर्ष, पिता रामू तिवारी निवासी अनुपपुर हाल निवास नारायणगंज मंडला ने जबलपुर लोकायुक्त कार्यालय में इसकी शिकायत की थी। रोशन कुमार तिवारी की फर्म बोरिंग बिल्डर्स ने विगत वर्ष 2024 में आदिवासी जनजातीय कार्य विभाग मंडला में रिपेयर एवं मेंटेनेंस का कार्य पूरा किया था। यह कार्य मार्च में पूर्ण कर लिया गया था, जिसका कुल बिल 16 लाख 60 हजार रुपये का था। इस बिल को पास करने के एवज में सहायक यंत्री ने कुल बिल का एक प्रतिशत की रिश्वत की मांग की थी।
बिल भुगतान के एवज में मांगी थी रिश्वत
शिकायतकर्ता रोशन कुमार तिवारी ने बताया कि उनके द्वारा लगाए गए 16 लाख 60 हजार रुपये के कार्य बिल के भुगतान के एवज में सहायक यंत्री नरेंद्र कुमार गुप्ता द्वारा एक प्रतिशत के हिसाब से कुल 56 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। सहायक यंत्री ने बिल पास करने के लिए यह राशि मांगी थी, जिसके बाद रोशन तिवारी ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई।
रंगे हाथों पकड़े गए सहायक यंत्री
गुरूवार को जब सहायक यंत्री नरेंद्र कुमार गुप्ता को शिकायतकर्ता रोशन कुमार तिवारी ने प्रथम किश्त के रूप में 20 हजार रुपये की रिश्वत देने विभाग पहुंचे। जहां लोकायुक्त की टीम ने नरेन्द्र कुमार गुप्ता को 20 हजार रूपए लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। लोकायुक्त की टीम ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। लोकायुक्त के ट्रेप दल में टीम प्रभारी निरीक्षक राहुल गजभिये, निरीक्षक जितेंद्र यादव, निरीक्षक शशिकला मस्कुले, उप निरीक्षक शिशिर पांडेय समेत लोकायुक्त जबलपुर का दल मौजूद रहा।
जनकल्याणकारी योजनाओ, समस्याओं के निराकरण पर चर्चा, दिए सख्त निर्देश
जर्जर स्कूल भवन, अधूरी नल-जल योजना और राशन वितरण में अनियमितताओं पर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
नारायणगंज जनपद में सांसद-विधायक ने ली बैठक
जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर हुई चर्चा
मंडला महावीर न्यूज 29.नारायणगंज जनपद पंचायत सभा कक्ष में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, निवास विधायक चैन सिंह बरकड़े और एसडीएम सीएल वर्मा ने बैठक ली। इस बैठक में जनपद स्तर के सभी विभागीय अधिकारियों को तलब कर शासन द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के सही क्रियान्वयन और जन समस्याओं के निवारण पर विस्तृत चर्चा की गई। सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने अधिकारियों से उनके विभागों की प्रगति और लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने में आ रही चुनौतियों के बारे में जानकारी ली।
बैठक में मंडला सांसद फग्गन सिंह, निवास विधायक चैन सिंह ने अधिकारियों को प्राथमिकता से योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाने के निर्देश दिए। इस दौरान ज्योति कलश समूह को ऋण के लिए 2 लाख 52 हजार का चैक दिया गया। बैठक में शिक्षा विभाग से डीके सिगोर ने बताया कि जनपद के आसपास कई स्कूल भवन जर्जर हालत में हैं और कई शाला भवनविहीन हैं, जबकि कई स्कूलों में शौचालय की व्यवस्था भी नहीं है। उन्होंने इसकी सूची जिला कार्यालय को भेजी है। मंडला सांसद ने निर्देश दिए कि जर्जर स्कूलों में भवन न लगाए जाएँ और यदि कोई शिकायत आती है तो इसकी जवाबदेही शिक्षा विभाग की होगी।
बैठक में वन विभाग से मयंक उपाध्याय ने वन ग्रामों में सड़क, बैगा परिवारों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ, स्कूल भवन, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने की बात रखी। महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी संजीव मोहरे ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों और गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार वितरण की जानकारी दी। नए आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण को गुणवत्तापूर्ण और शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में पौधारोपण भी किया गया।
मनरेगा, विद्युत और खाद्य वितरण में सुधार के दिए निर्देश
नारायणगंज जनपद सीईओ दीप्ति यादव से मनरेगा और निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने को कहा गया। पंकज साहू ने मनरेगा मजदूरों को समय पर मजदूरी दिलाने पर जोर दिया। विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के खंभों और वोल्टेज की समस्या बताई। विधायक ने खाद्य अधिकारी से राशन वितरण में सेल्समैन द्वारा की जा रही लापरवाही, खासकर फिंगरप्रिंट लेने के बाद अनाज न देने की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
अधूरी नल-जल योजना पर जताई नाराजगी
जल जीवन निगम और पीएचई विभाग के अधिकारियों ने हर गाँव में पानी पहुँचाने की बात की। जल जीवन निगम, जिसका काम 2022 में शुरू हुआ था, उसे जनवरी 2026 तक पूरा करने का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अधूरे पड़े कार्यों की समीक्षा कर उन्हें जल्द पूरा करें, खासकर जहाँ ठेकेदारों ने पंचायत से एनओसी लिए बिना काम छोड़ दिया है। मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, निवास विधायक चैन सिंह बरकड़े ने सभी अधिकारियों को क्षेत्र का भ्रमण करने, जनता की समस्याएँ हल करने और शासन की योजनाओं की जानकारी गाँव-गाँव तक पहुँचाने के निर्देश दिए। बैठक में जनपद अध्यक्ष आसाराम भारतीया, जनपद उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा, जनपद सदस्य गुलाब सिंह परस्ते, सुंदरलाल उर्वती, धर्म सिंह सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और जनपद के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।
ऑपरेशन मुस्कान-मंडला पुलिस ने 3 साल पहले गुम हुई बालिका को हरियाणा से किया सकुशल दस्तयाब
विभिन्न राज्यों से 27 बालिकाओं को ढूंढकर परिजनों को सौंपा
पुलिस मुख्यालय के मुस्कान अभियान को मिली सफलता
मंडला महावीर न्यूज 29.मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा गुमशुदा और अपहृत बालक-बालिकाओं को ढूंढने के लिए चलाए जा रहे प्रदेश स्तरीय मुस्कान अभियान के तहत मंडला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंडला पुलिस ने अलग-अलग राज्यों से 27 बालिकाओं को दस्तयाब कर उनके परिजनों को सौंपने में कामयाबी हासिल की है। इस अभियान में चौकी मनेरी, थाना बीजाडांडी को सफलता मिली, जिसने तीन साल पहले लापता हुई एक बालिका को हरियाणा से सकुशल ढूंढ निकाला और उसे उसके परिवार से मिलाया।
जानकारी अनुसार मंडला जिले में मुस्कान अभियान की मॉनिटरिंग डीएसपी महिला सुरक्षा शाखा सतीश कुमार चतुर्वेदी के नेतृत्व में एक विशेष टीम द्वारा की जा रही थी। विगत 18 अगस्त से चलाए गए इस विशेष अभियान के अंतर्गत मंडला पुलिस ने देश के विभिन्न राज्यों में टीमें भेजकर गुमशुदा बालिकाओं की तलाश की। इसी के अंतर्गत विगत तीन वर्ष पहले लपता हुई बालिका को दस्तयाब किया गया है।
बताया गया कि चौकी मनेरी, थाना बीजाडांडी से 3 वर्ष पूर्व लापता हुई बालिका को खोजने के लिए एसडीओपी निवास पीएस वालरे के नेतृत्व में एक टीम लगातार काम कर रही थी। पुलिस अधीक्षक द्वारा बालिका की तलाश के लिए पुरस्कार की घोषणा भी की गई थी। एसडीओपी के नेतृत्व में गठित टीम की कड़ी मेहनत और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस की एक टीम को हरियाणा भेजा गया। वहाँ से बालिका को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया। बताया गया कि मुस्कान अभियान के तहत मनेरी चौकी पुलिस ने वर्ष 2023 में गुम हुई एक नाबालिग को गुजरात से भी दस्तयाब किया था।
इनका रहा योगदान
इस अभियान को सफल बनाने में अनुविभागीय अधिकारी निवास, थाना प्रभारी बीजाडांडी के निर्देशन में उप निरीक्षक शशांक शुक्ला के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक अरविंद, अभिषेक, आरक्षक मुकेश, आनंद, महिला आरक्षक रीना, प्रियंका और आरक्षक सूर्यचंद बघेले की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मंडला में दशलक्षण पर्व का समापन, क्षमा वाणी के साथ आत्म-शुद्धि का संकल्प
मुनिद्वय नीरजसागर और निर्मदसागर के सानिध्य में जैन समाज ने मनाया क्षमा का महापर्व
मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर के पिंडरई में जैन धर्म के महत्वपूर्ण दशलक्षण पर्व का समापन क्षमा वाणी पर्व के साथ हुआ। युगश्रेष्ठ आचार्य विद्यासागर महाराज और आचार्य समयसागर महाराज के आशीर्वाद से मुनिद्वय नीरजसागर और निर्मदसागर महाराज के चातुर्मास के दौरान इस पर्व को पूरी श्रद्धा और आत्म-साधना के साथ मनाया गया। बताया गया कि सकल दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष चौधरी कैलाश चंद्र जैन ने बताया कि इस साल मुनिद्वय की प्रेरणा से समाज के सभी सदस्यों ने पर्व के वास्तविक महत्व को समझा और अपनी-अपनी विकारों का शमन करते हुए आत्म-साधना की। इसी साधना के साथ क्षमा वाणी पर्व मनाया गया, जिसमें सभी ने एक-दूसरे से क्षमा माँगी।
नवयुवक मंडल अध्यक्ष पीयूष सराफ ने बताया कि पिंडरई के इतिहास में पहली बार इस तरह की साधना और आनंद के साथ पर्व मनाया गया। क्षमा वाणी पर्व के उपलक्ष्य में भट्टे जी परिवार की ओर से समाज के लिए स्वल्पाहार का आयोजन किया गया। साधु सेवा समिति के मीडिया प्रभारी ऋषभ जैन ने बताया कि चातुर्मास कमेटी के अध्यक्ष मनीष जैन ने समाज और कमेटी के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से यह दस दिनों का महा-अनुष्ठान धर्म और ध्यान पूर्वक सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कान्हा पार्क में शिकार की कोशिश, चार आरोपी गिरफ्तार
वन विभाग ने मौके से कुल्हाड़ी और जहर की पुडिय़ा की जब्त
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई, न्यायालय में किया पेश
मंडला महावीर न्यूज 29.कान्हा टाइगर रिजर्व के कोर जोन में वन्यजीवों के शिकार की कोशिश को वन विभाग ने नाकाम कर दिया है। परिक्षेत्र अधिकारी सरही के नेतृत्व में गठित एक टीम ने चार आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा है, जिनके पास से कुल्हाड़ी और जहर की पुडिय़ा सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है।
जानकारी अनुसार यह घटना कान्हा टाइगर रिजर्व के वन परिक्षेत्र सरही के बीट सौंफ, कक्ष क्रमांक 673 में बंदरीछापर बाघ आरक्षित क्षेत्र में हुई। जहां पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुद्धूसिंह 51 वर्ष, रमेश 40 वर्ष, पनसूसिंह 53 वर्ष और कृष्णकुमार उर्फ टिल्लू 39 वर्ष के रूप में हुई है, ये सभी वनग्राम किसली के निवासी हैं। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत वन अपराध दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी न्यायालय भुआ बिछिया के समक्ष पेश किया गया है। इस कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक धरमसिंह धुर्वे, वनरक्षक श्रीचंद्र यादव, रमेश कुमार उइके और सुरक्षा श्रमिक बैसाखू, रमाकांत मरावी, मोहनलाल यादव और गोविंद यादव की विशेष भूमिका रही है।
नेत्र शिविर में 15 मोतियाबिंद के मरीज हुए चिन्हित
परिवार एजुकेशन सोसाइटी और सदगुरु नेत्रालय के सहयोग से आयोजित हुए नारायणगंज में नि:शुल्क नेत्र शिविर
मंडला महावीर न्यूज 29.विकासखंड नारायणगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर सीबीएमओ डॉ. अमृत कोल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। सीएचसी नारायणगंज में आयोजित शिविर में 121 मरीजों का पंजीयन किया गया। नि:शुल्क नेत्र शिविर परिवार एजुकेशन सोसाइटी और सदगुरु नेत्र चिकित्सालय चित्रकूट के सहयोग से आयोजित किया गया। नेत्र शिविर में 121 मरीजों में से 15 मरीज मोतियाबिंद के चिन्हित किये गए। चिन्हित मोतियाबिंद के मरीजों का सदगुरु नेत्र चिकित्सालय में नि:शुल्क सर्जरी की जाएगी।
जानकारी अनुसार नि:शुल्क नेत्र शिविर में सर्जरी के चिन्हित मरीजो के अलावा अन्य मरीजों का जांच परीक्षण किया गया। जांच में 69 मरीजों को चश्में और 25 मरीजों को दवाईयां नि:शुल्क दी गई। आयोजित नि:शुल्क नेत्र शिविर में सीएचसी नारायणगंज में सद्गुरू नेत्र चिकित्सालय के नेत्र चिकित्सक ने अपनी सेवाए दी। इसके साथ ही जिन मरीजों का ऑपरेशन पहले चित्रकूट में हुआ था, उनका फालोअप लिया गया। आंखो की जांच के बाद उन सभी मरीजों को भी आवश्यकता अनुसार चश्मा दिया गया। नि:शुल्क नेत्र शिविर में परिवार एजुकेशन सोसाईटी के सभी कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं दी। शिविर में मरीजों के आंखों में मोतियाबिंद, काला मोतिया, रेटिना की जांच, चश्में की जांच और आंखों से संबंधित अन्य समस्याओं का जांच परीक्षण किया गया।
सद्गुरू नेत्र चिकित्सालय के डॉ. रवि तिवारी और नेत्र चिकित्सा सहायक जयकरण चौधरी ने बताया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों की आंखो में विभिन्न प्रकार की समस्या रहती है। आंखो से पानी आना, आंखो में कीचड़ बनना, मोतियाबिंद की समस्या, आंख में लालपन होने जैसी समस्या से ग्रसित होते है। ऐसी समस्या से पीडि़त व्यक्तियों का सद्गुरू नेत्र चिकित्सालय में नि:शुल्क उपचार और जांच की जाती है। जहां मरीजों को रहना, खाना सब नि:शुल्क रहता है। इसके साथ ही उपचार के बाद मरीज को वापस जाने की सुविधा प्रदान की जाती है। आयोजित शिविर में परिवार एजुकेशन सोसाईटी के प्रहलाद सोनवानी, अनिल सिंगरौरे, सचिन सिंगरौरे, विवेक सिंगरौरे समेत स्टाफ का सहयोग रहा।
परिवार एजुकेशन सोसाईटी का रहता है सहयोग
परिवार एजुकेशन सोसाईटी समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। जिससे जरूरतमंदों को लाभ मिल रहा है। परिवार एजुकेशन सोसाइटी द्वारा मंडला जिले के पांच ब्लाक नारायणगंज, निवास, मोहगांव, बिछिया और मवई की सीएचसी में परिवार श्री रामकृष्ण श्री विवेकानंद सेवा कुटीर एम्बुलेंस सुविधा दी जा रही है। यह 24 घंटे नि:शुल्क सेवाएं देती है। वहीं मंडला जिले के नारायणगंज सीएचसी में आयोजित होने वाले नि:शुल्क नेत्र शिविर में भी परिवार एजुकेशन सोसाईटी का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। मोतियाबिंद से पीडि़त मरीजों के नि:शुल्क उपचार में परिवार एजुकेशन सोसाईटी द्वारा संबंधित अस्पताल को मरीजों के लेंस लगाना की राशि भी दी जाती है। इसके साथ ही ऑपरेशन के बाद मरीजों को वापस लाने की जिम्मेदारी भी उठाई जाती है।
हम फाउंडेशन भारत मंडला में लगाएगा स्वास्थ्य शिविर
सभी ब्लॉकों की पंचायतों को मिलेगा लाभ
संगठन की बैठक में हुआ निर्णय
दीवाली के बाद विशेष डॉक्टरों की मदद से होगी जाँच
मंडला महावीर न्यूज 29.सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय संस्था हम फाउंडेशन भारत ने मंडला जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। जिसके लिए विवेकानंद शाखा की मासिक बैठक में यह निर्णय लिया गया कि दिवाली के बाद जिले के सभी ब्लॉकों की प्रमुख पंचायतों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में मंडला और अन्य जिलों के विशेष डॉक्टरों की सहायता ली जाएगी, जिससे आम नागरिकों और गरीब तबके के लोगों को बेहतर इलाज मिल सके।
बताया गया कि हम फाउंडेशन की विवेकानंद शाखा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष युनुस खान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में युनुस खान ने सभी सदस्यों को हम फाउंडेशन की सामाजिक विचारधारा और उसके उद्देश्यों के बारे में विस्तार से बताया। प्रदेश संरक्षक बीके राय ने बैठक का आयोजन किया। बीके राय पिछले 15 वर्षों से सामाजिक क्षेत्र में योगदान दे रहे हैं और उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्य करने के लिए यह एक बेहतरीन संगठन है। मंडला जिले की सभी शाखाएँ उनके मार्गदर्शन में काम कर रही हैं।
आगामी कार्यक्रम की बनाई रूपरेखा
