गणपति के जयकारों से गूंजा नगर, महाआरती में उमड़े श्रद्धालु
- श्री झूलेलाल गणेशोत्सव समिति ने की महाआरती, लगाया छप्पन भोग
मंडला महावीर न्यूज 29. श्री झूलेलाल गणेशोत्सव समिति सुभाष वार्ड द्वारा आयोजित गणेशोत्सव के अवसर पर भव्य महाआरती और छप्पन भोग का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन शामिल हुए, जिनके जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। समिति द्वारा प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, और इसी कड़ी में यह महाआरती विशेष आकर्षण का केंद्र रही। महाआरती में भगवान गणपति से सभी परिवारों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई। बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने एक साथ भगवान गणेश की आराधना की और जयकारे लगाए।

आरती में मां रेवा कावड़ यात्रा समिति, पंडित रानूनाथ शर्मा और संध्या आरती मंच रपटा घाट के सदस्यों ने अपना विशेष योगदान दिया। इस दौरान भक्तों ने श्रद्धापूर्वक फूलों की वर्षा की, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। आयोजन में भगवान गणेश की आकर्षक मूर्ति बनाने वाले मूर्तिकार शुभम प्रजापति को सम्मानित भी किया गया। आरती, पूजा और छप्पन भोग प्रसादी में नगर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान मनमोहक स्पार्कल आतिशबाजी भी की गई, जिसने लोगों का मन मोह लिया।

महाआरती के बाद सिद्धिविनायक को छप्पन भोग के विविध व्यंजनों का भोग लगाया गया। ये व्यंजन परिवारों द्वारा अपने घरों से बनाकर लाए गए थे। गणेश जी की आरती के साथ-साथ मां जगतजननी की भी आराधना की गई। कार्यक्रम का समापन परंपरागत पल्लव पूजा के साथ हुआ, जिसके बाद सभी उपस्थित लोगों को महाप्रसादी का वितरण किया गया।










