लापरवाह अतिथि शिक्षक को हटाने जनसुनवाई में पहुंचे पालक
- पालकों ने शाला प्रबंधन समिति से इस्तीफा और बच्चों को दूसरे विद्यालय में भर्ती कराने की धमकी दी
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय मंडला के योजना सभागार में प्रति मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई में आए दो दर्जन से अधिक अभिभावक अपने कार्य के प्रति लापरवाही करने का आवेदन देकर कार्यरत अतिथि शिक्षक को हटाने की मांग की। एकीकृत माध्यमिक शाला बरबसपुर संकुल केंद्र पाठासिहोरा के शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष मंगल सिंह, देवकुमार, पनकू सिंह, नेहा झारिया, आशा बाई ने बताया कि एकीकृत माध्यमिक शाला बरबसपुर में संगीता झारिया पिछले तीन-चार वर्षों से शैक्षिक कार्य कर रही है, लेकिन उसके शैक्षिक कार्य से अभिभावक संतुष्ट नहीं हैं।
बताया गया कि अतिथि शिक्षक द्वारा शैक्षिक कार्य के साथ ही अन्य शालेय कार्यों में भी लापरवाही की जाती है। शाला के प्रभारी और अभिभावकों द्वारा बार बार लिखित और मौखिक रूप से समझाने के बाद भी अतिथि शिक्षक के कार्य-व्यवहार में कोई सुधार नहीं हो रहा था, जिसके कारण सत्र 2024-25 में शाला प्रबंधन समिति की दो बैठकों में नये सत्र 2025-26 में कार्यरत अतिथि शिक्षक संगीता झारिया को हटाकर शाला प्रबंधन समिति द्वारा नई वैकेंसी निकलकर नये सिरे से अतिथि शिक्षक की भर्ती करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया और पारित प्रस्ताव से अतिथि शिक्षक को अवगत करा दिया गया था।
नया शैक्षिक सत्र 2025-26 के शुरूआत से ही अतिथि शिक्षक संगीता झारिया और उसके परिवार की ओर से शाला प्रभारी और शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों के ऊपर राजनीतिक दबाव डाल कर संगीता झारिया को अतिथि शिक्षक के रूप में भर्ती करने का भारी दबाव बनाया जा रहा है। परिजनों ने सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई में आवेदन देकर और शाला में जाकर प्रभारी शिक्षिका को धमकी देकर संगीता झारिया की ज्वाइन के आवेदन पर जबरदस्ती पावती देने का प्रयास किया गया, जिससे परेशान और भयभीत होकर प्रभारी शिक्षिका को पुलिस चौकी में अतिथि शिक्षक के परिजों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराना पड़ा।
बताया गया कि इसके बाद भी ग्राम पंचायत और क्षेत्र की राजनीति में बड़ा प्रभाव रखने वाले अतिथि शिक्षक के परिजनों द्वारा बड़े नेताओं से फोन पर धमकी देते हुए जबरदस्ती संगीता झारिया की भर्ती करने का दबाव बनाया जाता रहा, जिसके बाद हम सभी अभिभावकों को मजबूरन जनसुनवाई में आवेदन देने आना पड़ा। अभिभावकों ने बताया कि इसके बाद भी यदि जिला प्रशासन और विभाग शाला प्रबंधन समिति के उचित निर्णय को नकारते हुए संगीता झारिया को अतिथि शिक्षक के रूप में एकीकृत माध्यमिक शाला बरबसपुर में कार्य कराता है तो मजबूरन हम अभिभावकों द्वारा शाला प्रबंधन समिति से इस्तीफा देकर अपने बच्चों की टीसी निकलवाकर अन्य विद्यालय में भर्ती कराना पड़ेगा।