बैठक के मुख्य प्रभारी स्वामी विवेकानंद शाखा के अध्यक्ष पुहप सिंह भारत और महिष्मति शाखा अध्यक्ष मुकेश कछवाहा ने बैठक की रूपरेखा तैयार की। मंडला नगर की तीसरी शाखा सांस्कृतिक शाखा जिसकी अध्यक्ष शिखा श्रीवास्तव हैं, जो महिला कार्यक्रम आयोजित करती है। प्रांतीय महिला संयोजक नाहिद तबस्सुम भी स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर चुकी हैं और आगे भी करेंगी। प्रांतीय अध्यक्ष ने पिछले दो महीनों से राष्ट्रगान के आयोजन के लिए सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि समाजसेवक को नेम प्लेट या अखबारों में छपने की जरूरत नहीं, बल्कि काम करते रहने से ही पहचान बनती है।
हम फाउंडेशन 2020-21 से मंडला जिले में सामाजिक कार्य कर रहा है और कोरोना काल में भी पीडि़तों की सहायता के लिए हमेशा आगे रहा है। आगामी स्वास्थ्य शिविर और अन्य कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाने के लिए अगले महीने एक बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में युनुस खान, बीके राय, मुकेश कछवाहा, पुहप सिंह भारत, अखिलेश सोनी, राजेंद्र नेमा, दिवाकर पांडे, उदित नारायण पाठक, श्रीलाल नंदा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
एनीमिया से लेकर कैंसर तक की होगी स्क्रीनिंग
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान 17 सितंबर से शुरू
जिला और विकासखंड स्तर पर लगेंगे स्वास्थ्य शिविर
मंडला महावीर न्यूज 29.महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए मंडला जिले में 17 सितंबर से एक विशेष अभियान स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार का शुभारंभ किया जाएगा। यह अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा, जिसका उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।
सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि 17 सितंबर को जिला स्तर पर स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान 2 अक्टूबर तक आयुष्मान केंद्रों पर भी लगातार जारी रहेगा, जहाँ स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। विकासखंड स्तर पर भी अभियान के दौरान कम से कम एक बार बड़े स्तर पर स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।
शिविर में मिलेगी ये सुविधाएं
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों का मुख्य फोकस मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाना और किशोरियों में एनीमिया व पोषण के प्रति जागरूकता फैलाना है। अभियान में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी महिलाओं को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी मिले और उन्हें सही उपचार प्रदान किया जाए।
शिविर में सभी जांचों के सााि मिलेगी सलाह
बताया गया कि शिविर के दौरान की गई सभी प्रकार की जाँचों के परिणाम तुरंत महिलाओं को दिए जाएंगे। इन शिविरों में बहुत सी जांचे और सेवाएँ उपलब्ध होंगी। शिविर में हाइपरटेंशन, डायबिटीज, ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, टीबी, एनीमिया और सिकल सेल की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके साथ ही एएनसी चेकअप, ब्लड शुगर की जाँच और टीकाकरण किया जाएगा। शिविर में आने वाले लोगों को नि:शुल्क पोषण संबंधी सलाह भी दी जाएगी। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड और वयवंदना कार्ड बनाए जाएंगे।
सड़क, पानी, मुक्तिधाम के लिए आंदोलन की तैयारी
पहले भी कर चुके चुनाव बहिकार, परेशान हो रहे ग्रामीण
इमलिया गांव में नल-जल योजना अधूरी, ग्रामीण दूषित पानी पीने मजबूरी
मंडला महावीर न्यूज 29.आदिवासी बाहुल्य जिले के विकासखंड बिछिया की ग्राम पंचायत इमलिया के ग्रामीण आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। लगभग 1000 की आबादी वाले इस गांव में दो वर्ष पूर्व नल-जल योजना के तहत पाइप लाइन तो बिछाई गई, लेकिन घर-घर नल कनेक्शन लगाने का काम अधर में छोड़ दिया गया। नतीजतन ग्रामीण आज भी दूषित पानी छानकर पीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नहर, झिरिया और कुएं का पानी ही उनकी प्यास बुझाने का सहारा है। साफ पेयजल की सुविधा उपलब्ध न होने के कारण कई बार स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी सामने आती हैं। उपसरपंच बलराम यादव ने बताया कि विभाग की लापरवाही के चलते अधूरी पड़ी इस योजना का लाभ आज तक किसी को नहीं मिला है।
आवेदन के बाद भी नहीं हुआ समाधान
गांव की समस्याओं को लेकर ग्रामीणजन स्थानीय स्तर से लेकर जिला कलेक्ट्रेट तक कई बार गुहार लगा चुके हैं। अब तक लगभग चार से अधिक बार कलेक्ट्रेट पहुंचकर आवेदन सौंपा गया, मगर हर बार आश्वासन के अलावा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उपसरपंच बलराम यादव व ग्रामीणजनों ने पेयजल, सड़क और मुक्तिधाम की समस्या को लेकर जिला प्रशासन और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द ग्राम इमलिया की समस्या का समाधान कराया जाए। जिससे ग्रामीणों को परेशानी से निजात मिल सके।
सड़क और मुक्तिधाम का भी अभाव
ग्रामीणों को पानी के साथ-साथ सड़क की सुविधा से भी वंचित रहना पड़ रहा है। गांव तक पहुंचने का पक्का मार्ग न होने से लोग पगडंडी के रास्ते सफर करने को मजबूर हैं। इसके अलावा गांव में मुक्तिधाम भी नहीं है। पूर्व उपसरपंच रियाज अली ने बताया कि किसी की मृत्यु होने पर ग्रामीणों को निजी भूमि या खेतों में दाह संस्कार करना पड़ता है, जिससे लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
आक्रोश के बाद पहुंचा था स्थानीय प्रशासन, स्थिति जस की तस
ग्राम पंचायत इमलिया के ग्रामीण मंगलवार को अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट आते है कि उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा, लेकिन इमलिया ग्राम के लोगों की समस्या का समाधान जनसुनवाई में नहीं हो पा रहा है। विगत जून माह में भी ग्रामीणों और महिलाएं खाली मटके लेकर मंडला कलेक्टर के पास पहुंचे थे, जिसके बाद उनकी समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने ग्रामीणों की सुनी और तत्काल संबंधित अधिकारियों को समस्या के निदान के निर्देश दिए। महिलाओं व ग्राम वासियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही ट्यूबवेल कराकर उनकी पेयजल समस्या का हल किया जाएगा। इस दौरान नायब तहसीलदार अंजनिया पटवारी कुलदीप कछवाहा, एसडीओ पीएचई श्री उइके, जनप्रतिनिधि उपसरपंच बलराम यादव और ग्रामीण स्वरूप दास मोंगरे, मिलन सोनवानी सहित ग्राम की महिलाएं मौजूद रहे। तीन माह बीत जाने के बाद भी आज दिनांक तक समस्या निराकरण के लिए आगे कोई पहल नहीं की गई। समस्या जस की तस बनी हुई है।
चुनाव का किया था बहिष्कार
मंडला जिले के जनपद पंचायत बिछिया अंतर्गत ग्राम पंचायत इमलिया माल, इमलिया रैयत, डूंगरिया में आजादी के बाद से आज तक ग्राम वासियों ने सड़क नहीं देखी और ना ही इन गांवों को मुख्य मार्ग के प्रधानमंत्री सड़क योजना से जोड़ा गया। सड़क समेत अन्य मूलभूत समस्या को लेकर ग्रामीणों ने कई बार समस्या निराकरण की मांग की, लेकिन यहां की समस्या का निदान नहीं हो सका। जिससे आक्रोशित होकर यहां के ग्रमीणों ने लोकसभा चुनाव का बहिष्कार किया था। ग्राम पंचायत इमलिया माल, इमलिया रैयत और डूंगरिया के मतदाताओं ने गांव में सड़क की मांग को लेकर मतदान का बहिष्कार किया था। इन तीन ग्रामों में 1263 मतदाताओं में से सिर्फ 31 वोट ही डाले गए थे। इन 31 वोट में 11 वोट शासकीय मतदाताओं के और शेष 20 वोट अन्य लोगों के थे।
समस्या निराकरण नहीं होने पर किया जाएगा उग्र आंदोलन
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में कई बार ग्राम की मूलभूत समस्या को लेकर मंडला कलेक्टर को आवेदन, निवेदन किया जा चुका है। जिसके बाद यहां के बोर में मोटर तो लगा दी गई लेकिन अभी भी यहां के नलों में पानी की जगह हवा निकल रही है। ग्रामीणों की मूलभूत समस्या की तरफ स्थानीय प्रशासन, जिला प्रशासन के कानों में जूं तक नहीं रैंग रही है। इन सब परेशानियों को देखते हुए ग्राम इमलिया के ग्रामीणों ने पुन: प्रशासन को जगाते हुए कहां कि जल्द ही पानी, सड़क और मुक्तिधाम की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्राम पंचायत इमलिया के ग्रामीण उग्र आंदोलन करने मजबूर होंगे। जिसकी जिम्मेदारी शासन, प्रशासन की होगी।
इनका कहना है
वर्षो से ग्राम इमलिया में ग्रामीणों और हमारे बच्चों को साफ पानी नहीं मिल पा रहा है। मजबूरी में कुएं और नहर का गंदा पानी पीना पड़ता है। कई बार बच्चों को पेट दर्द और बीमारी हो जाती है, लेकिन प्रशासन हमारी कोई सुनवाई नहीं कर रहा, अनेको बार आवेदन, निवेदन कर चुके है, लेकिन इस ओर किसी का ध्यान नहीं है।
बलराम यादव,उपसरपंच
गांव में आज तक मुक्तिधाम का निर्माण नहीं हुआ है। किसी की मृत्यु होने पर हमें मजबूरी में खेत या निजी जमीन पर अंतिम संस्कार करना पड़ता है। इससे कई तरह की सामाजिक और धार्मिक कठिनाइयाँ सामने आती हैं। हमने बार-बार मांग की, लेकिन हमारी इस मूलभूत समस्या को नजरअंदाज किया जा रहा है।
रियाज अली पूर्व उपसरपंच
गांव में सड़क नहीं होने से बरसात में बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाता है। अस्पताल जाने वाले मरीज तक समय पर नहीं पहुंच पाते। हमने कई बार अधिकारियों से कहा, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। हम ग्रामीणों की सुनने वाला कोई नहीं है। शिकायत देकर हम थक चुके है।
अशोक कुंजाम
हमारे ग्राम अंतिम संस्कार के लिए जगह न होने से हमें बहुत शर्मिंदगी उठानी पड़ती है। बारिश के दिनों में तो हालात और खराब भी हो जाते हैं। प्रशासन अगर तुरंत मुक्तिधाम का निर्माण करा दे तो पूरे गांव को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं बारिश महिने में ग्रामीणों को वनवास काटना पड़ता है।
प्रेम वती
नरैनी जंगल में बेखौफ चल रहा जुंआ फड़, पुलिस की चुप्पी पर उठे सवाल
प्रशासन की अनदेखी से बढ़ रहा अपराध का खतरा
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले में जुए का अवैध धंधा तेजी से फैल रहा है, जिससे सामाजिक और आपराधिक समस्याएँ बढ़ रही हैं। अंजनिया चौकी अंतर्गत नरैनी के जंगल में पिछले दो महीने से खुलेआम जुए की फड़ चल रही है, जहाँ दूर-दराज के जिलों से भी लोग जुआ खेलने आ रहे हैं। इस स्थिति ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की अनुमति के बिना जंगल में कोई भी अवैध गतिविधि संभव नहीं है, तो फिर यह जुए की फड़ कैसे संचालित हो रही है। जुए की लत हारने वाले लोगों को अपराध की ओर धकेल सकती है, जिससे घरेलू हिंसा और कानून-व्यवस्था की समस्याएँ बढ़ेंगी। कई ग्रामीणों और जुआरियों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह सब पुलिस और प्रशासन की मिलीभगत से हो रहा है। उनका कहना है कि जुए का यह खेल अब जिले के कई अन्य थाना क्षेत्रों तक फैल गया है, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की, तो यह सामाजिक बुराई एक बड़े आपराधिक स्वरूप में बदल जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। यह घटनाएँ पुलिस की लापरवाही और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
नैनपुर नगर पालिका की लोक निर्माण शाखा में भीषण आग
आवश्यक दस्तावेज जलकर खाक
सुबह 4 बजे हुई घटना
फर्जी बिलों और काले कारनामों को छिपाने की आशंका
पुलिस को नहीं दी गई सूचना
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के नैनपुर नगर पालिका कार्यालय की लोक निर्माण शाखा में आज सुबह 4 बजे के आसपास भीषण आग लग गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो गए। घटना को लेकर विस्तृत जानकारी का अभाव है, और अधिकारी-कर्मचारी कुछ भी बताने से बच रहे हैं, जिससे संदेह का बाजार गर्म हो गया है।
फर्जी बिलों को छिपाने की आशंका
इस घटना को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि ठेकेदार अपने काले कारनामों और फर्जी बिलों को छिपाने के लिए इस घटना को अंजाम दे सकते हैं। यह बात और भी गंभीर हो जाती है, क्योंकि अभी तक आग लगने की सूचना थाने तक नहीं पहुँची है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सुबह के समय लगी इस आग ने नगर पालिका कार्यालय की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन को इस मामले की गहन जाँच कर सच्चाई का पता लगाना चाहिए, जिससे दोषियों को पकड़ा जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
एनसीसी ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर रितेश बहल का ब्रेन चाइल्ड एकेडमी में स्वागत
छात्रों और कैडेट्स ने देशभक्ति प्रदर्शनों से किया अभिनंदन
अनुशासन और नेतृत्व पर दिया जोर
मंडला महावीर न्यूज 29.ब्रेन चाइल्ड एकेडमी में भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें एनसीसी ग्रुप मुख्यालय जबलपुर के गु्रप कमांडर ब्रिगेडियर रितेश बहल का आगमन हुआ। उनके साथ कर्नल विक्रांत त्यागी सीओ, 1 एमपी आर्टिलरी रजि. एनसीसी, जबलपुर और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स और छात्रों ने देशभक्ति प्रदर्शन और डायनेमिक एनसीसी डिस्प्ले के साथ उनका स्वागत किया।
समारोह की शुरुआत मुख्य द्वार पर गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुई। इसके बाद छात्रों ने देशभक्ति से जुड़े कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें सातवीं कक्षा के छात्रों का देशभक्ति मैशअप, आठवीं कक्षा के छात्रों द्वारा श्री मिल्खा सिंह की कहानी, और नौवीं कक्षा के छात्रों द्वारा कारगिल सैनिकों की कहानी शामिल थी। एनसीसी कैडेट्स ने साइबर सुरक्षा पर नुक्कड़ नाटक और शारीरिक प्रशिक्षण ड्रिल का प्रदर्शन किया। रानी दुर्गावती कॉलेज और निर्मला स्कूल के कैडेट्स ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया, जिसमें फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट और फील्ड सिग्नल्स शामिल थे।
ब्रिगेडियर बहल ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए सैन्य जीवन और करियर के अवसरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने अनुशासन और नेतृत्व के महत्व पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम का समापन एक समूह तस्वीर और औपचारिक विदाई के साथ हुआ। कार्यक्रम ब्रेन चाइल्ड एकेडमी के डायरेक्टर एएनओ निशांत शुक्ला और प्राचार्या डॉ. दिव्या शुक्ला के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। वरिष्ठ कोऑर्डिनेटर राजुल सिहानी, सोनिया जैन, स्पोर्ट्स टीचर अभिषेक यादव, रवि ठाकुर और अन्य शिक्षकों का भी इसमें विशेष योगदान रहा।
जिला अस्पताल के रैन बसेरा का बुरा हाल, गंदगी और सुविधाओं की कमी से परेशान मरीज के परिजन
अधिकारियों की अनदेखी से बढ़ा लोगों का दर्द
खुले रैन बसेरे में मवेशियों का जमावड़ा
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला का जिला अस्पताल एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह इसकी बदहालियाँ हैं। अस्पताल परिसर में बने रैन बसेरा की दुर्दशा से मरीज और उनके परिजन खासे परेशान हैं। दूर-दराज से आने वाले लोगों के लिए यह रैन बसेरा ही एकमात्र सहारा होता है, लेकिन यहाँ की गंदगी और सुविधाओं की कमी उनकी मुसीबत को और बढ़ा देती है।
बताया गया कि रैन बसेरा में न तो पीने के पानी की उचित व्यवस्था है और न ही गर्मी से राहत देने के लिए पंखे लगे हैं। आसपास फैला कचरा और उसकी दुर्गंध मच्छरों को न्यौता दे रही है। लोगों को न सिर्फ बीमारियों का खतरा है, बल्कि आवारा मवेशियों से भी परेशानी हो रही है। बताया गया कि अस्पताल परिसर में आवारा पशुओं का हमेशा जमावड़ा लगा रहता है। ये पशु कचरा फैलाते हैं, जिससे और भी गंदगी होती है।
गेट नहीं लगाया
रैन बसेरा के शयन कक्ष और किचन एरिया दोनों में गेट नहीं लगे हैं। इस कारण आवारा पशु अंदर घुसकर गोबर करते हैं, जिससे हालात और भी खराब हो जाते हैं। हालांकि अब गेट पर पाइप लगाकर मवेशियों को रोकने की कोशिश की जा रही है, लेकिन यह नाकाफी है।
