मौसम की मार, जिले में वायरल फीवर का प्रकोप

मौसम की मार, जिले में वायरल फीवर का प्रकोप, चपेट में आ रहे छात्र

  • शासकीय स्कूलों में फैला वायरल फीवर, स्वास्थ्य विभाग अर्लट
  • बच्चों का जांच, परीक्षण शुरू, सावधानी बरतने की दी जा रही सलाह

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में मौसम में अचानक बदलाव का असर अब बच्चों की सेहत पर दिखने लगा है। वायरल फीवर और अन्य मौसमी बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। विगत दिनों से नारायणगंज विकासखंड के कई शासकीय शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों में अध्ययनरत बच्चें के बीमार होने की सूचना मिल रही है। जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य अमले की टीम तत्परता से शैक्षणिक संस्थान पहुंचकर बच्चों का उपचार कर रही है। जिससे छात्रों का स्वास्थ्य पर विपरीत असर ना पड़ सके।

बताया गया कि ग्राम बबलिया के बरबटी और पथारी स्कूल में 55 बच्चों का जांच परीक्षण किया गया। वहीं नारायणगंज के ग्राम चौकी में स्वास्थ्य टीम ने 74 छात्रों और 64 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में 17 छात्रों में सर्दी-जुकाम और बुखार की शिकायत मिली। वहीं बुधवार को शासकीय हाई स्कूल सुखराम में एक साथ 07 छात्राएं बीमार पड़ गईं, जिसके बाद उन्हें तुरंत एम्बुलेंस द्वारा नारायणगंज सीएचसी में उपचार के लिए लाया गया। फिलहाल सभी छात्रों का स्वास्थ्य बेहतर है। जिनका उपचार कर दवाई देकर घर भेज दिया गया है।

स्कूल में अचानक बिगड़ी तबीयत 

शासकीय हाई स्कूल सुखराम के प्रभारी प्राचार्य हरीलाल वरकड़े ने बताया कि बुधवार को सुबह प्रार्थना के समय एक छात्रा अचानक चक्कर खाकर गिर गई। इसके बाद दो और छात्राओं को भी इसी तरह की परेशानी हुई। स्कूल प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी और सभी बीमार छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया गया।

प्रभारी प्राचार्य ने बताया कि छात्राओं के बीमार होने के बाद आशा कार्यकर्ता से संपर्क कर बच्चों को अस्पताल भेजा और उनके परिजनों को भी सूचित किया। बीमार छात्राओं में कमला धुर्वे 14 वर्ष, दुर्गा मरावी 14 वर्ष, माहेश्वरी यादव 14 वर्ष, विद्या मरावी 14 वर्ष, लोकेश्वरी मरावी 15 वर्ष, विद्यावती धूमकेतु 14 वर्ष और पवित्रि परस्ते 14 वर्ष शामिल हैं। इनमें से दो छात्राएं बालिका छात्रावास की हैं।

138 छात्रों की जांच में 17 छात्र मिले बीमार 

वायरल फीवर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एहतियाती कदम उठाए हैं। जिसके चलते एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय नारायणगंज चौकी में नारायणगंज सीएचसी की स्वास्थ्य टीम पहुंची। स्वास्थ्य टीम में सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल और स्टाफ विद्यालय पहुंचे। स्वास्थ्य टीम द्वारा यहां अध्ययनरत 138 छात्रों का जांच, परीक्षण किया गया। टीम ने 74 छात्रों और 64 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में 17 छात्रों में सर्दी-जुकाम और बुखार की शिकायत मिली। जिन्हें तत्काल दवाएं उपलब्ध करा दी गई और सावधानी बरतने की सलाह दी।

बरबटी और पथारी स्कूल में 55 बच्चों में बुखार, उल्टी और पेट दर्द के लक्षण 

बरबटी और पथारी स्कूलों में मंगलवार को स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 55 बच्चों का इलाज किया गया। डा. सुरेन्द्र सिंह और स्वास्थ्य टीम द्वारा की गई स्क्रीनिंग में अधिकांश बच्चे मौसम में बदलाव के कारण होने वाली बीमारी जैसे सर्दी, बुखार, पेट दर्द, उल्टी और दस्त से पीडि़त थे।

चिकित्सा टीम ने सभी प्रभावित बच्चों को मास्क पहनने की सलाह दी जिससे वायरल बुखार के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। इसके साथ ही स्कूल के प्राचार्यों को एक प्राथमिक चिकित्सा और स्वास्थ्य किट प्रदान की गई, जिसमें बुखार, उल्टी और ओआरएस जैसी सामान्य दवाएं शामिल थीं, जिससे आपातकालीन स्थिति में बच्चों को तुरंत राहत दी जा सके। स्वास्थ्य टीम ने स्कूलों को स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया, जिससे छात्रों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव ना पड़े और बीमारियों के प्रकोप को रोका जा सके।

इनका कहना है

बच्चों को प्राथमिक उपचार दे दिया गया है। सभी में सर्दी, खांसी, बुखार और चक्कर आने के लक्षण पाए गए। कुछ बच्चों का ब्लड प्रेशर कम था, जबकि कुछ का बढ़ गया था। सभी बच्चों की हालत स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है।
डॉ. प्रगति रोमडे, सीएचसी नारायणगंज

सुखराम हाईस्कूल में छात्राओं के बीमार होने की जानकारी लगी, जिसके बाद छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी लेने सीएचसी नारायणगंज पहुंचे। यहां छात्राओं के साथ मौजूद हाई स्कूल के प्राचार्य को निर्देश दिए कि आगे भी इस तरह की कोई घटना होती है तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में संपर्क करे।
राजेश विश्वकर्मा, बीईओ, नारायणगंज



 

Leave a Comment