HIV सघन जागरूकता अभियान का आगाज, दो महीने चलेगा विशेष कार्यक्रम
- मंडला जिला चिकित्सालय में हुई एचआईव्ही सघन जागरूकता अभियान की शुरुआत
- आमजन को किया जाएगा जागरूक
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला चिकित्सालय मंडला में HIV सघन जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। दो महीने तक चलने वाले अभियान का मुख्य उद्देश्य एचआईवी, एड्स के संक्रमण, बचाव और उपचार से संबंधित सही जानकारी को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाना है। यह अभियान 12 अगस्त से 12 अक्टूबर तक पूरे जिले में चलेगा, जिसमें विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
बताया गया कि अभियान की शुरुआत एक ओरिएंटेशन प्रोग्राम से हुई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. सुमित सिंगौर और सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे मौजूद रहे। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को एचआईवी के लक्षण, संक्रमण के तरीकों, बचाव के उपाय, जाँच और उपचार की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं को समुदाय में संदेश पहुँचाने की रणनीतियों और प्रचार प्रसार सामग्री के उपयोग के बारे में भी प्रशिक्षित किया गया। ओरिएंटेशन सत्र के बाद एक सघन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में HIV से जुड़े स्लोगन और संदेश वाले बैनर और पोस्टर प्रदर्शित किए गए। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने सुरक्षित यौन व्यवहार, कंडोम के सही उपयोग और समय पर HIV जाँच व उपचार के महत्व पर जोर दिया।
टोल फ्री नंबर और एड्स अधिनियम की दी जानकारी
डॉ. सुमित सिंगौर और डॉ. विजय धुर्वे ने बताया कि HIV केवल असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित रक्त, और सुई, सिरिंज के साझा उपयोग से फैलता है। उन्होंने कहां कि यह छूने, गले लगाने या साथ खाने-पीने से नहीं फैलता है, जिससे समाज में फैली भ्रांतियों को दूर किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने HIV और AIDS अधिनियम 2017 के बारे में भी जानकारी दी, जिसमें HIV से पीडि़त व्यक्तियों के अधिकारों की रक्षा और उनके साथ होने वाले भेदभाव को रोकने के लिए सख्त प्रावधान हैं। अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1097 की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डॉ. सुमित सिंगौर, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे, जिला आईसीटीसी केंद्र से चित्रांश वर्मा, डीएसआरसी केंद्र से राकेश मुराली, जागृति युवा मंच समिति के विकेश ठाकरे, अभिषेक दुबे, ज्ञानलता परिहार, लक्ष्यगत हस्तक्षेप परियोजना से आशीष मिश्रा और प्रियंका अर्से, संपूर्ण सुरक्षा केंद्र से अनुराधा यादव, बसंत पटेल, सुनील भासंत और समस्त स्टाफ मौजूद रहा। इनके साथ ही बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, युवा, महिला समूह और विद्यालय, महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।