प्रशासन का ध्यान नहीं
जब इस संबंध में रैन बसेरा के इंचार्ज मनीष बैरागी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वे कई बार अधिकारियों को पंखे और गेट लगवाने के लिए कह चुके हैं। लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ लगवा देंगे का आश्वासन मिलता है, कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। बताया गया कि अधिकारियों के इस नजरअंदाज के कारण स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि जब तक प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं देता, तब तक मरीजों और उनके परिजनों की मुश्किलें कम नहीं होंगी।
संदीपनी स्कूल के छत से गिरा प्लास्टर, मरम्मत की दरकार
जर्जर भवन में छह सौ विद्यार्थियो की सुरक्षा भगवान भरोसे
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले में सीएम राइज संदीपनी स्कूलो के भवन निर्माण में जनजाति कार्य विभाग द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। निर्माण एजेंसी बीडीएस के अफसरो के द्वारा निर्माण कार्य में देरी की जा रही है। इसके चलते सीएम राइज संदीपनी स्कूलो के विद्यार्थियो को जर्जर व जीर्णशीर्ण भवनो में अध्ययन करना पड़ रहा है। बारिश के सीजन में ये स्कूल भवन खतरनाक हो गए है। गत दिवस नारायणगंज के ग्राम टिकरिया स्थित स्कूल भवन की छत का प्लास्टर भर भराकर गिर गया है। इससे स्कूल में अफरा तफरी का माहौल बन गया है। इस दौरान स्कूल के गलियारे में कोई नहीं रहा है। स्कूली बच्चे क्लास में रहे और शैक्षणिक स्टाप कार्यालय कक्ष में काम कर रहे थे।
बताया गया है कि सीएम राइज स्कूलो के भवन का निर्माण नए सिरे से किया जा रहा है। जनजातीय कार्यविभाग के द्वारा निर्माण एजेंसी बीडीएस को बनाया गया। एजेंसी के द्वारा जिले भर के आधा दर्जन से अधिक स्कूलो का निर्माण कार्य किया जा रहा है। करीब दो साल से अधिक समय गुजर जाने के बाद भी स्कूल भवन का निर्माण पूर्ण नहीं किया गया। बीडीएस के अफसरो की लापरवाही के चलते स्कूल भवन के निर्माण में देरी की जा रही है। यहां इन स्कूलो की सुविधाएं व संसाधनो के लिए नाम दर्ज कराने वाले स्कूली बच्चो को पिछले दो शैक्षणिक सत्रो से शासकीय भवनो में कक्षा लगानी पड़ रही है।
बताया गया कि ये शासकीय भवन पुराने स्कूलो के है जिनकी कई सालो से मरम्मत कार्य नहीं किया गया है। बारिश के सीजन में ये भवन और भी अधिक खतरनाक हो गए है। टिकारिया में गत दिवस स्कूल समय में अचानक भवन की छत से प्लास्टर भरभराकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि जिस स्थान पर प्लास्टर गिरा वहां उस समय कोई छात्र या कर्मचारी मौजूद नहीं था। इससे जान.माल की हानि नहीं हुई। करीब 600 छात्र, छात्राओं वाला यह विद्यालय लंबे समय से जर्जर भवन में संचालित हो रहा है।
स्थानीय लोगों व स्कूल प्रबंधन का कहना है कि भवन की समय.समय पर मरम्मत जरूरी है लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते लगातार अनदेखी की जा रही है। इससे पहले भी इसी प्रकार की घटना घट चुकी है उस समय मरम्मत की गई। पूरा भवन जीर्णशीर्ण हो चुका है। स्थानीय नागरिकों व अभिभावकों ने जनजाति कार्य विभाग से मांग की है कि पुराने भवन की तकनीकी जांच और तत्काल मरम्मत कराई जाए।
विद्यालय की प्राचार्य अर्चना नेमा का कहना है कि बिल्डिंग अत्यंत पुरानी है जिसकी मरम्मत की आवश्यकता पूर्व से ही बनी हुई है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा वरिष्ठ कार्यालय को कई बार सूचित किया जा चुका है लेकिन अब तक आवश्यक मरम्मत कार्य नहीं हो पाया।
तनाव, अकेलापन और उदासी से बढ़ती है आत्महत्या की घटनाएं
आइस ब्रेकर गतिविधि के माध्यम से युवाओं से पूछे सवाल
आत्महत्या रोकथाम निकाली जागरूकता रैली
मंडला महावीर न्यूज 29.तनाव, अकेलापन और उदासी के कारण अक्सर आत्महत्या की घटनाएं घटित होती है। इसके निदान के लिए विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत मंडला जिले के नारायणगंज विकासखंड के ग्राम चरगांव, कुड़मैली में जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के बीच मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम जिला समन्वयक हेमंत राहंगडाले और संस्था प्रतिनिधि मुन्नालाल शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में किशोर, किशोरी साथिया, मास्टर ट्रेनर, आशा कार्यकर्ता, सुपरवाइजर सहित ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत किशोर, किशोरी साथिया ने अपना परिचय देकर की, जिसके बाद बैठक के मुख्य उद्देश्यों पर चर्चा की गई।
साथिया धर्यता संत ने 10 सितंबर विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के महत्व और मानसिक स्वास्थ्य की बुनियादी जानकारी दी। प्रशिक्षक कमलेश पावले ने युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के कारणों पर विस्तार से बताया। उन्होंने तनाव, अकेलापन और उदासी जैसी भावनाओं के चलते आत्महत्या की ओर बढऩे की स्थिति पर चर्चा की और इसके समाधान के उपाय भी सुझाए।
कार्यक्रम में एक आइस ब्रेकर गतिविधि के माध्यम से युवाओं से सवाल पूछे गए, जिस पर सभी ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में किशोरों को मन कक्ष परामर्श सेवा और टेली मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 के बारे में भी जानकारी दी गई। युवाओं ने ड्राइंग बनाकर मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों को रचनात्मक तरीके से समझाया। कार्यक्रम के समापन पर मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक रैली निकाली गई, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
डिवाइडर से टकराकर पलटा ट्रक, एनएच 30 पर हुआ हादसा
रात्रि में चालक ने सामने से आ रहे ट्रक की तेज रोशनी से हुआ हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29.नेशनल हाईवे 30 पर स्थित माधोपुर बाईपास एक बार फिर दुर्घटना का गवाह बना। मंगलवार देर रात एक ट्रक डिवाइडर से टकराकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। ट्रक सीजी 04 एमडी 6343 रायपुर से कानपुर की ओर अखबार का कागज लेकर जा रहा था। गनीमत रही कि चालक और परिचालक दोनों सुरक्षित हैं।
ट्रक के चालक ने बताया कि सामने से आ रहे एक अन्य ट्रक की तेज रोशनी के कारण उसे कुछ दिखाई नहीं दिया। इस वजह से ट्रक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से जा टकराया, जिससे वह पलट गया। यह क्षेत्र पहले भी कई हादसों का केंद्र रहा है और इसे एक्सीडेंटल जोन माना जाता है। बावजूद इसके यहाँ कोई सांकेतिक बोर्ड या चेतावनी चिन्ह नहीं लगाए गए हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण यहाँ लगातार दुर्घटनाएँ हो रही हैं। इस हादसे के बाद प्रशासन से यहाँ सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की गई है।
ट्रक से टकराई बाइक, दो घायल
घुघरी के सलवाह चौकी क्षेत्र मदनपुर तिराहे के पास हुआ हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29.घुघरी थाना क्षेत्र पुलिस चौकी सलवाह के मदनपुर तिराहे के पास ट्रक से सीधे बाइक टकरा गई। बाइक में सवार दो लोगो को गंभीर चोंटे आई है। घायलो को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है।
बताया गया है कि ट्रक डिंडौरी से मंडला की ओर जा रहा था। इसी बीच मदनपुर तिराहे पर सामने आ रहे बाइक सवार ने अपना कंट्रोल खो दिया और सीधे ट्रक से जा भिंडे। बाइक ट्रक के पहिए जा फंसी है। टक्कर के बाद बाइक सवार नरेश पिता हरिप्रसाद लिटोरिया 17 वर्ष, अमोल प्रसाद पिता नरेश वरकड़े 20 वर्ष निवासी ग्राम पाटन बिजौरा छिंटक कर दूर जा गिरे। सूचना मिलने पर सलवाह पुलिस के द्वारा घायलो को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस के द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
नर्मदा तट पर नशे का अड्डा, छात्राओं की सुरक्षा पर मंडराया खतरा
रानी अवंती बाई स्कूल के पास नशेडियों का जमघट
बाउंड्री वॉल टूटी होने से बढ़ा जोखिम
दिन-रात लगता है नशेडिय़ों का जमघट
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला शहर के कई नर्मदा तट अब नशेडिय़ों का अड्डा बन गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों और विशेषकर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। आजाद वार्ड के अंतर्गत रानी अवंती बाई स्कूल और लाइब्रेरी के बीच स्थित नर्मदा तट पर यही स्थिति देखने को मिल रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि छात्राओं के स्कूल के बगल में स्थित नर्मदा तट पर दिन और देर रात तक नशेडिय़ों का जमघट लगा रहता है। उन्होंने यहाँ पानी से बचने के लिए टेंट भी लगा रखा है, जिसके नीचे बैठकर वे तरह-तरह का नशा करते हैं। वार्डवासियों का आरोप है कि इलाके में कुछ घरों से नशे की सामग्री भी बेची जाती है, जहाँ से खरीदकर युवा पास के घाट पर नशा करते हैं।
बताया गया कि सबसे गंभीर बात यह है कि जिस ओर नशेडिय़ों का अड्डा है, उसी तरफ रानी अवंती बाई स्कूल की बाउंड्री वॉल भी टूटी हुई है, जिससे स्कूल की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से माँग की है कि वह इस क्षेत्र में नियमित गश्त करे, जिससे नदी तट को नशेडिय़ों के कब्जे से मुक्त कराया जा सके और स्कूल में पढऩे वाली छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
स्कूल के स्टाफ रूम से दिनदहाड़े बैग, पर्स और मोबाइल चोरी, शिक्षकों में दहशत
सेमरखापा पीएम श्री विद्यालय में एक महीने में तीसरी घटना
संदिग्धों की आवाजाही से सुरक्षा पर सवाल
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला के सेमरखापा स्थित पीएम श्री विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठ गए हैं। विद्यालय के माध्यमिक विभाग में कार्यरत एक शिक्षिका का पर्स और मोबाइल स्टाफ रूम से दिनदहाड़े चोरी हो गया। यह पिछले एक महीने में हुई तीसरी ऐसी घटना है, जिससे स्कूल स्टाफ और शिक्षकों में दहशत का माहौल है।
बताया गया कि घटना उस समय हुई जब शिक्षिका रीता पटेल कक्षा में पढ़ा रही थीं। उनका लेडीज पर्स स्टाफ रूम में रखा हुआ था, जिसमें पैसे, मोबाइल और अन्य जरूरी कागजात थे। किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर पर्स चुरा लिया। इस घटना से यह साफ हो गया है कि स्कूल परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों का आना-जाना लगा रहता है। लगातार हो रही इन चोरियों ने विद्यालय प्रशासन और स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
शिक्षिका ने इस घटना की प्राथमिकी दर्ज करा दी है, और पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। लेकिन एक ही जगह पर बार-बार हो रही ऐसी घटनाएँ यह संकेत देती हैं कि सुरक्षा को लेकर तुरंत और सख्त कदम उठाने की जरूरत है।
कान्हा टाइगर रिजर्व से जंगली हाथी बांधवगढ़ के लिए रवाना
सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाकर छोड़ा जाएगा जंगल में हाथी, मूवमेंट पर रखी जाएगी नजर
मंडला महावीर न्यूज 29.मप्र वन विभाग ने मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने और जंगली हाथियों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। 9 सितंबर को कान्हा टाइगर रिजर्व से एक जंगली हाथी को सड़क मार्ग से बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के वन क्षेत्र में छोडऩे के लिए रवाना किया गया। यह हाथी उन हाथियों के दल का हिस्सा था जो जनवरी-फरवरी 2024 में छत्तीसगढ़ से बांधवगढ़ के आसपास के गाँवों में घुस आए थे। इन हाथियों ने ग्रामीणों के घरों, फसलों को भारी नुकसान पहुँचाया था और कुछ लोगों को घायल भी कर दिया था। इसके बाद मानव जीवन की सुरक्षा और हाथियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग ने इन हाथियों को पकडऩे का आदेश जारी किया था।
इलाज के बाद हुई वापसी की तैयारी
पकड़े गए हाथियों में से एक को बांधवगढ़ में रखा गया था, जिसे पूरी तरह स्वस्थ पाए जाने के बाद 20 नवंबर 2024 को जंगल में छोड़ दिया गया था। वहीं कान्हा टाइगर रिजर्व में लाए गए हाथी को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण तुरंत नहीं छोड़ा जा सका। उसे किसली परिक्षेत्र के कोपेडबरी हाथी कैंप में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया। बताया गया कि विगत माह 18 अगस्त को एलिफेंट एडवायजरी कमेटी की बैठक में इस हाथी को पूरी तरह से स्वस्थ और प्राकृतिक व्यवहार के लिए सक्षम पाया गया। समिति ने यह सुझाव दिया कि इस जंगली हाथी को सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाकर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के खुले वन क्षेत्र में छोड़ा जाए, जिससे उसके व्यवहार और मूवमेंट पर वैज्ञानिक निगरानी रखी जाएगी।
सुरक्षित पुनर्वास के लिए सकारात्मक कदम
बताया गया कि मंगलवार सुबह 8 बजे कान्हा टाइगर रिजर्व से इस जंगली हाथी को सुरक्षित रूप से एक परिवहन ट्रक द्वारा बांधवगढ़ के लिए रवाना किया गया। इस दौरान क्षेत्र संचालक रवींद्र मणि त्रिपाठी, उपसंचालक पुनीत गोयल और वन्यजीव चिकित्सक डॉ. संदीप अग्रवाल सहित अन्य वन अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। वन विभाग की यह पहल न केवल स्थानीय ग्रामीण समुदायों को राहत प्रदान करेगी, बल्कि यह जंगली हाथियों के संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित पुनर्वास की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। सैटेलाइट कॉलर से मिलने वाली जानकारी भविष्य में मानव और जंगली हाथियों के बीच होने वाले संघर्ष को कम करने की रणनीति बनाने में मददगार साबित होगी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पौंडी नगरार बीजाडांडी में लगेगा शिविर
नेत्र रोगों की होगी निशुल्क जाँच, 11 सितंबर को लगेगा नेत्र शिविर
मोतियाबिंद सहित अन्य आँखों की समस्याओं का होगा उपचार
चित्रकूट में मिलेगी निशुल्क सर्जरी
11 को निशुल्क नेत्र जांच शिविर
मंडला महावीर न्यूज 29. परिवार एजुकेशन सोसायटी द्वारा श्री सदगुरु सेवा ट्रस्ट नेत्र चिकित्सालय चित्रकूट के सहयोग से 11 सितंबर गुरुवार को निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पौंडी नगरार बीजाडांडी में किया जाएगा। शिविर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।
बताया गया कि शिविर में मरीजों की आंखों की जांच की जाएगी। इसमें मोतियाबिंद, काला मोतिया, रेटिना की जांच, चश्में की जांच और आंखों से संबंधित अन्य समस्याओं का जांच परीक्षण कर उपचार किया जाएगा। श्री सदगुरु सेवा ट्रस्ट के नेत्र विशेषज्ञ द्वारा मरीजों की जांच की जाएगी। इसके साथ ही नेत्र चिकित्सा सहायक जयकरण चौधरी भी शिविर में अपनी सेवाएं देंगे।
जांच, परीक्षण के बाद ऑपरेशन के लिए चिन्हित मरीजों का इलाज चित्रकूट के श्री सदगुरु सेवा ट्रस्ट नेत्र चिकित्सालय में निशुल्क किया जाएगा। ऑपरेशन के बाद मरीजों को निशुल्क चश्मा भी दिया जाएगा। मरीजों के लिए 24 घंटे एंबुलेंस सेवा भी उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही आयोजित शिविर में मरीजों को अपने साथ आधार कार्ड की फोटोकॉपी लाना अनिवार्य है।
ग्राम पटेहरा में देवी स्थान पर अतिक्रमण, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
जनप्रतिनिधियों के खिलाफ झूठी शिकायत से भड़के ग्रामीण
प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का दिया आश्वासन
मंडला महावीर न्यूज 29.नारायणगंज तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत पटेहरा के पोषक ग्राम टिकरिया में एक देवी स्थान पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। यह मामला तब और गरमा गया जब अतिक्रमणकारी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज करा दी। अब प्रशासन ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए 10 सितंबर को अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए हैं।
