मध्यान्ह भोजन में गड़बड़ी का मामला आयोग ने लिया संज्ञान
- मंडला में बच्चों को नहीं मिल रहा मेन्यू के अनुसार भोजन
- आयोग ने कलेक्टर से मांगा जवाब
मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र मानव अधिकार आयोग ने विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित 12 मामलों में संज्ञान लिया है, जिनमें से एक मामला मंडला जिले का है। यह मामला जिले के अमगवां गांव की एक प्राथमिक शाला में बच्चों को मेन्यू चार्ट के अनुसार मध्यान्ह भोजन न मिलने से संबंधित है, जिसे आयोग ने प्रथम दृष्टया मानव अधिकार उल्लंघन माना है। यह जानकारी मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग-मित्र शिकायत प्रकोष्ठ शाखा मंडला के सावन सिंह ठाकुर ने दी है। आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष राजीव कुमार टंडन ने इस मामले पर गंभीरता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया है।
भुगतान न मिलने से प्रभावित हुआ मध्यान्ह भोजन
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मंडला जिले की ग्राम पंचायत खड़देवरा के अमगवां गांव की प्राथमिक शाला में मध्यान्ह भोजन का संचालन स्व सहायता समूह द्वारा किया जाता है। लेकिन समूह को पिछले चार महीने से भुगतान नहीं मिला है, जिसके कारण वे बच्चों को तय मेन्यू चार्ट के हिसाब से भोजन नहीं दे पा रहे हैं। इस वजह से बच्चों को सही पोषण नहीं मिल पा रहा है, जो उनके स्वास्थ्य और विकास के लिए बेहद जरूरी है। मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर मंडला से मामले की जांच कराने और की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन एक माह के भीतर प्रस्तुत करने को कहा है।









