किड्जी स्कूल में गूंजी जय श्री कृष्णा की धूम

किड्जी स्कूल में गूंजी जय श्री कृष्णा की धूम, बच्चों ने राधा-कृष्ण बन मोहा मन

  • नन्हे-मुन्नों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
  • कालिया नाग की कथा का हुआ मंचन

मंडला महावीर न्यूज 29. किड्जी प्ले स्कूल सिविल लाइन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर स्कूल का वातावरण भक्तिमय हो गया, जहाँ नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा और कृष्ण की वेशभूषा में बेहद प्यारे लग रहे थे। वहीं छोटे कृष्ण पीतांबर, मोरपंख और बांसुरी के साथ मंच पर पहुंचे, तो नन्ही राधायें अपनी मनमोहक मुस्कान और सुंदर परिधानों से सबका ध्यान खींच रही थीं। कार्यक्रम में प्ले गु्रप से लेकर सीनियर केजी तक के बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों को नृत्य शिक्षक भव्यदीप कछवाहा और चेतना मालवानी के मार्गदर्शन में तैयार किया गया था। बच्चों को जन्माष्टमी के महत्व से अवगत कराने के लिए विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया गया था।

सीनियर केजी के छात्रों ने कृष्ण द्वारा कालिया नाग पर विजय की पौराणिक कथा का जीवंत मंचन किया, जिसमें यमुना नदी को विषमुक्त करने की घटना को खूबसूरती से दर्शाया गया। इसके अलावा, शिक्षक भव्यदीप कछवाहा ने श्रीकृष्ण की स्तुति प्रस्तुत की और स्कूल की शिक्षिकाओं ने राधा-कृष्ण के पवित्र प्रेम पर आधारित नृत्य से कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। आयोजित कार्यक्रम स्कूल की प्राचार्या शालिनी शुक्ला और एकेडमिक कोऑर्डिनेटर राशि पमनानी के कुशल निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



Leave a Comment