जानकारी अनुसार यह मामला ग्राम पंचायत टिकरिया में दुर्गा देवी मंच के पास खसरा नंबर 227 की शासकीय भूमि से जुड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 10 महीने पहले राजकुमारी धुर्वे ने यहाँ पक्की दुकान का निर्माण शुरू किया था। ग्रामीणों ने तुरंत इसका विरोध किया और निर्माण कार्य को रुकवा दिया। लेकिन 29 अगस्त को अतिक्रमणकारी ने दोबारा काम शुरू किया, जिसे फिर से बंद कराया गया।
जनप्रतिनिधियों पर झूठी शिकायत का आरोप
ग्रामीणों के दबाव में अतिक्रमणकारी ने सात दिनों के भीतर खुद ही निर्माण हटाने की सहमति दी थी। लेकिन तय समय सीमा बीतने के बाद भी जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो ग्रामीणों ने फिर से प्रशासन से संपर्क साधा। इस बीच अतिक्रमणकारी ने जनपद उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा, सरपंच कालीचरण मार्को और भूतपूर्व सरपंच के खिलाफ पुलिस और जनसुनवाई में झूठी शिकायतें दर्ज करा दीं, जिससे ग्रामीणों में और भी गुस्सा व्याप्त हो गया।
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
ग्रामवासियों ने एक बार फिर तहसीलदार और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया कि जनप्रतिनिधियों पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यह स्थल 25-30 वर्षों से देवी पूजा और गाँव के सांस्कृतिक आयोजनों का केंद्र रहा है और पूरे गाँव की आस्था इससे जुड़ी हुई है। स्थानीय प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि एक दो दिन के भीतर अतिक्रमण को हटा दिया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर कार्रवाई नहीं की गई, तो 15 दिन बाद वे उसी मंच पर माता की मूर्ति स्थापित करेंगे और जरूरत पडऩे पर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने नयाब तहसीलदार को छह सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन
क्षेत्र की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. किसानों की समस्याओं को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने आवाज उठाते हुए बीजाडांडी नयाब तहसीलदार को मंडला कलेक्टर के नाम छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौपते हुए समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के ब्लाक अध्यक्ष मदनशाह बरकड़े ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि उन्होंने पहले भी क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन दिए हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
नयाब तहसीलदार को सौपे गए ज्ञापन में बताया गया कि बीजाडांडी के घोंटा खूटापड़ाव की गोठान जमीन खसरा नंबर 146, रकबा 0.42 हेक्टेयर में अतिक्रमण कर दुकाने बनाई जा रही है। इस अवैध निर्माण को हटाया जाए। विगत माह हुई भारी बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराया जाए और किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए। किसानों को खाद की कमी का सामना न करना पड़ रहा है, इसके लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध कराई जाए और समय पर वितरण की व्यवस्था की जाए। गोदरी नदी पर बने पुल की मरम्मत जल्द से जल्द कराई जाए। किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही बीजाडांडी बस स्टेंड के पास किये गए अतिक्रमण को भी हटाया जाए।
ज्ञापन के माध्यम से कहां है कि अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वे आगे प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष मदनशाह वरकड़े, ब्लॉक सचिव धर्मेन्द्र वरकड़े समेत पार्टी के सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गजानन के जयकारों से गूंजा मंडला, धूमधाम से निकला गणेश विसर्जन चल समारोह
सुभाष वार्ड के श्री झूलेलाल गणेशोत्सव समिति ने भव्य आयोजन के साथ किया प्रतिमा का विसर्जन
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला में गणेशोत्सव के समापन पर भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन चल समारोह तीसरे दिन भी पूरे जोश और उल्लास के साथ निकाला गया। गजानन सरकार श्री झूलेलाल गणेशोत्सव समिति, झूलेलाल कॉलोनी, सुभाष वार्ड द्वारा आयोजित यह चल समारोह बेहद भव्य और मनमोहक था, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस चल समारोह में कई इवेंट समूहों ने अपनी प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्होंने माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। इस चल समारोह में आरजू बैंड नैनपुर, मनीष धमाल कटंगी, गुलशन महाकाल इवेंट गोंदिया, विजय डीजे और अंकुश इवेंट शामिल थे। उनकी शानदार प्रस्तुतियों ने चल समारोह को एक यादगार अनुभव बना दिया।
आयोजित चल समारोह में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और गणपति के जयकारे लगाते हुए अपनी खुशी जाहिर की। समिति के युवाओं ने गणेशोत्सव के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए थे, जिनका समापन इस भव्य समारोह से हुआ। समिति के सदस्यों ने एक विशेष ड्रेस कोड पहना था, जिससे चल समारोह में एकरूपता और सुंदरता नजर आ रही थी। धार्मिक गीतों पर नाच-गाकर सभी ने भगवान गणेश की महिमा का गुणगान किया। चल समारोह सुभाष वार्ड से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए विसर्जन स्थल तक पहुँचा। वहाँ पर पूरे विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की मूर्ति का विसर्जन किया गया और सभी ने अगले साल फिर से आने की कामना की।
पुष्पा भाऊ और पोथाराजू डांसर ने बढ़ाया श्री गणेश विसर्जन में आकर्षण
धूमधाम से निकली उदय चौक के राजा की विदाई यात्रा
मंडला में गणेशोत्सव का समापन, दूर-दराज से आए श्रद्धालु
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला शहर का प्रतिष्ठित गणेशोत्सव उदय चौक के राजा का सोमवार शाम को भव्य विसर्जन यात्रा के साथ समाप्त हुआ। इस 17 वें वर्ष के आयोजन में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। शोभायात्रा में दिल्ली के पुष्पा भाऊ (निशांत कुमार) और हैदराबाद के पोथाराजू डांसर विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। पुष्पा भाऊ की शक्ल फिल्म पुष्पा के अभिनेता अल्लू अर्जुन से बहुत मिलती है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
बताया गया कि उदय चौक से शुरू हुई यह शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी। गलियों में श्रद्धालुओं की इतनी भीड़ थी कि कई जगहों पर वाहनों को रास्ता बदलना पड़ा। यात्रा में महाराष्ट्र के ढोल-ताशा, मुंबई के जोगेश्वरी बीट्स, जबलपुर के डुल-डुल, गौर और घोड़ा जैसे वाद्य दलों और नर्तकों ने शानदार प्रदर्शन किया। इनके साथ स्केटिंग रंगोली, कलर स्मोक और फायर शो जैसी कलाओं ने भी समारोह में चार चाँद लगा दिए।
बताया गया कि गणेशोत्सव समिति ने पंडाल को आकर्षक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। पूरे उत्सव के दौरान दूर-दूर से श्रद्धालु उदय चौक के राजा के दर्शन और पूजन के लिए आते रहे, जिससे यह गणेशोत्सव पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया। शांति और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी यात्रा के दौरान मुस्तैद रहा। अंत में नावघाट के कुंड में पूरी श्रद्धा के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
कुपोषण के खिलाफ जंग, एक साल चार महीने की राधिका ने जीती बाजी
पोषण पुनर्वास केंद्र में राधिका का सफल उपचार, कुपोषण से मिली मुक्ति
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला के पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती एक साल चार महीने की बच्ची राधिका भारतिया ने गंभीर कुपोषण को हराकर एक नई जिंदगी पाई है। राधिका मंडला जिले के मुगली गांव निवासी हैं। राधिका को 27 अगस्त को जिला अस्पताल मंडला में इलाज के लिए लाया गया था। जहां प्रारंभिक जांच में राधिका को अति कुपोषण के साथ निमोनिया और तेज बुखार भी पाया गया, जिसके बाद उसे तुरंत पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) में भर्ती किया गया। उसकी हालत में सुधार होने पर उसे अगले दिन पोषण पुनर्वास केंद्र में स्थानांतरित कर दिया गया।
बताया गया कि एनआरसी में भर्ती होने के समय राधिका का वजन सिर्फ 3 किलो 400 ग्राम और लंबाई 59 सेंटीमीटर थी। कम वजन के कारण वह अति कुपोषण की श्रेणी में आ रही थी। एनआरसी में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कमलेश ठाकुर और एनआरसी प्रभारी की देखरेख में उसका उपचार शुरू किया गया। सभी आवश्यक जांचों के बाद सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे के मार्गदर्शन में उसे सफलतापूर्वक डिस्चार्ज किया गया।
बताया गया कि राधिका केंद्र में कुल 14 दिनों तक भर्ती रही। इस दौरान उसका वजन बढ़कर 4 किलो 135 ग्राम हो गया। केंद्र के नर्सिंग स्टाफ इंदु जंघेला, रोशनी मेरावी, प्रियंका पटेल, प्रीति जंघेला, शिल्पा पटेल और दुर्गा जंघेला शामिल ने राधिका और उसकी मां की विशेष देखभाल की। इसके साथ ही सहायक स्टाफ संजना चौरसिया, रामबाबू साहू, धानीराम तेकाम, और महेश्वरी ने राधिका की मां को रोजाना सलाह दी कि घर पर बच्चे को कैसे पौष्टिक आहार देना है, जिससे वह दोबारा इस स्थिति में न आए।
बताया गया कि पोषण पुनर्वास केंद्र द्वारा राधिका की मां को मजदूरी भत्ते के रूप में 1680 रुपये भी दिए जाएंगे। डिस्चार्ज के समय राधिका पूरी तरह से स्वस्थ थी। उसे 15 दिनों के बाद फॉलो-अप के लिए फिर से आने की सलाह दी गई है।
रात में गायों को रेडियम कॉलर पहनाकर दुर्घटनाओं को रोकने का प्रयास
गौवंश की सुरक्षा के लिए युवाओं की सराहनीय पहल
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर की सड़कों पर आवारा घूमने वाले गौवंश के कारण हो रही लगातार दुर्घटनाओं को देखते हुए कुछ युवाओं ने एक अनूठी और सराहनीय पहल शुरू की है। ये युवा रात के समय सड़कों पर घूम-घूमकर गौवंश के गले में रेडियम कॉलर पहना रहे हैं, जिससे रात के अंधेरे में वाहन चालकों को दूर से ही ये पशु दिखाई दे सकें और किसी भी बड़े हादसे को टाला जा सके।
जानकारी अनुसार यह विशेष रेडियम कॉलर गाडिय़ों की हेडलाइट पडऩे पर चमकता है, जिससे चालक को तुरंत सड़क पर मौजूद पशु का पता चल जाता है और वे अपनी गाड़ी की गति को नियंत्रित कर लेते हैं। यह कदम न केवल गौवंश की जान बचा रहा है, बल्कि आम नागरिकों और वाहन चालकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित कर रहा है।
बताया गया कि पिछले कुछ समय से मंडला नगर पालिका क्षेत्र में आवारा पशुओं की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हुई है। मुख्य मार्गों और चौराहों पर इन पशुओं का जमावड़ा आम बात हो गई है, जिससे यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। कई बार आपस में लडऩे वाले इन पशुओं के कारण लोग घायल भी हो चुके हैं। इन गंभीर समस्याओं के बावजूद प्रशासन और संबंधित विभाग इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।
बताया गया कि निराश्रित मवेशियों की इस समस्या के समाधान के लिए शहर के युवा विश्वराज जैसवाल, अरविंद हुंका, सुजल सोनवानी और अन्सर हुसैन ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए यह नेक कार्य शुरू किया है। उनकी यह पहल नागरिकों के बीच काफी सराही जा रही है और उम्मीद जगा रही है। स्थानीय नागरिक इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि अगर नगर पालिका और अन्य विभाग भी इन युवाओं का सहयोग करें और इस तरह के प्रयास को बड़े पैमाने पर लागू करें, तो शहर में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
बालई पुल में लटके ट्रक को क्रेन की मदद से निकाला
राहगीरों, वाहन चालकों को आवाजाही में हुई थोड़ी परेशानी
दिनभर की कड़ी मशक्कत के बाद शाम सात बजे निकाला गया ट्रक
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 में शनिवार रात भीषण सड़क हादसे में एक 16 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर नारायणगंज के बालई पुल की रेलिंग तोड़ते हुए पुल में आधा लटक गया। इस दर्दनाक हादसे में एक स्थानीय युवक की जान भी चली गई, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल भी बन गया। रविवार को गुस्साए ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज का घेराव कर प्रदर्शन किया और तहसीलदार को दो सूत्रीय ज्ञापन भी सौंपा।
जानकारी अनुसार हादसे के बाद ट्रक शनिवार से ही पुल से लटका हुआ था। सोमवार को टिकरिया पुलिस ने क्रेन बुलाकर इसे हटाने का प्रयास शुरू किया। सुबह से लेकर शाम तक दो क्रेन की मदद से ट्रक को निकालने का प्रयास किया गया। जिसके बाद शाम करीब सात बजे ट्रक को निकालने में सफलता मिली। इस दौरान पुल से वाहनों की आवाजाही में थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन टिकरिया पुलिस की मौजूदगी में यातायात सामान्य रहा। टिकरिया थाना प्रभारी गोपाल घासले स्वयं मौके पर मौजूद रहकर ट्रक को बाहर निकलवाया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह हादसा एनएच-30 की खस्ताहाल स्थिति और जानलेवा गड्ढों के कारण हुआ है। उनका कहना है कि इस सड़क पर आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। इसी नाराजगी के चलते रविवार को ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में जमकर विरोध-प्रदर्शन किया।
जनप्रतिनिधियों ने किया सीएचसी का दौरा, समस्याओं पर हुई चर्चा
अतिक्रमण हटाने किया पत्राचार और ऑनकॉल में लगे वाहन को तत्काल हटाया
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले में एनक्यूएएस प्रमाणित नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हाल ही में हुए एक सड़क हादसे के बाद उपजे जनाक्रोश को शांत करने और स्वास्थ्य केंद्र में आ रही समस्याओं को सुलझाने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और सीएचसी का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
बैठक का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में चल रहे विरोध प्रदर्शनों और मरीजों को आ रही परेशानियों का समाधान खोजना था। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र के सामने और आसपास के अतिक्रमण को हटाने और एक निजी वाहन जो ऑनकॉल पर लगाया गया था, को हटाने पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रतन सिंह ठाकुर और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मागन लाल सोनी ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इन सुझावों में मरीजों और उनके परिजनों के साथ अच्छा व्यवहार करना, समय पर उपचार प्रदान करना और अस्पताल में उपलब्ध दवाएं ही देना शामिल था।
सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल ने समस्त स्टाफ को निर्देश दिए कि वे भविष्य में ऐसी किसी भी घटना से बचने के लिए मरीजों के साथ विनम्रता से पेश आएं और अनावश्यक रूप से किसी को परेशान न करें। उन्होंने यह भी जोर दिया कि मरीजों को बाहर की दवाइयां न लिखी जाएं, बल्कि उन्हें अस्पताल में उपलब्ध दवाएं ही दी जाएं।
बैठक में निर्णय लेते हुए अस्पताल में राजेश अग्रवाल का ऑनकॉल में लगे वाहन को तत्काल हटाया गया। इसके साथ ही अस्पताल के चारों ओर फैले अतिक्रमण को हटाने के लिए स्थानीय सरपंच, तहसीलदार और एसडीएम को तुरंत पत्र लिखकर कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।
बताया गया कि आयोजित हुई बैठक में लिए गए निर्णय से अस्पताल के प्रवेश द्वार और आसपास की जगह साफ होगी, जिससे मरीजों और एंबुलेंस को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग और जनप्रतिनिधियों के साथ हुई इस बैठक के बाद मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार की उम्मीद है।
घर के आंगन में खेलते मासूम की करंट लगने से मौत
निवास थाना क्षेत्र के ग्राम रेड़म की घटना
पुलिस ने शुरू की जांच
