कई दशकों से सड़क की समस्या से जूझ रहे 500 लोग, बारिश में कीचड़ बन जाता है रास्ता

कई दशकों से सड़क की समस्या से जूझ रहे 500 लोग, बारिश में कीचड़ बन जाता है रास्ता

  • कटंग सिवनी के मवई मॉल में सड़क का अभाव
  • ग्रामीण उग्र आंदोलन की तैयारी में
  • कीचड़ भरी सड़क से पैदल चलने को मजबूर ग्रामीण

मंडला महावीर न्यूज 29. निवास जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कटंग सिवनी के पोषक ग्राम मवई मॉल के ग्रामीण कई दशकों से सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। लगभग 500 की आबादी वाले इस गांव को मुख्य मार्ग से जोडऩे वाली सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को कच्चे और कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना पड़ता है। बारिश के दिनों में तो स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जब कच्चा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे बड़े वाहनों का गांव तक पहुंचना असंभव हो जाता है।

बताया गया कि ग्रामीणों को मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए कीचड़ भरे रास्ते से पैदल चलना पड़ता है। स्कूल जाने वाले बच्चे भी इसी रास्ते से गुजरते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई के साथ-साथ दैनिक कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी तब होती है, जब कोई बीमार हो जाता है। मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।

पिछले साल गर्भवती महिला को खाट पर ले जाना पड़ा था अस्पताल 

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल बारिश के दिनों में गांव की एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा हुई थी। परिजनों ने जननी वाहन एम्बुलेंस को बुलाया, लेकिन सड़क कीचड़ से भरी होने के कारण एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। एम्बुलेंस मुख्य मार्ग से लगभग दो किलोमीटर दूर खड़ी रही। इसके बाद ग्रामीणों ने गर्भवती महिला को खाट पर लिटाकर पैदल एम्बुलेंस तक पहुंचाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था, जिसने प्रशासन की उदासीनता पर सवाल खड़े कर दिए थे।

आंदोलन की तैयारी 

ग्रामीणों का कहना है कि वे इस समस्या से निपटने के लिए कई बार स्थानीय प्रशासन के साथ विधायक और सांसद को भी अवगत करा चुके हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। अब ग्रामीण इस समस्या से तंग आ चुके हैं और उन्होंने उग्र आंदोलन की तैयारी कर ली है। ग्रामीणों ने प्रशासन को अंतिम चेतावनी दी है कि अगर उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इनका कहना हैं

लगातार हमारे द्वारा सड़क की मांग को लेकर अनेकों बार पंचायत स्तर से हमने उच्च अधिकारियों के साथ विधायक और सांसद को अवगत कराया गया हैं परन्तु इस समस्या से कोई गंभीरता से नहीं ले रहा हैं इतना ही नहीं पिछले वर्ष एक गर्भवती महिला को प्रसव के लिए ले अस्पताल ले जाना था रोड खराब के चलते एम्बुलेंस गांव के बाहर खड़ा हुआ था अंदर नहीं आ पाया तब हमारे कुछ ग्रामीणों ने खाट पर लिटाकर महिला को एम्बुलेंस तक लाना पड़ा था।
संतोष परस्ते, ग्रामीण ,मवई मॉल

जब से हम शादी होकर आए हैं तब से देख रहे हैं कि गांव में सड़क ही नहीं हैं कई ग्रामों में छोटी छोटी रोड पक्की हो गई पर हमारे गांव की स्थिति जस की तस हैं हम अपना दुख दर्द किसे बताए।
बिलसो बाई, ग्रामीण महिला

ग्राम में सड़क की समस्या को देखते हुए वारिश के समय आधे से ज्यादा रिश्तेदार गांव के बाहर से वापिस चले जाते हैं इतना ही नहीं घर की बहुएं भी पानी लाने से इनकार कर देती हैं कीचड़ से न जाने के लिए बहुत ही समस्या का सामना करना पड़ रहा हैं।
प्रेम बाई, ग्रामीण महिला

मवई मॉल की सड़क की समस्या को देखते हुए उच्च अधिकारियों के साथ बैठकर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से मार्ग को जुड़वा दिया गया हैं जल्द ही समस्या का समाधान मिल जाएगा।
चैन सिंह वरकड़े, निवास विधायक


रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे



 

Leave a Comment