तीन संतान के नाम पर शिक्षकों को ब्लैक मेल करने का मामला उजागर
- एसोसिएशन ने बैठक कर शिक्षकों को दी कानूनी जानकारी और सुरक्षा का आश्वासन
मंडला महावीर न्यूज 29. ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन द्वारा मवई ब्लॉक के उन शिक्षकों की बैठक ली गई जिनकी 3 संताने हैं। मवई ब्लॉक के कई शिक्षकों द्वारा एसोसिएशन को बताया कि मवई क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों के द्वारा तीन संतान के नाम पर ऐसे शिक्षकों को ब्लैकमेल किया जा रहा था।
बैठक में एक शिक्षक ने बताया कि उनसे तीन संतान होने के आधार पर एक लाख रुपये की मांग की गई थी। कई अन्य शिक्षकों ने भी इसी तरह की परेशानियों से एसोसिएशन के पदाधिकारियों को अवगत कराया। इन शिकायतों के बाद ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डीके सिंगौर, जिला अध्यक्ष दिलीप मरावी और महिला विंग की जिला अध्यक्ष मीना साहू ने शिक्षकों को इस नियम से जुड़ी कानूनी जानकारी दी।
पदाधिकारियों ने शिक्षकों को बताया कि तीन संतान का नियम उन पर लागू नहीं होता है, क्योंकि न तो उनकी नियुक्ति के समय तीन संतानें थीं और न ही उनकी तीसरी संतान के जन्म के समय मध्य प्रदेश सिविल सेवा नियम लागू था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विभाग ने नियम बनने के बाद किसी भी शिक्षक से कोई अंडरटेकिंग नहीं ली है। एसोसिएशन ने सभी शिक्षकों से अपील की है कि वे बिना डरे और ईमानदारी से अपना काम करें। उन्होंने शिक्षकों को भरोसा दिलाया कि अगर कोई व्यक्ति फिर से धमकाता है या पैसे की मांग करता है, तो उसकी जानकारी एसोसिएशन को दें, जिसके बाद पुलिस में शिकायत की जाएगी।
पदाधिकारियों ने शिक्षकों को अपनी संतानों से संबंधित जानकारी न छिपाने और उसे सेवा पुस्तिका में दर्ज कराने की सलाह दी है। एसोसिएशन ने बताया कि वे इस मामले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रेयांस कूमट से मिल चुके हैं, जिन्होंने आश्वासन दिया है कि किसी भी शिक्षक के साथ अन्याय नहीं होगा। जल्द ही एसोसिएशन सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव से मिलकर भी शिक्षकों का पक्ष रखेगा। बैठक में सरिता सिंह, उमेश यादव, प्रदीप पटेल, आसित लोध, गोपाल राजपूत समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।