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र के ग्राम रेड़म में घर के आंगन में खेल रहे तीन वर्षीय मासूम की बिजली के तार की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के समय परिवार के सदस्य खेत गए हुए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार मृतक की पहचान दीक्षित पिता राकेश सिंह सोयाम उम्र लगभग 3 वर्ष के रूप में हुई है। बताया गया है कि घर में लगे बिजली के तार टूटकर आंगन में गिरे हुए थे, जिस पर किसी का ध्यान नहीं गया। खेलते-खेलते मासूम का पैर उस तार से छू गया, जिससे उसे जोरदार करंट लगा और वह गिर गया। कुछ देर बाद जब एक व्यक्ति की नजर उस पर पड़ी, तो उसने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी।
स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस को बुलाया, जिसके कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। मासूम को निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने मासूम दीक्षित को मृत घोषित कर दिया। निवास पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
गणेश विसर्जन में उमड़ा आस्था का सैलाब
सीएचसी बीजाडांडी में भव्य भंडारा और शोभायात्रा
मंडला महावीर न्यूज 29.सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी में गणेश उत्सव समिति द्वारा आयोजित 10 दिवसीय गणेश उत्सव का समापन बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। गणेश प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए सैकड़ों श्रद्धालुओं और अस्पताल स्टाफ ने गणपति बप्पा को भावभीनी विदाई दी। शोभायात्रा के बाद प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया गया।
इस दौरान भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें नगर और आसपास के क्षेत्रों से आए हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारा सुबह से देर शाम तक चला, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। बीएमओ डॉ. अभय कीर्ति गजभिये के कुशल नेतृत्व में यह आयोजन सफल रहा। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव समाज में एकता और भाईचारे का प्रतीक है।
इस आयोजन में अस्पताल के स्टाफ ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उनके समर्पण और सेवाभाव की स्थानीय लोगों ने खूब सराहना की। डॉ. अभय गजभिये के नेतृत्व में अस्पताल न केवल बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भागीदारी निभा रहा है।
नगरपालिका ने पानी टैंकर देने से किया इंकार, वार्ड 13 के पार्षद ने निजी खर्च पर पहुंचाया पानी
रेलवे क्षेत्र के रहवासी परेशान, नगरपालिका पर लगाया सौतेले व्यवहार का आरोप
मंडला महावीर न्यूज 29.नैनपुर नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 13 जो रेलवे क्षेत्र में आता है, वहाँ पिछले दो दिनों से पानी की सप्लाई ठप होने से रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी की किल्लत की शिकायत पर वार्ड के पार्षद मोहित झरिया ने नगरपालिका से पानी का टैंकर उपलब्ध कराने की मांग की, लेकिन बताया गया है कि नगरपालिका अध्यक्ष और सीएमओ ने पानी का टेंकर देने से साफ शब्दों में इंकार कर दिया।
जानकारी अनुसार जब वार्ड 13 के लोगों ने पार्षद मोहित झरिया को पानी की समस्या से अवगत कराया, तो उन्होंने तत्काल नगरपालिका के सीएमओ से संपर्क किया और उन्हें लिखित में व्हाट्सएप के माध्यम से भी आवेदन भेजा। बावजूद इसके नैनपुर नगरपालिका ने वार्ड में कोई टैंकर भेजने से मना कर दिया। इस पर पार्षद मोहित झरिया ने स्वयं अपने खर्च पर प्राइवेट टैंकरों से वार्ड के रहवासियों को पानी उपलब्ध कराया। पार्षद ने खुद मौके पर खड़े होकर लोगों तक पानी पहुंचाया, जिससे उन्हें काफी राहत मिली।
नगरपालिका कर रही मनमानी
स्थानीय लोगों ने नगरपालिका के इस रवैये की कड़ी निंदा करते हुए सौतेला व्यवहार बताया है। उनका कहना है कि यह पहली बार नहीं है, जब नगरपालिका ने पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए वार्ड 13 के साथ ऐसा बर्ताव किया हो। पिछले साल भी ऐसी ही स्थिति में पार्षद ने निजी खर्च पर पानी की व्यवस्था की थी। निवासियों ने इस मामले की जांच की मांग की है और उम्मीद जताई है कि नगरपालिका की इस मनमानी पर जल्द से जल्द अंकुश लगेगा।
ग्रीन बेल्ट की जमीन के पुराने पेड़ काटे, फब्बारा तोड़ा
दुकानो के निर्माण के बाद पेयजल टंकी निर्माण की तैयारी
मंडला महावीर न्यूज 29.नगरीय निकाय मंडला की ग्रीन बेल्ट की जमीन भी अब सुरक्षित नहीं बची है। आरोप है कि नगरीय निकाय के द्वारा ग्रीन बेल्ट की जमीन पर लगे पुराने विशाल पेड़ो को काट दिया गया है। कई सालो पहले बना फव्वारा को भी तोड़ दिया है। एक ओर बाऊड्रीबॉल को तोड़कर दुकानो का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसके साथ अमृत 2.0 के तहत पेयजल टंकी निर्माण करने की तैयारी है। निकाय के द्वारा मनमानी से निर्माण कार्य किए जा रहे है। इसको लेकर नपा परिषद पार्षदो के द्वारा विरोध के स्वर नहीं फूट रहे और ना ही जिला प्रशासन के द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
बताया गया है कि नगरीय निकाय मंडला के द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए कोई काम नहीं किया गया है। यहां चौबीस वार्डो में नपा के सिर्फ दो पार्क है। जिसमें पेड़ कम पौधे व झाडिय़ा अधिक लगे हुए। थोड़ी बहुत हरियाली सड़क किनारे लगे फल व छायादार पेड़े से रही है। जिसे नगर पालिका ने सड़क चौड़ीकरण के लिए बर्बाद कर दिया। नगर पालिका ने सबसे पहले पड़ाव सड़क के दोनो के पेड़ काटे, इसके बाद बड़ चौराहा से लेकर नेहरू स्मारक और महाराजपुर की मुख्य सड़क किनारे पेड़ो का कत्लेआम किया। एक मात्र शेष रह गई ग्रीन बेल्ट की जमीन जो नपा के टाऊन के सामने है। उस पर भी नपा के द्वारा ही निर्माण किए जा रहे है। यहां स्टेडियम की ओर सड़क किनारे बाऊड्रीबॉल को तोड़कर करोड़ो की लागत से दुकानो का निर्माण किया जा रहा है। बेल्ट की जमीन पर अमृत 2.0 के तहत पेयजल टंकी का निर्माण करने की तैयारी है। इन निर्माण कार्यो के चलते ग्रीन बेल्ट की जमीन ही नहीं रहेगी। जो नियम विरूद्व है। इसको लेकर नगर पालिका परिषद के सदस्य व पार्षद तक विरोध करने को तैयार नहीं है।
नियमो विरूद्ध निर्माण कार्य
नपा ग्रीन बेल्ट के लिए चिह्नित जमीन पर ही पेयजल टंकी का निर्माण कर रही है। इसके लिए टेंडर भी हो गया है। जो कि एनजीटी नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल नियम के खिलाफ है। यदि ग्रीन बोल्ट घोषित क्षेत्र में नपा निर्माण कार्य करेगी तो उस पर कार्रवाई की तलवार चल सकती है। ग्रीन बेल्ट या हरित पट्टी शहरी क्षेत्र की ऐसी संरक्षित भूमि होती है जहां विकास व निर्माण पर प्रतिबंध हैं। ग्रीन बेल्ट हवा की गुणवत्ता सुधारने, प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है जिसका उल्लंघन करने से पर्यावरण को नुकसान होता है।
परिषद कर चुकी विरोध
बताया गया है कि नगर पालिका परिषद मंडला वर्ष 2018 से 2022 के कार्यकाल के बीच नपा टाऊन हॉल के सामने ग्रीन बेल्ट की जमीन पर निर्माण कार्यो का प्रस्ताव लाया गया था। यहां नगर पालिका परिषद के पार्षदो के द्वारा विरोध किया था कि नगरीय निकाय क्षेत्र का विस्तार हो रहा है। निकाय कार्यालय परिसर के पास बहुत कम जमीन है। यह ग्रीन बेल्ट के लिए सरंक्षित है। भविष्य में नगर पालिका को ही जमीन की आवश्यकता होगी। पार्षदो के विरोध के चलते ग्रीन बेल्ट जमीन की बाऊउ्रीबॉल को ही तोड़ा, कुछ पेड़ो को काटा गया। निर्माण कार्य नहीं किया गया लेकिन अब फिर से नपा ने प्रस्ताव बनाकर निर्माण कार्य करने की तैयारी कर ली है।
इनका कहना है
नगरीय निकाय मंडला ग्रीन बेल्ट की जानकारी नहीं है। टाऊन एवं कंट्री के मास्टर प्लान में अंकित होगी। पेयजल टंकी का निर्माण ग्रीन बेल्ट की जमीन पर हो रहा या नहीं यह दस्तोवज देखकर ही बता पाऊगा। जय प्रकाश डेहरिया,उपयंत्री नपा
खनिज माफिया के हौसले बुलंद, प्रशासन की सुस्ती से बढ़ा अवैध खनन
स्थानीय अधिकारी और पुलिस की नाक के नीचे से हो रहा मुर्रम का अवैध खनन
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के नारायणगंज क्षेत्र में खनिज माफिया के हौसले बुलंद हैं और वे खुलेआम अवैध खनन को अंजाम दे रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों की ढीली कार्यप्रणाली के कारण यह अवैध उत्खनन और परिवहन चरम पर पहुंच चुका है। सूत्रों के अनुसार नगर में तेजी से हो रहे निर्माण कार्यों, सरकारी इमारतों और सड़कों के लिए आवश्यक मुर्रम का अवैध खनन बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। खनन माफिया ट्रैक्टरों, हाईवा और जेसीबी मशीनों का धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहे हैं। इस अवैध धंधे से न सिर्फ सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों का भी अंधाधुंध दोहन हो रहा है, जिससे पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंच रही है।
बताया गया कि यह सब कुछ स्थानीय अधिकारियों और पुलिस की नाक के नीचे हो रहा है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत के बिना यह संभव नहीं है। उनका सवाल है कि आखिर ये खनन माफिया किन प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में काम कर रहे हैं, जिसके कारण उनके खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
बताया गया कि क्षेत्रीय पुलिस थाना भी इन भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने से कतरा रहा है। अगर समय रहते इस पर लगाम नहीं लगाई गई, तो इसका असर क्षेत्र के पर्यावरण और सरकार की आय दोनों पर पड़ेगा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, जिससे अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
इनका कहना है
कल मुर्रम के कुछ ट्रेक्टर देखे गए था लेकिन मेरी ड्यूटी विसर्जन में लगी थी, और मुझे सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक तहसील में बैठना होता है। साथ ही फील्ड मेरे अंतर्गत नहीं आती है, जिले में कर्मचारी की कमी होने के कारण आप माइनिंग विभाग से संपर्क करे। संगम पटले,तहसीलदार, नारायणगंज
मंडला के महाराजा की विदाई आज
बस स्टैंड से निकलेगा भव्य चल समारोह
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिला मुख्यालय स्थित बस स्टेंड के महाराजा श्री गणेश को आज 8 सितंबर सोमवार को भावपूर्ण विदाई दी जाएगी। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणपति बप्पा की प्रतिमा का विसर्जन एक विशाल और भव्य चल समारोह के साथ किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल होंगे।
बताया गया कि बस स्टेंड मंडला से श्री गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए विदाई समारोह आज सोमवार को दोपहर 1 बजे शुरू होगा। शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए यह चल समारोह नाव घाट स्थित विसर्जन कुण्ड पहुंचेगा, जहां गणपति बप्पा की प्रतिमा को विसर्जित किया जाएगा। पूरे शहर में इस आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। भक्तों ने अपने राजा की विदाई को यादगार बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। चल समारोह के दौरान डीजे, ढोल-ताशे और झांकियों का इंतजाम किया गया है, जिससे लोग नाचते-गाते हुए बप्पा को विदा कर सकें। आयोजकों ने सभी शहरवासियों से इस भव्य समारोह में शामिल होने की अपील की है।
भजन संध्या का हुआ आयोजन
बस स्टैंड पर स्थापित मंडला के महाराजा श्री गणेश की भव्य विदाई आज सोमवार को होगी। दोपहर 1 बजे विशाल चल समारोह के साथ गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। समिति के सदस्यों ने बताया कि रविवार को देर शाम भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भजन संध्या में भक्ति गीतों ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक बन गया।
शिक्षा ही बेहतर भविष्य की नींव-संजय कुशराम
जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया स्कूल का दौरा
बच्चों से जाना हालचाल
मंडला महावीर न्यूज 29.शिक्षा की गुणवत्ता को परखने और बच्चों की समस्याओं को समझने के उद्देश्य से जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने बिछिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मोचा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला बोडाछपरी का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों और शिक्षकों से खुलकर संवाद किया।
बताया गया कि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने स्कूल परिसर और कक्षाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें स्कूल भवन का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त मिला। उन्होंने तत्काल इस स्थिति का संज्ञान लिया और स्कूल प्रबंधन को आश्वस्त किया कि जल्द ही मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई में किसी भी तरह की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि स्कूल में सभी आवश्यक सुविधाएं मौजूद हों।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों और बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही बेहतर भविष्य की नींव है। उन्होंने शिक्षकों को लगन और समर्पण के साथ बच्चों को पढ़ाने की सलाह दी।
80 डब्बों में भरा महुआ लहान जब्त, मौके पर किया नष्ट
89750 रूपए की महुआ लहान एवं कच्ची मदिरा बरामद
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले में मदिरा के अवैध संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध की गई कार्यवाही में ग्राम गोंझी क्षेत्र में नर्मदा नदी के किनारे मदिरा निर्माण करने वाले अड्डों पर दबिश की कार्यवाही की गई। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई में लगभग 80 डब्बों में महुआ लहान भरा मिला। जिसकी अनुमानित मात्रा 800 किलो है। इसके साथ ही 65 लीटर हाथ भट्टी कच्ची मदिरा बरामद किया गया।
बताया गया कि जब्त मदिरा लहान को आबकारी पुलिस बल ने मौके पर नष्ट कर दिया है। जप्त मदिरा और लहान की अनुमानित कीमत 89 हजार 750 रूपए बताई है। बताया गया कि आबकारी बल के पहुंचते ही मौके से आरोपी फरार हो चुके थे। आबकारी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
इस कार्यवाही में आबकारी उपनिरिक्षक सर्वेश नागवंशी प्रधान आरक्षक दुर्जन कुलेश, हरे सिंह, आरक्षक विजय कमलेश, सत्यपाल मरावी, ऋषभ शुक्ला, शकुन सैयाम, नेतराम ककोटिया, रघुनाथ उइके उपस्थित रहे।
ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन ने किया सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान
सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने की शिरकत
ट्राइबल क्षेत्र भत्ता सहित शिक्षकों की मुख्य मांगों पर की चर्चा
मंडला महावीर न्यूज 29. ट्राईबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन की मंडला इकाई के द्वारा जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन नारायणगंज में किया गया। जिसमें जिले भर के सैकड़ों शिक्षकों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिले के प्रतिभाशाली और उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का और मई, जून और जुलाई माह में सेवानिवृत शिक्षकों का फूलमाला तिलक शॉल श्रीफल और स्मृति चिन्ह के द्वारा सम्मान किया गया। सम्मानित होने वाले सभी शिक्षकों का बैंडबाजे के साथ अगवानी होने से कार्यक्रम उल्लास और उत्साह से भर गया। जनपद पंचायत नारायणगंज की टीम ने जिले भर के एसोसिएशन के उन पदाधिकारियों को डायरी पेन भेंट कर सम्मान किया जो एसोसिएशन में रहकर बच्चों और विद्यालयों के कल्याण में सदैव अग्रणी रहकर कार्य करते हैं।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र वरकड़े, जनपद अध्यक्ष आशाराम भारतीया, उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा सहित शहर के अनेक समाजसेवी और पत्रकार उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और पूजन अर्चन के साथ किया गया ।
