विद्यालय में अव्यवस्था पर जताई नाराजगी, दी सख्त हिदायत

विद्यालय में अव्यवस्था पर जताई नाराजगी, दी सख्त हिदायत

  • औचक निरीक्षण में बीईओ ने पाई अनियमित्ताएं, शिक्षक से मांगा स्पष्टीकरण

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के ग्राम किकरिया में संचालित शासकीय माध्यमिक शाला का बीईओ ने औचक निरीक्षण किया, जहां उन्हें विद्यालय में अव्यवस्था और अनियमित्ताएं मिली। जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए शाला में पदस्थ शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा है।

जानकारी अनुसार नारायणगंज बीईओ राजेश विश्वकर्मा ने शासकीय माध्यमिक शाला किकरिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने विद्यालय में कई अनियमितताएं पाईं, जिन पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान एक शिक्षक बिना किसी पूर्व सूचना या स्वीकृति के अनुपस्थित पाए गए। बीईओ राजेश विश्वकर्मा ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित शिक्षक से तुरंत स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।


बीईओ ने स्वयं कक्षा में जाकर बच्चों से सवाल-जवाब किए और उनकी पढ़ाई की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर यह भी जानने की कोशिश की कि शिक्षण कार्य किस स्तर का हो रहा है। इसके साथ ही विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की अव्यवस्थित स्थिति देखकर भी बीईओ ने गहरी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने शाला प्रबंधन को तत्काल साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।


उन्होंने कहां कि विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ परिसर की स्वच्छता भी अत्यंत आवश्यक है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बीईओ राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि वह आगामी दिनों में अन्य विद्यालयों का भी औचक निरीक्षण करेंगे, जिससे शिक्षा व्यवस्था में और अधिक पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित किया जा सके। इस कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि शिक्षा विभाग अब विद्यालयों में व्याप्त अनियमितताओं के प्रति गंभीर है।



 

Leave a Comment