अपनी परम्परा के अनुसार एसोसिएशन ने सभी मंचासीन अतिथियों का कॉपी पेन से स्वागत किया गया । सभी कॉपी पेन सुदूर क्षेत्रों की संस्थाओं के बच्चों हेतु मंच के माध्यम से प्रदाय कर दिया गया। प्रांतीय अध्यक्ष डी के सिंगौर द्वारा स्वागत उद्बोधन में कहा कि सैद्धांतिक रूप से तो यह माना जाता है कि भारतीय समाज में शिक्षकों को सम्मानीय और पूज्यनीय माना जाता है लेकिन व्यवहार में देखा जाए तो गैर शिक्षकीय कार्यों, कक्षा के बड़े आकर, और संसाधनों के अभाव में आज का शिक्षक समाज की अपेक्षाओं में खरा नहीं उतर पा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के समक्ष शिक्षकों की ग्रेच्युटी, अनुसूचित क्षेत्र भत्ता, ट्राइबल के कर्मचारियों के लिए विशेष गृह भाड़ा भत्ता दिलाने की मांग रखी।
उदबोधन की कड़ी में जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र वरकड़े द्वारा विचार रखा गया,जिसमें शिक्षा के महत्त्व और जीवन में शिक्षक ,गुरु से बढकर दूजा कोई और नहीं पर प्रकाश डाला गया, साथ हि अपने कर्तव्यों को ईमानदारी के साथ व्यवहारिक रूप से बच्चों को सही मार्ग दिखाने हेतु प्रेरणा दी गई । वरिष्ठ समाजसेवी रतन ठाकुर द्वारा शिक्षक के महत्व पर प्रकाश डाला गया और समाज शिक्षकों के साथ सद्भावना रखते हुए व्यवहार करने की बात की।
मुख्य अतिथि की आसंदी से सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते द्वारा विस्तार से शिक्षा से जुड़ी जानकारी योजनाओं के साथ, शासकीय और गैर शासकीय शिक्षण के कार्यों, शिक्षकों के कार्यों, विभागीय दायित्वों के साथ साथ प्रतिवेदन के बिन्दुओं पर भी अपने सुझाव और मार्गदर्शन प्रदान किए । उन्होंने शिक्षकों की मांगों को गंभीरता से लिया और शासन के समझ चर्चा करने और कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन प्रांतीय प्रवक्ता संजीव सोनी ने किया मंच संचालन जिला अध्यक्ष दिलीप मरावी ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में उमेश यादव, कमलेश मरावी आदि का विशेष सहयोग रहा।
एनएच-30 के जानलेवा गड्ढों ने ली एक की जान
16 चका ट्रक पुल की रेलिंग तोड़कर पुल में लटका
स्टियरिंग में करीब दो घंटे फंसा रहाट्रक चालक
नेशनल हाईवे 30 में दोनों तरफ लगा रहा जाम
बदहाल सड़क और विभागीय लापरवाही पर उठे सवाल
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला-जबलपुर-रायपुर नेशनल हाईवे 30 पर नारायणगंज के बालई पुल में देर रात एक भयानक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए एक पेड़ से जा टकराया और बालई पुल में आधा लटक गया। इस दौरान एक राहगीर ट्रक की चपेट में आ गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना तत्काल टिकरिया पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही टिकरिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हादसे के बाद हाईवे मार्ग के दोनों तरफ जाम लग गया था। टिकरिया पुलिस ने जाम को जैसे तैसे खुलवाया। जिससे आवागमन सुचारू हुआ।
हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नेशनल हाईवे 30 मार्ग में 16 चका ट्रक क्रमांक आरजे 11 जीसी 6400 रायपुर की तरफ से जबलपुर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान नारयणगंज के बालई पुल के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे वाहन की तेज रोशनी के कारण ट्रक चालक को सड़क दिखाई नहीं दी। सड़क पर मौजूद गड्ढों की वजह से उसने ट्रक से अपना नियंत्रण खो दिया और सीधे पुल के मुहाने किनारे लगे पेड़ से टकराते हुए पुल की रेलिंग से जा टकराया और पुल में आधा लटक गया।
बताया गया कि इस भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक स्टीयरिंग में बुरी तरह फंस गया, जिसे ग्रामीणों और पुलिस की मदद से बड़ी मुश्किल से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक से बाहर निकाला गया। इस हादसे में ट्रक के परिचालक को मामूली चोटें आईं हैं। वहीं घटना के बाद हाईवे पर दोनों तरफ लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। टिकरिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और ग्रामीणों की मदद से धीरे-धीरे यातायात बहाल किया। बताया गया कि इस हादसे में नारायणगंज के ग्राम खैरी निवासी रोहित सिंगरौरे की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस हादसे की मुख्य वजह सड़क की खराब हालत बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में घटिया कार्य किया गया है और डामरीकरण का काम भी अधूरा और गुणवत्ताविहीन किया जा रहा है, जिसके कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि विगत कुछ दिन पहले ही इसी पुल पर एक हाइवा वाहन भी रेलिंग तोड़कर पुल के नीचे गिर गया था, लेकिन विभाग ने अब तक रैलिंग की मरम्मत नहीं कराई है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत हाईवे मार्ग में स्थित पुल को सुरक्षित कराने की मांग की है, जिससे भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाएं घटित न हों।
आज से पितृपक्ष प्रारंभ
श्राद्ध द्वारा की जाएगी पितृऋण की अदायगी
पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर
तर्पण कर किया जायेगा पूर्वजों का पुण्य स्मरण
नर्मदा घाटों में लगेगी आस्था की डुबकी
मंडला महावीर न्यूज 29.आज से पितृपक्ष प्रारंभ हो रहा है। पितृपक्ष प्रारंभ होते ही नर्मदा के विभिन्न घाटों में सनातन धर्मावलंबियों द्वारा अपने पूर्वजों की तृप्ति के लिए दान, पुण्य और दिवंगत आत्माओं को जल तर्पण किया जायेगा। पन्द्रह दिनों तक पितरों का तर्पण किया जाएगा। धार्मिक, मांगलिक कार्य नहीं होंगे। बाजारों में खरीदारी पर भी असर पड़ेगा। पितृपक्ष संपन्न होने के बाद नवरात्र पर्व के साथ बाजार में रौनक लौटेगी। 15 दिनों तक लोग अपने अपने पूर्वजों का श्रृाद्ध करेंगे। दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए अनुष्ठान किए जाएंगे। पितरों के तर्पण से पितृ प्रसन्न होते हैं। बताया गया कि जिस तिथि को व्यक्ति का निधन होता है उसी तिथि को उसका श्रृाद्ध करने की परंपरा है। श्राद्ध करने से पितृ दोष शांत होते है। पूर्वजों की कृपा मनुष्य पर हमेशा बनी रहती है।
जानकारी अनुसार बहुत से शहरवासी अपनी सुविधानुसार घरों में पितृपक्ष के दिनों में परात में पानी भरकर पूर्वजों को कुशा का धारण कर शहद, दूध अर्पित करने के बाद उन्हें पांच भागों में भोजन अर्पित करते है, लेकिन अभी भी ऐसे लोगों की संख्या अधिक है, जो नर्मदा के घाटों में जाकर पंडितों के जरिए पितृपक्ष के अनुष्ठान रोजाना सम्पन्न कराते हैं। इस लिहाज से देखा जाए तो आज घर से लेकर नदी तक आमजनों द्वारा अपने-अपने पूर्वजों, दिवंगत परिजनों का लगातार स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धा के फूल समर्पित करते हुए उनका आशीर्वाद ग्रहण किया जाएगा। पितृपक्ष की तैयारियों में महिला, पुरूष व्यस्त नजर आए, वहीं बाजार में पितृपक्ष के लिए जरूरी सामग्री खरीदने वालों की भीड़ नजर आ रही थी।
बताया गया कि पितृपक्ष के पूरे कार्यक्रम महत्वपूर्ण होते हैं। इसी अवधि में घरों में श्राद्ध आदि के कार्य भी साथ ही चलते है। लोगों की कोशिश रहती है कि व्यस्त जिंदगी में पितरों की आत्मा की शांति के लिए किये जा रहे सभी काम निश्चित समय पर हों। उन्होंने मांग की है कि इस परिप्रेक्ष्य में जरूरी है कि सुबह जलापूर्ति में विलम्ब न किया जाए और नर्मदा नदी के घाटों की 15 दिन तक नियमित साफ-सफाई कराने की व्यवस्था की जाए, जिससे वहां पूर्वजों को जल तर्पण करने जाने वाले शहरवासियों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नहीं हो रहे कौओं के दर्शन
तर्पण के बाद घर की छतों में कौआ को भोजन कराना इस सोच पर आधारित है कि पक्षियों के माध्यम से यह भोज्य पदार्थ पूर्वजों तक पहुंचेगा। पर्यावरण की दृष्टि से यह परम्परा पक्षियों के लिए पोषण आहार उपलब्ध कराती है, लेकिन अब शहरों में कौओं के दर्शन अब दुर्लभ होते जा रहे है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में आने वाली कमी पर्यावरणविदों के लिए चिंता का विषय है। पितृपक्ष पक्षियों की संख्या मापने का भी एक साधन हो सकता है।
नम आंखो से किया गणेश विसर्जन
अगले बरस तू जल्दी आ के जयघोष की गूंज
शहर में गणेश विसर्जन की धूम
मंडला महावीर न्यूज 29.विघ्रहरता भगवान श्री गणेश की दस दिन की सेवा के बाद विदा किया गया। भगवान गणेश को विशेष पूजन अर्चन के बाद उन्हें नर्मदा किनारे बने कुण्ड में विसर्जित किया गया। नगर में भक्तों ने जयकारे लगाते गजानन को विदाई दी। दस दिनों तक श्री गणेश की पूजा अराधना करने के बाद उनके भक्त उन्हें नम आंखों से विदा किया। हालांकि विसर्जन के लिए लोग दोपहर से ही प्रतिमा लेकर कुण्ड पहुंचने लगे थे, जहां नगरपालिका और पुलिस प्रशासन मुस्तैद था। कोई अप्रिय घटना ना हो इस पर भी नजर बनाए हुए थे। कुण्ड के पास भी पुलिस बल तैनात रहा। जिससे कोई घटना ना हो सके। इस बार सार्वजनिक पंडालों और घरों में छोटी मूर्ति ही स्थापित की गई थी।
जानकारी अनुसार नगर में सार्वजनिक गणेशोत्सव समितियों द्वारा गणेश स्थापना की गई है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस प्रशासन ने गणेश विसर्जन की तैयारी कर रखी थी। गणेश विसर्जन के चल समारोह में नजर रखने के लिये अलग-अलग बीट में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। पुलिस ने गणेश विसर्जन के मद्देनजर पुख्ता इंतजाम किये है। नगर पालिका के द्वारा घाटों में गोताखोर की व्यवस्था की गई है, इसके अलावा ट्रेफिक कंट्रोल की जिम्मेदारी ट्रेफिक पुलिस को सौंपी गई है। नगर पालिका के द्वारा घाटो में विसर्जन कुण्ड बनाये गये। जिसमें भक्तों ने अपने घर घर में विराजे और पंडालों में विराजे श्रीगणेश का विसर्जन नपा द्वारा बनाए गए कुण्ड में विसर्जन किया।
भगवान अनंत की हुई पूजा
अनंत चतुदर्शी का पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। यह पर्व श्री हरि विष्णु की उपासना व व्रत का पर्व है। इस दिन पवित्र सरोवर के किनारे शेष शैया भगवान विष्णु की प्रतिमा कलश सहित स्थापित कर विविध उपचारों से उनकी पूजा करने का विधान शास्त्रों में बताया गया है। इस दिन व्रत धारण किया जाता है। इस पूजा में चौदह गांठो वाले सूत्र का विशेष महत्व है, जिसे अनंत कहा जाता है। अनंत भगवान विष्णु का प्रतीक है। शास्त्रों में बताया गया है कि अनंत चतुदर्शी में अनंत की पूजा करने से घर धन धान्य से परिपूर्ण हो जाता है। महिलाएं अनंत को बांये हाथ में तथा पुरूष दांये हाथ में धारण करते है।
पंडाल में हवन, पूजन
श्री गणेश की भक्ति में लीन भक्त उन्हें विदाई देने के पहले विशेष पूजन अर्चन किए। भक्तो ने हवन में आहूति दी। इसके बाद प्रसाद वितरण भी किया गया। सार्वजनिक समितियो द्वारा हवन, पूजन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई। यहां बड़ी संख्या में भक्तो ने गणेश जी को विदा देने के पहले उनके श्रीचरणो की वंदना की।
कुण्ड में विसर्जन
शासन की गाईड लाईन के निर्देश के बाद नगर में गणेश विसर्जन के लिए दो स्थानो में मूर्ति विसर्जन की व्यवस्था रही। भक्तो ने श्री गणेश को संगम, नावघाट के पास बने कुण्ड में विसर्जित किया। इसमें शुद्ध नर्मदा जल का भराव किया गया। इसके अलावा निर्माल्य के लिए पात्र रखे गए। घर-घर से आये गणपति पूजन के बाद कुण्ड में विसर्जित किए गए।
सेल्फी लेकर कहां अगले वर्ष तू जल्दी आ
श्री गणेश के भक्तों द्वारा 10 दिनों तक गणपति बप्पा की पूजा अर्चना करने के बाद उन्हें नम आंखों से विदा किया। घर-घर में विराजे श्री गणेश को लोगों ने शासन की गाईड लाईन के तहत समिति संख्या में विसर्जन कुण्ड पहुंचे। यहां विसर्जन के पहले लोगों ने इस पल को यादगार बनाने और इसे सहज कर रखने के लिए श्रीगणेश भगवान के साथ खूब सेल्फी भी ली।
किसानों की आय बढ़ाने तीन हजार एकड़ में सुपरफूड क्विनोआ और चिया की होगी खेती
प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के लिए क्लस्टर बनाने की चल रही तैयारी
6250 एकड़ में हो रही प्राकृतिक खेती
किसानों को मिलेगा 100 प्रतिशत अनुदान
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत एक पहल शुरू की गई है। वर्ष 2025-26 के लिए इस योजना के तहत जिले के 9 विकासखंडों में 6250 एकड़ भूमि पर प्राकृतिक खेती का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रत्येक किसान को एक-एक एकड़ भूमि पर उन्नत तकनीक के साथ प्राकृतिक खेती करने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस पहल का एक मुख्य लक्ष्य कृषि उत्पादन में संभावित कमी की आशंका को दूर करना है। इसके लिए प्रशासन ने अधिक महंगी और लाभकारी सुपरफूड फसल, जिसमें क्विनोआ और चिया की खेती को बढ़ावा देने का फैसला किया है। योजना के अंतर्गत एक हजार एकड़ में क्विनोआ और दो हजार एकड़ में चिया फसल की खेती का नवाचार किया जा रहा है।
जानकारी अनुसार किसानों को प्रोत्साहन देने के लिए आत्मा परियोजना द्वारा इन फसलों के बीज 100 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके इसके साथ ही किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके, इसके लिए प्रोसेसिंग और मार्केटिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। इस कदम से न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि जिले में टिकाऊ और लाभकारी कृषि पद्धतियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इस योजना को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इन सुपरफूड फसलों की बोवनी का कार्य अक्टूबर से नबंवर माह के बीच करने की योजना बनाई गई है।
बताया गया कि यह पहल कृषि विभाग ने किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की है। इसके तहत विभाग ने क्विनोआ की खेती को बढ़ावा देने का फैसला किया है। इसके लिए किसानों को क्लस्टर बनाकर एक साथ जोड़ा जाएगा, जिससे वे इस खेती को आसानी से अपना सकें। इस योजना से किसानों की आय में वृद्धि होने की उम्मीद है, क्योंकि क्विनोआ की मांग बाजारों में लगातार बढ़ रही है।
क्लस्टर बनाकर करेंगे खेती
इस योजना के तहत किसानों को क्लस्टर के रूप में संगठित किया जाएगा। जिले में 6250 एकड़ भूमि पर प्राकृतिक खेती की जा रही है, और इन किसानों को क्लस्टर में शामिल किया जाएगा। हर क्लस्टर में लगभग 100 से 125 किसानों को जोड़ा जाएगा। इन किसानों को एक हजार एकड़ भूमि पर क्विनोआ की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। किसान एक हजार एकड़ भूमि में से एक हजार एकड़ भूमि पर क्विनोआ की खेती के साथ अन्य प्राकृतिक फसलों की खेती करेंगे।
एफपीओ के माध्यम से की जाएगी खरीद
इस योजना की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि क्विनोआ की खेती करने वाले किसानों को फसल की बिक्री के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। कृषि विभाग ने एफपीओ (फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन) के माध्यम से किसानों की फसल खरीदने की व्यवस्था की है। एफपीओ किसानों से सीधे उनकी फसल खरीदेगा और उन्हें उचित दाम देगा। इससे किसानों को बाजारों में अपनी फसल बेचने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा और उन्हें अपनी मेहनत का सही मूल्य मिलेगा।
क्विनोआ में है स्वास्थ्य का खजाना
क्विनोआ एक प्रकार का सुपरफूड बीज है जो बहुत ही फायदेमंद होता है। इसमें फाइबर की भरपूर मात्रा होती है, जो पाचन तंत्र के लिए बहुत जरूरी है। यह ग्लूटेन-मुक्त होता है, इसलिए जिन लोगों को ग्लूटेन से एलर्जी है, वे भी इसे खा सकते हैं। इसके साथ ही क्विनोआ में प्रोटीन, विटामिन और अन्य खनिज भी पाए जाते हैं। यह न केवल शरीर के लिए फायदेमंद है, बल्कि बीमारियों से लडऩे में भी मदद करता है। इसमें एंटी-ऑक्सीडेंट, फाइबर, और विटामिन बी की भरपूर मात्रा होती है। इसके अलावा इसमें मैग्नीशियम, पोटेशियम, और आयरन भी पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं।
करीब चार माह में हो जाती है चिया फसल तैयार
बताया गया कि चिया सीड की फसल 3 से 4 महीने में तैयार हो जाती है और पकने पर इसकी पत्तियां गिर जाती हैं। फसल पकने के बाद इसके तने में सिर्फ बालियां बचती हैं, जैसे सरसों के पौधों पर होता है। फसल काटने के बाद 5-6 दिन इसे धूप में सूखने के लिए छोड़ दिया जाता है। बीज को अलग करने के लिए थ्रेसर मशीन या डंडे का उपयोग किया जाता है। इस सब प्रक्रिया के बाद एक एकड़ में करीब 5 से 06 क्विटंल चिया बीज मिल पाता है।
अन्य फसल से ज्यादा होता है चिया से फायदा
बताया गया कि एक एकड़ खेत में किसान 5 से 06 क्विंटल चिया सीड उत्पादन कर सकता है। चिया सीड की मंडी बाजार में कीमत अन्य फसलों से काफी अच्छी है, जिसके चलते यदि किसान इसकी अच्छी पैदावार कर ले तो एक अच्छा मुनाफा अन्य फसलों से की अपेक्षा ले सकते है। कृषि उपसंचालक अश्विनी झारिया ने बताया कि एक एकड़ में करीब 90 हजार रूपए तक किसान इस फसल से कमा सकते है। करीब चार माह बाद इस फसल से खेत भी खाली हो जाता है, इसके बाद किसान दूसरी फसल इस खेत में लगा सकता है। वहीं चिया सीड की बुवाई जून से जुलाई के बीच और इसके बाद अक्टूबर से नवंबर के बीच की जा सकती है।
इनका कहना है
6250 एकड़ भूमि पर प्राकृतिक खेती की जा रही है। एक हजार एकड़ भूमि पर क्विनोआ और दो हजार एकड़ में चिया की खेती करने का लक्ष्य है। कृषि विभाग क्विनोआ और अन्य फसलों की खेती करने वाले किसानों को प्रोत्साहित कर रहा है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके। अश्विनी झारिया,उपसंचालक, कृषि विभाग, मंडला
ट्रक चालक का अचानक सीने में दर्द, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
टिकरिया पुलिस ने दिखाई तत्परता
समय पर इलाज मिलने से बची ट्रक चालक की जान
मंडला महावीर न्यूज 29.जबलपुर से रायपुर जा रहे एक ट्रक चालक को रास्ते में अचानक सीने में दर्द उठने के बाद डायल 100 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। यह घटना नारायणगंज विकासखंड के ग्राम चिरईडोंगरी के पास घटित हुई। टिकरिया पुलिस की तत्परता से ट्रक चालक की जान बचाई जा सकी।
बताया गया कि ट्रक चला रहे वंशी यादव निवासी ग्राम नगवाही, जिला कर्वधा को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद ट्रक के परिचालक और स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 100 को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 100 में तैनात आरक्षक रामरतन मसकरे और पायलट राजकुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देरी किए ट्रक चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका तुरंत उपचार शुरू किया।
पुलिस जवानों की इस तत्परता की सूचना ट्रक मालिक को दी गई, जिसके बाद वह भी नारायणगंज पहुंचे और चालक को अपने साथ ले गए। इस तरह पुलिस के त्वरित सहयोग से एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी।
नरेगा सड़क में लाखों की हेराफेरी, ग्रामीणों ने उच्च स्तरीय जांच की मांग
मार्ग किनारे डाला गया लाल मुर्रम, टिकाऊपन पर उठ रहे सवाल
मंडला महावीर न्यूज 29.जनपद नारायणगंज के अंतर्गत ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग पर ग्रामीण विकास कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से नरेगा के तहत स्वीकृत ग्रेवल सड़क निर्माण में हेराफेरी का खुलासा किया है। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत फड़की माल से कछार टोला तक जाने वाली सड़क के लिए वर्ष 2024-25 में 61 लाख 60 हजार की राशि स्वीकृत की गई थी। आरोप है कि इस राशि का सही इस्तेमाल नहीं किया गया और ठेकेदार ने बेहद खराब गुणवत्ता का काम किया है। सड़क निर्माण में मानक सामग्री का उपयोग नहीं हुआ है, जिससे इसकी टिकाऊपन पर सवालिया निशान उठ गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया निर्माण में भी भारी भ्रष्टाचार हुआ है। पुलिया को न तो कांक्रीट से मजबूत किया गया और न ही इंजीनियरिंग मानकों के अनुसार कोई काम किया गया। सिर्फ नाम के लिए सड़क किनारे लाल मुरम डालकर काम खत्म कर दिया गया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और उच्च अधिकारियों से इस मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
अधिकारियों ने दी सफाई
जब इस मामले में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा कार्यालय मंडला के दिव्यांम सिंह उईके से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बारिश के कारण ग्रेवल सड़क का काम अभी रुका हुआ है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार को अभी तक कोई भुगतान नहीं किया गया है और जब तक काम पूरी तरह से संतोषजनक नहीं होगा, तब तक भुगतान नहीं किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि 15 सितंबर के बाद बारिश रुकते ही काम फिर से शुरू किया जाएगा और उनके द्वारा पूरी ईमानदारी के साथ कार्य को पूरा कराया जाएगा।
रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया समिति प्रबंधक, लोकायुक्त की कार्रवाई
लोकायुक्त ने किया खुलासा
केसीसी लोन के लिए रिश्वत मांग रहा था समिति प्रबंधक
मंडला महावीर न्यूज 29.लोकायुक्त पुलिस जबलपुर इकाई ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए मंडला जिले के जिला सहकारी समिति मर्यादित मोहगांव के समिति प्रबंधक को चार हजार रूपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी अनुसार नरेंद्र कुमार मसराम निवासी खाल्हे गिठौरी घुघरी ने लोकायुक्त से शिकायत की थी कि उनके पिता ने किसान क्रेडिट कार्ड लोन के लिए आवेदन किया था। एक लाख का लोन स्वीकृत होने के बाद समिति प्रबंधक सोहेल खान 28 वर्ष ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के लिए पांच हजार रूपए की रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायत के बाद पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। बिछिया चौराहा मंडला में की गई इस कार्रवाई में सोहेल खान को चार हजार रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। इस मामले में सहायक समिति प्रबंधक पवन सोनी का नाम भी सामने आया है। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधन 2018) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रेप दल में सदस्य दल प्रभारी उमा कुशवाहा निरीक्षक शशि कला मस्कुले निरीक्षक राहुल गजभिए निरीक्षक जितेंद्र यादव एवं लोकायुक्त जबलपुर का दल शामिल रहा।
कान्हा टाइगर रिजर्व का सरही गेट खुला, बढ़ेगा पर्यटन और मिलेगा रोजगार
स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
मंडला महावीर न्यूज 29.कान्हा टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आने वाला सरही गेट अब पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। वन विभाग के सहायक वन संरक्षक द्वारा प्रवेश की अनुमति मिलने के बाद यह गेट खुल गया है, जिसे पर्यटन और स्थानीय विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। मंडला जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने इस पहल का स्वागत करते हुए वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि बिछिया क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेगे।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने बताया कि सरही गेट के खुलने से गाइड, जीप ड्राइवर और स्थानीय दुकानदारों को सीधा लाभ होगा। उन्होंने इस गेट को क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को गति देने वाला एक नया द्वार बताया। संजय कुशराम ने उम्मीद जताई कि पर्यटन बढऩे से मंडला जिले की बिछिया तहसील का विकास भी तेजी से होगा और यह क्षेत्र नई ऊंचाइयों तक पहुँचेगा।
प्रशासनिक तालमेल का उत्कृष्ट उदाहरण
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने इस परियोजना को सफल बनाने के लिए वन विभाग के अधिकारियों के समर्पण और प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह प्रशासनिक तालमेल का एक उत्कृष्ट उदाहरण है, जो सरकारी विभागों और स्थानीय प्रतिनिधियों के बीच सहयोग के महत्व को दर्शाता है।
चुनाव में सिर्फ वादे, हकीकत में पैदल चलना भी मुश्किल
आजादी के 75 साल बाद भी मंडला के रैयत पिंडरई में मार्ग नहीं, ग्रामीण परेशान
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के नारायणगंज विकासखंड के ग्राम पंचायत पिंडरई माल के ग्राम रैयत पिंडरई बारा टोला के निवासियों को आज भी आजादी के 75 साल बाद भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। सबसे बड़ी समस्या गांव तक पहुंचने के लिए एक रास्ते की कमी है, जिसके कारण ग्रामीणों, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों की मांग है कि नदी और बाढ़ वाले स्थान पर एक पुलिया का निर्माण किया जाए, जिससे बच्चों और आम जनता को आवागमन में आसानी हो सके। इस समस्या का समाधान न होने से स्थानीय लोगों में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने की मांग की है।
बताया गया कि ग्राम रैयत पिंडरई नारायणगंज से लगभग 30 किलोमीटर दूर है। यहां के निवासियों का कहना है कि वे हर साल अपनी इस समस्या को ग्राम सभा से लेकर स्थानीय नेताओं और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाते रहे हैं। पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते से लेकर वर्तमान विधायक चेन सिंह वरकड़े और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते तक सभी को मौखिक और लिखित रूप में इस समस्या से अवगत कराया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि हर चुनाव में नेता बड़े-बड़े वादे करके चले जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
जान जोखिम में डालकर पार करनी पड़ती है नदी
ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक पहुंचने के लिए उन्हें एक नदी पार करनी पड़ती है। बरसात के मौसम में जब नदी उफान पर होती है, तो इसे पार करना जानलेवा हो सकता है। स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह खतरा और भी बढ़ जाता है। इस साल की भारी बारिश ने स्थिति को और भी बदतर बना दिया है। किसानों ने अपनी मेढ़ों पर सीमेंट और रेत से अस्थायी दीवार बनाई थी, लेकिन अधिक बारिश के कारण वह भी टूट गई है। अब थोड़ी सी भी बारिश होने पर नदी में पानी भर जाता है, जिससे आवागमन पूरी तरह से ठप हो जाता है।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि कर रहे अनदेखी
ग्रामवासी कुंवर सिंह परते का कहना है कि किसी भी विभागीय काम या राशन लेने के लिए उन्हें मुख्य मार्ग से होते हुए पिंडरई माल जाना पड़ता है, जहां पहुंचने का कोई सुगम रास्ता नहीं है। उन्होंने मांग की है कि रैयत पिंडरई मेला मंदिर से सांगवा मुख्य मार्ग तक एक सड़क का निर्माण किया जाए, जिससे न केवल ग्रामीणों बल्कि मां नर्मदा स्थल पर जाने वाले भक्तों को भी सुविधा मिलेगी। झाम सिंह तेकाम का कहना है कि जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के कारण आजादी के इतने सालों बाद भी हमें पैदल चलने के लिए एक सही रास्ता नहीं मिला है। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन बाद में कुछ नहीं होता। हमें हर दिन इन परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्नत चिकित्सा सुविधा से क्षेत्र के लोगों को मिलेगा स्वास्थ्य लाभ-कैबिनेट मंत्री
नैनपुर सिविल अस्पताल को मिली तीन नई सुविधाएं
केबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने किया शुभारंभ
मंडला महावीर न्यूज 29.नैनपुर सिविल अस्पताल में गुरूवार से 3 नई स्वास्थ्य सेवाओं की शुरूआत की गई। सिविल अस्पताल में हाई डिपेंडेंसी यूनिट, बाल गहन चिकित्सा इकाई तथा डायलिसिस यूनिट का लोकार्पण किया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने इन सेवाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की यह बहुप्रतीक्षित मांगे थी। नैनपुर सिविल अस्पताल में इस तरह की सेवाएं उपलब्ध होने से न केवल नैनपुर बल्कि पड़ोसी जिले बालाघाट एवं सिवनी के नैनपुर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा। जिससे लोगों को मंडला तथा अन्य जिला स्तरीय नगरों में चिकित्सा के लिए जाने की जरूरत कम होगी।
उन्होंने कहा कि नैनपुर के 13 ऐसे मरीज हैं जिन्हें डायलिसिस की जरूरत पड़ती है, उन्हें इस कार्य के लिए बार-बार मंडला जिला चिकित्सालय जाना पड़ता था। नैनपुर सिविल अस्पताल में डायलिसिस की सुविधा मिलने से ऐसे मरीजों की समस्याओं का अंत होगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूंजी है। हमारे लोग कैसे स्वस्थ रहें? उन्हें कैसे अच्छी चिकित्सा सुविधा मिले? इस विषय में प्रधानमंत्री हमेशा चिंतित रहते हैं इसीलिए उन्होंने आयुष्मान कार्ड की शुरूआत की थी जिससे लोगों को 5 लाख रूपए तक के नि:शुल्क इलाज की सुविधा मिलती है। उन्होंने कहा कि बाल गहन चिकित्सा इकाई व हाई डिपेंडेंसी यूनिट की आज से ही सेवाएं प्रारंभ की गई हैं। जबकि डायलिसिस की सुविधा अगले 4-5 दिनों में प्रारंभ कर दी जायेगी।
इससे पूर्व सिविल अस्पताल पहुंचकर कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने कन्या पूजन किया। इसके बाद नगर के युवा समाजसेवियों द्वारा किए जा रहे रक्तदान का अवलोकन किया। सिविल अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंच से युवा रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही मिशन नेत्र ज्योति अभियान अंतर्गत 5 हितग्राहियों को सांकेतिक रूप से चश्मों का वितरण भी किया गया। कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने चिकित्सालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत पौधा भी लगाया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, पूर्व विधायक देवसिंह सैयाम, नपा अध्यक्ष मंडला विनोद कछवाहा, नपा नैनपुर अध्यक्ष कृष्णा पंजवानी, जनपद पंचायत नैनपुर के अध्यक्ष ओमवती उइके, नगरपालिका परिषद नैनपुर की उपाध्यक्ष संजूलता वैष्णव, जिला पंचायत सदस्य जाग्रति उइके, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, एसडीएम नैनपुर आशुतोष ठाकुर, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे, सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती, बीएमओ डॉ. राजीव चावला सहित संबंधित उपस्थित रहे।
दो बाईक की आमने सामने टक्कर, दो घायल
बालई पुल के पास हुआ हादसा, सीएचसी नारायणगंज में चल रहा उपचार
मंडला महावीर न्यूज 29. तेज रफ्तार पर लगाम नहीं लग पा रही है। जिसके कारण आए दिन नेशनल हाईवे 30 में सड़क हादसे हो रहे है। इन हादसों को रोकने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किये जा रहे है, जिससे हादसों का ग्राफ बढ़ रहा है। बताया गया कि एनएच 30 मार्ग में मंडला से नारायणगंज और जबलपुर की तरफ से मंडला की ओर जा रहे बाईक सवार की आमने सामने टक्कर हो गई। तेज रफ्तार के कारण दोनों बाईक सवार टक्कर के बाद नीचे गिर गए। जिससे दोनों बाईक सवार युवक चोटिल हो गए। तत्काल स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस को सूचना दी और सूचना मिलते ही दोनों घायल युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज उपचार के लिए लाया गया। जहां दोनों घायलों का उपचार किया जा रहा है।
जानकारी अनुसार मंडला से नारायणगंज की तरफ आ रहे बाईक सवार नर्मद पिता लखन बरकड़े 33 वर्ष निवासी अमदरा अपने ग्राम अमदरा जा रहा था। इसी दौरान जबलपुर की तरफ से मंडला की ओर जा रहा बाईक सवार अविनाश मरावी पिता श्याम मरावी 17 वर्ष निवासी चटुआमार मंडला की बाईक की आमने सामने टक्कर हो गई। दोनों बाईक तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण दोनों बाईक की टक्कर के बाद दोनों बाईक सवार युवक नीचे गिर गए और घायल हो गए।
बताया गया कि चटुआमार निवासी अविनाश को हादसे में काफी चोटे आई है। अविनाश की आंखे के ऊपर गंभीर चोट लगी। जिसे 4 से 5 टांके लगाए। जिसके बाद उसके रक्त स्त्राव रूका। वहीं नर्मद को भी हादसे में चोटे आई है। दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कर दिया गया है। जहां दोनों बाईक सवार युवकों का उपचार किया जा रहा है। हालाकि दोनों युवकों की हालत खतरे से बाहर है।
ईद मिलाद उन नबी में दिया भाईचारा, एकता और प्रेम का संदेश
नारायणगंज में शांतिपूर्ण और सौहार्द के साथ निकाला ईद मिलाद उन नबी का जुलूस
मंडला महावीर न्यूज 29.नारायणगंज में ईद मिलाद उन नबी का जुलूस बड़ी ही धूमधाम और शांतिपूर्ण माहौल में निकाला गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द का परिचय देते हुए इस जुलूस में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गुरुवार की रात ईसा की नमाज के बाद मदीना मस्जिद में मिलाद का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। शुक्रवार सुबह 9 बजे मदीना मस्जिद से जुलूसे मोहम्मदिया का आगाज हुआ। जुलूस में बच्चे, नौजवान और समाज के बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। यह जुलूस मदीना मस्जिद से शुरू होकर बस स्टैंड, मैली चौराहा, टिकरिया, कुड़मैली होते हुए वापस नारायणगंज ईदगाह पहुंचकर संपन्न हुआ।
जुलूस के दौरान मुस्लिम भाइयों के घरों पर जुलूस का गर्मजोशी से इस्तकबाल किया गया और प्रसाद का वितरण भी हुआ। पूरे मार्ग में धार्मिक नारे गूंजते रहे और लोग मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को स्मरण करते हुए आगे बढ़ते रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए। थाना टिकारिया क्षेत्र के अंतर्गत पूरे जुलूस मार्ग पर पुलिस की कड़ी निगरानी रही। थाना प्रभारी गोपाल घासले ने बताया कि सभी समुदायों के आपसी सहयोग और समझ के कारण जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों का शांति बनाए रखने के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे और उन्होंने मुस्लिम समुदाय को ईद मिलाद उन नबी की शुभकामनाएं दीं।
शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा, ग्रामीणों के विरोध के बाद बेदखली के आदेश जारी
ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन ने की कार्रवाई
टिकरिया में अवैध निर्माण का मामला
ग्रामीणों ने दी थी आंदोलन की चेतावनी
मंडला महावीर न्यूज 29.नारायणगंज तहसील के ग्राम टिकरिया में शासकीय भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों के विरोध के बाद प्रशासन हरकत में आया है। ग्रामीणों द्वारा तहसीलदार को ज्ञापन सौंपे जाने के बाद तहसीलदार नारायणगंज ने अवैध कब्जाधारी राजकुमारी धुर्वे को शासकीय भूमि से बेदखल करने का आदेश जारी कर दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले आठ महीनों से वे टिकरिया में कई शासकीय भवनों और भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायत कर रहे थे, जिससे सार्वजनिक सुविधाओं में बाधा आ रही है। ग्रामीणों ने विशेष रूप से सांस्कृतिक रंग मंच के पास पक्की दुकानें बनाए जाने पर आपत्ति जताई थी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की निष्क्रियता के कारण अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हो रहे थे, और कुछ प्रभावशाली लोगों के दबाव में अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे थे। ग्रामीणों ने ज्ञापन में तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी थी कि यदि जल्द ही अवैध निर्माण नहीं हटाए गए तो वे सामूहिक आंदोलन करेंगे। नारायणगंज तहसीलदार ने ग्रामीणों की शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए राजकुमारी धुर्वे को बेदखली आदेश जारी किया है। इस आदेश में कहा गया है कि ग्राम टिकरिया में पटवारी हल्का नं 42 के खसरा नं 227 पर 2.58 एकड़ भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान, दुकान का निर्माण किया जा रहा है, जो मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता 1959 के धारा 248 के तहत एक अपराध है।
बेदखली आदेश में दी चेतावनी
बेदखली आदेश में अतिक्रमणकारी राजकुमारी धुर्वे को 7 दिनों के भीतर स्वयं ही अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया है। ऐसा न करने पर प्रशासन द्वारा कब्जा हटाया जाएगा और इसका पूरा खर्च उनसे भू-राजस्व की तरह वसूला जाएगा। इसके साथ ही यदि निजी भूमि से भी अवैध कब्जा नहीं हटाया जाता है, तो उनके खिलाफ सिविल जेल की कार्रवाई भी प्रस्तावित की जाएगी। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस कार्रवाई को सख्ती से लागू करेगा और टिकरिया की शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर कानून व्यवस्था बहाल करेगा।
फर्जी अतिथि शिक्षक भर्ती मामला
बिछिया शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर एफआईआर के आदेश
गलत का साथ देने वाले जाँचकर्ता अधिकारी के ऊपर एफआईआर दर्ज करने के आदेश जारी
मंडला महावीर न्यूज 29.बिछिया शिक्षा खंड के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ककैया में एक फर्जी अतिथि शिक्षक भर्ती मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच में दोषी पाए गए प्राचार्य जयनारायण मिश्रा, संकुल प्राचार्य संजय सिंगौर, अतिथि शिक्षिका ऋतु तिवारी और जांचकर्ता अधिकारी चित्रसेन कार्तिकेय पर एफआईआर दर्ज करने के आदेश जारी किए गए हैं। इन सभी पर वित्तीय अनियमितता और शासन के नियमों की अनदेखी का आरोप है।
जानकारी अनुसार यह मामला शासकीय सर्वोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ककैया में अतिथि शिक्षक भर्ती से जुड़ा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि शिक्षिका ऋतु तिवारी ने एक ही सत्र में एक साथ दो जगहों पर काम किया और नियमित डिग्री हासिल की, जो नियमों के खिलाफ है। उन्होंने अपने स्कोरकार्ड में बीएड के अंक और पुराने अनुभव के अंक गलत तरीके से जोड़कर नौकरी हासिल की।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने प्राचार्य जयनारायण मिश्रा को इस धोखाधड़ी के बारे में पहले ही सूचित कर दिया था और सभी सबूत भी दिए थे। लेकिन प्राचार्य ने इन तथ्यों को नजर अंदाज करते हुए ऋतु तिवारी को भर्ती कर लिया। संकुल प्राचार्य संजय सिंगौर ने भी इस मामले में लापरवाही बरती। उनके सामने खुद शिक्षिका ने यह बात स्वीकार की थी, फिर भी उन्होंने ज्वाइनिंग लेटर जारी कर दिया और वेतन का भुगतान भी कराया।
जांच में भी हुई लापरवाही
इस मामले की जांच करने वाले अधिकारी मंडल संयोजक चित्रसेन कार्तिकेय पर भी मिलीभगत का आरोप है। शिकायतकर्ता का कहना है कि जांच के दौरान उन्हें बुलाया नहीं गया और सबूतों को नजरअंदाज करते हुए भर्ती को सही ठहरा दिया गया। इसी कारण पूर्व में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत को भी बार-बार बंद कर दिया गया था। मामले के उच्च न्यायालय तक पहुंचने के बाद न्यायालय ने जांच के आदेश दिए। अब सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग मंडला ने बिछिया के विकासखंड शिक्षा अधिकारी कुलदीप कटले को थाना बम्हनी बंजर में सभी दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और ऋतु तिवारी से अब तक लिए गए मानदेय की वसूली के आदेश दिए हैं।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने डीसीएम हिमांशु सिंगौर को किया सम्मानित
मंडल में किलकारी मोबाईल एकेडमी का कमाल
आशा कार्यकर्ता राधा शर्मा भी हुई सम्मानित
मंडला महावीर न्यूज 29.राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश द्वारा भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में मंडला जिले के डीसीएम हिमांशु कुमार सिंगौर को उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो दे कर सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें किलकारी और मोबाइल एकेडमी कार्यक्रम को 100 प्रतिशत सफलतापूर्वक पूरा कराने के लिए दिया गया।
वरिष्ठ संयुक्त संचालक आशा कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश डॉ. राकेश बोहरे द्वारा इस कार्यशाला में कुल 26 जिलों के जिला कम्युनिटी मोबिलाइजर को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शेष जिलों में इन कार्यक्रमों के क्रियान्वयन को और गति देना और भविष्य की कार्ययोजना तैयार करना है। कार्यशाला में सम्मानित किए गए डीसीएम की सूची में हिमांशु कुमार सिंगौर का नाम शामिल, जो मंडला जिले का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान सभी जिलों के डीसीएम और प्रभारी डीसीएम मौजूद रहे।
ये है मोबाइल एकेडमी और किलकारी
मोबाइल एकेडमी और किलकारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम हैं। मोबाइल एकेडमी आशा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण के लिए एक ऑडियो-आधारित पाठ्यक्रम है। यह उनके ज्ञान को बढ़ाने और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने में मदद करता है। वहीं किलकारी गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के माता-पिता के लिए एक साप्ताहिक ऑडियो संदेश सेवा है, जो गर्भावस्था, प्रसव और शिशु देखभाल से संबंधित जानकारी प्रदान करती है। कार्यक्रम अपर मिशन संचालक मनोज कुमार सरियाम की उपस्थिति में सम्पन हुआ। जिले से आशा का प्रतिनिधि के रूप में आशा कार्यकर्ता राधा शर्मा को भी सम्मानित किया गया है। इसके साथ ही जिले की समस्त आशाओ के इस सफलता के लिए उन्हें भी प्रमाण पत्र राज्य स्तर से प्रदान किये जा रहें।
कार और बाईक की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत
घुघरी के छतरपुर ग्राम के पास हुआ हादसा, दो घायल, एक रैफर
मंडला महावीर न्यूज 29.घुघरी के पास छतरपुर गांव में गुरूवार देर रात्रि अर्टिका कार और मोटरसाईकिल की आमने सामने जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस सड़क हादसे की सूचना तत्काल घुघरी पुलिस को दी गई। सूचना के बाद तत्काल डायल 112 घटना स्थल पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घुघरी उपचार के लिए पहुंचाया। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सड़क हादसा गुरूवार रात को हुई, जब अर्टिका कार घुघरी से मंडला की ओर जा रही थी और मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग मंडला से घुघरी की तरफ आ रहे थे। इसी दौरार छतरपुर गांव के पास दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिससे मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इस हादसे की सूचना घुघरी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस आरक्षक हेमंत शिव, उपेंद्र पनगरिया और पायलट राजेश भारतीया ने घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी पहुंचाया। घायलों में से एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल मंडला रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच कर रही है।
विघ्नहर्ता को नमन करने पहुंचा किन्नर समाज
किन्नर समाज ने भगवान गणेश की आरती पूजा के साथ आराध्य देव से सभी परिवारों की खुशहाली के लिए मांगा आशीर्वाद
मंडला महावीर न्यूज 29.श्री झूलेलाल गणेशोत्सव समिति सुभाष वार्ड मंडला द्वारा दस दिवसीय गणेशोत्सव में रोजाना विभिन्न आयोजन किये जा रहे हैं, इसी तारतम्य में किन्नर समाज के द्वारा विशेष आरती का आयोजन किया गया। आयोजन के शुभारंभ में समिति के सदस्यों के द्वारा किन्नर समाज के आगंतुकों का फूलों से स्वागत किया गया। इसके बाद भगवान गणेश की विधिवत आरती पूजा का कार्यक्रम आरंभ हुआ, आरती में किन्नर समाज एवं शामिल जनों के द्वारा सभी परिवारों की खुशहाली के लिए कामना की गई और भगवान गणेश की जय कारे लगाए गए।
किन्नर समाज द्वारा शामिल सभी जनों को आशीर्वाद दिया गया और सभी परिवारों के स्वस्थ, निरोग रहने की कामना की गई। किन्नर समाज के द्वारा भजन कीर्तन पर गीतों की प्रस्तुति की गई, जिसमें शामिल सभी भक्तगण झूम उठे और भजनों पर शानदार प्रस्तुति दी। भजन संध्या में महिलाओं एवं बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया,आयोजन में पल्लव पूजा के साथ भगवान सिद्धिविनायक गणपति बप्पा की आराधना के साथ सभी परिवार निरोग रहे स्वस्थ रहें के लिए कामना की गई।
आयोजन के अगले चरण में जल अर्पण करते हुए भगवान गणेश को प्रसादी का भोग लगाया गया,समिति के सदस्यों के द्वारा आरती में शामिल किन्नर समाज को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। किन्नर समाज के द्वारा आरती पूजा आयोजन में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं एवं बच्चे शामिल रहे और सभी ने मिलकर आयोजन को सफल बनाया, सभी शामिल जनों ने भगवान गणेश स्तुति आराधना की। कार्यक्रम के अंत में महाप्रसादी का वितरण किया गया।
पश्चिमी भारत में सर्वश्रेष्ठ मोबाइल रिकवरी के लिए मंडला पुलिस सम्मानित
74 प्रतिशत मोबाईल रिकवरी के साथ वेस्ट जोन में प्रथम रहा मंडला
करोड़ों के मोबाइल मालिकों को वापस मिले
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल का उपयोग करते हुए मोबाइल रिकवरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा गोवा में आयोजित पश्चिम क्षेत्र सुरक्षा सम्मेलन में मंडला पुलिस को 74 प्रतिशत मोबाइल रिकवरी दर के साथ पूरे वेस्ट जोन में पहला स्थान प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि ने आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला को गौरवांवित किया है।
जानकारी अनुसार मंडला पुलिस ने पिछले डेढ़ साल में सीईआईआर पोर्टल का इस्तेमाल करते हुए 2 हजार 31 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कुल कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये थी। इन मोबाईल में से 1046 मोबाइल 2024 में और 985 मोबाइल 2025 में रिकवर किए गए। इस उपलब्धि के लिए मध्यप्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक ने जनवरी में मंडला पुलिस की टीम को 50 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया था। इसके साथ ही इस कार्य में लगे दो पुलिसकर्मियों को डीजी डिस्क और रोल के सम्मान से भी नवाजा गया।
पांच-स्तरीय कार्यप्रणाली से मिली सफलता
मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने सम्मेलन में इस सफलता के पीछे की पंच-स्तरीय कार्यप्रणाली को साझा किया। जिसमें उन्होंने बताया कि प्रत्येक थाने में एक उप-निरीक्षक और दो आरक्षकों को प्रशिक्षण देकर पोर्टल संचालन के लिए थाना साइबर डेस्क का गठन किया गया, जिससे शिकायतों और ट्रेसिंग की प्रक्रिया आसान हो गई। राष्ट्रीय साइबर रिपोर्टिंग हेल्पलाइन 1930, सीईआईआर पोर्टल और स्थानीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 7587644088 का प्रचार स्टैंडी, फ्लेक्स बैनर, और सोशल मीडिया के माध्यम से किया गया। गुमशुदा मोबाइल की शिकायतें थाने में ही तुरंत दर्ज की गईं। खरीद बिल या आईएमईआई नंबर न होने पर भी शिकायतें स्वीकार की गईं, जिससे आम जनता को काफी राहत मिली। जिला स्तर पर एक टीम बनाई गई जो शिकायतों की प्रगति की निगरानी करती थी। मासिक क्राइम मीटिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों और उनकी टीमों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। तकनीकी टीम और फील्ड स्टाफ के बीच बेहतर समन्वय से अलग-अलग राज्यों और जिलों की पुलिस की मदद से मोबाइल तेजी से बरामद किए गए।
सुदूर गांवों तक पहुंचे मोबाइल
मंडला पुलिस ने मोबाइलों के वितरण की प्रक्रिया को भी विकेन्द्रीकृत किया। अब मोबाइल सीधे पुलिस स्टेशन स्तर पर या माइक्रो बीट पुलिसकर्मियों द्वारा दूर-दराज के गांवों में रहने वाले लोगों के घर जाकर सौंपे जाते हैं। इस पहल से उन ग्रामीण और आदिवासी लोगों तक उनके मोबाइल वापस पहुंचे, जिन्हें पहले लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।